Browsing: बिलासपुर

K.W.N.S.- बिलासपुर। बिलासपुर में एक युवक ने सरेराह अपनी पत्नी और सास पर रॉड से हमला कर दिया, जिससे मां-बेटी गंभीर रूप घायल होकर बदहवास सड़क पर पड़ी रहीं। उन्हें इलाज के लिए सिम्स में भर्ती कराया गया है। युवक ने तीन साल पहले लव मैरिज किया था, जिसके बाद आए दिन अपनी पत्नी से मारपीट करता था। परेशान होकर उसने पुलिस से शिकायत कर दी, तब नाराज पति ने जानलेवा हमला कर दिया। वारदात के बाद से आरोपी फरार है। मामला सरकंडा थाना क्षेत्र का है।
अशोक नगर मुरूम खदान स्थित अटल आवास में रहने वाली पूजा साहू (20) ने तीन साल पहले अशोक नगर के ही जितेंद्र साहू के साथ प्रेम विवाह किया। पूजा की एक साल की बेटी भी है। इसके बाद जितेंद्र अपनी पत्नी पूजा के साथ छोटी-छोटी बातों को लेकर विवाद करने लगा विरोध करने पर मारपीट करता था। जितेंद्र की आए दिन प्रताड़ना से प्ररेशान होकर पूजा अपने मायके आ गई। वह तीन माह से अपनी मां संतोषी गुप्ता के साथ रह रही है। उसने अपने पति के खिलाफ महिला थाने में शिकायत भी की है।
 

 

K.W.N.S.-कोरबा। पुलिस अधीक्षक संतोष सिंह द्वारा अवैध नशे से छुटकारा दिलाने हेतु प्रारंभ किए गए *”निजात”* अभियान के अंतर्गत आज घंटाघर ओपन थिएटर में नशे के विरुद्ध निजात रन का आयोजन किया गया जिसमें लगभग हजारों की संख्या में गणमान्य नागरिक गण ,स्कूली बच्चें , बुजुर्ग एवं महिलाएं शामिल हुए। सभा को संबोधित करते हुए पुलिस अधीक्षक संतोष सिंह ने कहा कि बचपन से ही नशे के दुष्प्रभाव एवं नशा करने वाले व्यक्तियों के परिवारों को बिखरते देखकर मन में इच्छा होती थी कि इस सामाजिक बुराई को दूर करने की दिशा में काम करू। नशा एक जहर है जो व्यक्ति, समाज और देश को बर्बाद कर रहा है। जिला कोरिया और राजनांदगांव में निजात अभियान की सफलता के बाद कोरबा जिले में निजात अभियान शुरू किया गया है जिसका बेहतर परिणाम सामने आ रहे हैं। यह एक सामाजिक बुराई है और इससे परिवार टूटते है , इस बुराई को समाज से जड़ से समाप्त करना आवश्यक है । समाज में प्राचीन काल से ही नशे की कमोबेश स्वीकार्यता रही है , किंतु जब भी समाज ने किसी सामाजिक बुराई को समाप्त करने का निर्णय लिया , तो सब की सहमति और भागीदारी से उस बुराई को जड़ से उखाड़ फेंका है । अब समय आ गया है जब नशामुक्त परिवार बनाकर स्वस्थ और सुंदर समाज की कल्पना की जाए । 
 इस अवसर पर कलेक्टर संजीव झा ने कहा कि पुलिस द्वारा शुरू किया गया अभियान सराहनीय है, जहां भी प्रशासन की ओर से इस अभियान को मदद की आवश्यकता होती है हम मदद कर रहे हैं । भविष्य में भी मदद जारी रहेगा। उन्होंने अपील किया की मानव शहरी बहुत दुर्लभ है, इसको नशे से बर्बाद न करें। महापौर श्री राज किशोर प्रसाद ने कहा कि स्वस्थ सुंदर और नशा मुक्त समाज बनाने की मेरी परिकल्पना रही है , जिसे पुलिस द्वारा साकार रूप दिया जा रहा है, जिन्हें मैं दिल से समर्थन करता हूं , और इस अभियान को नगर पालिक निगम कोरबा के साथ-साथ पूरे कोरबा जिले का समर्थन मिलता रहेगा । कानून के साथ लोगों की सहभागिता से ही नशे के विरुद्ध लड़ाई लड़ी जा सकती है। 
