Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.
Author: admin

panchayattantra24.-डोंगरगढ़। डोंगरगढ़ जनपद पंचायत के वरिष्ठ पदाधिकारियों और जनपद सदस्यों के संरक्षण में कई ऑनलाइन सेंटर संचालक कथित तौर पर ग्रामीणों से मोटी रकम वसूलकर फर्जी राशन कार्ड बनवा रहे थे. मामला सामने आने के बाद सीईओ ने तत्काल राशन कार्ड प्रभारी को कार्रवाई के निर्देश दिए. पूछताछ में बात सामने आई है कि यह कोई सामान्य गड़बड़ी नहीं, बल्कि संगठित तरीके से चल रहा बड़ा गोरखधंधा है.
जनपद पंचायत के वरिष्ठ पदाधिकारियों और जनपद सदस्यों के संरक्षण में कई ऑनलाइन सेंटर संचालक के बीच गठजोड़ से चल रहे इस अवैध खेल का खुलासा तब हुआ जब ग्राम मेंढ़ा के एक ग्रामीण के पास से ऐसा राशन कार्ड बरामद हुआ, जो था तो नया पर उसमे पूर्व जनपद सीईओ सातपुते के डिजिटल हस्ताक्षर पाए गए. यह मामला सामने आते ही पूरे जनपद प्रशासन में हड़कंप मच गया. जनपद पंचायत सीईओ भगवती साहू ने मामले सामने आने पर राशन कार्ड प्रभारी माखन चंद्रवंशी को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए. जैसे ही टीम ने संदिग्ध ऑपरेटरों और ऑनलाइन सेंटर संचालकों से पूछताछ शुरू की. इसमें ग्रामीणों से तीन से पांच हजार रुपये तक वसूलकर सैकड़ों की संख्या में फर्जी राशन कार्ड बनाए जाने के संकेत मिले हैं. सूत्र बताते हैं कि जांच आगे बढ़ने पर और भी चौंकाने वाले तथ्य सामने आ सकते हैं.
प्रभारी माखन चंद्रवंशी ने चर्चा के दौरान माना कि फर्जी राशन कार्ड बनाने के पर्याप्त सबूत मिले हैं. उन्होंने यह भी कहा कि विकासखंड में जितने भी राशन कार्ड सक्रिय हैं, उन सभी का भविष्य में सत्यापन कराया जाएगा. वहीं जनपद पंचायत की सीईओ भगवती साहू ने कहा कि ऑनलाइन सेंटरों के माध्यम से फर्जी राशन कार्ड बनाए जाने की शिकायत मिली है. जांच की जा रही है और इसके बाद दोषियों पर विधि सम्मत कार्रवाई की जाएगी.”

panchayattantra24.-रायपुर। शहर के सबसे चर्चित गणेश आयोजन समिति लाखेनगर गणेशोत्सव समिति (सिंधु एकता गणेश युवा एकता समिति) अब कानूनी पचड़े में फंसती नजर आ रही है। समिति संचालक के खिलाफ बजरंग दल की शिकायत पर आजाद नगर चौक प्राथमिकी दर्ज की गई है। समिति पर बजरंग दल ने भगवान गणेश के स्वरूप को विकृत करने और आयोजन स्थल पर अश्लील गाने पर डांस कराने के आरोप है।
गौरतलब है कि, गुरुवार को रायपुर के लाखे नगर इलाके में गणेश पंडाल के सामने आइटम सांग बजाने और प्रतिमा को AI कार्टून स्वरूप में बनाने को लेकर विवाद खड़ा हो गया था। यहां बड़ी संख्या में बजरंग दल, शिवसेना और विश्व हिंदू परिषद के कार्यकर्ता यहां पहुंचे हुए हैं और हंगामा शुरू कर दिया था। बजरंग दल प्रत्मीा के विसर्जन के जिद पर अड़ा था। हालाँकि मौके पर पहुंची पुलिस ने प्रतिमा को कपडे से ढंकने का फैसला किया। इसके बाद पुलिस ने वहां मौजूद कुछ लोगों पर हल्का बल भी प्रयोग किया था।

