Browsing: रायपुर

 
K.W.N.S.-रायपुर। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने आज धमतरी जिले के सेमरा-बी स्थित प्राचीन शिव मंदिर में भगवान शिव का जलाभिषेक और पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। उल्लेखनीय है कि अपने प्रदेशव्यापी भेंट मुलाकात कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री धमतरी जिले के कुरूद विधानसभा पहुंचे हैं।
इस अवसर पर महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रीमती अनिला भेड़िया, सिहावा विधायक डॉ लक्ष्मी ध्रुव सहित अन्य जनप्रतिनिधि और ग्रामीण मौजूद रहे।
 

 

K.W.N.S.-रायपुर। छत्तीसगढ़ सरकार ने आज तीन शहरों, भिलाई चरोदा, धमतरी और बिरगांव में ऑनलाइन भवन अनुज्ञा सिस्टम शुरू किया है। शहरों में इस सुविधा का शुभारंभ नगरीय प्रशासन विभाग के मंत्री डॉ. शिव कुमार डहरिया द्वारा अपने निवास कार्यालय से किया गया। यह परियोजना मुख्यमंत्री बघेल के निर्देशों के अनुसार राज्य के सभी शहरों में चरणबद्ध तरीके से प्रारम्भ की जा रही है। यह परियोजना राज्य के तीन शहरों को आधुनिक बनाने की कड़ी में एक बड़ा कदम है। इस सेवा के माध्यम से, शहरों में भवन अनुज्ञा प्रक्रिया को सरल और सुविधाजनक बनाया गया है।
इस सॉफ्टवेयर की विशेषताएं बहुत उत्कृष्ट हैं। इसमें सभी फिजिकल टच प्वाइंट को हटाया गया है, जिससे नागरिकों को भवन अनुज्ञा से संबंधित कार्य हेतु कार्यालय जाने की आवश्यकता नहीं है, दस्तावेजों का परीक्षण भी ऑनलाइन होगा एवं ऑनलाइन भुगतान की सुविधा भी उपलब्ध है। नागरिकों को अब इस सुविधा का घर पर ही लाभ मिलेगा और कार्य के लिए खिड़की में कतार लगाने या निकाय कार्यालय आने की ज़रूरत नहीं है। अधिकारियों के लिए भी इस सॉफ्टवेयर में समय-सीमा तय की गई है, जिससे यह सुविधा नागरिकों को समय-सीमा में दी जा सके। इस सॉफ्टवेयर के माध्यम से, छत्तीसगढ़ मॉडल के डायरेक्ट भवन अनुज्ञा प्रोजेक्ट को भी इन शहरों में प्रारंभ किया गया है, अर्थात इन शहरों के नागरिकों को अब केवल एक क्लिक और एक रुपए में 5000 वर्ग फुट तक के घर बनाने की अनुमति मिलेगी। मुख्यमंत्री स्वयं डायरेक्ट भवन अनुज्ञा प्रोजेक्ट की समीक्षा नियमित रूप से करते हैं।
इस प्रक्रिया के माध्यम से, शहरों को भवन अनुज्ञा प्रक्रिया को एक सरल, त्वरित और आसान सिस्टम में बदलने का प्रयास किया जा रहा है। छत्तीसगढ़ मॉडल पर आधारित इस सॉफ्टवेयर का विकास नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ अर्बन अफेयर्स द्वारा नेशनल अर्बन डिजिटल मिशन के तहत किया गया है।
 

