Browsing: छत्तीसगढ़

गरियाबंद । नक्सल प्रभावित गरियाबंद जिले में नक्सलियों के आमदरफ्त की खबर के बीच बगैर किसी अनहोनी के मतदान संपन्न हो गया है. आमामोरा व ओढ़ से शांतिपूर्ण मतदान करवा कर 14 मतदान कर्मियों का दल वापस लौट आया है, 200 से ज्यादा जवान भी मतदान के बाद वापस लौट आए हैं. एसपी एमआर अहिरे ने टीम वर्क को इसका श्रेय दिया है वहीं कलेक्टर श्याम धावड़े ने कहा उन जवानों के जज्बे को सलाम जिन्होंने विषम परिस्थितियों के बावजूद मैदान में डटे रहे. हालांकि ओढ़ में 54.98 प्रतिशत का मतदान हुआ जबकि आमामोरा में 692 मतदाताओं में से केवल 15 लोगो ने मतदान किया।
70 घण्टे डटे रहे 228 जवान
इस पूरे अभियान में जिला पुलिस में नक्सल ऑपरेशन पर अहम भूमिका निभाने वाली ई-31 के 90 जवान व अफसर,सीआरपीएफ व कोबरा बटालियन के कुल 228 जवान शामिल रहे। 15 अप्रैल को शाम 5:30को जवानों ने आमामोरा पहाड़ी के लिये कूच किया. 70 घण्टे डटे रहने के बाद, 19 अप्रैल की शाम वापस लौटे ।

खरसिया । वर्ष 2014 में मोदी ने कहा था कि यदि 100 दिन में काला धन विदेशों से ना आए तो मुझे किसी चौराहे में बुलाकर फांसी पर चढ़ा देना. 100 दिन के बजाए 5 साल गुजर चुके हैं, अब वक्त आ गया है मोदी को फांसी पर चढ़ने का. यह बात रायगढ़ लोकसभा क्षेत्र से कांग्रेस प्रत्याशी लालजीत राठिया गुरुवार को खरसिया विकासखंड के बिलासपुर सोनिया शक्ति केन्द्र में चुनाव प्रचार करते हुए कही ।
कांग्रेस के लोकसभा प्रत्याशी और धरमजयगढ़ विधायक लालजीत सिंह राठिया ने कहा कि यह मांग हम नहीं कर हैं, स्वयं उन्होंने (मोदी) ने कहा था कि मुझे किसी चौराहे पर बुला लेना. आप मतदाता से आग्रह हैं कि मतदान के दिन नोटबंदी की बात याद रखें ।
वहीं भूपेश सरकार ने वायदों को पूरा किया. राठिया ने कहा कि मेरे राजनैतिक गुरु शहीद नंदकुमार पटेल के विधानसभा क्षेत्र का नंदगांव मेरी जन्मभूमि है. धरमजयगढ विधानसभा क्षेत्र कर्मभूमि है. सभी 23 अप्रैल को भारी मतदान करें ।
लालजीत राठिया के बयान को छत्तीसगढ़ भाजपा ने कांग्रेस का अहंकार बताया. ट्वीट कर भाजपा ने कहा कि इन्हें वोट इसलिए चाहिए क्योंकि नरेंद्र मोदी को फांसी पर लटका सकें. अहंकार देखिए कांग्रेसियों का ।

