Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.
Browsing: रायपुर

K.W.N.S.-रायपुर। ईस्ट कोस्ट रेलवे के वाल्टयर डिवीजन में दोहरीकरण कार्य होने के कारण कुछ गाड़ियों का परिचालन प्रभावित रहेगा। श्रृंगवरपुकोटा- बोड्डावरा (SHRUNGAVARAPUKOTA- BODDAVARA) रेलवे स्टेशनों के मध्य नॉन इंटरलॉकिंग का कार्य किया जाएगा।
गाड़ी संख्या 08528 विशाखापट्टनम रायपुर पैसेंजर स्पेशल दिनांक 26 मई से 29 मई 2023 तक 4 दिनों के लिए रद्द रहेगी।
गाड़ी संख्या 08527 रायपुर विशाखापट्टनम पैसेंजर स्पेशल 27 से 30 मई 2023 तक 4 दिनों के लिए रद्द रहेगी।
K.W.N.S.-रायपुर। शासन की महत्वाकांक्षी गोधन न्याय योजना आज आमजनों के सपने साकार करने वाली योजना बन गयी है। योजनांतर्गत पशुपालकों को गोबर विक्रय से एक ओर अतिरिक्त आमदनी मिली, वहीं दूसरी ओर गोबर से वर्मी कम्पोस्ट खाद निर्माण एवं विक्रय ने महिलाओं को स्वरोजगार का नया जरिया दिया। कोरिया जिले के गौठानों में संचालित आजीविकामूलक गतिविधियों से स्व सहायता समूह की महिलाओं को जोड़ा गया है, कभी घरेलू कार्यों में व्यस्त रहने वाली ये महिलाएं आज दूसरों को लिए प्रेरणा बनीं हैं।
महिलाएं अपनी सफ़लता की कहानी स्वयं बताते हुए कहती हैं कि गौठान गतिविधियों ने उनकी जिंदगी बदल दी है, आर्थिक रुप से मजबूत होकर सक्षम होना बहुत ही सुखद अनुभव है। ऐसा ही एक उदाहरण पेश कर रही हैं जागृति महिला स्व सहायता समूह की महिलाएं, जो निरंतर वर्मी कंपोस्ट बनाने का कार्य कर रहीं हैं। वर्मी कंपोस्ट निर्माण के लिए जिला प्रशासन द्वारा सम्मान पा चुकी कोरिया जिले के विकासखंड बैकुण्ठपुर के ग्राम छिंदिया की दीदी नीलम बताती हैं कि शासन की मदद से आज उनका सपना पूरा हुआ है। समूह द्वारा 2019 से वर्मी तथा सुपर कम्पोस्ट खाद का निर्माण और विक्रय गौठान में किया जा रहा है। उन्होंने अब तक कुल 17 लाख रुपए का वर्मी कम्पोस्ट खाद बेचकर 7 लाख रुपए का लाभ प्राप्त किया है, वहीं 2.5 लाख का केंचुआ खाद भी समूह द्वारा विक्रय किया गया। नीलम बताती हैं कि लंबे समय से उनका सपना था कि उनका स्वयं का घर बन जाए, इसके साथ ही उनकी एक टू व्हीलर लेने की भी बेहद इच्छा थी। वर्मी खाद के विक्रय से जो लाभांश मिला, उससे इन दोनों इच्छाओं को पूरा करने में उन्हें मदद मिली। अब वे शान से अपनी गाड़ी से आना-जाना करती हैं। इसी प्रकार समूह की अन्य महिलाओं के जीवन में भी गौठान गतिविधियों के द्वारा सपने पूरे होने से खुशहाली आयी है।
K.W.N.S.-रायपुर। आदिम जाति तथा अनुसूचित जाति विकास मंत्री डॉ. प्रेमसाय सिंह टेकाम ने कहा है कि राज्य में जनजातीय समुदायों की वाचिक परंपरा के संरक्षण के लिए इसको अभिलेखिकरण के साथ ही इस परंपरा से अगली पीढ़ी को अवगत कराना भी जरूरी है। डा.ॅ टेकाम आज आदिम जाति अनुसंधान एवं प्रशिक्षण संस्थान में 3 दिवसीय ’जनजातीय वाचिकोत्सव 2023’ के शुभारंभ सत्र को संबोधित कर रहे थे। इसका आयोजन 27 मई तक आदिमजातीय अनुसंधान एवं प्रशिक्षण संस्थान द्वारा भारत सरकार जनजातीय कार्य मंत्रालय एवं राज्य शासन के सहयोग से किया जा रहा है। जनजातीय वाचिकोत्सव में 09 विधाओं में 240 जनजातीय वाचक सहभागिता कर रहे हैैं।
