Browsing: रायपुर

 
K.W.N.S.-रायपुर। नया रायपुर में कांग्रेस का राष्ट्रीय महाधिवेशन 24 से 26 फरवरी तक चलेगा. महाधिवेशन में शामिल होने आज से कांग्रेस नेताओं का पहुंचना शुरू हो गया है. इसके चलते एयरपोर्ट पर वीआईपी मूवमेंट बढ़ गया है. कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता जयराम रमेश रायपुर पहुंच गए हैं. कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे भी आज आएंगे. एयरपोर्ट पर डेलीगेस्ट्स को रिसीव करने पीसीसी चीफ मोहन मरकाम पहुंचे हैं. मरकाम ने कहा, अधिवेशन में सभी कमेटियां अपनी रिपोर्ट देंगी. कुल 6 कमेटियां बनाई गई है।
पीसीसी चीफ मोहन मरकाम ने कहा, राष्ट्रीय महाधिवेशन में विदेश नीति, आर्थिक नीति समेत अलग-अलग रिपोर्ट दी जाएगी. 25 और 26 फरवरी को अधिवेशन में इसी रिपोर्ट पर चर्चा होगी. अशोक गहलोत साढ़े तीन बजे रायपुर पहुंचेंगे, वहीं हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू भी आज आएंगे।
कांग्रेस के राष्ट्रीय महाधिवेशन में शामिल होने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, केसी वेणुगोपाल, रणदीप सुरजेवाला, के राजू, दिग्विजयसिंह, सुशील कुमार सिंदे, वी नारायण सामी, मीरा कुमार, आनंद शर्मा, सुबोध कांत सहाय, गौरव गोगोई, अमृता राव, कमलनाथ, विश्वा मोहली, हरीश रावत, नेटटा डिसूजा, मानिकराव ठाकरे, डी रघु शर्मा, अमीन पटेल, अमरजीत सिंह, निशांत सिद्धकी, डीके श्रीकुमार, संदेश खंडेकर, भूषण पाटील, नगमा मुरारजी, सूरज ठाकुर, भंवर सिंह भाटी, सीताराम लांबा, इमरान प्रतापगढ़ी, राजीव शुक्ला, सफीउल्लाह, सत्यनारायण, दीपक राज, श्रीधर नारायणा समेत कई दिग्गज नेता आज रायपुर आएंगे।
 

 
K.W.N.S.-रायपुर। राज्यपाल विश्वभूषण हरिचंदन के छत्तीसगढ़ के राज्यपाल के रूप में शपथ ग्रहण उपरांत प्रदेश के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने पुष्पगुच्छ भेंटकर अभिवादन किया और शुभकामनाएं दी। बता दें कि आज विश्वभूषण हरिचंदन ने आज राजभवन के दरबार हॉल में आयोजित गरिमामय समारोह में छत्तीसगढ़ के नौवें राज्यपाल के रूप में अपने पद की शपथ ली। उच्च न्यायालय, बिलासपुर के मुख्य न्यायधिपति न्यायमूर्ति अरूप कुमार गोस्वामी ने उन्हें शपथ दिलाई। इस अवसर पर प्रथम महिला सुप्रभा हरिचंदन भी उपस्थित रहीं।
राजनीतिक कैरियर
वर्ष 1977 में कैबिनेट मंत्री के रूप में उनके कार्यकाल के दौरान, आवश्यक वस्तुएं, जिनकी आपातकाल के दौरान कमी पाई गयी थी। उन्होनें आवश्यक वस्तुआंे को न केवल स्वतंत्र रूप से उपलब्ध कराया बल्कि मूल्य-रेखा को लगातार बनाए रखा। कालाबाजारी करने वालों और जमाखोरों के खिलाफ उनकी कड़ी कार्रवाई जिसने उन्हें ओडिशा में बहुत लोकप्रिय बना दिया।
ओडिशा में राजस्व मंत्री के रूप में, उन्होंने प्रशासन की सुविधा के लिए भूमि अभिलेखों के कम्प्यूटरीकरण, सरलीकरण और राजस्व कानूनों को संहिताबद्ध करने पर जोर दिया और 1956 के विनियम 2 में संशोधन करके और इसे और अधिक कठोर बनाकर अवैध रूप से और धोखाधड़ी से हस्तांतरित की गई आदिवासी भूमि की बहाली के लिए साहसिक कदम उठाए तथा राजस्व प्रशासन को और अधिक जनहितैषी बनाकर पुनर्गठित किया। ओडिशा में उद्योग मंत्री के रूप में उन्होंने सिंगल विंडो सिस्टम शुरू करने की पहल की और उद्योग सुविधा अधिनियम पारित करवाया। उनके गहन प्रयासों के कारण ही राज्य की ‘आरआर’ (पुर्नवास एवं प्रतिस्थापन) नीति, उस समय देश की सर्वश्रेष्ठ आरआर नीति बनी थी। हरिचंदन ने कैबिनेट उप समिति के अध्यक्ष के रूप में इस नीति को अमलीजामा पहनाया, जिससे विस्थापितों के पुनर्वास के क्षेत्र में एक क्रांतिकारी परिवर्तन आया।
राज्य सरकार के ऋणों की अदायगी के लिए सभी अधिशेष सरकारी भूमि की बिक्री के खिलाफ उन्होंने कड़ा विरोध किया। उन्होंने कहा कि जमीन की मालिक सरकार नहीं बल्कि राज्य होता है तथा सरकार के पास सिर्फ ट्रस्टी जैसी सीमित शक्तियां होती हैं। उन्होंने अधिशेष सरकारी भूमि की बिक्री का जोरदार विरोध किया जिस कारण राज्य मंत्रिमंडल को अपना निर्णय बदलना पड़ा। ब्रिटिश शासन के खिलाफ बख्शी जगबंधु के नेतृत्व में उड़िया लोगों द्वारा स्वतंत्रता के लिए ऐतिहासिक युद्ध 1817 के पाइक विद्रोह को राष्ट्रीय मान्यता दिलाने के लिए उन्होंने 1978 वर्ष से निरंतर प्रयासरत रहे। परिणाम स्वरूप माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदीजी ने राष्ट्रीय स्तर पर इसके द्विशताब्दी समारोह आयोजित करने के निर्देश दिये।
 

