Browsing: रायपुर

 
 panchayattantra24.-रायपुर। छत्तीसगढ़ में कांग्रेस प्रदेश चुनाव समिति की घोषणा की गई है। इस चुनाव समिति में छ्त्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज को चेयरमैन बनाया गया है। अब कांग्रेस की प्रदेश चुनाव समिति की कमान प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज संभालेंगे। कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव संगठन केसी वेणुगोपाल ने 22 सदस्यीय प्रदेश चुनाव समिति की घोषणा की। समिति में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, विधानसभा अध्यक्ष डा चरणदास महंत, उपमुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव सहित आठ मंत्रियों को शामिल किया गया है। समिति में पार्टी के तीनों राष्ट्रीय सचिव विकास उपाध्याय, राजेश तिवारी और पारस चोपड़ा को जगह मिली है। पार्टी ने पहली बार जैन समुदाय को साधने के लिए पारस चोपड़ा को चुनाव समिति में शामिल किया गया है। जैन, सिंधी और बनिया समुदाय को भाजपा का बेस वोटर माना जाता है। इसके साथ ही वरिष्ठ विधायक सत्यनारायण शर्मा, धनेंद्र साहू और अमितेश शुक्ला को भी शामिल किया गया है।
बता दें कि कांग्रेस केंद्रीय संगठन ने पूर्व प्रदेश अध्यक्ष और मंत्री मोहन मरकाम को टीम में शामिल किया है। बस्तर संभाग से दीपक बैज के अलावा मोहन मरकाम और राजेश तिवारी कमेटी में शामिल हैं। जबकि सरगुजा से उपमुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव को शामिल किया है। पिछले चुनाव में पार्टी ने जिन चार प्रमुख नेताओं के चेहरे पर चुनाव लड़ा था, उन चारों को जगह देकर समीकरण साधने की कोशिश की गई है। चुनाव समिति में जातिगत और क्षेत्रीय समीकरण को भी ध्यान में रखा गया है। सबसे ज्यादा नेता रायपुर संभाग के हैं, जिन्हें प्रदेश चुनाव समिति में स्थान मिला है।
इन मंत्रियों को मिली जगह : मंत्री रविंद्र चौबे, ताम्रध्वज साहू, मोहम्मद अकबर, अनिला भेडिय़ा, शिव डहरिया, जयसिंह अग्रवाल, रुद्र गुरु और मोहन मरकाम को शामिल किया गया है। महिला कांग्रेस, युवक कांग्रेस, एनएसयूआइ और सेवा दल के प्रदेश अध्यक्ष को भी समिति में शामिल किया गया है।
मंत्री कवासी, भगत, उमेश को नहीं मिली जगह : चुनाव समिति में मंत्री कवासी लखमा, अमरजीत भगत और उमेश पटेल को जगह नहीं मिली है। कवासी अपनी बेबाक टिप्पणी को लेकर सुर्खियों में रहते हैं। जबकि उमेश पटेल विधानसभा चुनाव को देखते हुए खुद को रायगढ़ तक समेटे हुए हैं। भगत सरगुजा में सक्रिय हैं, लेकिन केंद्रीय संगठन ने भगत को मौका नहीं दिया।
संगठन में होंगी जल्द नई नियुक्तियां : चुनाव समिति के गठन के बाद पीसीसी अध्यक्ष दीपक बैज जल्द ही संगठन में भी फेरबदल करने वाले हैं। जिलाध्यक्षों की भी नई नियुक्ति हो सकती है।
संगठन में एक व्यक्ति एक पद पर जोर दिए जाने की अटकलें हैं। इसी तरह विधानसभा चुनाव लडऩे के लिए दावा करने वालों को कोई पद नहीं दिया जाएगा।
कार्यकारिणी की बैठक: मणिपुर मामलें में केन्द्र के खिलाफ निंदा प्रस्ताव
