Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.
Browsing: रायपुर
K.W.N.S.-रायपुर। चालक की लापरवाही से केपीएस स्कूल के वैन से बच्ची के गिरने पर पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी ड्राइवर को गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस के अनुसार स्कूल प्रबंधन को भी थाना बुलाया गया है. स्कूल प्रबंधन पर भी कड़ी कार्रवाई की जाएगी. आपको बता दें कि राजधानी में गुरुवार को स्कूल वैन चालक की लापरवाही से केजी टू की बच्ची वैन से नीचे गिरकर घायल हो गई. इस घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है. पीछे से आ रहे बाइक चालक ने बच्ची को उठाकर लाया. इस घटना पर स्कूल प्रबंधन द्वारा संज्ञान नहीं लेने पर एनएसयूआई कार्यकर्ताओं ने जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय पहुंचकर स्कूल वैन चालक और महिला कंडक्टर पर कार्रवाई करने की मांग की थी।
वहीं बच्ची के अभिभावक ने आरोप लगाया है कि ड्राइवर ने बच्ची को घटना के बारे में घर में न बताने की धमकी दी थी. परिजनों ने भी इस घटना पर कार्रवाई की मांग उठाई थी. सरोना निवासी बच्ची के अभिभावक मंजीत सिंह ने बताया कि वैन से हमारी बच्ची गिर गई थी. ये बात हमें किसी ने नहीं बताया. बच्ची सुबह 9 बजे गिरी 11 बजे घर आई तो रो रो कर बताई. बच्ची को चोट आई है लेकिन न डॉक्टर के पास ले गए, न कोई फर्स्टएड करवाये. हम लोग चाहते हैं स्कूल प्रबंधन पर कार्रवाई हो.

K.W.N.S.-रायपुर। इस साल अंत में छत्तीसगढ़ में विधानसभा चुनाव होने वाले हैं। चुनाव को लेकर भाजपा और कांग्रेस दोनों ही पार्टियों ने अपनी कमर कस ली है। कांग्रेस और भाजपा में लगातार बयानबाजी जारी। इस बीच कौशल्या महोत्सव को लेकर भी दोनों पार्टी के नेता एक-दूसरे पर हमलावर है। कौशल्या महोत्सव को लेकर पूर्व मंत्री अजय चंद्राकर ने बड़ा बयान दिया है। अजय चंद्राकर ने कौशल्या महोत्सव को लेकर कहा था कि ‘एक समाचार आया था की कौशल्या महोत्सव में राम वन गमन पथ में शराब बेचेंगे, शराब बेचने की शुरुआत कौशल्या महोत्सव से की जाएगी, माता कौशल्या का जन्म कहा हुआ था’, जिसके बाद सियासी बवाल मच गया।
पूर्व मंत्री अजय चंन्द्राकर के बयान पर पीसीसी चीफ मोहन मरकाम ने पलटवार किया है। PCC चीफ मोहन मरकाम ने अजय चंद्राकर के बयान पर पलटवार करते हुए कहा है कि ‘छत्तीसगढ़ प्रभु श्री राम का ननिहाल है। माता कौशल्या चंदखुरी की रही है। हमारी सरकार ने माता कौशल्या का भव्य मंदिर बनवाया। राम वन पथ गमन का विकास भी किया।’ इसके आगे उन्होंने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा है कि ’15 साल सत्ता में रहने के बाद भी बीजेपी ने कुछ नहीं किया। जब-जब चुनाव आते है तब वे भगवान राम को याद करते है। बीजेपी को अब कुछ सूझ नहीं रहा है। कांग्रेस ने उनसे मुद्दे छीन कर काम भी किया है, इसलिए बीजेपी को तकलीफ हो रही है।