मंत्री डॉ. टेकाम ने कहा कि राज्य में जनजातीय समुदायों की वाचिक परंपरा लिखित में नही है फिर भी यह समुदाय वाचिक परंपरा का अनुसरण करते है। प्रदेश में विभिन्न भाषाओं को बोलने वालेे लोग हैं और क्षेत्र के अनुसार उनकी बोली है। इन समुदायों में उनके आदि पुरूष या पूर्वजों द्वारा बताई गई कथा, कहानी, लोकोक्ति, देवी-देवताओं की स्तुति, विभिन्न अवसरों पर गाए जाने वाले लोकगीतों आदि के पीछे छुपी हुई उनकी अवधारणा, मान्यताएं, कहानियां, मिथक जो प्रारब्ध में अनेक वर्षों से पीढ़ी दर पीढ़ी मौखिक या अलिखित रूप में है। जनजातीय समुदाय के दिन-प्रतिदिन के जीवन शैली में यह आत्मसात रही है। इस कार्यशाला के माध्यम से आदिवासी संस्कृति और उनकी वाचिक परंपरा के संरक्षण एवं संवर्धन का प्रयास किया जा रहा है। इन सभी का संकलन कर एक पुस्तक के रूप में प्रकाशित किया जाएगा। कार्यक्रम में प्रस्तुत किए गए विषयों के साथ-साथ राज्य के अन्य जनजातीय समुदायों के व्यक्तियों से भी जनजातीय वाचिक परंपरा के क्षेत्र में प्रकाशन हेतु आलेख आमंत्रित किए गए हैं। इससे आने वाली पीढ़ी वाचिक परंपरा की अवधारणा से अवगत होगी।
मंत्री डॉ. टेकाम ने बताया कि मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के नेतृत्व में सरकार द्वारा जनजातीय समुदायों की स्थानीय भाषा-बोली, परंपरा को संरक्षित और संवर्धित करने का प्रयास किया गया है। इसके साथ ही विशेष जनजातीयों के विकास के लिए प्राधिकरण बनाए गए हैं। राज्य के स्कूलों में कक्षा पहली और दूसरी के बच्चों को सोलह प्रकार की स्थानीय बोली में पढ़ाने की व्यवस्था की गई है। आदिवासी प्रकृति की पूजा करते है। सरकार ने इनके पूजा स्थलों को भी संरक्षित और संवर्धित करने का प्रयास किया है। इन समुदायों की आर्थिक उन्नति के लिए योजनाओं का लाभ दिया जा रहा है। 65 प्रकार के लघु वनोपज की खरीदी हो रही है। आदिवासी नृत्य महोत्सव में अन्य राज्यों के साथ विदेशों के जनजातीय कलाकारों के दल भी राज्योत्सव में प्रस्तुति दे रहे है।
संसदीय सचिव द्वारिकाधीश यादव ने कहा कि जल, जंगल, जमीन से जुड़ी जनजातियों के लोक साहित्य और ज्ञान की मौखिक परंपरा ही वाचिक परंपरा है, जो जनजातीय सामाजिक परंपरा के रूप में दिखाई देती है। आदिवासी समाज के पुरखों ने जंगल को बचाकर रखा जिससे हम जीवनदायिनी ऑक्सीजन ले रहे है। आदिवासी समाज हमेशा सबके मदद के लिए तैयार रहता है।
कोण्डागांव निवासी डॉ. जयमती कश्यप ने कहा कि वाचिक परंपरा सभी समाज में है। छट्टी की परंपरा बच्चों को संस्कार देने के लिए और माटी पूजा समस्त जीवों को ध्यान में रखने वाला है। इसको आने वाली पीढ़ी को बताने और सिखाने की जरूरत है। नेशनल बुक ट्रस्ट नई दिल्ली के पंकज चतुर्वेदी ने कहा कि छत्तीसगढ़ भाषा और बोली के मामले में काफी समृध्द है। उन्होंने कहा कि वैज्ञानिक तथ्य है कि जितनी अधिक बोली-भाषा होंगी उतनी ही जैव विविधता होगी। हमें इन दोनों को ही बचाना है। जनजातीय समुदाय की भाषा-बोली की रक्षा के साथ ही अन्य समाज के लोगों