पत्थलगांव । मोदी सरकार की नीतियां गरीबों के लिए कल्याणकारी रही हैं। कांग्रेस केवल झूठ की राजनीति कर रही है। मुसलमानों और दलितों को झूठा भय दिखाकर गुमराह किया जा रहा है। यह बातें क्रेंद्रीय परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने शासकीय हाईस्कूल मैदान में लोगों को संबोधित करते हुए कहीं। लोकसभा चुनाव के मद्देनजर शुक्रवार को केंद्रीय परिवहन मंत्री नितिन गडकरी पत्थलगांव पहुंचे। यहां उन्होंने शासकीय हाईस्कूल मैदान में आम सभा को संबोधित करते हुए भाजपा प्रत्याशी गोमती साय के लिए वोट मांगे। इस दौरान मोदी सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए उन्हांने कहा कि पूर्ववर्ती सरकार के समय एक दिन में मात्र 2 किमी राजमार्ग का निर्माण हो रहा था। उन्होंने स्वयं इस कार्य को आगे बढ़ाया और आज प्रतिदिन 35 किमी राजमार्ग का निर्माण किया जा रहा है।
उन्हांने कहा कि राजमार्गों का निर्माण सीमेंट और कंक्रीट से हो रहा है जिसका लाभ आने वाली कई पीढ़ियां उठा सकेंगीं। गंगा नदी की सफाई की प्रगति के बारे में जानकारी देते हुए  गडकरी ने कहा कि मोदी सरकार के कार्यकाल में गंगा को साफ करने पर महत्वपूर्ण ढंग से काम हुआ और आज गंगा अविरल और निर्मल हुई है। गंगा जल के आचमन और इलाहाबाद से वाराणसी तक की गई गंगा यात्रा के लिए प्रियंका गांधी को आड़े हाथों लेते हुए गडकरी ने कहा कि यह गंगा के अविरल और निर्मल होने का स्पष्ट प्रमाण है जबकि पूर्ववर्ती यूपीए सरकार के समय मॉरीशस के प्रधानमंत्री गंदगी की वजह से बिना गंगा स्नान किए ही वापस लौट गए थे।
केंद्र सरकार की नीतियों के बारे में जानकारी देते हुए उन्होंने मोदी सरकार की नीतियों को गरीब और मजदूरों के कल्याण पर केंद्रित बताते हुए कहा कि केंद्र सरकार ने किसानों के खेतों में पानी पहुंचाने के लिए छग में लाखों करोड़ रू बांध बनाने के लिए दिए जिससे नए बांधों का निर्माण हुआ और पुराने अधूरे बांधों का निर्माण भी पूरा हो सका। यही नहीं किसानों को बढ़ावा देने के लिए सरकार ने बायोफ्यूल को बढ़ावा देने की नीति अपनाई। सरकार के प्रयासों से हेलीकॉप्टर और हवाईजहाज जेट्रोफा से चलाने के परीक्षण सफल साबित हुए और शीघ्र ही इससे ईंधन का निर्माण प्रारंभ हो सकेगा। उन्होंने बताया कि नागपुर में बायो सीएनजी से बसें और अन्य वाहन चलाए जा रहे हैं जिससे पूरे क्षेत्र को डीजल के धुएं से होने वाले प्रदूषण से मुक्ति मिली है वहीं किसानों के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा हुए हैं। इसके साथ ही केंद्र सरकार के प्रयासों से एथेनॉल से बायो प्लास्टिक बनाने के परीक्षण किए गए हैं जिनमें सफलता मिली है। शीघ्र ही किसाना एथेनॉल से बायोप्लास्टिक का निर्माण करेंगे। इसके लिए देश में करोड़ों की लागत से एथेनॉल के प्लांट लगाए जा रहे हैं।
केंद्रीय मंत्री गडकरी ने ‘न्याय‘ योजना को लेकर राहुल गांधी पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि 1947 में देश के स्वतंत्र होने के बाद से ही कांग्रेस गरीबी हटाओ का नारा देती आ रही है। पहले पं जवाहर लाल नेहरू,फिर इंदिरा गांधी,राजीव गांधी और सोनिया के निर्देशन में चल रही मनमोहन सरकार भी गरीबी हटाओ का नारा देती रही। परंतु आजादी के 70 सालों में 50 साल तक शासन करने के बावजूद कांग्रेस इसे दूर नहीं कर सकी। अब राहुल गांधी गरीबी हटाओ का नारा लेकर सामने आए हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस प्रत्येक परिवार को 72हजार रू देने की घोषणा कर रही है परंतु इसके लिए उनके पास कोई योजना नहीं है कि वे इतनी बड़ी रकम लाएंगे कहां से। इसे पूरी तरह असंभव बताते हुए उन्होंने कहा कि राहुल गांधी केवल झूठ की राजनीति कर रहे हैं।
उन्होंने कांग्रेस पर सांप्रदायिक राजनीति करने का आरोप लगाते हुए कहा कि मुसलमानों को गुमराह किया जा रहा है कि भाजपा आई तो उन्हें पाकिस्तान भेज दिया जाएगा। इसी प्रकार दलितों को संविधान बदलने का भय दिखाकर गुमराह किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार के 5 वर्षों के कार्यकाल में कांग्रेस के 50 साल से अधिक और बेहतर ढंग से कार्य हुआ है और आगे भी सरकार गरीबों,मजदूरांं और किसानों के कल्याण के लिए काम करती रहेगी। केंद्रीय मंत्री विष्णुदेव साय,राज्यसभा सांसद राजा रणविजय सिंह जूदेव, प्रबल प्रताप सिंह जूदेव, पूर्व विधायक शिवशंकर साय, अनिल मित्तल, सुनील अग्रवाल, मनीष अग्रवाल, संजय लोहिया, अजय बंसल, राहुल अग्रवाल, अंकित बंसल समेत अन्य पदाधिकारीगण यहां उपस्थित रहे।

