Browsing: रायपुर

 

K.W.N.S.-रायपुर। विनय मित्र मण्डल, रायपुर द्वारा भगवान महावीर के 2622 वे जन्मकल्याणक के अवसर पर 22622 वां जयपुर पैर दिव्यांग रितेश ताराम 22 वर्ष ग्राम लोआरा, गोंदिया महाराष्ट्र को प्रदान किया गया। संस्था के अध्यक्ष महावीर मालू, संस्थापक व पूर्व अध्यक्ष महेन्द्र कोचर ने बताया कि विगत 37 वर्षों से विनय मित्र मण्डल द्वारा भगवान महावीर विकलांग सेवा समिति के नाम से जयपुर पैर का स्थायी वर्कशॉप पचपेड़ी नाका संचालित है। भगवान महावीर स्वामी के जियो और जीने दो, दया, करुणा, अहिंसा भाईचारे के मार्ग पर चलकर मानव सेवा का अद्वतीय कार्य किया जा रहा है। पूर्व अध्यक्ष खेमराज बैद व महावीर तालेड़ा ने बताया कि मंगलवार को महावीर स्वामी की 2622 वी जयंती के अवसर पर जयपुर पैर के स्थायी वर्कशॉप में निर्मित 22622 वां जयपुर पैर वितरित किया गया, जिसे लगाकर दिव्यांग रितेश ने चलकर दिखाया। पूर्व अध्यक्ष राजेश क़ानूगा व दीपचंद कोटड़िया ने बताया कि आज महावीर जयंती पर सुलोचना यादव 40 वर्ष बिलासपुर , डोमेन्द्र ठाकुर 33 वर्ष बालोद , ओमीन साहू 42 वर्ष मंदिरहसौद , दुलार मॉर्कण्डे 60 वर्ष माना व रितेश ताराम को जयपुर पैर प्रदान किया गया है। विनय मित्र मण्डल के अध्यक्ष महावीर मालू ने बताया कि महावीर जन्मकल्याणक के अवसर पर दिव्यांग भाई-बहनों ने व्यसनमुक्ति का संकल्प लिया है।
 

 
 
K.W.N.S.- रायपुर। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व सांसद राहुल गांधी के विरुद्ध केन्द्र सरकार के रवैय्ये का विरोध देशभर में किया जा रहा है। इसी क्रम में सोमवार को राजधानी दिल्ली के जंतर-मंतर में महिला कांग्रेस के द्वारा लोकतंत्र बचाओ अभियान के तहत जोरदार प्रदर्शन किया गया। इस प्रदर्शन में राष्ट्रीय महिला कांग्रेस की अध्यक्ष नेटा डिसूजा का नेतृत्व प्राप्त हुआ। छत्तीसगढ़ राज्य से प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष एवं सांसद फूलो देवी नेताम सैंकड़ों पदाधिकारी एवं कार्यकर्ताओं के साथ इस प्रदर्शन में शामिल हुईं।
कोरबा जिले से महिला कांग्रेस के प्रदेश महासचिव अंकिता वर्मा, उषा संतोष राठौर, महिला कांग्रेस ग्रामीण जिलाध्यक्ष प्रभा तंवर, महिला कांग्रेस शहर अध्यक्ष कुसुम द्विवेदी सहित बड़ी संख्या में महिला कांग्रेसियों ने भी इस प्रदर्शन में सहभागिता दर्ज कराई। वक्ताओं ने केन्द्र सरकार को इस मामले में आड़े हाथों लेते हुए कहा कि सूरत की अदालत ने राहुल गांधी को 2 वर्ष की सजा सुनाने के साथ ही अपील करने के लिए 30 दिन का समय दिया है। केन्द्र की भारतीय जनता पार्टी की प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार ने राहुल गांधी की संसद सदस्यता खत्म करने में कोई वक्त नहीं लगाया जो कि लोकतंत्र का सीधे-सीधे हनन है। इस मामले में राहुल गांधी को जो राहत लोकतंत्रात्मक व्यवस्था में मिलनी चाहिए थी वह नहीं दी गई बल्कि दुर्भावनापूर्ण कार्यवाही की गई। इस तरह की कार्यवाही की देशभर में निंदा कांग्रेसियों द्वारा की जा रही है।
 

 
K.W.N.S.-रायपुर। भाजपा विधायक एवं पूर्व मंत्री बृजमोहन अग्रवाल ने टिकरापारा क्षेत्र के जीवनदायिनी सरजू बांधा तालाब के किनारे एवं सरजू बांधा मुक्तिधाम की जमीन पर हुए अवैध कब्जे एवं निर्माण कार्यों पर तत्काल रोक लगाकर उसे तोड़ने को कहां है।
अग्रवाल ने कहा है कि सरजूबाधा तालाब टिकरापारा, संजय नगर, राजीव नगर इंदिरानगर, सैलानी नगर, आरडीए कालोनी, जनता कालोनी मठपारा, आदर्श नगर, राधास्वामी नगर सहित भाटागांव मठपुरेना, संतोषी नगर व रायपुर शहर के एक बड़े हिस्से के जल स्तर को बनाए रखने के लिए व शहर के जल स्रोत के रक्षा के लिए अहम है, फिर भी इस पर कब्जा कर जलस्रोत को समाप्त करने माफियाओं और राजनीतिक रसूखदार लोगों के द्वारा सरजूबाधा तालाब के किनारे की जमीन को कब्जा किया जा रहा है। अग्रवाल ने कहा कि शहर के एक बड़े हिस्से के लिए उपयोग आने वाले सरजू बांधा मुक्तिधाम की जमीन पर भी कुछ लोग बलपूर्वक कब्जा कर रहे है। बाउड्रीवाल बना रहे है। पूरे क्षेत्र में जनप्रतिनिधि व जनता व्यापक विरोध कर रही है उसके उपरांत भी प्रशासन हाथ पर हाथ धरे बैठी है, आखिर क्यों?
अग्रवाल ने कहा है कि सरजू बांधा तालाब व मुक्तिधाम की जमीन पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा बर्दास्त नही किया जायेगा। प्रशासन इस अवैध कब्जे को तत्काल तोड़कर तालाब एवं मुक्तिधाम की जमीन को सुरक्षित करें।
 

 

K.W.N.S.-रायपुर। छत्तीसगढ़ के भाजपा विधायकों से मुलाकात रद्द होने के बाद अब पीएम नरेंद्र मोदी ही छत्तीसगढ़ आएंगे. मई के दूसरे हफ्ते में उनका दौरा संभावित है. यहां वे भारत माला प्रोजेक्ट का लोकार्पण करेंगे. इसके अलावा जनसभा और पदाधिकारियों के साथ बैठक भी कर सकते हैं. प्रदेश में विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा विधायकों की पीएम मोदी के साथ मीटिंग को लेकर छत्तीसगढ़ में बयानबाजी शुरू हो गई थी. 5 अप्रैल को नई दिल्ली में यह मुलाकात प्रस्तावित थी, लेकिन सोमवार शाम को ही पीएमओ ने मुलाकात रद्द होने की सूचना दे दी. हालांकि, ताजा खबर अब यह है कि पीएम मोदी ही छत्तीसगढ़ आएंगे. मई के दूसरे हफ्ते में उनका दौरा हो सकता है. इस दौरान वे भारत माला प्रोजेक्ट का लोकार्पण कर सकते हैं. छत्तीसगढ़ में भारत माला प्रोजेक्ट के अंतर्गत दो महत्वपूर्ण काम चल रहे हैं. इनमें अभनपुर से सिहावा और बिलासपुर से उरगा शामिल हैं. बिलासपुर -उरगा का काम तेजी से चल रहा है, इसलिए संभव है कि पीएम इसका लोकार्पण ही करेंगे. इसके अलावा वे जनसभा को भी संबोधित कर सकते हैं।
 

 
K.W.N.S.-रायपुर। रायपुर संत कंवरराम सेवा समिति के उपाध्यक्ष एवं संत कंवरराम नगर (कटोरा तालाब) युवा परिषद के अध्यक्ष प्रेम प्रकाश मध्यानी, महासचिव अजय वलेचा ने बताया कि संत कंवरराम सेवा समिति एवं संत कंवरराम नगर (कटोरा तालाब) युवा परिषद के द्वारा 13 अप्रैल को सुबह 11:00 संत की 138वीं जयंती पर संत की प्रतिमा (संत कंवरराम चौक) पर पुष्पांजलि अर्पित कर माल्यार्पण किया जाएगा। इस दौरान 11:15 को आरती पूजा अर्चना कर प्रसाद वितरण किया जाएगा।
एवं इस पावन उपलक्ष्य में समिति के मध्यानी एवं वलेचा ने शहर वासियों से अपील की है कि 13 अप्रैल को अपने घरो मे संत कंवरराम साहिब का नाम सिमरन एवं पूजा अवश्य करें। एवं अपने आसपास जरूरत मंद लोगो की मदद जरूर करें।
 

K.W.N.S.-रायपुर। प्रदेश के सीएम भूपेश बघेल समेत कई दिग्गज मंत्री और कांग्रेस नेता दिल्ली प्रवास पर है। प्रदेश के दिग्गज नेताओं के अचानक दिल्ली जानें को लेकर कई तरह की राजनीतिक चर्चाएं हो रही है। इसी बीच कांग्रेस संचार विभाग अध्यक्ष सुशील आनंद शुक्ला का बयान सामने आया है।
सुशील आनंद शुक्ला ने कहा कि, छत्तीसगढ़ कांग्रेस के नेताओं का दिल्ली प्रवास एक सामान्य सांगठनिक गतिविधियों का हिस्सा है। प्रदेश में इस साल विधानसभा चुनाव भी होने वाले हैं। इसे लेकर भी लगातार चर्चा होती रहती है। उन्होंने कहा कि भारत सत्याग्रह पूरे देशभर में चलाया जा रहा है। आज के प्रवास के दौरान छत्तीसगढ़ में भी भारत सत्याग्रह को लेकर चर्चा होगी। आज की चर्चा में कर्नाटक चुनाव में छत्तीसगढ़ के कांग्रेस नेताओ की भूमिका सुनिश्चित होगी।
बता दें कि, प्रदेश के मुख्यमंत्री सीएम भूपेश बघेल, स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव, गृहमंत्री ताम्रध्वज साहू, मंत्री शिव कुमार डहरिया और विधानसभा अध्यक्ष चरणदास महंत समेत कई दिग्गज नेता दिल्ली प्रवास पर है। जानकारी के लिए बता दें कि सीएम भूपेश बघेल कल राहुल गांधी के साथ सूरत गए थे। यहां राहुल गांधी ने मानहानि मामले में मिली सजा को चुनौती दी थी।
 

 
 
K.W.N.S.-रायपुर। भगवान महावीर स्वामी के जन्मोत्सव पर श्री महावीर जन्मकल्याण महोत्सव समिति सकल जैन समाज की ओर से जैन दादाबाड़ी में पिछले कुछ दिनों से विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इसमें समाज के सभी घटकों के लोगों ने भाग लेकर अपनी-अपनी प्रस्तुति दी। इसी कड़ी में सोमवार को श्री दिगम्बर जैन महिला मण्डल की महिलाओं ने वीर प्रभु का अवतरण नृत्य नाटिका की अद्भुत सजीव चित्रण प्रस्तुत किया। कार्यक्रम की संयोजिका श्रद्धा योगेंद्र जैन (गुरुकृपा) ने बताया कि वीर प्रभु का अवतरण नृत्य नाटक में भगवान महावीर के जन्म से लेकर भगवान महावीर बनने की घटना का सजीव चित्रण नाटक के माध्यम से किया गया है। इसमें दिगम्बर जैन महिला मण्डल मालवीय रोड, टैगोर नगर, शंकर नगर की महिलाओं ने भाग लिया। इस प्रस्तुति को देखने के लिए सकल जैन समाज के धर्म प्रेमी बंधु विशाल जन समूह उमड़ पड़ा था।
 इस कार्यक्रम में विशेष रूप सें सह सयोजिका लवली सुधाशु जैन, निधि जैन, चंचल जैन, श्रुति जैन, प्रियांशी जैन, संध्या जैन के अलावा समाज की अन्य महिलाएं भी उपस्थित थीं। 4 अप्रैल यानी मंगलवार को श्री दिगम्बर जैन मंदिर पंचायत ट्रस्ट (बड़े मंदिर) मालवीय रोड सें श्री भगवान महावीर स्वामी की विमान यात्रा (शोभायात्रा) का आयोजन सकल जैन समाज की ओर से किया गया है। इसमें सभी जैन समाज के धर्मप्रेमी बंधु पारम्परिक वेश भूषा में उपस्थित रहेंगे। यह यात्रा श्री दिगम्बर जैन मंदिर (बड़े मंदिर) मालवीय रोड से प्रारम्भ होकर महावीर स्तम्भ कोतवाली चौक से सादर बाजार, सत्तीबाजार, तात्यापारा चौक, बढ़ाईपारा, रामसागर पारा, राठौड़ चौक, गुरुनानक चौक होते हुए एमजी रोड जैन दादाबाड़ी में समाप्त होगी।
 

