Browsing: रायपुर

PT – रायपुर। शहर की चार में से एक दक्षिण विधानसभा सीट सबसे ज्यादा हाट सीट बन गई है। दोनों ही राजनीतिक दलों के लिए यह सीट प्रतिष्ठा का विषय बन गई है। लोगों में गुरु और शिष्य के बीच की लड़ाई चर्चा का विषय बनी हुई है। भाजपा पर सीट बचाने तथा कांग्रेस पर दक्षिण के अभेद्य किले को जीतने की चुनौती है। भाजपा से लगातार सात बार के विधायक बृजमोहन अग्रवाल चुनावी मैदान में हैं, वहीं कांग्रेस से महंत रामसुंदर दास हैं। दोनों ही प्रमुख पार्टियों के उच्च पदाधिकारियों ने कार्यकर्ताओं को निर्देशित किया है कि मतदान के मार्जिन से कोई लेना देना नहीं है। किसी भी हालत में केवल जीत चाहिए। यहां के लोगों का कहना है कि 12 प्रत्याशियों के नाम वापसी के चलते चुनावी समीकरण काफी दिलचस्प हो गया है। इससे पहले के चुनावों में दक्षिण से सर्वाधिक प्रत्याशी मैदान में होते थे।

मालूम हो कि वर्ष-2018 के चुनाव में प्रदेशभर में कांग्रेस की लहर थी, लेकिन उस समय भी दक्षिण से भाजपा ने जीत हासिल की थी। इस बार महंत रामसुंदर दास कांग्रेस से चुनाव लड़ रहे हैं। महंत रामसुंदर दास दूधाधारी मठ के प्रमुख हैं, जबकि भाजपा प्रत्याशी बृजमोहन अग्रवाल मठ के अनुयायी हैं। बताया जाता है कि वे स्टूडेंट लाइफ से ही मठ के कार्यक्रम में जाते रहे हैं।

रायपुर दक्षिण में मतदाताओं की संख्या दो लाख 59 हजार 349 हैं। इसमें से करीब 28 हजार मुस्लिम और 27 हजार ब्राह्मण मतदाता हैं। बृजमोहन अग्रवाल दक्षिण से लगातार सात बार चुनाव जीतते आ रहे हैं। अविभाजित मध्य प्रदेश में भी वे विधायक थे। उन्हें भारी जनसमर्थन मिलता रहा है। वे जमीन से जुड़े नेता माने जाते हैं। वर्ष-1990 से लगातार विधायक बने हैं। यही उनकी लोकप्रियता का राज है। वहीं महंत रामसुंदर दास भी जांजगीर चांपा से दो बार के विधायक रह चुके हैं। उनका व्यक्तित्व आध्यात्मिक -धार्मिक है। वे जनमानस से गहराई से जुड़े हुए हैं।

PT – कोरबा। छत्तीसगढ़ में चुनाव के बीच विधानसभा पाली तानाखार से बड़ी खबर सामने आ रही है जहां पसान पुलिस ने चैकिंग के दौरान भाजपा प्रत्याशी रामदयाल उइके के वाहन से 11.50 लाख रुपये बरामद किया है। जहां पुलिस आगे की कार्यवाही कर रही है।

पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार भाजपा प्रत्याशी रामदयाल के वाहन को जब चेक किया गया तो उसमें 11 लाख रुपए रखे मिले। जिस समय पुलिस द्वारा कार्रवाई की जा रही थी उस समय रामदयाल उईके स्वयं गाड़ी में मौजूद थे। संदेह प्रकट किया जा रहा है कि यह रुपए मतदाताओं के मध्य वितरित किए जाने थे। भाजपा के एक कद्दावर नेता की गाड़ी से रुपए बरामद होने की यह खबर बड़ी तेजी से वायरल हो रही है।

PT – रायपुर। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा है कि छत्तीसगढ़ की जनता का पिछले पांच बरसों में न केवल आत्मगौरव बढ़ा है बल्कि राजनीतिक चेतना भी बढ़ी है। उन्होंने कहा है कि अब छत्तीसगढ़ की जनता जानती है कि किस पर भरोसा करना है और कौन गारंटी के रूप में चुनावी जुमला फेंक रहा है। कांग्रेस की सरकार ने पिछले पांच साल में जो काम किए हैं, यह चुनाव उसी पर जनमत संग्रह है और हमें विश्वास है कि इसमें हम खरे उतरेंगे।

मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा है कि हमारे नेता राहुल गांधी जी की मंशानुरुप कांग्रेस की सरकार ने वादा पूरा करने की शुरुआत शपथ ग्रहण के दो घंटे के भीतर ही कर दी थी और किसानों का कर्ज माफ़ किया था। इसके बाद 2500 रुपए में धान ख़रीदी से लेकर बेरोज़गारी भत्ता देने तक बहुत से ऐसे काम किए जिनसे जनता को भरोसा हुआ कि कांग्रेस वादे से अधिक देती है। उन्होंने कहा है कि पिछले पांच वर्षों में किसानों, मज़दूरों, आदिवासियों, महिलाओं और युवाओं सहित हर वर्ग का ध्यान रखा गया है।

मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि प्रदेश की जनता की जेबों में पिछले पांच साल में पौने दो लाख करोड़ रुपए गए हैं। और इसका असर यह हुआ है कि प्रदेश में न केवल संपन्नता बढ़ी और 40 लाख लोग ग़रीबी रेखा से बाहर निकले। बल्कि प्रदेश में कारोबार और उद्योग भी फले फूले हैं।

मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा है कि दूसरी ओर भाजपा है जिसने प्रदेश की जनता के साथ धोखा ही किया। न किसानों को वादे के मुताबिक 2100 रुपए कीमत दी और न हर साल 300 रुपए का बोनस दिया. उन्होंने न हर आदिवासी परिवार को रोज़गार दिया और न उन्हें सुरक्षा दी। उन्होंने कहा है कि 15 साल के भाजपा शासनकाल में छत्तीसगढ़ की पहचान नक्सल और गरीब प्रदेश के रूप में ही थी और कांग्रेस की सरकार ने सफलता पूर्वक इस पहचान को बदला है।

मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि पांच साल में ये फ़र्क पड़ा है कि अब छत्तीसगढ़ को माता कौशल्या की भूमि, राम वन गमन पथ, आदिवासी नृत्य महोत्सव और छत्तीसगढ़िया ओलंपिक के लिए जाना जाता है। उन्होंने कहा है कि छत्तीसगढ़ की संस्कृति और परंपरा को भाजपा के शासनकाल में भुला दिया गया था और अब हर छत्तीसगढ़वासी आत्मसम्मान और स्वाभिमान के साथ अपनी संस्कृति और परंपरा पर गर्व करता है।

मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा है कि कल जब जनता वोट करेगी तो उसे अवश्य याद रहेगा कि छत्तीसगढ़ का गौरव बढ़ाने वाली कांग्रेस को वोट देना है। हम आश्वस्त हैं कि जनता हमें पूरा आशीर्वाद देगी और एक बार फिर प्रदेश में भारी बहुमत के साथ कांग्रेस की सरकार बनेगी।

PT – रायपुर। छत्तीसगढ़ में प्रचार प्रसार थम गया है, अब 17 नवंबर को विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण की 70 सीटों पर मतदान किया जाएगा। इससे पहले 7 नवंबर को 20 सीटों पर वोटिंग हुई थी। दूसरे चरण में की 70 सीटों में लगभग आधी हाई प्रोफाइल सीटें है जिनमे बड़े चेहरों की किस्मत दांव पर लगी है।

 

इनमे मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, डिप्टी सीएम टीएस सिंहदेव, चरणदास महंत, बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष अरुण साव, नारायण चंदेल, अमरजीत भगत, शिव कुमार डहरिया, जेसीसीजे के संस्थापक अजीत जोगी की पत्नी रेणु जोगी और बेटे अमित जोगी समेत 30 प्रत्याशी शामिल है।

वहीं पहले चरण में 7 नवंबर को 20 विधानसभा सीटों पर हुए चुनाव में से 10 सीटें वीआईपी थीं। कुल मिलाकर प्रदेश में 40 सीटें हाई प्रोफाइल हैं।

छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव में दूसरे चरण की 30 हाई प्रोफाइल VIP सीटें-

1 पाटन

पाटन से बीजेपी प्रत्याशी विजय बघेल के सामने कांग्रेस प्रत्याशी भूपेश बघेल और इसी सीट से जेसीसीजे प्रदेश अध्यक्ष अमित जोगी भी चुनानी मैदान में हैं। 

2 अंबिकापुर

अंबिकापुर से बीजेपी प्रत्याशी राजेश अग्रवाल के सामने कांग्रेस प्रत्याशी त्रिभुनेश्वर शरण सिंहदेव। 

3 रामानुजगंज

रामानुजगंज से भाजपा प्रत्याशी राम विचार नेताम के सामने कांग्रेस प्रत्याशी अजय तिर्की। 

4 भरतपुर-सोनहत

भरतपुर-सोनहत से भाजपा प्रत्याशी रेणुका सिंह के सामने कांग्रेस प्रत्याशी गुलाब सिंह कमरो। 

 

5 बिलासपुर

बिलासपुर से भाजपा प्रत्याशी अमर अग्रवाल के सामने कांग्रेस प्रत्याशी शैलेश पांडे। 

 

6 साजा

साजा से बीजेपी प्रत्याशी ईश्वर साहू के सामने कांग्रेस प्रत्याशी रविंद्र चौबे। 

 

7 नवागढ़

नवागढ़ से बीजेपी प्रत्याशी दयाल दास बघेल के सामने कांग्रेस प्रत्याशी गुरु रुद्र कुमार। 

8 कुरूद

कुरूद से भाजपा प्रत्याशी अजय चंद्राकर के सामने कांग्रेस प्रत्याशी तारिणी चंद्राकर। 

 

9 सीतापुर

सीतापुर से बीजेपी प्रत्याशी रामकुमार टोप्पो के सामने कांग्रेस प्रत्याशी अमरजीत भगत। 

 

10 पत्थलगांव

पत्थलगांव से भाजपा प्रत्याशी गोमती साय के सामने कांग्रेस प्रत्याशी रामपुकार सिंह। 

 

11 धरसीवां

धरसीवां से भाजपा प्रत्याशी अनुज शर्मा के सामने कांग्रेस प्रत्याशी छाया वर्मा। 

 

12 अभनपुर

अभनपुर से भाजपा प्रत्याशी इंद्र कुमार साहू के सामने कांग्रेस प्रत्याशी धनेंद्र साहू। 

 

13 आरंग

आरंग से बीजेपी प्रत्याशी गुरु खुशवंत सिंह के सामने कांग्रेस प्रत्याशी डॉ. शिवकुमार डहरिया। 

 

14 राजिम

राजिम से भाजपा प्रत्याशी रोहित साहू के सामने कांग्रेस प्रत्याशी अमितेष शुक्ला। 

 

15 डोंडीलोहारा

डोंडीलोहारा से बीजेपी प्रत्याशी देवलाल हलवा ठाकुर के सामने कांग्रेस प्रत्याशी अनिला भेड़िया। 

 

16दुर्ग शहर

दुर्ग शहर से भाजपा प्रत्याशी गजेंद्र यादव के सामने कांग्रेस प्रत्याशी अरुण वोरा। 

 

17 दुर्ग ग्रामीण

दुर्ग ग्रामीण से बीजेपी प्रत्याशी ललित चंद्राकर के सामने कांग्रेस प्रत्याशी ताम्रध्वज साहू। 

 

18 भिलाई नगर

भिलाई नगर से भाजपा प्रत्याशी से प्रेम प्रकाश पांडे के सामने कांग्रेस प्रत्याशी देवेंद्र यादव। 

 

19 कोटा

कोटा से भाजपा प्रत्याशी प्रबल प्रताप सिंह जूदेव के सामने कांग्रेस प्रत्याशी अटल श्रीवास्तव और यही से जेसीसीजे के संस्थापक अजीत जोगी की पत्नी रेणु जोगी भी चुनाव मैदान में हैं। 

 

20 तखतपुर

तखतपुर से भाजपा प्रत्याशी धर्मजीत सिंह के सामने कांग्रेस प्रत्याशी रश्मि सिंह। 

 

21 लोरमी

लोरमी से भाजपा प्रत्याशी अरुण साव के सामने कांग्रेस प्रत्याशी थानेश्वर साहू। 

 

22 जांजगीर-चांपा

जांजगीर-चांपा से भाजपा प्रत्याशी नारायण चंदेल के सामने कांग्रेस प्रत्याशी व्यास कश्यप। 

 

23 सक्ति

सक्ति से बीजेपी प्रत्याशी खिलावन साहू के सामने कांग्रेस प्रत्याशी डॉ. चरणदास महंत। 

24 रायगढ़

रायगढ़ से भाजपा प्रत्याशी ओपी चौधरी के सामने कांग्रेस प्रत्याशी प्रकाश नायक। 

 

25 खरसिया

खरसिया से बीजेपी प्रत्याशी महेश साहू के सामने कांग्रेस प्रत्याशी उमेश पटेल। 

 

26 कोरबा

कोरबा से बीजेपी प्रत्याशी लखनलाल देवांगन के सामने कांग्रेस प्रत्याशी जयसिंह अग्रवाल। 

 

27 रामपुर

रामपुर से भाजपा प्रत्याशी ननकी रामकवंर के सामने कांग्रेस प्रत्याशी फूलसिंह रठिया। 

 

28 रायपुर दक्षिण

रायपुर दक्षिण से भाजपा प्रत्याशी बृजमोहन अग्रवाल के सामने कांग्रेस प्रत्याशी महंत रामसुंदर दास। 

29 रायपुर पश्चिम

रायपुर पश्चिम से भाजपा प्रत्याशी राजेश मूणत के सामने कांग्रेस प्रत्याशी विकास उपाध्याय। 

30 रायपुर ग्रामीण

रायपुर ग्रामीण से भाजपा प्रत्याशी मोतीलाल साहू के सामने कांग्रेस प्रत्याशी पंकज शर्मा। 

 

PT – सक्ति। छत्तीसगढ़ में दूसरे चरण के मतदान से ठीक एक दिन पहले जोगी कांग्रेस को बड़ा झटका लगा है। सक्ती विधानसभा से जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ जे के प्रत्याशी राज कुमार पटेल ने पार्टी से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने जोगी कांग्रेस से इस्तीफा देकर कांग्रेस का दामन थाम लिया है।

राजकुमार से जुड़े लोग बताते है कि वे पार्टी से सहयोग नहीं मिलने की वज़ह से बेहद नाराज थे, कई मर्तबा उन्होंने इस संबंध में पार्टी के आला नेताओं से बातचीत भी की पर उसका कोई सफल नतीजा नहीं निकल पाया। जिसके बाद आज उन्होंने कांग्रेस का दामन थाम लिया।

PT – रायपुर। विधानसभा निर्वाचन 2023 हेतु 17 नवंबर को मतदान होने जा रहा है, जिसके तहत जिला मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर जिले में मतदान दलों की रवानगी शुरू हो गई है।

 

दूसरे चरण में 70 सीटों पर होगा मतदान

 

चुनाव आयोग के मुताबिक दूसरे चरण के 70 विधानसभा क्षेत्रों में कुल 958 उम्मीदवार अपना भाग्य आजमा रहे है, जिनमें 827 पुरुष, 130 महिला और एक तृतीय लिंग के उम्मीदवार हैं। मतदान के दौरान प्रदेश के एक करोड़ 63 लाख 14 हजार 479 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे।

 

इनमें 81 लाख 41 हजार 624 पुरुष मतदाता, 81 लाख 72 हजार 171 महिला मतदाता तथा 684 तृतीय लिंग के मतदाता शामिल हैं। सुगम मतदान सुनिश्चित करने के लिए कुल 18 हजार 833 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। इनमें से 700 संगवारी मतदान केंद्र हैं, जहां सिर्फ महिला मतदान कर्मी ही पदस्थ रहेंगी।

PT  – नई दिल्ली। निर्वाचन आयोग ने मध्य प्रदेश में एक चुनावी जनसभा के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर की गई टिप्पणी के लिए कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी वाद्रा को नोटिस जारी किया है। प्रियंका गांधी को गुरुवार रात 8 बजे तक जवाब देने को कहा गया है।मंगलवार रात प्रियंका गांधी को भेजे गए नोटिस में चुनाव आयोग ने कहा कि आयोग को 10 नवंबर को भारतीय जनता पार्टी से एक शिकायत मिली है, जिसमें यह आरोप लगाया गया है कि सांवेर विधानसभा क्षेत्र में एक सार्वजनिक रैली में आपने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संबंध में झूठे बयान दिए हैं, जिससे जनता गुमराह हो सकती है और प्रधानमंत्री की छवि खराब हो सकती है।आयोग ने कहा कि आम तौर पर जनता मानती है कि किसी वरिष्ठ नेता का बयान सच होता है।पोल पैनल ने कहा कि आपको बताए गए तथ्यों को सत्यापित करना चाहिए ताकि मतदाताओं को गुमराह करने की कोई गुंजाइश न रहे। आयोग ने कहा कि आप अपने बयान पर 16 नवंबर, 2023 को रात 8 बजे तक स्पष्टीकरण देें। आदर्श आचार संहिता के उल्लंघन के लिए आपके खिलाफ उचित कार्रवाई क्यों न की जाए। निर्धारित समय के भीतर आपकी ओर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिलने पर यह माना जाएगा कि आपको इस मामले में कुछ भी नहीं कहना है और चुनाव आयोग आपसे कोई और संदर्भ लिए बिना मामले में उचित कार्रवाई या निर्णय लेगा।

