Browsing: रायपुर

 

panchayattantra24.-रायपुर। छत्तीसगढ़ की चुनावी रणनीति में भाजपा को प्रभावी नेतृत्व की कमी का सामना करना पड़ रहा है। पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह राज्य के सबसे बड़े नेता हैं। हालांकि, पार्टी ने उन्हें भावी चेहरे के रूप में सामने नहीं रखा है। पार्टी अन्य राज्यों की तरह यहां पर भी सामूहिक नेतृत्व की रणनीति पर काम कर रही है। राज्य में भाजपा की रणनीति का सारा दारोमदार वरिष्ठ नेता ओम प्रकाश माथुर पर है, जो संगठन के साथ चुनाव प्रभारी भी हैं। 
भाजपा वापसी के लिए पूरी ताकत लगा रही: इस साल के आखिर में जिन पांच राज्यों के विधानसभा चुनाव होने हैं, उनमें तीन राज्यों में भाजपा सत्ता की प्रबल दावेदार है। इनमें उसकी अपनी सत्ता वाला मध्य प्रदेश के साथ कांग्रेस शासित राजस्थान व छत्तीसगढ़ शामिल है। इन दोनों राज्यों में पार्टी ने बीते विधानसभा चुनाव में कांग्रेस के हाथों सत्ता गंवाई थी। अब पार्टी वापसी के लिए पूरी ताकत लगा रही है। इनमें छत्तीसगढ़ ऐसा राज्य है, जहां अन्य दोनों राज्यों की तुलना में राजनीतिक उठापटक कम है। 
 मुकाबला कड़ा: छत्तीसगढ़ को लेकर विभिन्न सर्वे एजेंसियों के जो आकलन सामने आ रहे हैं, उनमें कांग्रेस को बढ़त दिख रही है। भाजपा का एक वर्ग भी मान रहा है कि मुकाबला कड़ा है। कांग्रेस की आपसी खींचतान भी कम हुई है, जिससे भाजपा के लिए सत्ता परिवर्तन कराना आसान नहीं होगा। हालांकि, पार्टी ने समय से पहले हारी हुई सीटों के लिए उम्मीदवारों की घोषणा कर माहौल बनाने की कोशिश की है, लेकिन भावी नेतृत्व को उहापोह बरकरार है। 
चुनावों को लेकर विभिन्न मंचों पर पूर्व मुख्यमंत्री रमन सिंह ही नजर आ रहे हैं। पार्टी के एक वरिष्ठ नेता का भी कहना है कि राज्य में रमन सिंह हमारे सबसे बड़े नेता हैं, लेकिन इसके बाद भी उनका चेहरा बतौर मुख्यमंत्री न तो पेश किया जा रहा है और न ही ऐसा करने की पार्टी की रणनीति है। पार्टी का कहना है कि अन्य चुनावी राज्यों की तरह से वहां पर भी सामूहिक नेतृत्व में चुनाव लड़ा जा रहा है। 
कांग्रेस में भूपेश बघेल प्रभावी नेता बनकर उभरे
भाजपा की दिक्कत यह है कि कांग्रेस की तरफ से मुख्यमंत्री भूपेश बघेल प्रभावी नेता बनकर उभरे हैं। इस बार कांग्रेस परोक्ष रूप से भी किसी को नंबर दो बनाकर नहीं चल रही है। ऐसे में जनता में भी यह संदेश जा रहा है कि सत्ता में आने पर बघेल का ही चेहरा सामने आएगा। हालांकि, भाजपा ने बघेल को घर में ही घेरने के लिए उनके ही भतीजे सांसद विजय बघेल को उनके खिलाफ उतारा है।
पाटन से अकेले सीएम भूपेश ने की उम्मीदवारी 
कांग्रेस नेताओं ने अलग-अलग विधानसभा क्षेत्र से टिकट के लिए अपनी दावेदारी की है। वैशाली नगर विधानसभा सीट से 30 लोगों ने आवेदन किया है। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की पाटन विधानसभा ही एकलौती ऐसी सीट रही, जिसमें सीएम के अलावा किसी अन्य ने टिकट का दावा नहीं किया है। अहिवारा से करीब दो दर्जन, दुर्ग ग्रामीण से 7, दुर्ग शहर से 9, भिलाई नगर से 10 दावेदारों के आवेदन दिया है। अब तमाम प्रक्रिया से गुजरने के बाद 31 अगस्त को जिलाध्यक्ष 3 नामों के पैनल के साथ सारे आवेदन प्रदेश कांग्रेस कमेटी को देगी। दावेदारी के दौरान कई मंत्रियों सहित विधायकों ने शक्ति प्रदर्शन भी किया है। मंत्री गुरु रुद्र कुमार और ताम्रध्वज साहू अपने सैकड़ों समर्थकों के साथ पहुंचे थे। मंत्री गुरु रूद्र कुमार ने की अहिरवारा विधानसभा से दावेदारी, समर्थकों और अन्य नेताओं के साथ मौजूद। अहिवारा से विधायक और मंत्री गुरु रुद्र ने दावेदारी की है। मंत्री के साथ-साथ भिलाई तीन नगर निगम के महापौर दुर्ग ग्रामीण के जिलाध्यक्ष निर्मल कोसरे ने भी अपना आवेदन दे दिया। यहां से वैशाली नगर के बाद सबसे अधिक 24 लोगों ने टिकट के लिए दावेदारी की।
 

