Browsing: छत्तीसगढ़

रायगढ़  ।  जिले के मेडिकल कॉलेज में डॉक्टरों की अनुपस्थित रहने से मरीजों को परेशानी हो रही है. आज एक सब इंस्पेक्टर इलाज कराने के लिए अस्पताल पहुंचे थे, लेकिन वहां कोई डॉक्टर मौजूद नहीं थे. पुलिस अधिकारियों ने परेशान होकर सब इंस्पेक्टर को निजी अस्पताल लेकर गए ।
जानकारी के मुताबिक एसपी कार्यालय के शिकायत सेल में पदस्थ सब इंस्पेक्टर लक्ष्मी प्रसाद तिवारी काम कर रहा था. तभी छत का छज्जा लक्ष्मी प्रसाद तिवारी के सिर में गिर गया. पुलिस अधिकारियों ने  उसे तत्काल घायल अवस्था में जिला मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया. आधे घंटे बाद भी कोई डॉक्टर इलाज करने नहीं आया. पुलिस वाले इधर-उधर भटकते रहे. जब डॉक्टर नहीं आए तो एक निजी अस्पताल में ले जाकर इलाज कराना पड़ा ।
अस्पताल प्रबंधन की इस तरह की लापरवाही से किसी दिन बड़ी चूक हो सकती है. अगर कोई गंभीर केस आता है और डॉक्टर नहीं पहुंचे तो मरीज की जान जा सकती है. वहीं एसपी कार्यालय की भी चूक सामने आई है. अगर छोट गंभीर होता तो सब इस्पेक्टर को भारी परेशानी हो सकती थी. फिलहाल इलाज के बाद उसे घर भेज दिया ।

कांकेर  ।  नक्सली अपने कायराना हरकतों से बाज नहीं आ रहे है, आए दिन कहीं न कहीं नक्सल वारदातों को अंजाम देते रहते हैं. ताजा मामला कांकेर जिले के कोयलीबेड़ा थाना क्षेत्र से निकलकर सामने आया है. नक्सलियों ने 10 वाहनों को आग के हवाले कर दिया है ।
मिली जानकारी के अनुसार ये वाहन सड़क निर्माण कार्य में लगे हुए थे. जिन वाहनों में आगजनी की गई है उनमें सात ट्रैक्टर, एक जेसीबी मशीन और दो ट्रक शामिल है. नक्सलियों ने इस घटना को कड़मे से सोंडवामोड़ के बीच अंजाम दिया है ।
बता दें कि नक्सली ग्रामीण इलाकों में विकास नहीं होने देना चाहते है, जिस वजह से आए दिन सड़क निर्माण कार्य में लगे वाहनों में आगजनी करते रहते हैं. वो जानते है कि यदि विकास हो गया औऱ सड़क बन गया तो लोगों का आवागमन जारी रहेगा. जिससे वो अपनी पैठ नहीं जमा पाएंगे. यही वजह है कि नक्सली इस तरह की वारदातों को अंजाम देते रहते हैं ।

अंबिकापुर । छत्तीसगढ़ केपूर्व गृहमंत्री रामसेवक पैकरा की मुश्किलें बढ़ गई हैं। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने स्वेच्छा अनुदान में कथित घोटाला की जांच के आदेश दिए हैं। जांच के लिए कलेक्टर सूरजपुर को आदेशित किया गया है। कलेक्टर से 15 दिन में जांच कर प्रतिवेदन मांगा गया है।
पूर्व गृहमंत्री रामसेवक पैकरा के स्वेच्छा अनुदान घोटाला एवं आय से अधिक संपत्ति के मामले को लेकर अधिवक्ता एवं आरटीआइ कार्यकर्ता डीके सोनी के ने जांच की मांग की थीस दस्तावेजों के आधार पर कहा था कि 2016 में स्वेच्छा अनुदान में गड़बड़ी की गई है।
उन्होंने भाजपा शासन के दौरान भी जांच की मांग की थी लेकिन उस समय सरकार ने अपने ही मंत्री की जांच कराना मुनासिब नहीं समझा। इस मामले में आरटीआइ कार्यकर्ता ने उच्च न्यायालय से भी फरियाद की थी, जिसमें उच्च न्यायालय द्वारा 11 अप्रैल 2017 को आदेश पारित करते हुए गृहमंत्री रामसेवक पैकरा के विरुद्ध लोक आयोग एवं अन्य शिकायत की जांच कराने का आदेश दिया गया था।

