Browsing: मध्य प्रदेश

नरसिंहपुर । तेंदूखेड़ा के घोघरा नाले के पास देर रात बीजेपी जिला उपाध्यक्ष पंडित विष्णु शर्मा पर कुछ अज्ञात लोगों ने धारदार हथियार से जानलेवा हमला कर घायल कर दिया। हमले में जिला उपाध्यक्ष विष्णु के पीठ एवं जांघ समेत शरीर पर कई जगह वार किया गया। जिसके बाद भाजपा नेता को तत्काल जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।
वहीं भाजपा नेता विष्णु ने अपने बयान में कांग्रेस विधायक पर जान से मारने का आरोप लगाया है। उन्होंने बताया किसी बाईक पर सवार होकर किसी शादी से लौट रहे थे जिसके बाद तेंदूखेड़ा घोघरा नाके के पास कुछ लोगों ने अचानक उन पर हमला कर दिया। सांसद राव उदय प्रताप सिंह और भाजपा जिला अध्यक्ष अभिलाष मिश्रा, पूर्व जनपद सदस्य राजीव अग्रवाल घायल विष्णु शर्मा का हाल जानने अस्पताल पहुंचे।

सतना । NH- 7 के पास तेज रफ्तार कार और मुरम से भरे डंपर में जोरदार भिड़ंत हो गई। इस ​भीषण सड़क हादसे में 2 महिला समेत 4 लोगों की मौत हो गई। जिसमें मां, बेटा और बहन भी शामिल हैं, वहीं 5 गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलने पर मौके पहुंची 108 वाहन ने घायलों को संजय गांधी अस्पताल रीवा में इलाज के लिए के लिए भेजा।
बताया जा रहा है कटनी जिले का रहने वाला अवस्थी परिवार कार (क्रमांक एमपी 20 बीए 8106) से प्रयागराज अस्थि विसर्जन के लिए गया हुआ था। बुधवार को सभी लोग कार से लौट रहे थे और जैसे ही वे खुटहा गांव पहुंचे अमरपाटन से बेला की ओर आ रहे मुरम से भरे डंपर से जोरदार टक्कर हो गई। इलाज के दौरान शेखर तिवारी पिता प्रेम लाल तिवारी उम्र 40 वर्ष निवासी ग्राम बड़घर थाना इदवार जिला उमरिया की भी मौत हो गई।
मारूती ओमनी बैन चालक मृतक नितरंजन अवस्थी पिता गोरेलाल अवस्थी उम्र 35 वर्ष निवासी ग्राम शैलया थाना बरही जिला कटनी, मृतक रंजना तिवारी पति शेखर तिवारी उम्र 32 वर्ष निवासी ग्राम बड़घर थाना इदवार जिला उमरिया, कुसुम बाई अवस्थी पति गोरेलाल अवस्थी उम्र 65 वर्ष निवासी ग्राम सलैया थाना बरही जिला कटनी।
घायल- राजकुमार अवस्थी पति अंबिका अवस्थी उम्र 26 वर्ष निवासी ग्राम सलैया थाना बरही जिला कटनी, कल्याणी अवस्थी पति अंबिका अवस्थी उम्र 56 वर्ष निवासी ग्राम सलैया थाना बरही जिला कटनी, सत्य प्रकाश अवस्थी पिता गोरेलाल अवस्थी उम्र 28 वर्ष निवासी ग्राम सलैया थाना बरही जिला कटनी।

धार । प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पांच मार्च को दोपहर 2.50 बजे भाजपा की विजय संकल्प रैली को संबोधित करने के लिए धार आ रहे हैं।
उनके आगमन को लेकर पुलिस और प्रशासन ने सुरक्षा के खासे इंतजाम किए हैं। प्रधानमंत्री की सभा के लिए जो मंच बनाया गया है वह देश भक्ति पर आधारित है।
