Browsing: बिलासपुर

 

panchayattantra24.-कोरबा । जिले में एक हत्या का मामला सामने आया है. यहां चरित्र शंका के चलते पति ने अपनी पत्नी पर फावड़े से हमला कर उसकी हत्या कर दी. घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया. जिसे पुलिस ने जंगल से गिरफ्तार किया है. यह मामला पुलिस चौकी कोरबी का है. मिली जानकारी के अनुसार, कोरबी चौकी के ग्राम जलके के मांझा बहरा मोहल्ला में देर शाम बसन्त कुमार पोया ने अपनी पत्नी मंगली बाई (32 वर्षीय) पर फावड़े से हमला कर उसे मौत के नींद सुला दिया. हत्या करने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया था. मामले की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और मर्ग कायम कर जांच में जुट गई. साथ ही आरोपी की तलाश में भी जुट गई थी. 
बताया जा रहा है कि पति बीते मंगलवार को देर शाम बकरी चराकर घर पहुंचा तो पत्नी को दो मर्दों से बात करता देख आगबबूला हो गया. जिसके बाद वह घर में पड़े फावड़े को उठाया और उससे पत्नी पर हमला कर दिया. जिससे पत्नी की मौके पर ही मौत हो गई. मामले में रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी थी, तभी सूचना मिली कि आरोपी जंगल में छिपा हुआ है. जिसके बाद पुलिस ने छापेमारी कर आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया और आगे की कार्रवाई कर रही है. 
 

panchayattantra24.-जांजगीर-चांपा । जिले में ईंट से भरे माजदा वाहन ने बाइक सवार युवक को रौंद दिया। जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने ड्राइवर को हिरासत में ले लिया है। घटना शिवरीनारायण थाना क्षेत्र के नगर पंचायत खरौद की है। जानकारी के मुताबिक, कन्हैया यादव (30) पामगढ़ थाना क्षेत्र के भैसो का रहने वाला था। बुधवार सुबह करीब 8 बजे बाइक के जरिए खरौद से शिवरीनारायण जा रहा था। इसी दौरान तेज रफ़्तार माजदा वाहन ने उसे टक्कर मार दी।
वाहन का पहिया उससे शरीर के ऊपर से निकल गई। जिससे घटना स्थल पर ही उसने दम तोड़ दिया। हादसे के बाद ग्रामीणों और परिजनों में भारी आक्रोश है। पिछले 3 घंटे तक मुआवजे की मांग को लेकर चक्का जाम कर दिया। पुलिस बल उन्हें समझाइश देने की कोशिश कर रही है। वहीं, हादसे के बाद पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजवा दिया है। माजदा वाहन के चालक को हिरासत में ले लिया गया है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले में आगे की जांच कर रही है।
 

 
 
panchayattantra24.-जांजगीर । जांजगीर-चांपा जिले के नैला रेलवे स्टेशन प्लेटफार्म 4 के रेलवे ट्रैक पर एक युवक की लाश मिली है। बताया जा रहा है कि युवक ने ट्रेन से कटकर आत्महत्या की है। अभी पहचान नहीं हो सकी है। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए जिला अस्पताल के मॉर्च्युरी में रखा गया है। मिली जानकारी अनुसार, नैला रेलवे स्टेशन मास्टर ने मंगलवार की सुबह जीआरपी को सूचना दी। एक युवक की रेलवे ट्रैक पर लाश पड़ी है। जीआरपी मौके पर पहुंची। युवक की पहचान के लिए शव की तलाशी ली गई। पहचान के लिए कोई कार्ड नहीं मिला है। पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक युवक के पेंट की जेब से बाइक की चाबी और एक मोबाइल चार्जर मिला है। फिलहाल शव को पोस्टमॉर्टम के लिए जिला अस्पताल ले जाया गया है। मृत युवक की पहचान के लिए लोगों से पूछताछ कर रही है। 
 

 
 panchayattantra24.-बिलासपुर। जिंदल पॉवर प्लांट को जमीन देने का विरोध करने वाले एक किसान पर पुलिस ने एक के बाद एक पांच एफआईआर दर्ज कर लिए और उसका नाम गुंडा सूची में डाल दिया। इस कार्रवाई को पीड़ित ने हाईकोर्ट में चुनौती दी। कोर्ट ने प्रारंभिक सुनवाई में गुंडा सूची में शामिल करने पर अंतरिम रोक लगा दी है और राज्य शासन तथा पुलिस को नोटिस जारी कर जवाब मांगा है। तमनार के आशुतोष बोहिदार ने याचिका में बताया कि प्रस्तावित जिंदल पॉवर प्लांट के लिए किए जा रहे जमीन अधिग्रहण में उनकी मां के नाम पर दर्ज जमीन को शामिल किया गया था। 
इसका उन्होंने विरोध किया था। विरोध के बाद जून 2022 में शांतिभंग, हमला, धमकी आदि के 5 मामले पुलिस ने उसके खिलाफ दर्ज कर लिए और उनका नाम गुंडा सूची में डाल दिया। इसकी जानकारी उन्हें सूचना के अधिकार के तहत जानकारी लेने पर मिली, जबकि पुलिस ने उसे कोई नोटिस, समंस आदि नहीं दिया है। हाईकोर्ट में चीफ जस्टिस रमेश सिन्हा की डिवीजन बेंच ने माना कि बिना उचित प्रक्रिया का पालन किए किसी को गुंडा घोषित नहीं किया जा सकता। कोर्ट ने राज्य सरकार और पुलिस को नोटिस जारी कर जवाब दाखिल करने कहा है।
 

PT –   कवर्धा l आज महामाया मंदिर चौक स्थित विधायक कार्यालय में अयोध्या से रामलला और काशी विश्वनाथ के दर्शन कर लौटे दर्शनयात्रियों और भक्तगणों का स्वागत कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा विशेष रूप से शामिल हुए और श्रद्धालुओं का स्वागत किया। उन्होंने सभी भक्तों को उनकी सफल और सुरक्षित यात्रा के लिए बधाई दी और उन्हें शुभकामनाएं दीं।

कार्यक्रम के दौरान उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा, “यह हमारे लिए गर्व की बात है कि हम अपने प्रदेश के श्रद्धालुओं को रामलला के दर्शन के लिए शासकीय सहायता प्रदान कर पा रहे हैं। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में यह योजना सफलतापूर्वक संचालित हो रही है और हमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की गारंटी को पूरा करने में भी सफलता मिल रही है।”

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने 5 मार्च को इस योजना के तहत छत्तीसगढ़ से अयोध्या तक चलाई जा रही विशेष ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया था। 26 जून को कवर्धा जिले के जनपद पंचायत और नगरी निकाय क्षेत्र के कुल 71 श्रद्धालु इस यात्रा में शामिल हुए, जिनमें महिलाएं भी शामिल थीं। इस यात्रा में शामिल श्रद्धालुओं ने अयोध्या में रामलला के दर्शन किए।

उपमुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश के स्थानीय निवासी जिनकी आयु 18 वर्ष से 75 वर्ष के बीच है, वे इस योजना का लाभ उठा सकते हैं। यह योजना उनके जीवन में एक बार उत्तर प्रदेश राज्य के अयोध्या में स्थित रामलला जी और काशी विश्वनाथ के दर्शन हेतु शासकीय सहायता प्रदान करने के उद्देश्य से प्रारंभ की गई है। इस योजना से अब आम जनता को लाभ मिलने लगा है और यह यात्रा धार्मिक और सांस्कृतिक दृष्टिकोण से महत्वपूर्ण मानी जा रही है।

कार्यक्रम के दौरान उपमुख्यमंत्री ने यह भी बताया कि इस योजना का मुख्य उद्देश्य प्रदेश के निवासियों को धार्मिक पर्यटन के माध्यम से धार्मिक और सांस्कृतिक अनुभव प्रदान करना है। उन्होंने कहा, “हमारा उद्देश्य है कि छत्तीसगढ़ के अधिक से अधिक लोग इस योजना का लाभ उठाएं और रामलला के दर्शन कर सकें। इससे हमारे प्रदेश की धार्मिक और सांस्कृतिक धरोहर को भी बढ़ावा मिलेगा। 

रामलला और काशी विश्वनाथ के दर्शन कर लौटे दर्शनार्थियों ने उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा को भगवान रामलला और काशी विश्वनाथ के दर्शन कराने के लिए आभार व्यक्त किया। श्रद्धालुओं ने उन्हें श्रवण बेटा कहकर आशीर्वाद दिया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

इस अवसर पर कई स्थानीय जनप्रतिनिधि, गणमान्य व्यक्ति और बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित थे। सभी ने उपमुख्यमंत्री के प्रयासों की सराहना की और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा को धन्यवाद दिया।

कार्यक्रम के अंत में उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने सभी श्रद्धालुओं को शुभकामनाएं दीं और उन्हें भविष्य में भी इसी तरह की धार्मिक यात्राओं का लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने यह भी आश्वासन दिया कि राज्य सरकार भविष्य में भी इस तरह की योजनाओं के माध्यम से प्रदेश के लोगों को धार्मिक और सांस्कृतिक अनुभव प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध रहेगी।

 

 

PT रायपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में आज सड़क दुर्घटना में एक मासूम बच्ची की मौत हो गई और 30 से अधिक लोग घायल हो गए हैं। इस घटना को लेकर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर ट्वीट कर दु:ख प्रकट किया है।

सीएम साय ने ट्वीटर पर लिखा कि, बिलासपुर के पास बस पलटने से एक बच्ची के निधन और 30-35 यात्रियों के घायल होने की दुःखद खबर आ रही है। घायलों को सिम्स और जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

उन्होंने आगे लिखा कि घटना में घायल हुए लोगों के इलाज की उचित व्यवस्था करने के लिए कलेक्टर को निर्देश दिए हैं। ईश्वर से दिवंगत बच्ची की आत्मा की शांति और घायलों के जल्द से जल्द स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूँ।

बता दें, बिलासपुर के तोरवा थाना क्षेत्र के लालखदान ओवर ब्रिज के पास बिलासपुर से मस्तूरी जा रही 50 से अधिक लोगों से भरी बस के सामने एक बाइक सवार आ गया। उसे बचाने के चक्कर में बस अनियंत्रित होकर बिजली के खंभे से टकरा गई। इसके बाद पलट गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि खंभा भी टूटकर गिर गया। चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और घायलों को बाहर निकाला और पुलिस को सूचना दी।

हादसे में कई यात्रियों के सिर, पैर और पीठ में गंभीर चोटें आई है। इसके अलावा एक बच्ची की मौत हो गई है। वहीं 12 से ज्यादा बच्चे गंभीर रूप घायल हो गए हैं। घायलों को हॉस्पिटल में भर्ती कराकर तोरवा पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

 
  panchayattantra24.-कोरबा। कोरबा के जिला खनिज न्यास कोष के 1200 करोड़ रुपये के दुरुपयोग की जांच कराने की मांग को लेकर दायर जनहित याचिका को महालेखाकार की ओर से जवाब मिलने के बाद हाईकोर्ट ने निराकृत कर दिया। जवाब में बताया गया है कि डीएमएफ  में हुए खर्च की ऑडिट कर ली गई है और रिपोर्ट विधानसभा में इसे प्रस्तुत किया जाएगा। रिपोर्ट पर कार्रवाई राज्य सरकार को करना है। कोरबा के सामाजिक कार्यकर्ता संतोष कुमार राठौर व अन्य व्यक्तियों ने अधिवक्ता संजय कुमार अग्रवाल के माध्यम से दायर जनहित याचिका में कहा था कि डीएमएफ में कोरबा जिले 1200 करोड़ रुपये मिले हैं, जिसमें डीएमएफ के रूल्स का उल्लंघन करते हुए कार्यों के आवंटन और राशि को खर्च करने मं भ्रष्टाचार किया गया है। बिल का भुगतान करते समय टीडीएस कटौती नहीं की गई है तथा सालाना ऑडिट भी नहीं कराया जा रहा है। 
मामले की सुनवाई के दौरान शुक्रवार को महालेखाकार के अधिवक्ता रमाकांत मिश्रा ने चीफ जस्टिस की डिवीजन बेंच को जानकारी दी कि डीएमएफ में हुए खर्च की ऑडिट कर रिपोर्ट राज्य सरकार को सौंप दी गई है, जिसे विधानसभा में प्रस्तुत किया जाना है। प्रकरण में राज्य सरकार की ओर कार्रवाई की जाएगी। हाईकोर्ट ने महालेखाकार का पक्ष सुनने के बाद कहा कि चूंकि जांच की मांग पूरी हो गई है और राज्य सरकार इस पर कार्रवाई करेगी, याचिका निराकृत की जाती है।
 

 
 
panchayattantra24.-कोरबा । कटघोरा वन मंडल के एसडीओ SDO वन संजय त्रिपाठी पर शुक्रवार दोपहर गौरेला उप वन मंडल कार्यालय में विभाग के (क्लर्क) बाबू परमेश्वर गुर्जर ने हमला कर दिया। इससे उनके सिर में गंभीर चोट आई। उन्हें गौरेला अस्पताल के बाद बिलासपुर रेफर कर दिया है। आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। 
एसडीओ त्रिपाठी गौरेला उपवन मंडल के एसडीओ रह चुके हैं। साथ ही मरवाही के प्रभारी डीएफओ भी थे। निर्माण कार्यों में गड़बड़ी की शिकायत पर गौरेला एसडीओ रामकुमार सिदार जांच कर रहे हैं। जांच में अपना बयान देने एसडीओ त्रिपाठी गौरेला गए थे। वे कुर्सी पर बैठे थे, इसी दौरान गुर्जर पीछे से हमला कर दिया। बाबू गुर्जर के खिलाफ फर्जी भर्ती मामले में प्रकरण चल रहा है। उसके खिलाफ बर्खास्त करने की कार्रवाई भी हुई थी, लेकिन वह अभी हाईकोर्ट से स्टे लेकर काम कर रहा है। इस प्रकरण की जांच गौरेला एसडीओ रहते संजय त्रिपाठी ने ही की थी। जांच में शिकायत सही पाए जाने पर बर्खास्त करने की अनुशंसा की थी। इसकी खुन्नस में ही उसने एसडीओ पर हमला किया। 
 

 
 panchayattantra24.-बिलासपुर । बिलासपुर जिला अस्पताल की डॉक्टर पूजा चौरसिया की मौत खुदकुशी नहीं, बल्कि हत्या थी। पूजा की मां द्वारा निजी फोरेंसिक एक्सपर्ट से कराई गई जांच के बाद पुलिस को मिली एफएसएल रिपोर्ट में यह खुलासा हुआ है। दरअसल, डॉ. पूजा की मौत 10 मार्च को हुई थी। पूजा की मां रीता चौरसिया उस समय अमेरिका में थीं। इसकी सूचना मिलने पर वह देश लौटीं। उनके आने के बाद पूजा का पोस्टमार्टम हुआ। 
पूजा की मां रीता ने कहा, ‘जब मैं जिला अस्पताल पहुंची तब देखा कि पूजा के सिर में खून लगा हुआ था। उसके कान से खून बहकर सिर तक पहुंचा था। उन्होंनें पूजा की पीठ पर चोट के बड़े-बड़े निशान भी मिले। इसे देख कर हत्या का शक हुआ। दामाद अनिकेत पर पहले से शक था। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक मामले में मृतका के पति डॉ. अनिकेत कौशिक की भूमिका संदिग्ध है। अनिकेत और जिम ट्रेनर सूरज ही पूजा को कार से महादेव हॉस्पिटल लेकर गए थे। पास का हॉस्पिटल छोड़ डेढ़ किमी दूर पूजा को ले जाना भी सवाल खड़े करता है। डॉ. पूजा को आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप में जिम ट्रेनर सूरज गिरफ्तार है। पीएम रिपोर्ट में सामने आया कि शरीर पर किसी भारी वस्तु से प्रहार किया गया था, जबकि पोस्टमॉर्टम में दम घुटने से मौत बताई गई। पीएम करने वाले डॉक्टर और अस्पताल प्रशासन पर भी शक है।
 

panchayattantra24.-बिलासपुर। स्मार्ट सिटी बिलासपुर ने एक और उपलब्धि हासिल की है. डेटा और तकनीक के उपयोग में बिलासपुर को देशभर के टॉप 5 शहरों में पांचवा स्थान मिला है. वहीं टीम मैनेजमेंट और अंतर्विभागीय समन्वय में 95 प्रतिशत अंकों के साथ बिलासपुर पूरे देश में अव्वल नंबर पर है. रायपुर 85 प्रतिशत अंकों के साथ दूसरे नंबर पर है. बिलासपुर शहर के लिए यह एक बड़ी उपलब्धि हैं की देश के 100 स्मार्ट सिटी में अलग-अलग सेक्टर में पहले और पांचवें स्थान पर हमर बिलासपुर है. इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सिस्टम छत्तीसगढ़ की उपलब्धि बनी और सेंट्रल लाइब्रेरी पूरे देश में मॉडल बनकर उभरी है. गुरुवार को नई दिल्ली में आइएमएएफ 2.0 यानी आई ट्रिपल सी मैच्योरिटी असेसमेंट फ्रेमवर्क पर आधारित स्मार्ट सिटी के सीईओ कान्फ्रेंस का आयोजन किया गया था. इस कान्फ्रेंस में देशभर की स्मार्ट सिटी का क्वालिटी कंट्रोल आफ इंडिया के द्वारा की गई मूल्यांकन की समीक्षा की गई. इसमें मूल्यांकन के परिणामों को घोषित किया गया. परिणामों की घोषणा करते हुए डेटा और तकनीक तथा कमांड एंड कंट्रोल सेंटर के बेहतर उपयोग के लिए बिलासपुर को सम्मानित किया गया. इस पुरस्कार को बिलासपुर स्मार्ट सिटी लिमिटेड के एमडी अमित कुमार ने ग्रहण किया.