कुम्हारी ।  बीते दिनों नवजात बच्चे को जन्म देने के बाद आग के हवाले करने वाले मां-बेटी को पुलिस ने गिरफ्तार किया है. दरअसल एक अप्रैल को दुर्ग जिले के रामपुर चोरहा में एक नवजात बच्चे का जला हुआ शव खेत से बरामद हुआ था. जिसके बाद पुलिस इसे जन्म देने वाली मां की तलाश कर रही थी ।
जानकारी के मुताबिक आरोपी मां टिकेश्वरी साहू शादी के तीन वर्ष बाद पति से अलग रहकर अपने पिता के घर एक तीन वर्षीय बेटे के साथ रहने लगी थी और पड़ोसी गाँव लिमतरा के युवक से प्रेम संबंध था. शारीरिक संबंध के दौरान वह गर्भवती हो गई औऱ घर में अपनी माँ के सहयोग से बच्चे को जन्म दिया था ।
आरोपी मां -बेटी
नजायज बच्चे को जन्म देने के बाद इसे आरोपी टीकेश्वरी ने अपनी मां राजिम बाई के साथ मिलकर कचरे की टोकरी में भरकर रात को ही गांव के खेत के सूने स्थान पर जला दिया था. जिससे नवजात की मौत हो गई थी ।
पुलिस ने अब मुखबिर की सूचना पर पता चला कि गांव में एक महिला ने अवैध रुप से एक बच्चे के जन्म दिया था. पूछताछ में मां और बेटी ने अपराध करना कबूल लिया है. पुलिस ने दोनों को धारा 302, 201 एवं 34 के तहत गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई कर रही है ।

जशपुरनगर । नारायणपुर थाना क्षेत्र के ग्राम रणपुर के पास स्थित बेलसुनेगा डेम में एक आश्चर्यजनक मामला सामने आया है। मनसा देवी सती समाज के अनुयायियों को हैरतअंगेज कृत्यों के लिए जाना जाता है, जो जीभ में तलवार, नुकीली धारदार हथियार चुभोते हैं, गाल में चुबोकर नृत्य करते हैं।
गुरुवार सुबह 11:30 बजे अचानक डेम के पास एक पिकअप में भरे अनुयाई यहां पहुंचे। बड़ी संख्या में महिलाओं ने डेम से एक महिला को निकाला और उसका जमकर स्वागत किया गया। अनुयायियों का दावा है कि महिला नवरात्रि के दिन से डैम में जल समाधि ली हुई थी, जिसका आज निकलना तय हुआ था।
करीब 11 दिन के बाद वह पानी से भरे डेम से बाहर निकली। डेम के पानी से निकलते हुए देखने का दावा सैकड़ों ग्रामीण कर रहे हैं, लेकिन निकलने के दौरान किसी के पास मोबाइल कैमरा नहीं था। जल समाधि लेने वाली महिला का नाम विमला बाई है, जो बगीचा ब्लॉक के ग्राम कोरवा बहरी की निवासी है। घटना पूरे ग्रामीण क्षेत्र में चर्चा का विषय बन गया है।

महासमुंद । छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले में एक बार फिर जंगली भालू का हमला हुआ है। मिली जानकारी के मुताबिक यहां पिथौरा वनपरिक्षेत्र के ग्राम चैनडीपा में खेत में काम कर रहे एक युवक पर जंगली भालू ने हमला कर दिया।
खेत में काम कर रहा युवक केशव 23 साल का है और उसे घायल हालत में पिथौरा के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है। फिलहाल वन विभाग ने राहत के रूप में घायल केशव को एक हजार रुपए की सहायता राशि दी है।

