Browsing: बिलासपुर

 
 panchayattantra24.-लोरमी। सुदूर वनांचल की कठिन परिस्थितियों में रहने वाली रोशनी बैगा की जिंदगी अब अंधेरी दुनिया से बाहर निकलकर रोशनी से जगमग हो उठी है। कक्षा 6वीं की यह छात्रा, जो कस्तूरबा गांधी कन्या आवासीय छात्रावास, लोरमी में पढ़ाई करती है, चिरायु योजना की समय पर पहल और चिकित्सा दल के अथक प्रयासों से आज एक नई सुबह देख रही है। छात्रावास में चिरायु दल–बी द्वारा किए गए नियमित स्वास्थ्य परीक्षण के दौरान रोशनी के हृदय में गंभीर समस्या का पता चला। जानकारी मिलते ही हॉस्टल अधीक्षिका ने उसके पिता शिवप्रसाद बैगा से संपर्क साधा और इलाज की प्रक्रिया समझाई। शुरुआत में संकोच और अनिश्चितता जरूर थी, लेकिन परिजनों की सहमति के बाद बच्ची को सत्य साईं हॉस्पिटल ले जाया गया। वहां विशेषज्ञों ने ऑपरेशन की सलाह दी और तय दिन पर भर्ती कर एक सप्ताह से अधिक चले उपचार के बाद रोशनी स्वस्थ होकर घर लौटी। 
इलाज की पूरी प्रक्रिया और अनुभव को रोशनी के पिता और मामा ने वीडियो संदेश के माध्यम से साझा किया। उन्होंने शासन, स्वास्थ्य विभाग और चिरायु दल के प्रति गहरी कृतज्ञता प्रकट की। उनका कहना था कि यह योजना उनके लिए किसी वरदान से कम नहीं। ज्ञात हो कि बैगा जनजाति के इस सुदूर क्षेत्र तक पहुंचना आसान नहीं था। चिरायु दल–बी को कई बार प्रयास करने पड़े, तब जाकर परिवार से संपर्क और विश्वास कायम हो पाया। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. शीला शाहा और जिला कार्यक्रम प्रबंधक (एनएचएम) गिरीश कुर्रे के मार्गदर्शन तथा समन्वित प्रयासों से यह उपचार निःशुल्क संभव हो सका। यह कहानी सिर्फ एक बच्ची की जान बचाने की नहीं, बल्कि यह विश्वास जगाने की भी है कि सही समय पर मिली चिकित्सा सुविधा और शासन की संवेदनशील योजनाएँ दूरस्थ वनांचलों तक भी आशा की किरण पहुँचा सकती हैं।
 

 

panchayattantra24.-बिलासपुर। सदर बाजार स्थित सती गोल्ड एंड डायमंड ज्वेलर्स में 26 सितंबर को दोपहर के समय चोरी की घटना हुई। दुकान से 19 ग्राम वजनी, लगभग 2 लाख 10 हजार रुपए मूल्य की सोने की चेन गायब हो गई। दुकान के संचालक उदित सोनी खपरगंज बोहरा मस्जिद के पास सोने-चांदी का व्यवसाय करते हैं। सोमवार को रोज की तरह ग्राहकी के बाद रात में जेवरात का मिलान किया गया तो चेन गायब थी। सुरक्षा कैमरा फुटेज में देखा गया कि दोपहर करीब 3 बजे एक व्यक्ति ग्राहक बनकर दुकान में आया था। वह दुकानदार का ध्यान भटकाकर चेन चुरा ले गया। अभी तक आरोपी की पहचान नहीं हो पाई है। दुकानदार ने चोरी के दो दिन बाद सोमवार को कोतवाली थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस फुटेज के आधार पर आरोपी की तलाश में जुटी हुई है और मामले की जांच जारी है।
 

 
 