रन फॉर निजात अभियान के शुरुआत में लोक कलाकार मनीष मनचला द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम की प्रस्तुति दी गई , नुक्कड़ नाटक तथा गीत के माध्यम से अवैध नशे से दूर रहने की अपील की गई। अतिथियों के संबोधन के पश्चात महापौर राज किशोर प्रसाद सहित अन्य अतिथियों ने निजात दौड़ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया जो घंटाघर से शुरू होकर सुभाष चौक होकर पुनः घंटाघर ओपन थिएटर में समाप्त हुआ । दौड़ में शामिल गणमान्य नागरिक एवं बच्चे महिला एवं बुजुर्ग नशा मुक्ति के स्लोगन लिखे हुए तख्ती हाथ में लिए हुए थे जिसके माध्यम से अवैध नशे से दूर रहने की अपील की गई।
 

 
 K.W.N.S.-बिलासपुर। जिला बिलासपुर अंर्तगत कोयला भंडारण अनुज्ञप्तियों की जांच खनिज विभाग की राज्य एवं जिला स्तरीय टीम द्वारा विगत कुछ माह पहले की गई थी जिसमें कोयला भंडारण अनुज्ञप्तिधारियों के द्वारा भंडारण अनुज्ञप्ति की शर्ताे के उल्लंघन किया जाना पाया गया। छ.ग. खनिज खनन, परिवहन तथा भंडारण नियम 2009 में उल्लेखित प्रावधानों के तहत 66 कोयला भंडारण अनुज्ञप्तिधारियों को कारण बताओ नोटिस जारी कर जवाब मांगा गया था। 
अनुज्ञप्तिधारियों द्वारा प्रस्तुत जवाब का परीक्षण करने उपरांत अनुज्ञप्तिधारियों के द्वारा लंबे समय तक संचालन बंद रखने, तौल कांटा नहीं लगाने, ऑनलाईन अभिवहन पास जारी करने अनुज्ञप्तिस्थल पर कम्प्यूटर सिस्टम की व्यवस्था नहीं करने मासिक पत्रक जमा नहीं करने इत्यादि शर्तों का गंभीर उल्लंघन करने का दोषी पाये जाने से मे.वाची सेल्स-अमसेना, मे.छत्तीसगढ़ पावर एण्ड कोल बेनिफिकेशन लि. लोखंडी, आकाश ट्रेडर्स-धौराभाठा, जगदीश लक्ष्मी साहू-चंगोरी, लक्ष्मी ऐसोसियेट-हरदी, राहुल इंटरप्राइजेस-हरदी, श्री खाटू कोल सेल्स-अमसेना, मे. शुभम कोल ट्रेडर्स-भोजपुरी, कुल 09 कोयला भंडारण अनुज्ञप्ति निरस्त कर दिया गया है। 
 11 कोल वाशरियों को स्वीकृत भंडारण अनुज्ञप्ति में भी संचालन में मासिक पत्रक में विस्तृत जानकारी नहीं देने, समय से जानकारी उपलब्ध नहीं कराने इत्यादि अनियमितता के कारण 5 करोड़ 90 लाख अर्थदण्ड जमा कराया गया है और 15 अनुज्ञप्तिधारियों से अनियमित अनुज्ञप्ति संचालन के कारण 53 लाख को मिलाते हुए अब तक कुल 6 करोड़ 43 लाख रुपय जमा कराया जा चुका है। शेष अनुज्ञप्तिधारियों द्वारा प्रस्तुत जवाबों का परीक्षण किया जा रहा है तथा अर्थदण्ड वसूली की कार्यवाही जारी है। जिन अनुज्ञप्तिधारियों के द्वारा मांग पत्र जारी करने के उपरांत भी राशि जमा नहीं कराया गया है उन अनुज्ञप्तिधारियों को ऑन लाईन पोर्टल से खनिज परिवहन पर रोक लगाने की भी कार्यवाही प्रक्रियाधीन है।
