Browsing: बिलासपुर

K.W.N.S.- बिलासपुर। न्यायधानी पुलिस ने नशे के खिलाफ कार्रवाई की है. एक युवक को कफ सिरफ के साथ गिरफ्तार किया है. तस्कर के पास से प्रतिबंधित 145 नग कफ सिरफ मिले हैं. पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक तस्कर ग्राहक की तलाश कर रहा था, तभी पुलिस ग्राहक बनकर धमक पड़ी. नशे का कारोबार करने वाले युवक को हिरासत में ले लिया।
पुलिस ने बताया कि मुखबिर से सूचना मिली थी. ओमनगर जरहराहाभाठा का रहने वाला युवक सतीश रात्रे नशीली दवा की बिक्री कर रहा है. फिर आनन फानन में थाना प्रभारी के निर्देशानुसार में आरक्षक ग्राहक बनकर आरोपी के पास पहुंचा. जहां आरक्षक ने तस्कर से बड़ी मात्रा में कफ सिरफ को खरीदने की बात कही. इस दौरान युवक के कफ सिरफ लेने चला गया. इस बीच पुलिस ने अलग अलग टीम बनाकर आरोपी को धर दबोचा, जिसके बाद टीम ने आरोपी के पास से 145 नग कफ सिरफ बरामद किया है।
 

 K.W.N.S.- कोरबा। एक बार फिर 108 संजीवनी एक्सप्रेस की टीम ने अपने काम से सेवा और समर्पण की मिसाल कायम की है. 108 की टीम ने घायल अधेड़ पहाड़ी कोरवा की जान बचाने पहाड़ पार कर 3 किलोमीटर तक खाट से लेकर आए. उसके बाद ऑक्सीजन सपोर्ट देते हुए सुरक्षित हॉस्पिटल पहुंचाकर उनकी जान बचाई. मिली जानकारी के अनुसार ग्राम खोरिभाना निवासी 55 वर्षीय सुंदर सिंह पहाड़ी कोरवा को सांस लेने और कमजोरी के चलते उठने चलने में दिक्कतें हो रही थी. परिजनों ने इसकी सूचना 108 को दी. सूचना मिलते ही टीम रवाना हुई किंतु बीमार सुंदर को प्राथमिक उपचार और हॉस्पिटल पहुंचाने में पहाड़ ने रास्ता रोक रखा था. गांव तक एंबुलेंस के पहुंचने का कोई रास्ता नहीं था. ऐसे में पायलट प्रेम शंकर बानी और ईएमटी धर्मसिंह ने 3 किलोमीटर तक पहाड़ की चढ़ाई की और कर्तव्यनिष्ठा की मिसाल कायम करते हुए खाट की मदद से सुंदर सिंह को एम्बुलेंस तक लेकर आए।
 इसके बाद ईएमटी ने पाया कि मरीज को सांस लेने में तकलीफ हो रही है तो ऑक्सीजन सपोर्ट और प्राथमिक उपचार देते हुए पहले मदनपुर उपस्वास्थ्य केंद्र लेकर आए. यहां डॉक्टरों ने हायर सेंटर रेफर करने की बात कही, जिस पर मरीज सुंदर सिंह को जिला अस्पताल लेकर आए. फिरहाल डाक्टरों द्वारा उनका इलाज किया जा रहा है. बताते चलें कि पूर्व में भी 108 एंबुलेंस की टीम ने पोड़ी उपरोड़ा अंतर्गत पहुंचविहीन गांवों में कई मरीजों और घायलों को स्ट्रेचर के माध्यम से पहाड़ी से एंबुलेंस तक लाकर अस्पताल पहुंचाया है।
 