 panchayattantra24.-बिलासपुर। बिलासपुर में दुर्गोत्सव की धूम है। यहां सेलिब्रिटिज के साथ गरबा-डांडिया शो के बाद आकर्षक पंडाल और झांकियां देखने के लिए भारी भीड़ जुट रही है। मसानगंज के नवयुवक दुर्गोत्सव समिति ने हर साल की तरह इस बार भी सबसे अलग गुपचुप थीम पर पंडाल सजाया है, जिसमें देवी मां गुपचुप पर विराजित हैं। वहीं, 5 लाख गुपचुप, चौकी-बेलन और कढ़ाई-झारा से पंडाल सजाया गया है। रेलवे परिक्षेत्र के कंस्ट्रक्शन कॉलोनी में रांची मेंटल हॉस्पिटल थीम का आकर्षक पंडाल बना है। 
नवरात्र पर्व के छठवें दिन से बिलासपुर में उत्सव का माहौल शुरू हो गया है। हालांकि, यहां प्रदेश के सबसे बड़े पंडाल आदर्श दुर्गोत्सव समिति गोंड़पारा में पहले दिन से मेला लग रहा है। रोज हजारों की संख्या में श्रद्धालु 25 फीट ऊंची देवी प्रतिमा का दर्शन करने पहुंच रहे हैं। आयोजन समिति ने इस आयोजन की भव्यता का प्रचार-प्रसार एक महीने से किया, जिसकी वजह से छत्तीसगढ़ में इसकी खूब चर्चा है। यही वजह है कि जिले के साथ ही प्रदेश भर से लोग इसकी भव्यता को देखने पहुंच रहे हैं। रविवार को नवरात्र पर्व पर सड़कों पर भीड़ का रेला लग गया। हर जगह जाम की स्थिति बनी रही। यातायात व्यवस्था बनाने में पुलिस के पसीने छूट गए। दोपहर से लेकर रात 3 बजे तक गोंड़पारा स्थित पंडाल में भीड़ लगी रही।
 

 
  panchayattantra24.-बिलासपुर. नवरात्र की षष्ठी तिथि पर बेलतरा विधायक सुशांत शुक्ला की ध्वजा यात्रा ने 200 किलोमीटर की दूरी पूरी कर समाप्त हुई. रविवार की रात यह यात्रा रतनपुर पहुंची, जहां मां महामाया के दर्शन कर इसका समापन हुआ. इस अवसर पर प्रदेश के वनमंत्री केदार कश्यप भी पदयात्रा में शामिल हुए और पदयात्रियों के साथ मंदिर में पूजा-अर्चना की. 
रविवार को यात्रा के छठवें दिन सेंदरी लोफंदी, अमतरा, पेंडरवा, रानीगांव और मदनपुर होते हुए रात आठ बजे रतनपुर के महामाया मंदिर पहुंची. वनमंत्री केदार कश्यप ध्वज यात्रा में शामिल होने विशेष रूप से पहुंचे. उन्होंने पदयात्रियों के साथ पैदल चलकर मंदिर में देवी का आशीर्वाद लिया. विधायक शुक्ला ने उन्हें चुनरी भेंट की. मंत्री कश्यप ने ध्वज यात्रा की सराहना करते हुए कहा कि नवरात्रि काल में पदयात्रा करना कठिन साधना है. मां महामाया देवी इस यात्रा से पूरे प्रदेश में सनातन संस्कृति की अविरल धारा प्रवाहित करें, यही कामना है. 
यात्रा के समापन पर विधायक शुक्ला ने कहा कि आदिशक्ति महामाया देवी प्रदेश और बेलतरा विधानसभा के सभी क्षेत्रवासियों को सुख-समृद्धि और दीर्घायु जीवन प्रदान करें. उन्होंने बताया कि लोगों के सहयोग से 171 किलोमीटर की यात्रा का संकल्प 200 किलोमीटर से अधिक पूरा हुआ. उन्होंने कहा कि विकसित बेलतरा का यह सुशासन रथ आगे भी क्षेत्र में विकास के रास्ते खोलता रहेगा.
 

panchayattantra24.-कोरबा। 14 वर्षीय छात्रा 109 दिनों से लापता है। उसकी मां ने पुलिस पर कार्रवाई न करने का आरोप लगाते हुए बेटी की तलाश की गुहार लगाई है। छात्रा के उत्तर प्रदेश के एक युवक के संपर्क में होने और उसके साथ जाने की आशंका जताई जा रही है। लापता छात्रा की मां साधना चौहान ने बताया कि वह खरमोर में अपने एक बेटे और बेटी के साथ रहती है। पति के छोड़ जाने के बाद वह मजदूरी और घरों में बर्तन धोकर बच्चों का पालन-पोषण करती हैं।
साधना की बेटी खरमोर स्थित आत्मानंद विद्यालय में कक्षा नौवीं की छात्रा है। वह मोबाइल के जरिए उत्तर प्रदेश के एक युवक के संपर्क में आई थी। मां के मना करने के बावजूद वह चोरी-छिपे उससे बात करती थी। लगभग चार महीने पहले, जब साधना बर्तन धोने गई थीं, तब उनकी बेटी घर से लापता हो गई। इस मामले में कोरबा सीएसपी भूषण एक्का ने बताया कि सिविल लाइन थाने में गुमशुदगी दर्ज की गई है और नाबालिग छात्रा की तलाश की जा रही है।
 

