Browsing: रायपुर

 
panchayattantra24.-रायपुर। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने आज नवा रायपुर में छत्तीसगढ़ राज्य कृषि विपणन (मंडी) बोर्ड के नवीन कार्यालय भवन का लोकार्पण किया। इस मौके पर उन्होंने इस भवन का नामकरण सरदार वल्लभ भाई पटेल के नाम पर करने की घोषणा की। नवा रायपुर के सेक्टर 24 में 40 करोड़ रूपए की लागत से तैयार किए गए इस भवन में बीज निगम का कार्यालय भी संचालित होगा। लगभग 1 लाख 58 हजार वर्गफीट में बनाए गए इस भवन से कृषि संबंधी विभिन्न गतिविधियों संचालित होंगी जिसका लाभ किसानों को मिलेगा। 
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने लोकार्पण समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि किसानों की सुविधा के लिए राज्य में मंडी का विस्तार किया जा रहा है। राज्य में लगभग 1.25 लाख मीट्रिक टन धान की खरीदी की जानी है। इसको देखते हुए धान संग्रहण केन्द्रों को भी मंडी के रूप में विकसित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि राज्य में मिलेट्स की खेती को भी लगातार प्रोत्साहन दिया जा रहा है तथा समर्थन मूल्य पर इसकी खरीदी की जा रही है। राज्य में किसान हितैषी नीतियों के फलस्वरूप बस्तर अंचल में खेती-किसानी के प्रति रूझान बढ़ा है। पहले बस्तर में सब्जी का उत्पादन नहीं के बराबर हो रहा था अब बस्तर में सब्जी उत्पादन का क्षेत्र बढ़ा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का निरंतर प्रयास रहा है कि किसानों को उनके उपज का सही दाम मिले। वर्तमान में केंद्र सरकार द्वारा केन्द्रीय पूल के लिए चावल खरीदी में की गई कटौती किसानों के प्रति अन्याय है। अब बायोमेट्रिक पद्धति से धान खरीदी का नियम केन्द्र सरकार द्वारा लागू किया जा रहा है। यह किसानों को परेशान करने का नया तरीका है। 
इस अवसर पर स्कूल शिक्षा एवं सहकारिता मंत्री रविन्द्र चौबे ने कहा की राज्य में सरकार बनने के साथ ही कृषि के क्षेत्र में लगातार क्रांतिकारी परिवर्तन हो रहा है। राज्य के सरकार अब किसानों से 20 क्विंटल धान की खरीदी करेगी। विगत वर्ष 1 लाख 75 हजार करोड़ रुपए किसानों को उसके उपज के लिए दिया गया। सरकार की किसान हितैषी योजनाओं से किसानों की आर्थिक स्थिति मजबूत हुई है। कार्यक्रम में ताम्रध्वज साहू ने कहा कि कृषि प्रधान राज्य में किसानों की प्रगति के लिए नए-नए संसाधनों को अपनाया जा रहा है। नए मंडी भवन के बन जाने से अब राज्य के सभी मंडी सदस्यों को काम-काज में आसानी होगी। उन्होंने मंडी समिति के सदस्य द्वारा की गई विभिन्न मांगों को यथाशीघ्र पूरा करने की बात भी कही।
 

 
panchayattantra24.-रायपुर। स्मृति ईरानी दंतेवाड़ा आ रहीं है. वही कुछ देर पहले भारतीय जनता पार्टी छत्तीसगढ़ के वरिष्ठ नेताओं द्वारा दंतेवाड़ा में छत्तीसगढ़ की आराध्या दंतेश्वरी का दर्शन कर छत्तीसगढ़ के सुख, समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की एवं कांग्रेस सरकार के कुशासन एवं भ्रष्टाचार के खिलाफ परिवर्तन यात्रा का शुभारंभ किया। छग बीजेपी ने ट्वीट कर लिखा – भारत की माननीया महिला एवं बाल विकास मंत्री @smritiirani मां दंतेश्वरी की पावन भूमि दंतेवाड़ा से मां दंतेश्वरी के आशीर्वाद से परिवर्तन यात्रा का शुभारंभ करेंगी एवं इस अवसर पर विशाल जनसभा को संबोधित करेंगी।
 

