Author: admin

 
 
 
panchayattantra24.-रायपुर। मुख्यमंत्री  विष्णु देव साय ने आज नवा रायपुर सेक्टर-24 में छत्तीसगढ़ स्टेट पावर कंपनीज के संयुक्त मुख्यालय भवन का शिलान्यास किया। रजत जयंती वर्ष और गणेशोत्सव जैसे पावन अवसर पर सम्पन्न इस समारोह में उन्होंने विधिवत पूजा-अर्चना की और भवन का थ्री-डी मॉडल अनावृत किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह भवन अधिकारियों और कर्मचारियों की कार्यकुशलता को नई ऊँचाई देगा, तीनों पावर कंपनियों के बीच समन्वय को मजबूत करेगा और उपभोक्ताओं को एक ही छत के नीचे सभी सेवाएँ उपलब्ध कराएगा। उन्होंने इस अवसर पर एक पेड़ माँ के नाम अभियान के अंतर्गत मौलश्री  पौधरोपण किया।
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ की 25 वर्षीय यात्रा यह प्रमाण है कि जब संकल्प और संवेदनशीलता साथ चलें तो परिणाम ऐतिहासिक होते हैं। वर्ष 2000 में प्रदेश केवल 1400 मेगावाट बिजली उत्पादन करता था, आज यह क्षमता बढ़कर 30 हजार मेगावाट हो गई है। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी द्वारा हाल ही में 1320 मेगावाट क्षमता के नए संयंत्र का शुभारंभ इस उपलब्धि को और सुदृढ़ करने वाला है। मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ की यह प्रगति हर नागरिक के विश्वास, मेहनत और भागीदारी का परिणाम है।
उन्होंने कहा कि हाल ही में सम्पन्न उनकी जापान और दक्षिण कोरिया यात्रा ने यह अनुभव कराया कि छत्तीसगढ़ अब वैश्विक स्तर की अधोसंरचना और कार्यसंस्कृति की ओर तेजी से बढ़ रहा है। संयुक्त मुख्यालय भवन इस दिशा में एक महत्वपूर्ण पड़ाव है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि भवन का निर्माण गुणवत्ता और समयबद्धता के साथ पूरा किया जाए, ताकि यह ऊर्जा क्षेत्र में छत्तीसगढ़ की नई पहचान बने।
मुख्यमंत्री ने बताया कि नई उद्योग नीति के अंतर्गत पावर सेक्टर में हाल ही में लगभग तीन लाख करोड़ रुपये के एमओयू हुए हैं। इसके परिणामस्वरूप आने वाले वर्षों में 30 हजार मेगावाट अतिरिक्त बिजली उत्पादन संभव होगा। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि न केवल प्रदेशवासियों को 24 घंटे निर्बाध बिजली उपलब्ध कराएगी बल्कि पड़ोसी राज्यों की ज़रूरतें भी पूरी करेगी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में लागू पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना ने छत्तीसगढ़ को मुफ्त बिजली की ओर तेजी से अग्रसर कर दिया है और अब दूरस्थ अंचलों तक इस योजना का लाभ पहुँच रहा है।
वन मंत्री श्री केदार कश्यप ने इस अवसर पर भारत रत्न श्री अटल बिहारी वाजपेयी को राज्य निर्माण में उनके योगदान के लिए नमन किया। उन्होंने कहा कि लगभग 270 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाला यह भवन ग्रीन एनर्जी आधारित होगा और आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत सिद्ध होगा।
कार्यक्रम में सांसद श्री बृजमोहन अग्रवाल, विधायक श्री सुनील सोनी, विधायक श्री पुरंदर मिश्रा, विधायक श्री अनुज शर्मा, विधायक श्री इंद्र कुमार साहू, मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव श्री सुबोध कुमार सिंह, ऊर्जा विभाग के सचिव डॉ. रोहित यादव सहित बड़ी संख्या में अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
उल्लेखनीय है कि संयुक्त मुख्यालय भवन 10,017 वर्ग मीटर क्षेत्रफल में नौ मंजिला स्वरूप में निर्मित होगा। इसमें  छत्तीसगढ़ स्टेट पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड, पावर जनरेशन कंपनी लिमिटेड और पावर ट्रांसमिशन कंपनी लिमिटेड के लिए तीन अलग-अलग टॉवर होंगे। 1300 कर्मचारियों की क्षमता वाले इस भवन में 210 सीटों का प्रेक्षागृह, कर्मचारियों के लिए जिम, दो मंजिला बेसमेंट पार्किंग, मैकेनिकल स्टैक पार्किंग और ई-व्हीकल चार्जिंग जैसी अत्याधुनिक सुविधाएँ उपलब्ध होंगी। यह भवन बीईई की पाँच सितारा और गृहा की फाइव स्टार ग्रीन रेटिंग मानकों के अनुरूप निर्मित होगा तथा भवन प्रबंधन प्रणाली से इसका संपूर्ण संचालन होगा।
नवा रायपुर में बन रहा यह अत्याधुनिक भवन मंत्रालय, संचालनालय और पुलिस मुख्यालय के समीप होने से अंतर्विभागीय समन्वय को और सुदृढ़ करेगा तथा प्रदेश के ऊर्जा क्षेत्र को नई ऊँचाई प्रदान करेगा।
 