 
K.W.N.S.-रायपुर। कांग्रेस आगामी 2023 चुनाव की तैयारी के लिए अपनी कमर कस ली है। इसी बीच आबकारी मंत्री कवासी लखमा का बयान सामने आया है। उन्होंने कहा कि दिल्ली में कांग्रेस का दरबार है। वहीं से राजनीति चलती है। विधानसभा, लोकसभा चुनाव नजदीक है। हाईकमान से रायशुमारी होगी। इसीलिए हमारे नेता गए हैं। साथ ही उन्होंने कहा कि पार्टी जो तय करेगी वही होगा। CM भूपेश पिछले साल भी नंबर वन थे। इस साल भी नंबर वन है। छत्तीसगढ़ किसानों,आदिवासियों का प्रदेश है। आगामी चुनाव CM भूपेश बघेल के नेतृत्व में होगा और वे दोबारा मुख्यमंत्री बनेंगे।
बता दें कि कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं का आज दिल्ली दौरा है। छत्तीसगढ़ के कई वरिष्ठ कांग्रेस नेता इस वक्त दिल्ली में है। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, विधानसभा अध्यक्ष चरणदास महंत, मंत्री टीएस सिंहदेव,मंत्री ताम्रध्वज साहू और मंत्री शिव डहरिया दिल्ली में मौजूद है। आज सीएम भूपेश बघेल और पीसीसी चीफ मोहन मरकाम की पार्टी के वरिष्ठ नेताओं से पार्टी के आगामी कार्यक्रमों को लेकर चर्चा हो सकती है। इसी तरह मंत्री टी एस सिंहदेव द्वारा मुख्यमंत्री बनने की इच्छा वाले बयान के बाद दिल्ली दौरे से राजनीतिक सरगर्मी बढ़ गई है।
 

 

K.W.N.S.- रायपुर। छत्तीसगढ़ में कोविड लॉकडाउन के दौरान महिला शिक्षिकाओं की पहल पर प्रारंभ किए गए ‘अंगना म शिक्षा‘ कार्यक्रम को किसी स्वतंत्र संगठन द्वारा दिया जाने वाला भारत का सर्वाेच्च नागरिक सम्मान स्कॉच अवार्ड से नवाजा गया है। इस अवार्ड के माध्यम से उन परियोजनाओं को सम्मानित किया जाता है, जो देश को बेहतर राष्ट्र बनाने के लिए प्रयास करते हैं। स्कूल शिक्षा विभाग को वर्ष 2022 के स्कॉच अवार्ड मिलने पर राज्य के मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल एवं स्कूल शिक्षा मंत्री डॉ. प्रेमसाय सिंह टेकाम ने स्कूल शिक्षा विभाग एवं इस परियोजना से जुड़ी महिला शिक्षिकाओं एवं माताओं और सभी संबंधितों को बधाई दी है। उन्होंने कोरोनाकाल में माताओं द्वारा अपने बच्चों की पढ़ाई पर घर में ध्यान देने की शुरुआत को आगे भी जारी रखते हुए सभी माताओं से अपील की है कि वे अपने बच्चों को नियमित रूप से स्कूल भेजें और उनकी पढ़ाई पर ध्यान देते हुए घर पर भी पढ़ने हेतु प्रेरित करते रहें। ‘अंगना म शिक्षा‘ को छत्तीसगढ़ के गाँव-गाँव में पहुंचाए जाने हेतु कार्यक्रम डिजाइन कर क्रियान्वयन के लिए महिला शिक्षिकाओं की एक कोर टीम का गठन किया गया है, जिसमें सभी पांच संभाग से प्रतिनिधित्व किया गया है। यह शिक्षिकाएं विगत तीन वर्षों से इस कार्यक्रम की डिजाइन कर इसमें निरंतर सुधार लाने का प्रयास कर रही हैं। प्रत्येक गाँव में सबसे पहले ‘अंगना म शिक्षा‘ मेले का आयोजन किया जाता है।
इसमें स्थानीय शिक्षिकाएं समुदाय, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं बड़ी कक्षाओं की बालिकाओं को शामिल किया जाता हैं। मेले में अलग-अलग काउंटर होते हैं, जिसमें माताएं अपने बच्चों का आकलन करवाते हुए घर पर सीखने-सिखाने की प्रक्रिया पर समझ बनाती हैं। मुख्य रूप से टेढ़े-मेढे लाईन पर चलना, चित्रों में रंग भरना, कागज से फोल्ड कर विभिन्न आकृतियाँ बनाना, वस्तुओं का वर्गीकरण करना एवं उन्हें क्रम से जमाना, कहानी सुनाना, चित्र देखकर उसका वर्णन करना, गिनती, मौखिक जोड़-घटाना जैसी गतिविधियों का आयोजन करवाया जाता है। मेले से सीखकर एवं शिक्षिकाओं द्वारा समय-समय पर उन्मुखीकरण करने से माताएं बच्चों को घर पर सीखने में सहयोग देना प्रारंभ कर देती हैं। इस कार्यक्रम में बेहतर और सक्रिय होकर कार्य कर रही माताओं को गाँव में पहचान दिलाने एवं उन्हें अन्य माताओं को इस कार्यक्रम से जोड़ने हेतु ‘स्मार्ट माता’ का खिताब देकर सम्मानित भी किया जाता है। स्मार्ट माताओं से यह अपेक्षा भी की जाती है कि वे अन्य माताओं को सक्रिय करते हुए स्कूल एवं आँगनबाड़ी में भी जाकर बच्चों की पढ़ाई में सुधार की दिशा में पहल करे। बच्चों को स्कूल में नए सत्र में प्रवेश के लिए जाते समय माताएं अपने साथ एक सपोर्ट कार्ड भी लाकर जाती हैं, जिसमें वे बच्चों के दक्षता की वर्तमान स्थिति का आकलन कर स्वयं हस्ताक्षर कर यह सूचित करती है कि उन्होंने अपने बच्चों को इन दक्षताओं को हासिल करवा लिया है, अब इसके आगे सिखाने में सहयोग दे। आगामी सत्र में प्रवेश के पूर्व सभी गावों में इस कार्यक्रम के अंतर्गत अगले चरण हेतु प्रथम एजुकेशन फाउंडेशन के साथ मिलकर महिला शिक्षिकाओं द्वारा तय किए जा रहे हैं। इस वर्ष ‘अंगना म शिक्षा‘ दिवस एवं माताओं का अपने बच्चों के साथ सेल्फी लेने का भी प्रस्ताव है।