गरियाबंद । छत्तीसगढ़ में लोकसभा चुनाव में हुए भारी मतदान से नक्सली नाराज हैं और बौखलाहट मिटाने के लिए बड़ी घटनाओं को अंजाम देने की साजिश कर रहे थे, लेकिन गरियाबंद पुलिस ने यहां इनकी साजिश को नाकाम कर दिया है। पुलिस और सुरक्षा बलों की 24 अप्रैल को यहां नक्सलियों से मुठभेड़ हुई थी। इस मुठभेड़ के दौरान पुलिस ने एक नक्सली को पकड़ा था । पकड़े गए नक्सली ने इस बड़ी साजिश का खुलासा किया है। इसी के साथ पुलिस ने पकड़े गए नक्सली की निशानदेही पर बड़ी तादात में बम बनाने का सामान और अन्य हथियार जब्त किए हैं।
गरियाबंद के पुलिस अधीक्षक एम आर अहिरे ने गुस्र्वार को एक प्रेस वार्ता के दौरान इस बारे में जानकारी देते हुए बताया कि 24 अप्रैल को सूचना प्राप्त हुई थी कि कोदोमाली के मध्य मुख्य सड़क मार्ग के किनारे नक्सलियों ने बैनर पोस्टर लगाए हैं।
इस सूचना के आधार पर थाना जुगाड़ से उपनिरीक्षक कैलाश केशरवानी के नेतृत्व जिला बल व सीआरपीएफ 211 बीएन ई कंपनी के असिस्टेंट कमांडेंट श्रीराम शर्मा के नेतृत्व में संयुक्त पार्टी को तस्दीक के लिए वहां रवाना किया गया।
टीम को ग्राम तौरेंगा और कोदोमाली के मध्य मुख्य सड़क के किनारे पेड़ में लाल रंग के कपड़े का बैनर-पोस्टर लगा मिला। जिसमें मैनपुर नुआपाड़ा डिविजन कमेटी के नक्सलियों द्वारा राजनीतिक प्रत्याशियों और पुलिस के विरूद्ध व नक्सली नारे लिखे हुए थे।
पुलिस पार्टी द्वारा बैनर पोस्टर को निकाला जा रहा था इसी बीच नक्सलियों ने पेड़ों पर लगे बैनर के पास आइईडी विस्फोट कर अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस पार्टी ने जवाबी फायरिंग की की। पुलिस पार्टी को हावी होता देख 20-22 बंदूकधारी नक्सल सदस्य जंगल की ओर भाग गए। जिनका पुलिस पार्टी द्वारा पीछा किया गया तो एक नक्सली जंगल के भीतर पकड़ा। पूछताछ करने पर उसने अपना नाम अर्जुन उर्फ पायकू पिता आयतु कुंजाम निवासी लेंड्रा-पालनार थाना गंगालूर जिला बीजापुर बताया, जो सीपीआई माओवादी मैनपुर नुआपाड़ा डिविजन कमेटी अंतर्गत टेक्नीकल टीम का डिप्टी कमांडर है, जिस पर तीन लाख स्र्पये का इनाम घोषित है।
घटना में एसजेडसी जयराम उर्फ गुड्डू, गुड्डू का गार्ड मंजूला और शर्मिला, संगीता, सीनापाली एरिया कमेटी के राजीव, विद्या, जनीला, पूजा, नंदिनी, गीता, अंजली, एसडीके एरिया कमेटी के बलदेव, पार्वती, दिलीप, उमेश, शंकर, रिंकी, रूपेश, उदंती एलओएस के आकाश, रामजी, रामे, सुरती, सुमित्रा, नंदू उर्फ नंदलाल को शामिल होना बताया।
शेष नक्सलियों की पतासाजी के लिए घटना स्थल के आसपास दिनभर सर्चिंग की गई तो मौके से 50 मीटर लगभग लंबा इलेक्ट्रिक वायर, विस्फोट से टूटा हुआ प्रेशर कुकर का टुकड़ा, नक्सल बैनर-पाम्पलेट बरामद किया गया। इसके अलावा गिरफ्तार नक्सली की निशानदेही पर 6 नग जिलेटिन स्टीक, 4 नग डेटोनेटर, 8 नग बैटरी सेल भी वहां बरामद हुए।
पूछताछ में गिरफ्तार नक्सली ने बताया कि लोकसभा चुनाव में जिला गरियाबंद में हुए भारी मतदान से माओवादी अत्यधिक बौखलाए हुए हैं। मतदान केन्द्र ग्राम ओंढ़, आमामोरा, साहेबिनकछार व नागेश में तैनात सुरक्षा बलों व मतदान पार्टी को नुकसान पहुंचाने की योजना माओवादियों द्वारा बनाई गई थी, लेकिन यह योजना सुरक्षा बलों की सटीक रणनीति की वजह से नाकाम हो गई।
इसी बौखलाहट में नक्सली अब यहां बड़ी घटना को अंजाम देने की फिराक में थे। गिरफ्तार नक्सली से पूछताछ में नक्सली डेरे, आश्रय स्थल व नक्सलियों के भविष्य की रणनीतियों से जुड़ी अन्य कई गोपनीय सूचनाएं मिली हैं जो नक्सल विरोधी अभियान में प्रभावी कार्यवाही के लिए उपयोगी साबित होंगी।

रायगढ़ । रायगढ़ नेशनल हाईवे क्रमांक-49 में सड़क दुर्घटना में बोरवेल की गाड़ी पलट गई, जिसमें एक व्यक्ति की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दो लोग घायल हो गए हैं। मिली जानकारी के मुताबिक ग्राम कुनकुनी के पास निर्माणाधीन रोड के अनियंत्रित होकर पलटने से एक मजदूर की बोर वेल्स की पाइप में दबकर घटनास्थल में दर्दनाक मौत हो गई, इसके अलावा 2 अन्य मजदूर घायल हो गए है।
बताया जा रहा है कि मजदूर बोर खनन वाली गाड़ी के ऊपर पाइप में बैठकर गन्तव्य जा रहे थे। इस बीच वाहन खराब रोड के कारण निर्माणधीन पुल के पास अनियंत्रित होकर पलट गई। सड़क हादसे में मजदूर की मौत के बाद घटनास्थल में लोगो का जमावड़ा लग गया। सड़क निर्माण में लगे ठेकेदार एवं नेशनल हाईवे की अधिकारियों के प्रति लोग अपना गुस्सा जता रहे हैं।

