Browsing: रायपुर

 

K.W.N.S.-रायपुर। इस बदलाव के पीछे छत्तीसगढ़ शासन की सुराजी गांव योजना के तहत बनाया गया गौठान की महती भूमिका है। आदिवासी बहुल कोण्डागांव जिले में दुग्ध उत्पादन की कमी को देखते हुए जुलाई 2022 शासन ने हमर गरूवा हमर गौठान कार्यक्रम चलाया गया। पहले चरण में कोण्डागांव के नजदीक बोलबोला ग्राम पंचायत को चुना गया। कोण्डागांव जिले में मुख्यमंत्री बघेल द्वारा वर्चुअल कार्यक्रम के माध्यम से गाय खरीदने के लिए राशि दी गई।
पशुपालन विभाग के अधिकारी डॉ. नीता मिश्रा बताती हैं कि राज्य में की गई 19वीं पशु संगणना में बोलबोला ग्राम पंचायत में दूधारू गाय नहीं थी। लेकिन गांव में गौठान बनने से लोग गौपालन के लिए आगे आए और यहां पशुपालन विभाग द्वारा गौठानों में महिला समूह को गौपालन के लिए प्रशिक्षण दिया गया। यहां पर गौठान से जुड़ी महिला समूहों को गौ-पालन के लिए तैयार किया गया। इसके बाद उन्हें प्रशिक्षण और ऋण अनुदान सहित गौठानों में चारा पानी और टीकाकरण सहित कई सुविधाएं उपलब्ध करायी गई।
इन महिला समूहों के साथ उनके परिवार के पुरूष सदस्य तथा गांव के अन्य ग्रामीण भी गौपालन करने और सहयोग करने के लिए आगे आए। इसके साथ ही गाय खरीदने और दुग्ध चिंलिंग प्लांट लगाने के लिए हितग्राहियों को ऋण अनुदान दिया गया। जिला प्रशासन द्वारा पशुपालन के लिए डीएमएफ और मनरेगा से शेड तैयार कराया गया। समूह के सदस्य तथा अन्य ग्रामीणों को दुग्ध चिलिंग प्लांट के संचालन के लिए ओडिशा में प्रशिक्षण भी दिया गया।
तमाम प्रक्रियाओं के बाद समूह के लोगों द्वारा डेयरी व्यवसाय का कार्य शुरू किया गया। बोलबोला गौठान के सामुदायिक डेयरी में हितग्राहियों ने दूधारू पशु रखे और दुग्ध उत्पादन शुरू किया। इस समय हितग्राहियों के पास 32 दूधारू पशु हैं जिनसे प्रतिदिन 300 लीटर दुग्ध का उत्पादन हो रहा है। दूधारू पशु खरीदने के लिए 16 पशुपालकों को आदिवासी परियोजना, राज्य डेयरी उद्यमिता योजना से सहायता उपलब्ध करायी गई है। पशुओं को हरे चारे की व्यवस्था के लिए गौठान में नेपियर घास की खेती की जा रही है, जिससे पशुओं को हरे चारे की उपलब्धता हर समय बनी रहे।
दुग्ध की बिक्री से प्रतिदिन करीब 13 हजार रूपए की हो रही आय
अब बोलबोला ग्राम पंचायत गांव में दुग्ध की कमी नहीं है बल्कि यहां से अब कोण्डागांव और आस-पास के गांवों में दुग्ध विक्रय के लिए जाने लगा है। दुग्ध की बिक्री से प्रतिदिन गौठान से जुड़े समूह को करीब 13 हजार रूपए मिल रहे हैं। गौठान में प्रतिदिन 640 किलो गोबर की भी बिक्री की जा रही है। गोबर से 1280 रूपए की अतिरिक्त आमदनी मिल रही है। गौमूत्र से कीटनाशक बनाने के लिए जल्द काम शुरू किया जाएगा। इसके लिए उन्हें प्रशिक्षण भी दिया जा चुका है। बोलबोला गांव की सफलता से प्रेरित होकर छोटे बंजोड़ा ग्राम पंचायत में भी दुग्ध उत्पादन की ओर अग्रसर होने जा रहे हैं।
घर में दूध वाली चाय पी रहे हैं, बच्चों को भी दूध पिला रहे हैं – कोयली मंडावी
ग्राम जरे बेंदरी पंचायत बोलबोला के नई रोशनी महिला स्व-सहायता समूह की सचिव श्रीमती कोयली मंडावी बताती हैं कि पहले हमारे यहां दुग्ध उत्पादन नहीं होता था अब दुग्ध उत्पादन हो रहा है। उसे घर-घर जाकर 50 रूपए प्रति लीटर बेच रहे हैं। जो दुग्ध बचता है उसका पनीर बनाकर भी बेच रहे हैं। यहीं नहीं पहले हम बिना दुग्ध वाली लाल चाय पीते थे। अब दुग्ध वाली चाय पी रहे हैं और बच्चों को भी दुग्ध पिला रहे हैं।
गांव की आर्थिक स्थिति में आया सुधार – सरपंच पोयाम
सरपंच रत्नूराम पोयाम ने बताया कि गांव के लोगों की आर्थिक स्थिति तो बढ़िया हुई ही है। गांव के बच्चों के स्वास्थ्य में भी सुधार आया है। इसके साथ ही यहां के लोगों का दुग्ध का उपभोग भी बढ़ा है। पशुपालक पिलसाय और केशूराम मरकाम बताते हैं कि हमारे गांव के लिए हर तरह से सुखद बदलाव आ रहे हैं। समूह की महिलाओं के पास पैसा आया है। मिल्क रूट से जुड़ने की संभावनाओं के चलते आर्थिक आय और भी बढ़ेगी। गांव में हम लोग नैपियर घास आदि भी लगा रहे हैं जिससे हमारी गायों का दुग्ध उत्पादन भी काफी बढ़ा है। सरकार की योजनाओं से हमारे गांव को नई दिशा मिली है।
गौरतलब है कि नई रोशनी स्वसहायता समूह के सदस्यों ने मिलकर फार्मर इंट्रेस्ट ग्रुप बनाया है और समिति का नाम है मावा बोलबोला कोंडानार डेयरी प्राथमिक दुग्ध उत्पादक सहकारी समिति बनाई है। कोण्डागांव जिला प्रशासन ने जिले के गौठानों को दुग्ध क्रांति केन्द्र के रूप में विकसित करने के लिए योजना बनायी जा रही है। गौठानों को मिल्क रूट से जोड़ने के साथ ही दुग्ध उत्पादकों की सहकारी समिति बनाने की योजना पर भी काम शुरू कर दिया गया है। बोलबोला ग्राम में चिलिंग प्लांट प्रारंभ करने की तैयारी है। साथ ही दुग्ध की बिक्री के लिए जिला मुख्यालय में आउटलेट खोलने की योजना है।
 

