Browsing: बिलासपुर

 
 panchayattantra24.-बिलासपुर । सीएम साय शनिवार को बिलासपुर के दौरे पर थे। उन्होंने अटल बिहारी वाजपेयी विश्वविद्यालय के पंचम दीक्षांत समारोह में शिरकत की। इस दौरान उन्होंने मीडिया से बात करते हुए कई मु्द्दों को लेकर कांग्रेस पर निशाना साधा। उन्होंने कांग्रेस की ओर से लॉ एंड आर्डर को लेकर सवाल खड़े करने पर कहा कि हमारी सरकार में लॉ एंड ऑर्डर दुरुस्त है। 
 कांग्रेस सरकार में बिलासपुर के पूर्व विधायक ने पब्लिक कार्यक्रम में कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े किए थे। गृहमंत्री की उपस्थिति में उन्होंने हर थाने में रेट लिस्ट लगा देने की बात कही थी। कांग्रेस के लिए इससे बड़ी शर्म की बात और क्या हो सकती है। जब रूलिंग पार्टी का एक विधायक अपने ही सरकार के पुलिस पर थानों पर इस तरह का आरोप लगाए तो समझ जाइए। हमारी सरकार में लॉ एंड आर्डर ठीक है। हम लगातार नक्सलवाद के साथ मजबूती से लड़ रहे हैं। प्रदेश में फैले बीमारियों को लेकर CM साय ने कहा कि बीमारियों को लेकर सरकार सतर्क है। लगातार हम इसकी समीक्षा कर रहे हैं। सभी कलेक्टरों को आदेशित किया गया है जिलों में भ्रमण करें। प्रदेश सरकार में बीमारी पूरी तरीके से नियंत्रण में है।
 

 
panchayattantra24.- बिलासपुर: हाईकोर्ट ने नवगठित मरवाही नगर पंचायत की राज्य सरकार से मनोनित परिषद को भंग करने का निर्देश दिए हैं. कोर्ट ने राज्य सरकार को आदेश दिया है कि मरवाही, कुम्हारी और लोहारी ग्राम पंचायतों के चुने हुए जनप्रतिनिधियों से एक महीने के भीतर नई परिषद का गठन किया जाए. मामले को लेकर मरवाही सरपंच प्रियदर्शनी नहरेल ने हाईकोर्ट में 11 लोगों पक्षकार बनाते हुए याचिका दायर की थी. जिस पर सुनवाई के बाद जस्टिस पार्थ प्रतिम साहू ने आदेश जारी किया है. 
 दरअसल राज्य शासन ने मरवाही, कुम्हारी और लोहारी ग्राम पंचायतों को मिलाकर मरवाही नगर पंचायत बनाया था, और राजपत्र में अधिसूचना प्रकाशित कर भाजपा नेता किशन ठाकुर को नवगठित मरवाही नगर पंचायत का अध्यक्ष बनाया गया, साथ ही 8 अन्य नगर पंचायत परिषद के सदस्य मनोनीत किये गये थे, लेकिन इन तीनों ग्राम पंचायतों के सरपंचों को इस प्रक्रिया से बाहर रखा गया. जिस पर मरवाही ग्राम पंचायत की पूर्व सरपंच प्रियदर्शिनी नहरेल ने हाई कोर्ट में याचिका दायर कर नगर पंचायत के गठन को चुनौती दी थी. याचिका में उन्होंने नगरीय प्रशासन विभाग के सचिव, गौरेला पेंड्रा मरवाही जिले के कलेक्टर, नवनियुक्त अध्यक्ष और आठ पार्षदों सहित कुल 11 लोगों को पक्षकार बनाया. 
जस्टिस पार्थ प्रीतम साहू की बेंच ने मामले की सुनवाई 16 जुलाई को पूरी हुई, जिसके बाद फैसला सुरक्षित रख लिया था. हाईकोर्ट की सिंगल बेंच ने आदेश जारी करते हुए कहा है, कि समिति गठन की प्रक्रिया में त्रुटि हुई है. जिसके चलते 27 जून को जारी अधिसूचना को रद्द किया जाता है. साथ ही कोर्ट ने नई परिषद का गठन एक महीने के भीतर करने के निर्देश दिए हैं. नई समिति के गठन होने तक वर्तमान समिति कार्य करती रहेगी.
 

