Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.
Browsing: बिलासपुर

K.W.N.S.-बिलासपुर। छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट ने आईपीएस मुकेश गुप्ता की पदोन्नति निरस्त करने के राज्य सरकार के फैसले को सही ठहराया है। सरकार ने कैट और सिंगल बेंच के आदेश को डबल बेंच में चुनौती दी थी। इस महीने की शुरूआत में चीफ जस्टिस की डबल बेंच ने अंतिम सुनवाई के बाद इस मामले में फैसला सुरक्षित रखा था। ज्ञात हो कि आर्थिक अनियमितताओं के आरोप में पिछले तीन साल से मुकेश गुप्ता निलंबित चल रहे हैं। पूर्व में भाजपा शासनकाल के दौरान सन् 2018 में उन्हें पदोन्नत कर अतिरिक्त महानिदेशक से महानिदेशक बना दिया गया था। इसके बाद कांग्रेस की सरकार बनने के बाद शिकायतों को आधार बनाकर उन्हें निलंबित कर दिया गया था। उनके विरुद्ध आपराधिक प्रकरण भी दर्ज किए गए थे। इसके अलावा सरकार ने 26 सितंबर 2019 को उनकी पदोन्नति का आदेश निरस्त कर दिया। पदोन्नति निरस्त करने के खिलाफ गुप्ता ने केंद्रीय प्रशासनिक ट्रिब्यूनल (कैट) में अपील की थी। कैट ने उनके पक्ष में निर्णय दिया था और पदोन्नति निरस्त करने के आदेश को रद्द कर दिया।
कैट के आदेश के खिलाफ छत्तीसगढ़ सरकार ने हाईकोर्ट में अपील की थी, जिसकी सिंगल बेंच में सुनवाई हुई। बेंच ने मुकेश गुप्ता के पक्ष में आदेश देते हुए कैट के आदेश को सही ठहराया। राज्य सरकार ने सिंगल बेंच के आदेश के खिलाफ डिवीजन बेंच में अपील की। डिवीजन बेंच ने सुनवाई के दौरान कैट के आदेश पर स्थगन दे दिया था। इसमें दोनों पक्षों की सुनवाई 6 सितंबर को पूरी होने के बाद डिवीजन बेंच ने फैसला सुरक्षित रख लिया था। आज कोर्ट ने इस पर आदेश जारी किया और कैट के आदेश को निरस्त करते हुए राज्य शासन के पक्ष में फैसला दिया।

K.W.N.S.-जांजगीर। जिले के नैला क्षेत्र के पाली के एग्रीकल्चर छात्र अभिषेक पाल ने मिसाल कायम किया है और कृषि में पढ़ाई के साथ केले की खेती करके हर साल लाखों रुपये कमा रहा है। अभिषेक के प्रयास की कृषि वैज्ञानिक और स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने भी तारीफ की है। रायगढ़ के एग्रीकल्चर कॉलेज के छात्र अभिषेक पाल ने अपने गांव पाली में 1 एकड़ में केले की खेती की है। दरअसल, कोरोना काल में जब ऑनलाइन पढ़ाई हो रही थी, तब अभिषेक ने कुछ अलग करने का सोचा और घर पर रहकर पढ़ाई के साथ केले की खेती शुरू की। अभिषेक की कोशिश ने रंग लाया और पिछले 3 साल में केले की खेती से अभिषेक को लाखों की आय भी हुई है।
यही वजह है कि युवा और एग्रीकल्चर छात्र ने अब केले की खेती का रकबा बढ़ाने का मन बनाया है और गांव में ही दूसरी जगह पर भी खेती की तैयारी की जा रही है। जिस तरह अभी युवा खेती से दूर हो रहे हैं, वहीं अभिषेक पाल ने एग्रीकल्चर के छात्र होने के साथ ही खेती में रुचि दिखाया है और आमदनी में अर्जित कर रहा है। निश्चित ही युवाओं को अभिषेक पाल ने संदेश देने का बड़ा प्रयास किया है। अभिषेक के दोस्तों के साथ ही कृषि वैज्ञानिक और स्थानीय जनप्रतिधि ने भी केले खेती करने की तारीफ की है और दूसरे युवाओं के लिए मिसाल बताया है। युवा कृषक अभिषेक पाल का कहना है कि रायगढ़ एग्रीकल्चर कॉलेज के प्राचार्य संजय कुमार सिंह का काफी मार्गदर्शन मिला है, उन्होंने हमेशा प्रोत्साहित किया है। स्थानीय कृषि वैज्ञानिकों के भी वह सम्पर्क में रहा है और अब आगे ज्यादा एरिया में केले की खेती करने की प्लानिंग की है।