K.W.N.S.-रायपुर। रायपुर के पंडित जवाहरलाल नेहरू स्मृति चिकित्सा महाविद्यालय में आज देश के प्रथम प्रधानमंत्री भारतरत्न पंडित जवाहर लाल नेहरू को उनकी पुण्य तिथि पर याद किया गया। चिकित्सा महाविद्यालय के प्राध्यापकों ने महाविद्यालय भवन के प्रवेश द्वार के पास स्थापित पंडित नेहरू की मूर्ति पर माल्यार्पण और पुष्प अर्पण कर उनका पुण्य स्मरण किया। 60 वर्ष पहले 9 सितम्बर 1963 को स्थापित छत्तीसगढ़ के सबसे पुराने और सबसे बड़े चिकित्सा महाविद्यालय का नामकरण पंडित नेहरू की पुण्य स्मृति में किया गया है। चिकित्सा महाविद्यालय की अधिष्ठाता डॉ. तृप्ति नागरिया, प्राध्यापकगण डॉ. अरविन्द नेरल, डॉ. आर.के. सिंह, डॉ. निर्मल वर्मा, डॉ. निधि पांडे, डॉ. पी.के. खोडियार, डॉ. जागृति अग्रवाल, डॉ. उषा जोशी, डॉ. चन्द्रकला जोशी, डॉ. वर्षा पांडे, डॉ. दिवाकर धुरंधर और डॉ. पीयूष भार्गव सहित महाविद्यालय के कर्मचारियों ने पंडित नेहरू की प्रतिमा पर श्रद्धा-सुमन अर्पित किया।
 