panchayattantra24.-रायपुर। रायपुर शहर में तमाम मुसलमान ईद मिलादुन्नबी जुलूस के मामले में शहर के मुसलमानों की दो राय है कुछ लोग कहते है सुबह 07 बजे और कुछ लोग दोपहर बाद 3 बजे नमाज़े जुमा के पक्ष में है। क्योकि कुछ नौजवान अपने मुहल्ले को सजाने की वजह से रात भर जागते है जिसकी वजह से सुबह आना नामुमकिन नही बल्कि मुहाल होता है। अब ज़ाहिर सी बात है कि आज के दिन क़ौम के लिए एक ही ईद नही बल्कि दो दो ईदें एक ईद मिलादुन्नबी और दसरी हफ्ते की ईद! बेशक,,दिन भर ईद का दिन है। याद रहे,,,,इस काम को अंजाम देने के लिए दो तंजीमें काम कर रही है, क़ौम को इख़्तेलाफ़,व इंतेशार से बचाने के लिए और नौजवानों की मांग की बुनियाद पर कि जो लोग सुबह 07 बजे के जुलूस में किसी वजह से नही पहुँच सकते वो लोग दोपहर बाद नमाज़े जुमा 03 बजे गांधी चौक पहुँच कर जुलूस में शामिल हो सकते है।इस ऐलान को सिर्फ गुज़ारिश ही समझें नही इख़्तेलाफ़।
याद रहे दोपहर 3 बजे के जुलूस में पंजाब के बाढ़ पीड़ित लोगों के लिए अवाम से तआउन लेकर उनकी मदद करने का इरादा रखती है। जिसमे आप हज़रात बढ़ चढ़ कर हिस्सा लें। आप सभी नौजवान तबके से गुजारिश करते है ज़्यादा से ज़्यादा तादाद में शिरक़त करके जुलूस को कामयाब बनाएं।और सच्चे और अच्छे गुलाम होने का सुबूत पेश करें। जुलूस का रुट गांधी मैदान से महिला थाना होते हुए फायर ब्रिगेट चौक से औलिया चौक , वहां से होते हुए सिरत मैदान फिर सिरत मैदान से बैजनाथपारा और बैजनाथपारा में जुलूस का इख़्तेताम

panchayattantra24.-कोरबा। मिनीमाता बांगो बांध में जलस्तर 358.10 मीटर तक पहुंचने के कारण 4 गेट खोलने का निर्णय लिया गया है। यह फैसला मुख्य अभियंता बिलासपुर और अधीक्षण अभियंता कोरबा के साथ विचार-विमर्श के बाद लिया गया। गुरुवार दोपहर 2:40 बजे गेट नंबर 4, 5, 6 और 8 को खोला गया। गेट नंबर 4 और 8 को 0.50 मीटर खोलकर प्रत्येक से 2,960 क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा है। गेट नंबर 5 और 6 को 1.50 मीटर खोलकर प्रत्येक से 8,750 क्यूसेक पानी निकाला जा रहा है। कुल मिलाकर बांध से 23,420 क्यूसेक पानी हसदेव नदी में प्रवाहित किया जा रहा है।
कार्यपालन अभियंता धर्मेंद्र निखरा ने बताया कि बांध के आसपास के 32 गांवों में अलर्ट जारी कर दिया गया है। बांध में कई नदियां मिलती हैं जहां से पानी संग्रहित होता है। बारिश की स्थिति के अनुसार अन्य गेट भी खोले जा सकते हैं। दर्री बांध को भी अलर्ट जारी किया गया है। वहां अभी तक दो गेट खोले गए हैं। जलस्तर बढ़ने से शहरी क्षेत्र के सीतामढ़ी, मोती सागरपारा, राताखार, पम्प हाउस, पुरानी बस्ती और कोहड़िया जैसे हसदेव नदी के किनारे बसे इलाकों में जल भराव की स्थिति बन सकती है।

panchayattantra24.-रायपुर। CM विष्णुदेव साय राज्य स्तरीय शिक्षक सम्मान समारोह 2025 में शामिल हुए। सीएम साय ने कहा, यह पुरस्कार उन शिक्षकों को समर्पित है, जिन्होंने न सिर्फ शैक्षणिक स्तर को ऊंचा किया, बल्कि विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास और समाज निर्माण में भी महत्वपूर्ण योगदान दिया है। बता दें कि आज इस समारोह में राजभवन के छत्तीसगढ़ मण्डपम में 64 शिक्षकों को सीएम साय, राज्यपाल और अफसरों ने सम्मानित किया।

panchayattantra24.-जांजगीर-चांपा। अकलतरा में किसान से 98 हजार रुपये की उठाईगिरी के मामले में पुलिस की टीम ने 2 बदमाशों को मप्र के अनूपपुर से पकड़ लिया है। उठाईगिरी के बाद बाइक से भागते 2 बदमाश, CCTV में कैद हुए थे। इस आधार पर पुलिस ने जांच शुरू की तो बदमाशों के मप्र के अनूपपुर के रहने वाले होने की बात सामने आई, फिर पुलिस टीम ने दोनों बदमाशों को अनूपपुर से पकड़ लिया है। दरअसल, बुधवार 3 सितंबर को फरहदा गांव का किसान ढोलनारायण पटेल, अकलतरा के सहकारी बैंक आया था और 98 हजार रुपये निकालकर बाइक से जा रहा था।
