Browsing: रायपुर

panchayattantra24.-रायपुर। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने आज राजधानी रायपुर के माना स्थित पुलिस प्रशिक्षण विद्यालय में आधुनिक कंपोजिट इंडोर फायरिंग रेंज ‘लक्ष्य’ का उद्घाटन किया। उन्होंने इस दौरान पुलिसिंग सेवा को और बेहतर बनाने के लिए नवीन पुलिस वाहनों को हरी झण्डी दिखाकर रवाना करते हुए आधुनिक तकनीक तथा पुलिस सुविधाओं से युक्त साईबर थाना, महिला हेल्प डेस्क सहित विभिन्न भवनों का भूमिपूजन और लोकार्पण किया। अंतर्राष्ट्रीय मानकों के अुनसार फायरिंग रेंज ‘लक्ष्य’ का निर्माण 6.67 करोड़ रूपए की लागत से किया गया है, इससे छत्तीसगढ़ पुलिस को उत्तम और बेहतर प्रशिक्षण प्राप्त होगा। कार्यक्रम की अध्यक्षता गृह मंत्री ताम्रध्वज साहू ने की।
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने इस अवसर पर सम्बोधित करते हुए कहा कि प्रदेश में शांति और सुरक्षा व्यवस्था में पुलिस सेवा की अहम भूमिका होती है। इसे ध्यान में रखते हुए छत्तीसगढ़ में पुलिस सेवा को सुदृढ़ बनाने हर आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। इसके तहत उन्हें बेहतर वातावरण, बेहतर सुविधाएं तथा बेहतर संसाधन उपलब्ध कराने के लिए विशेष जोर दिया जा रहा है। मुख्यमंत्री बघेल ने बताया कि राज्य शासन द्वारा पुलिस बल के आधुनिकीकरण की दिशा में किए जा रहे प्रयासों के अंतर्गत आज आधुनिक कंपोजिट इंडोर फायरिंग रेंज ‘लक्ष्य’ का उद्घाटन करते हुए मुझे बहुत प्रसन्नता हो रही है। इससे पुलिस बल की ताकत तथा क्षमता और बढ़ जाएगी तथा वे बेहतर तरीके से अपने दायित्वों का निर्वहन कर पाएंगे। उन्होंने कहा कि पिछले पौने पांच वर्षों के दौरान आप लोगों ने प्रदेश की शांति और सुरक्षा को कायम रखने की दिशा में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है। जिसके परिणाम स्वरूप हमारे राज्य की कानून व्यवस्था अन्य राज्यों से बेहतर है, यह राज्य में पुलिसिंग सेवा की महत्वपूर्ण उपलब्धि रही है। 
गृहमंत्री साहू ने इस अवसर पर सम्बोधित करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ में मुख्यमंत्री बघेल के नेतृत्व में हमारी सरकार द्वारा विकास के साथ-साथ सुरक्षा हेतु निरंतर कार्य किए जा रहे हैं। साथ ही पुलिसिंग सेवा को अत्याधुनिक सुविधाओं से लेस करते हुए और अधिक सुदृढ़ किया जा रहा है। कार्यक्रम को पुलिस महानिदेशक अशोक जुनेजा तथा अतिरिक्त पुलिस महानिदेश श्री प्रदीप गुप्ता ने भी संबोधित करते हुए छत्तीसगढ़ में पुलिसिंग सेवा के क्षेत्र में हो रहे नवाचार पहल आदि के बारे में जानकारी दी।
मुख्यमंत्री बघेल ने इस अवसर पर रायपुर, बिलासपुर, दुर्ग, बस्तर एवं सरगुजा में रेंज स्तरीय नए साईबर पुलिस थानों का भी शुभारंभ किया। वर्तमान परिदृश्य में बढ़ते साईबर अपराध को देखते हुए साईबर घटनाओं की रोकथाम एवं त्वरित कार्यवाही और इन घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए यह साईबर थाने प्रारंभ किए जा रहे हैं। साथ ही नवीन सृदृढ़ीकृत थाना भवनों कोंडागांव जिले बड़े डोंगर, नारायणपुर जिले के फरसगांव और सोनपुर बलरामपुर जिले के बलरामपुर चलगली और रामचन्द्रपुर, महासमुंद जिले के सराईपाली, दुहलू और कोमाखान, दन्तेवाड़ा जिले में कटेकल्याण, कबीरधाम जिले में चिल्फी और सिंघनपुरी और राजनांदगांव जिले के पाटनखास का भी उद्घाटन किया। मुख्यमंत्री बघेल ने इस दौरान 16वीं वहिनी, छसबल नारायणपुर में 16 अराजपत्रित व 32 प्रधान आरक्षक, आरक्षक के लिए आवासगृह तथा जिला बलरामपुर, रायपुर और दुर्ग में पुलिस ट्रांजिट हॉस्टल भवनों का शिलान्यास किया। उन्होंने महिला हेल्प डेस्क के लिए 67 नवीन दो पहिया वाहन (स्कूटी) एवं जिला पुलिस इकाईयों के लिए 155 नए बोलेरो वाहन की चाबियां भी पुलिस विभाग को सौंपी।
 

 panchayattantra24.-रायपुर/दिल्ली। इस समय लोकसभा मानसून सत्र चल रहा है। विपक्ष लगातार केंद्र सरकार पर कई मुद्दों पर आरोप लगाते हुए दिखाई दे रहा है। 137 दिन बाद सोमवार से राहुल गांधी ने सदन की बहस में हिस्सा लिया। अविश्वास प्रस्ताव पर लगातार घमासान मचा हुआ है। विरोधी दल के नेता केंद्र सरकार ने अभी भी मणिपुर राज्य पर सवालों की बौछार कर रही है। इतना ही नहीं सत्ता पक्ष के नेता भी विपक्ष के गठबंधन इंडिया पर सवाल खड़े कर रहे है। 
सदन में जब विजय बघेल का नंबर आया तो दुर्ग छग के बीजेपी सांसद विजय बघेल ने सीएम भूपेश बघेल की सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि आज छग में हर योजना में घोटाला हो रहा है। मणिपुर की बात तो बाद में करें पहले छग की बात करें। किसानों की स्थिति दर्दनीय हो गई है। साथ ही कहा कि किसानों को अधिकारियों द्वारा धमकाया जाता है। खाद के नाम पर निकाल दिया जाता है। आज छग के मुख्यमंत्री ने निर्देशों पर हर विभाग में घोटाला हो रहा है। साथ ही कहा कि बो हमार काका है और सबको ठगा है।
 

 

panchayattantra24.-रायपुर। छत्तीसगढ़ में राजनीतिक गलियारों में चुनाव को लेकर हलचल तेज हो गई है. राजनीतिक पार्टियां तैयारियों में जुट गई है. वहीं चुनाव की तैयारियों को लेकर कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन में प्रदेश कांग्रेस प्रभारी कुमारी शैलजा अहम बैठक ले रही हैं. कुमारी शैलजा कांग्रेस नेताओं के साथ वन टू वन चर्चा कर रही है. पीसीसी चीफ दीपक बैज और मंत्री रविंद्र चौबे भी बैठक में मौजूद हैं. चुनावी तैयारियों को लेकर PCC प्रभारी कुमारी शैलजा दुर्ग के नेताओं से वन टू वन चर्चा कर रही है. राजीव भवन में लोकसभा क्षेत्र के नेताओं से चर्चा कर रही है. जिसमें कुमारी शैलजा बेमेतरा, नवागढ़, साजा, दुर्ग शहर, दुर्ग ग्रामीण, पाटन, अहिवारा, वैशाली नगर और भिलाई के नेताओं से वन टू वन चर्चा करेंगी। 
 

