Browsing: बिलासपुर

 
 panchayattantra24.-बिलासपुर । रतनपुर के गांधीनगर में रहने वाला परिवार महाकाल का दर्शन करने उज्जैन गया था। इस दौरान चोरों ने सूने मकान में धावा बोलकर सोने-चांदी के जेवर समेत करीब ढाई लाख का माल पार कर दिया। जब वे अपने घर आए तो चोरी की जानकारी हुई। रतनपुर के गांधीनगर में रहने वाले अमितेंद्र तिवारी निजी संस्थान में काम करते हैं। वे अपने परिवार को लेकर 19 जुलाई को महाकाल का दर्शन करने उज्जैन गए थे। सोमवार की दोपहर वे अपने घर आए। दरवाजा खाेलकर वे अंदर गए तो कमरे में सामान बिखरा हुआ था। 
 पीछे के दरवाजे से घुसे चोरों ने आलमारी से चार तोला सोना, 50 तोला चांदी के जेवर, एक लैपटाप, तीन मोबाइल और नकदी समेत करीब ढाई लाख का माल पार कर दिया था।उन्होंने तत्काल इसकी जानकारी पड़ोसियों को दी। इसके बाद घटना की सूचना रतनपुर थाने में दी गई। रतनपुर पुलिस की टीम मौके पर पहुंच गई। साथ ही डाग स्क्वायड को बुलाया गया। पुलिस की टीम आसपास के लोगों से पूछताछ कर संदेहियों की जानकारी जुटा रही है। इसके अलावा पुराने अपराधियों की तस्दीक की गई है।
 

 
 
panchayattantra24.-कोरबा। ड्यूटी नहीं करने पर हाजिरी लगाने से इंकार करने पर टीपर के ड्राइवर ने टाईम कीपर से मारपीट की। मामले में कुसमुंडा पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है। घटना एसईसीएल के कुसमुंडा खदान में हुई। जहां नीलकंठ साकार जेबी कार्यालय में टाईम कीपर रामजतन कुमार सिंह (29) मौजूद था। इस दौरान कंपनी का टीपर ड्राइवर सोनपुरी-पड़निया निवासी दीपक कंवर पहुंचा। उसने आज ड्यूटी नहीं करने की बात कहते हुए हाजिरी लगाने को बोला। टाईम कीपर ने बिना ड्यूटी के हाजिरी लगाने से इंकार कर दिया। जिससे आवेशित होकर दीपक कंवर ने गाली व जान से मारने की धमकी देते हुए रामजतन से मारपीट की। पीड़ित ने कुसमुंडा थाना पहुंचकर घटना की रिपोर्ट लिखाई।
 

 
panchayattantra24.-जांजगीर। जिले की पुलिस ने हथियार और पिस्टल नुमा लाइटर ऑर्डर करने वालों पर एक्शन लिया है। दरअसल ऑनलाइन शॉपिंग साइट्स से धारदार व बटन दार चाकू पिस्टल नुमा लाइटर मंगाने वाले के विरुद्ध विशेष अभियान चलाया जा रहा है। अपराधों की रोकथाम के लिए ऑनलाइन शॉपिंग साइट से मंगाए गए चाकू छुरी और पिस्टल नुमा लाइटर बरामद की गई है। साइबर सेल द्वारा विभिन्न ऑनलाइन शॉपिंग साइट से तकनीकी जानकारी प्राप्त कर 35 नग चाकू छुरी धारदार हथियार और 8 नग पिस्टल नुमा लाइटर बरामद किया गया। 
 

 

panchayattantra24.-बिलासपुर । जिले में मलेरिया से फिर दो बच्चों की मौत होने से स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया है. यह मामला बेलगहना के कालीमाटी गांव का है. जिले में अब तक मलेरिया से चार बच्चों की मौत हो चुकी है. इससे पहले टेंगनमाड़ा क्षेत्र में मलेरिया से दो बच्चों की हुई हुई थी. इसकी पुष्टि सीएमएचओ डॉ. प्रभात श्रीवास्तव ने की है. 
जानकारी के मुताबिक, बेलगहना के कालीमाटी गांव के रहने वाले दो मासूम सगे भाइयों की मौत मलेरिया से हुई है. एक 6 साल का और दूसरा 12 साल का था. वहीं मां की भी स्थिति गंभीर है. उन्हें सिम्स रेफर किया गया है. सीएमएचओ डॉ. प्रभात श्रीवास्तव ने बताया कि, जिले में अब तक मलेरिया के 14 मरीज आ चुके हैं. कालीमाटी में मलेरिया से दो सगे भाइयों की मौत हुई है. इससे पहले भी टेंगनमाड़ा क्षेत्र में मलेरिया से दो बच्चों की मौत हुई थी. जिले में मलेरिया से अब तक चार बच्चों की मौत हो चुकी है. 