Read More

 
 
 panchayattantra24.-रायपुर। सावन-भादो में छत्तीसगढ़ की धरती पर पारंपरिक उत्सवों का विशेष महत्व रहता है। इसी क्रम में आज राजस्व मंत्री टंक राम वर्मा के निवास में तीजा मिलन कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। इस अवसर पर छत्तीसगढ़ी संस्कृति, परंपरा, गीत-संगीत और लोकनृत्य की अनूठी छटा देखने को मिली। महिलाएँ पारंपरिक परिधानों में सुसज्जित होकर लोकगीतों की मधुर धुनों से वातावरण को उल्लासमय बना रही थीं। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने तीजा मिलन को समाज की एकता और संस्कृति की पहचान बताया। उन्होंने कहा कि तीजा छत्तीसगढ़ की महिलाओं के लिए आस्था और विश्वास का पर्व है। महिलाएँ इस दिन पति की लंबी आयु और परिवार की समृद्धि के लिए व्रत करती हैं। हमारी लोकपरंपराएँ समाज को जोड़ती हैं और यही हमारी सांस्कृतिक धरोहर है। मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि कजली एकादशी जैसे पर्व केवल धार्मिक महत्व नहीं रखते। 
 बल्कि समाज में भाईचारे और एकता का संदेश भी देते हैं। उन्होंने राज्य के विकास की दिशा में सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास, सबका प्रयास की भावना को मार्गदर्शक बताया। विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने कहा कि छत्तीसगढ़ की पहचान लोक संस्कृति एवं त्योहारों से होती है। यहाँ की महिलाएँ न केवल परिवार और समाज को संवार रही हैं, बल्कि शिक्षा, राजनीति, सेवा और हर क्षेत्र में योगदान देकर प्रदेश का नाम रोशन कर रही हैं। उन्होंने महिलाओं को संस्कृति की संरक्षक बताते हुए उनके योगदान की सराहना की। राजस्व मंत्री टंक राम वर्मा ने कहा कि आज तीजा मिलन समारोह में प्रदेश की संस्कृति और परंपरा के रंगों का संगम देखने को मिला। पति की लंबी उम्र के लिए महिलाएँ मायके में उपवास करती हैं। तीजा महिलाओं को मायके से जुड़ी यादों को तरोताज़ा करने का पर्व है। 
तीजा मिलन कार्यक्रम में पारंपरिक छत्तीसगढ़ी व्यंजन परोसे गए। लोकनृत्य और गीतों ने पूरे वातावरण को उल्लासमय बना दिया। महिलाएँ एक-दूसरे को तीजा की बधाइयाँ देती रहीं। यह आयोजन इस बात का प्रतीक बना कि छत्तीसगढ़ की संस्कृति और परंपराएँ आज भी समाज के ताने-बाने को मजबूती प्रदान कर रही हैं। तीजा केवल एक पर्व नहीं, बल्कि महिलाओं की शक्ति, सांस्कृतिक धरोहर और सामाजिक एकता का जीवंत प्रतीक है। कार्यक्रम में मंत्रिमंडल के सदस्य आदिम जाति विकास एवं कृषि मंत्री रामविचार नेताम, खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री दयालदास बघेल, वन एवं सहकारिता मंत्री केदार कश्यप, वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन, लोक स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल, महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े, स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव, पर्यटन मंत्री राजेश अग्रवाल, सांसद बृजमोहन अग्रवाल, सांसद रूप कुमारी चौधरी, कमलेश जांगड़े और विधायक अनुज शर्मा, सुनील सोनी तथा पुरंदर मिश्रा भी उपस्थित रहे। सभी जनप्रतिनिधियों ने महिलाओं को तीजा की शुभकामनाएँ दीं और उन्हें समाज के विकास में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया।
 