को भी इसके प्रति संवेदनशील बनाना चाहिए। रांची-झारखण्ड से आए जनजातीय साहित्यकार श्री अश्विनी कुमार पंकज ने कहा कि आजादी के 70 साल बाद वाचिक परंपरा पर बात करने जा रहे हैं। वाचिक ज्ञान आदिवासी तौर तरीका है जिसमें हम एक दूसरे को बताते और सिखाते है। वाचिक परंपरा का ज्ञान हमें बुजुर्गों से उनके अनुभव के आधार पर सीखना चाहिए । वाचिकता कहे हुए शब्दों पर भरोसा करना और उस पर कायम रहना है। आदिवासी इसीलिए कम बोलते है और जो बोलते है उस पर कायम रहते है। वाचिकता जीवन जीने का तरीका और लोगों से बर्ताव का तौर तरीका है।
कार्यशाला को संचालक सह आयुक्त आदिम जाति अनुसंधान एवं प्रशिक्षण संस्थान श्रीमति शम्मी आबिदी, अनुसूचित जनजातीय आयोग की उपाध्यक्ष सुश्री राजकुमारी दीवान ने भी संबोधित किया। इस अवसर पर सचिव आदिम जाति तथा अनुसूचित जाति विकास श्री डी.डी. सिंह, सदस्य अनुसूचित जनजातीय आयोग नितिन पोटाई, अध्यक्ष कमार विकास अभिकरण सुखचंद कमार, अध्यक्ष बैगा विकास अभिकरण पुसुराम मेरावी, अध्यक्ष भुजिया विकास अभिकरण हुम्मन सिंह सहित बड़ी संख्या में सहभागिता करने वाले जनजातीय वाचक और विभागीय अधिकारी उपस्थित थे।

K.W.N.S.-रायपुर। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल आज यहाँ शहीद गुण्डाधुर कृषि महाविद्यालय एवं अनुसंधान केंद्र कुम्हरावंड जगदलपुर में महात्मा गांधी रूरल इंडस्ट्रियल पार्क (रीपा) के बस्तर संभाग स्तरीय एक दिवसीय कार्यशाला में शामिल हुए। रीपा के अंतर्गत ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को विभिन्न प्रकार की गतिविधियों एवं उत्पादन के माध्यम से रोजगार उपलब्ध कराने के लिए ग्रामीण क्षेत्र में इस पार्क की स्थापना की गई है। मुख्यमंत्री ने कहा कि रीपा के जरिए ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के अवसर सृजन किए जा रहे हैं। अब युवाओं को काम की तलाश में बाहर जाने की जरूरत नहीं होगी। योजनांतर्गत 2 करोड़ रूपए प्रति औद्योगिक पार्क के मान से राशि स्वीकृत की गई है। बस्तर संभाग के बस्तर, दन्तेवाड़ा, बीजापुर, नारायणपुर, कांकेर सुकमा एवं कोंडागांव जिले के प्रतिभागी शामिल हुए। मुख्यमंत्री ने रीपा से जुड़े महिला स्व-सहायता समूह को आत्मनिर्भर बनने की दिशा में किए जा रहे प्रयासों की सराहना की। बस्तर संभाग के सभी 32 विकासखंड के मान से कुल 64 रीपा स्वीकृत किए गए हैं। पूरे प्रदेश में 300 रीपा संचालन किया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने बस्तरिया रीपा के स्मृति चिन्ह का विमोचन किया।
मुख्यमंत्री श्री बघेल ने कहा कि पिछले चार वर्षों के दौरान सुराजी गांव योजना नरवा, गरवा, घुरवा, बाड़ी के क्रियान्वयन से ग्रामीण अर्थव्यवस्था मजबूत हुई है। ग्रामीण क्षेत्रों में स्व-सहायता समूहों द्वारा मछली पालन, कुक्कुट पालन, मशरूम उत्पादन किया जा रहा है। पिछले तीन साल के भीतर साढ़े पांच हजार गौठान स्वावलंबी हो गए हैं। गौठान समिति के दौरान गोबर क्रय किया जा रहा है। गौठान को डे केयर सेंटर विकसित किया गया है। प्रदेश के गौठानों में 28 लाख क्विंटल वर्मी कम्पोस्ट