 

panchayattantra24.-बिलासपुर. हाईकोर्ट ने 2,621 बर्खास्त बीएड योग्य सहायक शिक्षकों को सहायक शिक्षक (विज्ञान/लैबोरेटरी) पद पर समायोजित करने के राज्य सरकार के फैसले को सही ठहराया है. मामले में जस्टिस रविंद्र कुमार अग्रवाल की सिंगल बेंच ने कहा, कि यह निर्णय न तो अवैध है और न ही मनमाना. बता दें कि जांजगीर चांपा निवासी संजय कुमार और मुंगेली निवासी विजय कश्यप ने अप्रैल 2025 में लिए गए सरकार के निर्णय को हाईकोर्ट में चुनौती दी थी . याचिका में कहा था कि छत्तीसगढ़ स्कूल शिक्षा सेवा भर्ती एवं पदोन्नति नियमों के तहत सहायक शिक्षक के पूरे पद सीधी भर्ती से भरे जाने हैं,लेकिन सरकार ने इन पदों पर बर्खास्त शिक्षकों को समायोजित कर नियमों का उल्लंघन किया है. 
सरकार की ओर से तर्क दिया गया कि 4422 रिक्त पदों में से 2621 बर्खास्त शिक्षकों को समायोजित किया,जो अप्रैल 2024 में हाईकोर्ट के आदेश से बर्खास्त हुए थे . ये तमाम शिक्षक बीएड धारक थे, लेकिन सुप्रीम कोर्ट के फैसले के बाद डीएड योग्यता जरूरी होने से उनकी सेवाएं समाप्त हुई . सभी दलीलों को सुनने के बाद हाई कोर्ट ने माना कि सरकार का यह कदम नियमों के अनुरूप है और इसमें कोई मनमानी नहीं है. इसलिए याचिका को खारिज कर राज्य सरकार के समायोजन फैसले को बरकरार रखा गया.
 

 
 panchayattantra24.-बिलासपुर। CM विष्णुदेव साय सेंदरी में आयोजित कार्यक्रम में शामिल हुए। जहां लोकार्पण एवं मेधावी छात्र अलंकरण व प्रांतीय संस्कृति महोत्सव उद्घाटन समारोह का आयोजन हो रहा है। यह भी पढ़े छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट की स्थापना के 25 साल पूरे हो गए है। इस अवसर पर शनिवार (27 सितंबर) को हाइकोर्ट परिसर में रजत जयंती समारोह आयोजित किया गया। राज्यपाल रामेन डेका और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कार्यक्रम में शिरकत की और न्यायिक महोत्सव का उद्घाटन किया। समारोह में शामिल हुए चीफ जस्टिस रमेश सिन्हा ने कहा कि छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट ने बीते 25 साल में ऐतिहासिक कामयाबी हासिल की है। इस बीच पेंडेसी को कम किया गया और आधारभूत संरचना में भी हमने बड़ी कामयाबी हासिल की है।
 

 

panchayattantra24.-बिलासपुर। छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट की स्थापना के 25 साल पूरे हो गए है। इस अवसर पर शनिवार (27 सितंबर) को हाइकोर्ट परिसर में रजत जयंती समारोह आयोजित किया गया। राज्यपाल रामेन डेका और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कार्यक्रम में शिरकत की और न्यायिक महोत्सव का उद्घाटन किया। समारोह में शामिल हुए चीफ जस्टिस रमेश सिन्हा ने कहा कि छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट ने बीते 25 साल में ऐतिहासिक कामयाबी हासिल की है। इस बीच पेंडेसी को कम किया गया और आधारभूत संरचना में भी हमने बड़ी कामयाबी हासिल की है। केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू ने कहा पिछले 25 साल में हमने न्याय को आम लोगों तक पहुंचाने में कामयाबी हासिल की है। देश की न्याय व्यवस्था के प्रति जनता की आस्था अटूट है। इसके साथ ही कार्यक्रम में तेलंगाना हाईकोर्ट के चीफ जस्टिस पी सैम कोशी, छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट के पूर्व जज मनींद्र मोहन श्रीवास्तव भी मौजूद रहे। 
  समारोह में केंद्रीय विधि मंत्री अर्जुन राम मेघवाल भी शामिल होने वाले थे। पर किसी कारण वे शामिल नहीं हो पाए। इस दौरान स्मारिका का विमोचन भी किया गया। रजत जयंती समारोह समारोह के बाद अतिथियों और हाईकोर्ट के वकीलों के लिए लंच का भी आयोजन किया गया है।
 