 
 K.W.N.S.-बिलासपुर। बिलासपुर के बिलासा देवी केवट एयरपोर्ट के रनवे पर जंगली जानवरों का खतरा मंडराने लगा है. रनवे पर सियार के घूमने की खबर ने एयरपोर्ट अथॉरिटी की नींद उड़ा दी है. सियार के घूमने से यात्रियों की सुरक्षा के लिए बड़ा खतरा माना जा रहा हैं. बिलासा एयरपोर्ट के रनवे से सटे जंगल में रनवे की कांटे तार वाली फेंसिंग पार कर सियार रनवे पहुंच जाते हैं. जानवरों के रनवे पहुंचने पर सियार पकड़ने के लिए कई प्रयास किए जा रहे हैं, लेकिन सियार नहीं मिल रहे है. एयरपोर्ट अथॉरिटी अब वन विभाग से मदद मांग रहा है। 
 एयरपोर्ट के रनवे पर सियार के झुंड को घुसे 15 दिन से ज्यादा समय हो गया है. पहले एयरपोर्ट प्रबंधन ने सियार को पकड़ने के लिए कानन पेंडारी जू की रेस्क्यू टीम की मदद ली, तब बात नहीं बनी. कानन ज़ू की टीम के सहयोग से जू में पिंजरा का निर्माण किया गया और प्रबंधन को दिया गया. इसके अलावा रेस्क्यू टीम भी मौके पर पहुंची थी, लेकिन सफलता नहीं मिली. अब भी लगातार रनवे में सियार का मूवमेंट हो रहा है। 
 

K.W.N.S.-कोरबा। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने शनिवार को यहां कहा कि हम देश में नक्सलवाद को मुक्त करने के कगार पर पहुंच गए हैं, और वर्ष-2024 से पहले समग्र रूप से नक्सलवाद से मुक्त करने की कोशिश होगी। उन्होंने भूपेश सरकार पर भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगाए। शाह ने कहा कि छत्तीसगढ़ में डीएमएफ की राशि भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ गई है। केंद्रीय गृहमंत्री ने जनसभा स्थल इंदिरा स्टेडियम में भीड़ भरी सभा में लोगों से दोनों हाथ उठाकर छत्तीसगढ़ में सरकार बदलने का संकल्प दिलवाया। उन्होंने अपने उद्बोधन में कहा कि उनका सौभाग्य है कि वो प्रभु राम के ननिहाल में आए हैं। शाह ने कहा कि अटलजी प्रधानमंत्री बने तो उन्होंने छत्तीसगढ़ राज्य बनवाया। केंद्रीय गृहमंत्री ने कहा कि पहले छत्तीसगढ़ को बीमारू राज्य मानते थे। पहली बार चुनाव हुआ, और प्रदेश में भाजपा की सरकार बनी। प्रदेश की जनता ने तीन बार जिताया। और डॉ. रमन सिंह को शासन चलाने का मौका दिया। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में कांग्रेस में भुखमरी, खस्ताहाल सडक़ें, और बेरोजगारी देने का काम दिया था। मगर भाजपा में छत्तीसगढ़ को विकसित राज्य की ओर अग्रसर करने का काम किया। 
 उन्होंने कहा कि रमन सिंह ने चावल देने का काम किया, और कांग्रेस वालों ने चावल खाने का काम किया। शाह ने कहा कि मोदीजी ने मुफ्त चावल देकर बड़ा काम किया है। घंटों बिजली नहीं रहती थी। रोड-रास्ता नहीं था। नक्सलवाद फैल रहा था। हमने गांव-गांव में बिजली पहुंचाने सडक़ें बनाने का काम किया। शाह ने प्रदेश की कांग्रेस सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि प्रदेश में भ्रष्टाचार करने, बलात्कार , और खून-खराबा बढ़ाने व जंगल साफ करने का काम किया है। केंद्रीय गृहमंत्री ने डीएमएफ का जिक्र करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ धान का कटोरा रहा है। छत्तीसगढ़ में भरपूर मात्रा में खनिज पदार्थ रहे हैं। तब हमने डीएमएफ की शुरूआत की। पूरे देश में 63 हजार करोड़ रुपये उस क्षेत्र के जनजातियों और विकास के लिए दिया। इस योजना में छत्तीसगढ़ को 9 हजार 234 करोड़ मिला है। उन्होंने पूछा कि विकास धन का आपने क्या किया? पैसा कहां गया। अमित शाह ने आगे कहा कि मैं बताता हूं कि पैसा कहां गया? 9 हजार 234 करोड़ रुपये कांग्रेस की भ्रष्टाचार का भेंट चढ़ गया। उन्होंने जनता से विधानसभा चुनाव में कमल का बटन दबाने की अपील की, और कहा कि भाजपा सरकार बनने के बाद पाई-पाई का हिसाब लिया जाएगा। इससे पहले जनसभा स्थल इंदिरा स्टेडियम में प्रदेश भाजपा अध्यक्ष अरुण साव, नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल, केंद्रीय राज्य मंत्री रेणुका सिंह, पूर्व मंत्री ननकीराम कंवर व अन्य नेताओं ने उनका मंच से स्वागत किया। कोरबा व आसपास के चार जिले के भाजपा अध्यक्षों ने फूल-मालाओं के साथ उनका स्वागत किया।
 