उल्लेखनीय है कि एसईसीएल के कोयला खदानों से कोयला विभिन्न डीओ के माध्यम से संबंधित कंपनियों को जारी किया जाता है और डीओ का कोयला संबंधित कंपनियों के द्वारा रॉयल्टी एवं अन्य टेक्स जमा करने उपरांत 45 दिवस के भीतर खदानों से परिवहित करना अनिवार्य होता है। यदि किसी कारणवश कोई पार्टी समयावधि में कोयला खदान से नहीं उठा नहीं पाती तो उक्त कोयला मात्रा हेतु हर्जाना जमा करना होता है। कठिनाई के समाधान हेतु ही खनिज भण्डारण नियमों में कोयला भंडारण अनुज्ञप्ति स्वीकृत करने का प्रावधान किया गया है ताकि संबंधित कंपनियों समयावधि में कोयला उठा कर अस्थायी रूप से भंडारण अनुज्ञप्ति क्षेत्र में डंप कर सके तथा बाद व्यवस्था अनुरुप कोयला का परिवहन निर्धारित गंतव्य स्थान को कर सके। एसईसीएल की कोयला खदानो से विभिन्न कंपनियों का कोयला अनुज्ञप्ति क्षेत्रों में लाया जाता है और उसकी रायल्टी एसईसीएल द्वारा खनिज विभाग को जमा करा दी जाती है अतः अनुज्ञप्तिधारी को इस सभी कंपनियों के कोयला का आवक-जावक का स्पष्ट लेखा रखना होता है और प्रतिमाह खनिज विभाग को मासिक पत्रक के माध्यम से जानकारी देनी होती है।
 समय -समय पर खनिज विभाग कोयला भंडारण अनुज्ञप्ति क्षेत्रों का निरीक्षण करता तथा आगे भी करता रहेगा तथा जिन अनुज्ञप्तिधारियों द्वारा अनुज्ञप्ति क्षेत्र के अंदर तौल कांटा स्थापित नहीं करने, ऑन लाईन पोर्टल के माध्यम से अभिवहन पास जारी करने मौका स्थल पर ही कम्प्यूटर सिस्टम की व्यवस्था नहीं करने, मासिक पत्रक सही समय पर जमा नहीं करने, मौका जांच के समय खनिज की वैद्यता प्रमाणित करने दस्तावेज उपलब्ध नहीं करने को गंभीर उल्लंघन मानते हुए भंडारण अनुज्ञप्ति निरस्ती की कार्यवाही की जायेगी।
 

 K.W.N.S.-कोरबा। कोरबा लोकसभा क्षेत्र की सांसद ज्योत्सना महंत की अध्यक्षता में दिशा समिति की बैठक 24 दिसंबर को कलेक्ट्रेट के अरपा सभाकक्ष में वर्चुअली अपरान्ह 3 बजे आयोजित की गई है। बैठक में महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना, दीनदयाल अंत्योदय योजना, दीनदयाल उपाध्याय ग्रामीण कौशल योजना, प्रधान मंत्री ग्राम सड़क योजना, राष्ट्रीय सामाजिक सहायता कार्यक्रम, प्रधानमंत्री आवास योजना (सभी के लिए मकान शहरी), प्रधानमंत्री ग्रामीण आवास योजना, स्वच्छ भारत मिशन शहरी एवं ग्रामीण, राष्ट्रीय ग्रामीण पेयजल कार्यक्रम, राष्ट्रीय जल जीवन मिशन, प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना, डिजीटल भारत भू-अभिलेख आधुनिकीकरण कार्यक्रम, दीनदयाल उपाध्याय ग्राम ज्योति योजना, श्यामा प्रसाद मुखर्जी राष्ट्रीय रूर्बन एवं अर्बन मिशन, राष्ट्रीय विरासत शहर विकास और वृद्धि योजना, अटल मिशन रिजूवेशन एंड अर्बन ट्रांसफोर्मेशन, स्मार्ट सिटि मिशन, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना, राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन एवं सर्व शिक्षा अभियान सहित 42 विभिन्न योजनाओं की समीक्षा की जाएगी।
