Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.
Browsing: रायपुर


panchayattantra24.-रायपुर। महादेव ऑनलाइन सट्टा मामले में पुलिस के एएसआई चंद्रभूषण वर्मा सहित 4 आरोपियों को 10 दिनों की न्यायिक हिरासत आज खत्म हो रही है। सभी को आज दोपहर पुनः कोर्ट में पेश किया जाएगा।सुनवाई विशेष न्यायाधीश अजय सिंह राजपूत की कोर्ट में होगी। इसी मामले में कोर्ट ने दो आरोपियों के खिलाफ गैर जमानती वारंट भी जारी किया है। रायपुर और भिलाई में छापेमारी कर किया गया था गिरफ्तार ED ने रायपुर और दुर्ग में छापेमारी के दौरान वकील, पुलिस, ट्रांसपोर्टर, सीए और जमीन कारोबारियों को शिकंजे में लिया है। इस दौरान पी एम एल ए (प्रिवेंशन ऑफ मनी लॉन्ड्रिंग एक्ट) के तहत चंद्रभूषण वर्मा, सतीश चंद्राकर, हवाला कारोबारी अनिल और सुनील दम्मानी की ईडी ने 2 बार रिमांड ली थी। बीते दस दिनो में ईडी ने सीएम के सलाहकार विनोद वर्मा, उनकी पत्नी, दोनों पुत्रों और बहनोई से पूछताछ की है।
इस बीच ऑनलाइन सट्टा एप के आरोपी संचालक सौरभ चंद्राकर और रवि उप्पल के खिलाफ कोर्ट ने गैर जमानती वारंट जारी किया था। दोनों आरोपी इस वक्त विदेश में हैं। वारंट जारी होने के साथ ही उन्हें भारत लाने की तैयारी शुरू कर दी है। ईडी ने इन दोनों की गिरफ्तारी के लिए विदेश और गृह मंत्रालय समेत झारखंड, तेलंगाना, कर्नाटक, आंध्र प्रदेश, एमपी और महाराष्ट्र के अलावा अन्य राज्यों को भेजी जानकारी है।हालांकि अब तक कहीं से कोई सुराग नहीं मिला है। ईडी ने इंटरपोल की मदद से रेड कार्नर नोटिस जारी करवाने की भी बात कही है । इस आधार पर ईडी आज एएसआई वर्मा समेत चारों की जमानत पर आपत्ति करेगी।

panchayattantra24.-रायपुर। गोंदिया के पास ओएचई टूटने से 8 घंटे से ट्रेनों की आवाजाही प्रभावित रही। कई ट्रेनें घंटों लेट चल रही है। दोपहर 3.30 बजे रायपुर से निकली राजधानी एक्सप्रेस डोंगरगढ़ के आगे खड़ी थी। वहीं अन्य ट्रेने राजनांदगांव, दुर्ग में रोक दी गई थी। दुर्ग से डोंगरगढ़ पहुंचने में ही यात्री ट्रेनों को दो से तीन घंटे लगे। रात 11 बजे ओएचई सुधार के बाद रेल प्रशासन ने पहले गुड्स ट्रेनों को रवाना किया फिर यात्री ट्रेनों को। कुछ यात्रियों ने बताया कि एक मालगाड़ी जो काफी लंबी (एनाकोंडा श्रेणी )और ओवरलोड थी वह तो मानो रेंग रही थी। उसके अगले ब्लाक स्टेशन पहुंचने के बाद यात्री ट्रेनों को रवाना किया गया। इसके चलते राजधानी एक्स्प्रेस करीब अभी सुबह 7 बजे भोपाल पहुंची है। इतनी ही लेट अन्य ट्रेनें भी आई गईं।
panchayattantra24.-रायपुर। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने प्रदेशवासियों विशेष रूप से किसान भाइयों को पारंपरिक पोला तिहार की बधाई और शुभकामनाएं दी है। इस अवसर पर उन्होंने सभी नागरिकों की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की है। पोरा तिहार की पूर्व संध्या पर जारी अपने शुभकामना संदेश में बघेल ने कहा है कि पोला तिहार छत्तीसगढ़ की परम्परा, संस्कृति और लोक जीवन की गहराइयों से जुड़ा पर्व है। यह हमारे जीवन में खेती-किसानी और पशुधन का महत्व बताता है। इस दिन घरों में उत्साह से बैलों और जाता-पोरा की पूजा कर अच्छी फसल और घर को धन-धान्य से परिपूर्ण होने के लिए प्रार्थना की जाती है। बघेल ने कहा कि तीज-त्यौहार हमारी संस्कृति और परम्पराओं का संवाहक होते हैं। यह हमारी धरोहर को अगली पीढ़ी तक पहुंचाते हैं। पोला के दिन मिट्टी के बर्तन और बैलों से खेलकर बच्चे अनजाने ही अपनी मिट्टी और उसके सरोकारों को जुड़ते चले जाते हैं। बघेल ने कहा कि यह हमारा दायित्व है कि आने वालीे पीढ़ियों को अपनी समृद्ध संस्कृति का परिचय कराएं और उसके संरक्षण और संवर्धन का प्रयास करें।

panchayattantra24.-रायपुर। राज्यपाल विश्वभूषण हरिचंदन ने अपने ओडीसा राज्य के प्रवास के दौरान कटक में प्रख्यात साहित्यविद् और आदर्श प्रकाशक स्वर्गीय श्री अनंत मिश्र के तैल चित्र का अनावरण किया। यह कार्यक्रम उत्कल साहित्य समाज कटक द्वारा आयोजित किया गया था। इस अवसर पर हरिचंदन ने अपने उद्बोधन में कहा कि समसामायिक पुस्तक प्रकाशन के क्षेत्र में श्री अनंत मिश्र की सृजनात्मक क्षमता ने उड़िया साहित्य को समृद्धि के उच्च सोपान में स्थापित किया है। साहित्यकारों को प्रेरित करके उच्च कोटी के साहित्यिक संरचना को प्रोत्साहन देना श्री मिश्र के जीवन का ध्येय था। वे एक अनुकरणीय प्रकाशक थे। प्रकाशन उद्योग की यह प्रमुख हस्ती लेखकों से जरूरत के मुताबिक साहित्य सृजन कराने में सफल रही। हरिचंदन ने समाज में साहित्य और प्रकाशकों की भूमिका पर प्रकाश डाला। उन्हांेने कहा कि श्री मिश्र अपने समय के ख्याति सम्पन्न साहित्यकारों के संपर्क में रहकर साहित्य के क्षेत्र में अग्रणी प्रकाशन बने।
कार्यक्रम की अध्यक्षता संस्थान के अध्यक्ष डॉ. गोबिंद चंद्र चांद ने की। इस अवसर पर प्रख्यात प्रकाशक और लेखक नृसिंह प्रसाद मिश्र ने श्री अनंत के महान जीवन पर प्रकाश डाला। मुख्य वक्ता केआईएस विश्वविद्यालय गोपबंधु के अध्यक्ष प्रोफेसर डॉ विजयानंद सिंह ने एक प्रकाशक के रूप में अनंत मिश्र की उपलब्ध्यिों की चर्चा की। उत्कल साहित्य समाज के उपाध्यक्ष श्री जीवानंद अधिकारी ने अतिथियों का स्वागत किया। धन्यवाद ज्ञापन संस्था के प्रधान संपादक डॉ. सुनमणि राउत ने किया। कार्यक्रम में प्रमुख लेखक, बुद्धिजीवी, उत्कल साहित्य समाज के सदस्य और कार्यकारी समिति के सदस्य वक्ताओं ने भाग लिया।
panchayattantra24.-रायपुर। गंभीर कुपोषित बच्चों को कुपोषण के चक्र से बाहर लाकर प्रदेश में कुपोषण की दर में कमी लाने के लिए मुख्यमंत्री बाल संदर्भ योजना का संचालन किया जा रहा है। इसके तहत वर्ष 22-23 में लगभग 1 लाख 46 हजार बच्चों को लाभान्वित किया गया है। योजना के तहत गंभीर कुपोषित एवं संकटग्रस्त बच्चों को चिकित्सकीय परीक्षण की सुविधा, चिकित्सक द्वारा लिखी गई दवाएं तथा आवश्यकतानुसार बाल रोग विशेषज्ञों से परामर्श की सुविधा उपलब्ध कराई जाती है। यह सुविधा प्रत्येक विकासखंड में माह में 2 दिवस संदर्भ दिवस के रूप में चिन्हांकित कर प्रदान की जाती है। चिकित्सकीय परीक्षण में बच्चों के संक्रमण की पहचान की जाती है। इसके अतिरिक्त योजना में निजी चिकित्सा परीक्षण संस्थान में अधिकतम 300 रूपये तक स्वास्थ्य जांच की सुविधा दी गई है। योजना के तहत ’एक हितग्राही को वर्ष भर में अधिकतम 500 रूपये तक की दवाएं तथा आवश्यकता होने पर चिकित्सा अधिकारी के परामर्श से इससे अधिक राशि की दवाएं भी उपलब्ध कराई जाती हैं। निजी शिशु रोग विशेषज्ञ की सेवा पर सम्मान स्वरूप 1000 रूपये का मानदेय एवं 500 रुपये तक यात्रा व्यय देने का प्रावधान है। इसके अतिरिक्त कुपोषित बच्चों के परिवहन के लिए भी आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को राशि उपलब्ध कराई जाती है।

panchayattantra24.-रायपुर। इस साल 18 सितंबर को तीजा का पावन पर्व मनाया जाएगा. तीजा पर्व को लेकर बाजार में भी रौनक बढ़ गई है. राजधानी के कपड़ा दुकानों में महिलाओं की भीड़ देखने को मिल रही है. महिलाओं में तीजा पर्व के लिए साड़ी खरीदने को लेकर जबरदस्त उत्साह देखा जा रहा है. महिलाओं को साल भर तीजा पर्व का इंतजार रहता है. तीजा पर्व को लेकर पिछले कुछ दिनों से दुकानों में महिलाओं की भीड़ देखने को मिल रही है. साड़ी खरीदने को लेकर महिलाओं में भारी उत्साह दिखाई दे रहा है. दुकानदारों को तीजा पर्व में अच्छे कारोबार की उम्मीद है. महिलाएं तीजा पर्व में ऑरगेंजा, डोला, सिल्क और जिमि चू जैसी साड़ियों के साथ ही सिंपल सोबर साड़ियों की भी डिमांड कर रही है।
कपड़ा दुकानदारों का कहना है कि “इस तीजा पर्व में महिलाएं अपने बजट के आधार पर साड़ियों के अलग-अलग पैटर्न और डिजाइन पसंद कर रहे हैं. कुछ महिलाओं की पसंद डोला, सिल्क है. तो कुछ महिलाओं की पसंद ऑरगेंजा और कुछ महिलाओं की पसंद जिमि चु जैसी साड़ियां है. इसके साथ ही कुछ महिलाओ की पसंद सिंपल शोवर साड़ियां भी हैं. जो हर ओकेशन में काम आ जाती है।

panchayattantra24.-रायपुर। दिल्ली में हुई राष्ट्रीय नेताओं से मुलाकात के बाद प्रदेश प्रभारी ओम माथुर, पूर्व मुख्यमंत्री रमन सिंह अरुण साव और नितिन नबीन रायगढ़ रवाना हो गए हैं। जानकारी के अनुसार कुछ देर में ये सभी नेता रायगढ़ पहुंचेंगे। वहां पीएम मोदी की होने वाली सभा का जायजा लेंगे। जानकारी के अनुसार, कल दंतेवाड़ा से भाजपा की परिवर्तन यात्रा के बाद कल शाम को ही प्रदेश प्रभारी ओम माथुर, पूर्व मुख्यमंत्री रमन सिंह अरुण साव और नितिन नबीन दिल्ली के लिए रवाना हो गए थे। वे सभी राष्ट्रीय नेताओं के साथ मुलाकात की। रात में वरिष्ठ नेताओं से चर्चा हुई। जिसमें बची हुई सीटों के प्रत्याशियों को लेकर मंथन हुआ। जिसके बाद ये सभी नेता रायगढ़ के लिए रवाना हो गए। आपको बता दें कि कल यानी 14 सितंबर को पीएम मोदी छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले का दौरा करेंगे। रायगढ़ के कोड़ातराई में पीएम की आमसभा होगी। बताया जा रहा है कि कोड़ातराई में 6 डोम बनाए जाएंगे। इसमें तीन ग्रीन रूम भी बनेंगे।

panchayattantra24.-रायपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कल छत्तीसगढ़ के दौरे पर आ रहे हैं। वे रायगढ़ के कोंडातराई में आयोजित कई कार्यों का शिलान्यास और लोकार्पण करेंगे। इसके बाद वे आम सभा को संबोधित करेंगे। प्रधानमंत्री की अगुवानी के साथ ही उनके सरकारी कार्यक्रमों में हिस्सा लेना राज्यपाल और मुख्यमंत्री का प्रोटोकाल में आता है। मगर कई बार अपरिहार्य कारणों से ऐसा नहीं हो पाता है। पता चला है, मुख्यमंत्री भूपेश बघेल का 14 सितंबर को पहले से कई तय कार्यक्रम हैं लिहाजा वे रायगढ़ नहीं जा रहे हैं। मुख्यमंत्री की जगह पर मंत्री टीएस सिंहदेव प्रधानमंत्री की अगुवानी करेंगे। हालांकि, इससे पहले भी 2020 के बजट सत्र के दौरान प्रधानमंत्री उड़ीसा जाते समय रायपुर एयरपोर्ट पर रुके थे। उस समय मुख्यमंत्री विधानसभा में थे। उनकी जगह पर दो मंत्रियों को प्रधानमंत्री का स्वागत करने एयरपोर्ट भेजा गया था।
पीएम मोदी का 14 सितंबर को मध्यप्रदेश के साथ ही छत्तीसगढ़ का दौरा है। फर्स्ट हाफ में वे भोपाल में रहेंगे। वहां से भारतीय वायु सेना के विशेष विमान से दोपहर दो बजे रायगढ़ के जिंदल हवाई पट्टी पहुंचेंगे। वहां स्वागत की औपचारिकता के बाद वे हेलिकाप्टर से कोंडातराई जाएंगे। 2.15 बजे वे कोंडातराई पहुंचेंगे। वहां ढाई बजे से लेकर तीन बजे तक सरकारी कार्यक्रम है। कोंडातराई में दो मंच बन रहा है। एक पर सरकारी कार्यक्रम होंगे। दूसरे पर आम सभा होगी। सरकारी कार्यक्रम के बाद पीएम मोदी 3 बजे से 4 बजे तक पब्लिक मीटिंग को संबोधित करेंगे। आम सभा के तुंरत बाद वे रायगढ़ रवाना हो जाएंगे। प्रधानमंत्री की सुरक्षा का रिव्यू करने प्रदेश के डीजीपी अशोक जुनेजा अफसरों के साथ आज दोपहर रायगढ़ पहुंचे। उन्होंने एयरपोर्ट से लेकर हेलीपैड और कार्यक्रम स्थल का मुआयना किया। उनके साथ खुफिया चीफ डॉ0 आनंद छाबड़ा, बिलासपुर आईजी अजय यादव भी थे।
panchayattantra24.-रायपुर। छत्तीसगढ़ में कांग्रेस रेल रोको आंदोलन कर रही है, जिसके मद्देनजर रेलवे ने चौकसी बढ़ा दी है। स्टेशन और ट्रेक पर भारी संख्या में आरपीएफ, जीआरपी के साथ स्थानीय पुलिस बल तैनात किये गए हैं। रेलवे ट्रैक के किनारे विशेष निगरानी रखी जा रही है। सुरक्षा को देखते हुए जगह – जगह बेरिकेड्स लगाए गए हैं। इसके साथ ही स्टेशन के अंदर सिर्फ टिकटधारी यात्रियों को ही प्रवेश दिया जा रहा है। वहीं, रेल रोको आंदोलन पर बीजेपी के बयान पर संसदीय सचिव विकास उपाध्याय ने कहा, कि भाजपा की कथनी और करनी में अंतर है। रेल की बोगियां कम की जा रही है। रेलवे स्टेशन की स्थिति आज बद से बदतर हो रही है। 8 से 10 घंटे ट्रेन लेट हो रही है। पहले सीनियर सिटीजन को डिस्काउंट दिया जाता था। अब वो सब भी बंद कर दिया गया है। संसदीय सचिव ने आगे कहा कि उद्योगपतियों के लिए मालवाहक ट्रेन गुजर रही है। यात्री ट्रेनों को कम करने का प्रयास किया जा रहा है। हम जनता की लड़ाई लड़ रहे है और इसलिए आंदोलन कर रहे।
panchayattantra24.-रायपुर। प्रतिबंधित नशीली सिरप कोड़िन के साथ 3 आरोपी को गिरफ्तार किया गया है. जानकारी के मुताबिक एण्टी क्राईम एण्ड साईबर यूनिट की टीम को सूचना प्राप्त हुई कि थाना टिकरापारा क्षेत्रांतर्गत चौरसिया कालोनी रिज मेडिकल गली पास स्थित एक मकान के सामने कुछ व्यक्ति गुलाबी रंग के बोरियों में प्रतिबंधित नशीली सिरप रखें है जो कहीं जाने की फिराक में है। जिस पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर/अपराध अभिषेक माहेश्वरी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पश्चिम जय प्रकाश बढ़ई, नगर पुलिस अधीक्षक पुरानी बस्ती राजेश चौधरी एवं उप पुलिस अधीक्षक क्राईम दिनेश सिन्हा द्वारा प्रभारी एण्टी क्राईम एण्ड साईबर यूनिट तथा थाना प्रभारी टिकरापारा को सूचना की तस्दीक कर आरोपियों को प्रतिबंधित नशीली सिरप के साथ रंगे हाथ पकड़ने निर्देशित किया गया।
जिस पर एण्टी क्राईम एण्ड साईबर यूनिट तथा थाना टिकरापारा पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा उक्त स्थान पर जाकर मुखबीर द्वारा बताए मकान व व्यक्तियों को चिन्हांकित किया गया। मकान के सामने 03 व्यक्ति उपस्थित थे जिन्होंने पूछताछ मंे अपना नाम ईरफान खान उर्फ बब्लू, अब्दुल फहीम एवं मोहम्मद रिजवान निवासी रायपुर का होना बताया। टीम के सदस्यों द्वारा उनके पास रखें बोरियों की तलाशी लेने पर बोरियों में प्रतिबंधित नशीली सिरप कोड़िन रखा होना पाया गया। उक्त प्रतिबंधित नशीली सिरप रखने के संबंध में तीनों से वैध दस्तावेज या अन्य कागजात प्रस्तुत करने कहने पर उनके द्वारा किसी भी प्रकार का कोई वैध दस्तावेज या कागजात प्रस्तुत न कर टीम को लगातार गुमराह करने का प्रयास किया जा रहा था। जिस पर आरोपी ईरफान खान उर्फ बब्लू, अब्दुल फहीम एवं मोहम्मद रिजवान को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से कुल 1440 शीशी प्रतिबंधित नशीली सिरप कोड़िन कीमती लगभग 3,00,000/- रूपये जप्त कर आरोपियों के विरूद्ध थाना टिकरापारा में अपराध क्रमांक 468/23 धारा 21(सी) नारकोटिक्स एक्ट का अपराध पंजीबद्ध कर कार्यवाही किया गया। आरोपी अब्दुल फहीम पूर्व में भी नारकोटिक एक्ट (प्रतिबंधित नशीली सिरप) के मामलों में जेल निरूद्ध रह चुका है। आरोपियों द्वारा इतनी बड़ी मात्रा में प्रतिबंधित नशीली सिरप कोड़िन को कहां से लाया गया है, इस संबंध में आरोपियों से विस्तृत पूछताछ की जा रहीं है।
गिरफ्तार आरोपी 01. ईरफान खान उर्फ बब्लू पिता स्व. सईद खान उम्र 44 वर्ष निवासी रिज मेडिकल के आगे मस्जिद रोड चौरसिया कालोनी थाना टिकरापारा रायपुर। 02. अब्दुल फहीम पिता अब्दुल मजीद उम्र 45 वर्ष निवासी चूडी लाईन शनि मंदिर के पास गोलबाजार थाना गोलबाजार रायपुर। 03. मोहम्मद रिजवान पिता स्व मोहम्मद सलीम उम्र 44 वर्ष निवासी गौसिया मस्जिद के सामने वाली गली सलीम का मकान संतोषी नगर थाना टिकरापारा रायपुर।