Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.
Browsing: रायपुर
K.W.N.S.-रायपुर। विशेष रोजगार कार्यालय, रायपुर द्वारा शासकीय आर. डी. तिवारी उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय आमापारा रायपुर के छात्र-छात्राओं के लिए कम्प्यूनिटी मोबिलाइजेशन के अंतर्गत कैरियर मार्गदर्शन कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में उप संचालक रोजगार डाॅ. अतुलकर ने छात्र-छात्राओं को परीक्षा की तैयारी के लिए आत्मविश्वास, धैर्य एवं लगन के साथ तैयारी करने हेतु प्रेरित किया। इसके साथ ही उच्च शिक्षा एवं राज्य स्तरीय प्रतियोगी परीक्षाओं लोक सेवा आयोग, बैंकिग, कर्मचारी चयन आयोग परीक्षाओं के परीक्षा प्रणाली के बारे में विस्तार से छात्र-छात्राओं से चर्चा की गई। कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं के विभिन्न प्रश्नों का उत्तर देते हुए उनको अपना कैरियर, लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए पूरे आत्मविश्वास के साथ मेहनत करने की सलाह दी गई। समस्त उपलब्ध अवसरों की जानकारी सही समय पर छात्रों को उपलब्ध होना आवश्यक है।
इसी तरह कस्टमर सक्सेस मैनेजर रजनी पाण्डेय ने अपने अनुभव साझा करते हुए छात्र-छात्राओं को पावर पाइंट के माध्यम से अभ्यर्थियों को अपने कम्फर्ट जोन से हट कर तैयारी करने अपना लक्ष्य को प्राप्त करने, व्यक्तित्व विकास, आलस्य निंद्रा को छोड़ने एवं निडर रहकर तैयारी करने की सलाह दी। उन्होंने अभ्यर्थियों को विभिन्न प्रकार के माइंड रिडिंग गेम के माध्यम से तैयारी एवं समझाने का प्रयास किया। सहायक जिला अभियोजन अधिकारी गांधी द्वारा छात्र-छात्राओं को बोर्ड परीक्षा की तैयारी के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी प्रदान की गई। कार्यक्रम में विद्यालय के प्राचार्य डॉ. राकेश गुप्ता, सेवानिवृत्त प्राचार्य मो. इकबाल, साफ्टवेयर इंजीनियर सोनल डोंगरे, सहायक जिला अभियोजन अधिकारी इंदिरा गांधी, जिला कार्यक्रम समन्वयक समग्र शिक्षा निशा शर्मा, विद्यालय के शिक्षकगण एवं पालक प्रतिनिधि भी सम्मिलित हुए। कैरियर कार्यशाला में अभनपुर, बंगोली, सांकरा, केन्द्री, मोवा के छात्र-छात्रायें सम्मिलित हुए।
K.W.N.S.-रायपुर। आज मनुष्य अपने माने हुए दुख से अधिक दुखी है जिसे कोई नहीं मिटा सकता और न ही इसका दूसरा इलाज है क्योंकि जब उसने मान ही लिया है और स्वीकार कर लिया है कि वह दुखी है तो फिर उससे उसे कैसे मुक्ति मिल सकती है। ऐसे में वह आत्मघाती कदम उठा लेता है, आत्महत्या किसी समस्या का समाधान नहीं है मनुष्य यह कदम उस समय उठाता है जब उसे अंधेरा और अकेलापन महसूस होता है और उसे कोई राह दिखाई नहीं देती। ऐसे में सद्गुरु और भगवान की शरण में ही जाने से उसका यह अकेला पन दूर हो सकता है। कथा श्रवण करने के लिए पूर्व मंत्री व विधायक बृजमोहन अग्रवाल सपत्निक पहुंचे।
राजा दक्ष और सती के प्रसंग का वर्णन करते हुए यह बातें संतश्री शंभूशरण लाटा ने श्रद्धालुओं को बताई। उन्होंने कहा कि पिता, गुरु, स्वामी और मित्र के यहां कोई भी मांगलिक कार्य हो यदि उसमें आमंत्रित नहीं किया गया है तो हमें वहां नहीं जाना चाहिए क्योंकि वहां जाने से विरोध होगा और विरोध के चलते निंदा भी होगी, निंदा सुनने का पाप भी हमें ही भोगना पड़ेगा। सती ने निंदा जैसे पाप लगने पर स्वयं को योग की अग्नि में जला लिया। पाप हो जाए उसका प्रायश्चित करना चाहिए और दोबारा फिर वही गलती न हो इसका हमें ध्यान रखना चाहिए। नारद को गुरु मानने के बाद उनकी बातों पर पार्वती द्वारा अमल किए जाने का दृष्टांत पर लाटा जी ने कहा कि उपवास हमेशा करना चाहिए, साल में 24 एकादशी आती है और हर एकादशी को उपवास करना चाहिए। उपवास करने से आकाश तत्व बढ़ जाता है, इस दिन किसी भी प्रकार के खाने का सेवन नहीं करना चाहिए। खाना खाने से धरती तत्व बढ़ता है और शरीर भारी होने लगता है, नतीजा यह होता है कि मनुष्य कई बीमारियों से घिर जाता है, लेकिन आकाश तत्व वह अपने शरीर में बढ़ाए तो शरीर निरोग रहता है। यह उपवास की महिमा है। पार्वती ने शिवजी को प्राप्त करने के लिए जो तप किए है ऐसे तप कोई नहीं कर सकता, उन्होंने एक-एक करके सारी चीजों का त्याग कर दिया और अंत में उन्होंने सांस लेना भी बंद कर दिया।
सबसे बड़ा धन परोपकार है इससे बड़ा धन और कुछ नहीं हो सकता, मन में यदि दूसरों के प्रति परोपकार की भावना भी मन में आती है तो वह भी किसी धर्म से कम नहीं है। संसार की हालत आज यह है कि घर – घर में पाप बढऩे लगे है और यह पाप किस रुप में प्रवेश कर रहा है इसकी जानकारी होने के बाद बावजूद भी मनुष्य उसका निराकरण नहीं कर पा रहा है। जिसके पास में भगवान रहते है वहां पर पाप रह ही नहीं सकता क्योंकि भगवान का कवच मनुष्य को उन पापों से बचाया रखता है जिससे कि उसका अनिष्ट होने की संभावना रहती है। जिन घरों में साधु-संतों के आने पर उनके चरण धोए जाते है वास्तविकता यह है कि उन संतों और साधुओं की पुण्याई चरण धोने वाले के पास चली जाती है। साधु-संत और भगवान भी उन्हीं घरों में जाते है जहां पर पितरों और भगवान का वास होता है और उनका सम्मान होता है। लाटाजी ने कहा कि क्रोध करना या आना कोई बूरी बात नहीं है यह एक प्रवृत्ति है लेकिन क्रोध करने से पहले इसका पता लगा लेना चाहिए कि क्रोध का कारण क्या है।

K.W.N.S.-रायपुर। छत्तीसगढ़ के मनोनीत राज्यपाल विश्व भूषण हरिचंदन आज सवेरे 9:45 बजे राजधानी रायपुर के स्वामी विवेकानंद विमानतल पहुंचे। विमानतल परिसर स्थित नवीन स्टेट हैंगर में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका छत्तीसगढ़ में आत्मीय स्वागत किया। राज्यपाल को गार्ड आफ ऑनर देकर सम्मानित किया गया. उल्लेखनीय है कि छत्तीसगढ़ हाई कोर्ट के माननीय मुख्य न्यायाधीश अरुप कुमार गोस्वामी राजभवन में कल 23 फरवरी को सवेरे 11:30 बजे शपथ दिलाएंगे।
इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष डॉ. चरणदास महंत, शिक्षा मंत्री डॉ. प्रेमसाय सिंह टेकाम, छत्तीसगढ़ गृह निर्माण मंडल के अध्यक्ष कुलदीप जुनेजा, महापौर एजाज ढेबर, मुख्य सचिव अमिताभ जैन, पुलिस महानिदेशक अशोक जुनेजा, अपर मुख्य सचिव सुब्रत साहू ,रायपुर संभाग के आयुक्त यशवंत कुमार, मुख्यमंत्री के सचिव सिद्धार्थ कोमल सिंह परदेशी, आईजी अजय यादव, कलेक्टर रायपुर सर्वेश्वर नरेंद्र भुरे, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रशांत कुमार अग्रवाल भी उपस्थित थे।

K.W.N.S.-रायपुर। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने स्टेट हैंगर में छत्तीसगढ़ के नए राज्यपाल विश्व भूषण हरिचंदन का स्वागत करने के बाद मीडिया प्रतिनिधियों से चर्चा करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ के नए राज्यपाल विश्व भूषण हरिचंदन अनुभवी राजनेता हैं। वे पांच बार विधायक रहे, अनेक विभागों के मंत्री रहे और राज्यपाल के रूप में भी उन्होंने अपनी सेवाएं दी। छत्तीसगढ़ को उनके अनुभवों का लाभ मिलेगा।