PT – रायपुर। प्रदेश में भाई दूज मनाया जा रहा है। इस दौरान सीएम भूपेश बघेल ने भी भाई दूज के अवसर पर अपनी बहनों के साथ तस्वीरें पोस्ट कर कहा – मेरी बहनें. मेरी शक्ति।

 

एक पौराणिक मान्यता के अनुसार यमुना ने इसी दिन अपने भाई यमराज की लंबी आयु के लिए व्रत किया था और उन्हें अन्नकूट का भोजन खिलाया था। कथा के अनुसार, यम देवता ने अपनी बहन को इसी दिन दर्शन दिए थे। यम की बहन यमुना अपने भाई से मिलने के लिए अत्यधिक व्याकुल थी। अपने भाई के दर्शन कर यमुना बेहद प्रसन्न हुई। यमुना ने प्रसन्न होकर अपने भाई की बहुत आवभगत की। यम ने प्रसन्न होकर उसे वरदान दिया कि इस दिन अगर भाई-बहन दोनों एक साथ यमुना नदी में स्नान करेगें, तो उन्हें मुक्ति प्राप्त होगी।

 

PT- रायपुर। कांग्रेस को बहुमत मिलने पर भूपेश बघेल दूसरी बार सीएम बनेंगे। आज बलौदाबाजार जनसभा में राहुल गांधी ने कहा, फिर सबसे पहले बघेल जी कर्जमाफी पर हस्ताक्षर करेंगे। छत्तीसगढ़ में हमने शुरू में ही निर्णय ले लिया था कि किसानों को धान के लिए 2500 रुपए/क्विंटल मिलेंगे। अगली बार जब हम मिलेगें तो आपको धान के लिए 3200 रूपए/क्विंटल मिलेंगे, क्योंकि ये निर्णय भी ले लिया गया है।

 

मोदी पर हमला – आगे राहुल गांधी ने कहा, BJP ने जितना पैसा जनता से लिया है, हमें उतना ही पैसा किसानों, मजदूरों, महिलाओं और गरीबों की जेब में डालना है। अगर BJP अडानी को 1 रूपया देती है, तो यहां की जनता के खाते में 1 रूपया जाना चाहिए। क्योंकि हमें पता है कि प्रदेश की अर्थव्यवस्था इन्हीं किसानों, मजदूरों, महिलाओं और गरीबों से चलती है। 

 

PM मोदी ने अरबपतियों का 14 लाख करोड़ रूपया माफ कर दिया, लेकिन किसानों का कर्ज माफ नहीं किया। वहीं 5 साल पहले हमने आपसे कहा था कि छत्तीसगढ़ के किसानों का कर्ज माफ होगा और लाखों किसानों का कर्ज माफ किया गया। हम एक बार फिर किसानों की कर्ज माफी का वादा कर रहे हैं, और कर्ज माफ करके दिखाएंगे।

PT – रायपुर। कांग्रेसियों ने आज सिविल लाइन थाना में जाकर शिकायत दर्ज कराया है। कांग्रेसियों ने ये आरोप लगाया है कि एक फर्जी लेटर भाजपा द्वारा वायरल और प्रेषित किया जा रहा है। जिसमें अखिल भारतीय कांग्रेस पार्टी के प्रभारी महासचिव केसी वेणुगोपाल का लिखा हुआ बताया जा रहा है। इसमें चुनाव के परिणामों को लेकर एक मनगढंत आकलन किया गया है और प्रदेश के मुखिया भूपेश बघेल के नाम से भी दुष्प्रचार किया जा रहा है।

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सुशील आनंद शुक्ला ने कहा कि उन्हें आशंका है कि इस तरह की हरकतें भारतीय जनता पार्टी के नेताओं और पार्टी का चुनाव प्रचार संभाल रही कंपनी ‘वराहे’ द्वारा ही अंजाम दिया जा रहा है। क्योंकि इस तरह के कुत्सित प्रयास और हथकंडे भारतीय जनता पार्टी ही अपनाती रही है। पिछले चुनाव में भी भाजपा के नेताओं की ओर से ऐसा ही एक फ़र्जी पत्र मतदाताओं को भ्रमित करने के लिए जारी किया गया था। कांग्रेसियों ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष अरुण साव और उनकी प्रचार कंपनी वराहे और उनके छत्तीसगढ़ का कामकाज संभाल रहे रंगेश श्रीधर और श्रेयस भारद्वाज के ख़िलाफ़ तुरंत प्राथमिकी दर्ज की जाए और तुरंत इसे रोकने की कार्रवाई की जाए।