K.W.N.S.-कोरबा। जिला पुलिस कोरबा द्वारा अवैध नशे के विरुद्ध चलाए जा रहे *निजात* अभियान के अंतर्गत लगातार कार्यवाही किया जा रहा है। इसी क्रम में एसपी संतोष सिंह द्वारा सार्वजनिक स्थानों पर धूम्रपान करने, शासन द्वारा जारी निर्देशों का उल्लंघन कर स्कूल कॉलेज परिसर के आसपास तंबाकू, बीड़ी, सिगरेट आदि बिक्री करने वालों के विरुद्ध सिगरेट और अन्य तंबाकू उत्पाद अधिनियम (कोटपा एक्ट) के तहत कार्यवाही हेतु अभियान चलाने के निर्देश दिए गए थे। कोरबा पुलिस द्वारा तीन दिवस का विशेष अभियान चलाकर कोटपा एक्ट के अंतर्गत 152 प्रकरण कायम किया गया है। इस अधिनियम का उल्लंघन करने के आरोप में 152 व्यक्तियों के विरुद्ध कार्यवाही कर 30 हजार से ज्यादा जुर्माना वसूला गया है। सभी थाना, चौकी प्रभारियों को निर्देशित किया गया है कि स्कूल कॉलेज परिसर के सौ मीटर की परिधि में धूम्रपान एवं तंबाकू ,बीड़ी सिगरेट आदि के बिक्री पर पूर्णतः प्रतिबंध लगाया जाए । निजात अभियान के अंतर्गत जिले में अवैध शराब, नारकोटिक्स, ड्रग्स व सहित अवैध नशे के विरुद्ध लगातार कार्यवाहियों से अवैध नशे के व्यापारियों में हड़कंप मचा है और जागरूकता अभियान से लोग नशे से दूर होने के लिए प्रेरित हो रहे हैं।


K.W.N.S.- जांजगीर। जांजगीर में दुष्कर्म के हाईप्रोफाइल केस में पुलिस के हाथ अब तक खाली हैं। आरोपी अभिषेक अग्रवाल की 3 माह बाद भी गिरफ्तारी नहीं कर सकी है। युवक ने नाबालिग लड़की का गर्भपात कराया था और उसके चाचा मोहन अग्रवाल ने छेड़छाड़ की थी। आरोपी मोहन अग्रवाल को अग्रिम जमानत मिल गई है। वहीं आरोपी अभिषेक अग्रवाल 3 माह से फरार है। सवाल उठ रहे हैं कि हाईप्रोफाइल मामले में पुलिस के लंबे हाथ छोटे क्यों पड़ रहे हैं ? केस दर्ज होने के बाद पीड़िता और उसके परिवार को धमकी दी जा रही है और युवक के परिजन के द्वारा परेशान किया जा रहा है। केस वापस लेने धमकी दी जा रही है और ऐसा नहीं करने पर पीड़िता, उसके परिवार वालों को जान से मारने की धमकी दी जा रही हैं। मामले में एसपी विजय अग्रवाल का कहना है कि आरोपी युवक अभिषेक अग्रवाल को पकड़ने कई जगह पुलिस टीम ने दबिश दी है, लेकिन आरोपी युवक का पता नहीं चल सका है। आरोपी युवक अभिषेक अग्रवाल पर इनाम भी घोषित किया गया है और बिलासपुर आईजी को इनाम की राशि बढ़ाने प्रतिवेदन भी भेजा गया है।
साथ ही, सम्पत्ति की कुर्की के लिए जानकारी जुटाई जा रही है। पीड़िता ने बताया है कि जब 17 साल की थी तो राज स्टील के संचालक रमेश अग्रवाल के बेटे अभिषेक अग्रवाल ने उससे दुष्कर्म किया और उसके अश्लील फोटो, वीडियो बना लिया था। इसके बाद, उसे ब्लेकमेल करके बार-बार दो-ढाई साल से दुष्कर्म करता रहा। इस बीच वह प्रेग्नेंट हो गई थी तो जबरन दवा खिलाकर उसका गर्भपात करा दिया था। जब युवक अभिषेक अग्रवाल के परिवार को पीड़िता ने बताया तो युवक के चाचा मोहन अग्रवाल ने उससे छेड़छाड़ की और दुर्व्यवहार किया था। घर में बताने पर युवक अभिषेक अग्रवाल ने अश्लील फोटो, वीडियो वायरल करने और उसके परिवार वालों को बदनाम करने की धमकी दी थी।
इस बीच पीड़िता अचानक घर से गायब हो गई थी और अकेली रायपुर पहुंच गई थी। वहां से जब परिजन उसे लेकर आए तो युवक अभिषेक अग्रवाल की करतूत की पोल खुली थी। फिर पीड़िता ने परिजन के साथ पहुंचकर सिटी कोतवाली थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी, जिसके बाद पुलिस ने आरोपी युवक अभिषेक अग्रवाल के खिलाफ आईपीसी की धारा 376, पॉक्सो एक्ट के तहत जुर्म दर्ज किया था। वहीं उसके चाचा मोहन अग्रवाल के खिलाफ धारा 354 के तहत जुर्म दर्ज किया था। मामले में आरोपी चाचा मोहन अग्रवाल को अग्रिम जमानत मिल गई है, लेकिन आरोपी युवक अभिषेक अग्रवाल फरार है और एफआईआर के 3 माह बाद भी आरोपी युवक को नहीं पकड़ सकी है। इस हाईप्रोफाइल रेप केस में आरोपी युवक अभिषेक अग्रवाल को पकड़ने पुलिस के लंबे हाथ छोटे पड़ रहे हैं। पुलिस का दावा है कि आरोपी युवक की गिरफ्तारी करने लगातार प्रयास किया जा रहा हा, लेकिन जिस तरह यह हाईप्रोफाइल मामला है और आरोपी युवक के परिजन रसूखदार हैं, इसके बाद आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हो रही है।

