Browsing: बिलासपुर

 
 panchayattantra24.-कोरबा। जिले के घंटाघर चौक स्थित एसबीआई बैंक में देर रात भीषण आग लग गई. आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी का माहौल हो गया. आगजनी की सूचना पर पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची. इस दौरान कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया. बताया जा रहा है कि आगजनी की यह घटना एसबीआई कर्मी की लापरवाही से हुई है.दरअसल, मंगलवार देर रात करीब 12 बजे घंटाघर चौक के पास निहारिका क्षेत्र में स्थित स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI) की शाखा कार्यालय में आग लग गई. आग लगने की जानकारी होते ही आसपास के लोग पहुंच गए. सूचना मिलते ही सिविल लाइन पुलिस मौके पर पहुंची. वहीं बिजली विभाग के कर्मचारियों ने यहां कनेक्शन विच्छेद किया और अग्निशमन विभाग के कर्मचारियों ने दमकल वाहन के साथ पहुंचकर आग पर काबू पाया. इस आगजनी के पीछे एसबीआई कर्मचारी की लापरवाही सामने आई है. बैंक में काम के बाद कर्मचारी एसी बंद करना भूल गया था. जिससे बढ़ती गर्मी के कारण शॉर्ट सर्किट हुआ और भीषण आग लग गई. इस आगजनी में कितना नुकसान हुआ है अभी इसका पता नहीं लग सका है.
 

 
panchayattantra24.-बिलासपुर । ट्रेन से गांजा की तस्करी कर रहे एक तस्कर को गांजा के साथ गिरफ्तार किया गया है. आरोपी कोबिलासपुर स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर 2-3 में पकड़ा गया. आरोपी खुद को मुंबई पुलिस में स्पेशल टास्क फोर्स कर्मी (STF) बताता था. जीआरपी ने चेकिंग के दौरान आरोपी को गिरफ्तार किया. बीती रात चेकिंग के दौरान बिलासपुर रेलवे स्टेशन के प्लेट फार्म नंबर 2-3 रायपुर छोर की ओर मुंबई का रहने वाला युवक कल्पेश पाटिल ट्रेन के इंतजार में बैठे दिखा. जीआरपी के सिपाहियों ने उससे पूछताछ की तो उसने अपने आप को मुंबई पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स में होना बताया. संदेह होने पर सिपाहियों ने उसकी तलाशी ली, तो उसके बैग में 18 किलो गांजा मिला, जिसकी कीमत 3 लाख 60 हजार रुपये आंकी गई है. उसे इससे पहले भी 10 किलो गांजा के साथ जीआरपी बिलासपुर ने पकड़ा था. आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत जुर्म दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है । 
 

 

panchayattantra24.-बिलासपुर । परिवार के साथ डिनर के लिए जा रहे डॉक्टरों के साथ विवाद व हाथापाई करने वाले युवकों को पुलिस बचाने में लगी है। मामले में पुलिस डॉक्टरों पर मारपीट का आरोप लगाते हुए युवकों की शिकायत दर्ज करने की तैयारी कर रही है। इसके लिए एसबीआई से सीसीटीवी फुटेज मांगी गई है। पत्नी और डॉक्टर दोस्त के साथ डॉ. अविजीत गांधी कार से डिनर के लिए 16 जून को तिफरा के रेस्टोरेंट जा रहे थे। मगरपारा इंदू चौक से पहले एबीआई एटीएम के पास कुछ युवक सड़क पर बाइक अड़ा कर खड़े थे। जब डॉक्टर ने गाड़ी का हॉर्न बजाया तो युवक नाचने लगे। 
गाड़ी की खिड़की खोलकर युवकों को हटने के लिए कहा तो वे गाली-गलौज करने लगे। दोनों डॉक्टर गाड़ी से बाहर निकल कर युवकों के पास गए और गाली देने मना किया तो युवकों ने हाथापाई शुरू कर दी। झूमाझटकी में युवकों ने डॉक्टर के गले से सोने की चेन खींची। इससे चेन टूट गई। पेंडेंट और चेन का आधा हिस्सा युवक लेकर भाग निकले। मामले में डॉक्टर की रिपोर्ट पर पुलिस ने युवकों के खिलाफ मामला दर्ज किया, लेकिन अब पुलिस डॉक्टरों पर मारपीट का इल्जाम लगाते हुए युवकों की तरफ से भी मामला दर्ज करने की तैयारी कर रही है।
 