कांकेर ।  दूसरे चरण के लिए छत्तीसगढ़ के तीन विधानसभा सीट पर मतदान हुआ. मतदाताओं ने इस त्योहार में बढ़-चढ़कर हिस्सा भी लिया. लेकिन कांकेर जिले के मोहला गांव में जहां हाल ही में 4 जवानों की शहादत हुई थी. वहां वोटिंग के प्रति लोग ज्यादा जागरुक दिखें और मतदान कर नक्सलियों को मुहतोड़ जवाब दिया।
दरअसल 4 अप्रैल को कांकेर जिले के परतापुर थाना के अंतर्गत ग्राम माहला में सुरक्षाबलों पर बड़ा हमला किया था. इस हमले में बीएसएफ के 4 जवान शहीद हो गए थे और नक्सलियों ने इस क्षेत्र में मतदान नहीं करने की चेतावनी भी दी थी. जिसे दरकिनार करते हुए आज उस क्षेत्र के मतदाताओं ने नक्सली दहशत से हट कर उन्हें मुहतोड़ जवाब देने के लिए अपना वोट दिया. गांव लंबे समय से नक्सल समस्या से पीड़ित हैं ।
नक्सली अपने धुर इलाकों में लगातार अपनी मौजूदगी दर्ज कराते रहते है, लेकिन इस बार सुरक्षित मतदान के लिए बीएसएफ के जवान इन मतदान केंद्रों पर सुरक्षा देने के लिए पहुंची थी. इस बार नक्सली इलाकों में बड़ी संख्या में ग्रामीण पोलिंग बूथ पहुंचकर अपने मत का प्रयोग किया ।
ठीक ऐसा ही बस्तर लोकसभा चुनाव में देखने को मिला था. दंतेवाड़ा के कुआकोंडा इलाके में नक्सलियों ने मतदान के ठीक दो दिन पहले  बीजेपी विधायक भीमा मंडावी के काफिले में हमला किया था. जिसमें विधायक समेत 4 जवान मारे गए थे. इसके बावजूद मतदाता जोश और उत्साह के साथ मतदान करने पहुंचे थे ।

भानुप्रतापपुर ।  कांकेर लोकसभा सीट के लिए भानुप्रतापपुर में मतदान करने के बाद वापस घर लौट रहे दो बाइक सवारों की सड़क हादसे में मौत हो गई है. बाइक और ट्रेलर की आमने सामने जोरदार भिडंत हो गई. घटना भानुप्रतापपुर थाना क्षेत्र के रानवाही में हुआ है।
मिली जानकारी के अनुसार मृतकों की शिनाख्त धनसिंह कुंजाम और घनश्याम सलाम के रूप में की गई है. दोनों दुर्गुकोंदल स्थित बजरंग इस्पात के खदान में कर्मचारी थे. सड़क हादसे के दौरान एक व्यक्ति की घटनास्थल पर ही मौत हो गई थी, जबकि दूसरा ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया ।
घटना के बाद पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है. वहीं हादसे के बाद ट्रेलर चालक ट्रेलर सहित घटनास्थल से फरार हो गया है. फिलहाल पुलिस ने दोनों शवों के पोस्टमार्टम के बाद उनके परिजनों को सौंपने की तैयारी कर रही है ।