 
panchayattantra24.-बिलासपुर। बाइक के स्टंट का यह वीडियो छत्तीसगढ़ के बिलासपुर का है, जिसमें ट्रैफिक नियमों को दरकिनार कर अटल बिहारी वाजपेयी यूनिवर्सिटी कैम्पस में बाइक राइडिंग की जा रही है। बता दें कि यूनिवर्सिटी में दो दिन बाद दीक्षान्त समारोह होना है और इसकी तैयारी भी चल रही है। वहीं प्राइवेट बाइक कंपनी यहां प्रदर्शनी लगा कर बाइक स्टंट करवा रहा है। अब यह वीडियो सोशल मीडिया में जमकर वायरल हो रहा है।
दरअसल, यूनिवर्सिटी में 31 अगस्त को दीक्षांत समारोह का आयोजन किया जा रहा है। यूनिवर्सिटी प्रबंधन इस बार दीक्षांत समारोह को अकादमिक तौर पर सेलिब्रेट कर रहा है। इसके तहत बुधवार से ही यूनिवर्सिटी में अलग अलग विषयों पर कार्यशाला आयोजित की जा रही है। वहीं, कार्यक्रम में सुप्रीम कोर्ट के जस्टिस प्रशांत मिश्रा और राज्यपाल जैसे वीवीआईपी के शामिल होने के मद्देनजर जिला प्रशासन के अफसर तैयारी में जुटे हुए हैं।
दीक्षांत समारोह की तैयारी के बीच गुरुवार को यूनिवर्सिटी कैम्पस में निजी बाइक कंपनी ने प्रदर्शनी लगाई है, जहां बाइक राइडिंग कर स्टंट किया जा रहा है। परिसर में इस तरह से खुलेआम ट्रैफिक नियमों की धज्जियां उड़ाई जा रही हैं। जिससे यूनिवर्सिटी प्रबंधन पर भी सवाल उठ रहा है।
 

 
panchayattantra24.-कोरबा। जिले में तेज रफ्तार कार एक के बाद एक दो बाइक सवारों को कुचलकर निकल गई, जिससे 2 लोगों की मौत हो गई। वहीं 3 की हालत नाजुक है। हादसे के बाद ड्राइवर ने थाने में जाकर सरेंडर कर दिया। आरोपी CSEB कर्मी का बेटा है। पूरा मामला सिविल लाइन थाना क्षेत्र का है। 
 मरने वाले में एक मनोज गिरी है, जो रामपुर का रहने वाला था, जबकि दूसरे का नाम शिवकुमार है, जो निहारिका क्षेत्र का रहने वाला था। वहीं दूसरी बाइक पर सवार तीन लोग घायल हैं, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। तीनों की हालत गंभीर है। ये हादसा वहां लगे CCTV कैमरे में कैद हो गया। 
 पुलिस के मुताबिक मंगलवार रात करीब 9 बजे तेज रफ्तार कार निहारिका की ओर से कोसाबाड़ी की तरफ जा रही थी। इस दौरान एक के बाद एक बाइक सवारों को कुचलती गई। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। वहीं भीड़ एकत्रित हो गई। इस दौरान राहगीरों की मदद से सभी को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन 2 लोगों को डॉक्टर्स ने मृत घोषित कर दिया। वहीं तीन लोगों का जिला मेडिकल कॉलेज अस्पताल में इलाज चल रहा है।
 

 
 panchayattantra24.-बिलासपुर । न्यायधानी के लोगों के लिए एक अच्छी खबर है. खबर ये है कि जल्द ही बिलासपुर से मुंबई और हैदराबाद के लिए नई फ्लाइट शुरू होने की संभावना है. सूत्रों के मुताबिक इसके लिए एलाइंस एयर कंपनी ने अपनी तैयारी कर ली है. इसके लिए कराए गए सर्वे में भी कंपनी को मुंबई और हैदराबाद के लिए काफी संख्या में यात्री मिलने की उम्मीद है. एलाइंस एयर कंपनी द्वारा बिलासपुर से संचालित सभी हवाई सेवा को मिल रहे अच्छे प्रतिसाद से उत्साहित होकर बिलासपुर से मुंबई और हैदराबाद मार्ग पर नई उड़ान प्रारंभ करने की संभावना को टटोला गया था. उक्त रूट में पर्याप्त संख्या में यात्री मिलने की पूरी संभवाना है.  इसलिए एलाइंस एयर कंपनी के द्वारा किए गए आकलन में मुंबई से जलगांव चल रही उड़ान को बिलासपुर तक बढ़ाने और हैदराबाद-जगदलपुर-रायपुर उड़ान के रायपुर स्टॉपेज समाप्त हो जाने के कारण उसे बिलासपुर लाने के बारे में अच्छी रिपोर्ट आई है. 
 