प्रदेश कांग्रेस की विस्तारित कार्यकारिणी की बैठक में कांग्रेस ने मणिपुर में हुई घटना के विरोध में केन्द्र सरकार के खिलाफ निंदा प्रस्ताव पारित किया। इस दौरान कांग्रेस ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और केन्द्र सरकार पर जमकर हमला बोला। इसके साथ ही पार्टी पदाधिकारियों ने प्रदेश में दोबारा कांग्रेस की सरकार बनाने का संकल्प भी लिया। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि विरोधियों को हमें हल्के में नहीं लेना है।
सांसद दीपक बैज के प्रदेश कांग्रेस के नए अध्यक्ष बनने के बाद यह बैठक बुलाई गई थी। प्रदेश प्रभारी कुमारी सैलजा की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि जब मणिपुर जल रहा था तब प्रधानमंत्री, गृहमंत्री कर्नाटका में बजरंग बली की जय का नारा लगाते घूम रहे थे।
प्रधानमंत्री ढाई महिने बाद मणिपुर की घटना पर मीडिया के सामने आकर राजनीति कर रहे थे। मणिपुर की घटना से छत्तीसगढ़ को जोड़ दिया। उन्होंने कहा कि भाजपा शासनकाल में फर्जी प्रमाण पत्र बनें और वही लागे इसमें राजनीति कर रहे हैं। नक्सलवाद को खत्म करने विश्वास, विकास और सुरक्षा की नीतियों के तहत काम किया गया। कोयला घोटाला, शराब घोटाला का आरोप लगाते हैं लेकिन छत्तीसगढ़ की कोयला खदानों में केन्द्र अधिकारी बैठे हैं। शराब नीति रमन सरकार के समय शुरू हुआ। केन्द्र की भाजपा सरकार डराने-धमकाने का काम कर रही है। सीएम ने कहा कि आज भी कांग्रेस का नारा है पहले लड़े थे गोरों से अब लड़ेगे चोरो से। हमें विरोधियों को हल्के में नहीं लेना है। बैठक में मोहन मरकाम, डॉ. चंदन यादव, सप्तगिरी शंकर उल्का, विजय जांगिड़, शिव डहरिया, कवासी लखमा, नंद कुमार साय, गिरीश देवांगन, रवि घोष, सुशील आनंद शुक्ला आदि उपस्थित थे।
बैज ने कहा- अराजकता फैलाने वाली ताकतों से मिलकर लडऩा है : प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि हमारे पास मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, मोहन मरकाम, कुमारी सैलजा और वरिष्ठ नेताओं का अनुभव है। पूरी टीम के साथ मिलकर काम करेंगे और दोबारा कांग्रेस की सरकार बनाएंगे। उन्होंने कहा कि दिल्ली से आकर छत्तीसगढ़ में अराजकता फैलाने वाले, जहर घोलने वाले ताकतों के साथ हमें लडऩा है। छत्तीसगढ़ सरकार और मुख्यमंत्री की पूरी टीम जनता के बीच जाकर काम किया, उन्हें लोगों के बीच लेकर जाना है। किसी भी कार्यकर्ता का सिर नीचे नहीं होगा।
सैलजा ने कहा- सरकार के काम लोगों तक जाकर बताना है
कुमारी सैलजा ने कहा कि छत्तीसगढ़ में कांग्रेस सरकार ने हर नागरिक तक विकास पहुंचाया है। हमें लोगों के बीच जाकर अपने काम को बताना है। सभी 90 सीटों पर प्रशिक्षण शिविर हो चुके हैं। बूथ का काम पूरा हो चुका है।
महिला कार्यकर्ता भी अच्छा काम कर रही हैं। हमने 5 साल में छत्तीसगढ़ की जो नींव रखी है। उसे आगे बढ़ाना है। केन्द्र जो भेदभाव करती है, हम उससे डरने नही वाले। विधानसभा चुनाव के बाद लोकसभा की तैयारी भी करनी पड़ेगी। पूरे देश में महंगाई सबसे बड़ा मुद्दा है।
 

