Browsing: मध्य प्रदेश

भोपाल । चुनाव आयोग ने मुख्यमंत्री कमलनाथ के करीबियों पर पडत्रें आयकर छापों को लेकर संज्ञान लिया है। आयोग ने केंद्रीय प्रत्यक्ष कर बोर्ड (सीबीडीटी) के अध्यक्ष पीसी मोदी और राजस्व सचिव एवी पांडे को मौखिक चेतावनी देते हुए कहा है कि किसी राजनीतिक पार्टी या उनसे जुड़े लोगों पर कार्रवाई से पहले आयोग को सूचत किया जाना जरूरी है।
आयोग ने कहा है कि मौजूदा कार्रवाई के बारे में आयकर विभाग चुनाव आयोग को जानकारी दे। इसके अलावा इन छापों के दौरान क्या मिला, इसकी जानकारी भी चुनाव आयोग को आयकर विभाग मुहैया कराए। राजस्व सचिव एबी चुनाव आयुक्त सुनील अरोड़ा और चुनाव आयुक्त अशोक लवासा तथा सुशील चंद्रा से मुलाकात कर छापेमारी की कार्रवाई के बारे में जानकारी दी।
सूत्रों के अनुसार दोनों अधिकारियों ने बताया कि चुनाव में कालेधन के इस्तेमाल संबंधी खुफिया सूचनाओं के आधार पर यह कार्रवाई की गई। यह आगे भी जारी रहेगी। आयोग ने सीबीडीटी से मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री कमलनाथ के करीबियों और अन्य के खिलाफ चार राज्यों में छापेमारी की अब तक की कार्रवाई का विस्तृत ब्योरा बुधवार तक देने को कहा है। गौरतलब है कि चुनाव के दौरान कैश के इस्तेमाल, अवैध धन और स्त्रोतों के बारे में आयोग खुद ही जानकारी देता है। जबकि, इस छापे की जानकारी आयकर आयुक्त वाईके शर्मा ने एक पत्र जारी कर मीडिया को दी।
छापों की विस्तृत रिपोर्ट मांगी
आयोग ने आयकर विभाग से इस बात पर ऐतराज जताया कि चुनाव के दौरान कैश के इस्तेमाल, अवैध धन व स्त्रोतों के बारे में आयोग खुद जानकारी देता है जबकि, इस छापे की जानकाी आयकर आयुक्त ने मीडिया को दी।
शर्मा ने हिरण की खल का बना रखा था टेबल क्लॉथ
कक्कड़ के करीबी अश्विनी शर्मा के घर से बड़ी संख्या में सामान बरामद किया है। इसमें काले हिरण, बाघ और तेंदुए के सिर से बनी ट्रॉफिया भी शामिल है। इसके साथ ही हिरण की खाल भी बरामद की गई है। इस मामले में वन विभाग का कहना है कि शर्मा के खिलाफ वन्यजीव सुरक्षा अधिनियम के तहत कार्रवाई की जाएगी। बताया जा रहा है अश्विनी ने टेबल क्लाथ की जगह हिरण की खाल बिछा रखी थी और इसके उपर सामान रखा हुआ था।
इधर छापे पर राजनीतिक हमले जारी
बोले पीएम मोदी…अब बताएं असली चोर कौन है?
करप्शन पर उंगली मैंने नहीं उठाई। करप्शन हमारा मुद्दा है। जैसे भोपाल में हुआ। भ्रष्टाचार कुछ भी बोल दें इससे बात बनती नहीं है। क्या भ्रष्टाचार के खिलाफ एक्शन लेना चाहिए कि नहीं चाहिए? दर​बारियों के घर से नोटों से भरे बॉक्स निकल रहे हैं। अब बताएं कि असली चोर कौन है? जब कार्रवाई हो रही थी तो कांग्रेस के एक बड़े नेता वहां पर पहुंच गए और अधिकारियों को धमकाने लगे, लेकिन जब फोटो निकलना शुरू हुई तो मुंह पर रुमाल रख कर भाग गए।
सीएम कमलनाथ का पलटवार
मुझे चिंता नहीं, मुझे कोई नहीं डुबा सकता: वह (पीएम मोदी) ऐसा इसलिए कर रहे हैं क्योंकि वह जानत हैं कि वो चुनाव हारने जा रहे हैं और उनके पास यही रणनीति बची है। मुझे कोई चिंता नहीं है, मुझे कोई नहीं डुबा सकता। छापेमारी के दौरान नोटों के साथ पकड़ा गया आदमी भाजपा का है।

मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री कमलनाथ के निजी सचिव (ओएसडी) प्रवीण कक्कड़ के घर पर आयकर विभाग ने छापा मारा है। देर रात तीन बजे 15 से अधिक अधिकारियों की एक टीम ने स्कीम नंबर 74 स्थित उनके घर में छापेमारी शुरु की। इसके अलावा विजय नगर स्थित शोरूम सहित अन्य स्थानों की जांच की जा रही है। बताया जा रहा है कि वह पहले से ही कई एजेंसियों के रडार पर थे। जब वह पुलिस अधिकारी थे, तभी से उनके खिलाफ कई मामलों में जांच की जा रही थी।
जानकारी के अनुसार देर रात को जब आयकर विभाग की टीम कक्कड़ के घर पहुंची तो परिवार के लोग घबरा गए थे। जब उन्हें इस बात को विश्वास हो गया कि सभी अधिकारी आयकर विभाग से हैं तब जाकर उन्होंने जांच में सहयोग किया।
पुलिस विभाग में सेवा के दौरान कक्कड़ को राष्ट्रपति पुरस्कार से सम्मानित किया गया था। 2004 में नौकरी छोड़कर वह कांग्रेस नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री कांतिलाल भूरिया के निजी सचिव बन गए थे। ऐसा कहा जाता है कि 2015 में भूरिया को रतलाम-झाबुआ सीट से कक्कड़ की बनाई हुई रणनीति के कारण ही जीत मिली थी। दिसंबर 2018 में वह कमलनाथ के निजी सचिव बने थे।
सूत्रों ने बताया कि आयकर के छापों के दौरान जब्त दस्तावेजों की विस्तृत जांच की जा रही है। कक्कड़ का परिवार हॉस्पिटैलिटी समेत विभिन्न क्षेत्रों के कारोबार से जुड़ा है।
आयकर विभाग के सूत्रों ने बताया, ‘विभाग 50 स्थानों की जांच कर रहा है। मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री के ओएसडी, रतुल पुरी, अमीरा समूह और मोसर बायर के ठिकानों की जांच की जा रही है। भूला, इंदौर, गोवा और दिल्ली के 35 ठिकानों की भी जांच की जा रही है। आयकर विभाग के 300 से ज्यादा अधिकारी छानबीन कर रहे हैं।’

ग्वालियर । हाईकोर्ट की एकल पीठ ने छेड़खानी के आरोपी की तीन साल की सजा को निलंबित करने के लिए उसके सामने अनोखी शर्त रखी है। कोर्ट ने कहा कि आरोपी की उम्र 20 साल है। अगर वह जनसेवा करता है तो उसमें सुधार जल्द आएगा। इसलिए वह बमोरी जिला गुना के सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र में हफ्ते में दो दिन मरीजों की सेवा करेगा। यह काम उसे अगले 6 महीने तक करना होगा। हर दो महीने में आरोपी के अधिवक्ता को उसके काम की रिपोर्ट कोर्ट में पेश करनी होगी। अपील की सुनवाई न्यायमूर्ति आनंद पाठक ने की।
गुना जिले के बमोरी थाने में एक नाबालिग ने 6 नवंबर 2015 को फिरोज खान निवासी हरिजन मोहल्ला बमोरी के खिलाफ शिकायत की। शिकायत के अनुसार नाबालिग स्कूल जा रही थी और रास्ते में फिरोज खान ने उसका हाथ पकड़ लिया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ पॉक्सो एक्ट व छेड़खानी का केस दर्ज किया। जांच के बाद अपर सत्र न्यायालय में चालान पेश कर दिया। अपर सत्र न्यायालय ने आरोपी को दोषी मानते हुए 2 मार्च 2019 को 3 साल की सजा सुनाई और उसे जेल भेज दिया।
आरोपी ने हाईकोर्ट में सजा के फैसले को चुनौती दी। आरोपी की ओर से तर्क दिया गया कि वह नवयुवक है। उसकी गलती सिर्फ इतनी है कि उसने हाथ पकड़ने की कहा था, लेकिन उसके खिलाफ झूठी शिकायत दर्ज करा दी। अगर उसे जेल में रखा जाता है तो उसका भविष्य खराब हो जाएगा। हाईकोर्ट ने केस का अध्ययन के बाद आरोपी की सजा को निलंबित करने के लिए अनोखी शर्त रखी। कोर्ट ने कहा कि आरोपी नवयुवक है। उसे एक सुधरने का मौका दिया जाना चाहिए।
कोर्ट ने कहा कि उसे बमोरी के सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र में मरीजों की चार घंटे सेवा करनी होगी। हफ्ते में दो दिन यह काम करना होगा। उसके अधिवक्ता काम की रिपोर्ट कोर्ट में पेश करेंगे और आरोपी अपने अनुभव भी बताएगा। जेल से उसे 50 हजार के निजी मुचलके पर रिहा किया जाएगा। कोर्ट ने उसकी अपील को फाइनल सुनवाई के लिए स्वीकार कर लिया।
यह आदेश भी दे चुका है कोर्ट
विमल ज्वैलर्स के संचालक पर झांसी रोड थाने में धोखाधड़ी का केस दर्ज हुआ था। आरोपी ने फरियादी को पैसे लौटा दिए थे। इसके बाद एफआईआर निरस्त करने के लिए हाईकोर्ट में याचिका दायर की थी। कोर्ट ने आरोपी व फरियादी के समक्ष शर्त रखी कि उन्हें शहर का एक गार्डन विकसित करनाा होगा और शहीद सैनिकों की मदद के लिए सरकार के कोष में पैसे भी जमा करने होंगे।
अधिवक्ता शैलेन्द्र सिंह कुशवाह की याचिका अदम पैरवी में खारिज हो गई थी। कोर्ट ने कहा था कि याचिकाकर्ता की कोई गलती नहीं है। इसलिए अधिवक्ता को पौधे लगाने होंगे और उसके फोटो कोर्ट में पेश करने होंगे। उसके बाद याचिका सुनी जाएगी।
कोर्ट ने समाज में संदेश देने के लिए करीब एक सैकड़ा आदेश ऐसे किए हैं, जिनमें पौधे लगाने, अनाथालय में बच्चों की सेवा और उन्हें कुछ गिफ्ट देना सहित राशि दान कराई है।

मध्य प्रदेश । मध्य प्रदेश में पुलिस ने आदर्श आचार संहिता के उल्लंघन करने के मामले में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के विधायक दिलीप सिंह परिहार को गिरफ्तार किया है।
समाचार एजेंसी एएनआई के मुताबिक मध्य प्रदेश में नीमच से भाजपा विधायक को पुलिस ने आदर्श आचार संहिता का उल्लंघन करने के आरोप में गुरुवार को गिरफ्तार था। फिलहाल अधिक जानकारी का इंतजार है
खबरों से मिली जानकारी के मुताबिक मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट ने उन्हें 5 अप्रैल तक भाजपा विधायक को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। मिली जानकारी के मुताबिक 24 मार्च को भाजपा ने मंदसौर सांसदीय क्षेत्र से सुधीर गुप्ता को लोकसभा उम्मीदवार घोषित किया था।
इसके बाद रैली निकालकर ढोल-नगाड़ों के साथ जश्न मनाया गया। पुलिस ने मामले पर संज्ञान लेते हुए नगर पालिका अध्यक्ष व विधायक पर मामला दर्ज किया था ।

इंदौर । मंगलवार शाम लसूड़िया इलाके में उस समय सनसनी फैल गई जब एक युवती होटल की दूसरी मंजिल की खिड़की से कूद गई। फिलहाल युवती की हालत गंभीर बनी हुई है। मामला पति, पत्नी और वो का बताया जा रहा है।
युवती अपने शादी शुदा प्रेमी के साथ होटल पहुंची थी तभी प्रेमी की पत्नी भी उसका पीछा करते हुए वहां आ गई। इसके पति पत्नी के बीच हो झगड़े को देखकर पिटाई के डर से युवती ने होटल के कमरे की खिड़की से छलांग दी। घटना वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गयी।
घटना इंदौर के लसूड़िया इलाके की जेएमसी स्काई होटल की है। मंगलवार शाम को रेवेन्यू नगर के रहने वाले प्रेमी युवक रूपेश बागोरा ने अपनी पत्नी प्रिया के आईडी कार्ड में हरेफेर करके प्रेमिका सपना पाटिल की फोटो लगाकर पति पत्नी के नाम से होटल में ऑनलाइन रूम बुक कराया था।
होटल में दी गई आईडी में युवती का नाम प्रिया पति रूपेश उम्र 28 वर्ष और युवक का नाम रूपेश बागोरा उम्र 30 वर्ष था। पता रेवेन्यू नगर का था। लसूड़िया टीआई संतोष दूधी ने बताया रूपेश की पत्नी प्रिया को उस पर किसी अन्य महिला के साथ गलत संबंध होने का शक था। वह रूपेश को रंगे हाथ पकड़ना चाहती थी, जिसके चलते उसका पीछा करती हुई वो होटल तक पहुंची थी। महिला भी शादीशुदा है और दो साल पहले उसका तलाक हो गया है।
पुलिस के अनुसार, दोनों में तीन साल से प्रेम प्रसंग था। रूपेश मंगलवार दोपहर करीब 3.25 बजे महिला के साथ होटल आया और दोनों रूम नंबर 208 में चले गए। दो घंटे बाद उसकी पत्नी भी होटल आ धमकी। रूपेश पत्नी को समझाने लगा और बात करते हुए दूसरी मंजिल से तल मंजिल पर शराब दुकान के पास लेकर आया।
वहीं महिला ने जब खिड़की से पति-पत्नी में बहस होती देखी तो डर के मारे कमरे में कुंडी लगाकर उसने खिड़की से छलांग लगा दी। महिला को गिरा हुआ देख लोगों ने रूपेश को जानकारी दी और पुलिस को कॉल किया। पुलिस महिला को गंभीर घायल हालत में लेकर बॉम्बे अस्पताल पहुंचे।
प्रिया ने अपने बयान में पुलिस को बताया कि मैंने कई बार समझाया तो रूपेश हमेशा यह कर बात टाल देता था कि तुम्हारे पास क्या सबूत हैं। कुछ दिन पहले मुझे उसका पुराना मोबाइल मिला। उसमें उसका जीमेल अकाउंट चालू था। रूपेश प्रेमिका से मिलने के लिए ऑनलाइन रूम बुक करवाता था। सोमवार को भी उसने चार बार रूम बुक करवाए। तीन बार कैंसल किए और देर शाम जेएमसी होटल का रूम कन्फर्म कर लिया। दोपहर में वह घर आया और नए कपड़े पहनकर चला गया। जिसके बाद बच्चों के साथ मैंने उसका पीछा किया।

जबलपुर । जवान बेटे की मौत के वियोग में आज दोपहर एक मां ने ट्रेन से कटकर आत्महत्या कर ली। इसी जगह पर पहले बेटे ने लगाया था मौत को गले। घटना मध्यप्रदेश जबलपुर जिले थाना घमापुर स्थित शोभापुर की बताई जा रही है। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची आरपीएफ टीम ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
मिली जानकारी के अनुसार 56 वर्षीय मृत महिला का नाम सती बताया जा रहा है जो गौरीघाट की रहने वाली है। पिछले साल अप्रैल 2018 में मृतका के 30 वर्षीय बेटे ने इसी जगह पर ट्रेन से कटकर आत्महत्या कर ली थी। जिसके बाद से मृत महिला डिपरेशन में चली गई थी और अक्सर उसी जगह पर जाकर आत्महत्या करने का बोलती थी। अंतत: आज उसने उसी जगह पर जहां उसके बेटे ने आ​त्महत्या की उसने भी ट्रेन से कटकर अपनी इहलीला समाप्त कर ली।

सागर । जिले के बंडा थाना इलाके के बेरखेड़ी गांव में 13 वर्षीय मासूम छात्रा की सिरकटी लाश मिलने से सनसनी फैल गई है। छटवीं की यह छात्रा 2 दिन से लापता थी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल पहुंचाया। छात्रा के सिर और धड़ बहुत दूरी पर पड़े मिले हैं।
इस नृशंस हत्या के पीछे कौन है पुलिस इसकी जांच में लग गई है। लड़की का शव मिलने की सूचना के बाद उसके परिवार में शोक की लहर छा गई है। उधर बेरखेड़ी के ग्रामीण आक्रोशित हैं वे पुलिस से जल्द से जल्द बच्ची के हत्यारे को पकड़ने की मांग कर रहे हैं।

 भोपाल। पूर्व सीएम शिवराज सिंह चौहान ने कांग्रेस पर निशाना साधा है । उन्होंने कहा है कि अब देश को एक सशक्त प्रधानमंत्री की जरूरत है जिसने पाकिस्तान में घुसकर आतंकी हमले का बदला लिया। इससे पहले कांग्रेस के किसी प्रधानमंत्री ने ऐसा काम किया था क्या? शिवराज ने कहा कि मैं जिनका नाम नहीं लेना चाहता ऐसे लोग एयर स्ट्राइक का सबूत मांग रहे हैं। नाम लूंगा तो मुझे घर जाकर नाहना पड़ेगा।
वहीं भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय ने कहा प्रदेश कांग्रेस सरकार एक्सिडेंटल व बैसाखी वाली सरकार है। लोकसभा चुनाव के बाद कांग्रेस विधायकों की भी एयर स्ट्राइक हो सकती है। विधानसभा चुनाव के वक्त  राहुल गांधी ने 10 दिन में कर्ज माफी की बात कही थी। उन्होंने कहा कि कांग्रेसियों को छोड़ किसी का 2 लाख का कर्जा माफ हुआ हो तो मैं उसे 2 लाख दूंगा।

इंदौर । हरसिद्धी मंदिर के पास तीन मंजिला बिल्डिंग में स्थित एक स्कूल बैग की दुकान में शॉर्ट सर्किट से रविवार रात करीब 9 बजे अचानक आग लग गई। वहीं बिल्डिंग से लगी एक कैनवास की दुकान भी आग की चपेट में आ गई। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची 8-10 दमकल गाड़ियों ने आग पर काबू पाया। घटना पंढरीनाथ थाना क्षत्र की की बताई जा रही है।
स्कूल बैग की दुकान होने के कारण आग से उठ रहा काला धुआं ऊपर की मंजिल पर स्थित फ्लैट में भरने लगा। इस दौरान बिल्डिंग में एक परिवार के छह सदस्य फंस गए। इसी बीच बिजली भी चली गई जिसकी वजह अंधेरा हो गया। एक तो रात दूसरा काले धूएं का घोर अंधेरा होने के कारण सभी लोग बमुश्किल दीवार पकड़कर बाहर आ पाए। गनीमत यह रही किसी समय पर पता चल जाने के कारण हादसे में किसी को कोई नुकसान नहीं पहुंचा।

कटनी। मध्यप्रदेश के कटनी में एनएच 43 सुरखी टैंक में देर रात दो ट्रकों की आपस भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों ट्रकों के परखच्चे उड़ गए। जिसमें एक की घटनास्थल पर ही मौत हो गई वहीं 3 को नाजुक हालत में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बताया जा रहा है हादसे का कारण ओव्हर टेक करना है। दुर्घटना के बाद पुलिस जांच में जुट गई है।