 
 panchayattantra24.-रायपुर। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु और केन्द्रीय जनजातीय कार्य मंत्री अर्जुन मुंडा एवं केन्द्रीय जनजातीय राज्य मंत्री रेणुका सिंह से छत्तीसगढ़ राज्य में संचालित एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय के 40 विद्यार्थी 22 अगस्त को मुलाकात करेंगे। एकलव्य विद्यालय छत्तीसगढ़ के 40 विद्यार्थी पहली बार वायुयान से रवाना होकर आज दिल्ली पहुंचे। राष्ट्रपति, केन्द्रीय जनजातीय कार्य मंत्री और केन्द्रीय जनजातीय राज्य मंत्री एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय के विद्यार्थियों से नई दिल्ली में मुलाकात के दौरान जनजातीय विकास, जनजातीय गौरव दिवस, उनके शैक्षणिक विकास की प्रगति पर चर्चा कर उनके विचार जानेंगे। 
 एकलव्य विद्यालय के विद्यार्थी पहली बार वायुयान से यात्रा करने के कारण बहुत ही उत्साहित हैं और वे खुद को बहुत ही सौभाग्यशाली समझ रहे हैं कि उनको हवाई यात्रा के साथ भारत के सर्वोच्च पदासीन राष्ट्रपति से मिलने का अवसर प्राप्त हो रहा है। बच्चों ने कहा कि यह हमारे जीवन का अविस्मरणीय दिन होगा। एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय के सभी विद्यार्थियों ने वायुयान से पहली बार यात्रा कराने के लिए प्रदेश के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, आदिम जाति तथा अनुसूचित जाति मंत्री मोहन मरकाम, विभाग के सचिव डी.डी. सिंह और आयुक्त श्रीमती शम्मी आबिदी के प्रति आभार व्यक्त किया है।
 

 