K.W.N.S.-रायपुर। छत्तीसगढ़ के ओबीसी, एसटी और एससी वर्ग के लोगों को आज बड़ा झटका लगा है। दरसअल राज्यपाल विश्वभूषण हरिचंदन ने आरक्षण संशोधन विधेयक को लौटा दिया है। आरक्षण विधेयक पर राज्यपाल के हस्ताक्षर का लंबे समय से इंतजार था, लेकिन अब राज्यपाल ने इसे लौटा दिया है। बता दें कि आरक्षण संशोधन विधेयक के चलते कई भर्तियां रूकी हुई थी।
आरक्षण संशोधन विधेयक वापस किए जाने के बाद संसदीय कार्य मंत्री रविंद्र चौबे ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि अब इस विषय पर शासन विचार कर रहा है। विधेयक पर हस्ताक्षर न होने से भर्तियां प्रभावित हो रही है। हम चाहते है युवाओं को आरक्षण का लाभ मिले।

K.W.N.S.-रायपुर। कांग्रेस पार्टी ने एक साथ भाजपा और आप को झटका दिया है. भाजपा नेता डॉ. शिवनारायण द्विवेदी के साथ आप नेता पुष्पेंद्र परिहार ने कांग्रेस में प्रवेश किया है. पीसीसी अध्यक्ष मोहन मरकाम ने कांग्रेसी गमछा पहनाकर दोनों नेताओं को पार्टी में प्रवेश दिलाया।
कांग्रेस प्रवेश करने वाले पुष्पेंद्र परिहार ने कहा कि मेरी घर वापसी हुई है. आप एनजीओ पार्टी है. पार्टी में तानाशाही है. मुझे रायपुर लोकसभा की जिम्मेदारी दी गई थी. लेकिन पार्टी का जोर चंदा वसूली पर है. वहीं डॉ. शिवनारायण द्विवेदी ने कहा कि भाजपा से मेरा मोहभंग हो गया है. मैं डेढ़ साल से भाजपा से अलग था. कांग्रेस मेरी अपनी पार्टी है. मेरी घर वापसी हुई है. भाजपा ने मुझसे जो वादा किया था, वो पूरा ही नहीं किया. इस दौरान पीसीसी अध्यक्ष मोहन मरकाम ने कहा कि दोनों ही नेता हमारे अपने घर के सदस्य हैं. किसी कारणवश चले गए थे. घर वापसी हुई है. पार्टी को मजबूती मिली. दोनों का कांग्रेस पार्टी में स्वागत है।

K.W.N.S.-रायपुर। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल आज यहां अपने निवास कार्यालय में विशेष पिछड़ी जनजाति ‘पहाड़ी कोरवा’ और ‘बिरहोर’ जनजाति के युवाओं को नियुक्ति पत्र वितरण समारोह में शामिल हुए.
K.W.N.S.-रायपुर। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने आज यहां अपने निवास कार्यालय में आयोजित वर्चुअल कार्यक्रम में राज्य के गैर-अनुसूचित क्षेत्रों के लिए ’मुख्यमंत्री छत्तीसगढ़ी पर्व सम्मान निधि योजना’ का शुभारंभ किया। ग्रामीण क्षेत्रों के तीज-त्यौहारों, संस्कृति एवं परम्परा को संरक्षित और संवर्धित करने के उद्देश्य से यह योजना मुख्यमंत्री आदिवासी परब सम्मान निधि योजना की तर्ज पर शुरू की गई है। ’मुख्यमंत्री छत्तीसगढ़ी पर्व सम्मान निधि योजना’ राज्य के गैर अनुसूचित क्षेत्रों के सामुदायिक क्षेत्रों के 61 विकासखंड की 6 हजार 111 ग्राम पंचायतों में लागू होगी। इस योजना की इकाई ग्राम पंचायत होगी। तीज-त्यौहार मनाने के लिए इस योजना में भी हर ग्राम पंचायत को दो किश्तों में 10 हजार रुपए की राशि दी जाएगी।
मुख्यमंत्री ने योजना के शुभारंभ के अवसर पर योजना की पहली किश्त के रूप में सभी 6 हजार 111 ग्राम पंचायतों को 05-05 हजार रुपए के मान से कुल 03 करोड़ 05 लाख 55 हजार रुपए की राशि जारी की। मुख्यमंत्री बघेल ने इसके साथ-साथ ’मुख्यमंत्री आदिवासी परव सम्मान निधि’ के अंतर्गत अनुसूचित क्षेत्र के सरगुजा संभाग सहित अन्य अनुसूचित क्षेत्रों के शेष 14 जिलों की 03 हजार 793 ग्राम पंचायतों को आज प्रथम किश्त के रूप में 05-05 हजार रुपए के मान से कुल 01 करोड़ 89 लाख 65 हजार रुपए की राशि भी जारी की। इसके साथ ही यह योजना पूरे प्रदेश में लागू हो गई है। गौरतलब है कि मुख्यमंत्री श्री बघेल ने 13 अप्रैल को बस्तर में आयोजित भरोसा सम्मेलन में ’मुख्यमंत्री आदिवासी परब सम्मान निधि योजना’ का शुभारंभ करते हुए बस्तर संभाग की 1840 ग्राम पंचायतों को योजना की पहली किश्त के रूप में 5-5 हजार रुपए के मान से अनुदान राशि जारी की थी।
मुख्यमंत्री बघेल ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ के विकास में यहां की संस्कृति और परंपराओं के संरक्षण का काम अत्यंत महत्वपूर्ण है। इसी उद्देश्य से राज्य में तीजा, हरेली, भक्तिन महतारी कर्मा जयंती, मां शाकंभरी जयंती (छेरछेरा), छठ और विश्व आदिवासी दिवस जैसे पर्वाे पर सार्वजनिक अवकाश दिया जा रहा है। साथ ही इन पर्वों पर भव्य आयोजन भी किया जा रहा है। राज्य शासन की यह भावना है कि तीज-त्यौहारों के माध्यम से हमारी नयी पीढ़ी अपने पारंपरिक मूल्यों से जुड़कर संस्कारित हो और अपनी संस्कृति पर गौरव का अनुभव करे। राष्ट्रीय आदिवासी नृत्य महोत्सव, युवा महोत्सव, छत्तीसगढ़िया ओलंपिक, बासी – तिहार जैसे आयोजनों के पीछे भी हमारा यही उद्देश्य है। देवगुड़ियाँ और घोटुलों के विकास का काम भी किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा हमारे लोक पर्व और हमारी लोक संस्कृति प्रकृति से जुड़ी है। हमारे पुरखों ने अपने अनुभव के आधार पर तीज-त्योहारों को संजोया है। हमारे तीज-त्यौहार हरेली से शुरू होते हैं और फागुन में होली तक चलते हैं। सावन और भादों में ज्यादा त्यौहार मनाए जाते हैं, क्योंकि यही वह समय रहता है जब हमारे किसान और मजदूर खूब मेहनत करते हैं, शरीर में थकान रहती है और आर्थिक परेशानियां भी रहती हैं। इस समय त्यौहारों का आयोजन इसलिए महत्वपूर्ण है कि सब मिलजुल कर इकट्ठा होकर त्यौहार मनाते हैं ताकि तनाव को भूल सके।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जब हम तीज त्यौहारों का संरक्षण और संवर्धन करेंगे तो प्रकृति से भी जुड़ेंगे। आज हमारे सामने जलवायु परिवर्तन एक बड़ी चुनौती है। ऐसे में प्रकृति का संरक्षण और भी ज्यादा महत्वपूर्ण हो जाता है। मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ी लोक परब सम्मान निधि के अंतर्गत हालांकि 10 हजार रूपए की राशि दी जा रही है, यह कोई बड़ी राशि नहीं है लेकिन पंचायतों के माध्यम से छत्तीसगढ़ी तीज त्यौहारों का आयोजन होने से लोग अपनी परंपरा से, हमारी नई पीढ़ी अपनी परंपरा और प्रकृति से जुड़ेगी।