panchayattantra24.-बिलासपुर। बिलासपुर के आदर्श दुर्गोत्सव समिति के 50 वें वर्ष पर भव्य उत्सव मनाया जा रहा है. जहां गुरुवार को सीएम विष्णुदेव साय की धर्मपत्नी कौशल्या साय पहुंची. इस दौरान जसगीत की धुन पर कौशल्या साय महिलाओं के साथ जमकर थिरकीं. गरबा का यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. आदर्श दुर्गोत्सव समिति ने कौशल्या साय का शॉल, श्रीफल और स्मृति चिन्ह भेंटकर सम्मान किया. उन्होंने महिलाओं नवरात्रि पर्व पर गरबा और डांडिया के दौरान अपनी गरिमा व मर्यादा का ध्यान रखने और पारंपरिक वेशभूषा में शामिल होने से अपील की. इसके बाद महिलाओं के संग कौशल्या साय जसगीत और गरबा की धुन पर जमकर झूमती नजर आई.
 

 
panchayattantra24.- रतनपुर। केंद्रीय राज्यमंत्री तोखन साहू ने मंगलवार को रतनपुर प्रवास के दौरान स्थानीय व्यापारियों और दुकानदारों से भेंट कर उनसे आत्मीय संवाद किया। इस अवसर पर उन्होंने व्यापारियों को स्वदेशी उत्पादों को प्राथमिकता देने और देश की अर्थव्यवस्था को मजबूत करने में योगदान देने का आह्वान किया। राज्यमंत्री ने कहा कि आज का समय ‘आत्मनिर्भर भारत’ का है और इसमें सबसे बड़ी भूमिका छोटे-बड़े व्यापारियों की है। 
 स्वदेशी अपनाने की अपील अपने संबोधन में तोखन साहू ने कहा कि भारतीय संस्कृति और परंपरा हमेशा से आत्मनिर्भरता की राह दिखाती रही है। उन्होंने दुकानदारों से कहा कि स्थानीय और स्वदेशी उत्पादों को अधिक से अधिक बढ़ावा दें। इससे न केवल स्थानीय कारीगरों और उद्यमियों को प्रोत्साहन मिलेगा बल्कि देश की अर्थव्यवस्था भी सशक्त होगी। उन्होंने युवाओं से भी आग्रह किया कि रोजगार और व्यवसाय में स्वदेशी उत्पादों का उपयोग बढ़ाएं। 
 जीएसटी बचत उत्सव के लिए शुभकामनाएँ अपने प्रवास के दौरान केंद्रीय राज्यमंत्री ने ‘जीएसटी बचत उत्सव’ कार्यक्रम के लिए शुभकामनाएँ दीं। उन्होंने कहा कि यह आयोजन न केवल व्यापारियों के लिए सहूलियत का माध्यम है बल्कि ग्राहकों को भी लाभ पहुंचाएगा। उन्होंने उम्मीद जताई कि ऐसे आयोजन व्यापार जगत और उपभोक्ताओं के बीच आपसी विश्वास को और मजबूत करेंगे। 
व्यापारियों ने रखा सुझाव व्यापारी बंधुओं ने मंत्री से मुलाकात के दौरान जीएसटी दरों और छोटे कारोबारियों के लिए टैक्स संबंधी प्रक्रियाओं को और सरल बनाने की मांग रखी। इस पर राज्यमंत्री ने आश्वासन दिया कि उनकी समस्याओं और सुझावों को केंद्र सरकार तक पहुंचाया जाएगा। उन्होंने कहा कि सरकार का प्रयास है कि छोटे व्यवसायियों को कम से कम दिक्कतें हों और वे व्यापार में प्रगति कर सकें। आत्मनिर्भर भारत का संदेश तोखन साहू ने अपने उद्बोधन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ‘वोकल फॉर लोकल’ और ‘आत्मनिर्भर भारत’ की अवधारणा को भी दोहराया। उन्होंने कहा कि जब हर भारतीय स्वदेशी वस्तुओं का उपयोग करेगा, तब देश आयात पर निर्भर नहीं रहेगा और आत्मनिर्भरता की ओर तेजी से अग्रसर होगा। केंद्रीय राज्यमंत्री के रतनपुर आगमन से स्थानीय व्यापारी और दुकानदारों में उत्साह देखा गया। बड़ी संख्या में व्यापारियों ने उनसे मुलाकात कर अपनी बात रखी और स्वदेशी अभियान का समर्थन करने का आश्वासन दिया।