K.W.N.S.- जांजगीर-चांपा। कार्यालय जिला एवं सत्र न्यायाधीश, जांजगीर-चांपा के द्वारा आकस्मिकता निधि से वेतन प्राप्त करने वाले कर्मचारी चौकीदार/जलवाहक/स्वीपर के पद हेतु आवेदन पत्र आमंत्रित किया गया था, जो आवेदन प्राप्त हुए है उनमें से जिन अभ्यर्थियों द्वारा एक से अधिक पद के लिए आवेदन प्रस्तुत किया गया है. उनकी सूची कार्यालय द्वारा जारी कर कार्यालय के वेबसाइट पर अपलोड किया गया है एवं संबंधित अभ्यर्थियों को पृथक से सूचना पर भी जारी कर 14 अक्टूबर तक कार्यालयीन समय तक डाक द्वारा या व्यक्तिगत तौर पर कार्यालय में उपस्थित होकर लिखित रूप से स्पष्ट करें कि उसके द्वारा किस पद हेतु आवेदन किया गया है। उक्त अवधि तक तक स्पष्ट नहीं किए जाने की स्थिति में भर्ती कमेटी के अनुशंसा के आधार पर किसी एक पद के लिए मान्य माना जाएगा।

K.W.N.S.-गौरेला- पेंड्रा- मरवाही। पुलिस अधीक्षक आई० कल्याण एलेसेला के निर्देशान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अर्चना झा अनुविभागीय अधिकारी पुलिस अशोक वाडेगांवकर के नेतृत्व में जीपीएम पुलिस स्टाफ द्वारा जिले के मुख्य चौक-चौराहों,मार्गो एवं रेलवे स्टेशन पर कॉम्बिंग गस्त की गई। आने जाने वाले, रात्रि में बेवजह घूमने वाले सभी संदिग्धों की चेकिंग की गई, रेलवे स्टेशन में आने जाने वाले लोगो की भी चेकिंग की गई।
गौरेला पेंड्रा शहर मरवाही में भी चेकिंग पॉइंटस लगाकर वाहन से आने जाने वाले संदिग्धों की चेकिंग की गई। एवं आगामी त्योहार को देखते हुए पूरे क्षेत्र जिला जीपीएम पुलिस द्वारा यह रात्रि भ्रमण किया गया। कांबिंग गश्त में थाना प्रभारी गौरेला युवराज तिवारी,थाना प्रभारी मरवाही अनिल अग्रवाल,थाना प्रभारी पेंड्रा धर्म नारायण तिवारी,रक्षित निरीक्षक रामप्रसाद पैकरा,सूबेदार विकास नारंग,सहित जिला पुलिस बल के स्टाफ उपस्थित रहे।