 K.W.N.S.-कोरबा। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कोरबा के मां सर्वमंगला मंदिर में पूजा अर्चना की। इससे पहले अमित शाह ने एक विशाल जनसभा को संबोधित किया. उन्होंने कहा कि मैं श्रीराम के मायके छत्तीसगढ़ आया हूं. गृह मंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ ने राज्य के दर्जे की लड़ाई लड़ी है और कांग्रेस ने रोड़े अटकाने का काम किया है. यह तभी हुआ जब अटल बिहारी वाजपेयी पीएम बने. तब जाकर राज्य का यह सपना पूरा हुआ. इसी सभा में अमित शाह ने कहा है कि कांग्रेस राज्य को लूट रही है. उन्होंने वर्तमान राज्य सरकार से पूछा कि आपने राज्य को क्या दिया है? गरीबी, बेरोजगारी, नक्सलवाद आपकी ही देन है. अमित शाह ने कहा कि रमन सिंह चावल वाला बाबा हैं, लेकिन कांग्रेस सप्लाई छीन रही है। 
अमित शाह ने कहा कि भ्रष्टाचार, चोरी और बलात्कार के मामले बढ़े हैं. सारे पेड़ काट कर आदिवासियों से घर छीन रहे हैं. कांग्रेस ने गरीबी दूर करने के बजाय राज्य से गरीबों का सफाया कर दिया. भाजपा ने लोगों को टीका लगाकर लोगों को कोरोना से बचाया. 2024 से पहले हमारा देश नक्सलवाद से मुक्त हो जाएगा। 
 

K.W.N.S.-कोरबा। कोरबा में आयोजित कार्यक्रम में गृह मंत्री अमित शाह ने अपने उद्बोधन में भगवान श्रीराम को याद करते हुए कहा कि यह मेरा सौभाग्य है कि मैं भगवान राम के ननिहाल में आया हूं. छत्तीसगढ़ की भूमि श्रीराम की दंडकारण्य की सर्वाधिक भूमि है, मैं अपने भाषण की शुरुआत छत्तीसगढ़ियां लोगों से जय श्रीराम के साथ शुरू करना चाहता हूं. छत्तीसगढ़ को कांग्रेस सरकार ने गरीबी, बेरोजगारी, नक्सलवाद देने का काम किया है. भाजपा की सरकार ने छत्तीसगढ़ को बीमारू राज्य से विकासशील राज्य बनाया. नरेंद्र मोदी ने कोविड के बाद छत्तीसगढ़ की गरीब जनता को मुफ्त में चावल देकर बड़ा तोहफा दिया है. भाजपा ने छत्तीसगढ़ की सड़कों को चुस्त और दुरुस्त किया. छत्तीसगढ़ में माताओं के पैरों पर चप्पल नहीं होती थी, उन्हें भाजपा की सरकार ने हवाई चप्पल दिलवाया। 
उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने नारा दिया था गरीबी हटाओ. गरीबी तो नहीं हटी, गरीब हटने शुरू हो गए. नरेन्द्र मोदी सरकार ने घर-घर में अकाउंट खुलवाया, उसमें पैसे दिए, गरीबों को 10 करोड़ से ज्यादा घर देने का काम किया, गरीबों को सिलेंडर पहुंचने का काम किया, गरीबों को कोरोना का टीका लगाने का काम किया, नरेंद्र मोदी ने 130 करोड़ लोगों को फ्री में कोरोना का टीका लगवाया. नरेंद्र मोदी सरकार ने हर गरीब के घर में नल से पीने का पानी पहुंचाया, हमने नक्सलवाद से प्रभावित क्षेत्र को नक्सलवाद से मुक्त करने का बीड़ा उठाया है. 2009 से पहले नक्सली घटनाएं ज्यादा होती थी, हमारी सरकार में नक्सली घटनाओं में कमी आई है, 2024 के चुनाव से पहले प्रदेश नक्सलवाद से मुक्त होगा. छत्तीसगढ़ में भूपेश बघेल की सरकार ने भ्रष्टाचार बढ़ा, राज्य में बलात्कार घटनाएं बढ़ी, आदिवासियों के जंगलों की कटाई कराकर सफाई कराने का काम किया. कांग्रेस सरकार ने झूठ बोलना, बार बार बोलने के सूत्र को अपना लिया है। 
 