बैठक में सांसद लोकसभा क्षेत्र बिलासपुर अरूण साव, मरवाही विधायक डॉ. के के धु्रव, कोटा विधायक डॉ. रेणु जोगी, अध्यक्ष जिला पंचायत बिलासपुर अरुण सिंह चौहान, अध्यक्ष जनपद पंचायत गौरेला ममता पैकरा, अध्यक्ष जनपद पंचायत पेंड्रा आशा बबलु मरावी, अध्यक्ष जनपद पंचायत मरवाही प्रताप सिंह मरावी, अध्यक्ष नगर पंचायत गौरेला गंगोत्री राठौर, अध्यक्ष नगर पंचायत पेंड्रा राकेश जालान, प्रतिष्ठित गैर सरकारी संगठन के सदस्य कौशल्या ओटावी, अनुसूचित जनजाति प्रतिनिधि पवन सिंह नागेश, अनुसूचित जाति के प्रतिनिधि नवल लहरे एवं पोस्ट पेंड्रा महिला प्रतिनिधि श्वेता मिश्रा सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहेंगे। कलेक्टर सुश्री ऋचा प्रकाश चौधरी ने संबंधित विभाग प्रमुखों को अद्यतन जानकारी के साथ बैठक में उपस्थित होने कहा है।
 

 K.W.N.S.-बिलासपुर। बिलासपुर में चोरों ने महिला टीचर के घर से लाखों रुपए की चोरी कर ली है। टीचर अपने परिवार के साथ कुछ दिन पहले शादी समारोह में शामिल होने गई थीं। इसके बाद जब वह लौटी तो पता चला है कि उनके घर से कैश और गहने गायब हैं। मामला तोरवा थाना क्षेत्र का है। जानकारी के मुताबिक देवरीखुर्द के आदर्श नगर में रहने वाली रजनी चौहान (36) शिक्षिका हैं। वे यहां पर किराए के मकान में अपनी मां और बेटी के साथ रहती हैं। बताया गया है कि वह 10 दिसंबर को मकान में ताला लगाकर शादी कार्यक्रम में शामिल होने बनारस गई थीं। इसके बाद रविवार सुबह जब वह अपने परिवार के साथ लौटीं तो उन्होंने देखा कि घर का ताला टूटा हुआ है। अंदर आलमारी में रखे कैश और जेवर गायब हैं। कुल मिलाकर लाखों रुपए की चोरी घर से हुई थी। जिसके बाद उन्होंने पुलिस से शिकायत की है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ धारा 380 और 457 के तहत केस दर्ज किया है।
 

K.W.N.S.-कोरबा। जिले के सरहदी थाना श्यांग के खिसलारीपारा में शराब के लिए पैसे नहीं दिए तो पति ने पत्नी के साथ विवाद किया. इतना ही नहीं टांगी से पत्नी पर हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया. घटना के बाद आरोपी पति फरार हो गया था, जिसे पुलिस ने जंगल से धरदबोचा. आरोपी 38 वर्षीय प्रफुल यादव उसकी पत्नी 35 वर्षीय लगनमती और उसका 16 वर्षीय बेटा रामकुमार यादव रविवार की रात 7 बजे खाना खाकर घर में बैठे थे. रामकुमार घर के पास मंडी में सोने चला गया. उसके बाद आरोपी प्रफुल ने अपनी पत्नी लगनमती से शराब पीने के नाम पर पैसे की मांग करने लगा, इसका लगनमती ने विरोध किया. मना करने लगी कि पहले से इतना पी रखे हो और कितना पिओगे, मेरे पास पैसे नहीं है।