 
 
 panchayattantra24.-रायपुर। छत्तीसगढ़ के सभी शिव मंदिरों में आज सुबह से भक्तों की भीड़ लगी हुई है। राजधानी रायपुर के सरोना स्थित शिव मंदिर में भी सुबह से भक्तों की भीड़ उमड़ी हुई है। बड़ी संख्या में भक्त बेल पत्र, दूध, दही लेकर बाबा भोलेनाथ को अर्पित करने के लिए शिव मंदिर पहुंच रहे हैं। वहीं धमतरी जिले के कर्णेश्वर मंदिर में भी सुबह से ही भक्तों की भीड़ लगी हुई है। बता दें कि कर्णेश्वर मंदिर महानदी के उदगम स्थल के तट पर स्थित है।
वहीं, दूसरी तरफ मध्य प्रदेश के मंदिरों में भी ओम नमः शिवाय के जयकारे गूंज रहे हैं। प्रदेश के सभी शिवालयों में भक्तों की भारी भीड़ उमड़ी है। बता दें कि आज सावन के तीसरे सोमवार को शिव योग और रवि योग है। पुराणों में इस योग को अमृत काल माना जा रहा है। इस साल अधिकमास के कारण सावन 2 महीने का है।
 

 

panchayattantra24.-रायपुर। राजधानी रायपुर के एमजी रोड स्थित जैन दादाबाड़ी में 22वें तीर्थंकर भगवान नेमिनाथ जी का जन्म कल्याणक महोत्सव सह खरतरगच्छ सहस्त्राब्दी गौरव वर्ष प्रसंगे भक्ति भाव एवं हर्षाेल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में भक्त संगीत के सुरों पर श्रावक-श्राविकाएं भावविभोर होकर झूमते रहे। जिनालय भगवान नेमिनाथ के जयकारों से गुंजायमान होता रहा। मंच इंद्र महोत्सव पर आधारित गिरनार मंडप की तरह सजाया गया था और स्नात्र महोत्सव का आयोजन किया गया। इसी के साथ सामूहिक एकासने का आयोजन किया गया।
इस अवसर पर साध्वी शुभकंरा ने कहा कि तीर्थंकर नेमिनाथ ने राज वैभव और मोह माया को छोड़कर संयम का जीवन अंगीकार किया। ऐसे परम उपकारी परमात्मा का जन्म आज ही के दिन हुआ था। उन्होंने कहा कि सभी को सादगीपूर्वक जीवन जीना चाहिए। शाकाहारी भोजन करना चाहिए। प्रत्येक जीव को जीवन जीने की चाह होती है। जैन धर्म के अनुसार वस्तु का स्वभाव ही धर्म है। साध्वीजी ने कहा कि प्रत्येक वस्तु का कोई न कोई स्वभाव होता है। जैसे अग्नि का स्वभाव उष्णता है और जल का स्वभाव शीतलता है। प्रत्येक वस्तु अपने मूल स्वभाव को कभी नहीं छोड़ती है। जबकि किसी अन्य वस्तु का संयोग पाकर स्वभाव में परिवर्तन हो जाता है। जब यह संयोग नहीं रहता है तो वह वस्तु अपने मूल स्वभाव में लौट आती है। जैसे पानी का स्वभाव शीतल है। यदि इसे अग्नि का संयोग प्राप्त हो जाये तो इसके स्वभाव में परिवर्तन हो जाता है। इसी प्रकार आत्मा का स्वभाव ज्ञाता दृष्टा है व मूल में शुद्ध है। लेकिन कर्मों के संयोग से यह अशुद्ध होकर संसार में भ्रमण कर रही है। जब कर्मों का संयोग समाप्त हो जायेगा तो यह आत्मा अपने मूल स्वभाव अर्थात् शुद्धता को प्राप्त कर लेगी और सिद्धालय में विराजमान हो जायेगी। महोत्सव के लाभार्थी परिवार स्मृतिशेष मां गुलाबी बाई बुरड़, सीए अश्लेश, अभिषेक जैन, सिविल लाइन रायपुर रहे। कार्यक्रम का संचालन नीलू निम्माणी और शताब्दी जैन ने किया।
 

 
panchayattantra24.-रायपुर। दोपहर बाद कुमारी शैलजा रायपुर पहुंची है. माना एयरपोर्ट पर दीपक बैज ने स्वागत किया। बता दें कि छत्‍तीसगढ़ कांग्रेस की विस्तारित कार्यकारिणी की बैठक राजीव भवन में होगी। बैठक में छत्तीसगढ़ प्रभारी कुमारी सैलजा, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज, मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, एआइसीसी के सचिव डा. चंदन यादव, सप्तगिरी शंकर उल्का, एआइसीसी के संयुक्त सचिव एवं सह प्रभारी विजय जांगिड़ मौजूद रहेंगे। बैठक में प्रदेश कार्यकारिणी, जिला अध्यक्ष, ब्लाक अध्यक्ष एवं मोर्चा संगठन के प्रदेश अध्यक्षों को दिशा-निर्देश दिए जाएंगे। 