महासमुंद । देश भर के 12 राज्यों की 95 सीटों पर आज दूसरे चरण का मतदान चल रहा है. जिसमें कि छत्तीसगढ़ की तीन लोकसभा सीटें महासमुंद, कांकेर और राजनांदगांव सीट शामिल है. मतदान के लिए प्रदेश में खासा उत्साह देखा जा रहा है. चुनाव को लेकर मतदाताओं में किस कदर की जागरुकता आ चुकी है उसका नजारा महासमुंद जिले में देखने को मिला जहां एक ऐसी बुजुर्ग मतदाता मतदान करने के लिए पहुंची जो बेहद बीमार थी. उसने लोकतंत्र में वोट के महत्व को समझते हुए इलाज से पहले मतदान किया और उसके बाद डॉक्टर के पास पहुंची. महिला की हालत देख डॉक्टरों ने उसे भर्ती कर लिया है।
पंजाबी पारा महासमुंद की 65 साल की बीमार बसन्ती बाई ने गजब का साहस दिखाते हुए पहले मतदान किया फिर अस्प्ताल गयी. वे फेफड़े में पानी भरने की बीमारी से जूझ रही है और पिछले 1 माह से उनका इलाज चल रहा है. बीते रात उनकी तबियत और भी ज्यादा खराब हो गई. उन्हें लगातार उल्टी और चक्कर आ रहे थे. सुबह उनकी बेटी इलाज के लिए उन्हें अस्पताल ले जाने तैयार हुई लेकिन उन्होंने कहा कि पहले मैं वोट डालूंगी फिर अस्प्ताल जाउंगी।
उनकी इस इच्छा का सम्मान करते हुए परिजनों उन्हें सुबह 9 बजे साथ में लेकर पिटियाझर स्थित श्री राम पाठशाला मतदान केंद्र क्रमांक 208 पहुंचे जहां उन्होंने अपने मताधिकार का इस्तेमाल करते हुए मतदान किया. मतदान के बाद परिजन उन्हें इलाज के लिए स्थानीय नर्सिंग होम लेकर पहुंचे जहां डॉक्टरों ने उन्हें उपचार के लिए भर्ती कर लिया है. बसंती बाई ने कहा कि यह पर्व 5 साल में एक बार आता है, तबियत तो खराब होते रहती है।

राजिम । गुरुवार को छत्तीसगढ़ की तीन लोकसभा सीटों में मतदान चल रहा है. राजिम में विधायक अमितेष शुक्ल अपनी पत्नी देवयानी शुक्ल के साथ मतदान करने पहुंचे. अमितेष शुक्ल दोपहर तकरीबन 1 बजे ग्राम पंचायत किरवई स्थित मतदान केन्द्र पहुंचे. जहां वे और उनकी पत्नी ने आम जनता के साथ कतार में खड़े हो कर मतदान किया ।
अमितेष शुक्ल ने मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि राजिम क्षेत्र की जनता के साथ दिवंगत नेता पंडित श्याचारण के समय से पारिवारिक संबंध रहा है. इसलिये क्षेत्र की जनता ने तकरीबन 58 हजार वोट से लीड दिलाकर विधानसभा चुनाव जिताया है. धनेन्द्र साहू भी ऐतिहासिक मतों से विजय होंगे और देश मे कांग्रेस की सरकार बनेगी ।