 
 
 
panchayattantra24.- बिलासपुर। एक मां अपने कलेजे के टुकड़े को पैदा होते ही खुले में छोड़कर भाग गई। एक राहगीर की नजर झाड़ियों में कपड़े से लिपटे नवजात पर पड़ी। बच्चा रो रहा था। देखते ही देखते यहां लोगों की भीड़ उमड़ गई। बच्चे की हालत खराब होने पर लोगों ने तत्काल एम्बुलेंस के माध्यम से अस्पताल पहुंचाया गया। इधर, पुलिस बच्चे के संबंध में जांच शुरू कर दी है। बच्चे की हालत सामान्य बताई जा रही है। 
 मस्तूरी क्षेत्र के रिस्दा स्थित पेट्रोल पंप के पास शुक्रवार की दोपहर कुछ लोगों ने झाड़ियों के बीच बच्चे के रोने की आवाज सुनी। लोगों ने वहां पर जाकर देखा, तो झाड़ियों के बीच कपड़ों में लिपटा नवजात था। आसपास के लोगों ने तत्काल इसकी सूचना डायल 112 पर दी। इस पर पुलिस की टीम वहां पर पहुंच गई। नवजात के मिलने की जानकारी मस्तूरी थाने में भी दी गई। इस पर पुलिस की टीम ने आसपास के लोगों से नवजात के संबंध में जानकारी जुटानी शुरू कर दी। डायल 112 की टीम ने नवजात को मस्तूरी स्थित अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने प्राथमिक जांच के बाद नवजात को सिम्स रेफर कर दिया। बताया जाता है कि नवजात की स्थिति सामान्य है। बेहतर देखभाल के लिए उसे अस्पताल में ही रखा गया है। 
 

 
 

panchayattantra24.-कोरबा। छत्तीसगढ़ में स्वाइन फ्लू (H1N1 वायरस) से 6 लोगों की मौत हो गई है। इन सबके बीच कोरबा जिले में भी स्वाइन फ्लू ने दस्तक दे दी है। 5 मरीजों की पहचान की गई है। मरीजों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। स्वाइन फ्लू को लेकर स्वास्थ्य विभाग ने अलर्ट जारी किया है। कोरबा जिले में स्वाइन फ्लू के मरीजों के लिए अलग से आइसोलेशन वार्ड बनाया गया है। 20 बिस्तर वाले अलग से वार्ड तैयार किया गया है। इसके अलावा अलग से टीम भी बनाई गई है, जो लगातार ऐसे मरीजों की निगरानी करेगी। CMHO डॉ. एसएन केसरी ने बताया कि स्वाइन फ्लू को लेकर स्वास्थ्य अमला ने लोगों को सचेत रहने को कहा है। 
 
साथ ही कहा गया है कि स्वाइन फ्लू के लक्षण सामने आते हैं, तो तत्काल उसकी जांच कराएं। जिले में अब तक स्वाइन फ्लू से मौत का मामला सामने नहीं आया है। उन्होंने बताया कि बीपी, शुगर, कैंसर पीड़ित और बुजुर्ग स्वाइन फ्लू के चपेट में आ सकते हैं। स्वाइन फ्लू के लक्षण पाए जाने पर तत्काल टेस्ट कराएं। सर्दी-बुखार और खांसी लंबे समय से है, तो अस्पताल जाकर डॉक्टर को जरूर दिखाएं। घर पर रहकर इलाज न कराएं। नहीं तो हालत गंभीर भी हो सकती है। उन्होंने बताया कि स्वाइन फ्लू, डेंगू और मलेरिया जैसे बीमारियों से निपटने के लिए स्वास्थ्य विभाग तैयार है। नगर निगम के साथ मिलकर बैठक की गई है। मुड़ापार, संजय नगर, बुधवारी, कांशी नगर के अलावा आसपास की बस्तियों में बीमारियों से बचने जन जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। 
 