 
K.W.N.S.-रायपुर। कांगेर घाटी राष्ट्रीय उद्यान के मैना मित्र तथा वन विभाग के फ्रंट लाइन स्टाफ के निरंतर प्रयास से अब बस्तर पहाड़ी मैना की संख्या में वृद्धि होने से आस-पास के ग्रामों में भी उनकी मीठी बोली गूंजने लगी है। ज्ञात हो कि छत्तीसगढ़ के राजकीय पक्षी पहाड़ी मैना का प्राकृतिक रहवास कांगेर घाटी राष्ट्रीय उद्यान ही है। यहां लगभग एक साल से स्थानीय समुदाय के युवाओं को प्रशिक्षण देकर मैना मित्र बनाया गया है। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की मंशा के अनुरूप तथा वन मंत्री श्री मोहम्मद अकबर के कुशल मार्गदर्शन में वन विभाग की पहल पर मैना मित्र पहाड़ी मैना के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए लगातार प्रयासरत है और अब उनकी मेहनत रंग ला रही है।
इस संबंध में निदेशक, कांगेर घाटी राष्ट्रीय उद्यान धम्मशील गणवीर ने बताया कि कैम्पा योजना अंतर्गत संचालित मैना सरंक्षण एवं संवर्धन प्रोजेक्ट बस्तर पहाड़ी मैना के सरंक्षण के लिए कारगर साबित हुआ है। प्रोजेक्ट अंतर्गत मैना मित्रों द्वारा कांगेर घाटी राष्ट्रीय उद्यान से लगे 30 स्कूलों में जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया है। प्रत्येक शनिवार और रविवार स्कूली बच्चों को पक्षी दर्शन के लिए ले जाया जा रहा है, जिससे उनके व्यवहार में बदलाव भी देखा जा रहा है। एक समय में जिन बच्चों के हाथ में गुलेल थे अब उनके हाथ में दूरबीन देखा जा रहा है।
उल्लेखनीय है की मैना का रहवास साल के सूखे पेड़ो में होता है, जहां कटफोड़वे घोंसले बनाते है। इसी कड़ी में बस्तर वन मंडल द्वारा साल के सूखे पेड़ों को काटने पर प्रतिबंध लगाया गया है, जिससे मैना का रहवास कांगेर घाटी राष्ट्रीय उद्यान के बाहर भी सुरक्षित हो सके। साथ ही कांगेर घाटी से लगे ग्राम जैसे मांझीपाल, धूडमारास के होमस्टे पर्यटन में पहाड़ी मैना को जोड़ा गया है, जहां पर्यटक पक्षी दर्शन अंतर्गत राजकीय पक्षी को भी देख सकते है। धूड़मरास से धुरवा डेरा के संचालक श्री मानसिंह बघेल कहते है कि मुझे बहुत अच्छा लग रहा है कि पहाड़ी मैना हमारे घर के पास देखने को मिल रही है और उन्हें हम होम स्टे पर्यटन के साथ जोड़कर उसका संरक्षण भी कर रहे हैं।
अभी नेस्टिंग सीजन में पहाड़ी मैना के कई नए घोंसले देखने को मिले, जिसमें अभी पहाड़ी मैना अपने बच्चों को फल और कीड़े खिलाते हुए देखे जा रहे हैं, जिनकी निगरानी मैना मित्रों और फील्ड स्टाफ द्वारा की जा रही है। पहले जहां पहाड़ी मैना की संख्या कम थी, अब वह कई झुंड में नजर आ रही है। स्थानीय समुदायों के योगदान एवं पार्क प्रबंधन के सतत् प्रयास से ही यह मुमकिन हो पाया है।
 

 

K.W.N.S.-रायपुर। रेलवे प्रशासन द्वारा अधोसंरचना विकास हेतु ईस्ट कोस्ट रेलवे के सम्बलपुर रेल मण्डल के टिटलागढ़-लाखोली रेलवे स्टेशनो के बीच ब्रिज का कार्य किया जाएगा. यह कार्य 1 मई को किया जाएगा. इस कार्य के फलस्वरुप कुछ गाड़ियों को पूर्ननिर्धारित समय पर विलंब से रवाना की जाएगी। रद्द होने वाली गाडियां:- 01. 1 मई को 08527/ 08528 रायपुर-विशाखापटनम-रायपुर स्पेशल पैसेजर रद्द रहेगी. 02. 1 मई, 2023 को रायपुर से चलने वाली 08275 रायपुर-जूनागढ़ स्पेशल पैसेजर रद्द रहेगी, 03. 2 मई को जूनागढ़ से चलने वाली 08276 जूनागढ़-रायपुर स्पेशल पैसेजर रद्द रहेगी. परिवर्तित मार्ग से चलने वाली गाडियां:- 01. 30 अप्रैल, 2023 को तिरुपति से चलने वाली 17482 तिरुपति-बिलासपुर एक्सप्रेस रायपुर- टिटलागढ़ के स्थान पर यह गाड़ी परिवर्तित मार्ग टिटलागढ़-सम्बलपुर-ईब-बिलासपुर होकर चलेगी।
 

 