जिला अध्यक्षों की हुई बैठक इससे पहले प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कांग्रेस मुख्यालय में सभी जिला अध्यक्ष के साथ बैठक की। बैठक में जिला के संगठन के बारे में जानकारी ली गई। इस मौके पर प्रदेश महामंत्री प्रशासन रवि घोष, जिला अध्यक्ष गिरीश दुबे, उधो वर्मा, हितेंद्र ठाकुर, भावसिंह, रश्मि चंद्राकर, शरद लोहाना, चंद्रप्रभा सुधाकर, गया पटेल, निर्मल कोसरे, मुकेश चंद्राकर, बंशी पटेल, कुलबीर छाबड़ा, पदम कोठारी, नीलकंठ चंद्रवंशी, राजीव शर्मा, बलराम मौर्य, महेश्वरी बघेल सहित अन्य जिला अध्यक्ष उपस्थित थे।
 

 
panchayattantra24.-रायपुर।  मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने आज यहां उनके निवास कार्यालय में संयुक्त मध्यप्रदेश के पूर्व मंत्री स्वर्गीय श्री बिसाहू दास महंत की 23 जुलाई को पुण्यतिथि पर उनके छायाचित्र पर श्रद्धासुमन अर्पित किए। मुख्यमंत्री ने कहा है कि महंत जी का पूरा जीवन जनसेवा से जुड़ा रहा। महंत जी ने अविभाजित मध्यप्रदेश में विधायक तथा मंत्री के रूप में प्रदेश के विकास के लिए अपनी अमूल्य सेवाएं दी है। उन्होंने खेती-किसानी, सिंचाई तथा सड़कों के माध्यम से लोगों की बेहतरी के काम को बखूबी अंजाम दिया। 
 बघेल ने कहा है कि कोसा एवं बुनकर व्यवसाय को प्रदेश से लेकर विदेशों तक ख्याति दिलाने में बिसाहू दास महंत जी का अतुलनीय योगदान रहा है, इसे देखते हुए छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा स्वर्गीय बिसाहू दास महंत के नाम पर हर साल राज्य के श्रेष्ठ बुनकरों को पुरस्कृत करने का निर्णय लिया गया है। राज्य सरकार द्वारा मंहत जी के सम्मान में शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय कोरबा का नामकरण स्वर्गीय बिसाहू दास महंत स्मृति चिकित्सा महाविद्यालय कोरबा किया गया है। श्री बघेल ने कहा है कि हमारे पुरोधा विकास की जो विरासत छोड़ गए हैं, उसे नये आयाम देने की दिशा में राज्य सरकार आगे बढ़ रही है। इस अवसर पर राज्य खनिज विकास निगम के अध्यक्ष श्री गिरीश देवांगन उपस्थित रहे।
 

 
 
panchayattantra24.-रायपुर। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने आज यहां अपने निवास कार्यालय में स्वतंत्रता संग्राम सेनानी लोकमान्य बाल गंगाधर तिलक और स्वर्गीय चंद्रशेखर आजाद की 23 जुलाई को जयंती पर उनके छायाचित्र पर श्रद्धासुमन अर्पित किया है। स्वतंत्रता के लिए उनके संघर्ष को याद करते हुए बघेल ने कहा कि तिलक जी और आजाद जी ने अपना पूरा जीवन देशप्रेम के लिए समर्पित कर दिया और अंतिम क्षण तक स्वाधीनता के लिए संघर्ष करते रहे। उनकी राष्ट्रभक्ति आज भी लोगों को प्रेरणा देती है।
बघेल ने कहा कि लोकमान्य तिलक जी ने महाराष्ट्र में गणेश उत्सव की शुरूआत कर सामाजिक समरसता के नए युग का सूत्रपात किया। स्वाधीनता के लिए संघर्ष के दौरान उन्होंने ‘स्वराज मेरा जन्म सिद्ध अधिकार है और इसे मैं लेकर रहूंगा‘ जैसे नारों से लाखों भारतीयों के मन में आजादी के लिए अलख जगा दी। चंद्रशेखर आजाद के बलिदान को याद करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि चंद्रशेखर आजाद की राष्ट्रभक्ति आज भी हजारों युवाओं में देशप्रेम और नई ऊर्जा भर देती है। बघेल ने कहा कि स्वाधीनता के लिए महापुरूषों का अमर बलिदान हमेशा याद किया जाएगा। इस अवसर पर राज्य खनिज विकास निगम के अध्यक्ष गिरीश देवांगन उपस्थित रहे।
 