 
panchayattantra24.-रायपुर। गृहमंत्री अमित शाह दंतेवाड़ा आज भाजपा की परिवर्तन यात्रा को हरी झंडी दिखाने के लिए दंतेवाड़ा दौरे पर आने वाले थे, लेकिन अब उनका यह दौरा रद्द कर दिया गया है. परिवर्तन यात्रा में अमित शाह के शामिल न होने को लेकर सीएम भूपेश बघेल ने तंज कसते हुए कहा, समझलो हश्र क्या होगा, जिसकी शुरुआत ऐसी हुई उसके अंत का हश्र क्या होगा. बता दें कि, मौसम की ख़राबी की वजह से केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह का दंतेवाड़ा दौरा रद्द किया गया है।
 

 
panchayattantra24.-रायपुर। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने नवा रायपुर के सेक्टर-19 में ‘छत्तीसगढ़ कृषि भवन’ की आधारशिला रखी. 3.14 एकड़ में 49.50 करोड़ की लागत से सर्वसुविधायुक्त कृषि भवन बनेगा। कृषि भवन में कृषि, उद्यानिकी एवं प्रक्षेत्र वानिकी, कृषि अभियांत्रिकी, जल ग्रहण प्रबंधन, पशुधन विकास और मछली पालन विभाग के संचालनालय संचालित होंगे। एकीकृत कृषि भवन के निर्माण से सहयोगी संस्थाओं के बीच आपसी सांमजस्य में वृद्धि होगी। कृषि विकास के कार्यों में आयेगी गति, राज्य भर के किसानों की समस्याओं का एक ही छत के नीचे निपटारा होगा। कृषि भवन कृषि विकास के ‘समन्वित संसाधन केन्द्र’ के रूप में विकसित होगा। कार्यक्रम में कृषि विकास एवं किसान कल्याण, जैव प्रौद्योगिकी मंत्री ताम्रध्वज साहू, पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री रविन्द्र चौबे भी उपस्थित है।
 

 
panchayattantra24.-रायपुर। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह का बस्तर दौरा अपरिहार्य कारणों से रद्द माना जा रहा है। वे बीजेपी की आज से शुरू हो रही परिवर्तन यात्रा को दंतेवाड़ा में हरी झंडी दिखाने वाले थे। दक्षिण बस्तर में मौसम की खराबी की सूचना पर शाह अब तक दिल्ली से टेकआफ नहीं कर पाए हैं। वहां मौसम सोमवार को भी खराब था। कल एलायंस एयर की सर्विस फ्लाइट भी लैंड नहीं कर पाई थी। भाजपा का कार्यक्रम रद्द नहीं हुआ है।
 