 
K.W.N.S.-रायपुर। अजय कुमार यादव पुलिस महानिरीक्षक रायपुर एवं प्रशांत अग्रवाल वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, रायपुर द्वारा सिविल लाईन स्थित सी-4 भवन में रायपुर जिले के समस्त पुलिस राजपत्रित अधिकारियों एवं थाना प्रभारियों की बैठक ली गई। बैठक के दौरान पुलिस महानिरीक्षक महोदय द्वारा लंबित अपराध, मर्ग एवं शिकायत का जल्द से जल्द निराकरण करने, महिला संबंधी अपराधों की रोकथाम, महिला संबंधी अपराधों में त्वरित कार्यवाही तथा महिला संबंधी अपराधों में आरोपियों की जल्द से जल्द गिरफ्तारी करने, संपत्ति संबंधी मामलों में विशेष रूचि लेकर अज्ञात आरोपियों की पतासाजी कर गिरफ्तार करने के निर्देश दिये गये। गंभीर मामलों की विवेचना स्वयं थाना प्रभारियों को करने, साईबर संबंधी मामलों में हर संभव कार्यवाही कर पीड़ित को त्वरित राहत देने के निर्देश दिये गये।
नशा से संबंधित प्राप्त शिकायतों पर त्वरित कार्यवाही करने तथा नशा/जुआ/सट्टा पर पूर्णतः अंकुश लगाने निर्देशित किया गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक महोदय द्वारा भी थाना प्रभारियों को थानों में लंबित अपराध, शिकायत, मर्ग व गुम इंसानों के लंबित प्रकरणों के शीघ्र निराकरण के निर्देश दिये गये। इसके साथ ही विजिबल पुलिसिंग पर जोर देने, असामाजिक तत्वों, निगरानी गुण्डा, बदमाशों एवं पुराने अपराधियों की गतिविधियों पर निगाह रख कर समय – समय पर विशेष अभियान चलाकर इनकी चेकिंग तथा सक्रिय आरोपियों पर कार्यवाही करने हेतु निर्देशित किया गया।
शाम के समय अत्यधिक भीड़-भाड़ वाले स्थान पर पुलिस की उपस्थिति बढ़ाने के साथ ही समस्त थानों के पेट्रोलिंग एवं डॉयल 112 को और अधिक प्रभावी करने के निर्देश दिये गये। आगामी समय में होने वाले व्ही.आई.पी. ड्यिूटी एवं धरना प्रदर्शन पर बेहतर कार्य कर शांति पूर्ण तरीके से व्ही.आई.पी. ड्यिूटी एवं धरना प्रदर्शन को संपादित करने के निर्देश दिये गये।