 
 
 
 panchayattantra24.-बिलासपुर । बिलासपुर पुलिस ने फर्जी क्राइम ब्रांच के अफसर बनकर घरों में चोरी करने वाले गिरोह पर बड़ी कार्रवाई करते हुए उसकी दो महिला सदस्यों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके पास से चोरी किए गए 30 लाख रुपये भी बरामद किए हैं। यह कार्रवाई बिलासपुर के पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर एसीसीयू और थाना सिरगिट्टी की संयुक्त टीम ने की। घटना 13 अगस्त 2024 को सिरगिट्टी थाना क्षेत्र की है। सिरगिट्टी निवासी कृष्ण कुमार मिश्रा रात को 9 बजे राजनांदगांव से घर लौटे तो उन्हें पता चला कि दिन में दोपहर 12 से 1 बजे के बीच चार पुरुष और दो महिलाएं उनके घर में घुसी थीं। ये लोग खुद को क्राइम ब्रांच का अफसर बताकर गले में परिचय पत्र लटकाए हुए थे। उन्होंने घर में मौजूद महिलाओं को धमकाते हुए कहा कि अगर वे हिलीं तो उन्हें जान से मार देंगे। इसके बाद वे घर में रखी एक पेटी को ढूंढने लगे। यह पेटी विद्या प्रकाश पाण्डेय नाम के व्यक्ति की थी, जिसे उसने कृष्ण कुमार मिश्रा के घर में रखवाया था। पेटी में बड़ी मात्रा में जमीन बेचने से मिली नकदी और जमीन के कागजात थे। आरोपी पेटी को लेकर वहां से फरार हो गए। 
घटना की जानकारी मिलते ही कृष्ण कुमार मिश्रा ने पुलिस को सूचित किया। पुलिस अधीक्षक ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके बाद एसीसीयू टीम और सिरगिट्टी थाना पुलिस ने मिलकर पूरे शहर में लगे 300 से अधिक सीसीटीवी फुटेज खंगाले। इस दौरान संदिग्धों के हुलिए और उनके द्वारा इस्तेमाल किए गए वाहन की पहचान हो सकी। सूचनाओं के आधार पर संयुक्त पुलिस टीम ने योजनाबद्ध तरीके से छापेमारी की और गिरोह की दो महिला सदस्यों, सिंधु वैष्णव (25) और रानी बैरागी (30) को गिरफ्तार कर लिया। सिंधु वैष्णव के पास से 20 लाख रुपये और रानी बैरागी के पास से 10 लाख रुपये बरामद किए गए। 
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कश्यप, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) अनुज कुमार तथा नगर पुलिस अधीक्षक सिविल लाइन, उमेश गुप्ता ने पत्रकारों को बताया कि मामले में अन्य आरोपियों की पहचान भी कर ली गई है। अब उनकी तलाश की जा रही है। कार्रवाई में एसीसीयू टीम, सिरगिट्टी थाना पुलिस, और साइबर सेल की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस अधीक्षक ने इस पूरे ऑपरेशन के लिए टीम की सराहना की है और उन्हें उचित पुरस्कार देने की घोषणा की है। पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह ने इस अवसर पर शहरवासियों से अपील की कि वे अपने घरों और दुकानों में अधिक से अधिक सीसीटीवी कैमरे लगवाएं। सीसीटीवी कैमरों से न केवल अपराधियों की पहचान आसान होती है, बल्कि वे अपराध की घटनाओं को रोकने में भी सहायक होते हैं। 
 