पत्नी की बात से आरोपी प्रफुल को गुस्सा आ गया और घर के देव स्थल पर रखे टांगी से उस पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया. लगनमती की चीख पुकार सुनकर पड़ोस में रहने वाला आरोपी का भाई बड़ा भाई अर्जुन यादव और उसकी पत्नी पहुंचे, जिसे देख प्रफुल फरार हो गया. फिर 112 की मदद से तत्काल लगनमती को जिला अस्पताल लाया गया, जहां उसका उपचार जारी है. घटना की सूचना पर श्यांग चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और घटनाक्रम की जानकारी लेते आरोपी की पतासाजी में जुट गई. देर रात घेराबंदी कर गांव के पास जंगल में आरोपी को धरदबोचा. श्याम थाना प्रभारी अभय बैस ने बताया कि आरोपी को पकड़ लिया गया है. पूछताछ में शराब के लिए पैसे नहीं देने पर टांगी से हमला करना बताया है. आरोपी को जेल भेजने की कार्यवाही की जा रही है।
 

K.W.N.S.-जांजगीर-चांपा। जिले के शिवरीनारायण थाना क्षेत्र में 24 घंटे के अंदर अलग-अलग जगहों पर दो लाश मिली है। दोनों ही शवों के मामले में पुलिस ने हत्या की आशंका जताई है। पहला मामला ग्राम पंचायत धरदेई का है, जहां युवक विकास पटेल (30 वर्ष) का शव उसके घर की सीढ़ी के पास संदिग्ध हालत में मिला है। वहीं दूसरा मामला ग्राम तनोद का है, जहां कुएं से एक बुजुर्ग की लाश मिली है। ग्राम धरदेई में युवक विकास पटेल का शव सीढ़ी के नीचे औंधा पड़ा हुआ मिला। घटना की सूचना मृतक के चाचा ने पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवाया। पुलिस ने कहा कि मामला शुरुआती जांच में हत्या का लग रहा है। फिलहाल परिवारवालों और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है। 
 शिवरीनारायण पुलिस जांच में डॉग स्क्वॉड और फॉरेंसिक एक्सपर्ट की भी मदद ले रही है। घर के अन्य हिस्सों में भी खून के निशान मिले हैं, जिनके सैंपल जांच के लिए लिए गए हैं। जानकारी के अनुसार, विकास पटेल धरदेई स्थित अपने घर में अकेले रहता था। पड़ोस में उसके चाचा विनोद पटेल अपने परिवार के साथ रहते हैं। वहीं मृतक के पिता पुरुषोत्तम पटेल शहडोल में SECL कर्मचारी हैं। इसलिए विकास के माता-पिता दोनों शहडोल में ही रहते हैं।
 

 K.W.N.S.-बिलासपुर। संचालनालय रोजगार एवं प्रशिक्षण, रायपुर के निर्देशानुसार प्रमुख सचिव, कौशल विकास, तकनीकी शिक्षा एवं रोजगार विभाग के आदेशानुसार 20 दिसम्बर 2022 को मॉडल आईटीआई कोनी, लाईवलीहुड कॉलेज, निपनिया, बिल्हा एवं गर्ल्स पॉलिटेक्निक कॉलेज, कोनी, बिलासपुर में मेगा रोजगार मेला का आयोजन जिला प्रशासन, बिलासपुर के सहयोग से होना है। इन तीनों स्थलों के लिये कुल 132 निजी नियोजकों द्वारा 46,616 पदों पर भर्ती की कार्यवाही की जावेगी, जिसमें लगभग 8,500 आवेदकों के सम्मिलित होने की संभावना है। मॉडल आईटीआई, कोनी में 39, लाईवलीहुड कॉलेज, निपनिया, बिल्हा में 43 