तैयार किए गए हैं। गोबर बिक्री करने वाले हितग्राहियों के बैंक खाते में राशि सीधे अंतरित की जा रही है। इसी तरह लघु वनोपज की बिक्री, तेंदूपत्ता, संग्राहकों के खाते में भी आनलाईन पैसा ट्रांसफर किया जा रहा है। प्रदेश सरकार द्वारा 67 प्रकार के वनोपज की समर्थन मूल्य पर खरीदी की जा रही है। इसके अलावा कोदो, कुटकी, रागी भी समर्थन मूल्य पर खरीदी कर रहे हैं। ग्रामीण उत्पाद को बेचने के लिए प्रत्येक जिले में सी-मार्ट की स्थापना की गई है। सी-मार्ट के जरिए बाजार उपलब्ध कराया जा रहा है। अब गौठान को वाई-फाई से कनेक्ट कर रहे हैं। बस्तर, सरगुजा जैसे वनांचल क्षेत्रों में किसानों की संख्या में वृद्धि हुई है। अब प्रति एकड़ 20 क्विंटल धान समर्थन मूल्य पर खरीदी का निर्णय लिया है।
ज्ञात हो कि बस्तर जिले में मशरूम स्पॉन ईकाई उत्पादन, काजू प्रसंस्करण, तिखुर प्रसंस्करण, लघु धान्य (कोदो, कुटकी, रागी) प्रसंस्करण, मसाला प्रसंस्करण, सुगंधित चावल मिलिंग, इमली कण्डी उत्पादन, रेशम धागाकरण, ओवन बैग निर्माण, पोहा उत्पादन, खादी कपड़ा एवं रेशम कपड़ा बुनाई एवं प्रशिक्षण, मुर्गी दाना एवं पशु आहार उत्पादन, बेकरी ईकाई एवं प्राकृतिक गोबर पेंट इत्यादि का उत्पादन कार्य हितग्राहियों के द्वारा किया जा रहा है।
कार्यशाला में बस्तर जिले के प्रभारी मंत्री श्री कवासी लखमा, मुख्यमंत्री के सलाहकार डॉ प्रदीप शर्मा, रीपा के नोडल अधिकारी श्री डॉ गौरव कुमार सिंह ने भी अपने विचार व्यक्त किए।
इस अवसर पर बस्तर सांसद श्री दीपक बैज, पूर्व सांसद श्री नन्द कुमार साय, संसदीय सचिव श्री रेखचन्द जैन, विधायक कोंडागाँव मोहन मरकाम, विधायक श्री चन्दन कश्यप, श्री राजमन बेंजाम, बस्तर विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष श्री लखेश्वर बघेल, बविप्रा के उपाध्यक्ष श्री विक्रम मंडावी, इंद्रावती बेसिन विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष श्री राजीव शर्मा, अक्षय ऊर्जा विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष श्री मिथलेश स्वर्णकार, महापौर श्रीमती शफिरा साहू, सभापति कविता साहू, संभागायुक्त बस्तर श्री श्याम धावड़े आई जी बस्तर रेंज श्री सुन्दरराज पी, रीपा के नोडल अधिकारी डॉ गौरव कुमार सिंह, कलेक्टर श्री विजय दयाराम के., वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री जितेंद्र मीणा, जिला पंचायत सीईओ श्री प्रकाश सर्वे सहित अन्य गणमान्य नागरिक मौजूद थे।

K.W.N.S.-रायपुर। निक्षय रथ को मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने हरी झंडी दिखाई भाई. बता दें कि निक्षय मित्र टीबी मुक्त छत्तीसगढ़ अभियान के तहत 6 माह तक मरीजों का ईलाज चलने के दौरान पोषण आहार दिया जाएगा जिसमें जनभागीदारी के द्वारा टीबी मरीजों को पोषण आहार प्रति माह 1 हजार रुपये के दर पोषण किट दी जा रही है. निक्षय रथ के माध्यम से जागरूक किया जा रहा है।