panchayattantra24.-रायपुर। श्रावण सोमवार पर आज पूरा प्रदेश शिव भक्ति के रंग में सराबोर रहा। राजधानी में भी शिवभक्ति की गूंज जगह-जगह सुनाई देती रही। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने गुढ़ियारी में मारुति मंगल में दिव्य कांवड़ यात्रा में हिस्सा लिया। पारंपरिक अनुष्ठान तथा पूजा पाठ करने के पश्चात मुख्यमंत्री शिव भक्तों के साथ बैठे। पारंपरिक वाद्य यंत्रों के साथ शिव जी के भजनों के उद्घोष से पूरा परिसर गूंज उठा। इस मौके पर लोकसभा सांसद दीपक बैज, संसदीय सचिव विकास उपाध्याय, नगर निगम अध्यक्ष प्रमोद दुबे भी मौजूद रहे। 
इसके पश्चात मुख्यमंत्री ने अपने हाथों में जलाभिषेक का जल लिया और कांवड़ को अपने हाथों में लिया। पूरा परिसर ऊँ नमः शिवाय के नारों से गूंजता रहा। मुख्यमंत्री ने पारंपरिक वाद्ययंत्रों को थाप देकर भजनगायकों का उत्साह बढ़ाया। इस मौके पर कांवड़ यात्रियों से चर्चा में मुख्यमंत्री ने कहा कि श्रावण मास शिव जी का महीना है। शिव जी को आशुतोष भी कहते हैं। शिव जी बहुत जल्दी प्रसन्न होते हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि श्रावण सोमवार का दिन बहुत शुभ होता है। हम सब अपने आराध्य देवता को प्रसन्न करने जुटते हैं। लंबी कांवड़ यात्रा में जुटते हैं। प्रदेश में और देश भर में लोग दूर दूर से कांवड़ लेकर शिव जी पर जलाभिषेक करते हैं। यह अनुभव बहुत दिव्य होता है। आज गुढ़ियारी से जो कांवड़ यात्रा निकाली गई है वो दिव्य ही है इसलिए इसका नाम भी दिव्य कांवड़ यात्रा रखा गया है। मुख्यमंत्री ने दूर दूर से कांवड़ यात्रा में जुटे शिव भक्तों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि यह शुभ दिन आप सभी के जीवन में मंगल लेकर आये। आयोजकों ने बताया कि कांवड़ यात्रा का समापन महादेवघाट स्थित हटकेश्वर महादेव में जलाभिषेक कर किया जाएगा।
 

 

panchayattantra24.-रायपुर। खुज्जी विधायक छन्नी साहू पर हुए हमले की लेकर बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष अरुण साव ने तंज कसा है. अरुण साव ने कहा, यह हमला एक विधायक के ऊपर नहीं, यह छत्तीसगढ़ की सवा करोड़ बहू बेटियों पर हुआ है. राज्य सरकार अपनी पार्टी के एक विधायक की सुरक्षा करने में असक्षम है. तब यह सवा लाख बहू-बेटियों की रक्षा कैसे कर पाएंगे?राज्य में कानून-व्यवस्था की स्थिति चौपट है, यह हमला इसका उदाहरण है. एक ऐसी सरकार जो बेटियों की रक्षा न कर सके, जो अपनी पार्टी के विधायक की रक्षा न कर सके, ऐसी सरकार को पद में रहने का कोई अधिकार नहीं है. महासमुंद में सीएम बघेल द्वारा की गई कई घोषणाओं को लेकर अरुण साव ने कहा, वे घोषणावीर सीएम हैं. धरातल पर कोई काम नहीं हुआ है, चुनाव नजदीक आ रहा है जनता को ठगने का प्रयास किया जा रहा है. मगर यह छत्तीसगढ़ की जनता राज्य सरकार के झूठे वादों में नहीं आएगी. राज्य सरकार छत्तीसगढ़ की जनता को झूठा वादा नहीं कर सकती.
 

 
 panchayattantra24.-रायपुर। छत्तीसगढ़ के राज्यपाल विश्वभूषण हरिचंदन गत दिवस एमबीसी टीवी द्वारा भुवनेश्वर में आयोजित शिक्षा सम्मेलन में बतौर मुख्य अतिथि शामिल होते हुए कहा कि शिक्षा समाज और देश को समृद्ध और प्रगतिशील बनाती है। जब शिक्षा मजबूत होती है तो समाज विकास की दिशा में आगे बढ़ता है और मजबूत होता है। हर व्यक्ति को अपनी शिक्षा के लिए, अपने समाज के लिए, अपने अधिकारों के लिए लड़ना चाहिए। यह सीख अपनी माटी और मां के लिए लड़ने की प्रेरणा देती है। इस क्षेत्र में शिक्षाविदों एवं लेखकों की महत्वपूर्ण भूमिका है। जब वे समाज में गिरावट या मानव अधिकारों का उल्लंघन देखते थे, तो वे अपने लेखन के माध्यम से क्रांति पैदा कर सकते थे।
 शिक्षा केवल वह नहीं है जो हमें पाठ्यपुस्तकों से मिलती है बल्कि हम अपने अनुभवों से, जीवन से, समाज से, खुद से, दूसरों से आदि से सीखते हैं। महात्मा गांधी ने शिक्षा की तुलना जीवन से की और कहा, ‘जीवन में ऐसा कुछ भी नहीं है, चाहे वह कितना भी छोटा क्यों न हो, जो शिक्षा की चिंता को व्यक्त नहीं कर सकता‘। शिक्षा जन्म से शुरू होती है और जीवन भर चलती रहती है। शिक्षा प्राप्त करने के लिए मनुष्य दूसरों पर निर्भर रहता है। यह प्रकृति, इतिहास, ऋषि-मुनि, संत, पर्यावरणीय परिस्थितियाँ हो सकती हैं। जिस देश की शिक्षा व्यवस्था जितनी मजबूत होती है, वह देश उतना ही मजबूत और विकसित होता है।
 2020 में भारत के लोकप्रिय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नई शिक्षा नीति 2020 पेश की, जो एक क्रांतिकारी कदम है। यह शिक्षा नीति देश को समृद्ध और मजबूत बनाने में मदद करेगी। नया पाठ्यक्रम भाषा, संस्कृति, देशभक्ति, ज्ञान विकास, पूछताछ और मूल्यों पर जोर देता है। राज्यपाल ने कहा कि यह शिक्षा नीति मनुष्य के सामाजिक, आर्थिक, नैतिक, धार्मिक, बहुभाषी, मानसिक, चारित्रिक आदि गुणों में सुधार करेगी। कोरोना के दौरान भारत ने दुनिया भर में कोरोना की महामारी से लड़ने में अग्रणी भूमिका निभाई। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर भारतीय वैज्ञानिकों के शोध से बनी कोविड वैक्सीन देश के 140 करोड़ लोगों के जीवन की रक्षा करने में सफल रही। इतना ही नहीं, इस वैक्सीन को दुनिया के कई देशों में मुफ्त भेजकर लोगों को इस महामारी से बचाया जा सकता है। राज्यपाल हरिचंदन ने अपने भाषण में कहा कि इस जनगणना ने भारत के अरबों आम लोगों को कोरोना के आतंक से बचाया है और दुनिया में देश का सम्मान बढ़ाया है। 
शिक्षा मानव व्यवहार को बदल देती है। उक्त कार्य आमतौर पर साहित्यकारों एवं शिक्षाविदों द्वारा किया जाता है। लेखक और शिक्षाविद् अपने अध्ययन से जागरूकता पैदा करते हैं और समाज में क्रांति ला सकते हैं। हमारी शिक्षा सत्य, शांति, अहिंसा, दान, देशभक्ति, पारिवारिक संहिता के मूल्यों में समानता को कायम रखती है। यह पर्यावरण और लोगों को बेहतर रास्ते अपनाने के लिए प्रेरित करता है। राज्यपाल ने उक्त उद्गार भुवनेश्वर में स्थानीय टीवी चौनल द्वारा आयोजित एक शैक्षिक सभा में व्यक्त किए।
 

   

panchayattantra24.-रायपुर। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल आज गुढ़ियारी के मारूति मंगलम भवन से प्रारंभ होने वाली विशाल कांवड़ यात्रा में शामिल हुए। इस दौरान मुख्यमंत्री ने शिवलिंग की पूजा कर भगवान भोलेनाथ से प्रदेश की जनता की सुख-समृद्धि की कामना की। इस अवसर पर बस्तर लोकसभा सांसद दीपक बैज, संसदीय सचिव विकास उपाध्याय नगर निगम अध्यक्ष प्रमोद दुबे सहित भक्तजन एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।
 