किसान ने बाइक की डिक्की में पैसे रखे थे, फिर वह अकलतरा की दुकान में चायपत्ती लेने रुका था। इसी दौरान कुछ मिनटों में डिक्की से 98 हजार रुपये को बदमाशों ने पार कर दिया था। उठाईगिरी की घटना CCTV में कैद हुई थी और बाइक से भागते 2 बदमाशों दिखे थे। इसके बाद, पुलिस ने दोनों बदमाशों को मप्र के अनूपपुर से दबोच लिया है।
panchayattantra24.-रायपुर। पर्यटन, संस्कृति, धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व मंत्री राजेश अग्रवाल ने आज मंत्रालय महानदी भवन स्थित कार्यालय मे विधिवत पूजा अर्चना कर कामकाज की शुरूआत की। इस अवसर पर राजस्व मंत्री श्री टंकराम वर्मा, खाद्य मंत्री श्री दयाल दास बघेल, विधायक श्री अनुज शर्मा, श्री संपत अग्रवाल, श्री प्रबोध मिंज, श्रीमती उद्धेश्वरी पैंकरा, छत्तीसगढ़ गृह निर्माण मण्डल के अध्यक्ष श्री अनुराग सिंह देव, छत्तीसगढ़ भवन एवं अन्य संनिर्माण मंडल के अध्यक्ष श्री रामप्रताप सिंह, छत्तीसगढ़ संस्कृति परिषद के अध्यक्ष श्री शशांक शर्मा एवं श्री पवन साय और वरिष्ठ अधिकारियों ने उन्हें पुष्प गुच्छ भेंट कर बधाई और शुभकामनाएं दी।
संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री राजेश अग्रवाल ने मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारियों से चर्चा करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव के मार्गदर्शन में राज्य में पर्यटन और संस्कृति के क्षेत्र में काफी तेजी से कार्य करना है। राज्य में पर्यटन और संस्कृति के क्षेत्र में काफी संभावनाऐं है। पर्यटन क्षेत्रों के विकसित होंने से स्थानीय लोगों के लिए रोजगार के अवसर भी बढ़ेगें। उन्होंने कहा कि केन्द्र सरकार की मदद से राज्य में सड़क कनेक्टिविटी का तेजी से विस्तार हो रहा है, इससे पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा। राज्य में नई सड़कों की स्वीकृति के लिए उन्होंने प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी और केन्द्रीय भू-तल परिवहन मंत्री श्री नीतिन गडकरी के प्रति आभार जताया।
इस अवसर पर अपर मुख्य सचिव धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व विभाग श्री सुब्रत साहू, संस्कृति विभाग के सचिव श्री रोहित यादव, छत्तीसगढ़ पर्यटन मंडल के जनरल मैनेजर श्री वेदव्रत सिरमौर, छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल की सचिव श्रीमती पुष्पा साहू सहित अनेक वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।
panchayattantra24.-रायपुर। छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना के 25 वर्ष पूर्ण होने के मौके पर बेमेतरा जिले में रजत महोत्सव का भव्य आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में आज नवागढ़ विकासखण्ड के हाई स्कूल मैदान में रजत महोत्सव का आयोजन किया गया। खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री श्री दयालदास बघेल इसमें मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने कार्यक्रम में छात्राओं को नोनी सुरक्षा योजना और सुकन्या समृद्धि योजना के अंतर्गत पासबुक और समरसता प्रमाण पत्र वितरित किए। उन्होंने किसानों को बैटरी संचालित स्प्रे पंप भी प्रदान किए।