 
K.W.N.S.-रायपुर। प्रधानमंत्री की अध्यक्षता में नई दिल्ली में आयोजित नीति आयोग की गवर्निंग काउंसिल की आठवीं बैठक में छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल शामिल हुए। इस दौरान मुख्यमंत्री ने बैठक से संबंधित एजेंडा बिन्दुओं के अतिरिक्त राज्यहित से जुड़ी विभिन्न योजनाओं और विषयों पर अपनी बात रखी। इस मौके पर सभी राज्यों के मुख्यमंत्री उपस्थित रहे। बैठक के एजेंडे पर बात करते हुए मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने 2047 का विकसित भारत, टीम इंडिया की भूमिका पर कहा देश की एकता और अखंडता अक्षुण्ण बनाए रखने में राज्यों की अहम भूमिका है। उन्होंने कहा केंद्र सरकार राज्यों के अधिकारों का सम्मान करे और उसके हिस्से के संसाधनों को भी हस्तांतरित करने की प्रणाली को और मजबूत बनाए। मुख्यमंत्री ने एमएसएमई पर ज़ोर देते हुए कहा कि राज्य में ग्रामीण एवं कुटीर क्षेत्रों में उद्यमिता को बढ़ावा देने तथा क्षेत्र के संसाधनों को स्थानीय स्तर पर उपयोग किए जाने के उद्देश्य से ग्रामीण एवं कुटीर औद्योगिक नीति 2023-24 की घोषणा की गयी है।
उन्होंने कहा एनएमडीसी द्वारा राज्य में स्थित इकाइयों को 25-30 प्रतिशत आयरन ओर ही उपलब्ध कराया जा रहा है। उन्होंने समुचित आयरन ओर राज्य की इकाइयों के लिए उपलब्ध कराने का आग्रह किया। बघेल ने कहा छत्तीसगढ़ के एमएसएमई उद्योगों को एसईसीएल से विगत 2-3 वर्षों से राज्य की आवश्यकता अनुरूप कोल नहीं मिल रहा है। मुख्यमंत्री ने इस विषय पर कार्यवाही कर छत्तीसगढ़ का हित सुरक्षित करने का आग्रह किया।
उन्होंने बताया आदिवासी अंचल बस्तर में औद्योगीकरण को बढ़ावा देने के लिए विगत चार वर्षों में लगभग 9 हजार करोड़ रूपए पूंजी निवेश हेतु एमओयू किए गए हैं। इनमें से इस्पात उद्योगों के लिए प्रतिवर्ष 3 मिलियन टन आयरन ओर की आवश्यकता होगी। उन्होंने अनुरोध किया कि इन इस्पात संयंत्रों की उत्पादन क्षमता के अनुरूप आयरन ओर आरक्षित रखा जाए तथा प्राथमिकता के आधार पर उपलब्ध कराया जाए। साथ ही विशेष प्रोत्साहन अंतर्गत एनएमडीसी द्वारा आयरन ओर की दर में भी 30 प्रतिशत छूट दी जाए।
इसके साथ ही उन्होंने 20 हजार से कम आबादी के शहरों में मनरेगा लागू करने का सुझाव भी दिया। मुख्यमंत्री ने रायपुर एयरपोर्ट से अंतर्राष्ट्रीय विमान सेवा शीघ्र शुरू करने व समन्वय हेतु नोडल अधिकारी की नियुक्ति का अनुरोध भी किया। बैठक में उन्होंने छत्तीसगढ़ के 10 आकांक्षी जिलों में सोलर पावर प्लांट की स्थापना के साथ ही 5 मेगावाट तक के सौर ऊर्जा संयंत्रों की स्थापना को हरित गतिविधियों के रूप में मान्य करते हुए वन संरक्षण अधिनियम के अंतर्गत वन व्यपवर्तन से छूट प्रदान करने की मांग की। मुख्यमंत्री ने कहा कि महिलाओं व शिशुओं की देखभाल के सभी कार्यक्रमों के लिए एकीकृत एमआईएस प्रणाली होनी चाहिए। इसके साथ ही उन्होंने केंद्र प्रायोजित योजनाओं के तहत केंद्र-राज्य वित्त पोषण का हिस्सा 75ः25 करने का अनुरोध किया।
इसके अलावा उन्होंने बैठक में नवीन पेंशन योजना में जमा 19 हजार करोड़ की राशि की वापसी का मुद्दा भी उठाया। वहीं, उन्होंने जीएसटी क्षतिपूर्ति अनुदान की भरपाई की मांग भी की। मुख्यमंत्री ने कहा कि जीएसटी कर प्रणाली से राज्यों को राजस्व की हानि हुई है। छत्तीसगढ़ जैसे उत्पादक राज्यों के राजस्व हानि की भरपाई की कोई स्थायी व्यवस्था अतिशीघ्र की जाये। मुख्यमंत्री ने कहा केंद्रीय करों में राज्य का हिस्सा कम प्राप्त हो रहा है। मुख्यमंत्री ने 2659 करोड़ की राशि इस वित्तीय वर्ष में राज्य को उपलब्ध कराने की मांग की।
मुख्यमंत्री बघेल ने खनिजों से मिलने वाली एडिशनल लेवी की 4 हजार 170 करोड़ राशि छत्तीसगढ़ को हस्तांतरण करने का आग्रह किया। वहीं, इस मामले में छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा सर्वाेच्च न्यायालय में प्रस्तुत सिविल सूट याचिका में केंद्र सरकार की ओर से जल्द जवाब प्रस्तुत कर निराकरण करने का अनुरोध किया। इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने कोयला एवं अन्य प्रमुख खनिजों की रॉयल्टी दरों में संशोधन की मांग की। उन्होंने कहा संशोधन नहीं होने से राज्य के वित्तीय हितों पर विपरीत प्रभाव पड़ रहा है। मुख्यमंत्री ने केंद्रीय बलों की तैनाती पर हुए सुरक्षा व्यय 11 हजार 828 करोड़ रुपए को केंद्र सरकार द्वारा वहन करते हुए राज्य को इस बकाया से मुक्त करने का आग्रह भी किया।
 

 
panchayattantra24.- रायपुर। आदिम जाति अनुसंधान एवं प्रशिक्षण संस्थान द्वारा भारत सरकार जनजातीय कार्य मंत्रालय एवं राज्य शासन के सहयोग से ज्त्ज्प् संस्थान में चल रहे तीन दिवसीय ‘‘जनजातीय वाचिकोत्सव 2023’’ के दूसरे दिन शुक्रवार को तीन विषयों जनजातीय तीज-त्यौहार से संबंधित वाचिक ज्ञान, जनजातीय जीवन संस्कार (जन्म, विवाह, मृत्यु इत्यादि) संबंधी वाचिक परम्परा तथा जनजातीय समुदाय की उत्पत्ति संबंधी वाचिक परंपरा विषय पर जनजातीय वाचन किया गया।
‘‘जनजातीय वाचिकोत्सव 2023’’ के प्रथम सत्र की अध्यक्षता डॉ. वेदवती मण्डावी, सेवानिवृत्त प्राध्यापक, दुर्ग ने की। इस सत्र में कुल 25 जनजातीय वाचकों ने जनजातीय तीज-त्यौहार से संबंधित वाचिक ज्ञान पर अपना ज्ञान साझा किया। जनजातीय समाज में मनाए जाने वाले विभिन्न तीज-त्यौहारों की उत्पति के संबंध में अपने वाचिक ज्ञान को साझा करने के साथ-साथ जनजातीय समाज की सामाजिक एवं धार्मिक व्यवस्था में इनके महत्व पर भी इन्होंने प्रकाश डाला। ‘‘जनजातीय वाचिकोत्सव 2023’’ के द्वितीय सत्र की अध्यक्षता डॉ. किरण नुरूटी, सहायक प्राध्यापक, कोंडागावं एवं सह अध्यक्षता डॉ. संध्या भोई, सहायक प्राध्यापक, सरायपाली ने की। इस अवसर पर डॉ. संध्या भोई ने कहा कि जनजातीय वाचन परंपरा का अभिलेखीकरण आने वाली पीढ़ियों के लिए पथ-प्रदर्शक का काम करेगा। इस सत्र में कुल 22 जनजातीय वाचकों ने जनजातीय जीवन संस्कार (जन्म, विवाह, मृत्यु इत्यादि) संबंधी वाचिक परम्परा के संबंध में वाचिक ज्ञान साझा किया गया। जीवन संस्कार अंतर्गत बोड कुदराना (नाल काटना), पोईंग ऐर्राना (प्रसव होना), चूरचा नियोम (विवाह संस्कार), बीड़ा, बाडील, चावील तपराना, चूरचेल पारेकर (विवाह के प्रकार), सेमल आदि विषय पर विस्तार से अपने वाचिक ज्ञान को साझा किया।
तृतीय सत्र की अध्यक्षता डॉ. महेन्द्र कुमार मिश्रा, लोक साहित्य विशेषज्ञ, रायपुर ने की। इस सत्र में कुल 27 जनजातीय वाचकों ने जनजातीय समुदाय की उत्पत्ति संबंधी धारणा एवं वाचिक ज्ञान विषय पर जनजातीय वाचन किया। जनजातीय समाज की उत्पति के संबंध में समाज में प्रचलित विभिन्न पूर्वज धारणाओं को, जो उन्होंने सुना है, को वाचिक ज्ञान के रूप में सबके साथ साझा किया।
उल्लेखनीय है कि आदिवासी जीवन से संबंधित वाचिक परंपरा के संरक्षण, संवर्द्धन एवं उनके अभिलेखीकरण के उददेश्य से TRTI भवन, नवा रायपुर में इस जनजातीय वाचिकोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। तीन दिवसीय इस कार्यक्रम का समापन आज होगा। उक्त तीन दिवसीय आयोजन के उपरांत संस्थान द्वारा जनजातीय वाचिक परंपरा के संरक्षण एवं अभिलेखीकरण के दृष्टिगत पुस्तक का प्रकाशन भी किया जाएगा, जिसमें कार्यक्रम में प्रस्तुत किए गए विषयों के साथ-साथ राज्य के अन्य जनजातीय समुदाय के व्यक्तियों से भी जनजातीय वाचिक परंपरा के क्षेत्र में प्रकाशन हेतु आलेख आमंत्रित किए गए हैं।
 

 