 

panchayattantra24.-रायपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, सहकारिता मंत्री अमित शाह के प्रयासों से सहारा इंडिया में डूबी रकम की वापसी की प्रक्रिया चालू हो गई है। इसके लिए निवेशकों को ऑनलाइन आवेदन करना है। गुरुवार को शाम 6 बजे रायपुर दक्षिण विधानसभा क्षेत्र के कार्यालय तत्पर के पास कैलाशपुरी में निवेशकों के सहयोग के लिए कार्यालय का उद्घाटन किया जा रहा है। उद्घाटन कार्यक्रम के मुख्य अतिथि बृजमोहन अग्रवाल पूर्व मंत्री विधायक रायपुर, जयंती पटेल जिला अध्यक्ष, संजय श्रीवास्तव प्रवक्ता भाजपा, रमेश ठाकुर महामंत्री, श्रीमती मीनल चौबे नेता प्रतिपक्ष निगम, मनोज वर्मा उप नेता प्रतिपक्ष मृत्युंजय दुबे प्रवक्ता निगम एवं शालिक सिंह ठाकुर, महेश शर्मा, मुकेश पंजवानी, प्रवीण देवडा मंडल अध्यक्ष की उपस्थिति में होगा।
 

 
panchayattantra24.-रायपुर। वरिष्ठ साहित्यकार प्रो. हरि नरके के निधन पर सीएम भूपेश बघेल ने शोक जताया है. उन्होंने अपने ट्वीट में लिखा, फूले अंबेडकर विचारधारा के प्रकाश स्तम्भ, वरिष्ठ साहित्यकार, विचारक एवं समता परिषद के उपाध्यक्ष प्रो. हरि नरके जी के निधन का समाचार दुखद है। उनका जाना एक अपूरणीय सामाजिक क्षति है। नरके जी पचास से अधिक किताबों के लेखक एवं सम्पादक थे एवं वर्तमान में पुणे में भंडारकर ओरिएंटल रिसर्च इंस्टीट्यूट के उपाध्यक्ष थे।ईश्वर उनकी आत्मा को शांति एवं चाहने वालों को संबल दे। ओम् शांति:’-
 