 
  K.W.N.S.-बिलासपुर। न्यायधानी के सिविल लाइन थाना क्षेत्र अंतर्गत पारिजात कालोनी में रहने वाले शिक्षक की बंद मकान में लाश मिली है। शिक्षक के सिर में चोट के भी निशान है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पीएम कराया है। इसकी रिपोर्ट से शिक्षक के मौत का कारण स्पष्ट होगा। सिविल लाइन क्षेत्र के नेहरू नगर पारिजात कालोनी में रहने वाले अजय कुमार(58) शिक्षक थे। उनकी पोस्टिंग चकरभाठा के शासकीय प्राथमिक शाला अचानकपुर में सहायक शिक्षक के पद पर थी। चार दिन पहले वे ड्यूटी पर गए थे। उनका ‘ फाउंडेशन लिट्रेसी न्यूमेरेसी’ ट्रेनिग लगी हुई थी। 2 दिसंबर को ट्रेनिंग खत्म कर वो स्कूल नही आ रहे थे। 
वहीं उनका मकान भी बंद था। शिक्षक अजय कुमार बेन्डे अपने साथी बजरंग शर्मा के साथ मॉर्निंग वॉक करते थे। तीन चार दिनों से शिक्षक मॉर्निंग वॉक पर नही आ रहे थे। न ही बजरंग शर्मा का गुड़ मार्निंग मैसेज का रिप्लाई कर रहे थे। तब बजरंग शर्मा ने उनके घर जा कर देखा। उनके मकान से तेज बदबू आ रही थी। उन्होंने आसपास के लोगों को इसकी सूचना दी। पड़ोसियों ने इसकी सूचना सिविल लाइन थाने में दी। इस पर पुलिस मौके पर पहुंची। मोहल्ले वालों की मौजूदगी में दरवाजे को धक्का देकर खोला गया। अंदर कमरे में शिक्षक की लाश पड़ी थी। शव पुराना होने कारण सड़ने लगा था। इसके कारण पूरे मकान में दुर्गंध था। शिक्षक के सिर में चोट के निशान थे। वहीं, कमरे में कई जगह पर खून जमा हुआ था। पूछताछ में पता चला कि शिक्षक के मां और पिता की पहले ही मौत हो गई है। उनकी पत्नी शादी के एक माह बाद से ही अलग रह रही है। पुलिस ने उनकी पत्नी को घटना की जानकारी दी है। शव का पीएम कराया गया है। इसकी रिपोर्ट से मौत का कारण स्पष्ट होगा।
 

K.W.N.S.-बिलासपुर। राज्यसभा सदस्य सरोज पांडेय के खिलाफ हाईकोर्ट में दायर चुनाव याचिका पर सुनवाई करने से जस्टिस अरविंद सिंह चंदेल ने इंकार कर दिया है। अब इसे रजिस्ट्रार जनरल के माध्यम से चीफ जस्टिस को भेजा जाएगा, जो किसी अन्य बेंच में इसे भेजेंगे। भाजपा से चुनी गई राज्यसभा सदस्य सरोज पांडेय के खिलाफ कांग्रेस प्रत्याशी लेख राम साहू ने अपने अधिवक्ता सुदीप श्रीवास्तव के माध्यम से याचिका दायर कर कहा था कि राज्यसभा सदस्य का चुनाव लडऩे के लिए सरोज पांडे ने जो नामांकन फार्म भरा था, उसमें शामिल समर्थक और प्रस्तावकों में अधिकांश लाभ के पद पर काबिज हैं, जो अवैधानिक है। ऐसी स्थिति में उनका निर्वाचन शून्य घोषित किया जाए। ज्ञात हो कि सुप्रीम कोर्ट ने अपने पूर्व के फैसलों में निर्देशित किया है कि चुनाव याचिकाओं पर 6 महीने के भीतर निर्णय लिया जाए। साहू की याचिका छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट में करीब 4 साल से लंबित है। इसके पहले जस्टिस संजय के अग्रवाल तथा जस्टिस पी सैम कोशी मामले की सुनवाई करने से मना कर चुके हैं।
 

   K.W.N.S.-बिलासपुर। जिला प्रशासन की वेबसाइट को आज नई दिल्ली में नवाचार के लिए राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने राष्ट्रीय प्लेटिनम अवार्ड से सम्मानित किया है। विज्ञान भवन में आयोजित कार्यक्रम में बिलासपुर के जिला कलेक्टर सौरभ कुमार ने यह अवार्ड ग्रहण किया। बिलासपुर जिला प्रशासन द्वारा किये गये नवाचार को राष्ट्रीय स्तर पर सराहना मिली है। भारत सरकार के इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी विभाग द्वारा जिला प्रशासन की वेबसाइट को राष्ट्रीय प्लैटिनम अवार्ड प्रदान किया गया। बिलासपुर जिला प्रशासन की वेबसाइट को बेस्ट वेब एंड मोबाइल इनिशिएटिव कांम्पलांइथ विथ जीआइजीडब्ल्यू एंड एससीबिलिटी गाइडलाइन की श्रेणी के अंतर्गत यह पुरस्कार दिया गया है। 
 केंद्र सरकार की फ्लैगशिप योजना डिजिटल इंडिया के क्रियान्वयन में बिलासपुर जिले की वेबसाइट ने नवाचार किया है। एनआईसी (राष्ट्रीय सूचना विज्ञान केंद्र) द्वारा तैयार वेबसाइट में केंद्र व राज्य शासन की योजनाओं की जानकारी अपलोड करने के साथ ही दिव्यांगों के लिए भी इसमें विशेष सुविधा दी गई है। दृष्टिबाधित भी साफ्टवेयर के जरिए इस वेबसाइट में दी गई सूचनाओं को सुन सकते हैं। जहां-जहां माउस का कर्सर जाएगा, वहां लिखी जानकारी आवाज में बदल जाएगी। हालांकि अभी यह सुविधा अंग्रेजी में ही है। आने वाले दिनों में हिंदी में भी यह सुविधा दी जाएगी। इसके लिए एनआईसी के तकनीकी विशेषज्ञों ने काम करना शुरू कर दिया है। खास बात ये कि दृष्टिबाधितों के लिए वेबसाइट में विशेष प्रकार का साफ्टवेयर भी अपलोड किया गया है। इसका उपयोग मुफ्त में किया जा सकेगा। इसके लिए अतिरिक्त राशि नहीं देनी पड़ेगी। इस अवसर पर एनआईसी बिलासपुर के डीआईओ अरविंद यादव और सहायक डीआईओ मनोज कुमार सिंह भी शामिल रहे।
 

 
   K.W.N.S.-जांजगीर-चांपा। जिले के शिवरीनारायण थाना क्षेत्र में पति ने अपनी पत्नी की कुल्हाड़ी मारकर हत्या कर दी। घटना के बाद से आरोपी पति संपत सारथी (48 वर्ष) फरार चल रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। घटनास्थल से सबूत जुटाए गए हैं। हत्या में इस्तेमाल कुल्हाड़ी को जब्त कर लिया गया है। जानकारी के मुताबिक, जोगीडीपा के वार्ड नंबर 1 में संपत सारथी अपनी पत्नी सुरेखा सारथी (45 वर्ष) और 2 बच्चों के साथ रहता है। पति संपत को शराब पीने की बुरी लत है, जिसके कारण उनके बीच आए दिन विवाद होता रहता था। वो बच्चों के साथ भी शराब पीकर मारपीट करता था। परिवार ने कई बार इस बात की शिकायत पुलिस से भी की थी, लेकिन मामले का कोई समाधान नहीं निकला। 
 शुक्रवार को भी दोनों पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ। जिससे गुस्से में आकर आरोपी ने अपनी पत्नी के चेहरे पर कुल्हाड़ी से 2-3 बार बेरहमी से जानलेवा वार किया। जिससे मौके पर ही पत्नी सुरेखा की मौत हो गई। शिवरीनारायण थाना प्रभारी रविंद्र अनन्त ने बताया कि आसपास के लोगों ने पुलिस को सूचना दी। जब वे मौके पर पहुंचे, तो आंगन में शव पड़ा हुआ था। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवा दिया गया है। उन्होंने कहा कि आरोपी अभी फरार है, जिसकी तलाश की जा रही है।