 
panchayattantra24.-रायपुर। भाजपा विधायक एवं पूर्व मंत्री बृजमोहन अग्रवाल ने राजधानी रायपुर के समीप महादेव घाट में खारून नदी के किनारे खारुन रिवर फ्रंट विकसित करने की योजना पर मुख्यमंत्री को आड़े हाथ लेते हुए कहा है कि मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने पिछले पौने 5 साल में हर कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर, हर समीक्षा बैठक में, अनेक मौके पर खारुन नदी के किनारे रिवर फ्रंट बनाने की घोषणा की थी। क्या हुआ उस रिवर फ्रंट का ? कितने का रिवर फ्रंट है ? कहां पर बना है ? कितना पैसा खर्च हुआ ? मुख्यमंत्री को यह बताना चाहिए। 
अग्रवाल ने कहा कि महादेव घाट धार्मिक स्थल है पवित्र स्थल है वहां पुन्नी मेला लगता है मुख्यमंत्री खुद स्नान करने जाते हैं। उस स्थल के साथ ऐसा मजाक मुख्यमंत्री के मानसिकता व संस्कार को दिखाता है। नदी की दूसरी तरफ पाटन है उनका खुद का जिला दुर्ग है। उसके बाद भी जो व्यक्ति विकास के नाम पर अपने लोगों को धोखा दे सकता है अपने लोगों को सब्जबाग दिखा सकता है उसे प्रदेश के साथ न्याय की क्या उम्मीद की जा सकती है। 
अग्रवाल ने कहा कि भाजपा के शासनकाल में ही खारुन नदी के किनारे पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने का प्रयास किया गया था। जल संसाधन विभाग द्वारा जहां लगभग 7 करोड़ की लागत से वृहद लक्ष्मण झूले का निर्माण किया गया वहीं नदी के दूसरी ओर पाटन की ओर करोड़ों खर्च एक बड़ा गार्डन, पाथवे, ओपन जिम, पिकनिक स्पॉट, केंटीन, झूला सभी लगाया गया था हजारों पर्यटक रोज जा रहे थे। शनिवार, रविवार, त्यौहार व छुट्टियों के दिन मेला लगा रहता था, पर पिछले 5 सालों में इस सरकार ने इन विकास कार्यों को
 मेंटेन तक नही कर पा रही है। आगे की जो योजना थी उसके निर्माण को बंद कर दिया गया। पौने 5 साल में एक ईट नही रखी गई। अग्रवाल ने कहा कि मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की लगभग सभी घोषणाओं का यही हाल है। राजधानी रायपुर के विकास के बजाय भूपेश बघेल की सरकार ने रायपुर का विनाश ही किया है। रायपुर को खोदापुर बना दिया है। पिछले पौने 5 सालों में केंद्र सरकार की स्मार्ट सिटी योजना को छोड़ दे तो मुख्यमंत्री रायपुर शहर में एक भी ऐसा काम नहीं बता सकते जिनका उन्होंने पूजन किया हो और उद्घाटन किया हो। राजधानी ध्वस्त है गड्ढों से भरा पड़ा है। लोगों को शुद्ध पेयजल नहीं मिल रहा है, स्ट्रीट लाइट सपनों की बात हो गई है कानून व्यवस्था तो बिहार और उत्तर प्रदेश को पीछे छोड़ दिया है चौक चौराहा में खुलेआम मर्डर हो रहे हैं गांज, शराब, दारु की घर पहुंच व्यवस्था कर दी है, यही दिया है भूपेश बघेल ने रायपुर को पौने 5 सालों में। 
अग्रवाल ने कहा कि मुख्यमंत्री हर कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर, हर समीक्षा बैठक में, महादेव घाट में खारुन नदी के किनारे रिवर फ्रंट विकसित करने की बात कहते रहे, घोषणा के ऊपर घोषणा करते रहे और अधिकारी एक कान से सुनकर दूसरे कान से निकाल देते हैं और इस सरकार को शर्म भी नही। अग्रवाल ने कहा कि पौने 5 साल में यह सरकार रिवर फ्रंट का डीपीआर तक नहीं बन पाई। रिवर फ्रंट का काम कब शुरू होगा और क्या-क्या होगा यह अभी-अभी तय नहीं है। कोई योजना नहीं, बजट नही, कोई काम नही, सिर्फ घोषणा और कोरी घोषणा भूपेश बघेल की।
 

 

panchayattantra24.-रायपुर। कांग्रेस में प्रत्याशी चयन को लेकर लगातार बैठकें चल रही है। सीएम हाउस में रविवार को फिर बैठक रखी गई। जिसमें प्रत्याशी चयन को लेकर पैनल तैयार करने के लिए पार्टी के नेताओं के बीच देर रात तक चर्चा चलती रही। बैठक में तय हो गया है कि मंत्रियों की टिकट नहीं काटी जाएगी। हालांकि सूत्रों के मुताबिक दो मंत्रियों को लेकर अब भी संशय की स्थिति है, वहीं 14 विधायकों की टिकट भी खतरे में है। 
 बैठक में प्रदेश प्रभारी कुमारी सैलजा, मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, डिप्टी सीएम टीएस सिंहदेव, पीसीसी अध्यक्ष दीपक बैज और विधानसभा अध्यक्ष चरणदास महंत के बीच चर्चा हुई। इस दौरान बस्तर और बिलासपुर संभाग की सीटों को लेकर पैनल तैयार करने की प्रक्रिया देर रात तक चली। इस दौरान विशेष तौर पर कांकेर, जगदलपुर, नारायणपुर, बिल्हा, तखतपुर और सरगुजा संभाग के सामरी की सीटों में प्रत्याशी चयन को लेकर चर्चा की गई। पदाधिकारियों से भी की गई रायशुमारी 
संभागों की अलग-अलग विधानसभा सीटों को लेकर वरिष्ठ नेताओं और पदाधिकारियों से भी दावेदारों को लेकर फीडबैक लिया गया। सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक संभागवार चर्चा के लिए कई पदाधिकारियों को सीधे सीएम हाउस बुलाया गया था। जानकारी के मुताबिक बस्तर और बिलासपुर संभाग की सीटों पर तैयार पैनल को लेकर नए सिरे से चर्चा की गई। 14 विधायक और 2 मंत्री डेंजर जोन में स्क्रीनिंग कमेटी की बैठक में कई जगहों से सिंगल नामों का पैनल था, लेकिन दिल्ली की सर्वे रिपोर्ट और यहां की रिपोर्ट में काफी अंतर पाया गया। कहा जा रहा है कि 14 ऐसे विधायक जिनकी सर्वे रिपोर्ट खराब आई है, उनमें से कुछ के नामों के सिंगल पैनल ही थे। वहीं जिन दो मंत्रियों की टिकट काटने की बात सामने आ रही थी, उन्हें दूसरे सीटों में मैनेज करने की कवायद भी चल रही है।
स्क्रीनिंग कमेटी के अध्यक्ष अजय माकन ने वरिष्ठ नेताओं को स्पष्ट निर्देश दिए हैं। इसमें कहा गया है कि तैयार किए जा रहे नए पैनल के साथ किसी भी सीट में सिर्फ सत्ता-संगठन की गोपनीय रिपोर्ट और स्थानीय स्तर पर मिले फीडबैक को ही मद्देनजर रखा जाएगा। प्रियंका के दौरे को लेकर भी चर्चा हुई कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी 21 सितम्बर को भिलाई में महिला सम्मेलन आयोजित महिला सम्मेलन में शामिल होने पहुंच रही है। बीती रात हुई बैठक में प्रियंका के दौरे को लेकर भी वरिष्ठ नेताओं के बीच चर्चा हुई और दौरे को लेकर मंत्रियों, विधायकों और पदाधिकारियों की जिम्मेदारी तय करने की बात भी हुई।
छत्तीसगढ़ चुनाव जीतने कांग्रेस ने किया विभिन्न कमेटियों का गठन छग विस चुनाव को लेकर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खडग़े ने कई समितियों का गठन किया है। इसमें कोर कमेटी में 7, इलेक्शन कैंपेन कमेटी में 74, कम्युनिकेशन कमेटी में 15 और प्रोटोकाल कमेटी में 25 नेताओं को जगह दी गई है। इसे संबंध में कांग्रेस के जनरल सेक्रेटरी केसी वेणुगोपाल आदेश जारी कर दिया है। कोर कमेटी में छत्तीसगढ़ कांग्रेस प्रभारी कुमारी शैलजा, सीएम भूपेश बघेल, कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज, डिप्टी सीएम टीएस सिंहदेव, स्पीकर चरणदास महंत, गृहमंत्री ताम्रध्वज साहू और मंत्री शिवकुमार डहरिया शामिल हैं। संकल्प शिविर में टिकट के दावेदारों ने 50-50 हजार मांगने के लगाए आरोप कांग्रेस के मुंगेली संकल्प शिविर में लेनदेन का गंभीर आरोप लगा है। विधानसभा दावेदारों से 50-50 हजार रुपये मांगने का आरोप लगाया गया है। विधानसभा सीट की दावेदार सरिता भारद्वाज ने आरोप लगाए हैं कि राशि नहीं देने पर कार्यक्रम में अपमान किया गया। जिला संगठन प्रभारी सीमा वर्मा पर आरोप है कि कार्यक्रम से बाहर जाने की नसीहत दी। छग अनुसूचित जाति विकास प्राधिकरण की सदस्य व कांग्रेस की मुंगेली विधानसभा दावेदार रत्नावली कौशल ने भी गंभीर आरोप लगाए। लेनदेन का ऑडियो भी उपलब्ध कराया। शहर कांग्रेस अध्यक्ष स्वतंत्र मिश्रा के फोन की ऑडियो वायरल हो रही है। इस पूरे विवाद से कांग्रेस की बड़ी फजीहत हुई है। साथ ही गुटबाजी सामने आई है। संगठन पर उपेक्षा के आरोप लगाए हैं। इस पूरे मामले पर जिला संगठन प्रभारी सीमा वर्मा से पक्ष लेने के लिए टेलीफोन पर बात की गई, तो उन्होंने आरोप को पार्टी के घर का मामला बताते हुए कहा कि मौजूदा समय जिले में कांग्रेस का विधायक न होने की वजह से पार्टी के कार्यकर्ता ही मिलकर किसी कार्यक्रम को सफल बनाने खर्चों को वहन करते हैं। एक राय में सभी दावेदारों को खर्च का ब्योरा दिया गया था। जिन दावेदारों ने खर्च में हिस्सेदारी नही दी, उन्हें पीछे बैठने को कहा गया। ये एक पार्टी अनुशासन का मामला था, किसी का अपमान मेरे द्वारा नहीं किया गया, रही बात लेनदेन का वो पार्टी का कार्यक्रम सफल बनाने सभी दावेदारों की सहमति अनुसार कार्यक्रम खर्च के वहन की बात थी। दावेदारों में सरिता भारद्वाज एक शिक्षिका हैं उनके विचार कांग्रेस विचारधारा से मिलते है ये अच्छी बात है पर उन्हें पार्टी संगठन में मुझ पर व पार्टी पर आरोप लगाने का अधिकार ही नहीं है।
 