राज्यपाल को गार्ड आफ ऑनर देकर सम्मानित किया गया
छत्तीसगढ़ के मनोनीत राज्यपाल विश्व भूषण हरिचंदन आज सवेरे 9:45 बजे राजधानी रायपुर के स्वामी विवेकानंद विमानतल पहुंचे। उल्लेखनीय है कि छत्तीसगढ़ हाई कोर्ट के माननीय मुख्य न्यायाधीश अरुप कुमार गोस्वामी राजभवन में कल 23 फरवरी को सवेरे 11:30 बजे शपथ दिलाएंगे। इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष डॉ. चरणदास महंत, शिक्षा मंत्री डॉ. प्रेमसाय सिंह टेकाम, छत्तीसगढ़ गृह निर्माण मंडल के अध्यक्ष कुलदीप जुनेजा, महापौर एजाज ढेबर, मुख्य सचिव श्री अमिताभ जैन, पुलिस महानिदेशक अशोक जुनेजा, अपर मुख्य सचिव सुब्रत साहू ,रायपुर संभाग के आयुक्त यशवंत कुमार, मुख्यमंत्री के सचिव सिद्धार्थ कोमल सिंह परदेशी, आईजी अजय यादव, कलेक्टर रायपुर सर्वेश्वर नरेंद्र भुरे, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रशांत कुमार अग्रवाल भी उपस्थित थे।
K.W.N.S.-रायपुर। मोर आवास मोर अधिकार के तहत बीजेपी प्रदेशभर में प्रदर्शन कर रही है. आज भाजपाई कृषि मंत्री रविंद्र चौबे के निवास का घेराव करेंगे. यह प्रदर्शन पूर्व मंत्री व वरिष्ठ विधायक बृजमोहन अग्रवाल की अगुवाई में होगा. इसमें रायपुर दक्षिण विधानसभा के चारों मंडलों के कार्यकर्ता शामिल होंगे. पूर्व नेता प्रतिपक्ष धर्मलाल कौशिक ने मोर आवास मोर अधिकार के चलते घेराव पर कहा, इस प्रदर्शन के माध्यम से हम चाहते हैं कि लोगों को उनका अधिकार मिले।
कौशिक ने कहा, इस योजना से लोगों की कई आकांक्षाएं जुड़ी हुई है. कांग्रेस की 2023 में विदाई होगी और हमारी सरकार बनेगी. कैबिनेट की बैठक हुई थी, जिसमें युवाओं को छलने का काम किया गया है. कई तरह की शर्तों को रखकर उन्होंने युवाओं को छला है. परिवारों के लिए आवास की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है. सरकार युवाओं के साथ में सरासर अन्याय कर रही है और हम इसे बर्दाश्त नहीं करेंगे।
पूर्व नेता प्रतिपक्ष धर्मलाल कौशिक के इस बयान पर कांग्रेस विधायक ने कहा, अब जब चुनाव नजदीक है तो इन लोगों को दुनियाभर की समस्या दिख रही है. भाजपा के बड़े नेता भी राज्य सरकार की योजनाओं की तारीफ करते हैं. सीएम बघेल की सरकार में हर तरह की सुविधाएं दी गई है।
K.W.N.S.-रायपुर। छत्तीसगढ़ में ईडी के छापे को लेकर ऑल इंडिया कांग्रेस कमेटी के प्रभारी महासचिव केसी वेणुगोपाल ने केंद्र पर तीखा हमला बोला है। कहा कि ईडी का छापा पूरी तरह से राजनीति विवाद का नतीजा है। जहां भी चुनाव या महाधिवेशन होता है, वहीं ईडी आती है। पूरे भारत को ये सब पहले से ही पता है। कांग्रेस सीबीआई और ईडी के नाम से नहीं डरेगी। कांग्रेस किसी चीज से डरने या भागने वाली नहीं है। उन्होंने कहा कि हमें कानून पर भरोसा है। कानून के हिसाब से लड़ेंगे। हमे पहले से ही आशंका थी, कि ऐसा हो सकता है। वेणुगोपाल के स्वागत में माना एयरपोर्ट पर मंत्री कवासी लखमा, विधायक विकास उपाध्याय समेत कांग्रेस नेता मौजूद रहे।