दंतेवाड़ा । सटीक सूचना और त्वरित कार्रवाई से जिले की फोर्स को फिर सफलता मिली है। इस बार जवान ग्रामीण वेशभूषा में नक्सलियों के करीब पहुंच कर कमांडर को मार गिराया। कार्रवाई करने वाली टीम में इस बार 20 जवान शामिल थे। जो ग्रामीण वेशभूषा में टी शर्ट और लूंगी पहनकर जंगल में घुसे थे। जिससे नक्सली दूर से उन्हें नहीं पहचान पाए और उनका कमांडर मारा गया।
विधायक भीमा मण्डावी पर हमले के बाद फोर्स ने अपनी रणनीति में बदलाव कर रही है। मुखबिरों की सूचना पर तत्काल एक्शन लेते सफलता भी पा रही है। सर्चिंग और कार्रवाई के दौरान परिस्थिति अनुसार रणनीति भी तैयार करती है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार मुखबिर ने जानकारी दी थी कि फरसपाल थाना इलाके में ग्रामीण और तेंदूपत्ता के कुछ ठेकेदारों को बुलाया है। इसी सूचना पर डीआरजी (डिस्ट्रिक्ट रिजर्व गार्ड) के चुनिंदा 20 जवानों को सुबह रवाना किया गया। हथियारों से लैस ये जवान बाइक से लूंगी, बनियान और टी शर्ट पहने जंगल में पहुंचे।
जिसके चलते नक्सली और उनके शुभचिंतक पहचान नहीं पाए। लेकिन घेराबंदी के दौरान नक्सलियों ने फायरिंग करते भागने लगे। इस बीच एक नक्सली मारा गया और कुछ घायल हुए। घायल साथियों को लेकर नक्सली भागने में कामयाब रहे। जबकि मारे गए नक्सली का शव पुलिस ने अपने कब्जे में किया। वहीं सर्चिंग के दौरान 9 एमएम का एक पिस्टल, कारतूस सहित अन्य नक्सली सामग्री बरामद हुई ।
आय का बड़ा स्रोत है तेंदूपत्ता
नक्सलियों के लिए तेंदुपत्ता आय का एक बड़ा जरिया है।सीजन में इलाके से करोड़ों रुपए के तेन्दूपत्ता की खरीदी सरकार और ठेकेदार करते हैं। सुरक्षित खरीदी और निकासी के लिए नक्सली ठेकेदारों से मोटी वसूली करते हैं। उनकी बात नहीं मानने पर हत्या और ट्रकों के साथ पत्ते को आग के हवाले कर दी जाती है। इस भय से कुछ ठेकेदार नक्सलियों की शर्तें मानकर लेवी देते हैं।
सपोर्टिंग पार्टी भी सादे ड्रेस में पहुंची
नक्सलियों के खिलाफ कार्रवाई के लिए जंगल में जवान जहां लुंगी टी शर्ट में गए वहीं सपोर्टिंग पार्टी के जवान भी सादे कपड़ों में पहुंचे थे। डीआरजी के ज्यादातर जवान स्थानीय और सरेंडर कैडर के हैं। जो स्थानीय बोली भाषा और भौगोलिक परिदृश्य को भलीभांति जानते हैं।

खरसिया  ।  खरसिया विधानसभा क्षेत्र के ग्राम पझर में आज 28 एकड़ के बांस वारी में भयंकर आग लग गई. आग की चपेट में आने से तीन घर जलकर खाक हो गए. ग्रामीणों की सूचना के बाद फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंचे. भारी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया ।  
वन विभाग की टीम भी घटना स्थल पहुंचकर नुकसान का आकलन किया. ग्रामीणों ने बताया कि अगर समय रहते फायर ब्रिगेड नहीं पहुंचते तो पूरा गांव जलकर खाक हो जाता. भयंकर जनहानि हो जाती ।  
वहीं घटना की सूचना मिलने के बाद उच्च शिक्षा मंत्री व खरसिया विधायक उमेश पटेल ने अपनी चुनावी दौरे को निरस्त कर दिया. और ग्राम पंचायत पझर पहुंचकर आग पर काबू पाने के निर्देश दिए. मंत्री पटेल ने ग्रामीणों को शासन की ओर हर संभव मदद करने का आश्वासन दिया ।