 

panchayattantra24.-बिलासपुर । एक मामले की सुनवाई के दौरान हाईकोर्ट ने कहा कि पिता की मौत के बाद मां की देखभाल बेटे का नैतिक और कानूनी दायित्व है. एसईसीएल  में अनुकंपा नियुक्ति पाने के कुछ दिन बाद बेटे ने मां की देखभाल और खर्च देना बंद कर दिया था. मामले में पुत्र की अपील खारिज कर कोर्ट ने फटकार लगाई, और दस हजार रुपये प्रति माह देने का आदेश दिया है. भुगतान न करने पर एसईसीएल प्रबंधन को पुत्र के वेतन से कटौती कर सीधे मृतक के आश्रित के खाते में जमा कराने का निर्देश दिया है. 
 दरअसल, कोरबा क्षेत्र Korba Area में रहने वाली महिला का पति एसईसीएल दीपका में कर्मचारी था. सेवाकाल के दौरान पति की मौत होने पर उसने अपने बड़े पुत्र को अनुकंपा नियुक्ति देने सहमति दी। एसईसीएल के नियमों के अनुसार अनुकंपा नियुक्ति पाने वाला मृतक के आश्रितों की देखभाल करेगा, यदि वह अपने नैतिक व कानूनी दायित्व का उल्लंघन करता है, तो उसके वेतन से 50 प्रतिशत राशि काट कर आश्रितों के खाते में जमा की जाएगी. अनुकंपा नियुक्ति पाने के बाद कुछ दिनों तक वह अपनी माँ और भाई का देखभाल करता रहा। 2022 से उसने मां और भाई को छोड़ दिया. 
जिस पर मां ने हाईकोर्ट में एसईसीएल की नीति के अनुसार बेटे के वेतन से कटौती कर 20 हजार रुपए प्रति माह दिलाये जाने याचिका दायर की. मामले में एसईसीएल ने जवाब में कहा कि नीति के अनुसार सहमति का उल्लंघन करने पर 50 प्रतिशत राशि काट कर मृतक के आश्रितों के खाते में जमा की जा सकती है. एसईसीएल के जवाब पर पुत्र ने कहा की याचिकाकर्ता को 5500 रुपये पेंशन मिल रही है. इसके अलावा मृतक के सेवानिवृत्त देयक की राशि भी उन्हें मिली है. इससे वह अपनी देखभाल कर सकती है, पुत्र ने 10 हजार रुपए प्रतिमाह देने कोर्ट में सहमति दी. हाईकोर्ट की सिंगल बेंच ने मां के पक्ष में फैसला दिया. हाईकोर्ट की एकल पीठ के निर्णय के खिलाफ बेटे ने डीबी में अपील की. उसने अपील में कहा कि उसे 79 हजार नहीं बल्कि 47 हजार रुपये वेतन मिलता है, इसमें भी ईएमआई कट रही है. चीफ जस्टिस रमेश सिन्हा व जस्टिस सचिन सिंह राजपूत की डीबी ने कहा, मां की सहमति से नियुक्ति मिली है, 10 हजार रुपए देने की पुत्र ने सहमति भी दी है. इसलिए खर्च के लिए राशि देना होगा, कोर्ट ने फटकार लगाते हुए पुत्र की अपील को खारिज कर दिया.
 