 
panchayattantra24.-रायपुर। राज्यपाल विश्वभूषण हरिचंदन आज ओ.पी. जिंदल विश्वविद्यालय रायगढ़ के तृतीय दीक्षांत समारोह में वर्चुअल रूप से शामिल हुए। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि डिग्री के साथ-साथ राष्ट्र निर्माण की दीक्षा लेकर नए भारत और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में विद्यार्थी अपना योगदान दें। दीक्षांत समारोह में 22 स्वर्ण, 24 रजत और 22 कास्य पदक सहित 522 विद्याथियों को पीएचडी, स्नाकोत्तर, स्नातक और डिप्लोमा की उपाधियां प्रदान कि गई।
 राज्यपाल हरिचंदन ने उपाधि प्राप्त करने वाले सभी विद्यार्थियों, अभिभावकों और शिक्षकों को बधाई दी। अपने उद्बोधन में कहा कि आज भारत को युवाओं का देश कहा जाता है और अनुमान है कि वर्ष 2030 तक दुनिया के सबसे ज्यादा युवा हमारे देश में होंगे। ऐसी स्थिति में बड़े पैमाने पर बदलाव की जरूरत है और निकट भविष्य में उच्च शिक्षा के क्षेत्र में भी बदलाव की जरूरत है। हमें एक ऐसी शिक्षा प्रणाली की आवश्यकता है। जो शिक्षण और सीखने के सकारात्मक तरीकों पर आधारित हो जो आत्मनिर्भरता को प्रोत्साहित कर सके। उन्होेंने कहा कि नई राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 एक ऐसा इको-सिस्टम विकसित करने का सुनियोजित रोडमैप है जो हमारी युवा पीढ़ी की प्रतिभा को निखारेगा। एन.ई.पी. का उद्देश्य छात्रों को भविष्य की दुनिया के लिए तैयार करना है, साथ ही उन्हें हमारी सर्वाेत्तम परंपराओं से लैस करना है। इसमें शिक्षण संस्थानों की अहम भूमिका है। 
विद्याथियों को संबोधित करते हुए हरिचंदन ने कहा कि शिक्षा पूरी करने के बाद अब आप वास्तविक दुनिया का सामना करेंगे। तेजी से बदलती दुनिया में गंभीर रूप से सोचने और नई परिस्थितियों के प्रति शीघ्रता से अनुकूलन करने की आवश्यकता होती है। अब आपका अपने परिवार, समाज और देश के प्रति कर्तव्य को निभाने की जिम्मेदारी है। अपनी शिक्षा का उपयोग समाज के शोषित, वंचित और पिछड़े लोगों की बेहतरी के लिए करना है। शासन की योजनाओं का लाभ सभी जरूरतमंदों तक पहुंचाने के लिए उन्हें मदद करे। हमारा देश विश्व का सबसे बड़ा लोकतंत्र है। देश और देश की जनता पर गर्व की भावना रखते हुए देशहित को सदैव सर्वाेपरि रखें। विद्याथियों को उन सामाजिक और अन्य बुराइयों को दूर करने में सबसे आगे रहने की आवश्यकता है जो विभिन्न मोर्चों पर राष्ट्र की समृद्धि और विकास में बाधा बन रही हैं। दीक्षांत समारोह में छत्तीसगढ़ विश्वविद्यालय विनियामक आयोग के अघ्यक्ष डॉ. उमेश कुमार मिश्र, विश्वविद्यालय की कुलाधिपति शालू जिंदल, कुलपति डॉ. आर.डी.पाटीदार, जिंदल स्टील के प्रबंध निदेशक बिमलेन्द्र झा सहित विश्वविद्यालय के अधिकारी, एच.ओ.डी., प्राध्यापक, फैकल्टी मेम्बर, अभिभावक, छात्र-छात्राएं उपस्थित थे।
 

 

panchayattantra24.-रायपुर। छत्तीसगढ़ कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन में विश्व आदिवासी दिवस के अवसर पर आदिवासी गौरव दिवस मनाया गया। कार्यक्रम में प्रदेश प्रभारी कुमारी सैलजा, प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद दीपक बैज, सह प्रभारी विजय जांगिड़ शामिल हुये। कुमारी सैलजा ने कहा कि पिछले पांच साल में कांग्रेस की सरकार ने आदिवासी समाज का सम्मान लौटाया। भाजपा के 15 सालों के रमन राज में आदिवासियों के संवैधानिक अधिकारों का हनन किया जाता था। छत्तीसगढ़ की आबादी का 32 प्रतिशत हिस्सा आदिवासी समाज का है, लेकिन उन्हें ही मुख्यधारा से अलग रखने का षड़यंत्र भाजपा ने किया। जो समाज की मुख्यधारा से वंचित है, उनको बराबरी पर लाने का काम समाज के हर तबके का है। कांग्रेस ने समाज के हर वर्ग के लिए काम किया है। पूरे प्रदेश में कांग्रेस के पक्ष में माहौल है। पिछली बार भाजपा के कुशासन के खिलाफ हमें जनादेश मिला था। 
हमें हमारी सरकार के कामों के आधार पर वोट मिलेगा। प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि भाजपा के 15 सालों में आदिवासी प्रताड़ित हो रहा था। बस्तर 15 सालों तक जल रहा था। आदिवासियों को मारकर नक्सलियों के कपड़े पहनाया जाता था। शरीर में गोलियों का निशान रहता था, लेकिन शव के पहने कपड़े में गोलियों के निशान नहीं रहते थे। पुलिस को टार्गेट दिया जाता था कि तुमको इतना मारना है और हमारे निर्दोष लोगों को मार दिया जाता था। भूपेश बघेल की सरकार बनने के बाद हालात परिवर्तित हुए हैं। प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि अब बस्तर में आदिवासियों की निरापराध हत्याएं नहीं हो रही है। बिना कारण के जेलों में बंद लोगों की रिहाई की जा रही है। लोगों की जमीनें लौटाई जा रही है। तेंदूपत्ता संग्रहण की कीमत 2500 से बढ़ाकर 4000 किया गया है। 65 से अधिक वनोपजों की खरीदी की जा रही है। आदिवासी समाज की आर्थिक, सामाजिक, शैक्षणिक उन्नति के द्वार खोले गये है। आज आदिवासी सुरक्षित और गौरान्वित महसूस कर रहा है। हमारे देवगुड़ी, हमारे घोटुल, हमारी संस्कृति को अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने का काम कांग्रेस सरकार ने किया।
 

 

panchayattantra24.-रायपुर। विश्व आदिवासी दिवस के अवसर पर राजधानी के शहीद स्मारक भवन में विशेष कार्यक्रम का आयोजन हुआ। जिसके मुख्य अतिथि श्रम एवं नगरीय प्रशासन मंत्री  शिव डहरिया थे। इस अवसर पर प्रयास विद्यालय के विभिन्न प्रवेश परीक्षा उत्तीर्ण करने वाले विद्यार्थियों और राष्ट्रीय-अंतराष्ट्रीय खेल प्रतियोगिता में स्थान बनाने वाले ताईकान्डों के खिलाड़ियों का सम्मान किया गया। साथ ही छत्तीसगढ़ राज्य अंत्यावसायी सहकारी वित्त एवं विकास निगम द्वारा हितग्राहियों को 60 हजार रूपये की सहायता राशि दी गई। 
डहरिया ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि विश्व आदिवासी दिवस की शुभकामनाएं दी और कहा की आदिवासी प्रकृति पूजक होते है। उनकी परंपराएं पर्व त्यौहारों विशिष्ट पहचान, मान्यता है। सन् 1993 में संयुक्त संघ द्वारा विश्व आदिवासी दिवस मनाने की शुरूआत आदिवासियों समाज की संस्कृति को व्यापक रूप से मान्यता दी गई। हमारी सरकार ने आदिवासी समाज के कल्याण के लिए कार्य किए। उनके देवगुड़ी निर्माण, विकास के लिए सहायता राशि दी जा रही है जिसमें बढ़ोत्तरी की गई है। आदिवासी समाज के पर्व और त्योहारों को बढ़ावा देने के लिए मुख्यमंत्री आदिवासी परब सम्मान निधि योजना की शुरुआत की गई है। उन्होंने कहा कि विश्व आदिवासी दिवस के अवसर पर प्रतिवर्ष 9 अगस्त को शासकीय अवकाश देने की घोषणा की गई है ताकि आदिवासी समाज पूर्ण रूप से हर्षोउल्लास के साथ आयोजन में सहभागिता निभा सकें। 
मंत्री डहरिया ने कहा कि संविधान में आदिवासी समाज के संरक्षण और संवर्धन के लिए विशेष प्रावधान दिए गए है। इसके तहत तमाम अवसर, शिक्षा, रोजगार के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए अधिकार मिले है, इन अधिकारों और अवसरों का उपयोग करना चाहिए। जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती डोमेश्वरी वर्मा और जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री अबिनाश मिश्रा ने अपना संबोधन दिया। इस अवसर पर आदिवासी विकास के सहायक आयुक्त श्री तारकेश्वर देवांगन, एडीएम श्री एन.आर साहु और संबंधित अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित थे।
 