तथा गर्ल्स पॉलिटेक्निक कॉलेज, कोनी में 50 निजी नियोजक उपस्थित होकर क्रमशः 12,842, 16,463 एवं 17027 पदों पर भर्ती की कार्यवाही की जावेगी। इन पदों के लिये शैक्षणिक योग्यता कक्षा 8वीं से ऊपर कोई भी है तथा वेतन 8,000 से 45,000 रहेगा। इस मेला में वे सभी शिक्षित बेरोजगार युवक/युवती सम्मिलित होंगे जिन्होंने प्रस्तावित मेला रायपुर हेतु ऑनलाईन पंजीयन कराया है। ये सभी आवेदक 20 दिसम्बर को प्रातः 10.00 से दोपहर 2.00 बजे तक किसी भी मेला स्थल पर अपने शैक्षणिक प्रमाण पत्रों, आधार कार्ड, पेन कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस और पासपोर्ट साईज फोटो के साथ उपस्थित हो सकते हैं।
 

 K.W.N.S.-कोरबा। कोरबा जिले के सीतामढ़ी शनि मंदिर के पास बेल पेड़ पर मधुमक्खी का छत्ता था, जिस पर एक चील ने हमला कर दिया, जिससे मधुमक्खियों ने चील सहित शनि मंदिर के पास से आने जाने वाले लोगों पर हमला कर दिया। राहगीरों ने इधर-उधर भाग कर जान बचायी। कुछ लोगों ने नहर में छलांग लगा दी। मधुमक्खियों के हमले से लगभग एक दर्जन लोग घायल हो गए। इस राह से गुजरने वाले एक के बाद एक राहगीर मधुमक्खी के हमले का शिकार होते गए। इस बीच लोगों को समझ में नहीं आ रहा था कि आखिर मधुमक्खी कहां से आ रही है और उनका छत्ता कहां है, जो भी शनि मंदिर मुख्य मार्ग से गुजरता वह मधुमक्खी के हमले का शिकार हो रहा था। इस बीच उस रास्ते से आना जाना कुछ घंटे के लिए बंद रहा, फिर भी मधुमक्खियां कई घंटे तक आतंक मचाती रहीं । 
 कुछ लोगों ने मधुमक्खी के हमले से बचने नहर में कूद गए, कुछ लोग बाइक छोड़कर आसपास किसी दूसरे के घरों में छुपने लगे। उस रास्ते से गुजर रहे रमेश कुमार ने बताया कि शनि मंदिर के सामने फेरी लगाकर कपड़ा बेच रहा था, तभी उस पर मधुमक्खियों ने हमल कर दिया। वह मोटरसाइकिल छोड़ मधुमक्खी से बचने नहर में छलांग लगा दी। कुछ दूर जाने के बाद मधुमक्खियों ने उसका पीछा छोड़ा। इसके बाद वे नहर से बाहर निकले और इलाज कराने अस्पताल की ओर रवाना हुआ।
 

 K.W.N.S.-कोरबा। जिले में पदस्थ शासकीय सेवकों के लिए आवास आबंटन की समस्याओं और आवास अनुपलब्धता की परेशानी को दूर करने के लिए कलेक्टर श्री संजीव झा ने जिले के अधिकारी-कर्मचारियों के हित में बड़ा फैसला लिया है। सार्वजनिक क्षेत्र की इकाईयों के नजदीक पदस्थ शासकीय सेवकों को सार्वजनिक उपक्रमों के खाली आवास आबंटित किये जायेंगे। दूरस्थ क्षेत्रों के लिए संबंधित एसडीएम और कोरबा क्षेत्र के लिए अपर कलेक्टर और एसडीएम कोरबा शासकीय सेवकों को आवास का आबंटन करने सार्वजनिक क्षेत्र की इकाईयों को निर्देशित कर सकेंगे। कर्मचारी हित में लिए इस निर्णय पर अधिकारी-कर्मचारियों ने कलेक्टर झा का आभार जताया। कलेक्टर झा की अध्यक्षता में कलेक्टोरेट सभा कक्ष में आज संयुक्त विभागीय परामर्शदात्री समिति की