सांस्कृतिक प्रस्तुति “पुरखा के सुरता” से रजत महोत्सव की शुरूआत हुई। इसमें छत्तीसगढ़ की लोक संस्कृति, गीत-संगीत और परंपराओं को सजीव रूप में प्रस्तुत किया गया। “हमर संस्कृति हमर विरासत” की थीम पर आयोजित प्रस्तुतियों ने लोगों को राज्य की सांस्कृतिक धरोहरों से रू-ब-रू कराया। रजत महोत्सव में आयोजित छत्तीसगढ़ फूड फेस्टिवल में पारंपरिक व्यंजनों को प्रदर्शित किया गया। आयोजन में मौजूद जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और नागरिकों ने विभिन्न प्रकार के पारंपरिक व्यंजनों का स्वाद लिया। कार्यक्रम स्थल में विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों में लोगों को शासन की योजनाओं की जानकारी दी गई। स्वास्थ्य विभाग द्वारा लगाए गए निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण शिविर में ग्रामीणों और विद्यार्थियों के स्वास्थ्य की जांच की गई।
खाद्य मंत्री श्री दयालदास बघेल ने रजत महोत्सव को संबोधित करते हुए कहा कि रजत महोत्सव हमारे राज्य की गौरवशाली यात्रा का उत्सव है। बीते 25 वर्षों में छत्तीसगढ़ ने शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, ऊर्जा और आधारभूत संरचना में उल्लेखनीय प्रगति की है। आज राज्य न केवल सांस्कृतिक दृष्टि से, बल्कि आर्थिक और सामाजिक रूप से भी मजबूत बन रहा है। इस प्रगति का श्रेय हमारे किसानों, श्रमिकों, महिलाओं और युवाओं को जाता है। सरकार लगातार प्रयास कर रही है कि हर बेटी सुरक्षित और शिक्षित हो, हर किसान समृद्ध हो और हर नागरिक को योजनाओं का लाभ समय पर मिले। ऐसे आयोजन हमें हमारी संस्कृति और परंपरा से जोड़े रखते हैं तथा समाज को आगे बढ़ने की प्रेरणा देते हैं।
कार्यक्रम में खेलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को पुरस्कृत किया गया। बेमेतरा के कलेक्टर श्री रणबीर शर्मा, नवागढ़ जनपद पंचायत के अध्यक्ष श्री खोरबाहरा राम साहू, जिला पंचायत की सदस्य श्रीमती मधु राय और मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्रीमती प्रेमलता मांडवी सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी और नागरिक बड़ी संख्या में कार्यक्रम में शामिल हुए।
panchayattantra24.-रायपुर। बलौदाबाजार-भाटापारा जिले में पीएम जनमन ग्राम बल्दाकछार की विशेष पिछडी जनजाति कमार महिलाओं ने बिहान समूह से जुड़कर अपनी आजीविका को नई दिशा दी है। बिहान योजना के अंतर्गत गठित महिला स्व-सहायता समूह की 9 दीदियों ने सामूहिक रूप से बाड़ी और नर्सरी व्यवसाय की शुरुआत कर अपने जीवन में आत्मनिर्भरता और खुशहाली का नया अध्याय लिखा है।
अप्रैल माह से आरंभ किए गए इस कार्य से महज छः महीनों के भीतर ही समूह ने सब्जियों की बिक्री से लगभग 25 से 30 हज़ार रुपये तक की आमदनी अर्जित की है।
यह सफलता न केवल उनकी मेहनत और लगन का परिणाम है बल्कि यह भी दर्शाता है कि संगठित होकर महिलाएं अपने आर्थिक भविष्य को मज़बूत कर सकती हैं। समूह की दीदियों ने बताया कि बिहान योजना से जुड़ने के बाद उन्हें अपनी क्षमताओं पर भरोसा हुआ और आज वे अपने परिवार की ज़िम्मेदारियों में आर्थिक योगदान दे रही हैं।
वे कहती हैं— “प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी और मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय जी द्वारा चलाई जा रही बिहान योजना ने हमारे जीवन को बदलने का अवसर दिया है। यह योजना हमारे लिए सिर्फ़ आत्मनिर्भरता का साधन नहीं, बल्कि महिला सशक्तिकरण का मजबूत माध्यम है। इसके लिए हम उनका हृदय से आभार व्यक्त करते हैं।” आज बल्दाकछार की कमार दीदियां अपने परिश्रम और सफलता से न केवल अपने गांव में बल्कि आसपास की महिलाओं के लिए भी प्रेरणा का स्रोत बन चुकी हैं।