 
panchayattantra24.-रायपुर। कलेक्टर डॉ. फरिहा आलम सिद्दीकी ने जिले को कृमि मुक्त बनाने के उद्देश्य से कलेक्टोरेट सभाकक्ष में स्वास्थ्य, महिला एवं बाल विकास और स्कूल शिक्षा विभाग की संयुक्त रूप से अंतर्विभागीय टास्क फोर्स की बैठक ली। कलेक्टर ने आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, सहायिका, मितानिन, स्वास्थ्य कर्मियों, बिहान के समूहों, पंचायत कर्मियों और अन्य सहयोगी संस्थाओं के माध्यम से जिले के सभी सरकारी और निजी स्कूलों, कॉलेजों, आईटीआई, पॉलीटेक्निक, आंगनबाड़ी केन्द्रों, स्वास्थ्य केन्द्रों में 1 वर्ष से लेकर 19 वर्षीय तक बालक-बालिकाओं को शत् प्रतिशत कृमिनाशक दवा एल्बेंडाजॉल खिलाने के लिए स्वास्थ्य, महिला एवं बाल विकास तथा स्कूल और उच्च शिक्षा विभाग को कहा। साथ ही साथ कलेक्टर ने कहा कि दवा सेवन के दिन स्वास्थ्य विभाग की टीम पूरे जिले में अपनी स्वास्थ्य सुविधा की सुदृढ़ व्यवस्था रखें। 
 कलेक्टर सिद्दीकी ने 10 अगस्त को होने वाली राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस की तैयारी हेतु बैठक में उपस्थित जिला शिक्षा अधिकारी एवं महिला एवं बाल विकास अधिकारी को शासकीय एवं निजी शिक्षण संस्थानों में अध्ययनरत एवं गैर पंजीकृत (शाला त्यागी)1 वर्ष से 19 वर्ष तक के सूची उपलब्ध कराने के निर्देश दिये। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को आईटीआई व कॉलेज प्रथम वर्ष के बच्चों की सूची लेकर कार्य योजना तैयार कर समयावधि पर स्कूलों एवं आंगनबाड़ी केंद्रों में लॉजिस्टिक उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने प्रत्येक विकासखंड में रैपिड रेस्पॉन्स टीम गठन कर सेक्टर स्तर पर क्वालिटी ट्रेनिंग आयोजित करने के निर्देश दिये साथ ही स्वास्थ्य एवं आईसीडीएस पर्यवेक्षकों द्वारा प्रत्येक बूथ की निरीक्षण करने के निर्देश दिए ताकि अभियान के दौरान शतप्रतिशत बच्चो को कृमि नाशक गोली खिलाकर कृमि संक्रमण से मुक्ति दिलाई जा सके। 
 दवा खिलाने के पूर्व सावधानियां – दवा खिलाने के पूर्व दवा की एक्सपायरी डेट की जांच की जाए और बच्चों के स्वास्थ्य की जानकारी ली। यदि पूर्व से किसी बीमारी के इलाज के लिए कोई दवा खा रहे हो, तो उन्हें कृमिनाशक दवा नहीं खिलाई जाए। किसी भी बच्चे को जबरदस्ती दवा नहीं खिलाई जाए। दवा सेवन- बैठक में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. एफ आर निराला ने बताया कि 10 अगस्त को 1 से 2 वर्ष के बच्चों को 200 मिलीग्राम या आधी गोली, 2 से 19 वर्ष तक के बच्चों को 400 मिलीग्राम या 1 गोली ,खाने के बाद सुपरवाइज डोज अर्थात दवा वितरक 1 से 3 वर्ष के बच्चों को पीसकर तथा 3 से 19 वर्ष के बच्चों को चबा कर अपने समक्ष ही खिलाई जावे तथा जो बच्चे 10 अगस्त को दवा लेने से वंचित हो जाए उन्हें मापअप राउंड के तहत 17 अगस्त को अनिवार्य रूप से दवा सेवन कराई जावे। 
ड्यूटी में तैनात कर्मी दवा का सेवन अपने सामने खिलाएं। किसी भी परिस्थिति में दवा बच्चों या उनके पालकों को घर ले जाने के लिए नहीं दी जाए। दवा को बच्चों को पूरा चाबकर खाना है। किसी बच्चे के गले में अटक जाए तो बच्चों को अपनी गोद में छाती के बल लिटाकर पीठ में हल्के से थपथपाएं जिससे गले में फंसी गोली नीचे गिर जाए। दवा खिलाने के बाद- जिन बच्चों के शरीर में कृमि होंगे, उनके दवा खाने के बाद सामान्य प्रतिकूल प्रभाव जैसे पेट में हल्का दर्द, उल्टी, दस्त, थकान हो सकती है। ऐसे में उन्हें हवादार स्थान में आराम करने की व्यवस्था की जाए और पानी पिलाई जाए। ड्यूटी में तैनात कर्मी ऐसी स्थिति में अपने कन्ट्रोलिंग अधिकारी और नजदीकी स्वास्थ्य केन्द्र को सूचित करें। इसकी सूचना टोल फ्री नंबर +91-18001803024 पर भी दी जा सकती है। 
कृमि सामान्य बीमारी नहीं, कई गंभीर रोगों का कारण भी है- बैठक में खंड चिकित्सा अधिकारी बरमकेला डॉ. अवधेश पाणिग्राही ने कृमि संक्रमण के विभिन्न चरणों की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि जैसे ही संक्रमण पेट मे पहुँचता है लोगों को दस्त होता है,जब कृमि विकसित होकर रक्त में पहुँचता है तो रक्त कोशिकाओं का शिकार करता है जिससे रक्ताल्पता होती है। आगे जब संक्रमण फेफड़ा में पहुँचता है, तब निमोनिया और मष्तिस्क में पहुंचकर झटके आदि बीमारी के कारण बनते है। बैठक में जिले के सभी बीएमओ, नोडल अधिकारी पंचायत हरिशंकर चौहान, डीईओ डेजी रानी जांगड़े, डिप्टी कलेक्टर टी.आर. महेश्वरी, बी. एक्का, सीएमओ राजेश पांडेय, आयुर्वेद डॉ. पटेल, महिला एवं बाल विकास विभाग के परियोजना अधिकारी कृष्णा साहू, स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी डीपीएम एन एल इजारदार, डॉ. सेन, डॉ. रात्रे सहित अन्य कर्मचारी उपस्थित थे।
 