उन्होंने कहा कि पिछले कुछ वर्षों से छत्तीसगढ़ के तीज-त्यौहारों को मनाने की केवल रस्म अदायगी होती थी। लोग इन त्यौहारों से विलग होते जा रहे थे। यही कारण है कि राज्य सरकार ने तीज-त्यौहारों के संरक्षण के लिए इनका आयोजन प्रारंभ किया है। आज बालोद जिले की भेंड़िया नवागांव की सरपंच श्रीमती आर्य ने बताया कि वे हर तीज में वे मुख्यमंत्री निवास आती हैं। पहले मुख्यमंत्री निवास में छत्तीसगढ़ के तीज-त्यौहारों का आयोजन नहीं होता था।
मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ी खेलों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से छत्तीसगढ़िया ओलंपिक का आयोजन इस वर्ष किया गया, जिसमें विभिन्न आयु वर्ग के 26 लाख लोगों ने हिस्सा लिया। छत्तीसगढ़ी ओलंपिक के लिए बजट में 25 करोड़ रूपए का प्रावधान रखा गया है। भेंट-मुलाकात के दौरान अनेक महिलाओं ने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि वे मायके में खेलों में हिस्सा लिया करती थीं, ससुराल में उनका खेलना छूट गया था। छत्तीसगढ़िया ओलंपिक में उन्हें फिर से खेलने का मौका मिला।
इस अवसर पर कृषि मंत्री रविन्द्र चौबे ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ की अस्मिता, संस्कृति, खान-पान, रहन-सहन, तीज-त्यौहारों के संरक्षण के लिए मुख्यमंत्री श्री बघेल के नेतृत्व में खूब काम किया गया है। वीडियो कॉन्फ्रेंस से जुड़े आदिम जाति विकास विभाग के मंत्री डॉ. प्रेमसाय सिंह टेकाम ने कहा कि अनुसूचित क्षेत्रों और गैर अनुसूचित क्षेत्रों में अपने तीज-त्यौहारों के संरक्षण के लिए मुख्यमंत्री परब निधि सम्मान योजना काफी महत्वपूर्ण साबित होगी। वन मंत्री श्री मोहम्मद अकबर ने कार्यक्रम को वर्चुअली संबोधित करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ी तीज-त्यौहारों की परम्परा को आगामी पीढ़ी को हस्तांतरित करने और अपनी संस्कृति को उभारने की दृष्टि से यह अच्छी योजना है। मुख्यमंत्री ने बलरामपुर जिले के वाड्रफनगर क्षेत्र की ग्राम पंचायत बसन्तपुर के सरपंच श्री रामवृक्ष जगते, रायगढ़ जिले की लोइंग ग्राम पंचायत के सरपंच श्री सूरज पटेल और बालोद के भेड़िया नवागांव की सरपंच श्रीमती चिदाकाश आर्य से वीडियो कांफ्रेंस से चर्चा की। सरपंचों ने योजना की सराहना करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ की संस्कृति को बढ़ावा मिला है। परब सम्मान निधि योजना प्रारंभ करने के लिए उन्होंने मुख्यमंत्री के प्रति आभार प्रकट किया। पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के अपर मुख्य सचिव श्री सुब्रत साहू ने ’मुख्यमंत्री छत्तीसगढ़ी पर्व सम्मान निधि योजना’ की विस्तार से जानकारी दी।

K.W.N.S.-रायपुर। छत्तीसगढ़ प्रदेश भाजपा प्रवक्ता विधायक रंजना साहू ने पीडब्ल्यूडी की लापरवाही से बिलासपुर में मंगला लोखंडी के बीच सड़क के गड्ढे में गिरकर एक दूध कारोबारी की मौत पर मुख्यमंत्री से पर्याप्त मुआवजे की मांग करते हुए पीडब्ल्यूडी मंत्री ताम्रध्वज साहू के इस्तीफे की मांग की है। उन्होंने कहा कि पीडब्ल्यूडी ने सड़क पर गड्ढा खुला छोड़ दिया था। जिससे यह हादसा हुआ। प्रदेश भाजपा प्रवक्ता विधायक रंजना साहू ने कहा कि ताम्रध्वज साहू से न तो गृह विभाग संभल रहा है और न ही लोक निर्माण विभाग। पूरे छत्तीसगढ़ की कानून व्यवस्था पटरी से उतर गई है। मुख्यमंत्री कहते हैं कि बस्तर में स्थिति में सुधार हुआ है जबकि उनके ही विधायक के काफिले पर बीजापुर में हमला हो गया। गृहमंत्री के रूप में ताम्रध्वज साहू के सारे दावे खोखले साबित हुए हैं। लोक निर्माण मंत्री के रूप में उनके विभागीय कार्य का प्रदर्शन यह है कि उनके स्वयं के सरकारी आवास की दीवार साल में दो बार गिर जाती है। पूरे छत्तीसगढ़ की सड़कों की हालत जर्जर है। सड़क गड्ढों में बदल चुकी है। स्थिति यह है कि छत्तीसगढ़िया ओलंपिक के दौरान एक युवा खिलाड़ी को खराब सड़क के कारण अपनी जान से हाथ धोना पड़ा। वह समय पर रायगढ़ अस्पताल नहीं पहुंचाया जा सका। बस्तर की एक खिलाड़ी बेटी भी शिकार हुई।
प्रदेश भाजपा प्रवक्ता विधायक रंजना साहू ने कहा कि पूरे प्रदेश में आए दिन खराब सड़कों के कारण लोग हताहत हो रहे हैं। सड़कों की दुर्दशा का मामला उठाए जाने पर लोक निर्माण मंत्री ताम्रध्वज साहू अपनी जिम्मेदारी से पल्ला झाड़ते हुए स्तरहीन टिप्पणी करते हैं। सड़क पर खुला गड्ढा छोड़ने के कारण छत्तीसगढ़ के एक नागरिक की जान फिर चली गई। जिसके लिए सीधे तौर पर लोक निर्माण मंत्री जिम्मेदार हैं और उनसे अधिक जिम्मेदार मुख्यमंत्री भूपेश बघेल हैं जो छत्तीसगढ़ की सड़कों को सुधारने के लिए कोई व्यवस्था नहीं कर रहे। लोक निर्माण विभाग की लापरवाही के कारण जान गंवाने वाले व्यक्ति के परिवार को 50 लाख रुपए का मुआवजा दिया जाए और कर्तव्य निर्वहन में विफल साबित हो रहे लोक निर्माण मंत्री को बर्खास्त किया जाए। ताम्रध्वज साहू में नैतिकता हो तो वे अपनी विफलता स्वीकार कर स्वयं इस्तीफा दें। जब टीएस सिंहदेव से पंचायत विभाग नहीं सम्हला तो उन्होंने इस्तीफा दे दिया। अब ताम्रध्वज उनका अनुकरण करें।
K.W.N.S.-रायपुर। छत्तीसगढ़ मदरसा बोर्ड रायपुर द्वारा आयोजित हाईस्कूल, हायर सेकेण्डरी पत्राचार पाठ्यक्रम परीक्षा 2023 तथा उर्दू अदीब, उर्दू माहिर प्रमाण-पत्र परीक्षा 2023 दिनांक 25 अप्रैल 2023 से प्रारंभ होगी।
छत्तीसगढ़ मदरसा बोर्ड के अध्यक्ष अलताफ अहमद ने बताया है कि परीक्षा दिनांक 6 मई 2023 तक जारी रहेगी। परीक्षा का समय प्रातः 8ः30 बजे से 11ः30 बजे तक निर्धारित है। उन्होंने बताया कि राज्य के विभिन्न जिलों में परीक्षा केन्द्र बनाए गए हैं। रायपुर के परीक्षार्थियों हेतु उर्दू कन्या उ. मा. वि. रायपुर को परीक्षा केन्द्र बनाया गया है। इसके अलावा शा. उ. मा. वि. तकियापारा दुर्ग, शा. क. उ. मा. वि. बालोद, शा. बहु. उ. मा. वि. राजनांदगांव, स्वामी करपात्री जी शा. उ. मा. वि. कवर्धा, डाॅ. शो. दे. शा. बा. उ. मा. वि. धमतरी, शा. बा. उ. मा. वि. सिमगा, शा. आ. रामानुज उ. मा. वि. बैकुण्ठपुर, शा. कन्या हाईस्कूल मांझापारा कांकेर, शा. उ. मा. वि. महावीरगंज जिला-बलरामपुर-रामानुजगंज, शा. बहु. उ. मा. वि. पेण्ड्रा एवं शा. उ. मा. वि. राजेन्द्र नगर बिलासपुर को परीक्षा केन्द्र बनाया गया है। जिन परीक्षार्थियों ने प्रवेश-पत्र प्राप्त नहीं किये हैं वे अपने परीक्षा केन्द्र से प्रवेश-पत्र प्राप्त कर सकते हैं। हाईस्कूल पत्राचार पाठ्यक्रम परीक्षा के अंतर्गत 25 अप्रैल को गणित, 27 अपै्रल को विज्ञान, 29 अप्रैल को सामाजिक विज्ञान, 01 मई को विशिष्ट उर्दू, 03 मई को सामान्य अंग्रेजी/सामान्य संस्कृत, 04 मई को सामान्य हिन्दी के प्रश्न-पत्र होंगे।
हायर सेकेण्डरी पत्राचार पाठ्यक्रम परीक्षा के तहत 25 अप्रैल को इतिहास, भौतिकी, व्यवसाय अध्ययन, 27 अप्रैल को भूगोल, रसायन, लेखाशास्त्र, 29 अप्रैल को अर्थशास्त्र, गणित, जीव विज्ञान, 01 मई को राजनीति शास्त्र, 03 मई को विशिष्ट उर्दू, 04 मई को समाज शास्त्र, 06मई को सामान्य अंग्रेजी, सामान्य हिन्दी के पर्चे होंगे।
उर्दू अदीब प्रमाण-पत्र परीक्षा के तहत 25 अप्रैल को नस्र व तारीख़ उर्दू, 27 अप्रैल को सामान्य अंग्रेजी, 29 अप्रैल को जनरल साइंस , समाजी उलूम व हिन्दी, 01 मई को नज़्म ,इन्शा व क़वायद उर्दू तथा उर्दू माहिर प्रमाण-पत्र परीक्षा के अंतर्गत 25 अप्रैल को तारीख़ अदब उर्दू व समाजी उलूम, 27 अप्रैल को नस्र उर्दू व क़वायद उर्दू, 29 अप्रैल को नज़्म उर्दू व तर्जुमा निगारी, 01 मई को सामान्य अंग्रेजी तथा 03 मई को जनरल साइंस, इंशा व हिन्दी के प्रश्न-पत्र होंगे।
K.W.N.S.-रायपुर। कर्नाटक विधानसभा चुनाव में छत्तीसगढ़ से एक भी भाजपा नेता को स्टार प्रचारक नहीं बनाया गया है। इसे लेकर कांग्रेस ने तंज कसा है। प्रदेश अध्यक्ष मोहन मरकाम ने कहा कि छत्तीसगढ़ के भाजपा नेताओं में वो बात नहीं है, जो केंद्रीय नेतृत्व चाहता है। इसलिए राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रमन सिंह समेत, केंद्रीय मंत्री रह चुके नेताओं को भी कोई जिम्मेदारी नहीं सौंपी गई। मोहन मरकाम ने बीरनपुर घटना को लेकर भी निशाना साधा और कहा कि कहीं भी चुनाव से पहले दंगा फैलाने और सांप्रदायिक सौहार्द्र खराब करने की कोशिश भाजपा करती है, लेकिन कांग्रेस सरकार ने सख्ती से काम लिया। उन्होंने कहा कि भाजपा का हथकंडा काम नहीं आएगा।