सभा की तैयारी को अंतिम रूप देने के भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष राकेशसिंह सोमवार को धार पहुंचे। इस आयोजन को लेकर पिछले पांच दिनों से विशेष रूप से जिला मुख्यालय पर तैयारियां चल रही हैं।
उल्लेखनीय है कि प्रधानमंत्री मोदी 16 फरवरी को धार आने वाले थे, लेकिन पुलवामा हमले के कारण उनका यह दौरा निरस्त हो गया था।
प्रधानमंत्री इंदौर से दोपहर 2.25 निकलकर दोपहर 2.50 बजे धार हेलीपैड पहुंचेंगे। यहां 1 घंटे रुकने के बाद दोपहर 3.55 पर इंदौर के लिए रवाना होंगे।
धार में प्रधानमंत्री मोदी की अगवानी करेंगे पटवारी
भोपाल। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मंगलवार को धार दौरे पर आएंगे। उनकी अगवानी और विदाई के लिए सरकार ने खेल एवं युवक कल्याण मंत्री जीतू पटवारी को मिनिस्टर इन वेटिंग घोषित किया है। पटवारी इंदौर विमानतल पर प्रधानमंत्री की अगवानी करेंगे और विदाई के समय भी मौजूद रहेंगे।

भोपाल । पिछली मध्यप्रदेश सरकार ने 22 महीने पहले अगस्त 2018 से सरकारी प्लांटों से पोषण आहार सप्लाई शुरू करने का वादा किया था, लेकिन सरकार इस वादे को पूरा नहीं कर पाई। वहीं अब वर्तमान सरकार 38 जिलों में ठेकेदारों से आहार लेने की तैयारी कर रही है।
जिसके चलते महिला एवं बाल विकास विभाग ने इसे लेकर प्रस्ताव तैयार कर लिया है और 5 मार्च को होने वाली कैबिनेट बैठक में इसे मंजूरी के लिए रखेगी। बता दें विभाग इस शर्त के साथ छह माह के लिए टेंडर जारी कर रहा है कि जैसे-जैसे सरकारी प्लांटों से सप्लाई शुरू होगी, उस क्षेत्र में ठेकेदारों से आहार लेना बंद कर दिया जाएगा।
गौरतलब है पिछली भाजपा सरकार ने 22 माह पहले स्व-सहायता समूहों से पोषण आहार तैयार कराकर आंगनबाड़ियों में सप्लाई कराने का फैसला लिया था, जिसे वह पूरा नहीं कर पाई। तत्कालीन सरकार ने पिछले साल प्रदेश में आठ (रीवा, सागर, मंडला, धार, होशंगाबाद, देवास, शिवपुरी) सरकारी प्लांट तैयार करने की शुरूआत की है और इसकी जिम्मेदारी पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग को सौंपी गई थी।
विभाग ने भी अगस्त 2018 से प्लांटों में पोषण आहार तैयार कर सप्लाई शुरू करने का दावा किया था, लेकिन ऐसा नहीं हो सका। जिसके बाद सरकार आखिर पोषण आहार की व्यवस्था एक बार फिर ठेकेदारों के हाथों में सौंपने की तैयारी में है।
बता दें प्रदेश की आंगनबाड़ियों में पोषण आहार सप्लाई करने वाली कंपनियों के खिलाफ अक्टूबर 2016 में आयकर विभाग छापामार कार्रवाई की थी। जिसमें आहार सप्लाई में बड़ी गड़बड़ी पकड़ में आई थी। इसके बाद मंत्रियों की अध्यक्षता में हाई पॉवर कमेटी गठित की गई।
कमेटी ने 27 दिसंबर 2016 को अपनी रिपोर्ट सौंपी। जिसमें पोषण आहार का उत्पादन स्व-सहायता समूह, वनोपज संघ और छोटे कंपनियों से कराने की सिफारिश की थी। विभाग ने इस सिफारिश पर ध्यान नहीं दिया। तत्कालीन मुख्यमंत्री शिवराज सिंह ने भी अप्रैल 2017 से स्व-सहायता समूहों से काम कराने को कहा था, लेकिन कंपनियों के दबाव में ऐसा भी नहीं हो सका।