panchayattantra24.-रायपुर। सीएम भूपेश बघेल रविवार को इंडोर स्टेडियम में भेंट मुलाकात कार्यक्रम में युवाओं से रूबरू हुए। उन्होंने मौके पर ही कई घोषणाएं की। सीएम ने स्नातक अभ्यार्थियों के लिए छत्तीसगढ़ी भाषा में वैकेंसी निकाली जाएगी। साथ ही स्वास्थ्य केंद्रों में फिजियोथेरेपिस्ट की नियमित भर्ती होगी। सीएम ने कहा कि दन्त चिकित्सकों को 2 साल ग्रामीण क्षेत्र में पदस्थ किया जाएगा। आगे युवाओं से भेंट-मुलाकात में सीएम ने कहा कि पुरखों के सपनों को साकार करने के लिए हम छत्तीसगढ़ को आगे बढ़ाने के लिए काम करना है। छत्तीसगढ़ का नाम देश और दुनियाभर में होना चाहिए। डॉ. सुयश बघेल ने कहा कि आपने इतना सुंदर मौका हमें प्रदान किया। मैं डेंटल की पढ़ाई कर रहे युवाओं की ओर से सवाल पूछ रहा हूँ। आपने हमारा स्टायफण्ड बढ़ाकर एमबीबीएस की तरह किया है। शासकीय दंत चिकित्सा महाविद्यालय में इंटर्न की भर्ती को लेकर कहा कि एमबीबीएस की तरह ग्रामीण क्षेत्रों में 2 साल सेवा देने का मौका डेंटल स्टूडेंट को मिले।
 