 
 
K.W.N.S.-रायपुर। कांग्रेस के 85वें राष्ट्रीय अधिवेशन की तैयारी पूरी हो चुकी है। इसका जायजा लेने मुख्यमंत्री भूपेश बघेल बुधवार रात नवा रायपुर पहुंचे। जहां उन्होंने तैयारियों का मुआयना किया। उन्होंने कहा कि हमारी तैयारी पूरी है, हम अपने राष्ट्रीय नेता के स्वगात के लिए तैयार हैं। कल कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खडग़े आ रहे हैं, एयरपोर्ट से अधिवेशन स्थल तक भव्य स्वागत की तैयारी है। अधिवेशन को लेकर हम सब उतसाहित हैं।
इसे लेकर सीएम ने ट्वीट भी किया है। उन्होंने लिखा कि- नवा रायपुर में कांग्रेस का 85वां महाधिवेशन होना है। कांग्रेस का इतना बड़ा महाकुम्भ पहली बार छत्तीसगढ़ की धरती पर होने जा रहा है। हम सभी उत्सुक हैं। पूरा छत्तीसगढ़ और कांग्रेस परिवार स्वागत को तैयार है। वहीं इसके अलावा सीएम ने भारत जोड़ो यात्रा और हाथ से हाथ जोड़ो यात्रा को लेकर कहा कि इसका बड़ा असर देश में दिख रहा है। आने वाले कई वर्षों में ऐसी यात्रा शायद ही हो। राहुल गांधी के साथ पूरा देश आज खड़ा हो गया है।
12 से ज्यादा एसी डोम, रसोई घर में रोज बनेगा 20 हजार लोगों का खाना : कांग्रेस के 24 से 26 फरवरी तक होने वाले तीन दिवसीय राष्ट्रीय अधिवेशन के लिए नवा रायपुर के मेलास्थल पर 12 से ज्यादा डोम लगभग तैयार कर लिए गए हैं। हर डोम एयरकंडीशंड रहेंगी और इनकी कूलिंग क्षमता 350-350 एसी के बराबर है। इसके लिए एसी की पाइप लाइनें बिछा दी गई हैं। अधिवेशन के लिए भव्य पंडाल बनाया गया है। जिस डोम में सारे वीआईपी रहेंगे, उसमें बड़ा मंच बनाया गया है। यह थीम बेस्ड है। मंच के आसपास ही 170 से ज्यादा एसी रहेंगे। भोजन डोम, बैठक डोम, मीडिया गैलरी सहित सभी डोम एयरकंडीशंड होंगे। अधिवेशन में शामिल होने वाले लगभग 15 हजार सदस्य और ड्यूटी में लगे 5 हजार लोगों के लिए रोजाना वहीं भोजन बनेगा। रोज एक टाइम में रोटियां ही एक लाख बनेंगी। क्विंटलों चावल, दालें और सब्जियां बनाई जाएंगी।
राष्ट्रीय अधिवेशन में तकरीबन 15 हजार लोगों के आने की संभावना है। उनके लिए 1500 से ज्यादा गाडिय़ों की व्यवस्था की जा रही है। नागपुर से 300 इनोवा, दिल्ली से 100 लग्जरी कारें, इंदौर-नागपुर से लग्जरी बसें मंगवाई गई है। तीन दिन के अधिवेशन के लिए दर्जनभर वॉल्वो समेत सब मिलाकर 800 बड़ी-छोटी बसें पहुंच रही हैं। 700 छोटी गाडिय़ों की बुकिंग की गई है। इसमें ढाई सौ वीआईपी के लिए लग्जरी कारें भी लगेंगी। उनकी सुरक्षा और पायलट-फॉलो के रूप में 600 सरकारी गाडिय़ां रहेंगी। प्रदेश की अधिकांश ट्रैवल एजेंसियों की सारी गाडिय़ां बुक कर ली गई हैं। दूसरे राज्यों से भी बसें और कारें मंगवाई जा रही हैं।
तीन हजार जवान सुरक्षा में एक आईजी : अधिवेशन में 3000 पुलिस वालों की ड्यूटी लगाई गई हैं। आईजी इसके प्रभारी होंगे। उनके सहयोग के लिए 4 डीआईजी और डेढ़ दर्जन एएसपी की ड्यूटी लगाई गई है। अधिवेशन के भीतर सादी वर्दी में भी पुलिस वाले तैनात रहेंगे। जहां-जहां नेता रुकेंगे, वहां भी फोर्स रहेगी। वीवीआईपी और वीआईपी के आने का रूट अलग रहेगा। 400 जवान ट्रैफिक व्यवस्था संभालेंगे।
होटल, धर्मशालाएं, मैरिज पैलेस सर्किट हाउस समेत सब बुक : अधिवेशन में आने वालों के लिए राजधानी के 150 बड़े-मंझौले होटल पूरी तरह बुक कर लिए गए हैं। इसके अलावा 150 छोटे-बड़े रेस्ट हाउस, धर्मशाला, क्लब हाउस और मैरिज पैलेस को भी रिजर्व कर लिया गया है। सरकारी रेस्ट हाउस और सर्किट हाउस भी बुक हैं। कुछ मंत्री और नेताओं के बंगले में भी ठहरने की व्यवस्था की गई है। सूत्रों के अनुसार दुर्ग, भिलाई और महासमुंद के होटल-लॉज तक बुक हैं, ताकि जरूरत पडऩे पर लोगों को वहां ठहराया जा सके।
नाश्ते से डिनर तक के मेनू में कई राज्यों की परंपरागत डिशें : अधिवेशन में देशभर से कांग्रेस नेता आएंगे, इसलिए मेनू में कई राज्यों की डिशें रखी गई हैं। भोजन व्यवस्था की जिम्मेदारी राजधानी के दो कैटरर्स को दी गई है। अधिवेशन स्थल पर रोज 20 हजार लोगों का हाई-टी, लंच और डिनर की व्यवस्था की जाएगी। रोजाना 15 क्विंटल चावल बनेगा और 1 लाख रोटियां बनाई जाएंगी। 4 क्विंटल दाल रोज पकेगी और सब्जियों की खपत भी करीब 5 क्विंटल के आसपास होगी।
सिल्क के गमछे से सोनिया, राहुल, प्रियंका का स्वागत : अधिवेशन में आने वाले अतिथियों का स्वागत प्रदेश के राजकीय गमछे से किया जाएगा। सोनिया गांधी, राहुल गांधी, मल्लिकार्जुन खरगे, प्रियंका गांधी, जयराम रमेश, दिग्विजय सिंह, अशोक गहलोत सहित तमाम वीवीआईपी और कांग्रेस के प्रथम पंक्ति के नेताओं का स्वागत सिल्क से बने राजकीय गमछे से किया जाएगा। बाकी नेताओं का स्वागत कॉटन के गमछे से किया जाएगा। अधिवेशन के लिए करीब 10 हजार गमछे खरीदे जाएंगे।
मेला स्थल से एक किमी के दायरे में सभी पार्किंग : राज्योत्सव मैदान अधिवेशन स्थल के भीतर 2000 और बाहर 3000 गाडिय़ों की पार्किंग की व्यवस्था रहेगी। कार्यक्रम स्थल में प्रवेश के लिए 8 द्वार बनाए गए हैं। कौन से द्वार से कौन आ-जा सकेगा, यह भी तय किया गया है। गेट नंबर-1 से कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष, गांधी परिवार, कांग्रेस शासित राज्यों के सीएम समेत अन्य वीवीआईपी प्रवेश करेंगे।
गेट-2 से वीआईपी प्रवेश करेंगे। गेट-3 कैटरिंग टीम, गेट-4 एआईसीसी सदस्यों के लिए रहेगी। गेट-5 व 6 पीसीसी सदस्यों के लिए रहेगा। उनकी पार्किंग बाहर रहेगी। वे पैदल जाएंगे। गेट-7 मीडिया और गेट-8 इमरजेंसी के लिए रहेगा। सभी गेट में अधिकारियों की ड्यूटी रहेगी। गाड़ी पास देखकर ही भीतर जाने दिया जाएगा।
अधिवेशन स्थल पर सेंट्रली एयरकंडीशन विशाल डोम होगा। इस डोम में करीब 20 हजार वर्गफिट (आधा एकड़) का स्टेज बना है। इसमें ढाई सौ नेता बैठ सकेंगे। इस डोम में पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी और राजीव गांधी की विशाल तस्वीरें लगेंगी। स्टेज पर हाथ से हाथ जोड़ो थीम का बोर्ड रहेगा। स्टेज के पीछे सोनिया, राहुल, प्रियंका, भूपेश, गहलोत जैसे बड़े नेताओं के लिए अलग से हॉल भी बना है। इन कमरों को कांग्रेस के पूर्व और ऐतिहासिक नेताओं की तस्वीरों से सजाया गया है।
आज आएंगे खडग़े, 24 को राहुल और 25 को आएंगी प्रियंका
कांग्रेस के राष्ट्रीय अधिवेशन की तैयारी अंतिम दौर में पहुंच गई है। राष्ट्रीय महासचिव केसी वेणुगोपाल तैयारियों का जायजा लेकर दिल्ली लौट गए हैं। 24-26 फरवरी तक चलने वाले 85वें राष्ट्रीय अधिवेशन में देशभर के करीब 15 हजार कांग्रेस प्रतिनिधि शामिल होंगे। बताया जा रहा है कि राष्ट्रीय अधिवेशन में भाग लेने के लिए राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे आज, राहुल गांधी 24 फरवरी और प्रियंका गांधी वाड्रा 25 फरवरी को रायपुर पहुंचेगी।
 
 
 

 
K.W.N.S.-रायपुर। छत्तीसगढ़ में कांग्रेस का राष्ट्रीय अधिवेशन होने जा रहा है। तीन दिनों तक चलने वाले अधिवेशन में देशभर के छोटे से बड़े और दिग्गज कांग्रेसी नेता शामिल होंगे। खास बात ये है कि यहां होने वाले अधिवेशन में छत्तीसगढ़ की संस्कृति का झलक दिखेगा। राजकीय गीत ‘अरपा पैरी के धार…’ से होगी।
आपको बता दें कि 24 फरवरी से शुरू होने वाले अधिवेशन में नया रायपुर अधिवेशन स्थल मेंदो मंच बनाये गए हैं। एक राजनीतिक और दूसरा संस्कृति मंच बनाये गए।
 

 
 K.W.N.S.-रायपुर। कलेक्टर डाॅ सर्वेश्वर भुरे ने जनसुरक्षा के दृष्टिकोण से अग्रसेन धाम- व्ही.डब्ल्यू केन्यान होटल-व्ही.आई.पी रोड-ग्राम फुंडहर-देवपुरी मार्ग में मध्यम एवं भारी मालवाहक वाहनों के आवागमन को सुबह 6 बजे से रात्रि 11 बजे तक के लिए प्रतिबंधित करने का आदेश जारी किया है। व्हीआईपी रोड किनारे स्थित काफी संख्या में होटल-मैरिज पैलेसों में कार्यक्रमों के आयोजनों पर वाहनों का आवागमन होने से एवं एयरपोर्ट आवागमन करने वाले वाहनों के आवागमन से उक्त मार्ग में यातायात का दबाव बना रहता है। जिससे भारी वाहनों के आवागमन पर दुर्घटना की संभावना बनी रहेगी। लोक सुरक्षा एवं सुगम यातायात के दृष्टिकोण से अग्रसेन धाम -व्ही.डब्ल्यू केन्यान होटल-व्ही.आई.पी रोड-ग्राम फुंडहर-देवपुरी मार्ग में मध्यम एवं भारी मालवाहक वाहनों के आवागमन को सुबह 6 बजे से रात 11 बजे तक प्रतिबंधित किया गया है।
 

 

K.W.N.S.-रायपुर। पंडित खिलेंद्र दुबे ने कहा कि हिन्दुस्तान को हिन्दू राष्ट्र नहीं बनाओगे तो क्या पाकिस्तान बनाओगे। उदाहरण देते हुए उन्होंने कहा कि दो भाई है और एक भाई ने अपना अधिकार ले लिया तो क्या दूसरे भाई का अधिकार उस हिस्से में बनता है। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान के फोटो में जिन्ना है उन्होंने एक प्रकार पत्रकारों के द्वारा पूछे गए सवाल पर कहा कि था आप जो मुलक बना रहे है उसका मूलक को क्या कहें तब उन्होंने कहा कि था उस मुल्क को हिन्दुस्तान कहेंगे और इस मूलक को पाकिस्तान कहेंगे। उसी समय से तो हिन्दुतान है ही। कई संत और महात्मा हिन्दु राष्ट्र की मांग कर रहे हैं मैं उसका समर्थन करता हूं और उनके साथ हमेशा खड़ा रहूंगा। हिन्दु का कोई अस्तित्व नहीं होता हिन्दुस्तान में रहने वाला हर मानव हिन्दु है। इस दुनिया में दक्षिणा लेने वाले बहुत है, लेकिन एक 26 साल के बालक बागेश्वर धाम सरकार धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने अपने प्रवचन के माध्यम से हिन्दुओं में जनजागरण फैला दिया है। मैं उस बालक के साथ हमेशा खड़ा हंू। खमतराई के दोना पत्तल फेक्टरी बम्हदाई पारा में चल रह श्री शिव महापुराण कथा व महाशिवरात्रि रुद्राभिषेक के आठवें दिन पंडित खिलेंद्र दुबे ने कहीं। कथा श्रवण करने के बाद आज पार्षद गोदावरी गज्जू साहू के साथ अहमदाबाद से भी श्रद्धालुगण पहुंचे।
श्रद्धालुओं को पंडित खिलेंद्र दुबे ने बताया कि जिसके डमरु की आवाज से विश्व प्रचण्ड बन जाता है, जिसके पलक झपकते ही प्रलय आ जाता है ऐसे भगवान शिव शंकर को नमन। बाना सुर एक ऐसा भक्त था जो एक हजार हाथों के साथ नगाड़ा बजाते थे और भगवान शंकर की स्तुति करते थे ऊँ नम: शिवाय का। भगवान शंकर प्रसंन्न हो गए और बाना सुर ने उनसे वरदान मांगा कि वह उनके पिता बन जाए, लेकिन भगवान शंकर ने उन्हें पुत्र नहीं बनाया लेकिन इतना कहा कि पिता और पुत्र का युद्ध होता ही नहीं है। भगवान की कथा बोलना ही सबसे बड़ा आराम है और खाली रहना मनुष्यों का काम नहीं है। वाट्सअप, फेसबुक, इस्ट्राग्राम में दोस्ती करना अच्छी बात है लेकिन अगर इनसे दोस्ती बनाए रखना है तो अच्छा व्यवहार करना पड़ता है अगर व्यवहार गलत हुआ तो दोस्ती टुटने में समय नहीं लगता। दुनिया में भगवान की भक्ति करना भी अच्छा है लेकिन भक्ति नि:स्वार्थ होना चाहिए और बाना सुर ने युद्ध की गलती की और उसे भगवान ने वरदान दिया कि कोई न कोई तुम से जरुर युद्ध करेगा और बाना सुर ने युद्ध किससे किया अपनी ही बेटी ऊषा से। भगवान शिव राक्षस को भी अपने शरण में लेते हैं और बाना सुर भी एक राक्षस था जिसे भगवान शिव ने अपने शरण में लिया।
उन्होंने कहा कि जिस धरती में हम बैठे है उसे धन्यवाद कहना चाहिए क्योंकि हमने भारत देश में जन्म लिया है जिसे पूरा विश्व भारत माता कहते है और हम जिस राज्य में रहते है उसे छत्तीसगढ़ महतारी कहते है। छत्तीसगढ़ में कहीं हीरा का खदान है तो इसे धान का कटोरा भी कहा जाता है। जो शरीर हमें भगवान ने दिया है उसके लिए हमें भगवान शिव की पूजा जरुर करना चाहिए। हम जन्म लेते है तो उसकी की कृपा से और मृत्यु जब होता है तो हमें शमशान घाट जाना पड़ता है और शमशान घाट में भगवान शिव का वास होता है। इस शरीर के साथ कोई रहे चाहे नहीं रहे लेकिन भगवान शिव हमेशा रहते है और यह माटी का चोला है। शरीर आपका एक मंदिर है और इसके लिए पूजारी जरुर मिलेगा, इसके लिए इंतजार करना पड़ता है।
पंडित दुबे ने कहा कि श्रेष्ठ भक्त वही जो भगवान के चरण पर अपना ध्यान अर्पण करें। भगवान शंकर में अगर कुशा का जल रोज अर्पण किया जाए तो आपकी एकाग्रता भंग नहीं होगी। कुशा भगवान शिव का साक्षात रोम है, कुशा को चढ़ाने से पहले उसे एक बाल्टी पानी में डूबाकर रखने के बाद भगवान शिव में उस जल को चढ़ाना चाहिए। अगर हो सके तो पंडित जी से रुद्राभिषेक कराओ उसे कहते हैं कुशावर जल। भगवान शिव ने बेटियों को इसलिए बनाया होगा कि वह कह सकें भगवान भोले – शंकर नहा लो। एक घटना का जिक्र करते हुए पंडित दुबे ने कहा कि एक छोटी की गुडिया बाल्टी में जल भरकर भगवान शिव में चढ़ाने जा रही थी, तभी उन्होंने उसे रोककर पूछा कि बाल्टी को उठा देता हूं, उस बालिका ने मना कर दिया और जैसे-तैसे बाल्टी में जल लेकर मंदिर पहुंची और भगवान शिव में जल अर्पित करते हुए कह रही थी नहा लो मेरे शिव नहा लो मेरे शंभू। भगवान शिव में जल चढ़ाओ तो पूरी श्रद्धा के साथ चढ़ाओ, चाहे तुम ऊँ नम: शिवाय बोलो, श्री शिवाय नमस्तुभ्यं बोलो या नहा लो शंभू शंकर बोलो भगवान शिव उसे स्वीकारते जरुर है। भगवान शिव के 500 से अधिक रुप है और 8 प्रकार की मूर्ति होती है। भगवान शिव ने 11 प्रकार रुद्र बनाया है। अभी तक 28 व्यास जी ने अपने-अपने अनुसार कथाओं की रचना की है।
 

 

K.W.N.S.-रायपुर। छत्तीसगढ़ राज्य में निजी भूमि पर व्यावसायिक उद्देश्य से वृक्षारोपण को प्रोत्साहित करने के लिए मुख्यमंत्री वृक्ष संपदा योजना लागू की गई है। इससे राज्य में काष्ठ आधारित उद्योग लगेंगे। वहीं आय के साथ-साथ ग्रामीणों को रोजगार और आजीविका के साधन भी मिलेंगे। इस योजना के बेहतर क्रियान्वयन के लिए वन विभाग से जुड़े अधिकारियों के लिए राज्य स्तरीय कार्यशाला का आयोजन किया गया।
कार्यशाला में जानकारी दी गई कि मुख्यमंत्री वृक्ष संपदा योजना में निजी भूमि पर वृक्षारोपण के लिए इच्छुक एवं पात्र हितग्राहियों को 5 एकड़ भूमि में वृक्षारोपण करने के लिए शत् प्रतिशत अनुदान दिया जाएगा। इसी प्रकार 5 एकड़ से अधिक भूमि होने पर 50 प्रतिशत अनुदान उपलब्ध कराया जाएगा। कार्यशाला में यह भी जानकारी दी गई कि वृक्षों से अधिक मात्रा में काष्ठ की पैदावार को सुनिश्चित करने के लिए प्रति एकड़ 1000 एवं अधिकतम 5000 पौधे के रोपण करना उपयुक्त होगा। इससे निजी भूमि पर वृक्षारोपण करने वाले भूमिधारकों को प्रतिवर्ष 15 से 50 हजार रूपए प्रति एकड़ तक की आमदनी होगी।
संस्थाओं को मिलेगा 50 प्रतिशत अनुदान
मुख्यमंत्री वृक्ष संपदा योजना में निजी शिक्षण संस्थाएं, निजी ट्रस्ट, पंचायते भूमि अनुबंध धारक, गैर शासकीय संस्थाओं को अपने भूमि में रोपण कराने पर 50 प्रतिशत अनुदान की प्राथमिकता होगी। इन संस्थाओं को शेष राशि स्वयं वहन करना होगा। निजी भूमिधारकों, संस्थाएं वृक्षारोपण की तैयारी के लिए दिए जा रहे अनुदान राशि से क्षेत्र तैयारी, गड्डा खुदाई, रोपण निदाई गुडाई आदि करा सकेंगे। वृक्षारोपण उपरांत वृक्षों के काष्ठ विक्रय के लिए निजी भूमिधारकों, शासकीय अथवा निजी संस्थाओं को ट्रायो एग्रीमेंट करना होगा।
इन पौधों का होगा रोपण
योजना अंतर्गत रोपण किये जाने वाले टिशू कल्चर सागौन, चंदन, क्लोनल नीलगिरी, मिलिया डुबिया, टिशू कल्चर बांस व अन्य उपयोगी प्रजाति के पौधों के रोपण किया जाएगा। कार्यशाला में योजना के इच्छुक निजी भूमिधारकों और विभिन्न संस्थाओं के प्रतिनिधियों को योजना के प्रावधानों सहित इस संबंध में उनकी जिज्ञासाओं का समाधान किया गया। कार्यशाला में निजी भूमिधारकों और विभिन्न संस्थाओं के प्रतिनिधियों से अधिक से अधिक मात्रा में वृक्षारोपण कर इस योजना का लाभ उठाने का आग्रह किया गया। कार्यशाला में वृक्षारोपण के लिए इच्छुक भूमिधारकों और विभिन्न संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने अपनी उपलब्ध भूमि में वृक्षारोपण किये जाने की इच्छा जतायी।
 

 
K.W.N.S.-रायपुर। 18वीं यूआईसी विश्व सुरक्षा कांग्रेस आज से जयपुर, भारत में आरंभ हुआ। इस 3 दिवसीय सम्मेलन का आयोजन इंटरनेशनल यूनियन ऑफ रेलवे (यूआईसी), पेरिस और रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) द्वारा संयुक्त रूप से किया जा रहा है। कार्यवाही का आरंभ रेलवे सुरक्षा बल, भारत के महानिदेशक और यूआईसी के सुरक्षा मंच के अध्यक्ष संजय चंद्रा के स्वागत भाषण के साथ हुआ। स्वागत भाषण के दौरान उन्होंने कांग्रेस के महत्व और विषय – “रेलवे की सुरक्षा रणनीति: प्रतिक्रियाएं और भविष्य के लिए दृष्टि” की प्रासंगिकता का उल्लेख किया। विश्व सुरक्षा कांग्रेस, वैश्विक स्तर पर मान्यता प्राप्त सुरक्षा मंच है, जो मौजूदा सुरक्षा चुनौतियों पर चर्चा करने और अभिनव समाधानों पर विचार-विमर्श करने के लिए सदस्य रेलवे संगठनों के प्रतिनिधियों, यूआईसी के प्रतिनिधियों, नीति निर्माताओं, राज्य पुलिस और रेलवे सुरक्षा बल के वरिष्ठ कानून-प्रवर्तन अधिकारियों को एक साथ लाता है।
दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के प्रधान मुख्य सुरक्षा आयुक्त सह महानिरीक्षक अमिय नंदन सिन्हा ने इस कार्यक्रम में शिरकत कर रहे हैं। वे अपने कार्य योजना में दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के तीनों मंडलों बिलासपुर, रायपुर तथा नागपुर में यात्री सुरक्षा एवं रेल संपत्ति की सुरक्षा के साथ साथ चलाए जा रहे विभिन्न ऑपरेशनों जैसे मेरी सहेली अभियान, ऑपरेशन नन्हे फरिश्ते, ऑपरेशन जीवन रक्षा, ऑपरेशन अमानत आदि की सफल क्रियान्वयन का अनुभव साझा करेंगे तथा अन्य रेलवे एवं विभिन्न देशों के रेल सुरक्षा बल के विभिन्न डायनामिक अनुभव से लाभान्वित भी होंगे, जिसे आवश्यकतानुसार दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे में भी लागू किया जा सकता है।
रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने उपस्थित लोगों के लिए अपने वीडियो संदेश में दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र और दुनिया के सबसे बड़े रेलवे नेटवर्क में से एक की भूमि पर उनका स्वागत किया। उन्होंने कहा कि यह आयोजन इस बात को दर्शाने का उत्कृष्ट अवसर है कि हम भविष्य के लिए महफूज और अधिक सुरक्षित रेलवे क्षेत्र का निर्माण करने के लिए एक साथ कैसे काम कर सकते हैं।
रेलवे बोर्ड के सीईओ और अध्यक्ष ए.के. लाहोटी ने अपने आभासी संबोधन में कहा कि रेलवे सुरक्षा बल द्वारा भारतीय रेल के माल, यात्रियों और संपत्ति की सुरक्षा असाधारण रूप से की गई है। रेलवे सुरक्षा बल की विरासत भारतीय रेलवे जितनी ही पुरानी है। उन्होंने इस बात को भी रेखांकित किया कि यूआईसी की विश्व सुरक्षा कांग्रेस किस प्रकार विचारों और सर्वोत्तम प्रथाओं के आदान-प्रदान और नई साझेदारियां बनाने के लिए एक अमूल्य मंच प्रदान करती है।
यूआईसी के महानिदेशक फ़्रांसुआन दवेन ने इस बात पर जोर दिया कि माल, यात्रियों और रेलवे संपत्तियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए एक ऐसे अभिनव दृष्टिकोण की आवश्यकता है, जो भविष्य की चुनौतियों का पूर्वाभास कर सके और उसके अनुसार सुरक्षा का एक मजबूत बुनियादी ढांचा विकसित कर सके।
सुरक्षा निदेशक, फ्रांसीसी रेलवे (एसएनसीएफ) और सुरक्षा मंच, यूआईसी के उपाध्यक्ष श्री जेवियर रोश ने कहा कि वह रेलवे सुरक्षा के क्षेत्र में रचनात्मक चर्चाओं, वैचारिक आदान-प्रदान और सर्वोत्तम प्रथाओं से भरपूर एक सम्मेलन की प्रतीक्षा कर रहे हैं।
मुख्य भाषण नोबेल शांति पुरस्कार विजेता कैलाश सत्यार्थी ने दिया। उन्‍होंने प्रतिनिधियों से बच्चों के अनुकूल नीतियां विकसित करने का आह्वान किया और उद्योग के सदस्यों से अभिनव साझेदारियों के लिए अधिक जिम्मेदार और तत्‍पर रहने का आग्रह किया। उन्होंने जोर देकर कहा कि बाल तस्करी के जघन्य अपराध के खिलाफ लड़ाई में, अंतर-सरकारी एजेंसियों को व्यापार-कार्य के एजेंडे से ऊपर उठकर त्वरित तरीके से एकजुट होकर काम करना चाहिए।
इस अवसर पर आरपीएफ जर्नल के विशेष यूआईसी संस्करण का विमोचन किया गया। आरपीएफ जर्नल के विशेष संस्करण में भारतीय और अंतर्राष्ट्रीय पुलिस और सुरक्षा संगठनों के प्रमुख पेशेवरों, नागरिक प्रशासन और उद्योग विशेषज्ञों के दशकों के अनुभव वाले वरिष्ठ अधिकारियों के लेख शामिल हैं। यह आयोजन अधिक अनुकरणीय प्रस्तुतियों और नेटवर्किंग के अवसरों के साथ अगले दो दिन तक जारी रहेगा।
इंटरनेशनल यूनियन ऑफ रेलवे
1922 में स्थापित यूआईसी (यूनियन इंटरनेशनल डेस केमिन्स) या इंटरनेशनल यूनियन ऑफ रेलवे का मुख्यालय पेरिस में है। यह एक विश्वव्यापी पेशेवर संघ है, जो रेल परिवहन के अनुसंधान, विकास और संवर्धन के लिए रेलवे क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करता है । सदस्यों को यूआईसी कार्यकारी समूहों और विधानसभाओं में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए आमंत्रित किया जाता है जहां क्षेत्रीय/विश्वव्यापी मुद्दों पर रेलवे की स्थिति तय की जाती है। कार्य समूहों में सक्रिय भागीदारी समन्वित विश्वव्यापी स्तर पर राय देने और रेलवे क्षेत्र के महत्‍व से लाभ उठाने का एक अनूठा अवसर है। यूआईसी का सुरक्षा मंच व्यक्तियों, संपत्ति और प्रतिष्ठानों की सुरक्षा से संबंधित मामलों में वैश्विक रेल क्षेत्र की ओर से विश्लेषण और नीतिगत स्थिति विकसित और तैयार करने के लिए अधिकृत है।
रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ)
भारत में रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) रेलवे सुरक्षा के क्षेत्र में प्रमुख सुरक्षा और कानून-प्रवर्तन संगठन है। वर्ष 1957 में एक संघीय बल के रूप में गठित, आरपीएफ रेलवे संपत्ति, यात्री और यात्री क्षेत्रों की सुरक्षा के लिए जिम्मेदार है। आरपीएफ कर्मी राष्ट्र की सेवा करते हैं और इसकी टैगलाइन “सेवा ही संकल्प” – “सेवा की वचनबद्धता” को साकार करते हुए अपेक्षा से बढ़कर अपने कर्तव्‍य का निर्वहन करते हैं। आरपीएफ अब रेलवे, उसके उपयोगकर्ताओं और उसके हितधारकों की गतिशील सुरक्षा जरूरतों से पूरी तरह अवगत है। आरपीएफ ग्राउंड-जीरो स्तर पर विशिष्ट जरूरतों के अनुकूल अभिनव समाधानों को भी लागू कर रहा है। आरपीएफ को अपने रैंकों में महिलाओं की सबसे बड़ी हिस्सेदारी के साथ भारत का संघीय बल होने का गौरव प्राप्त है। आरपीएफ के महानिदेशक श्री संजय चंदर ने जुलाई 2022 से जुलाई 2024 तक अंतर्राष्ट्रीय यूआईसी सुरक्षा मंच के अध्यक्ष के रूप में पदभार संभाला है।
 