मार्च 2018 में हाईकोर्ट जबलपुर ने शॉर्ट टर्म टेंडर बुलाकर कंपनियों से अगस्त 2018 तक पोषण आहार लेने और इस बीच प्लांट तैयार कर खुद उत्पादन शुरू करने के निर्देश दिए थे। इसके बाद भी प्लांट तैयार करने और उनमें मशीनों का इन्स्टालेशन और फिर उत्पादन शुरू करने में पांच माह लग गए।
देवास का सरकारी पोषण आहार प्लांट फरवरी में सप्लाई शुरू नहीं कर पाया। मप्र राज्य आजीविका मिशन ने दिसंबर 2018 में ही इस प्लांट से सप्लाई शुरू करने का दावा किया था। इस आधार पर महिला एवं बाल विकास विभाग ने 1300 से 1600 मीट्रिक टन पोषण आहार सप्लाई का ठेका आजीविका मिशन को देते हुए फरवरी से सप्लाई मांगी थी, लेकिन मिशन सप्लाई नहीं दे पाया। हालांकि मार्च से नियमित सप्लाई का वादा किया गया है।
आजीविका मिशन के अफसरों का कहना है कि मार्च अंत तक होशंगाबाद प्लांट से सप्लाई शुरू हो जाएगी और अगले माह धार प्लांट भी उत्पादन शुरू कर देगा। जबकि अन्य पांच प्लांट मई तक उत्पादन और सप्लाई शुरू कर देंगे।
शार्ट टर्म टेंडर की अवधि बढ़ाई जाना है
देवास प्लांट से सप्लाई मिलने लगी है। इसलिए देवास प्लांट से संबद्ध नौ और भोपाल संभाग के पांच जिलों को छोड़कर शेष जिलों के लिए शाॅर्ट टर्म टेंडर की अवधि बढ़ाई जाना है। इसका प्रस्ताव कैबिनेट की मंजूरी के लिए भेजा है।  – जेएन कंसोटिया, प्रमुख सचिव, महिला एवं बाल विकास विभाग

शिवपुरी । शिवपुरी में एक शराबी युवक की ट्रक से कुचलकर दर्दनाक मौत हो गई। दिन में हुई घटना के दौरान कई लोग मौके पर मौजूद थे, लेकिन शराबी युवक ट्रक के नीचे आया और कोई उसे बचा नहीं सका। ट्रक का पिछला पहिया इस शराबी युवक के ऊपर से गुजर गया। ये लाइव घटनाक्रम मोबाइल में कैद हो गया।
मिली जानकारी के मुताबिक नगर के एबी रोड बड़ोदी क्षेत्र में शराब के नशे में संजय ओझा नामक युवक आते-जाते ट्रकों पर लाठी से प्रहार कर रहा था। इस दौरान उसका संतुलन बिगड़ा और वो गुजरते हुए ट्रक के नीचे आ गया। ट्रक चालक को भी समझ नहीं आया और उसने ट्रक रोके बिना आगे बढ़ा दिया। इससे संजय ट्रक के नीचे दबकर मर गया।
मौके पर मौजूद लोग संजय को रोकने की कोशिश भी कर रहे थे, लेकिन हाथ में लठ्ठ होने और शराब के नशे में धुत्त होने के कारण लोगों उसके पास तक नहीं गए। इसी दौरान ये घटनाक्रम हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक संजय शराब के नशे में काफी देर से हंगामा कर रहा था। वो आते-जाते ट्रकों को लाठी लेकर मार रहा था। कुछ लोग उसके इस हंगामे को मोबाइल में भी कैद रहे थे। इसी दौरान वह संतुलन खो बैठा और ट्रक के पिछला पहिया उसके ऊपर से गुजर गया। संजय की मौत कैमरे में लाइव कैद हो गई।