Read More

 

panchayattantra24.-रायपुर। सर्वत्र शिक्षा समिति, संस्कृति मंत्रालय, नई दिल्ली द्वारा संचालित संस्कार पाठशाला के संस्कार शिक्षकों को आज संस्कार स्टेट कार्यालय रायपुर में प्रयागराज से पधारे, भारत सरकार द्वारा वेद विभूषण से सम्मानित कथा व्यास पूज्यपाद अशोक देवाचार्य महाराज का पावन सानिध्य प्राप्त हुआ। महाराज ने अपने उद्बोधन में बताया कि विद्यालयों में बच्चों को संस्कार शिक्षा, संस्कृत शिक्षा, अतिथि सत्कार तथा वेद मंत्रों का ज्ञान किस प्रकार से प्रभावी ढंग से दिया जा सकता है। उन्होंने संस्कार शिक्षकों को प्रेरित करते हुए कहा कि वेदों का प्रकाश नई पीढ़ी तक पहुँचाना अत्यंत आवश्यक है। 
 इस अवसर पर उन्होंने आगामी 14 सितंबर से 20 सितंबर तक पवित्र बद्रीनाथ धाम में आयोजित सात दिवसीय श्रीमद् भागवत कथा के लिए सभी संस्कार शिक्षकों को निमंत्रण प्रदान किया। इस आयोजन में संपूर्ण भारतवर्ष से पधारे संस्कार शिक्षकों के लिए निशुल्क भोजन एवं आवास व्यवस्था की जाएगी। महाराज ने चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि गुरुकुल परंपरा आज विलुप्त होने की कगार पर है और युवा पीढ़ी दिशाहीन होती जा रही है। अंत में उन्होंने भारत सरकार एवं संस्कृति मंत्रालय का आभार व्यक्त किया कि उन्होंने संस्कार शिक्षकों को इस पावन दायित्व से जोड़ा है।
 

Read More

  panchayattantra24.-जशपुर। जशपुर में हिट एंड रन का मामला सामने आया है। गणेश विसर्जन करने जा रहे श्रद्धालुओं को बोलेरो वाहन ने रौंद दिया, जिसमें तीन लोगों की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि मरने वालों में दो पुरुष और एक महिला शामिल हैं। इस हादसे में 30 से अधिक लोग घायल हुए हैं। जानकारी सामने आई है कि बगीचा थाना क्षेत्र में रात करीब 11 बजे यह घटना हुई थी। गणेश विसर्जन कार्यक्रम के लिए श्रद्धालु जा रहे थे। यहां हाईवे से गुजर रही एक तेज रफ्तार बोलेरो गाड़ी श्रद्धालुओं की भीड़ में घुस गई। इस घटना के बाद इलाके में चीख-पुकार मच गई। आनन-फानन में पुलिस को घटना की सूचना दी गई। इसके बाद एंबुलेंस भी घटनास्थल पर पहुंची और घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया। कुछ लोगों की हालत गंभीर होने पर उन्हें इलाज के लिए अंबिकापुर रेफर किया गया है। 
घटना के बाद जशपुर विधायक रायमुनी भगत, कलेक्टर, एसपी और एसडीएम ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। यह हादसा बगीचा थाना अंतर्गत जुरूडांड क्षेत्र में हुआ है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल, इस दुर्घटना ने 4 साल पहले की हिट एंड रन केस की यादों को ताजा कर दिया है। अक्टूबर 2021 में जशपुर में ही दुर्गा विसर्जन के दौरान निकाले जा रहे जुलूस में लोगों को रौंद दिया गया था। तस्वीरों में देखा गया था कि लोग शांतिपूर्ण तरीके से भजन गाते जा रहे थे। उसी बीच भीड़ को रौंदते हुए एक कार तेजी से निकली। लोग कुछ समझ पाते, उससे पहले ही कार ने दर्जनों लोगों को कुचल दिया। इस घटना में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो चुकी थी।
 