 

panchayattantra24.-बिलासपुर । मुम्बई-बिलासपुर के बीच हवाई सेवा शुरू होने के मार्ग प्रशस्त हो रहे है. एलाइंस एयर कंपनी द्वारा मुम्बई-जलगांव के बीच हाल में नई फ्लाइट Flight शुरू की है. इस फ्लाइट को बिलासपुर तक बढ़ाने पर विचार शुरू कर दिया गया है. इसके लिए एयर कंपनी ने प्रारंभिक काम भी शुरू कर दिया गया है.1 मार्च 2021 से बिलासपुर से हवाई सेवा शुरू होने के साथ ही देश के महानगरों के लिए फ्लाइट की मांग की जा रही है. इसके लिए शहर के लोग हवाई सुविधा जन संघर्ष समिति के नेतृत्व में कई सालों से लगातार आंदोलन किया जा रहा है. इसके बाद भी महानगरों के लिए हवाई सेवा शुरू होने पर आंदोलन को उग्र करने का निर्णय लिया गया है. जिसके लिए रणनीति बनाई जा रही है. 
 इस बीच एलाइंस एयर कंपनी द्वारा बिलासपुर-मुम्बई के बीच फ्लाइट शुरू करने की तैयारी कर रही है. एलाइंस एयर कंपनी द्वारा बिलासपुर से मुम्बई की दूरी 72 सीटर विमान के हिसाब से अधिक है. इसलिए उसमें विचार नहीं किया जा रहा था. इस बीच कंपनी ने मुम्बई-जलगांव-मुम्बई के बीच फ्लाइट शुरू की है. अब उस फ्लाइट को बिलासपुर तक बढ़ाने की बात कही जा रही है. इसके साथ ही मुम्बई-जलगांव-बिलासपुर के बीच हवाई सेवा शुरू हो जाएगी. इसके लिए एलाइंस एयर कंपनी का प्रस्ताव मुख्यालय भेज भी दिया गया है. सब कुछ ठीक रहा तो अक्टूबर माह से लागू होने वाली विंटर शेड्यूल में मुम्बई-जलगांव- बिलासपुर फ्लाइट शामिल होना तय माना जा रहा है.
 

 
panchayattantra24.-बिलासपुर। चांटीडीह मेलापारा के अवैध झोपड़ियों पर रविवार को भी नगर निगम का बुलडोजर चला। इस दौरान 100 से झोपड़ी ढहाए गए। साथ ही निगम की दूसरी टीम रहवासियों को पक्के मकान में शिफ्ट करने का काम किया। रविवार को लगभग 100 से ज्यादा परिवार को शिफ्ट किया। कार्रवाई के तीसरे दिन किसी तरह का विरोध देखने को नहीं मिला। नगर निगम के अधिकारी, कर्मचारी के साथ पुलिस बल की टीम भी रविवार को मौके पर तैनात रहे। तीन दिन के कार्रवाई में 500 से ज्यादा झोपड़ियां तोड़ी जा चुकी हैं। 
वहीं इतने संख्या में लोगों को पक्के मकानों में शिफ्ट कराया जा चुका है। बचे लगभग 200 परिवारों को आज सोमवार और मंगलवार को शिफ्ट किया जाएगा। साथ ही बची झोपड़ियों को भी गिराने का काम किया जाएगा। अतिक्रमण विरोधी दस्ता के प्रभारी प्रमिल शर्मा ने बताया कि निर्देश के तहत कार्रवाई लगातार कई दिनों तक चलती रहेगी। पूरी तरह से झोपड़ियों को तोड़ने के बाद ही टीम वापस होगी। इस शासकीय जमीन के खाली होने के बाद व्यवसायिक काम्पलेक्स, आवास व चौड़ी सड़क बनाने का प्लान है, जिससे क्षेत्र का उचित विकास संभव हो सकेगा।
 