panchayattantra24.- रायपुर। राम कथा में कई प्रसंगों में श्री राम के वन गमन व सीता माता की खोज के दौरान विभिन्न समुदायों के लोगों का जिक्र है जो उनके उद्देश्य पूर्ति में साथ जुड़ते चले जाते हैं। चाहे वह निषादराज हों जो वनवास में जा रहे श्री राम, माता सीता और लक्ष्मण को गंगा जी पार करवाते हैं या शबरी जिन्होंने सीता की खोज में निकले श्री राम को प्रेम से बेर खिलाए और आगे की राह बताई।
इसी में एक प्रसंग आता है। श्री राम लंका के लिए सेतु निर्माण के लिए अपनी वानर सेना को निर्देशित करते हैं। सब जुट जाते हैं। एक गिलहरी भी इसमें सहयोग करने आगे बढ़ती है। उससे पूछा जाता है कि ऐसा क्यों, उसका जवाब होता है। शुभ कार्य में यथा संभव जितनी हिस्सेदारी हो उतना अच्छा, ऐसा श्रीराम का चरित्र है। उनके पुनीत उद्देश्यों के लिए सभी वर्ग आगे आये और रामायण की कथा में श्री राम सबके साथ उद्देश्यपूर्ति करते हैं।
कुछ इसी तरह से रायगढ़ में हो रहे राष्ट्रीय रामायण महोत्सव में भी हर वर्ग इसी तरह से आयोजन को सफल बनाने अपनी भागीदारी के लिए पहल कर रहा है। सफल आयोजन के लिए विभिन्न समुदाय जुटे हुए हैं। मुस्लिम समुदाय यहां आने वाले श्रद्धालुओं के लिए शर्बत ए मोहब्बत रखेगा। भीषण गर्मी में लोगों को तर करने यह पेशकश होगी। रायगढ़ के श्री शेख सलीम नियारिया ने बताया कि मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल की पहल से रायगढ़ के रामलीला मैदान में 1 से 3 जून तक भव्य रामायण महोत्सव के आयोजन में मुस्लिम समाज प्रदेश और जिले से आने वाले आगंतुकों का स्वागत शर्बत-ए-मोहब्बत से करेगा। उन्होंने कहा कि यह हमारे लिए फक्र की बात है कि मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने राष्ट्रीय रामायण महोत्सव के आयोजन के लिए कला और संस्कृति की नगरी रायगढ़ को चुना है।
यह रायगढ़ की तहजीब है जहां सब मिलकर रहते हैं। सुखदुख में साझीदारी करते हैं। इन सुंदर सरोकारों ने ही रायगढ़ को संस्कारधानी बनाया है। 3 दिनों तक चलने वाले इस भव्य आयोजन में श्रीराम के चरित स्मरण से संस्कारधानी की यह परंपरा और मजबूत होकर उभरने वाली है।
राम कथा की यह विशेषता है कि इस कथा के श्रवण से श्रीराम के आदर्श हमारे मन के भीतर घुलने लगते हैं। उनके सामूहिक नेतृत्व का चरित्र और सबको साथ में लेकर सबकी प्रतिभा को निखारकर मानव जाति में सत्य के मूल्यों की स्थापना का उनका संकल्प जब विजयी होता है तब आम आदमी भी स्वयं की सात्विक शक्ति को महसूस करता है।
राष्ट्रीय रामायण महोत्सव के आयोजन के पीछे मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल की मंशा यही है। हम अपनी श्रेष्ठ परंपराओं को गहराई से जाने। श्री राम के उदार, उदात्त चरित्र को बारीकी से समझें। जब राम को गहराई से जानेंगे तभी तो हम सुराज के सपनों को साकार करने बढ़ सकेंगे। यह ऊर्जा संचार का महोत्सव है। श्रीराम के उत्तम जीवन चरित को अपने जीवन में उतारें और शुभ संकल्पों से राष्ट्र को मजबूत बनाएं।
रायगढ़ जिस तरह उत्साह से दमक रहा है और सभी समुदायों के लोग प्रशासन के साथ इस भव्य आयोजन को सफल करने रात दिन कड़ी मेहनत कर रहे हैं उससे साफ है कि रामायण महोत्सव अपने शुभ संकल्पों को पूरा करने में सफल होगा और सबकी साझेदारी से श्री राम के बहुआयामी चरित्र की बारीकियों की हमारी समझ कुछ और बेहतर होगी।
 

 

K.W.N.S.-रायपुर। मोदी सरकार के 9 साल पूरे होने पर 9 सवाल को लेकर कांग्रेस देशभर में प्रेस वार्ता कर रही है. छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में राज्यसभा सांसद, उप नेताप्रतिपक्ष प्रमोद तिवारी ने मोदी सरकार पर निशाना साधा. संसद भवन के उदघाट्न को लेकर तिवारी ने कहा, सदन की कार्यवाही चलेगी उस संसद का उदघाट्न प्रधानमंत्री करेंगे, यह डॉ. अंबेडकर के संविधान का अपमान होगा।
तिवारी ने कहा, सदन का मुखिया का जो अधिकार है, जो देश का प्रथम नागरिक है. अनुरोध के बावजूद राष्ट्रपति से उदघाट्न नहीं कराया जा रहा है. राष्ट्रपति आदिवासी है, महिला है, यह देश का दुर्भाग्य है कि ऐसा राजा हैं, जिसे अपनी फोटो फ्रेम में किसी और का नाम पसंद नहीं है।
यहां विधानसभा को लेकर कहा कि विधानसभा संविधान नहीं बनाते. संविधान का अधिकार संसद को है, संविधान का मुखिया राष्ट्रपति ही है. संसद और विधानसभा में ये फर्क होता है. उन्होंने कहा, राष्ट्रपति के अपमान की बात नहीं, इनविटेशन में लिखा है लोकसभा के अध्यक्ष मौजूद रहेंगे, लेकिन राज्यसभा के सदस्य मौजूद नहीं रहेगा।
 

 
 
 
K.W.N.S.-रायपुर। शहर जिला कांग्रेस कमेटी द्वारा आज गांधी मैदान स्थित कांग्रेस भवन मे पूर्व प्रधानमंत्री पं. जवाहरलाल नेहरू जी की 59वीं पुण्यतिथि मनाई गई। इस अवसर पर उनकी छायाचित्र पर माल्यार्पण कर उन्हे पुष्पांजलि दी गई। साथ ही उनके द्वारा किये गये कार्यो को भी स्मरण किया गया।
इस पुण्यतिथि मे शहर अध्यक्ष गिरीश दुबे, प्रशांत ठेंगडी ,नवीन चंद्राकर ,श्रीनिवास, बंशी कन्नौजे, अविनय दुबे, पुष्पराज बैद, शब्बीर खान, प्रकाश पुजारा, मुन्ना मिश्रा, राजू नायक, सुनील धु्रव ,विष्णु राजपूत ,शशि शर्मा ,जय नारायण ,जलछत्री ,मोहम्मद नियाज और मुन्ना सोनकर आदि उपस्थित थे।
 