K.W.N.S.-कोरबा। पुलिस अधीक्षक द्वारा अवैध नशे के विरुद्ध चलाए जा रहे ” निजात ” अभियान के तहत दिनांक 23.09.22 को रामलीला मैदान बालकोनगर में बाईक रैली का आयोजन किया गया जिसमें मुख्य अतिथि संतोष सिंह , पुलिस अधीक्षक कोरबा , अध्यक्षता , अभिषेक वर्मा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विशेष अतिथि हरीनंदन शर्मा , प्रबंधक बालको कम्पनी , योगेश साहू नगर पुलिस अधीक्षक कोरबा की उपस्थिति में निजात कार्यक्रम के संबंध में जागरूकता हेतु बाईक रैली निकाला गया। रैली को संबोधित करते हुए संतोष सिंह ने कहा की निजात अभियान को पूरे ज़िला में सभी लोगों के प्रयास से सफल बना सकते है , नशा एक सामाजिक बुराई है , जिसे मिलकर प्रयास करे तो समाप्त किया जा सकता है , सभी धार्मिक , सामाजिक संगठन से लेकर गांव गांव तक निजात अभियान को लेकर जाना है , कुछ लोगों को नशा से निजात मिल जाये जिससे परिवार खुशहाल हो तो हमारा प्रयास सफल रहेगा । उपरोक्त अतिथियों के द्वारा रामलीला मैदान बालकोनगर में 1000 मोटर सायकल , 50 आटो रिक्शा , झांकी , पंथी , कर्मा नृत्य , सांस्कृतिक नृत्य , नाटक नुक्कड़ , को झण्डा दिखाकर रवाना किये जिसमें बालको थाना प्रभारी विजय चेलक एवं टीम द्वारा कुशल नेतृत्व में विशाल बाईक रैली आयोजन किया। इस कार्यक्रम में समाजसेवी अनिल द्रिवेदी , इंटक नेता जय यादव, सुमन्त सिंह , पवन शर्मा , प्रफुल तिवारी, पप्पू खान , राजीव शर्मा , प्रभाकर राव , नरसिम्हा राव सहित गणमान्य नागरिक शामिल हुए। बाईक रैली बालको से प्रारंभ होकर आईटीआई चौक- कोसाबाड़ी – निहारिका – घण्टाघर – बुधवारी बाज़ार – cseb चौक – टी पी नगर चौक – सोनालिया चौक – पुराना बस स्टेंड – सीतामढ़ी कोरबा में समापन हुआ।