बिहान समूह के अंतर्गत किए जा रहे इस सामूहिक प्रयास से यह साबित होता है कि जब महिलाएं एकजुट होकर कार्य करती हैं, तो वे न केवल अपने परिवार की आर्थिक स्थिति सुधार सकती हैं बल्कि समाज में भी सकारात्मक बदलाव ला सकती हैं। बिहान योजना ग्रामीण महिलाओं के आर्थिक एवं सामाजिक उत्थान का महत्वपूर्ण माध्यम है, जो महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के साथ-साथ उन्हें सम्मान और आत्मविश्वास भी प्रदान कर रही है।
panchayattantra24.-रायपुर। कृषि विभाग ने यूरिया खाद की कालाबाजारी और मुनाफाखोरी पर कड़ी कार्रवाई करते हुए खाद गोदाम को सील कर दिया है। कृषि विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार कांकेर के भानुप्रतापपुर विकासखण्ड के भानबेड़ा क्षेत्र के किसानों से मेसर्स पटेल कृषि केंद्र भानबेड़ा के संचालक द्वारा यूरिया की किल्लत का नाजायज फायदा उठाते हुए महंगे दाम पर तथा बिना पॉस मशीन के तीन से चार गुनी कीमत पर यूरिया खाद बेचने की शिकायत प्राप्त हुई थी। शिकायत प्राप्त होते ही जांच टीम के सदस्यों खाद एवं उर्वरक निरीक्षक अमिनेश गावड़े, ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी कुलदीप साहू, किरण भंडारी और प्रवीण कवाची द्वारा कृषि केंद्रों के गोदामों में आकस्मिक निरीक्षण किया गया। इस दौरान यूरिया खाद की बिक्री के बारे में मौके पर मौजूद किसानों से पूछताछ कर छानबीन की गई। किसानों ने बताया कि कृषि केंद्र के संचालक द्वारा एक बोरी यूरिया खाद एक हजार रुपए के दर से बिक्री की जा रही है।
किसानों की शिकायत पर कृषि सेवा केंद्र के संचालक पंकज पटेल को बुलाया गया तो उसने भानबेड़ा से बाहर होने की जानकारी दी। कुछ देर बाद फोन से पुनः संपर्क करने पर उसका मोबाइल फोन स्विच-ऑफ बताया गया। संचालक के कृषि सेवा केन्द्र नहीं पहुंचने पर निरीक्षण टीम द्वारा ग्राम पंचायत की सरपंच ममता ठाकुर, उप सरपंच खेमलाल साहू, ग्राम पटेल दुर्योधन नरेटी एवं नाराज किसानों की उपस्थिति में आगामी आदेश तक खाद गोदाम को सील कर दिया गया।
कृषि विभाग ने कड़ी कार्यवाही की दी चेतावनी
कांकेर जिले में कृषि आदान विक्रय की कालाबाजारी को रोकने जिला प्रशासन द्वारा कृषि विभाग के उप संचालक जितेन्द्र सिंह कोमरा के नेतृत्व में जांच टीम गठित की गई है। टीम द्वारा कालाबाजारी की शिकायतों पर लगातार कार्यवाही की जा रही है। कृषि अधिकारियों ने खाद की कालाबाजारी और मुनाफाखोरी पर कड़ी कार्यवाही की चेतावनी देते हुए कहा कि सरकार द्वारा उर्वरकों की कीमत तय की गई है, जिसका पालन करना सभी विक्रेताओं के लिए अनिवार्य है। कालाबाजारी बर्दास्त नहीं की जाएगी। अधिक दर पर खाद बेचने वाले दुकानदार किसानों के अधिकारों का हनन करते हैं, जो किसानों को आर्थिक रूप से कमजोर करता है, इससे उनकी खेती और आय दोनों प्रभावित होती है। सरकार किसानों को उचित मूल्य पर खाद उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। अधिकारियों ने किसानों से अपील की है कि वे अधिक दर पर उर्वरक की बिक्री की जानकारी मिलने पर कृषि विभाग को सूचित करें, ताकि दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जा सके।