 
K.W.N.S.-रायपुर। गोधन न्याय योजना से गौपालकों और चरवाहों के जीवन में खुशहाली आई है। उन्होंने कभी नहीं सोचा था कि गोबर को पैसा में खरीदा जाएगा और इसको बेचने से आमदनी भी होगी। लेकिन छत्तीसगढ़ शासन की गोधन न्याय योजना से जिंदगी बदल गई है। छत्तीसगढ़ सरकार ने जब से 02 रूपए प्रति किलो में गोबर की खरीदी प्रारंभ की तब से गोबर का मोल मिलने लगा है। अब यह आय का जरिया बन गया है, जिससे गौपालक और चरवाहे आमदनी पाकर अपनी जरूरतों को पूरा कर रहे हैं।
ग्राम बिरकोना के चरवाहा रामजी यादव ने बताया कि वे सुबह और शाम गाय चराने गौठान में आते है। उन्होंने कहा कि जब से गोधन न्याय योजना की शुरूआत हुई है, तब से दोहरा लाभ मिलने लगा है। एक ओर चराई का मेहताना मिल रहा है, दूसरी ओर गोबर बेचकर अच्छी-खासी आमदनी भी प्राप्त कर रहे है। उन्होंने बताया कि गोबर बेचकर 18 हजार रूपए की आमदनी प्राप्त हुई है। इसके लिए वे मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल को धन्यवाद देते नहीं थकते।
कवर्धा विकासखंड के ग्राम बिरकोना निवासी गायत्री यादव बताती हैं कि गोधन न्याय योजना के तहत अब तक 40 हजार रूपए का गोबर विक्रय कर चुकी है। उन्होंने बताया कि शासन की गोधन न्याय योजना में गोबर बेचने से अतिरिक्त आय मिल रही है। उन्होंने कभी नहीं सोचा था कि गोबर का मोल मिलेगा। लेकिन मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने योजना के तहत गोबर खरीदकर गोबर के महत्व को और अधिक बढ़ाया है। उन्होंने बताया कि गोबर बेचकर प्राप्त आमदनी से अपने परिवार के सदस्य के विवाह के लिए जरूरी समान की खरीदी की है। उन्होंने मुख्यमंत्री भूपेश बघेल को धन्यवाद देते हुए कहा कि शासन की इस योजना ने गाय के महत्व को बढ़ाया है। उन्होंने बताया कि वे गोबर को 02 रूपए प्रतिकिलो के मूल्य से गौठान में विक्रय करती हैं। इसके बाद समूह की महिलाओं द्वारा वर्मी कम्पोस्ट बनाकर विक्रय किया जाता है।
 

K.W.N.S.-रायपुर। जिला खैरागढ़-छुईखदान-गंडई के विकासखंड छुईखदान के ग्राम कोड़का (ग्राम पंचायत गोपालपुर) में गौठान से ग्रामीण अर्थव्यवस्था समृद्ध हो रही है, साथ ही स्व-सहायता समूह की महिलाएं आर्थिक दृष्टिकोण सक्षम हो रही है।’ ग्राम कोड़का से 03 साल पहले महात्मा गांधी नरेगा योजना से गौठान का निर्माण हुआ है। यहां कार्य करने वाली राधा-कृष्णा स्व सहायता समूह की महिलाओं ने वर्मी टांके मे अब तक कुल 791.90 क्विंटल वर्मी खाद और 165 क्विंटल सुपर खाद का निर्माण किया है। समूह को खाद विक्रय से अब तक उन्हें 7लाख 79 हजार रुपये की आय अर्जित हुई है। महिलाएं यहां केंचुओ का उत्पादन भी कर रही हैं। बीते छह महीनों में 24 किंटल केंचुआ बेचकर महिलाओं ने 4 लाख 62 हजार रूपए का शुद्ध मुनाफा कमाया है। 
गोठान में तैयार की गई सामुयिक बाड़ी में महिलाओं को पिछले 02 माह मे एक लाख रूपये की आय हई है। यहां आलू, प्याज, हल्दी, टमाटर एवं अन्य सब्जियो का उत्पादन लिया जा रहा है। कृषि महाविद्यालय एवं अनुसंधान केंद्र छुईखदान के मार्गदर्शन में वर्तमान मे गोठान की भूमि में नर्सरी तैयार की जा रही है, इसके लिए 4 लाख रूपये की प्रशासकीय स्वीकृति दी गई है। इससे यहां 40 हजार पौधें तैयार किए जाएंगे। राधा स्व सहायता समूह की अध्यक्ष श्रीमती मीना साहू का कहना है कि अपने घरेलू कार्यों के साथ साथ गोठान में जैविक खाद निर्माण, सामुदायिक बाड़ी में सब्जी उत्पादन, मिनी राईस मिल संचालन के साथ-साथ नर्सरी में पौधे की देख-भाल कार्य भी कर रही है। गौठानों में चलाई जा रही इन आर्थिक गतिविधियों से महिलाओं को नियमित रूप से आमदनी मिल रही है। उन्हांेने इसके लिए मुख्यमंत्री के प्रति धन्यवाद ज्ञापित किया है।
 

 