Read More

 
 panchayattantra24.-बिलासपुर। बिलासपुर में मुख्य मार्गों से लेकर वार्डों और बाहरी पंचायत क्षेत्रों की सड़कें गड्ढों में तब्दील हो गई हैं। कलेक्टर संजय अग्रवाल ने टीएल बैठक में अधिकारियों को बारिश के बाद तत्काल मरम्मत कार्य शुरू करने के लिए योजना तैयार रखने के निर्देश दिए। बैठक में जल जीवन मिशन की प्रगति पर असंतोष व्यक्त किया गया। 
कलेक्टर ने यूरिया की आने वाली खेप को लेकर निजी विक्रेताओं पर नजर रखने और मुनाफाखोरी रोकने के लिए छापेमारी जारी रखने को कहा। सुप्रीम कोर्ट के निर्देश पर जिले में चिह्नित 825 वेटलैंड का सर्वे और सीमांकन किया जाएगा। भरूच स्थित योकोहामा टायर कंपनी में मशीन ऑपरेटर के पद पर 136 युवतियों का चयन हुआ है। कलेक्टर ने उनके अभिभावकों की बैठक कर सहमति लेने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने पीएम पोर्टल, सीएम जनदर्शन, ई-ऑफिस और मुख्यमंत्री की घोषणाओं से जुड़े मामलों के त्वरित निराकरण के निर्देश भी दिए हैं।
 

Read More

 

panchayattantra24.-धमतरी। जिले से एक हैरतअंगेज़ तस्वीर सामने आई है, जहाँ एक किसान की मेहनत और जैविक खेती का कमाल हर किसी को दंग कर रहा है। जी हाँ एक साधारण किसान के बाड़ी में उगी है छह फीट लंबी लौकी और सवा तीन फीट की बरबट्टी। इसे देखने लोगों की भीड़ उमड़ रही है। आमतौर पर लौकी की लंबाई 2 से ढाई फीट तक देखी जाती है, लेकिन गाड़ाडीह गांव में किसान रमनलाल साहू के खेत में उगाई गई लौकी ने सभी रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। यहाँ आदमकद करीब 6 फीट लंबी लौकी और सवा तीन फीट की बरबट्टी देखकर लोगों की आंखें फटी की फटी रह गईं। किसान रमनलाल ने बताया कि पिता के निधन के बाद घर की ज़िम्मेदारी संभालने के लिए खेती शुरू की थी। पहले वे परंपरागत धान की खेती करते थे लेकिन धीरे-धीरे उन्होंने जैविक खेती का रास्ता चुना। पिछले आठ साल से लगातार जैविक खेती करने का ही नतीजा है कि आज उनके खेत से छह फीट की लौकी और सवा तीन फीट की बरबट्टी उगकर सबको चौंका रही है। 
 गांव-गांव से लोग इस अनोखे नज़ारे को देखने पहुंच रहे हैं। कई ग्रामीण तो यह कहते दिखे कि अब वे भी अपने खेतों में जैविक खेती का प्रयोग करेंगे। बहरहाल रमनलाल की आठ साल की मेहनत आखिर रंग लाई है। छह फीट की लौकी और सवा तीन फीट की बरबट्टी ने न सिर्फ उनके परिवार का पोषण किया है बल्कि पूरे धमतरी जिले को जैविक खेती का नया रास्ता भी दिखाया है। कलेक्टर की सराहना और रमनलाल की मेहनत ने गाड़ाडीह गांव को पूरे जिले में जैविक और उन्नत खेती का उदाहरण बना दिया है।
 


 