 panchayattantra24.-रायपुर। छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव 2023 को लेकर सरगर्मी तेज है. विधानसभा चुनाव के लिए दावेदारी का दौर शुरू हो गया है. कांग्रेस वरिष्ठ विधायक सत्यनारायण शर्मा के पुत्र पंकज शर्मा ने आज रायपुर ग्रामीण विधानसभा के लिए दावेदारी पेश की है. उन्होंने ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष को आवेदन सौंपा है. पंकज शर्मा ने कहा कि जनता की सेवा करने अब चुनावी मैदान पर उतरने आया हूं।
रायपुर ग्रामीण से मौजूदा विधायक सत्यनारायण शर्मा ने इस बार विधानसभा चुनाव लड़ने के मूड में नहीं है. उन्होंने अभी तक चुनाव में दावेदारी पेश नहीं की है. सत्यनारायण शर्मा की विरासत अब को उनके बेटे पंकज शर्मा संभालेंगे. पंकज शर्मा ने अपने पिता के विधानसभा सीट से चुनाव लड़ने के लिए दावेदारी की है. पंकज शर्मा बिरगांव नगर निगम के महापौर समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं के साथ गांधी मैदान स्थित जिला कांग्रेस कार्यालय में टिकट के लिए आवेदन जमा करने पहुंचे. उन्होंने ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष को अपना आवेदन सौंपा. इस दौरान पंकज शर्मा ने कहा ग्रामीण की जनता के साथ पांच सालों से हमारा सीधा जुड़ाओ है. जनता ने हम पर भरोसा जताया है. जनता की सेवा करने अब चुनावी मैदान पर उतरने आया हूं।
 

 panchayattantra24.-रायपुर। सीएम भूपेश बघेल आज एनडीटीवी के चैनल मप्र छत्तीसगढ़ की लॉन्चिंग में शामिल हुए. मुख्यमंत्री ने कहा कि जब छत्तीसगढ़ मध्यप्रदेश का हिस्सा था तो छत्तीसगढ़ के बनने की बड़ी वजह सांस्कृतिक थी। इतना लंबा समय हो गया था लेकिन राज्य के लोग नये राज्य के सुख का अनुभव पूरी तरह से नहीं कर पा रहे थे। हमने सांस्कृतिक धरोहर को संजोने का काम आरम्भ किया। छत्तीसगढ़ भगवान राम का ननिहाल है। उनके वन गमन का पथ भी यही है। सिरपुर देखिए, सभी धर्मों का यहां समन्वय है। कबीर, गुरु घासीदास, स्वामी विवेकानंद का गहरा प्रभाव यहां रहा है। छत्तीसगढ़ में हम असहमति का भी सम्मान करते हैं। सबसे सलाह लेते हैं। जो अच्छी परम्परा है उन्हें हम लेकर चलते हैं। जो त्रुटिपूर्ण हैं उन्हें सुधारते हैं। नीति आयोग के सर्वे के मुताबिक 40 लाख लोग गरीबी से बाहर आये हैं। हम इंग्लिश मीडियम के नये कॉलेज आरम्भ करेंगे ताकि स्वामी आत्मानंद इंग्लिश मीडियम स्कूल के बच्चों को आगे भी इंग्लिश में शिक्षा मिल सके। 
 सभी वर्गों के लोगों को हमारी योजनाओं से लाभ मिला। लोगों के जीवन में समृद्धि आई है। राम हमारे भांजे हैं। हमने कौशल्या मंदिर से विस्तार के लिए काम किया है। राम हमारे आस्था के केंद्र हैं। हमने छत्तीसगढ़ की जरूरतों के मुताबिक योजनाएं बनाई। हमारे मोबाइल क्लीनिक के माध्यम से बहुत अच्छा इलाज हुआ। हमारे देश में सांस्कृतिक विविधता है। यह हमारे देश की सुंदरता है। हमने अपनी परंपरा को सहेजने की दिशा में काम किया है। मुख्यमंत्री से इस अवसर पर प्रस्तोता श्री संकेत उपाध्याय के आग्रह पर भजन भी सुनाया। श्री रामचन्द्र कृपालु भजमन, हरण भव भय दारुणं।
 