K.W.N.S.-रायपुर। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल पुलिस ग्राउंड हेलीपैड रायपुर से हंचलपुर कुरुद के लिए रवाना हुए. मुख्यमंत्री बघेल दोपहर 12.20 बजे हंचलपुर से हेलीकॉप्टर द्वारा रवाना होकर 12.30 बजे कुरूद विधानसभा के ग्राम सेमरा (बी) पहुंचेंगे और वहां प्राचीन शिव मंदिर में दर्शन एवं पूजा-अर्चना करने के बाद भेंट-मुलाकात कार्यक्रम स्थल पहुंचेंगे। मुख्यमंत्री यहां विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास करने के बाद आम जनता से भेंट-मुलाकात के दौरान राज्य शासन की योजनाओं की मैदानी स्थिति की जानकारी लेंगे।
मुख्यमंत्री ग्राम सेमरा बी से 2.35 बजे हेलीकॉप्टर द्वारा रवाना होकर 2.45 बजे कुरूद पहुंचेंगे और वहां विश्राम गृह में अपरान्ह 3.15 बजे से विभिन्न प्रतिनिधिमंडलों से मुलाकात करेंगे। मुख्यमंत्री शाम 4.50 बजे कुरूद से हेलीकॉप्टर द्वारा रवाना होकर 5.10 बजे रायपुर लौट आएंगे।
 