घटनाक्रम के बाद मौके पर पहुंची पुलिस को बताया कि युवक का नाम संजय ओझा था और वह शराब का आदी था। वह मिस्त्री का काम करता था। घटनाक्रम के बारे में लोगों ने बताया कि संजय आते-जाते वाहनों पर डंडे से मार रहा था। इसी दौरान वह फिसला और ट्रक के नीचे गिर गया। जब तक वो खुद हटता या लोग उसे बाहर खींचते ट्रक का पिछला पहिया उसके ऊपर से गुजर गया। देहात थाना इलाका पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है।

भोपाल। वित्त मंत्री तरुण भनोत बुधवार को विधानसभा में एक अप्रैल से 31 जुलाई 2019 तक खर्च चलाने के लिए 77 हजार 186 करोड़ रुपए से ज्यादा का लेखानुदान प्रस्तुत करेंगे। वहीं, चालू वित्तीय वर्ष की बची हुई अवधि के लिए 72 करोड़ रुपए से ज्यादा का तृतीय अनुपूरक अनुमान प्रस्तुत होगा। इसके अलावा आधार विधेयक, पंचायतराज एवं ग्राम स्वराज अधिनियम और नगर पालिका संशोधन विधेयक रखे जाएंगे।
18 फरवरी से शुरू हुए विधानसभा सत्र में बुधवार को पहले दिन शासकीय काम होगा। सोमवार को निधन उल्लेख के बाद सदन की कार्यवाही बुधवार सुबह 11 बजे तक के लिए स्थगित हो गई थी। अब सत्र के दो दिन ही बाकी हैं। इन दिनों में सरकार की सबसे पहली प्राथमिकता लेखानुदान और तृतीय अनुपूरक अनुमान पारित कराने की होगी। लोकसभा चुनाव के मद्देनजर सरकार बजट जुलाई में प्रस्तावित मानसून सत्र में लाएगी, लेकिन तब तक जरूरी खर्च चलाने के लिए 77 हजार करोड़ रुपए से ज्यादा का लेखानुदान प्रस्तुत किया जाएगा।
इसके साथ ही चालू वित्तीय वर्ष के लिए विभागीय जरूरतों को देखते हुए 72 करोड़ रुपए से ज्यादा का तृतीय अनुपूरक अनुमान पेश किया जाएगा। इसके साथ ही वित्त मंत्री वर्ष 2004-05 में स्वीकृत बजट से 83 करोड़ रुपए से ज्यादा खर्च को नियमित करने के लिए प्रस्ताव रखेंगे।
इसके अलावा प्रदेश में वित्तीय, प्रमुख सुविधाओं के साथ सेवाओं को आधार से जोड़ने के लिए आधार कानून लागू करने का निर्णय किया गया है। इसके लिए विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मंत्री पीसी शर्मा मध्यप्रदेश आधार विधेयक प्रस्तुत करेंगे।
पाले को लेकर शिवराज-नरोत्तम ने मांगी चर्चा
भाजपा की ओर से विधानसभा में फसलों को पाले से हुए नुकसान के बावजूद सरकार द्वारा सर्वे कराकर मुआवजा न देने को लेकर चर्चा मांगी गई है। नियम 139 के तहत अविलंबनीय लोक महत्व का विषय बताते हुए प्रस्ताव दिया गया है। इसमें फसलों का उचित मूल्य और भावांतर भुगतान न करने से पैदा हो रहे हालात का मुद्दा भी उठाया जाएगा।
वहीं, हरदा विधायक कमल पटेल हरदा और होशंगाबाद सहकारी बैंक द्वारा किसानों के नाम पर फर्जी कर्ज निकालने, हर्ष गेहलोत मंदसौर में गोलीचालन के आरोपियों पर प्रकरण दर्ज न किए जाने, बहादुर सिंह चौहान महिदपुर तहसील में अवैध उत्खनन और संजय यादव रेत खदानों में पर्यावरण संरक्षण के लिए स्थानीय समितियों का गठन नहीं करने का मुद्दा ध्यानाकर्षण के जरिए उठाएंगे।