बैठक आयोजित हुई। बैठक में शिक्षा, स्वास्थ्य, वन और राजस्व विभागों के अधिकारी-कर्मचारी संगठन के सदस्यगण शामिल हुए। बैठक में संगठनों के सदस्यों ने सेवा से संबंधित विभिन्न समस्याओं, सुझावों और मार्गदर्शन हेतु कलेक्टर झा के समक्ष अपने सुझाव रखे। कलेक्टर झा ने सदस्यों की सुझावों और समस्याओं को गंभीरता पूर्वक सुनने के पश्चात् निराकरण के लिए आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश बैठक में मौजूद अधिकारियों को दिए। बैठक के दौरान कलेक्टर श्री झा ने कहा कि संवेदनशीलता के साथ अपने शासकीय दायित्वों का निर्वहन की जाए। अधिकारी-कर्मचारियों की जनता के प्रति किये जाने वाले अच्छे कार्यों से ही शासन की छवि बनती है। 
उन्होंने मौजूद शासकीय सेवकों को नागरिकों को शासकीय योजनाओं से लाभान्वित करने के लिए निष्ठा पूर्वक शासकीय दायित्वों का निर्वहन करने को कहा। बैठक में कलेक्टर श्री झा ने अधिकारी-कर्मचारियों के स्वास्थ्य जांच के लिए हेल्थ कैम्प लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को इसके लिए जरूरी कार्ययोजना बनाने को कहा। कैम्प में शुगर, बीपी और अन्य स्वास्थ्य जांच तथा जरूरी परामर्श विशेषज्ञ डॉक्टरों द्वारा दी जायेगी। बैठक में अपर कलेक्टर श्री विजेंद्र पाटले, संयुक्त कलेक्टर श्री शिव बनर्जी, जिला शिक्षा अधिकारी श्री जी. पी. भारद्वाज, सहायक आयुक्त आदिवासी विकास विभाग श्रीमती माया वॉरियर सहित अन्य अधिकारी और परामर्शदात्री समिति के सदस्यगण मौजूद रहे। 
 शुरू परामर्शदात्री समिति की बैठक में कलेक्टर श्री झा ने सभी विभागीय प्रमुखों को अपने अधिकारी-कर्मचारियों का पहचान पत्र जारी करने के निर्देश दिये। साथ ही शासकीय सेवकों के रिटायरमेंट के समय कार्यालयीन कार्यवाही में विलंब की स्थिति निर्मित न हो इसके लिए सेवानिवृत्ति के तीन-चार माह पहले ही आवश्यक प्रक्रिया शुरू करने के निर्देश दिए। जिससे कर्मचारी को रिटायरमेंट के समय कोई परेशानी न हो। कलेक्टर श्री झा ने सभी अधिकारी-कर्मचारियों को रिटायरमेंट के समय विभागीय प्रशस्ति पत्र भी प्रदान करने के निर्देश दिये। इसके लिए जरूरी फॉर्मेट बनाने और निर्देश का पालन सुनिश्चित करने आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए। बैठक में कलेक्टर ने अभी तक विभागीय कौशल परीक्षा से वंचित अधिकारी कर्मचारियों के कौशल परीक्षा आयोजित करने के भी निर्देश दिए। जिससे पदोन्नति और क्रमोन्नति में आसानी हो। साथ ही सभी कार्यालयों में सेवा पुस्तिका नियमित तौर पर अद्यतन करने के भी निर्देश दिए। इसके लिए जिला स्तर पर वर्कशॉप भी आयोजित करने को कहा। वर्कशॉप में स्थापना शाखा के लिपिकों को शामिल कर टीडीएस फॉर्म 16 और सर्विस बुक अद्यतन करने की जानकारी दी जायेगी। वर्कशॉप के लिए जरूरी प्लानिंग करने के निर्देश जिला कोषालय अधिकारी को दिए।