K.W.N.S.-रायपुर। टैक्सी चालक की हत्या मामले में रायपुर पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है. जानकारी के मुताबिक कुमारी भूमिका वर्मा ने थाना पुरानी बस्ती में सूचना दर्ज कराया कि उसके पिता सुनील कुमार वर्मा जो स्वीफ्ट डिजायर क्रमांक सी जी 04 एन टी 0572 को बुकिंग/टैक्सी में चलाते है तथा वाहन उसके पिता के बड़े भाई की है। 14 अप्रैल को सुनील कुमार वर्मा अभनपुर की बुकिंग प्राप्त हुई है 02 घंटे में वापस आना कहकर सवारी राकेश कुर्रे नामक व्यक्ति के साथ अभनपुर जाने रवाना हुए थे, जो घर वापस नही आयें। जिस पर सूचक की रिपोर्ट पर थाना पुरानी बस्ती में गुम इंसान क्रमांक 29/2023 कायम कर जांच में लिया गया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रशांत अग्रवाल द्वारा घटना को गंभीरता से लेते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर/अपराध अभिषेक माहेश्वरी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पश्चिम डी.सी. पटेल, नगर पुलिस अधीक्षक पुरानी बस्ती राजेश चौधरी, उप पुलिस अधीक्षक क्राईम दिनेश सिन्हा, प्रभारी एण्टी क्राईम एण्ड साईबर यूनिट तथा थाना प्रभारी पुरानी बस्ती को जल्द से जल्द गुम इंसान की पतासाजी कर दस्तयाब करने निर्देशित किया गया। जिस पर वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में एण्टी क्राईम एण्ड साईबर यूनिट तथा थाना पुरानी बस्ती पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा गुम इंसान सुनील कुमार वर्मा की पतासाजी करना प्रारंभ किया गया। टीम के सदस्यों द्वारा सवारी राकेश कुर्रे के संबंध जानकारी प्राप्त करते हुए उसकी पतासाजी कर पूछताछ करने पर उसके द्वारा बयान दिया गया कि वह सुनील कुमार वर्मा से परिचित है एवं पूर्व में भी वह उसकी कार को बुकिंग करा चुका था। दिनांक 14.04.2023 को राकेश कुर्रे अपने साथी तपन बांधे के साथ अपने ग्राम खोला अभनपुर जाने हेतु सुनील कुमार वर्मा की स्वीफ्ट डिजायर कार को बुकिंग कराया एवं दोनों रायपुर से अभनपुर स्थित अपने ग्राम खोला आना बताये तथा सुनील वर्मा कहां गया इसकी जानकारी नही होना बताया गया। जिस पर टीम के सदस्यों द्वारा तपन बांधे से भी पूछताछ किया गया। पूछताछ के दौरान तपन बांधे का बयान लेने पर उसके तथा राकेश कुर्रे के बयान में भिन्नता पाया गया। जिस पर टीम के सदस्यों द्वारा दोनों से एक साथ पूछताछ करने पर दोनो पृथक-पृथक बयान देते थे जो घटना से मिलान नही होता था। जिस पर टीम के सदस्यों का शक दोनों पर गहरा हुआ तथा दोनों से कड़ाई से पूछताछ करने पर वह दोनों अपने झूठ के सामने टिक न सके और अंततः दोनो के द्वारा सुनील कुमार वर्मा निवासी गली नं. 03 शीतला कॉलोनी पुरानी बस्ती रायपुर की रस्सी से गला घोटकर हत्या कर शव को अभनपुर के ग्राम खोला स्थित अपने पुराना मकान के पीछे दफन करना बताया गया। जिस पर आरोपियों के विरूद्ध थाना अभनपुर में अपराध क्रमांक 155/23 धारा 302, 201, 120बी, 34 भादवि. का अपराध पंजीबद्ध किया गया।
आरोपियों ने बताया कि दोनों ने मिलकर योजना बनाया की सुनील कुमार वर्मा की कार को बुकिंग में बुलाकर सुनील वर्मा की हत्या करके कार को बिक्री कर आधा-आधा पैसा आपस में बांट लेंगे। योजना के अनुसार आरोपी राकेश कुमार कुर्रे ने दिनांक घटना की रात्रि सुनील कुमार वर्मा को फोन कर अभनपुर जाने के लिए कार बुक किया, जिस पर सुनील वर्मा स्वीफ्ट डिजायर क्रमांक सी जी 04 एन टी 0572 को लेकर भाठागांव रायपुर पहुंचा जहां राकेश कुमार कुर्रे एवं तपन बांधे को लेकर रवाना हो गया। राकेश कुमार कुर्रे अपने गांव खोला के बस्ती में प्रवेश करने के पूर्व सुनील कुमार वर्मा को कहा कि नहर में फ्रेश हो लेते हैं उसके बाद घर जाएंगे और कार को गंगरेल बांध नहर में छींद पेड़ के सामने ले गया और शौच करने लगा। इसी दौरान सुनील वर्मा और तपन बांधे भी कार से उतर कर लघुशंका करने लगे कुछ देर के बाद गांव जाने के लिए सभी कार में बैठे सुनील कुमार वर्मा ड्राइविंग सीट पर बैठकर सीट बेल्ट लगाया, राकेश कुर्रे सामने सीट में तथा तपन बांधे पीछे सीट में बैठा उस समय लगभग रात्रि के 12ः00 बजे थे। सुनील कुमार वर्मा जैसे ही कार चालू करने का प्रयास किया कि पीछे बैठे तपन बांध ने सुनील वर्मा के गले में रस्सी डालकर खींच दिया राकेश कुर्रे भी पीछे आया दोनों मिलकर रस्सी से गला घोट कर सुनील कुमार वर्मा की हत्या कर दिए तथा शव को कार से नीचे उतार कर तलाशी लिए जेब में नगदी रकम लगभग 07-08 हजार रूपए था जिसे तपन कुर्रे रख लिया उसके बाद सुनील वर्मा की लाश को कार के डिग्गी में डालकर कार को राकेश कुर्रे चलाते हुए तपन बांधे के सूने घर के ब्यारा में रख दिया। दोनों मिलकर लाश को ठिकाने लगाने की योजना बनाने लगे तब तक सुबह हो गया था कि दिनांक 15 /4 23 की सुबह राकेश कुर्रे अभनपुर से बस में सफर कर कांकेर गया वहां सुनील वर्मा के मोबाइल फोन से वीडियो तैयार कर सुनील वर्मा की पुत्री भूमिका वर्मा के मोबाइल में व्हाट्सएप के माध्यम से वीडियो भेजा और अभनपुर आकर तपन बांधे को सुनील वर्मा का मोबाइल फोन देकर लोकेशन बदलने के लिए कहीं दूर छोड़ कर आने के लिए कहा और रायपुर चला गया। तपन बांधे अपने रिश्ते के भाई को बोला कि पुराने मकान के पीछे आंगन तरफ सेप्टिक टैंक के लिए गड्ढा खोदना है जेसीबी मशीन बुलवाकर खुदवा लेना और अपने भाई को 2,000/- रूपये देकर वह रात्रि 09ः00 बजे अभनपुर से बस में सफर करते हुए दिनांक 16 /4/23 के सुबह दंतेवाड़ा पहुंचकर सुनील वर्मा के मोबाइल फोन को ऑन किया तो सुनील वर्मा के रिश्तेदार का फोन आया तो फोन रिसीव कर कहा कि दंतेवाड़ा में सोनू मोबाइल दुकान से बोल रहा हूं यह मोबाईल खराब हो गया है बनने के लिए आया है 02 दिन में ठीक हो जाएगा और सुनील वर्मा के मोबाइल फोन को चालू हालत में बस स्टैंड के पास एक गार्डन में फेंक कर शाम तक अपने घर ग्राम खोला आ गया तथा रात्रि 11ः00 बजे कार की डिग्गी से सुनील वर्मा की लाश को निकालकर खोदे गए गड्ढे में डालकर मिट्टी से पाट दिया और घर जाकर सो गया। दिनांक 17 /4/23 के सुबह तपन बांधे ने पुनः जेसीबी मशीन बुलवाया और और गलत जगह गड्ढा खुद गया है कहकर जमीन को जेसीबी चालक से समतल करवा दिया और सुनील वर्मा की कार में लगे आगे पीछे के नंबर प्लेट को निकालकर डिग्गी में डाल दिया और कार को ग्राम भालू कोना में ले जाकर अपने रिश्तेदार के मुर्गी फार्म में छिपा दिया एवं तपन बांधे अपने गांव वापस आ गया। जिस पर आरोपियों के निशानदेही पर गुम इंसान सुनील कुमार वर्मा के शव को विधिवत सुश्री कविता पटेल तहसीलदार महोदया के सम्मुख उत्खनन कर बरामद किया गया है।
गिरफ्तार आरोपी
01. राकेश कुर्रे उर्फ हसन कुर्रे पिता जय लाल कुर्रे उम्र 32 साल निवासी ग्राम खोला थाना अभनपुर रायपुर हाल पता – बी.एस.यू.पी. कॉलोनी ब्लॉक नं. 04 म.नं. 21 थाना पुरानी बस्ती रायपुर।
02. तपन कुमार बांधे पिता नारायण लाल सतनामी उम्र 28 साल निवासी ग्राम खोला अभनपुर हाल पता- नंदी चौक थाना टिकरापारा रायपुर।
 