Read More

panchayattantra24.-बीजापुर। जिले भोपालपटनम ब्लॉक के वरदली गांव की 7वीं कक्षा में पढ़ने वाली 11 वर्षीय शांभवी गुरला की मासूम आंखों में एक ही सवाल था— “पापा, मुझे क्या हुआ है, मैं ठीक हो जाऊंगी ना?” खेती-किसानी कर परिवार का गुजारा करने वाले उसके पिता इस सवाल पर अक्सर चुप हो जाते थे। तीन महीने पहले जिला अस्पताल बीजापुर में जब डॉक्टरों ने बताया कि शांभवी को रियूमेटिक हार्ट डिजीज (RHD) है, तो पिता के पांव तले जमीन खिसक गई। डॉक्टरों ने रायपुर में इलाज कराने की बात कही, लेकिन परिवार को लगा कि रायपुर में इलाज में तो बहुत ज्यादा खर्च लगता होगा, ये सोच कर परिवार की उम्मीदें टूटने लगीं। 
 घर में हर रोज यही चर्चा होती—“अब क्या होगा? हम अपनी बेटी का इलाज कैसे कराएंगे?” मां रोती और शांभवी को सीने से लगाकर कहती—“बेटा, सब ठीक होगा।” लेकिन उसके पिता की आंखों में चिंता साफ झलकती थी। आखिरकार उन्होंने हिम्मत जुटाई और बेटी को लेकर सीधे स्वास्थ्य मंत्री श्री श्याम बिहारी जायसवाल के पास पहुंचे। स्वास्थ्य मंत्री ने बच्ची से मुलाकात की और तुरंत ही रायपुर के एडवांस कार्डियक इंस्टिट्यूट में डॉ. स्मित श्रीवास्तव से बात की। स्वास्थ्य मंत्री ने निर्देश दिया कि इलाज तुरंत शुरू किया जाए। खर्च की चिंता मत करें, सरकार पूरी जिम्मेदारी लेगी।” स्वास्थ्य मंत्री की यह बात सुनते ही शांभवी की मां की आंखों से आंसू बह निकले। उन्होंने कांपती आवाज़ में कहा— “मंत्री जी, आप हमारी बेटी को नया जीवन दे रहे हैं। आप हमारे लिए किसी डाक्टर से कम नहीं।” स्वास्थ्य मंत्री के निर्देश पर शांभवी को इलाज के लिए एसीआई रायपुर में लाया गया है। यहां डॉक्टरों की टीम उसकी जांच करेगी और उसका इलाज शुरू करेगी। गौरतलब है कि सरकार का यह कदम सिर्फ एक बच्ची के लिए नहीं, बल्कि राज्य के हर एक गरीब परिवार के लिए भरोसे का संदेश है। 
 अब माता पिता के चेहरे पर खुशी के भाव देखकर आज शांभवी भी मुस्कुरा रही है और पिता से बार-बार पूछती है— “पापा, मैं जल्दी खेल पाऊंगी ना?” और इस बार पिता की आंखों में आंसू नहीं, बल्कि उम्मीद की चमक है।
 

Read More

 

panchayattantra24.-बिलासपुर। छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट ने झूठी शिकायत के आधार पर एफआईआर दर्ज करने के मामले में बिलासपुर के एसपी को व्यक्तिगत हलफनामा दाखिल करने का आदेश दिया है। अदालत ने कहा कि याचिकाकर्ता के आरोप गंभीर हैं और पुलिस की कार्रवाई संदिग्ध लग रही है, इसलिए इस पर स्पष्ट जवाब देना जरूरी है। 
यह मामला सिविल लाइन थाना क्षेत्र का है। आरोप है कि पुलिस ने पति-पत्नी को झूठे एनडीपीएस केस में फंसा दिया। सरोज श्रीवास की ओर से अधिवक्ता ने अदालत को बताया कि 5 जून 2025 को सुबह करीब 6:30 बजे पुलिस घर पहुंची और दंपती को थाने ले गई। लेकिन कुछ घंटे बाद लगभग 10:55 बजे उसलापुर रेलवे स्टेशन पार्किंग में उन्हें उतारकर नशीली दवा बेचने का झूठा केस दर्ज कर लिया गया। याचिकाकर्ता ने दावा किया कि पूरा घटनाक्रम पड़ोसी के सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड है। वहीं उनके घर का सीसीटीवी फुटेज पुलिस ने जब्त कर लिया है। परिवार ने थाने का फुटेज मांगने की कोशिश की लेकिन पुलिस ने देने से इनकार कर दिया। इसके बाद विशेष न्यायाधीश ने 3 जुलाई को आदेश पारित कर पुलिस को सुबह 6 बजे से 11 बजे तक का सीसीटीवी फुटेज सुरक्षित रखने का निर्देश दिया था। 
मुख्य न्यायाधीश रमेश सिन्हा और न्यायमूर्ति बी.डी. बिभु दत्ता गुरु की डिवीजन बेंच ने मामले को बेहद गंभीर मानते हुए कहा कि पुलिस की भूमिका संदिग्ध है। अब अगली सुनवाई में एसपी बिलासपुर को हलफनामा पेश करना होगा।
 