साथ ही मोहन मरकाम ने कहा कि कांग्रेस विकास के एजेंडे पर जनता के बीच जाएगी, और 2023 में सरकार बनाएगी। उन्होंने भाजपा के प्रदेश प्रभारी ओम माथुर के लगातार बस्तर दौरा टलने पर कटाक्ष किया और कहा कि ना प्रदेश के नेता अच्छा कर पा रहे है, और ना ही केंद्रीय नेता। बस्तर में जेपी नड्डा, अमित शाह जैसे लोग दौरा कर चुके हैं। उन्हें समझ में आ चुका है कि बस्तर में भाजपा की कोई संभावना नहीं हैं। इसलिए ओम माथुर का दौरा भी लगातार टल रहा है।

K.W.N.S.-रायपुर। छत्तीसगढ़ शासन के पर्यटन विभाग के अधीन संचालित नवा रायपुर स्थित इंस्टीट्यूट ऑफ होटल मैनेजमेंट में डिग्री एवं डिप्लोमा कोर्स में कुल 138 छात्र अध्ययनरत है। इंस्टीट्यूट को और प्रभावी करने के लिए यहां बी.एस.सी. एचएचए (हास्पिटैलिटी एंड होटल एडमिनिस्ट्रेशन) का कोर्स शुरू किया गया है जिसकी डिग्री दिल्ली के प्रतिष्टित यूनिवर्सिटी जेएनयू से प्राप्त होगी। खास बात ये है कि आईएचएम में किसी भी डिग्री व डिप्लोमा कोर्स में प्रवेश हेतु आयु सीमा की कोई बाध्यता नहीं है।
पर्यटन मंत्री ताम्रध्वज साहू ने अपने संबोधन में इंस्टीट्यट आप होटल मैनेजमेंट रायपुर में अध्यययनरत् छात्र छात्रों के उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह संस्थान होटल हास्पिटैलिटी के क्षेत्र में एक नया मुकाम हासिल करेगा। साहू ने संस्थान में पढ़ रहे छात्रों के देश के बड़े होटल्स में प्लेसमेंट होने पर खुशी जाहिर करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल की मंशा के अनुसार संस्थान को बेहतर बनाने का काम जारी है और आने वाले समय में ये देश का सर्वश्रेष्ठ होटल मैनेजमेंट संस्थान बनेगा।
गौरतलब है कि शैक्षणिक सत्र 2022-23 में तीन वर्षीय बीएससी डिग्री प्रोग्राम के 06 छात्रों का पहला बैच पास होने वाला है। इनमें से चार छात्रों का विभिन्न प्रतिष्ठित होटल्स में 4 चयन हो गया है । शैक्षणिक सत्र 2021-22 में डिप्लोमा कोर्स में अध्ययनरत 63 छात्रों को विभिन्न प्रतिष्ठित होटल्स में प्लेसमेंट हुआ है।
इंस्टीट्यूट आफ होटल मैनेजमेंट रायपुर को देश का अग्रणी संस्थान बनाने के उद्देश्य से पिछले 03 वर्ष में यहां अधोसंरचना का विस्तार करते हुए आधुनिक इंस्फास्ट्रक्चर स्थापित किये हैं। छत्तीसगढ़ राज्य कौशल विकास परिषद के द्वारा हास्पिटैलिटी एवं टूरिज्म के अंतर्गत 18 कौशल विकास कार्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं जिसमें 08 कार्यक्रमों के प्रशिक्षण को संस्थान में प्रारंभ किए जाने की तैयारी चल रही है। संस्थान के द्वितीय वार्षिकोत्सव के दौरान छात्र छात्रों के समूह ने होटल मैनेजमेंट अवेयरनेस पर नाटक, छत्तीसगढ़ी सुआ नृत्य, संस्कृतियों का संगम मेरा भारत जैसे विषयों पर मनमोहक प्रस्तुती दी । मुख्य अतिथि द्वारा द्वारा इस मौके पर छात्र छात्राओं को खेल, वाद विवाद, निबंध लेखन आदि क्षेत्र में पुरस्कृत भी किया।