 
 panchayattantra24.-मुंगेली। छत्तीसगढ़ के मुंगेली जिले के सरगांव क्षेत्र से गुजरने वाली शिवनाथ नदी में लाखों मछलियां मर गई है। शराब फैक्ट्री का दूषित पानी नदी में छोड़ने से मौत की आशंका जताई जा रही है। अपशिष्ट पदार्थ से नदी का जल भी मैला हो गया है। कुछ महीने पहले पथरिया SDM भरोसा राम ठाकुर ने भाटिया शराब फैक्ट्री मर्चेंट के प्रबंधक को नोटिस भी जारी किया था। SDM ने शराब फैक्ट्री के दूषित पानी को नदी में छोड़ने से जलीय जीव के खतरे को लेकर आशंका जताई थी। लाखों मछलियों की मौत पर SDM ने अब पर्यावरण बोर्ड को पत्र लिखने की बात कही है।मुंगेली जिले के सरगांव क्षेत्र के धुमा में भाटिया वाइन 
मर्चेंट फैक्ट्री संचालित है। जहां शराब बनाई जाती है। 
यहां से निकलने वाला केमिकल युक्त पानी भारी मात्रा में मुंगेली की जीवनदायिनी कही जाने वाली शिवनाथ नदी को दूषित कर रहा है। जिस वजह से नदी में लाखों की संख्या में मछलियों की मौत हो गई है। यहां रहने वाले करीब आधा दर्जन गांव के ग्रामीणों ने जीव जंतु को खतरे की आशंका को लेकर SDM को जानकारी दी थी। पथरिया SDM ने फैक्ट्री के प्रबंधक को नोटिस जारी करके जवाब मांगा था। साथ ही पर्यावरण विभाग से प्रतिवेदन मांगाया गया था ताकि लापरवाही पर कड़ी कार्रवाई की जा सके। लेकिन अधिकारियों ने नोटिस देकर अपनी औपचारिकता निभा दी और उस फैक्ट्री पर कोई कड़ी कार्रवाई नहीं की गई। शराब फैक्ट्री से निकलने वाले दूषित पानी किस तरह से शिवनाथ नदी को दूषित कर रहा है, इसका अंदाजा मछलियों की मौत से लगाया जा सकता हैं। ग्रामीण भी वीडियो बनाकर अपनी पीड़ा सोशल मीडिया पर वायरल कर रहे हैं।
 

श्रमिकों के लिए शुरू हुई 05 रूपए में भरपेट भोजन की व्यवस्था*

*श्रम मंत्री श्री देवांगन ने बुधवारी बाजार में किया शहीद वीर नारायण सिंह श्रम अन्न योजना का शुभारंभ*

PT – रायपुर, 17 जुलाई 2024/ श्रम, उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री लखन लाल देवांगन ने आज कोरबा जिले के बुधवारी बजार में शहीद वीर नारायणसिंह श्रम अन्न योजना अंतर्गत निर्माण, संगठित एवं असंगठित वर्ग के श्रमिकों के लिए 05 रूपए में भरपेट भोजन की व्यवस्था हेतु दाल-भात केंद्र का शुभारंभ किया। यह जिले का दूसरा दाल भात केंद्र है। इस दौरान उन्होंने अतिथियों के साथ स्वयं भी श्रमिकों के बीच जाकर भोजन किया और श्रमिकों से अपील किया कि वे इस दाल-भात केंद्र में आकर भोजन अवश्य करें। श्रम मंत्री ने इस अवसर पर विभाग अंतर्गत संचालित योजनाओं की जानकारी देते हुए कहा कि श्रम विभाग से जुड़े कुल तीन मंडल अंतर्गत 72 योजनाएं संचालित है। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने सभी योजनाओं में हितग्राहियों को सामग्री प्रदान करने की बजाय सीधे उनके खाते में राशि देने की पहल किया है। इससे हितग्राही को सीधा लाभ पहुंचता है। उन्होंने कहा मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के द्वारा गरीबों के कल्याण के लिए कार्य किया जा रहा है। श्रम मंत्री श्री देवांगन ने आगे कहा कि श्रम विभाग की योजना श्रमिकों के लिए है। छत्तीसगढ़ का कोई भी श्रमिक योजनाओं से वंचित न रहे, उन्हें लाभ जरूर मिले। श्रम मंत्री होने के नाते उनकी भी कोशिश है कि कोरबा जिले के सभी श्रमिक योजनाओं का लाभ उठाएं। 