K.W.N.S.-रायपुर। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने आज झीरम घाटी शहादत दिवस के अवसर जगदलपुर के लालबाग स्थित झीरम मेमोरियल में झीरम घाटी के शहीदों को पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी और उन्हें नमन किया। मुख्यमंत्री श्री बघेल ने कहा कि नक्सलवाद के खिलाफ सर्वाेच्च कुर्बानी देने वाले शहीदों की शहादत को बेकार नहीं जाने देंगे, साल वनों के द्वीप बस्तर क्षेत्र को नक्सलवाद से मुक्त कर फिर से शांति का टापू बनाएंगे।
मुख्यमंत्री बघेल सहित जनप्रतिनिधियों ने इस अवसर झीरम के शहीदों की याद में दो मिनट का मौन रखा और उपस्थित सभी लोगों को प्रदेश को पुनः शांति का टापू बनाने की शपथ दिलाई। इस दौरान मुख्यमंत्री श्री बघेल ने झीरम घाटी के शहीदों के परिजनों से मुलाकात की और शॉल-श्रीफल भेंट किया। मुख्यमंत्री बघेल ने श्रद्धांजलि सभा को संबोधित करते हुए कहा कि झीरम घाटी की घटना को दस बरस हो गए हैं। हर साल हम लोग झीरम के शहीदों को नमन करते है और जब भी 25 मई आता है, हम सब का दिल भर जाता है। जो बच गए उन्होंने घटना को अपनी आंखों से देखा। वे बताते थे कि घटना कितनी भयावह थी। मुख्यमंत्री बघेल ने कहा कि इस घटना में शहीद हुए नेताओं ने परिवर्तन की बात कही थी। जिसका शुभारंभ सरगुजा से हुआ था। हमारे नेता कहते थे कि किसानों, आदिवासियों, युवाओं और महिलाओं के जीवन में परिवर्तन लाना है। परिवर्तन का संकल्प लेने वाले हमारे सभी बड़े नेता हमारे बीच नहीं रहे। उन्होंने झीरम में अपनी शहादत दी है।
झीरम की घटना को याद करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारी राज्यसभा की सदस्य श्रीमती फूलो देवी नेताम निकली और उन्होंने कहा कि यह बंद करो। वो एक बहादुर महिला हैं। जब हमारे नेताओं को चारों ओर से घेर लिया गया था। शहीद महेंद्र कर्मा निकले और नक्सलियों से कहा कि बेकसूरों को मारना बंद करो, गोलियां चलाना बंद करो। तुम्हारी दुश्मनी मुझसे है। मैं आत्मसमर्पण करता हूँ। मैं बस्तर टाइगर, मैं महेंद्र कर्मा इस प्रकार की बात उन्होंने कही। महेंद्र कर्मा ने माफी नहीं माँगी, अपने प्राणों की आहुति दे दी। किसके लिए, बस्तर के लिए, प्रदेश के लिए, लोकतंत्र के लिए, हम सबके लिए। अपनी जान देकर अपनों को बचाने का उनका संकल्प कितना बड़ा था, यह समझा जा सकता है।
मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि जिस नव निर्माण के पवित्र उद्देश्य के लिए हमारे नेताओं ने परिवर्तन यात्रा की थी, उस उद्देश्य को प्राप्त करने के लिए हमने लगातार परिश्रम किया है। हमने विकास, विश्वास और सुरक्षा की नीति से नक्सलियों को चंद इलाकों तक ही समेट दिया है। उन्होंने कहा कि हमने अपनी योजनाओं और नीतियों से बस्तर का विकास सुनिश्चित किया। हमने शिक्षा, स्वास्थ्य, आदिवासी संस्कृति के संरक्षण सहित अन्य विकास कार्यों को गति दी और बेहतर कार्य कर दिखाया है।
शहीदों के परिजनों से मुलाकात के दौरान भावुक हुए मुख्यमंत्री – मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल ने झीरम घाटी के शहीदों को श्रद्धांजलि देने के उपरांत शहीदों के परिजनों से मुलाकात की। उन्होंने परिजनों को शॉल-श्रीफल भेंटकर सम्मानित किया। शहीदों के परिजनों से चर्चा के दौरान मुख्यमंत्री भावुक हो गए। मुख्यमंत्री ने सभी का कुशल क्षेम जाना। मुख्यमंत्री ने परिजनों से कहा कि आप सभी ने बहुत बड़ा त्याग किया है। छत्तीसगढ़ सरकार हर पल आपके साथ खड़ी है।