 
panchayattantra24.-रायपुर। आज विश्व आदिवासी दिवस के अवसर पर प्रदेश के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने सीतापुर के मुख्य कार्यक्रम स्थल से लोगों को सम्बोधित करते हुए कहा कि आज विश्व आदिवासी दिवस की गूंज ईब से इंद्रावती तक सुनाई दे रही है। बघेल ने कहा कि हमारी सरकार विगत साढ़े चार वर्षो से आदिवासी समुदाय ही नहीं बल्कि अन्य वर्गो के हित के लिए लगातार कार्य कर रही है। किसी ने भी नहीं सोचा था कि गोबर की भी खरीदी होगी, लेकिन हमने यह कर दिखाया औऱ ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के लिए हर यथा संभव प्रयास भी किया है। आदिवासियों के आर्थिक- सामाजिक जीवन स्तर को ऊंचा उठाने के लिए हमने तेंदूपत्ता संग्रहन की दर को 2500 से बढ़ाकर 4 हजार किया है, वनोपजों की खरीदी की संख्या 7 से बढ़ाकर 65 की है। 
कोदो, रागी, कुटकी जैसे लघुधान्य फसलों को बढ़ावा देने के लिए मिलेट्स मिशन का गठन किया और इस तरह अब बड़े शहरों के बड़े होटलों में भी मिलेट्स के व्यंजन और भोजन मिलने लगा है। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि आदिवासियों के हित और न्याय के लिए हमारी सरकार सदैव तैयार है। उन्होंने कहा कि स्वामी आत्मानन्द स्कूल हो चाहे बेरोजगारी भत्ता, राजीव युवा मितान क्लब हो या सुपोषण हमने हर दिशा में दशा सुधारने की पहल की है और उसी का परिणाम रहा है कि आज छत्तीसगढ़ मॉडल को देश में सराहा जा रहा है। आज बड़ी संख्या में वन अधिकार पट्टे का वितरण किया गया। इसके अलावा शासकीय योजनाओं के अंतर्गत विभिन्न हितग्राहियों को हितग्राहीमूलक सामग्री एवं दस्तावेजों का वितरण एवं विशिष्ट प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया।
 

 

panchayattantra24.-रायपुर। बस्तर में विश्व आदिवासी दिवस पर आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कांगेर घाटी राष्ट्रीय उद्यान के 15 गुफाओं पर आधारित कॉफी टेबल बुक का विमोचन किया। कांगेर घाटी राष्ट्रीय उद्यान जैव विविधता व प्राकृतिक धरोहर का अनोखा खज़ाना है जो जैव विविधता , स्थानीय आदिवादी संस्कृति के साथ-साथ लाइमस्टोन की गुफाएं के लिए देश विदेश में जाना जाता है। कांगेर घाटी में पाए जाने वाली लाइमस्टोन की गुफाए राष्ट्रीय उद्यान को अप्रतिम बनाती है। इसी अनुक्रम में राष्ट्रीय उद्यान द्वारा स्थानीय जियोलॉजी विभाग के विशेषज्ञ, मैदानी अमला और स्थानीय समुदाय की सहायता से अब तक कुल 15 गुफाओं का खोज किया गया है।
इसी कड़ी में पर्यटकों को राष्ट्रीय उद्यान में स्थित इन 15 गुफाओं की सुंदरता और विशेषताओं के बारे में बताने यह कॉफी टेबल बुक तैयार किया गया है। राष्ट्रीय उद्यान निदेशक धम्मशील गणवीर ने बताया कि इस काफी टेबल बुक के माध्यम से देश-विदेश में राष्ट्रीय उद्यान के प्रचार-प्रसार करने मदद मिलेगी एवं राष्ट्रीय उद्यान के प्राकृतिक धरोहर को सुरक्षित करने में भी सहायता मिलेंगी। कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री टी. एस. सिंहदेव, आबकारी मंत्री कवासी लखमा, बस्तर विकास प्राधिकरण अध्यक्ष लखेश्वर बघेल, संसदीय सचिव रेखचंद जैन, चित्रकोट विधायक श्री राजमन बेंजाम, क्रेडा अध्यक्ष मिथिलेश स्वर्णकार, इंद्रावती बेसिन प्राधिकरण उपाध्यक्ष राजीव शर्मा, सहित बस्तर जिला के जनप्रतिनिधि एवं अधिकारीगण उपस्थित रहे।