 बुधवारी में दाल-भात केंद्र का शुभारंभ करते हुए मंत्री देवांगन ने कहा कि इस योजना को प्रारंभ करने के लिए मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने तत्काल सहमति दी और आज उनके प्रयास से गरीब मजदूरों को किफायती दर में प्रदेश के 10 जिलों के 22 स्थानों में दाल-भात केंद्र संचालित हो रहा है। कोरबा जिले में तीन स्थानों पर दाल-भात केंद्र का संचालन होगा। जिसमें से बालकों के बाद आज दूसरा केंद्र प्रारंभ हो गया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में महतारी वंदन योजना के माध्यम से सभी महिलाओं को साल के 12 हजार रूपए का लाभ मिलने, किसानों को 3100 रूपए समर्थन मूल्य तथा तेंदूपत्ता संग्राहकों को 5500 रूपए मानक बोरा सहित अन्य योजनाओं से लाभान्वित करने का प्रयास किया जा रहा है। श्रमिकों के बच्चों के लिए आईएएस, आईपीएस सहित महत्वपूर्ण प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए कोचिंग की सुविधा ऑनलाइन और ऑफलाइन माध्यम से देने पहल की गई है। कोरबा जिले के श्रमिकों के बच्चों को भी इसका लाभ मिलेगा।  

 कार्यक्रम में आज जिले के 451 श्रमिक परिवारों को विभागीय योजनांतर्गत लगभग 01 करोड़ 17 लाख की राशि से लाभान्वित किया गया। मंत्री श्री देवांगन ने जिले के अन्य श्रमिकों को श्रम विभाग के अधिकारियों से योजनाओं के विषय में जानकारी प्राप्त कर योजनाओं का लाभ उठाने की अपील की। कार्यक्रम को श्री राजीव सिंह, श्री देवन्द्र पाण्डेय ने भी संबोधित किया। सहायक श्रम आयुक्त श्री राजेश आदिले ने विभाग अंतर्गत संचालित योजनाओं की जानकारी उपस्थित लोगों को दी। इस अवसर पर जनप्रतिनिधिगण तथा अधिकारी एवं श्रमिक और आम नागरिकगण उपस्थित थे। 

*श्रम मंत्री ने हितग्राहियों को सहायता राशि का चेक प्रदान किया*

 कार्यक्रम में मंत्री देवांगन द्वारा श्रम विभाग की विभिन्न योजनाओं के तहत अनेक हितग्राहियों को सहायता राशि का चेक प्रदान किया। जिसके अंतर्गत छत्तीसगढ़ असंगठित कर्मकार मृत्यु व दिव्यांग सहायता योजना के तहत कमला बाई दास एवं मनीराम यादव को 1-1 लाख का चेक प्रदान किया गया। इसी प्रकार मुख्यमंत्री निर्माण श्रमिक मृत्यु एवं दिव्यांग सहायता योजना के तहत सुनीता व बुधवार दास को 1-1 लाख का सहायता राशि का चेक प्रदान किया गया। असंगठित कर्मकार महतारी जतन योजना के तहत विनिता केंवट व शिव कुमार आरमो को 20-20 हजार, मिनीमाता महतारी जतन योजना के तहत राखी कंवर, पार्वती चौहान को 20-20 हजार, मुख्यमंत्री नोनी सशक्तिकरण सहायता योजना के तहत कुमारी मनीषा व भगवती को 20-20 हजार का सहायता राशि का चेक प्रदान किया गया।

 

panchayattantra24.-कोरबा । जिले में पुटू की सब्जी खाने से एक ही परिवार के 4 लोग बीमार पड़ गए हैं. पुटू खाने से सभी उल्टी दस्त से परेशान होने लगे. जिसके बाद हालत बिगड़ने पर सभी को अस्पताल में भर्ती कराया गया है. यह मामला हरदी बाजार गांव का है. मिली जानकारी के अनुसार, हरदी बाजार निवासी हरिश्चंद्र मिरी का परिवार शुक्रवार की रात पुटू की सब्जी बनाकर खाया और खाने के बाद परिवार सो रहा था. इसी बीच देर रात करीब 3 बजे परिवार के सदस्यों में अचानक पेट दर्द चालू हो गया. 
 पेट दर्द चालू होते ही बेचैनी घबराहट होने लगा तबीयत बिगड़ते देख 4 लोगों को तत्काल हरदी बाजार प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया. जिसमें संगीता बाई मिरी, प्रेमलता मिरी, चंपा बाई मिरी एवं मुकेश कुमार मिरी को भर्ती तीनों गया. डाक्टर और स्टॉफ नर्स के द्वारा प्राथमिक उपचार किया गया. चार लोगों में से एक संगीता बाई की हालत गंभीर है जिसे उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है. बताया जा रहा है कि जंगली सुवामुंडी नामक पुटू खाने से परिवार के लोग बीमार पड़े हैं. फिलहाल, सभी का इलाज जारी है.
 