मोहला मानपुर ।  ग्राम मेढा और डब्बा के बीच माओवादी ने आईटीबीपी जवानों को निशाना बनाते हुए बम ब्लास्ट किया, जिससे एक जवान घायल हो गया ।
जानकारी के अनुसार, सुबह करीबन 11 बजे ग्राम मेढा और डब्बा के बीच मुख्य मार्ग पर नक्सलियों ने साइकिल में बम प्लांट जवानों के नजदीक आते ही ब्लास्ट कर दिया. इससे एक जवान को चोट आई है, वहीं अन्य सकुशल बताए जाते हैं. बम ब्लास्ट के बाद जवानों ने फायरिंग की आशंका पर मोर्चा संभाल लिया. घटना की पुष्टि करते हुए डीआईजी सुंदरराज ने बताया कि मेढा और डब्बा के बीच नक्सलियों ने रिमोट के जरिए आईडी ब्लास्ट किया है।
गौरतलब है कि लोकसभा चुनाव की घोषणा के बाद से ही नक्सलियों की गतिविधियां तेज हो गई है. एक तरफ चुनाव बहिष्कार के लिए पोस्टर लगाकर लोगों को आगाह किया जा रहा है, वहीं दूसरी ओर चुनाव प्रचार के लिए पहुंच रहे नेताओं और कार्यकर्ताओं को डराने के लिए वारदातों को अंजाम दे रहे हैं, जिसकी कड़ी में बीते 9 अप्रैल को दंतेवाड़ा से भाजपा विधायक भीमा मंडावी की गाड़ी को बम ब्लास्ट कर उड़ा दिया गया था, जिसमें भीमा मंडावी के साथ उनके चार सुरक्षाकर्मियों की मौत हो गई थी ।

कांकेर । प्रदेश की तीन सीटों पर आज मतदान किया जा रहा है। राजनांदगांव, कांकेर और महासमुंद में आज वोट डाले जा रहे है। छत्तीसगढ़ बीजेपी अध्यक्ष विक्रम उसेंडी ने कांकेर में अपने मत का प्रयोग किया। बता दें कि तीनों संसदीय क्षेत्र में कुल कुल 6484 मतदान केन्द्र बनाए गए हैं। कांकेर में 9, महासमुंद में 13 और राजनांदगांव में 14 उम्मीदवार चुनावी मैदान में हैं। यानी कि तीनों सीटों पर कुल 36 प्रत्याशियों की किस्मत आज 49 लाख से अधिक मतदाता तय करने वाले हैं।

गरियाबन्द ।  महासमुंद लोकसभा के गरियाबंद जिले के 7 गांव के लोग चुनाव बहिष्कार पर अभी भी अडिग है. देवभोग विकास खण्ड के इन सभी गांव के ग्रामीणों की मांग है कि जब तक तेलनदी के सेनमूड़ा घाट पर पुलिया का निर्माण नहीं होगा वो मतदान नहीं करेंगे।
छत्तीसगढ़ के बाकी लोकसभा में देखे तो मतदाता बढ़-चढ़कर हिस्सा ले रहे है, लेकिन गरियाबंद जिले के देवभोग विकास खण्ड के सेनमूड़ा, सगुनभाड़ी, खोकसरा, खम्हारगूडा, सेनमूड़ा, परेवापली, मोटरापारा में अब तक एक भी वोट नहीं डाले गए है. जबकि ठीरलीगुड़ा में केवल 4 वोट पड़े हैं. यहां तक के इन गांव में प्रत्याशियों के पोलिंग एजेंट तक नहीं बैठाने दिया गया ।
मतदान केंद्र पड़े खाली
हालांकि प्रशासन इन ग्रामीणों को मनाने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन उनका लोगों पर कोई असर नहीं पड़ रहा हैं. पूरे गांव के लोग इकठ्ठा होकर मतदान बहिष्कार कर रहे है और पुल नहीं तो वोट नहीं के नारे लगा रहे हैं।
बता दें कि जिले के करीब 11 गांव के ग्रामीणों ने पहले चुनाव बहिष्कार का ऐलान किया था, लेकिन प्रशासनिक अधिकारियों ने 3 गांव को मना लिया, पर 8 गांव के ग्रामीण मानने को तैयार नहीं है. अब देखना यह होगा कि ग्रामीण चुनाव बहिष्कार पर अड़े रहेंगे या फिर अधिकारियों की बात मानकर वोट करने पहुंचेंगे ।