K.W.N.S.-रायपुर। आज झीरम श्रद्धांजलि दिवस के अवसर पर राजभवन सचिवालय के अधिकारियों- कर्मचारियों ने नक्सल हिंसा में शहीद हुए जनप्रतिनिधि, वरिष्ठ पदाधिकारी, सुरक्षाबलों के जवान एवं अन्य भाई-बहनों को श्रद्धांजलि देते हुए दो मिनट का मौन धारण किया और नक्सलवाद और सभी प्रकार की हिंसा के विरुद्ध शपथ ली।
इस अवसर पर समस्त कर्मचारियों को राज्यपाल के उपसचिव दीपक कुमार अग्रवाल ने राज्य में अहिंसा एवं सहनशीलता पर दृढ़ विश्वास रखते हुए, नक्सलवाद और हिंसा का डटकर विरोध करने की निष्ठापूर्वक शपथ दिलाई। साथ ही छत्तीसगढ़ राज्य को पहले की तरह शांति का टापू बनाने के लिए दृढ़ संकल्पित रहने की शपथ ली।

K.W.N.S.-रायपुर। राज्यपाल विश्वभूषण हरिचंदन से आज राजभवन में उच्च शिक्षा विभाग के विशेष सचिव भुवनेश यादव ने सौजन्य मुलाकात की। इस अवसर पर उन्होंने उच्च शिक्षा विभाग के गतिविधियों की जानकारी दी।
K.W.N.S.-रायपुर। बरजंग दल बैन पर एक बार फिर छत्तीसगढ में सियासत तेज हो गई है. भाजपा विधायक बृजमोहन अग्रवाल ने कहा, कांग्रेस सिर्फ चुनाव जीतने के लिए बजरंग दल बैन का वादा किया था. पूरे देश में बड़ा हिस्सा बरजंग दल को मानता है. बजरंग दल को बैन करने के बाद बड़ा नुकसान कांग्रेस को उठाना पड़ेगा. बृजमोहन के इस बयान पर सीएम भूपेश बघेल ने भी पलटवार किया है. विधायक बृजमोहन ने कहा, शांत कर्नाटक को अशांत करने का काम कांग्रेस करेगी. छत्तीसगढ़ में दम है तो बजरंग दल को बैन करके दिखाएं. बृजमोहन अग्रवाल के बयान पर मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने पलटवार किया है. सीएम ने कहा, बजरंगबली अलग है, बजरंगदल अलग है. हिंदू परिषद के अनुशांगिक संगठन है. सीएम भूपेश बघेल ने कहा, बैन करने की जरूरत यहां हो तो कर लेंगे, अभी जरूरत नहीं है. अभी धमकी देने या चुनौती देने की बात नहीं है. बृजमोहन अग्रवाल उकसाने का काम कर रहे हैं।
K.W.N.S.-रायपुर। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने संघ लोकसेवा आयोग की सिविल सेवा परीक्षा 2022 में सफल अभ्यर्थियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। सीएम बघेल ने कहा है कि छत्तीसगढ़ के युवा भी इस प्रतिष्ठापूर्ण अखिल भारतीय परीक्षा में सफल होकर प्रदेश को गौरवान्वित कर रहे हैं। मुख्यमंत्री बघेल ने कहा कि छत्तीसगढ़ के युवाओं ने यह दिखा दिया है कि उनमें प्रतिभा की कमी नहीं है। यदि लगन से मेहनत की जाए तो सफलता अवश्य मिलती है। गत वर्षों के परिणाम को देखे तो इस परीक्षा में लगातार छत्तीसगढ़ के युवा सफल हो रहे हैं। उन्होंने उम्मीद जताई है कि सफल होने वाले अभ्यर्थियों से इस परीक्षा की तैयारी करने वाले युवाओं को प्रेरणा मिलेगी। गौरतलब है कि यूपीएससी सिविल सेवा परीक्षा 2022 में बिलासपुर के अभिषेक चतुर्वेदी, कवर्धा के आकाश श्रीश्रीमाल, दिव्या पंत, शुभाली परिहार, बिलासपुर की अनामिका कश्यप को अच्छी रैंक मिली है।