 
 panchayattantra24.-बिलासपुर  । सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने कांग्रेस पर हमला बोलते हुए कहा कि इतनी पुरानी पार्टी देश के संसद में सनातनियों का विरोध कर रही है। राहुल गांधी अपने लिए पत्नी तो ढूंढ नही पा रहे हैं, देश की दशा और दिशा की बात करते हैं। मंत्री बनाने का विशेषाधिकार प्रधानमंत्री का है। मैं दिल्ली जाकर छत्तीसगढ़ में रहूंगा। साय सरकार कम समय में मोदी की गारंटी पूरी की है। कांग्रेस कानून व्यवस्था की बात कर रही जबकि पहले की अपेक्षा अपराध में कमी आई है । कांग्रेस को अपना शासन याद करना चाहिए । 
सांसद अग्रवाल कोनी स्थित सरस्वती शिशु मंदिर के नए छात्रावास के उदघाटन अवसर पर बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुए। उन्होंने पत्रकारों से चर्चा करते हुते कहा कि देश की संसद में कांग्रेस हिन्दू विरोधी बात करती है। मुट्ठीभर लोगो के लिए बहुसंख्यकों के खिलाफ कांग्रेस खड़ी है। सनातन एक जीवनशैली है। देश में जो सनातन विरोधी बात करेगा उसके लिए कोई जगह नहीं है। भारत में अगर सनातन का विरोध होगा तो इसका जवाब मिलेगा।
सरस्वस्ती शिशु मंदिर संस्कार की शिक्षा देता है आज इसकी बदौलत यहां से पढ़कर निकले छात्र हिंदू विरोधियों को जवाब दे रहे हैं। बृजमोहन अग्रवाल ने सरस्वस्ती शिशु मंदिर द्वारा कालेज की शुरुआत करने पर बधाई दी और उम्मीद जताई कि ये कालेज आने वाले समय में बड़ा रूप लेगा। विधायक अमर अग्रवाल ने कहा कि लंबे समय से कोनी में शिक्षा के माध्यम से विद्या भारती अपना काम कर रही है। धीरे धीरे ये विकसित हो रहा है विद्याभारती की मेहनत दिख रही है।
 

 panchayattantra24.-बिलासपुर । पंडित सुंदरलाल शर्मा मुक्त विश्वविद्यालय का आज छठवां दीक्षांत समारोह आयोजित हुआ। कुलगीत राजगीत एवं राष्ट्रगीत के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ। मां सरस्वती की प्रतिमा पर दीप प्रज्वलन एवं माल्यार्पण कर कार्यक्रम की शुरुआत हुई। कुलपति डॉक्टर वंश गोपाल सिंह ने पुष्पगुच्छ भेंट कर अतिथियों का स्वागत किया। इस समारोह में छग के सीएम विष्णुदेव साय और राज्यपाल शामिल हुए।
 

 
panchayattantra24.-कोरबा। कोरबा जिले में लोकसभा नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के खिलाफ विश्व हिंदू परिषद, बजरंग दल और सर्व हिंदू समाज ने शव यात्रा निकाली। वहीं कोतवाली के पास प्रतीकात्मक शव में आग लगाकर विरोध किया। साथ ही जमकर नारेबाजी की। इस दौरान अजय विश्वकर्मा, चन्द्रकिशोर श्रीवास्तव और राणा मुखर्जी ने बताया कि हिंदुओं के प्रति राहुल गांधी जहरीले बोल बोल रहे हैं। राजनीति चमकाने के लिए कुछ भी कहा जा रहा है। ऐसी कोशिश का अब मुंहतोड़ जवाब दिया जाएगा।  शव यात्रा सोनालिया चौक से निकाली गई, जहां शहर से होते हुए बस स्टैंड तक पहुंची। इस दौरान रोड पर ही प्रतीकात्मक शव को जलाया गया। जब राहुल गांधी का पुतला दहन किया जा रहा था। इस दौरान पुलिस देखती रही और कार्यकर्ता नारेबाजी करते रहे। प्रदर्शन में विभिन्न संगठनों के लोगों ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई।