Browsing: रायपुर

panchayattantra24.-रायपुर । छत्तीसगढ़ के नवनियुक्त मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने सुप्रीम कोर्ट द्वारा अनुच्छेद 370 को निरस्त करने के फैसले को ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि 5 अगस्त 2019 को भारत की संसद द्वारा लिए गए फैसले को सुप्रीम कोर्ट द्वारा बरकरार रखा जाना भारत की जीत है। यह जम्मू कश्मीर और लद्दाख में हमारी बहनों और भाइयों के लिए आशा प्रगति और एकता की एक शानदार घोषणा है। उन्होंने कहा कि यह सिर्फ कानूनी फैसला मात्र नहीं है। यह एकजुट भारत के निर्माण के हमारे सामूहिक संकल्प का प्रमाण है। इस विजय के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह को बधाई -अभिनंदन।
छत्तीसगढ़ के नवनियुक्त मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि हम 1950 से ही कहते आ रहे थे कि एक देश में दो झंडा, दो विधान और दो प्रधान नहीं चलेंगे। एक देश में एक ही झंडा, एक ही विधान और एक ही प्रधान होगा। हमने देश की जनता से वादा किया था कि धारा 370 हटाकर जम्मू कश्मीर लद्दाख की समूची जनता को भारत के साथ एक सूत्र में बांधकर भारत भूमि के इस हिस्से का संपूर्ण विकास किया जाएगा।
नवनियुक्त मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि भाजपा की मोदी सरकार ने जम्मू कश्मीर को वास्तविक आजादी देने के लिए धारा 370 खत्म की। हमने जो कहा, वह पूरा कर दिया। और, आज देश की सर्वोच्च अदालत ने हमारे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के मार्गदर्शन में भारत की संसद द्वारा लिए गए निर्णय को यथावत रखते हुए यह पुष्टि कर दी है कि भाजपा की मोदी सरकार ने जम्मू कश्मीर लद्दाख के साथ वह न्याय किया है, जिसके लिए वहां की जनता आजादी के बाद से तरस रही थी। अब देश में एक नया जम्मू कश्मीर है और इसके निर्माण का श्रेय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के साथ हमारे उन पूर्वजों को जाता है, जिन्होंने कश्मीर के लिए बलिदान दिया और कश्मीर की वास्तविक आजादी के लिए भाजपा को संघर्ष करने की प्रेरणा दी।
 

 
panchayattantra24.-रायपुर। जाने-माने उद्योगपति नवीन जिन्दल के नेतृत्व वाली देश की अग्रणी स्टील कंपनी जिन्दल स्टील एंड पॉवर (जेएसपी) को ग्रामीण एवं आदिवासी क्षेत्रों में खेलों को बढ़ावा देने में उत्कृष्ट योगदान के लिए सीएसआर एक्सीलेंस अवार्ड से सम्मानित किया गया है। यह सम्मान सीएसआर जर्नल की ओर से मुंबई में 9 दिसंबर को आयोजित एक कार्यक्रम में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री  एकनाथ शिंदे, फिल्म अभिनेता आमिर खान और डॉ. कुमार विश्वास की मौजूदगी में जेएसपी को प्रदान किया। जेएसपी के सीएसआर ग्रुप हेड  प्रशांत कुमार होता ने यह प्रतिष्ठित सम्मान प्राप्त किया।
सीएसआर एक्सीलेंस अवार्ड के लिए निर्णायक मंडल का आभार व्यक्त करते हुए जेएसपी फाउंडेशन की चेयरपर्सन शालू जिन्दल ने कहा, “हम देश की 25,000 से अधिक ग्रामीण और आदिवासी खेल प्रतिभाओं के विकास के लिए समर्पित हैं और उनके लिए खेल सुविधाओं का निर्माण कराने के साथ-साथ उन्हें विश्व स्तरीय प्रशिक्षण दिलाने के लिए प्रयासरत हैं ताकि वे अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में देश को गौरवान्वित करें।”
चेयरमैन नवीन जिन्दल के दूरदर्शी नेतृत्व में जिन्दल स्टील एंड पावर (जेएसपी) ने देश के ग्रामीण और आदिवासी क्षेत्रों में खेलों के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। अपनी सामाजिक शाखा, जेएसपी फाउंडेशन के माध्यम से जेएसपी ग्रामीण एवं आदिवासी क्षेत्रों में 25,000 से अधिक प्रतिभाओं के प्रोत्साहन के उद्देश्य से खेलों को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। प्रयासों की इस कड़ी में ओडिशा के सुंदरगढ़ जिले की लगभग 5,000 उभरती हुई हॉकी प्रतिभाओं का पोषण भी शामिल है। जेएसपी इसी तरह क्योंझर जिले में वुशु खिलाड़ियों का पोषण कर उनके लिए प्रशिक्षण की व्यवस्था करा रहा है। परिणामस्वरूप 5 अंतरराष्ट्रीय पदकों के साथ-साथ इन वुशु खिलाड़ियों ने कुल 643 पदक अभी तक प्राप्त किये हैं। इसी तरह क्योंझर जिले के सोयाबली में 60 प्रतिभाओं के पोषण और प्रशिक्षण के लिए जिन्दल स्पोर्ट्स हॉस्टल का संचालन किया जा रहा है।
छत्तीसगढ़ के रायगढ़ और झारखंड के पतरातू में लड़कियों की फुटबॉल टीम और ओडिशा के सुंदरगढ़ में लड़कियों की हॉकी टीम को सहयोग प्रदान किया जा रहा है। छत्तीसगढ़ में ओपी जिन्दल क्रिकेट एकैडमी से अभी तक 2000 खिलाड़ियों को लाभ हुआ है। कंपनी ने हाल ही में छत्तीसगढ़ के रायगढ़ स्टेडियम में बैडमिंटन कोर्ट, बास्केटबॉल कोर्ट, आधुनिक व्यायामशाला, बहु-उद्देश्यीय कक्ष एवं पैवेलियन समेत अंतरराष्ट्रीय स्तर की अनेक सुविधाएं उपलब्ध कराई हैं।
 

 
 
 
 
 
 panchayattantra24.-रायपुर। छत्तीसगढ़ के नए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय आज शाम दिल्ली के लिए रवाना होंगे। वे शाम साढ़े पांच बजे की फ्लाइट से यहां से रवाना हो सकते हैं। मुख्यमंत्री चुने जाने के बाद विष्णु देव साय का यह पहला दिल्ली दौरा होगा। पता चला है, कल सुबह उनकी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात होगी। हालांकि, पीएम से टाइम अभी कन्फर्म नही हुआ है। वे उन्हें शपथ ग्रहण समारोह में आने का न्यौता देंगे। 13 दिसंबर को नई सरकार का शपथ कार्यक्रम है।
 
हालांकि, पीएम मोदी का रायपुर आना इस दिन निश्चित है। फिर भी नए सीएम को उन्हें औपचारिक आमंत्रण देना होगा। दिल्ली में ही विष्णु देव साय के मंत्रिमंडल पर मुहर लगेगी। फिलहाल, डिप्टी सीएम को लेकर मामला थोड़ा गर्म है।
 

 
panchayattantra24.-रायपुर। छत्तीसगढ़ को विष्णुदेव साय के रूप नया सीएम मिल गया है। बता दें कि विष्णुदेव साय सरगुजा संभाग से आते हैं और कुनकुरी विधानसभा के विधायक है, वे आदिवासी समाज से आते हैं।
विष्णुदेव साय आरएसएस के करीबी हैं और राज्य तथा केंद्र सरकार में काम करने का अनुभव है। इसी बीच राज्यपाल द्वारा नियुक्ति पत्र मिलने के बाद लोग प्रदेश के नए मुखिया विष्णुदेव साय को बधाई देने पहुंच रहे है। इसी बीच सब इंस्पेक्टर भर्ती परीक्षा के प्रभावित उम्मीदवार उनसे मिलने पहुंचे।
बता दें कि सारी प्रकिया पूरी होने के बाद भी अंतिम परिणाम के लिए सब इंस्पेक्टर अभ्यर्थी दर-दर भटक रहे है। वहीं, नए सीएम घोषित होने के बाद आज सीएम विष्णुदेव साय से सब इंस्पेक्टर भर्ती परीक्षा के प्रभावित उम्मीदवार मिलने पहुंचे और अंतिम परिणाम के साथ जॉइनिंग देने के लिए आग्रह किया। उम्मीदवारों ने बताया कि सब कुछ प्रक्रिया पूरी हो चुकी है लेकिन जॉइनिंग नहीं दी गई है।
 

 
panchayattantra24.-रायपुर। विष्णुदेव साय के बीजेपी विधायक दल के नेता चुने जाने के बाद राज्य अतिथि गृह पहुना को अस्थाई सीएम निवास बनाया गया है. विष्णुदेव साय पहुना में मौजूद हैं. उन्हें सुबह से ही बधाई देने बड़ी कार्यकर्ता पहुंच रहे हैं. समर्थकों और कार्यकर्ताओं ने बधाई देने अस्थाई मुख्यमंत्री निवास को बैनर पोस्टर से पाट दिया है. वहीं निवास में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किये गए हैं। 
शपथ ग्रहण साइंस कॉलेज मैदान में 
छत्तीसगढ़ के नए सीएम विष्णुदेव साय 13 दिसंबर को शपथ लेंगे. मुख्यमंत्री के साथ उप मुख्यमंत्री भी शपथ लेंगे. साइंस कॉलेज मैदान में शपथ ग्रहण समारोह को लेकर तैयारियां जोरों से चल रही है. वहीं देर रात शपथ ग्रहण की तैयारी का जायजा लेने विधायक विजय शर्मा, विधायक ओपी चौधरी, विधायक सुशांत शुक्ला, भूपेंद्र सवन्नी, अनुराग अग्रवाल सहित कई नेता साइंस कॉलेज मैदान पहुंचे थे। 
 

 
 
panchayattantra24.-रायपुर।  प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ‘विकसित भारत @ 2047 वॉयस ऑफ यूथ कार्यशाला को वर्चुअली संबोधित किया। छत्तीसगढ़ के राजभवन में भी विकसित भारत की कार्यक्रम का वर्चुअल प्रसारण किया गया।
‘विकसित भारत @ 2047 वॉयस ऑफ यूथ कार्यशाला को वर्चुअली संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, कि “आज विकसित भारत के संकल्पों को लेकर बेहद अहम दिन है, मैं सभी राज्यपालों को विशेष बधाई दूंगा कि उन्होंने विकसित भारत के निर्माण से जुड़ी इस वर्कशॉप का आयोजन किया है।”
‘विकसित भारत @ 2047 वॉयस ऑफ यूथ कार्यशाला में विकसित भारत, सशक्त भारतीय, सम्पन्न और टिकाऊ अर्थव्यवस्था, सुशासन एवं सुरक्षा, विश्व में भारत आदि विषयों पर चर्चा की गई। बता दें कि ‘विकसित भारत 2047: युवाओं की आवाज’ पहल देश के युवाओं को विकसित भारत 2047 के दृष्टिकोण में योगदान देने के लिए एक मंच प्रदान करेगी।
 

 
panchayattantra24.-रायपुर। डीजीपी अशोक जुनेजा और मुख्य सचिव अमिताभ जैन ने सीएम विष्णुदेव साय से मुलाकात की। साथ ही पुष्पगुच्छ भेंट कर बधाई एवं शुभकामनाएं प्रेषित कीं।
बता दें कि मुख्यमंत्री के शपथ ग्रहण समारोह की तैयारियाँ जोरो पर है। साइंस कॉलेज मैदान पर तेज़ी से काम चल रहा है। 13 दिसंबर को शपथ ग्रहण समारोह है।
नए और पुराने नेताओं को मंत्रिमंडल में जगह दी जा सकती है। साथ ही ये भी कहा जा रहा है कि महिला मंत्रियों की संख्या भी 1 से ज्यादा हो सकती है। संभावित मंत्रियों में रेणुका सिंह, गोमती साय, अरुण साव, अमर अग्रवाल, ओपी चौधरी, बृजमोहन अग्रवाल, राजेश मूणत, अजय चंद्राकर, डोमनलाल कोरसेवाड़ा, गुरु खुशवंत, विजय शर्मा, गजेंद्र यादव, केदार कश्यप, विक्रम उसेंडी और लता उसेंडी शामिल है।
 

 
panchayattantra24.-रायपुर। मनोनीत सीएम विष्णु देव साय ने सोमवार को दिन की शुरुआत वीआईपी रोड स्थित श्री राम मंदिर जाकर राम सीता लक्ष्मण और हनुमान जी के दर्शन कर की। वहां से वे प्रदेश भाजपा कार्यालय ठाकरे परिसर जाकर संगठन के नेताओं से मिलेंगे। उनका आज आला अफसरों के साथ मुलाकात का भी कार्यक्रम है।
शपथ समारोह साइंस कालेज मैदान में
मुख्यमंत्री के शपथ ग्रहण समारोह की तैयारियाँ साइंस कॉलेज मैदान पर तेज़ी से होने लगी है। कलेक्टर समेत कई जिला अधिकारी मौके पर मौजूद है। इससे पहले कल रात शपथ ग्रहण की तैयारी को लेकर विधायक , प्रदेश महामंत्री विजय शर्मा, ओपी चौधरी, विधायक सुशांत शुक्ला ,भूपेंद्र सवन्नी, साइंस कॉलेज मैदान पहुंचे। भाजपा की चौथी सरकार का शपथ समारोह 13 दिसंबर को होगा।
इस शपथ समारोह में पीएम नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह समेत कई केंद्रीय मंत्री और भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा समेत राष्ट्रीय नेता , भाजपा शासित राज्यों के सीएम ,मंत्री शामिल होंगे । भाजपा की पहली सरकार ने भी पुलिस परेड ग्राउंड में शपथ लिया था और उसके बाद तीन बार सरकार बनी।
 

PT – रायपुर। छत्तीसगढ़ के नए मुख्यमंत्री का चुनाव पूरा हो चुका है। कुनकुरी विधायक विष्णुदेव साय प्रदेश के नए सीएम होंगे। विधायक दल की बैठक में उनके नाम पर सहमति बनी और फिर उनके नाम का ऐलान किया गया। भाजपा के दिग्गज नेता विष्णुदेव साय ने कुनकुरी से कांग्रेस के यूडी मिंज को इस बार 25 हजार से ज्यादा वोटों से परास्त किया है। साय तीन बार सांसद और दो बार विधायक रह चुके है। संगठन में भी उन्हें बड़ा पद मिल चुका है। वह दो बार भाजपा प्रदेश अध्यक्ष रह चुके है।

वही मुख्यमंत्री के तौर पर चुने जाने के बाद विष्णुदेव साय की पहली प्रतिक्रया सामने आई है। उन्होंने कहा है कि वह सीएम के तौर पर सबके विश्वास में खरा उतरने का प्रयास करेंगे। पूरी ईमानदारी से कार्य करेंगे। 18 लाख घरो को मंजूरी दिलाना उनका पहला काम होगा। इसके अलावा उन्होंने ‘मोदी की गारंटी’ को प्रदेश में पूरी तरह लागू करने की बात कही है।

 
 
panchayattantra24.-रायपुर। छत्तीसगढ़ विधानसभा अध्यक्ष और सक्ति के नवनिर्वाचित विधायक डॉ. चरणदास महंत ने विधानसभा चुनाव 2023 में मिले जनादेश का सम्मान करते हुए प्रदेशभर के मतदाताओं का आभार जताया है. वहीं प्रदेश में इन दिनों कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव, प्रदेश प्रभारी और पूर्व केंद्रीय मंत्री कुमारी सैलजा के खिलाफ हो रही बयानबाजी की तल्ख लहजे में निंदा की है. उन्होंने कहा कि इस तरह की बयानबाजी करने वालो के खिलाफ सख्त कार्रवाई किए जाने की जरूरत है.
महंत ने कहा कि कांग्रेस पार्टी को तोड़ने, बांटने या कमजोर करने वालो की अब कांग्रेस में कोई जरूरत नहीं है. इस तरह के लोगों के खिलाफ अनुशासन का डंडा चलाने की जरूरत पर बल देते हुए कहा कि राष्ट्रीय नेतृत्व कुमारी सैलजा और प्रदेश के सह प्रभारियों ने कांग्रेस को एकजुट रखा. बावजूद किसी को अपनी बात रखना है तो पार्टी फोरम में रखे. पार्टी के बाहर बात रखने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जरूरत है. उन्होंने कहा कि पूर्व उप मुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव सहित अन्य कांग्रेस नेताओं के खिलाफ बयानबाजी करने वालो को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा.