Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.
Browsing: रायपुर

K.W.N.S.-रायपुर। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने आज अपने निवास कार्यालय में लोकप्रिय राजनेता स्वर्गीय स्वर्गीय बिसाहू दास महंत और लोक नाचा के जनक दाऊ दुलार सिंह मंदराजी की जयंती पर उनके चित्रों में माल्यार्पण कर नमन किया और श्रद्धांजलि दी। उन्होंने लोकप्रिय राजनेता स्वर्गीय बिसाहू दास महन्त को स्मरण करते हुए कहा कि उनका पूरा जीवन जनसेवा से जुड़ा रहा। महन्त ने अविभाजित मध्यप्रदेश में विधायक तथा मंत्री के रूप में प्रदेश के विकास के लिए अपनी अमूल्य सेवाएं दी। बघेल ने कहा कि स्वर्गीय बिसाहू दास महन्त के सपनों के अनुरूप नवा छत्तीसगढ़ के निर्माण की दिशा में राज्य सरकार आगे बढ़ रही है।
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने लोककला ‘नाचा‘ के जनक माने जाने वाले स्वर्गीय दाऊ दुलार सिंह मंदराजी दाऊ के अमूल्य योगदान को याद करते हुए कहा कि दाऊ मंदराजी ने ‘नाचा‘ को पुनर्जीवित करने और उसे बचाए रखने के लिए अपना पूरा जीवन समर्पित कर दिया। उन्होंने नाचा को सामाजिक कुरीतियों के प्रति जनचेतना जगाने का माध्यम बनाया। सीएम ने कहा कि दाऊ ने लोक कलाकारों को संगठित कर छत्तीसगढ़ी नाचा-गम्मत को विश्वपटल पर स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। मुख्यमंत्री ने कहा है कि लोगों में नाचा कला को पुनर्स्थापित करने वाले लोक कलाकार दाऊ दुलार सिंह मंदराजी का व्यक्तित्व अगली कई पीढ़ियों को प्रेरित करता रहेगा। इस अवसर पर पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री रविन्द्र चौबे ने भी दोनों विभूतियों को विनम्र श्रद्धांजलि दी।

K.W.N.S.-रायपुर। छत्तीसगढ़ में मनरेगा (महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी अधिनियम) श्रमिकों को आज यानी 1 अप्रैल 2023 से प्रतिदिन 221 रुपए की मजदूरी मिलेगी। केंद्रीय ग्रामीण विकास मंत्रालय द्वारा मनरेगा के अंतर्गत वित्तीय वर्ष 2023-24 के लिए राज्यवार प्रतिदिन मजदूरी की दर का राजपत्र में प्रकाशन कर दिया गया है।
221 मनरेगा के तहत काम करने वाले अकुशल हस्त कर्मकारों हेतु छत्तीसगढ़ के लिए 221 रुपए प्रतिदिन की मजदूरी तय की गई है। यह नई दर 1 अप्रैल 2023 से प्रभावी होंगी। केन्द्रीय ग्रामीण विकास मंत्रालय द्वारा चालू वित्तीय वर्ष 2022-23 के लिए 204 रुपए मजदूरी दर निर्धारित थी। आगामी वित्तीय वर्ष के लिए इसमें 17 रुपए की बढ़ोतरी की गई है।
K.W.N.S.-रायपुर। सुंदर नगर रायपुर निवासी सेवानिवृत्त ज़िला खाद्य अधिकारी प्रेमनारायण शुक्ल का निधन हो गया है। उनका अंतिम संस्कार आज यानि 1 अप्रैल को सुबह 11.30 बजे महादेव घाट मुक्तिधाम पर किया जाएगा। वे अपर संचालक उद्योग विभाग प्रवीण शुक्ला एवं सीए बंकिम शुक्ला के पिता एवं सीए पदम् शुक्ला, नील , सत्यम , संजय तथा शंख शुक्ला के दादा थे.

K.W.N.S.-रायपुर। अनुसूचित जाति विकास प्राधिकरण छग शासन सदस्य एवं महिला कांग्रेस प्रदेश महासचिव रत्नावली कौशल ने अपने नई दिल्ली प्रवास के दौरान भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव एवं छत्तीसगढ़ कांग्रेस सह प्रभारी चंदन यादव से प्रभारी सौजन्य भेंट कर तिरंगा गमछा पहना कर उनका अभिनंदन किया। तत्पश्चात छत्तीसगढ़ में भूपेश बघेल सरकार की ऐतिहासिक उपलब्धियों और महत्वकांक्षी जन कल्याणकारी योजनाओं तथा भूपेश बघेल के नेतृत्व में कांग्रेस की निरंतर बढ़ती साख की जानकारी यादव को दी। इसके प्रत्युत्तर में यादव ने सुश्री कौशल को उज्जवल राजनैतिक भविष्य की शुभकामनाएं दी।
हिन्द सेना महिला ब्रिगेड राष्ट्रीय अध्यक्ष रत्नावली कौशल ने चंदन यादव से कहा कि कर्मठ,जनप्रिय और सफल मुख्यमंत्री के रूप में भूपेश बघेल छत्तीसगढ़ के लिए अनमोल रत्न साबित हो रहे हैं,बघेल ने अपने महज चार साल के शासनकाल में छत्तीसगढ़ की तस्वीर और तकदीर बदलकर रख दी है, उन्होंने छत्तीसगढ़ पर वर्षों से लगते आ रहे पिछड़ेपन के दाग को मिटा दिया है। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ अब विकास के नए आयाम गढ़ रहा है,हर मामले में यह राज्य तेजी से कामयाबियां हासिल करते हुए विकास के पथ पर तीव्र गति से आगे बढ़ रहा है। कौशल ने छत्तीसगढ़ कांग्रेस प्रभारी यादव को बताया कि मुख्यमंत्री भूपेश बघेल दूरगामी और उत्कृष्ट परिणाम देने वाली योजनाएं बनाकर उन्हें धरातल पर अमलीजामा पहना रहे हैं।सर्वहारा वर्ग के हितों को ध्यान में रखकर भूपेश बघेल सरकार द्वारा संचालित योजनाएं छत्तीसगढ़ के निवासियों के लिए वरदान साबित हो रही हैं, मुख्यमंत्री भूपेश बघेल द्वारा रोजगार के व्यापक अवसर उपलब्ध कराए जाने के कारण राज्य के लोगों की आमदनी और क्रयशक्ति दोनों में भरपूर इजाफा हो रहा है,व्यापारियों को इस्पेक्टर राज के भय से मुक्ति मिल गई है। प्रदेशभर से आरटीओ बैरियर्स हटा दिए गए हैं,इससे ट्रांसपोर्टरों, किसानों,उद्यमियों और व्यापारियों को बड़ी राहत मिली है। प्रदेश में अनाज,निर्माण सामग्री,औद्योगिक उत्पादों, राशन,जरूरी उपभोक्ता सामानों का बेरोकटोक और त्वरित गति से परिवहन हो रहा है। इसके कारण जहां ट्रांसपोर्टर्स को डीजल के बेतहाशा खर्चे से काफी राहत मिली है,वहीं उनका समय भी बच रहा है। कौशल ने कहा कि ट्रांसपोर्टेशन चार्ज कम लगने तथा समय पर सामान पहुंच जाने से सामानों के खराब होने का खतरा समाप्त हो गया है और महंगाई पर भी प्रभावी नियंत्रण लगा है।
भूपेश बघेल सरकार ने हालिया पेश अपने बजट में कोई नया कर नहीं लगाया है तथा व्यापारियों और छोटे मंझोले उद्योगों को कई तरह की राहतें भी प्रदान की हैं। मुख्यमंत्री बघेल का यह फैसला भी आम जनता पर से महंगाई का बोझ कम करने में बड़ा ही कारगर साबित हुआ है। कांग्रेस नेत्री रत्नावली कौशल ने श्री यादव को भूपेश बघेल सरकार द्वारा किसानों, महिलाओं,आदिवासियों,मजदूरों, अनुसूचित जाति के लोगों, पिछड़ों और गरीबों के हितार्थ और समग्र उत्थान के लिए भूपेश बघेल सरकार द्वारा उठाए गए ऐतिहासिक कदमों की जानकारी भी विस्तार से दी। उन्होंने बताया कि हमारे राज्य में मुख्यमंत्री बघेल ने जो जनहितकारी योजनाएं आरंभ कर रखी हैं, वे दूसरे राज्यों के लिए नजीर बन गई हैं। भूपेश बघेल के विकास मॉडल और जनकल्याण वाली योजनाओं को दूसरी राज्य सरकारें भी आत्मसात करने लगी हैं। छत्तीसगढ़ में संचालित अनेक लोक कल्याणकारी योजनाओं को केंद्र सरकार से भी सराहना मिल चुकी है।

K.W.N.S.-रायपुर। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने लोककला ‘नाचा‘ के जनक माने जाने वाले स्वर्गीय दाऊ दुलार सिंह मंदराजी की एक अप्रैल को जयंती पर उन्हें नमन किया है। श्री बघेल ने छत्तीसगढ़ी लोककला के संरक्षण में दाऊ जी के अमूल्य योगदान को याद करते हुए कहा कि दाऊ मंदराजी ने ‘नाचा‘ को पुनर्जीवित करने और उसे बचाए रखने के लिए अपना पूरा जीवन समर्पित कर दिया। उन्होंने नाचा को सामाजिक कुरीतियों के प्रति जनचेतना जगाने का माध्यम बनाया।
श्री बघेल ने कहा कि दाऊ जी ने लोक कलाकारों को संगठित कर छत्तीसगढ़ी नाचा-गम्मत को विश्वपटल पर स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। राज्य सरकार द्वारा कला के ऐसे सच्चे साधक के सम्मान और नाचा कला को अक्षुण्ण बनाए रखने के लिए दाऊ दुलार सिंह मंदराजी सम्मान दिया जाता है। मुख्यमंत्री ने कहा है कि लोगों में नाचा कला को पुनर्स्थापित करने वाले लोक कलाकार दाऊ दुलार सिंह मंदराजी का व्यक्तित्व अगली कई पीढ़ियों को प्रेरित करता रहेगा।
K.W.N.S.-रायपुर। कल PCC प्रभारी कुमारी शैलजा रायपुर दौरे पर रहेंगी। कुमारी शैलजा लोकतंत्र बचाओ मशाल रैली में शामिल होंगी। इस रैली में छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल भी शामिल होंगे। इस रैली में राहुल गांधी के संसद की सदस्यता खत्म करने के फैसले पर सवाल किया जाएगा। कांग्रेस नरेंद्र मोदी सरकार पर कल जोरदार हमला बोलने वाली है। बताया जा रहा है कि लोकतंत्र बचाओ मशाल रैली में हजारों की संख्या में हजारो कांग्रेसी पहुंचने वाले है।

K.W.N.S.- रायपुर। छत्तीसगढ़ में आज दोपहर तेज धूप के बाद मौसम का मिजाज बदलने लगा है. वहीं मौसम विभाग ने प्रदेश के 22 जिलों के लिए यलो अलर्ट जारी किया है. छत्तीसगढ के कई इलाकों में अगले चार घंटे में गरज चमक के साथ अंधड़ चलने और आकाशीय बिजली गिरने की संभावना जताई गई है. मौसम विभाग ने जशपुर, कोरिया, सूरजपुर, बलरामपुर, सरगुजा, पेंड्रा रोड, कोरबा, मुंगेली, बिलासपुर, जांजगीर, कबीरधाम, बेमेतरा, बलौदाबाजार, राजनांदगांव, दुर्ग, रायपुर, कांकेर, कोंडागांव, नारायणपुर, बीजापुर, सुकमा, बस्तर जिले के लिए यलो अलर्ट जारी किया है. बीजापुर में अंधड़ के साथ बारिश शुरु हो चुकी है।
मौसम विभाग के मुताबिक दक्षिण पश्चिम राजस्थान के ऊपर एक चक्रवाती घेरा बना हुआ है. एक द्रोणिका मध्यप्रदेश के उत्तरी भाग से दक्षिण तमिलनाडु तक बनी हुई है और इस वजह से आंधी और बारिश की संभावना बनी हुई है. गुरुवार रात को रायपुर, बिलासपुर, सूरजपुर के अलावा, सरगुजा, बलरामपुर ,जशपुर ,पेंड्रा रोड, बिलासपुर ,कोरबा, जांजगीर, रायगढ़ ,मुंगेली ,कवर्धा ,बेमेतरा और इससे लगे जिलों में गरज चमक के साथ बारिश हुई है।

K.W.N.S.-रायपुर। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने आज अपने निवास कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक मर्यादित दुर्ग के अंतर्गत बैंक की शाखा भवन अहिवारा सहित 11 एटीएम तथा गोदामों का वर्चुअल रूप से लोकार्पण किया। कार्यक्रम में कुल 2 करोड़ 21 लाख 68 हजार रूपए की राशि के विकास कार्या का लोकार्पण किया गया। आज 11 एटीएम का लोकार्पण हुआ, इनमें ग्राम अण्डा, बोरसी, अहिवारा, अरमरीकला, अर्जुन्दा, करहीभदर, डौंडीलोहारा, बेलौदी, कुरदी, भांठागांव- आर और जेवरा में एटीएम स्थापित किए गए है।
मुख्यमंत्री बघेल ने इस अवसर पर कहा कि छत्तीसगढ़ में अब किसानों सहित ग्रामीण अर्थव्यवस्था में आमूल-चूल परिवर्तन दिखाई देने लगा है। हमने राज्य में सहकारिता को मजबूती प्रदान करने के लिए लगातार काम किया है। सहकारिता के क्षेत्र की कठिनाईयों को दूर करते हुए इसके माध्यम से किसानों और ग्रामीणों को ज्यादा से ज्यादा लाभ पहुंचाने की कोशिश की है। यही वजह है कि पिछले चार वर्षाे के दौरान छत्तीसगढ़ के किसानों और ग्रामीणों के जीवन में सहकारिता के माध्यम से बड़ा बदलाव आया है।
मुख्यमंत्री बघेल ने आगे कहा कि छत्तीसगढ़ में ग्रामीण अर्थव्यवस्था सहित किसानों को आर्थिक रूप से मजबूत करने के लिए निरंतर कार्य हो रहे है। इनमें शून्य प्रतिशत ब्याज दर पर कृषि ऋण की सुविधा मुहैया कराई जा रही है। इसके अलावा हमने राज्य में किसानों को ऋण माफ करके तथा बकाया सिंचाई कर माफ करके उनमें नयी ताकत जगाई है। साथ ही किसानों को उनकी उपज की सही कीमत दिलाने के लिए राजीव गांधी किसान न्याय योजना संचालित है। इसके माध्यम से चार किश्तों में प्रोत्साहन राशि दी जाती है। किसानों को उचित समय पर इनपुट सब्सिडी मिलने से खेती-किसानी में उन्हें आसानी हुई है। राज्य सरकार द्वारा धान खरीदी की सीमा में वृद्धि करते हुए अब 20 क्विंटल प्रति एकड़ धान खरीदी करने का निर्णय लिया है।
मुख्यमंत्री बघेल ने बताया कि पूर्व में प्रदेश में 1,286 सेवा सहकारी समितियां थी, आज 2028 सहकारी समितियां है। किसानों को उनके गांव के नजदीक ही ऋण तथा खाद-बीज मिल सके और धान बेचने की सुविधा बढ़े, इसके लिए शासन द्वारा 695 नयी सहकारी समितियों का गठन किया गया है। किसान अपने गांव के नजदीक ही धान बेच सके, इसके लिए पूरे प्रदेश में नये धान खरीदी केन्द्र खोले गए हैं। वर्तमान में प्रदेश में 2617 धान खरीदी केन्द्र संचालित है। इसी तरह प्रदेश में जिला सहकारी केंद्रीय बैंक की शाखाएं वर्तमान में 272 से बढ़कर 325 तथा इनके एटीएम की संख्या 29 से बढ़कर 148 हो गई हैं। इसके वजह से प्रदेश में धान खरीदी का कार्य सुचारू रूप से संचालित हुआ। इसमें किसानों को धान की बिक्री में कोई दिक्कत नहीं हुई। साथ ही इससे किसानों का उत्साह बढ़ा और वे नई ऊर्जा के साथ खेती-किसानी कर रहे हैं।
कार्यक्रम को अपेक्स बैंक के अध्यक्ष श्री बैजनाथ चंद्राकर ने संबोधित करते हुए कहा कि राज्य में मुख्यमंत्री श्री बघेल के नेतृत्व में हमारी सरकार द्वारा कृषि क्षेत्र को बढ़ावा देने के साथ-साथ सहकारिता के विस्तार के क्षेत्र में भी उल्लेखनीय कार्य किए जा रहे हैं। इससे किसानों को लेन-देन तथा खेती-किसानी के कार्य में अच्छी सुविधा हो गई है। राज्य में सहकारिता के माध्यम से किसानों को मदद पहुंचाने हर संभव पहल की जा रही है। उन्होंने बताया कि छत्तीसगढ़ में सहकारिता विस्तार के क्षेत्र में हो रहे कार्यों की सराहना अन्य राज्यों में भी होने लगी है। कार्यक्रम को जिला सहकारी केंद्रीय बैंक दुर्ग के अध्यक्ष श्री राजेन्द्र साहू ने भी संबोधित किया।

K.W.N.S.-रायपुर। स्वास्थ्य सेवाओं के संचालक भीम सिंह की अध्यक्षता में आज पीसीपीएनडीटी एक्ट के राज्य सलाहकार समिति की बैठक हुई। उन्होंने नवा रायपुर स्थित स्वास्थ्य भवन में आज एआरटी/सरोगेसी एक्ट-2021 के क्रियान्वयन की भी समीक्षा की और आवश्यक निर्देश दिए। बैठक में पीसीपीएनडीटी एक्ट के संयुक्त संचालक डॉ. प्रशांत श्रीवास्तव, पंडित जवाहर लाल नेहरू चिकित्सा महाविद्यालय रायपुर में प्रसूति एवं स्त्री रोग विभागाध्यक्ष डॉ. ज्योति जायसवाल, शिशु रोग विभागाध्यक्ष डॉ. ओंकार प्रसाद खंडवाल, रेडियो डायग्नोसिस के प्राध्यापक डॉ. विवेक पात्रे, सहायक प्राध्यापक डॉ. प्रीति सतपथी, स्वास्थ्य विभाग के उप संचालक डॉ. महेन्द्र सिंह, डॉ. आर.के. पटेल, हिना यास्मिन खान, विधि विभाग के उप सचिव प्रशांत कुमार भार्गव और पीसीपीएनडीटी कन्सल्टेंट वर्षा राजपूत भी बैठक में उपस्थित थीं।
पीसीपीएनडीटी एक्ट के राज्य सलाहकार समिति की बैठक में एक्ट के अंतर्गत सोनोग्राफी के छह माह के प्रशिक्षण के अगले बैच के लिए नियमावली बनाए जाने का निर्णय लिया गया। बैठक में पीजी के बाद बॉन्ड सेवा नहीं दिए जाने वाले चिकित्सकों पर कार्यवाही किए जाने के निर्देश दिए गए। स्त्री रोग विशेषज्ञों की सोनोग्राफी में दक्षता के लिए उन्हें तीन माह का प्रशिक्षण दिए जाने के प्रस्ताव पर भी विचार-विमर्श किया गया।
एआरटी/सरोगेसी एक्ट-2021 की बैठक में पंजीयन के लिए प्राप्त आवेदनों में से निरीक्षण के बाद योग्य पाए गए केंद्रों जिन्होंने पंजीयन शुल्क जमा कर दिया है, उन्हें पंजीयन प्रमाण पत्र जारी करने का निर्णय लिया गया। एक्ट के अंतर्गत राज्य में अब तक 56 केंद्र पंजीकृत हैं जिनमें 34 एआरटी क्लिनिक, दस एआरटी बैंक और 12 सरोगेसी क्लिनिक शामिल हैं। बैठक में 1 अप्रैल से पंजीयन शुल्क जमा किए जाने के बाद ही आवेदनों पर निरीक्षण की कार्यवाही किए जाने का निर्णय लिया गया।

K.W.N.S.-रायपुर। छत्तीसगढ़ में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना की उपलब्धियों को लेकर प्रधानमंत्री नरेंन्द्र मोदी ने ट्वीट कर प्रशंसा की है। छत्तीसगढ़ में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के नेतृत्व में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना अंतर्गत अब तक 16,297 किमी सड़कों का निर्माण हो चुका है। प्रदेश में अब तक 2589 सड़कें और 357 पुलों का निर्माण हुआ है। योजना में 9602 करोड़ रूपए के बजट का प्रावधान है, जिसमें से अब तक 8736 करोड़ रूपए का व्यय किया जा चुका है। राज्य को प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना – 3 के तहत प्रथम स्वीकृति प्राप्त हुई, जिसे पूर्ण करने में छत्तीसगढ़ अग्रणी रहा।