panchayattantra24.-रायपुर। बीजेपी की परिवर्तन यात्रा को लेकर कांग्रेस ने सवाल किया है. कांग्रेस संचार प्रमुख सुशील आनंद शुक्ला ने पूछा कि आखिर परिवर्तन यात्रा निकालने से क्यों डर रहे हैं? क्या आपको कांग्रेस की परिवर्तन यात्रा को सुरक्षा नहीं देने का डर सता रहा है? केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह क्या पूर्व सीएम डॉ. रमन सिंह से सवाल पूछेंगे कि उन्होंने कांग्रेस की परिवर्तन यात्रा को सुरक्षा क्यों नहीं दी? कांग्रेस संचार प्रमुख सुशील आनंद शुक्ला ने कहा कि भाजपा हमारे परिवर्तन यात्रा की नकल कर रही है. इसके साथ ही उन्होंने सवाल किया कि भाजपा किस बात का परिवर्तन चाहती है. हमारे नेताओं की हत्या की साजिश भाजपा ने रची थी. भाजपा को पहले इस बात का जवाब देना चाहिए। 
कांग्रेस प्रत्याशियों की सूची को लेकर सुशील आनंद ने कहा कि लगातार बैठकें हो रही हैं. 20 तारीख के बाद ही पहली सूची आने की संभावना है. वहीं पीएम मोदी के रायगढ़ दौरे को लेकर सुशील आनंद ने कहा कि पीएम जब आते हैं, छत्तीसगढ़ को कुछ देकर नहीं जाते, बल्कि वे राजनीतिक हितों की बात करते हैं. छत्तीसगढ़ की बात नहीं करते हैं. कांग्रेस संचार प्रमुख ने आरोप लगाया कि धन खरीदी में मोदी सरकार अड़चने पैदा कर रही है. ये उनका किसान विरोधी चरित्र है. वे किस बात का बदला किसानो से ले रहे हैं. वहीं ट्रेनों के रद्द होने को लेकर कांग्रेस के आंदोलन पर सुशील आनंद ने कहा कि मोदी सरकार बिना बताए ट्रेन रद्द करती है. कांग्रेस 9 तारीख से लगातार आंदोलन कर रही है. रेलवे का निजीकरण किया जा रहा है. ट्रेनें रद्द की जा रही है, जिसके विरोध में 13 सितंबर को रेल रोको आंदोलन किया जाएगा। 
 

 
panchayattantra24.-रायपुर। गणेश चतुर्थी नजदीक हैं और ऐसे में भगवान गणेश की अनोखी प्रतिमा तैयार की जा रही है। रायपुर के निमोरा में मूर्तिकार पिलू राम साहू भगवान गणेश की एक ऐसी प्रतिमा तैयार कर रहे हैं जो पूरी तरह से प्राकृतिक है, जिसकी कीमत 50 हजार रुपए बताई जा रही है। मूर्तिकार बताते हैं कि भगवान गणेश की मूर्ति में अलग अलग पौधे लगाए गए हैं। गणेश जी ने जो माला पहनी है, उसमे मूंग उगाए गए हैं। उनके मुकुट में चना के पौधे लगाए गए हैं, इस तरह से अलग अलग तरह के अनेकों पौधे उगाए गए हैं। मूर्तिकार बताते हैं कि इस प्रतिमा को यदि कोई स्थापित करें तो उसे 3 टाइम पानी देना होगा, साथ ही प्रतिमा को चूहों से बचाने की जरूरत होगी। इस तरह की प्रतिमा बनाने को लेकर वे काफी समय से विचार कर रहे थे और आजकल इको फ्रेंडली प्रतिमा का चलन है जिसे देखकर उन्हें ये खयाल आया। मूर्तिकार कहते हैं कि इस तरह की प्रतिमा छत्तीसगढ़ में किसी ने नहीं बनाई होगी।
 

 
 panchayattantra24.-रायपुर। छत्तीसगढ़ के स्कूलों में नई शिक्षा नीति के अनुरूप बच्चों को शिक्षा के साथ साथ उनके शारीरिक और मानसिक विकास के लिए कई नवाचारी पहल भी किए जा रहे हैं। बलौदाबाजार जिले के ग्राम पौसरी में एक ऐसे ही नवाचारी पहल के तहत अनोखे खिलौना संग्रहालय तैयार किया गया है। पाठ्यपुस्तक निगम के अध्यक्ष शैलेष नितिन त्रिवेदी ने इस अनोखे खिलौना संग्रहालय का शुभारंभ किया। शिक्षको और बच्चों को शुभकामनाएं दी। शासकीय प्राथमिक स्कूल की शिक्षिका भारती वर्मा ने अध्यापन कार्य के साथ-साथ नवाचारी पहल करते हुए अपने स्कूल में खेल खिलौना संग्रहालय की स्थापना की है। इस खिलौना संग्रहालय ने रखे गए सभी खिलौने लकड़ी, मिट्टी, कागज़, गत्ते व घर के अनुपयोगी वस्तुओं से तैयार किए गए है। खिलौने न सिर्फ खेलने के लिए बल्कि बच्चों को उनके पुस्तक के पाठ को समझने में सहायता करते हैं। खास बात ये भी है कि सभी खिलौने शिक्षिका व बच्चों ने मिलकर अलग अलग समय पर शाला में ही खिलौना निर्माण कार्यशाला लगाकर तैयार किया है।
संग्रहालय में छत्तीसगढ़ के पारम्परिक व स्थानीय खेलो व खिलौनों को संग्रहित व संरक्षित करने की पहल की गई है। शिक्षिका भारती वर्मा ने बताया कि मन में विचार आया कि क्यों न छत्तीसगढ़ के सभी पारम्परिक व स्थानीय खेल खिलौनों को एक छत के निचे एकत्र कर बच्चों को उनसे अवगत कराया जाय ताकि बच्चें उन्हें जान सके और खेलों के महत्व को समझ सके। शाला की प्रधान पाठक पुष्पलता नायक के प्रेरणा से स्थानीय पर्व छेरछेरा के तर्ज पर मै घर-घर जाकर पुराने खिलौनों को इकठ्ठा करने का काम करने लगी। पुराने बुजुर्गाे से स्थानीय व प्रचलित खेलों की जानकारी भी एकत्र की, जो आज के बच्चे नहीं खेलते है या अब मोबाइल के युग में प्रचलन में नहीं है। नई राष्ट्रीय शिक्षा 2020 में खेल आधारित शिक्षण को बढ़ावा देने का प्रावधान किया गया है ताकि बच्चे खेल खेल में आनंदमयी तरीके से पाठ की अवधारणाओं को सीख व समझ सके। खिलौने न सिर्फ बच्चों का मनोरंजन करते है बल्कि बच्चों के शारीरिक,मानसिक,सामजिक व सामुदायिक भावना का भी विकास करते है। एनसीईआरटी के निर्देशों अनुरूप शाला में जादुई पिटारा का निर्माण भी किया गया है, जिसे कक्षा 1 व 2 के बच्चों को सिखाने के लिए उपयोग किया जाता है। 5 से 6 वर्षों के बच्चों के बेहतर शिक्षा के लिए नई शिक्षा नीति के अंतर्गत आंगनबाड़ी केंद्र शाला परिसर में है वहां बालवाड़ी विकसित की जा रही है। यहां ’जाबो बालवाड़ी बढ़ाबो शिक्षा के गाड़ी’ थीम के साथ खेल-खेल में बच्चों के सीखने एवं समझने की क्षमता में विकास किया जाएगा। इसी उद्देश्यों को ध्यान में रखते हुए बच्चों के मानसिक और शैक्षणिक विकास के लिए एक संग्रहालय स्थापित किया गया है।