भोपाल । लोकसभा चुनाव 2019 से पहले कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल ने भोपाल में आभार सम्मेलन रैली को संबोधित किया है। राहुल ने कहा कि लोकसभा चुनाव जीतने के बाद कांग्रेस पार्टी ऐतिहासिक काम करने जा रही है। हिंदुस्तान ‘गारंटी इनकम’ देने वाला पहला देश होगा। जानिए उनके भाषण की मुख्य बातें
    कांग्रेस पार्टी ने निर्णय लिया है कि हिंदुस्तान अपने लोगों को गारंटी इनकम देने जा रहा है।
    रक्षा मंत्रालय के अफसर कहते हैं कि नरेन्द्र मोदी ने रक्षा मंत्रालय को बिना बताये फ्रांस की सरकार से राफेल सौदे में समानांतर बातचीत की।
    कांग्रेस पार्टी का कार्यकर्ता बब्बर शेर है। जनता को जोड़ने का काम, कमलनाथ जी को मुख्यमंत्री बनाने का काम कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने किया है।
    किसान ने हमें कहा कि अनिल अंबानी को 30 हजार करोड़ रुपये दिये, नीरव मोदी, मेहुल चोकसी को 35 हजार करोड़ रुपये दिये, विजय माल्या को 10 हजार करोड़ रुपये दिये तो हमारा कर्जा माफ क्यों नहीं हो रहा।
    कांग्रेस पार्टी का कोई भी नेता और कार्यकर्ता इस बात को न भूले कि मालिक जनता है। ज्ञान जनता में है। हमारा काम जनता का आदेश सुनने का है।
    छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश और राजस्थान में कांग्रेस पार्टी चुनाव जीती। सबने कहा कि ये कांग्रेस पार्टी की सरकार है मगर ये मध्य प्रदेश के युवाओं, किसानों, महिलाओं, गरीबों, मजदूरों की भी सरकार है।
    मध्य प्रदेश में कांग्रेस सरकार ने आते ही किसानों की कर्ज माफ़ी से काम शुरू किया और प्रदेश के लोगों से किया हर वादा एक के बाद एक पूरा हो रहा है।

मध्य प्रदेश । मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी के पोस्टर पर लगाए गए हैं। पोस्टर में कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी को भागवान राम के रुप में दर्शाया गया है।
वहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को रावण के रुप में दर्शाया गया है। रावण के दस शीर्ष में पर अमित शाह, राजनाथ सिंह, शिवराज सिंह चौहान, योगी आदित्यनाथ के अलावा कई अन्य नेता भी शामिल हैं।
लगाए गए पोस्टर में लिखा है, चौकीदार ही चोर है… ‘चोरो तुम्हारी खैर नहीं हम राम भक्त हैं, चोरो के अलावा किसी से बैर नहीं’… बता दें कि बता दें कि कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी आज मध्य प्रदेश के दौरे पर रहेंगे।
वे प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनने के बाद मतदाताओं का आभार व्यक्त करने के लिए आज भोपाल आ रहे हैं। यहां पर राहुल गांधी आभार सम्मेलन को संबोधित करेंगे। राहुल गांधी के एमपी दौरे से पहले ही पोस्टर देखने को मिले जिनमें उन्हें भगवान राम और पीएम मोदी को रावण दर्शाया गया है।
मालूम हो कि इससे पहले कांग्रेस अध्याक्ष राहुल गांधी के पोस्टर बिहार की राजधानी पटना में भी लग चुके हैं। उन पोस्टर्स में भी राहुल गांधी को भगवान राम के रुप में दर्शाया गया था।

शहडोल/रांची। इंडोर विश्व कप तीरंदाजी का स्वर्ण जीतने वाले जसपाल सिंह (22) व एनआईएस सर्टिफिकेट कोर्स 2018-19 के टाॅपर और राष्ट्रीय तीरंदाज सरस सोरेन (27) की आज सुबह शहडोल में सड़क दुर्घटना में मौत हो गई। हादसा उस वक्त हुआ, जब दोनों की कार खड़े ट्रक में जा घुसी। हादसे में शरद की तो घटना स्थल पर ही मौत हो गई, जबकि जसपाल ने अस्पताल ले जाते वक्त दम तोड़ा। दोनों जमशेदपुर के रहने वाले हैं। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के परखच्चे उड़ गए। दोनों वहां चल रहे जूनियर नेशनल तीरंदाजी प्रतियोगिता में जा रहे थे।
प्रतियोगिता में इनका तीरंदाजी इक्वीपमेंट का स्टॉल लगा था। जसपाल ने पिछले साल थाइलैंड में विश्व इंडोर तीरंदाजी चैंपियनशिप में गोल्ड जीता था, जबकि शरद ने दो महीने पहले ही एनआईएस सर्टिफिकेट कोर्स में टॉप किया था। रांची के एक्सपोर्ट क्लब से दोनों खिलाड़ी तीरंदाजी के नेशनल प्लेयर बने थे। जसपाल अपने माता पिता के इकलौते बेटे थे, जबकि सरस तीन भाइयों में दूसरे नंबर पर थे। घटना की जानकारी मिलते ही झारखंड तीरंदाजी संघ के अध्यक्ष अर्जुन मुंडा ने तत्काल भोपाल संपर्क कर दोनों की खबर ली और अस्पताल ले जाने की व्यवस्था कराई। उन्होंने तीरंदाजी संघ को आवश्यक निर्देश दिया तथा वहां से दोनों का शव जमशेदपुर लाने की व्यवस्था करने को कहा।
अर्जुन मुंडा ने दोनों के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए कहा कि दो प्रतिभावान तीरंदाजों का निधन राज्य के लिए बहुत बड़ा झटका है। दुख की इस घड़ी में झारखंड तीरंदाजी संघ उनके परिवार के साथ खड़ा है।
इस वजह से हुआ हादसा
देर रात हुई दुर्घटना नेशनल हाईवे पर पार्क एक ट्रक के कारण हुई। ट्रक किनारे पर खड़ा हुआ था, जिसकी पार्किंग लाइट नहीं जल रही थी। इसी वजह से दोनों खिलाड़ियों की कार उसके पिछले हिस्से में जाकर घुस गई। हादसे में कार के परखच्चे उड़ गए थे।

शाजापुर। बेरछा थाना क्षेत्र में मिले नर्स वंदना के जले कंकाल की गुत्थी लगभग सुलझ गई है। हालांकि, पुलिस खुलकर बोलने से बच रही है किंतु सूत्रों के अनुसार हत्या अवैध संबंधों के चलते हुई है। आष्टा में चाकू से गोदकर महिला की हत्या की गई और शव को बोरे में भरकर एक वैन से घटनास्थल पर लाया गया व झाड़ियों के पास जला दिया। पुलिस टीम हत्यारों की गिरफ्तारी, चाकू, वाहन व अन्य सामान की बरामदगी में जुटी है।
हत्याकांड को अंजाम देने वालों को भी पुलिस ने दबोच लिया है। इस घटना को महिलाओं सहित करीब आधा दर्जन लोगों ने अंजाम दिया है। ये लोग शुजालपुर के ग्राम जामनेर और आष्टा निवासी हैं। सूत्रों के अनुसार मुख्य आरोपित के घर पर नर्स को चाकू से वार कर मौत के घाट उतारा गया। इसके बाद शव को बोरे में भर वैन में रख करीब घटनास्थल पर लेकर आए और जला दिया। वैन से ही सभी लोग वापस लौटे भी। सीसीटीवी फुटेज में यह वैन दिखाई भी दे रही है। पूछताछ में संदिग्धों ने हत्या करना कबूल कर लिया है किंतु संदिग्ध अलग-अलग जानकारी दे रहे हैं। बहरहाल, पुलिस जल्द ही मामले का राजफाश करने की बात कह रही है।