 
 
panchayattantra24.-रायपुर। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के छत्तीसगढ़ दौरे पर CM भूपेश बघेल ने तंज कसते हुए कहा कि वे रात को आते हैं और सुबह चले जाते हैं. बता दें कि केंद्रीय मंत्री और छत्तीसगढ़ भारतीय जनता पार्टी के चुनाव प्रभारी मनसुख मंडाविया कल रायपुर पहुंचे थे। दोनों नेताओं ने पार्टी के प्रदेश कार्यालय में रात 8.30 बजे से 11 बजे तक नेताओं से चर्चा की थी। अमित शाह के साथ हुई इस बैठक में कमजोर सीटों पर भाजपा की स्थिति मजबूत करने, पूरे प्रदेश में कांग्रेस के खिलाफ नए सिरे से आंदोलन खड़ा करने, आदिवासी क्षेत्रों में सक्रिय राजनीतिक संगठनों को साधने, जीत के प्रबल दावेदार चेहरों को ही इस बार टिकट देने जैसे मसलों पर चर्चा हुई। खबर है कि कुछ संगठनात्मक सुधारों को लेकर अमित शाह ने निर्देश दिए हैं जिस पर वह फिर से रिव्यू कर सकते हैं। प्रदेश के पांचों संभाग में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सभाएं की जाएंगी । अगस्त के शुरुआती हफ्ते में रायगढ़ में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सभा हो सकती है इसे लेकर भी चर्चा की गई।
 

 

panchayattantra24.-रायपुर। राजधानी रायपुर में महंगाई के खिलाफ कांग्रेस का अनोखा प्रदर्शन देखने को मिला. संसदीय सचिव और विधायक विकास उपाध्याय ने आज सड़क पर बैठकर खाना खाते हुए प्रदर्शन किया. इस प्रदर्शन में महिलाएं चूल्हा में खाना बनाते हुए नजर आईं और संसदीय सचिव विकास उपाध्याय टमाटर और रोटी खाते नजर आए. प्रदर्शन में बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता भी शामिल हुए. मीडिया से बातचीत करते हुए संसदीय सचिव विकास उपाध्याय ने कहा, यह प्रदर्शन नहीं यह आम आदमी की पीड़ा है. कांग्रेस भारतीय जनता पार्टी को जगाने का काम कर रही है. एक आम आदमी के घर की उसकी थाली किस प्रकार सजी होती है, यह बताने का काम कर रहे हैं. देश में महंगाई इतनी बड़ी हुई है कि हर आदमी महंगाई से परेशान है. इतनी महंगाई में आदमी सब्जी ले नहीं सकता सिर्फ महसूस कर रहे हैं।
विधायक उपाध्याय ने कहा, एक किचन के रसोई में खाने का जितना खर्च होता है वह भारतीय जनता पार्टी को बताने का काम कर रहे हैं. कुछ चुनिंदा व्यापारियों को फायदा पहुंचाने उद्योगपतियों को फायदा पहुंचाने के लिए भाजपा इस प्रकार काम कर रही है. हिंदुस्तान के इतिहास में इतनी महंगाई नहीं हुई. जब भी प्याज, टमाटर के दाम बढ़ते थे तब भी उनके नेता राजनाथ सिंह टंकी के ऊपर बैठकर आंदोलन करते थे. तमाम नेता आंदोलन करते थे, आज महंगाई से लोगों की घर की स्थितियां डगमगा चुकी है. वह बोल नहीं पा रहे हैं इसीलिए हम इस चीज को महसूस कर रहे हैं।