K.W.N.S.-रायपुर। छत्तीसगढ़ के मनोनीत राज्यपाल विश्व भूषण हरिचंदन का आज यहां राजभवन आगमन पर राजभवन सचिवालय के अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा आत्मीय स्वागत किया गया। इस अवसर पर प्रथम महिला सुप्रभा हरिचंदन तथा उनके परिजन उपस्थित थे। मनोनीत राज्यपाल का परंपरागत तरीके से वैदिक मंत्रोच्चार के साथ राजभवन में प्रवेश कराया गया। उल्लेखनीय है कि छत्तीसगढ़ के मनोनीत राज्यपाल विश्वभूषण हरिचंदन प्रदेश के 9 वें राज्यपाल के रूप में कल 23 फरवरी 2023 को प्रातः 11ः30 बजे शपथ लेंगे।
 

 

K.W.N.S.-रायपुर। दूल्हे दुल्हन की मौत मामले की गुत्थी उलझते ही जा रही है। पुलिस भी समझ नहीं पा रही है कि आखिर किसने किसको पहले मारा। दोनों के शव पर गहरे चाकू के निशान है। वहीं दुल्हन की हत्या गला रेतकर की गई थी। हालांकि चश्मदीदों का कहना हैं कि पहले दुल्हन को दूल्हे ने चाकू से मारा फिर खुद भी उसी चाकू से खुद को मारकर आत्महत्या कर ली होगी। वहीं, कुछ लोगों का ये भी कहना है कि दुल्हन और दूल्हे के विवाद के बाद दोनों ने एक दूसरे की चाकू मारकर हत्या कर दी। सवाल ये भी हैं कि ये चाकू कमरे में पहले से था या फिर इसे हत्या के लिए लाया गया था। फिलहाल ये मर्डर मिस्ट्री पूरी तरह से उलझ सी गई है। पुलिस भी इस मामले में अलग अलग एंगल से जांच कर रही है।
दरसअल, मृतक 24 वर्षीय असलम अहमद का कुछ सालों से राजातालाब की रहने वाली कहकशां बानो के साथ प्रेम संबंध था। दोनों के परिजनों को जब ये बात पता चली तो दोनों का निक़ाह तय किया गया था। 19 फरवरी को बढ़े धूमधाम से दोनों की शादी भी हुई। 21 फरवरी को टिकरापारा स्थित बृज नगर में रिसेप्शन रखा गया था। दोनों परिवार रिसेप्शन को लेकर खुश भी थे। पंडाल सजा हुआ था और खाने पीने की भी तैयारियां पूरी हो चुकी थी। बृज नगर में जहां पर ये शादी का रिसेप्शन रखा गया था वहीं एक मकान में दूल्हा दुल्हन भी रुके हुए थे। शाम में एक ब्यूटीशियन भी कमरे में थी और दुल्हन को तैयार कर रही थी। इस दौरान दूल्हा सोया हुआ था। ब्यूटीशियन ने बताया कि जब दूल्हा सोकर उठा तो उसने ब्यूटीशियन से कहा कि मुझे दुल्हन से अकेले में कुछ बात करनी है तुम बाहर चले जाओ। इसके बाद वो बाहर चले गए। कुछ देर बाद कमरे से चीखने चिल्लाने की आवाज आई। आवाज सुनकर परिजन कमरे के पास पहुंचे तो कमरा अंदर से लॉक था। परिजनों ने खिड़की से झांककर देखा तो असलम फर्श पर और कहकशां बेड पर खून से लथपथ पड़ी हुई थी। एक चाकू भी पलंग में ही पड़ा हुआ था। परिजनों ने इसकी जानकारी टिकरापारा पुलिस को दी। पुलिस भी घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की गई।
पुलिस पूछताछ में परिजनों ने बताया कि असलम ने पहले कहकशां को चाकू मारा फिर खुद को भी उसी चाकू से मारकर आत्महत्या कर ली। इधर घटना की जानकारी मिलने के बाद समारोह में शामिल मृतिका लड़की का भाई आक्रोशित हो गया और समारोह में जमकर तोड़फोड़ की। कुर्सी और पंडाल को लड़की के भाई ने तोड़ दिया। इसके बाद कुछ लोगों ने उसे शांत कराया। SSP प्रशांत अग्रवाल ने बताया कि मामले में हर तरह के एंगल से जांच की जा रही है। कुछ लोगों से पूछताछ भी जारी है। परिजनों ने बताया है कि पहले दूल्हे ने चाकू मारा फिर खुद भी आत्महत्या कर ली। फिलहाल पुलिस हर पहलुओं पर जांच कर रही है।