K.W.N.S.-रायपुर। ठगी करने वाले विदेशी नागरिकों को रायपुर पुलिस ने गिरफ्तार किया है. पुलिस ने बताया कि महिला ने थाना पंडरी में रिपोर्ट दर्ज कराया कि वह पेशे से डॉक्टर है। प्रार्थिया का परिचय मैट्रीमोनियल साईट के माध्यम से विकास कुमार नामक व्यक्ति निवासी स्कॉटलैण्ड से हुई तथा दोनों के मध्य व्हाट्सएप कॉल के माध्यम से दिनांक 14.04.2023 से बातचीत प्रारंभ हुई। विकास कुमार एवं प्रार्थिया दोनों आपस में बात कर विवाह करने हेतु तैयार हुए तथा विकास कुमार द्वारा प्रार्थिया को बताया गया कि उसकी एक पुत्री है। इसी दौरान विकास कुमार ने प्रार्थिया को कहा कि वह विवाह हेतु तथा उसकी पुत्री के जन्मदिन के अवसर पर पार्सल के माध्यम से गिफ्ट भेज रहा है, कि दिनांक 27.04.23 को मोबाईल नंबर 917428526216 के अज्ञात धारक ने प्रार्थिया के मोबाईल फोन पर फोन कर स्वयं को कस्टम विभाग से होना कहकर पार्सल रिसीव हेतु 35,000/- रूपये की मांग किया जिस पर प्रार्थिया द्वारा उसके बताये बैंक खाते मंे 35,000/-रूपये जमा कर दिया गया तथा मोबाईल फोन के धारक ने पुनः प्रार्थिया के मोबाईल फोन में फोन कर कहा कि आपके पार्सल में विदेशी मुद्रा भी आया है जिसका पेनाल्टी देना पड़ेगा जिस पर प्रार्थिया ने उनके बताये बैंक खाता में रकम जमा कर दिया। इसी प्रकार मोबाईल नंबर 9233786989 के धारक ने प्रार्थिया के मोबाईल नंबर में फोन कर पेनाल्टी के नाम पर पुनः रकम की मांग किया जिस पर प्रार्थिया द्वारा उनके बताये खाते में रकम जमा किया गया। इस प्रकार प्रार्थिया द्वारा अलग – अलग तिथियों, किश्तों व बैंक खातों में कुल 13,55,000/- रूपये जमा किया गया। परंतु मोबाईल नंबर के धारकों द्वारा प्रार्थिया को डरा धमकाकर और रूपयों की मांग की जा रहीं थीं, जिस पर प्रार्थिया को स्वयं के साथ ठगी होने का एहसास हुआ कि प्रार्थिया की रिपोर्ट पर अज्ञात आरोपी के विरूद्ध थाना पंडरी में अपराध क्रमांक 152/23 धारा 420 भादवि. का अपराध पंजीबद्ध किया गया।
जिस पर वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में एण्टी क्राईम एण्ड साईबर यूनिट एवं थाना पंडरी पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा अज्ञात आरोपी की पतासाजी प्रारंभ किया गया। रायपुर पुलिस द्वारा पूर्व में भी इसी तरीका वारदात से ठगी करने वाले आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की गई थी। अतः टीम द्वारा इस तरह के तरीका वारदात के आधार पर अपराध घटित करने वाले नाइजीरियन गिरोह पर फोकस करते हुये कार्य प्रारंभ किया गया। आरोपी एवं प्रार्थिया के मध्य मैट्रीमोनियल के जिस आई.डी. व मैसेज तथा मोबाईल नंबरों के माध्यम से बातचीत हुई थी उक्त आई.डी. एवं मोबाईल नंबरों का तकनीकी विश्लेषण करने के साथ-साथ प्रार्थिया द्वारा बताये गये बैंक खाते, जिनमें प्रार्थिया द्वारा पैसे जमा किये गये थे, के संबंध में भी बैंक से जानकारी प्राप्त की गई। अज्ञात आरोपियों के संबंध में प्राप्त उक्त सभी तथ्यों, जानकारी एवं साक्ष्यों का लगातार विश्लेषण करते हुये अज्ञात आरोपियों की लोकेशन चिन्ह्ांकित करने में सफलता प्राप्त हुई तथा आरोपियों की उपस्थिति दिल्ली के द्वारिका में होना पाया गया। प्राप्त लोकेशन के आधार पर 06 सदस्यीय टीम को दिल्ली रवाना किया गया। दिल्ली में पड़ताल प्रारंभ करने पर यह सुनिश्चित हुआ कि आरोपी द्वारा बहुत ही सर्तकता से अपनी पहचान को छिपाते हुये इस तरह की ठगी की वारदात को अंजाम दिया गया है। आरोपियों द्वारा उपयोग किये गये मोबाईल नंबर, मैट्रीमोनियल आई डी व बैंक खातों के नाम व पते फर्जी थे तथा उन मोबाईल नंबरों एवं बैंक खातों का उपयोग सिर्फ और सिर्फ ठगी की वारदात को कारित करने के लिए किया गया था। दिल्ली में कैम्प कर रही टीम को तकनीकी विश्लेषण के आधार पर आरोपियों के दिल्ली के