panchayattantra24.-कोरबा । छत्तीसगढ़ प्रदेश सामुदायिक स्वास्थ्य कर्मचारी संघ के बैनर तले जिले के सभी स्वास्थ्य कर्मचारी व अधिकारी अपनी तीन सूत्रीय मांगों को लेकर शुक्रवार से अनिश्चितकालीन आंदोलन पर चले गए हैं।  इसकी सूचना कुछ माह पूर्व अधिकारियों को दे दी गई थी। मांगें पूरी नहीं होने से नाराज जिले के सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, हैल्थ वैलनेस सेंटर, उप स्वास्थ्य केंद्र सहित जिले के सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारियों एकत्र होकर तानसेन चौक में आंदोलन पर डटे हुए हैं। 
आंदोलन पर बैठे स्वास्थ्य कर्मचारियों ने बताया कि उनकी तीन सूत्रीय मांग है। प्रमुख मांगों में 8 माह से लंबित कार्य आधारित वेतन का शीघ्र भुगतान, गृह जिले में स्थानांतरण की अनुमति तथा मुख्यालय निवास का दायरा 8 किमी के अंतर्गत किया जाना शामिल है। पवन कुमार वर्मा जिला संयोजक कांकेर की सेवा समाप्ति के आदेश को तत्काल प्रभाव से निरस्त की मांग भी उठाई गई। उक्त मांगों के साथ धरना-प्रदर्शन किया जा रहा है।
 

 
 
panchayattantra24.-पेंड्रा। एक जुलाई से देश भर में लागू होन वाले नए कानून भारतीय न्याय संहिता को लेकर अब पुलिस ने लोगों के बीच जाकर इसके प्रावधानों को समझाने की पहल शुरू की है। छत्तीसगढ़ पुलिस की ओर से गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले में इस कानून को समझाने के लिए पहला सेमीनार प्रेस क्लब में किया गया। जिसमें जिले के पत्रकारों के साथ ही जनप्रतिनिधि भी काफी संख्या में मौजूद रहे। इस अवसर पर जिले की एसपी भावना गुप्ता सहित विभिन्न कानून विशेषज्ञों के द्वारा नए कानून में वर्णित प्रावधानों को विस्तार से बतलाते हुए नए कानून में इलेक्ट्रॉनिकक साक्ष्यों के महत्व और उपयोगिता को बतलाया। साथ ही इस नए कानून को पीड़ितों को न्याय दिलाने वाला बतलाते हुए इसके विभिन्न धाराओं और अपराध के संबंध में विवेचना इत्यादि को भी बतलाया गया। 
 इसके साथ ही यह भी बताया गया कि एक जुलाई से नये कानून के लागू होने के बाद पुराने आईपीसी कानून की धाराओं का कब और कैसे उपयोग होगा। वहीं यह भी जानकारी दी गई कि अब किसी भी अपराध के मामले में घटनास्थल कहीं भी हो शून्य के तहत और ई-एफआईआर भी दर्ज कराई जा सकेगी। वहीं एसपी भावना गुप्ता ने इस अवसर पर पत्रकारों और जनप्रतिनिधियों के सवालों का जवाब देते हुए जिले में अन्य संस्थानों में नए कानून को लेकर आगामी दस दिनों तक इस प्रकार का जागरूकता शिविर और सेमीनार के आयोजन करते हुए नए कानून के बारे में जागरूकता लाने का काम करने की बात कही है।
 

 