Read More

panchayattantra24.-रायपुर। भाजपा महिला मोर्चा की सदस्य मंगलवार को कांग्रेस कार्यालय का घेराव करेंगी. कांग्रेस द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उनकी माता के लिए अपशब्दों के प्रयोग करने के खिलाफ रैली निकाल कर विरोध प्रदर्शन किया जाएगा. इसकी शुरुआत बीटीआई मैदान में आमसभा के साथ होगी. 
कांग्रेस मतदाता सूची में धांधली और चुनाव प्रणाली में गड़बड़ियों को लेकर आंदोलन की रणनीति तय करेगी. 3 सितंबर को राजीव भवन में दो बैठकों में जिला कांग्रेस अध्यक्षों और प्रदेश कार्यकारिणी के साथ रायशुमारी होगी. इसमें “वोट चोर, गद्दी छोड़” अभियान, अब तक हुए आंदोलनों की समीक्षा और आगे की रैलियों की रूपरेखा पर फैसला लिया जाएगा. राजधानी रायपुर समेत जिलों में बड़े स्तर पर आंदोलन की तैयारी है.
 

Read More

 panchayattantra24.-बलौदाबाजार। वनमण्डलाधिकारी गणवीर धम्मशील के निर्देशानुसार द्वारा अवैध बांस करील एवं पिका परिवहन के मामले में तेज़ और प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में बांस करील और पिका के अवैध परिवहन पर कार्यवाही कर आरोपी को गिरफ्तार किया गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार वन परिक्षेत्र अधिकारी अर्जुनी रूपेन्द्र कुमार साहू के नेतृत्व में महराजी सर्कल के वन कर्मचारियों एवं सुरक्षा श्रमिकों द्वारा की गई नियमित गश्त के दौरान प्रवीण कुमार पटेल पिता भनेश राम पटेल, उम्र 37 वर्ष, निवासी ग्राम गिरौदपुरी, को मोटरसाइकिल (होंडा साइन, क्रमांक CG22 AF 8094) में बांस करील एवं बांस पिका का अवैध रूप से परिवहन करते हुए रंगे हाथ पकड़ा गया।मौके पर ही वाहन एवं अवैध सामग्री को जप्त कर पी.ओ.आर. दर्ज की गई। बरामद नासवान बांस करील एवं पिका को नियमानुसार गड्ढा खोदकर नष्ट किया गया। आगे की विभागीय कार्यवाही प्रचलित है। 
वनमण्डलाधिकारी धम्मशील गणवीर ने कहा है कि वन संपदा की अवैध कटाई एवं परिवहन पर्यावरण और जंगलों के स्वास्थ्य के लिए गंभीर खतरा है। वन विभाग लगातार जंगल एवं वन उत्पादों के अवैध कटाई एवं परिवहन पर नज़र बनाए हुए है और ऐसे मामलों में त्वरित कार्रवाई कर वन संपदा की सुरक्षा के लिए प्रतिबद्ध है। आम जनता एवं ग्रामीणों से अपील किया है कि किसी भी अवैध गतिविधि की सूचना तत्काल विभाग को दें ताकि सामूहिक प्रयास से वनों की रक्षा हो सके।
 

Read More