 
 
panchayattantra24.- बिलासपुर: प्रदेश के न्यायधानी में झोलाछाप डॉक्टरों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है. हाल ही में कोटा क्षेत्र के करगीखुर्द, शिवतराई, आमने और लमेर में अवैध क्लीनिकों पर छापेमारी की गई, जिसके परिणामस्वरूप चार क्लीनिकों को सील कर दिया गया. स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के अनुसार, जिले में झोलाछाप डॉक्टरों के इलाज के चलते अब तक सात लोगों की मौत हो चुकी है. हालांकि स्वास्थ्य विभाग ने सख्त कदम उठाते हुए कई क्लीनिकों पर कार्रवाई की है, लेकिन जिले में अभी भी 115 झोलाछाप डॉक्टर सक्रिय हैं. स्वास्थ्य विभाग ने ग्रामीण इलाकों में झोलाछाप डॉक्टरों के नामों की सूची जारी कर दी है और लोगों को सलाह दी है कि वे इन डॉक्टरों से इलाज न कराएं. विभाग का उद्देश्य है कि जनता को सुरक्षित और गुणवत्ता वाली चिकित्सा सेवाएं मिल सकें और झोलाछाप डॉक्टरों की गतिविधियों पर पूरी तरह से अंकुश लगाया जा सके. 
 

 
 panchayattantra24.-बिलासपुर।  भिलाई विधायक देवेंद्र यादव की गिरफ्तारी को लेकर यादव समाज ने गहरी नाराजगी जाहिर की है। मंगलवार को बिलासपुर प्रेस क्लब में समाज के पदाधिकारियों ने इस मुद्दे पर खुलकर विरोध जताया। उन्होंने कहा कि देवेंद्र यादव हमेशा समाज के हित में खड़े रहे हैं और उन्होंने कभी विघटनकारी तत्वों का समर्थन नहीं किया। अनुसूचित जाति समाज के धरना प्रदर्शन में उनकी उपस्थिति को गलत तरीके से पेश किया जा रहा है। समाज के नेताओं का कहना है कि विधायक यादव को राजनीतिक द्वेष के चलते फर्जी मामलों में फंसाया गया है। 
 प्रेस कांफ्रेंस में ओबीसी पिछड़ा वर्ग मोर्चा के जिला अध्यक्ष हीरालाल यादव, युवा यादव समाज के जिला अध्यक्ष अमित यादव, यादव समाज के जिला अध्यक्ष शिव शंकर यादव, प्रदेश संयुक्त सचिव मनोज यादव, क्षेत्रीय अध्यक्ष गौरीशंकर यादव, युवा प्रकोष्ठ के आकाश यादव, प्रवक्ता वीरेंद्र यादव, और सहसचिव सुनील यादव शामिल हुए। सभी ने कहा कि अगर देवेंद्र यादव को जल्द से जल्द रिहा नहीं किया गया तो प्रदेशभर में यादव समाज आंदोलन करेगा। उन्होंने बताया कि विधायक के खिलाफ धारा 307 समेत अन्य गंभीर आरोप लगाए गए हैं, जबकि उनके खिलाफ कोई ठोस सबूत नहीं है। गिरफ्तारी के बाद अब तक एफआईआर की कॉपी तक परिवार को नहीं दी गई है। इस गिरफ्तारी से समाज में आक्रोश है। 
अभी जमानत याचिका दाखिल नहीं करेंगे देवेंद्र यादव छत्तीसगढ़ के भिलाई नगर विधायक देवेंद्र यादव को 7 दिन की न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। मंगलवार को वे वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए कोर्ट में पेश हुए। बताया जा रहा है कि फिलहाल देवेंद्र यादव जमानत याचिका दाखिल नहीं करेंगे। पुलिस द्वारा चालान पेश किए जाने के बाद ही वे जमानत याचिका दायर करेंगे। देवेंद्र के करीबियों का कहना है कि अगली पेशी में वकील पुलिस पर चालान पेश करने के लिए दबाव बनाने वाली दलील देंगे। इस वक्त पूरा फोकस पुलिस से चालान पेश कराने पर ही है। 
 90 दिन के भीतर पेश करना होगा चालान पुलिस प्रशासन को 90 दिन के भीतर ही चालान पेश करना है। देवेंद्र के वकील का कहना है कि पुलिस की ओर से अब तक उन्हें FIR की कॉपी नहीं मिली है। इसलिए जरूरी है कि पुलिस जल्द से जल्द कोर्ट में चालान पेश करे। देवेंद्र के खिलाफ हमारे पास गवाह- पुलिस बलौदाबाजार पुलिस के एक उच्चाधिकारी की माने तो पुलिस के पास देवेंद्र के खिलाफ गवाह हैं। कुछ लोगों के बयान हैं। इसके अलावा पुलिस के पास कुछ वीडियो भी हैं। इसको आधार बनाकर उन पर कार्रवाई की जा रही है।