सैनिक विहार कालोनी मोहन गार्डन में निवास करने के संबंध में अहम सुराग प्राप्त हुआ। जिस पर टीम ने तत्काल बिना समय गंवाये आरोपियों के मकान में रेड कार्यवाही किया गया। रेड कार्यवाही के दौरान मकान में 03 विदेशी नागरिक उपस्थित थे तथा उनके द्वारा कमरे मंे कॉल सेंटर संचालित किया जा रहा था। टीम के सदस्यों द्वारा पूछताछ करने पर विदेशी नागरिकों द्वारा अपना नाम ईमानुअल एवं पोलिनुस निवासी नाइजीरिया तथा अगस्टीन निवासी बेनिन का होना बताया गया। तीनों से कड़ाई से पूछताछ करने पर आरोपियों द्वारा प्रार्थिया को अपने झांसे में लेकर गिफ्ट भेजने का प्रलोभन देकर प्रार्थिया से लाखों रूपये की ठगी की उक्त घटना को कारित करना स्वीकार किया गया।
जिस पर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से अपराध से संबंधित 19 नग मोबाईल फोन, 01 नग लैपटॉप, 31 नग अलग – अलग बैकों के एटीएम कार्ड, 22 पासबुक, 35 चेकबुक एवं 01 नग सिमकार्ड जप्त किया गया है। आरोपी ईमानुअल एवं पोलिनुस मूलतः नाइजीरिया तथा अगस्टीन बेनिन देश का निवासी है जो वर्तमान में दिल्ली में सैनिक विहार कालोनी मोहन गार्डन स्थित एक मकान में निवासरत थे। पूछताछ में आरोपियों द्वारा अपने मकान में कॉल सेंटर संचालित कर संपूर्ण भारत में सैकडों महिलाओं को अपने झांसे में लेकर प्रलोभन देकर करोड़ो रूपये की ठगी करना बताया गया है। आरोपियों को दिल्ली से गिरफ्तार कर ट्रांजिट रिमाण्ड पर रायपुर लाया गया है। आरोपी ईमानुअल एवं पोलिनुस की विजा अवधि वर्तमान में समाप्त हो गयी है जो दिल्ली में अवैध रूप से निवासरत थे, जिस पर दोनों आरोपियों के विरूद्ध प्रकरण में पृथक से 14 विदेशी अधिनियम दर्ज करने के साथ ही तीनों आरोपियों के विरूद्ध प्रकरण में धारा 34 भादवि. एवं 66डी आई.टी. एक्ट भी जोड़ा गया है।
आरोपी ईमानुअल एवं पोलिनुस पूर्व में भी विजा अवधि समाप्त होने पर दिल्ली में अवैध रूप से निवास कर रहे थे, जिस पर दिल्ली पुलिस द्वारा दोनों आरोपियों के विरूद्ध विदेशी अधिनियम का अपराध पंजीबद्ध कर दोनों को जेल भेजा गया था। जांच के दौरान आरोपियों द्वारा आंध्र-प्रदेश, गुजरात, हरियाणा, कर्नाटक, महाराष्ट्र, तमिलनाडू एवं तेलंगाना सहित अन्य राज्यों के अलग – अलग जिलों में कुल 19 अपराध पंजीबद्ध होना पाया गया है, जिनमें आरोपियों द्वारा पीड़ितों से करोड़ो रूपये की ठगी की गई है तथा किसी भी प्रकरण में आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई है। रायपुर पुलिस द्वारा उक्त राज्यों की पुलिस से संपर्क कर गिरफ्तार आरोपियों के संबंध में जानकारी साझा की जाकर अग्रिम कार्यवाही की जा रही है।
तरीका वारदात – आरोपियों द्वारा मैट्रीमोनियल साईट, फेस बुक एवं सोशल मीडिया के अनेक प्लेटफार्मो में फर्जी आई डी बनाकर महिलाओं से संपर्क कर उनका मोबाईल नंबर प्राप्त कर लेते है तथा व्हाट्सएप कॉल कर धीरे – धीरे महिलाओं का विश्वास व भरोसा जीतकर कई तरह के लुभावने व प्रलोभन देकर अपने द्वारा दिये गये अलग – अलग बैंक खातों में पैसे प्राप्त कर ठगी किया जाता है। आरोपी अपनी पहचान गोपनीय रखने के लिए एक अपराध के लिये उपयोग किये गये सिम व मोबाईल उस अपराध के बाद नष्ट कर देते है एवं आई डी को भी डि-एक्टिवेट कर देते है। इनके द्वारा दिये गये सभी बैंक खाते भी फर्जी होते है। गिरफ्तार आरोपी 01. ईमानुअल पिता नेबुएफ उम्र 33 साल निवासी नाइजीरिया हाल पता – मकान नंबर 08 गली नंबर 08 सैनिक विहार कालोनी मोहन गार्डन थाना रनहोला दिल्ली। 02. पोलिनुस पिता अफजोर उम्र 35 साल निवासी नाइजीरिया हाल पता – मकान नंबर 08 गली नंबर 08 सैनिक विहार कालोनी मोहन गार्डन थाना रनहोला दिल्ली। 03. अगस्टीन पिता ओडोडेह उम्र 49 साल निवासी बेनिन हाल पता – मकान नंबर 08 गली नंबर 08 सैनिक विहार कालोनी मोहन गार्डन थाना रनहोला दिल्ली।