panchayattantra24.-बिलासपुर । रेप केस वापस लेने के लिए दबाव बनाने के लिए आरोपी ने अपने एक आईपीएस IPS दोस्त की मदद से एक दलित महिला और उसके खिलाफ एक के बाद एक आठ झूठी एफआईआर दर्ज करा दी। इन मामलों में पीड़ित पक्ष को जेल जाना पड़ा। पीड़ित महिला की याचिका पर सुनवाई करते हुए हाईकोर्ट ने पुलिस के रवैये पर हैरानी जताई और राज्य सरकार  को नोटिस जारी कर जवाब दाखिल करने कहा है। दलित विवाहित महिला ने सिटी कोतवाली बिलासपुर में शिकायत दर्ज कराई थी कि वर्ष 2018 से 12 दिसंबर 2019 के बीच रायपुर के न्यू कॉलोनी टिकरापारा निवासी आरोपी पीयूष तिवारी (35) ने खुद को अविवाहित और डीएसपी बताकर उसे शादी करने का प्रलोभन दिया उसके साथ दुष्कर्म किया। बाद में पीड़िता को पता चला कि आरोपी न तो डीएसपी है और न ही अविवाहित है। तब उसने संबंध खत्म कर लिए और उसके खिलाफ दुष्कर्म के साथ ही एससीएसटी एक्ट के तहत मामला दर्ज करा दिया।
इसके बाद आरोपी पीयूष तिवारी और उसके आईपीएस मित्र अरविंद कुजूर ने आरोपी महिला को धमकी दी कि केस वापस लेने पर उसे वे झूठे केस में फंसा देंगे। बाद में पीड़िता इंदौर में शादी कर ली। याचिका के अनुसार शादी का पता चलने पर पीयूष तिवारी ने कुम्हारी पुलिस थाने में धोखाधड़ी का झूठा केस दर्ज कराया। पुलिस ने महिला के पिता, भाई और पति को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। कोर्ट में पीड़िता के अधिवक्ता अमन सक्सेना ने बताया कि इसी तरीके से पीड़िता और उसके परिवार पर फर्जी तरीके से 8 एफआईआर दर्ज कराई जा चुकी है। एक केस में पीड़ितों को जमानत मिलती थी, तो दूसरी एफआईआर दर्ज करा दी जाती थी। ऐसा कई बार हुआ, जिससे महिला का परिवार लगातार जेल में रहा। सुनवाई के दौरान चीफ जस्टिस रमेश सिन्हा व जस्टिस सचिन सिंह राजपूत की डिवीजन बेंच ने पुलिस के रवैये पर नाराजगी व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे में पीड़ित के परिवार का पूरा जीवन केस लड़ते बीत जाएगा। कोर्ट में पुलिस की ओर से कहा गया कि दो मामलों में खात्मा कर दिया गया है, शेष प्रकरणों पर जांच जारी है। हाईकोर्ट ने सख्त रवैया अपनाते हुए सभी मामलों में ट्रायल पर रोक लगा दी। हाईकोर्ट ने आईपीएस अरविन्द कुजूर, पीयूष तिवारी और अभिषेक गजलवार को दो सप्ताह के भीतर शपथपत्र पर जवाब देने का निर्देश दिया है। साथ ही याचिकाकर्ता को भी अगले दो सप्ताह में शपथ पत्र देने कहा गया है।
 

 
 
 panchayattantra24.-बिलासपुर । बिलासपुर में अतिक्रमण हटाने के दौरान बवाल मच गया। शहर के चांटीडीह मेलापारा में अतिक्रमण कर बनाए गए 742 घरों पर बुलडोजर चलाया गया। भारी पुलिस बल के साथ निगम अमला मौके पर पहुंचा। अमले ने घरों पर जैसे बुलडोजर  चलाना शुरू किया, लोग सामने खड़े होकर नारेबाजी करने लगे। प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करने पर सरकंडा पुलिस ने 4 लोगों को गिरफ्तार किया है। नाराज लोगों का कहना है कि काबिज जमीन का पट्टा होने के बावजूद उन्हें ऐन बारिश से पहले घर से बेदखल किया जा रहा है। हालांकि, प्रशासन की कार्रवाई जारी रही। दोपहर ढाई बजे तक बुलडोजर से 40 मकान ढहा दिए गए।
चांटीडीह, मेलापारा में अतिक्रमण पर बने 742 मकानों को ढहाने के लिए निगम और पुलिस प्रशासन के 100 से ज्यादा अधिकारी, कर्मचारी दो जेसीबी, पोकलेन, 4 काऊ कैचर, 5 टिपर लेकर पहुंचे। 30-40 सालों से वहां निवास कर रहे लोगों ने निगम की कार्रवाई का विरोध किया तो भीड़ में धक्का मुक्की होने लगी। सरकंडा टीआई तोप सिंह ने बताया कि प्रशासन की कार्रवाई का विरोध करने, सरकारी काम में बाधा डालने पर 4 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। समझाने पर नहीं माने तो प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की जाएगी।