K.W.N.S.-रायपुर। छत्तीसगढ़ में इसी साल यानी 2023 में विधानसभा चुनाव होने वाला है। इसको लेकर प्रदेश की दोनो पार्टियों बीजेपी और कांग्रेस ने रणनीति बनानी शुरू कर दी है। इसी कड़ी में राजधानी रायपुर के राजीव भवन में गुरुवार को कांग्रेस की लीडरशिप डेवलपमेंट मिशन की बैठक हुई। बैठक में आरक्षित सीटों में नया नेतृत्व तैयार करने पर विचार-विमर्श किया गया। यह बैठक आदिवासी कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष शिवाजी राव मोघे ने ली।
 बैठक में LDM के नेशनल कोऑर्डिनेटर के राजू, आदिवासी कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष शिवाजी राव मोघे और SC कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजेश लिलोटिया शामिल रहे। SC कांग्रेस के अध्यक्ष राजेश लिलोटिया ने बैठक खत्म होने के बाद कहा कि, छत्तीसगढ़ के 39 आरक्षित सीटों में नए नेता तैयार होंगे। आरक्षित सीटों में नए नेतृत्व उभारने का प्रयास किया जा रहा है। नए नेता संगठन के कामों को आगे बढ़ाएंगे और प्रतिभाशाली होंगे तो चुनाव भी लड़ सकते हैं।
 

 
K.W.N.S.-रायपुर। भारतीय जनता पार्टी सहकारिता प्रकोष्ठ की प्रदेश कार्यसमिति की बैठक आज (गुरुवार) को भाजपा प्रदेश कार्यालय कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में हुई। बैठक में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष व सांसद अरुण साव मुख्य वक्ता के तौर पर कार्यसमिति को संबोधित कर मार्गदर्शन दिए। मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष शशिकांत द्विवेदी ने बैठक ली। आयोजित बैठक में प्रदेश अध्यक्ष शशिकांत द्विवेदी ने कहा कि प्रदेश में केंद्र की योजनाओं का क्रियान्वयन नहीं हो रहा है। प्रदेश में सहकारिता को खत्म करने का काम हो रहा है। सोसाइटी और जिले स्तर पर आंदोलन होगा। सहकारिता बचाओ सम्मेलन व आंदोलन किया जाएगा।
 