चार हिरासत में
पुलिस ने एक महिला सहित चार लोगों को हिरासत में लिया है। बेरछा थाने में इनसे एसपी शैलेंद्रसिंह चौहान, एएसपी गोपालसिंह धाकड़, एसडीओपी सीताराम अवासिया, डीएसपी शिखा सोनी, टीआई दीपिका शिंदे व अन्य अफसरों ने पूछताछ की। सख्ती से पूछताछ करने पर आरोपितों ने वारदात करना कबूला। यह बात भी सामने आई है कि पुलिस रविवार को संदिग्धों को आष्टा, घटनास्थल (ग्राम घुंसी और घटिट्याखुर्द का रास्ता), शुजालपुर क्षेत्र के ग्राम जामनेर व अन्य स्थलों पर भी लेकर गई। यहां भी जांच व कुछ लोगों से पूछताछ की गई।
वर्ग विशेष के लोगों ने दिया अंजाम
खास बात यह भी है कि हत्याकांड को वर्ग विशेष के लोगों ने अंजाम दिया गया। हत्याकांड में आष्टा के तीन और जामनेर के एक व्यक्ति की भूमिका स्पष्ट सामने आ गई है। हालांकि मामले में आधा दर्जन से अधिक लोग आरोपित हैं।
तीन बच्चों के पिता से थे संबंध
हिरासत में लिए गए संदिग्धों में शामिल एक व्यक्ति से मृतका नर्स वंदना से संबंध होने की बात सामने आ रही है। खास बात यह है कि जिस व्यक्ति से मृतका के संबंध होने की बात सामने आ रही है वह तीन बच्चों का पिता है और उसकी पत्नी को भी इस बारे में पूरी जानकारी थी। मृतका कुछ माह पहले तक वर्ग विशेष के लोगों के यहां किराए से रहती थी। इसी दौरान आरोपित ने धीरे-धीरे महिला से नजदीकी बढ़ाना शुरू कर दिया। इस पर वंदना ने उसकी पत्नी को बताया। इस पर पत्नी ने भी पति का साथ दिया और कहा कि वह तुम्हें पसंद करते हैं। कुछ महीने तक महिला और संदिग्ध उसी घर में साथ रहे किंतु बाद में महिला ने घर खाली कर दिया था।
पीछा छुड़ाना चाहती थी
वंदना मंडीदीप की रहने वाली थी। उसकी बहन सुनंदा ने बताया कि आष्टा निवासी आरोपित से उसकी बहन की जान-पहचान थी किंतु बहन को उसके इरादे अच्छे नहीं लगे। इसके कारण वह उससे पीछा छुड़ाना चाहती थी। दूसरी ओर आरोपित की पत्नी के इरादे भी ठीक नहीं लग रहे थे। वह हमेशा वंदना से रुपए की मांग करती रहती थी। पहले उसका व्यवहार अच्छा था किंतु कुछ माह से उसका व्यवहार बदल गया था। बहन ने कुछ दिन पहले मुझे फोन पर बताया था। इस पर हमने उसे इन लोगों से दूर रहने को कहा था। इन्हीं लोगों ने हमारी बहन को मारा है। हम चाहते हैं इन्हें कड़ी सजा मिले। सुनंदा का आरोप है कि बहन की हत्या में मकान मालिक, उसके बेटे, बहू और अन्य लोगों का हाथ है।
सुराग हाथ लगे हैं
महत्वपूर्ण सुराग हाथ लगे हैं किंतु अभी काफी कुछ जांच बाकी है। टीम कई बिंदुओं पर जांच कर रही हैं। जल्द खुलासे की उम्मीद है- गोपालसिंह धाकड़, एएसपी