 
 panchayattantra24.-रायपुर। छत्तीसगढ़ में भाजपा के घोषित 21 प्रत्याशियों को लेकर सियासी पारा हाई है. प्रत्याशियों की बैठक को लेकर पीसीसी चीफ दीपक बैज ने बीजेपी पर निशाना साधा है. उन्होंने कहा कि बीजेपी ने 21 प्रत्याशी जो घोषित किए हैं, उनका लगातार विरोध हो रहा है. स्थानीय कार्यकर्ताओं का विरोध भाजपा प्रत्याशियों को झेलना पड़ रहा है. PCC चीफ दीपक बैज ने कहा कि पहले भी कहा गया था कि यह टेस्टिंग के तौर पर प्रयास कर रहे हैं और आने वाले समय में उन्हें प्रत्याशी भी बदलने पड़ेंगे।
वहीं भाजपा प्रदेशाध्यक्ष अरुण साव के “कानून व्यवस्था बदहाल है“ वाले बयान पर पीसीसी अध्यक्ष दीपक बैज ने पलटवार किया है. उन्होंने कहा कि विधायक पर हुए हमले में प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई की है. गिरफ्तारी की गई है और आगे की कार्रवाई भी की जाएगी. गुंडाराज क्या होता है पिछले 15 साल में देख चुके हैं. इसेक साथ ही भाजपा प्रशिक्षण पर पीसीसी चीफ दीपक बैज ने कहा कि बीजेपी को अपने स्थानीय नेताओं को भरोसा नहीं है. पूरे देश से इसलिए अपने विधायकों को इनकमिंग कर रहे हैं. यह प्रयास बीजेपी का नाकामयाब रहेगा. बाहर से आए विधायकों को जनता स्वीकार नहीं करेगी. इससे कार्यकर्ताओं में आक्रोश भी बढ़ेगा. चुनाव के लिए 11 राज्यों से भाजपा विधायक पहुंचे हैं।
 

 
 panchayattantra24.-रायपुर। शराब के नकली होलोग्राम केस पर सोमवार को सुप्रीम कोर्ट में ईडी की तरफ से जवाब दाखिल किया गया। कोर्ट ने सुनवाई की अगली तारीख 26 सितंबर तय की है। तब तक आरोपियों के खिलाफ नो कोर्सिव एक्शन (किसी तरह का बल प्रयोग नहीं) जारी रहेगा। ईडी ने नकली होलोग्राम बनाकर शराब बिक्री को लेकर उत्तरप्रदेश के ग्रेटर नोएडा थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। इस पूरे मामले में आबकारी आयुक्त निरंजन दास, विशेष सचिव एपी त्रिपाठी के अलावा अनिल टूटेजा, कारोबारी अनवर ढेबर और होलोग्राम निर्माता कंपनी के एमडी विधु गुप्ता के खिलाफ एफआईआर दर्ज किया गया है। 
इस पूरे मामले को लेकर अनिल टूटेजा, और करिश्मा ढेबर की तरफ से सुप्रीम कोर्ट में अलग-अलग याचिका दायर की गई थी। याचिकाकर्ताओं ने आरोप लगाया था कि शराब घोटाला केस में कार्रवाई पर रोक के आदेश के बाद ईडी ने यूपी में एक और प्रकरण दर्ज किया है। उन्होंने कोर्ट की अवमानना करार दिया। जस्टिस संजय किशन कौल और जस्टिस सुधांशु धुलिया की पीठ ने ईडी को नोटिस जारी कर पूछा था कि नकली होलोग्राम बनाकर शराब बिकवाने के मामले की जानकारी कब हुई? सोमवार को ईडी की तरफ से बताया गया कि इस मामले की जानकारी पहले से थी। कोर्ट ने दोनों पक्षों को सुनने के बाद नो कोर्सिव एक्शन 26 सितंबर तक जारी रखने के अंतरिम आदेश दिए हैं। याचिकाकर्ता की तरफ से वरिष्ठ अधिवक्ता मुकुल रोहतगी और ईडी की तरफ से एएसजी के.वी. राजू ने पैरवी की।