 
K.W.N.S.-रायपुर। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने आज दंतेवाड़ा पहुंचकर अरनपुर क्षेत्र में आईडी ब्लास्ट में शहीद जवानों को नमन करते हुए उनके पार्थिव शरीर पर पुष्पगुच्छ अर्पित कर श्रद्धाजंलि दी। 26 अप्रैल की नक्सल हिंसा की इस घटना में डीआरजी के 10 जवान और एक वाहन चालक शहीद हुए है. मुख्यमंत्री बघेल ने शहीद जवानों के परिजनों से भेंटकर शोक संवेदना प्रकट की और ढांढस बंधाया।
इस अवसर गृहमंत्री ताम्रध्वज साहू, बस्तर सांसद दीपक बैज, सांसद फूलोदेवी नेताम, बीजापुर विधायक विक्रम मडांवी, दंतेवाड़ा विधायक देवती कर्मा, जिला पंचायत अध्यक्ष तूलिका कर्मा, डीजीपी अशोक जुनेजा, एडीजी नक्सल विवेकानंद सिन्हा, बस्तर कमिश्नर श्याम धावड़े, आईजी बस्तर सुंदरराज पी., कलेक्टर विनीत नन्दनवार, पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण उपस्थित थे।
शहीद जवानों में सर्वश्री जोगा सोढ़ी पोलमपल्ली सुकमा, मुन्ना कड़ती तुमनार दंतेवाड़ा, संतोष तामो भांसी दंतेवाड़ा, दुलगो मंडावी कटेकल्याण दंतेवाड़ा,लखमू राम मड़कामी भैरमगढ़ बीजापुर, जोगा कवासी कटेकल्याण दंतेवाड़ा, हरिराम कटेकल्याण दंतेवाड़ा, जयराम पोडियाम कटेकल्याण दंतेवाड़ा, जगदीश कुमार कोवासी कटेकल्याण दंतेवाड़ा, राजू राम करटम कटेकल्याण दंतेवाड़ा और वाहन चालक धनीराम यादव गीदम दंतेवाड़ा है।
 

K.W.N.S.-रायपुर। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष अरुण साव ने बस्तर संभाग के दंतेवाड़ा जिला में अरनपुर में नक्सलियों द्वारा किए गए ब्लास्ट में 11 जवानों की शहादत को नमन करते हुए इस घटना पर गहन दु:ख व्यक्त किया है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष साव ने कहा कि लगातार बढ़ती नक्सली हिंसा से बस्तर में चहुँओर आतंक का माहौल है। नक्सलियों के इस कायराना कृत्य की जितनी भर्त्सना की जाए, वह कम है। साव ने कहा कि बस्तर की धरती से नक्सलियों का समूल नाश ही हमारे शहीद जवानों को सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
बता दें कि आज दंतेवाड़ा में नक्सलियों ने घात लगाकर डिस्ट्रिक्ट रिजर्व गार्ड (DRG) फोर्स के जवानों पर हमला कर दिया. उन्होंने जवानों से भरी गाड़ी को आईईडी हमले में उड़ा दिया. इस हमले में 11 जवान शहीद हो गए हैं. इनमें 10 डीआरजी के जवान और एक ड्राइवर है. नक्सलियों ने रोड के बीचोबीच लैंडमाइन बिछाई हुई थी. यह आईईडी धमाका इतना जबरदस्त था कि रोड पर कई फुट गहरा गड्ढा हो गया है. जवानों के वाहन के परखच्चे उड़ गए हैं।
बस्तर के आईजी सुंदरराज ने बताया कि अरनपुर के पालनार क्षेत्र में नक्सलियों ने जवानों को अपना निशाना बना लिया. फिलहाल तलाश अभियान जारी है. सूत्रों के मुताबिक DRG के जवान कल ऑपरेशन पर गए थे. लौटते समय नक्सलियों ने यह हमला कर दिया. जानकारी के मुताबिक इस हमले में प्रधान आरक्षक जोगा सोढी, मुन्ना राम कड़ती, संतोष तामो, नव आरक्षक दुल्गो मण्डावी, लखमू मरकाम, जोगा कवासी, हरिराम मण्डावी, गोपनीय सैनिक राजू राम करटम, जयराम पोड़ियाम, जगदीश कवासी शहीद हो गए. वहीं निजी वाहन का चालक धनीराम यादव की भी इस हमले में जान चली गई।