K.W.N.S.-गौरेला पेंड्रा मरवाही। अनुविभागीय अधिकारी राजस्व पेंड्रा रोड पुष्पेंद्र ने आज बस स्टैंड गौरेला एवं पेंड्रा के सुगम संचालन हेतु सभी बस मालिकों की बैठक जनपद पंचायत के सभा कक्ष पेंड्रा रोड में ली। बैठक में एसडीओपी अशोक वाडेकर , जिला परिवहन अधिकारी विवेक सिंह सहित थाना प्रभारी गौरेला, थाना प्रभारी पेंड्रा, उप निरीक्षक यातायात, मुख्य नगर पालिका अधिकारी पेंड्रा एवं नगर पंचायत उपाध्यक्ष उपस्थित थे। बैठक में एसडीएम द्वारा जिले की बस स्टैंडो को निष्क्रिय बताते हुए कहा कि बस स्टैंड बने काफ़ी वर्ष बीत चुके है फिर बसों का संचालन बस स्टैंड के बजाय शहर के चौक चौराहों से यात्रियों को सवार करना एवं उतारा जाता है।
बस ड्राइवरो द्वारा दुर्गा चौक , संजय चौक , ज्योति चौक जैसे अनेक जगहो पर बसों को लम्बे अवधि तक यात्री उतारने और चढ़ाने के लिए खड़ा किया जाता है, जिससे यातायात बाधित होता है। गौरेल्ला एवं पेंड्रा बस स्टैंड सक्रिय होने बावजूद भी बस ड्राइवरों द्वारा आवश्यकता अनुरूप बस स्टैंड का उपयोग नहीं किया जा रहा है। उन्होंने गौरेला एवं पेंड्रा बस स्टैंड से ही यात्रियों को बैठाने एवं उतरवाने हेतु बस मालिकों को निर्देशित किया है। उन्होंने कहा कि अन्यत्र स्थानो-गौरेला बस स्टैंड से संजय चौक, तहसील चौक आदि स्थानों पर यात्रियों को न उतारा जाएगा और नहीं बैठाया जाए। इसी तरह पेंड्रा बस स्टैंड से दुर्गा चौक यात्रियों को न उतारा जाएगा और ना ही बैठाया जाए। बैठक में बस मालिकों ने कहा कि पेंड्रा बस स्टैंड में सब्जी दुकानदारों द्वारा सब्जी दुकान लगाने से मालवाहक द्वारा वाहन मरम्मत हेतु बस स्टैंड में वाहन खड़ा कर दिया जाता है जिससे मार्ग अवरुद्ध हो जाता है ।
इस पर नगर पालिका अधिकारी पेंड्रा को निर्देश दिया गया है कि सब्जी मार्केट को अन्यत्र स्थानांतरित करें एवं बस स्टैंड में गैरेज होने के कारण ट्रैक्टर ,पिकअप, ऑटो,आदि वाहन अनावश्यक खड़ी ना हो इस पर भी कार्यवाही करे । साथ ही साथ बस स्टैंड की साफ सफाई , यात्रियों के लिए बस स्टैंड में उपयुक्त व्यवस्था करने के भी निर्देश दिए गये । सभी बस मालिकों को 7 अक्टूबर तक बसों का संचालन बस स्टैंड से करने और यात्रियों को सवार करने एवं उतरने की प्रक्रिया को सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। बैठक में जयश्री बस ट्रेवल्स , पुष्पराज बस ट्रेवल्स, पंकज ट्रैवल्स , जयसवाल बस ट्रेवल्स , गुप्ता बस ट्रेवल्स , अग्रवाल बस ट्रैवल्स के मालिक उपस्थित थे।

K.W.N.S.-बिलासपुर। शासन के प्रावधान के अनुरूप दुष्कर्म पीडि़ता को मुआवजे की राशि नहीं मिलने पर हाई कोर्ट में याचिका दायर की गई है। जिले की नाबालिग लडक़ी के साथ एक युवक ने दुष्कर्म किया। उसने शादी का झांसा दिया बाद में मुकर गया था। नाबालिग ने इसके बाद एफआईआर दर्ज कराई। पीडि़ता की ओर से मुआवजे के लिए जिला प्रशासन के समक्ष आवेदन किया गया था, जिसे निरस्त कर दिया गया। इस आदेश के खिलाफ नाबालिग पीडि़ता ने हाईकोर्ट में याचिका दायर कर मुआवजे की मांग की है। कोर्ट ने इस मामले में कुछ अन्य लोगों को भी पक्षकार बनाने के लिए कहा है। इसके बाद मामले की सुनवाई की जाएगी।

K.W.N.S.-जांजगीर-चांपा। जिले में सोमवार सुबह एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर चालक ने बाइक सवार युवक को अपनी चपेट में ले लिया। एक्सीडेंट में युवक की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा जांजगीर थाना क्षेत्र के ग्राम सुकली में हुई। सिटी कोतवाली थाना प्रभारी उमेश साहू ने बताया कि मरने वाले युवक का नाम हीरानंद श्रीवास (25 वर्ष) है, जो पचेड़ा का रहने वाला था। वो अपनी बाइक में पेट्रोल डलवाने के लिए वहां से जांजगीर आया हुआ था, लेकिन सुकली के आरा मिल के पास गिट्टी से लदे ट्रैक्टर ने उसकी गाड़ी को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में युवक का सिर बुरी तरह कुचल गया। थाना प्रभारी उमेश साहू ने कहा कि हादसे के बाद आरोपी ड्राइवर ट्रैक्टर छोड़कर फरार हो गया है, जिसकी तलाश की जा रही है। ट्रैक्टर को जब्त कर लिया गया है। वहीं युवक के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है। उन्होंने कहा कि युवक मजदूरी करता था।