मुख्यमंत्री ने अपने प्रदेशव्यापी भेंट मुलाकात कार्यक्रम के दौरान भी आमजनों से सीधा संवाद किया। आमजनों से हुई चर्चा के दौरान मुख्यमंत्री को ग्रामीण अंचल की सड़कों से जुड़ी प्रतिक्रियाएं मिली। इन प्रतिक्रियाओं के आधार पर उन्होंने अधिकारियों को सड़कों के रखरखाव और मरम्मत का कार्य समयसीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए। वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा इसकी सतत समीक्षा भी की गई। परिणामस्वरूप प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के अंतर्गत गांव तक आवागमन के लिए सड़कें बेहतर हुई है। वित्तीय वर्ष 2022-23 में राज्य शासन से इस योजना के अंतर्गत निर्मित सड़कों के संधारण के लिए सर्वाधिक 700 करोड़ रूपए का बजट मिला। वित्तीय वर्ष में निर्धारित लक्ष्य 6000 किलोमीटर सड़कों के नवीनीकरण के लक्ष्य के विरूद्ध अब तक 5436 किलोमीटर के नवीनीकरण का कार्य पूर्ण हो चुका है।
उत्कृष्ट प्रदर्शन पर मिली 271 करोड़ की प्रोत्साहन राशि
वर्ष 2019-20 और 2020-21 में राज्य के उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर केंद्र से वित्तीय प्रोत्साहन राशि के रूप में 271 करोड़ रूपए भी प्राप्त हआ है। प्रदेश के अतिसंवेदनशील नक्सल प्रभावित बस्तर संभाग में भी प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत निर्मित सड़कों के संधारण और नवीनीकरण कार्य में उल्लेखनीय प्रगति हुई है। बस्तर की 231 किलोमीटर की 75 सड़कों का 37 करोड़ रूपए की लागत से संधारण किया गया है। इसी तरह आदिवासी बाहुल्य क्षेत्र सरगुजा संभाग की 146 सड़कें, जिनकी लंबाई 560 किलोमीटर है, उनका संधारण 90 करोड़ रूपए की लागत से किया गया। अति नक्सल प्रभावित नारायणपुर जिला अंतर्गत पूर्व में कोई भी नवीनीकरण के कार्य नहीं हुए थे, वहां भी सड़क निर्माण के बाद पहली बार 10.50 किलोमीटर लंबी 4 सड़कों के नवीनीकरण का कार्य किया जा रहा है।
वित्तीय वर्ष 2023-24 में नवीनकरण कार्य के लिए 2915 किलोमीटर लम्बी 782 सड़कों के संधारण के लिए 779 करोड़ रूपए की राशि प्रस्तावित है। उन्होंने बताया कि छत्तीसगढ़ राज्य में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना अंतर्गत निर्मित सड़कों में नवीनीकरण कार्य के लिए नियमित रूप से राज्य शासन द्वारा बजट उपलब्ध कराये जाने के फलस्वरूप नवीनीकरण कार्य में देश में अग्रणी स्थान पर है।
प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना अंतर्गत निर्मित सड़कों का संधारण और रखरखाव का दायित्व राज्य सरकार का रहता है। भारत सरकार द्वारा इसके लिए कोई भी राशि नहीं दी जाती है। इस संबंध में भारत सरकार को भी केन्द्रांश दिये जाने का अनुरोध किया जाता रहा है। प्रदेश में योजना के प्रारंभ से अब तक कुल 8193 सड़कें लंबाई 40,234 किलोमीटर का निर्माण पूर्ण हो चुका है। इन निर्मित सड़कों से 10,590 पात्र बसाहटें लाभान्वित हो चुकी है। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना द्वारा निर्मित सड़कें ग्रामीण क्षेत्र के ग्रामीणों के लिए आवागमन का एक मात्र बारहमासी मार्ग होता है। ग्रामीणों के लिए प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना की सड़कें जीवन रेखा के समान है।
प्रदेश में निर्मित सड़कों में से 3664 सड़कें लंबाई 17,577 किमी पांच वर्ष नियमित संधारण के अंतर्गत हैं, शेष सड़कों के निर्माण की पांच वर्ष की अवधि पूर्ण हो जाने के बाद नवीनीकरण की स्थिति में हैं। अब तक कुल 5609 सड़कें जिनकी लंबाई 22,700 किलोमीटर का नवीनीकरण का कार्य पूर्ण किया जा चुका है।