केसी वेणुगोपाल मंगलवार को राजधानी रायपुर पहुंचे। माना एयरपोर्ट पर पत्रकारों से मुखातिब होते हुए कहा कि, प्रदेश में चल रही ईडी की कार्रवाई हमें पहले से मालूम था, जब भी कांग्रेस पार्टी कोई बड़ा आयोजन करती है बीजेपी ईडी और सीबीआई का दुरुपयोग करती है, कांग्रेस श्वष्ठ और सीबीआई से डरने वाली नहीं है। अधिवेशन की तैयारियों को लेकर कहा। अधिवेशन को लेकर के तमाम तरह की तैयारियां पूरी हो गई हैं। बड़ा अरेंजमेंट किया गया है। उन्होंने नवा रायपुर पहुंचकर महाधिवेशन स्थल का निरीक्षण किया। तैयारियों का जायजा लिया। निरीक्षण के बाद महाधिवेशन को लेकर समीक्षा करेंगे। निरीक्षण के दौरान छत्तीसगढ़ कांग्रेस प्रभारी कुमारी शैलजा, मुख्यमंत्री भूपेश बघेल मौजूद रहे। वहीं पीसीसी चीफ मोहन मरकाम, मंत्री अमरजीत भगत और प्रेमसाय सिंह टेकाम भी मौजूद रहे।
दिल्ली-नागपुर से आएंगी लग्जरी गाडिय़ां, रायपुर के सभी बड़े होटल बुक, 15 हजार लोग होंगे शामिल
कांग्रेस का तीन दिवसीय 85वां राष्ट्रीय महाधिवेशन 24 से 26 फरवरी तक नवा रायपुर में होगा। राष्ट्रीय अधिवेशन में प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रतिनिधि और राष्ट्रीय कांग्रेस कमेटी के प्रतिनिधि शामिल होते हैं। इस अधिवेशन को ऐतिहासिक बनाने के लिए छत्तीसगढ़ कांग्रेस पूरी ताकत झोंक रही है। कांग्रेस के राष्ट्रीय अधिवेशन में तकरीबन 15 हजार लोगों की आने की संभावना है। 24 और 25 को मेला स्थल में कांग्रेस की बैठक होगी। इसके बाद 26 को एक बड़ी जनसभा होगी इसमें 2 लाख लोगों को जुटाने की तैयारी की जा रही। 15 हजार से अधिक कांग्रेसी नेताओं के आने और मीटिंग की व्यवस्था को लेकर तैयारी की जा रही है। उनके लिए 1500 से ज्यादा गाडिय़ों की व्यवस्था की जा रही है। साथ ही स्थानीय नेता भी अपनी गाडिय़ां इसमें उपयोग में ली जाएंगी। नागपुर से 300 इनोवा, दिल्ली से 100 लग्जरी कार, 400 बड़ी और लग्जरी बसें बुक की गई हैं। इसमें 600 सरकारी गाडिय़ां भी लगाई जाएंगी। ये नेताओं के फालो और सुरक्षा में रहेगी। पार्टी के बड़े नेताओं के लिए बड़े-बड़े रिजॉर्ट और होटलों में कमरे बुक कर लिए गए है। अधिवेशन में आने वालों के रुकने के लिए करीब 150 बड़े होटल्स बुक कर लिए गए हैं। इसके अलावा 100 छोटे-बड़े रेस्ट हाउस, धर्मशाला, क्लब हाउस और मैरिज पैलेस सभी जगहों को बुक किया है। अधिवेशन स्थल के मंच को बहुत विशाल बनाया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने बताया, मंच पर 150 से 175 नेताओं के बैठने की व्यवस्था रहेगी। बैठक व्यवस्था ऐसी रहेगी कि सभी कार्यकताओं को मंच पूरा नजर आए। इसके अलावा एलईडी स्क्रीन भी लगाई जा रही है। कांग्रेस के राष्ट्रीय अधिवेशन में तकनीक का पूरा उपयोग किया जा रहा है। कांग्रेस के राष्ट्रीय अधिवेशन के दौरान सुरक्षा व्यवस्था की जिम्मेदारी आईजी शेख आरिफ हुसैन को सौंपी गई है। उनके साथ प्रदेशभर के 3 डीआईजी, 10 आईपीएस 78 एएसपी और डीएसपी से लेकर बटालियन में तैनात सेनानी, निरीक्षक, उपनिरीक्षक के साथ ही आरक्षक स्तर के 300 से ज्यादा पुलिसकर्मी शामिल हैं। अधिवेशन में 3000 पुलिस वालों की ड्यूटी लगाई गई है।
मूणत पहले आए थे तो क्या थे अब क्या हैं, ईडी मारे छापा: सीएम भूपेश
एक बार फिर मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने ईडी सहित छत्तीसगढ़ के भाजपा नेताओं पर जोरदार हमला बोला। इस दौरान उन्होंने डॉ.रमन सिंह और राजेश मूणत को भी आड़े हाथों लिया। भूपेश बघेल ने रमन सिंह को ईडी का प्रवक्ता बताया। साथ ही राजेश मूणत की संपत्ति को लेकर भी कटाक्ष किया। बघेल ने कहा कि जब राजेश मूणत आए थे तो उनके पास एक पुरानी प्रिंटिंग प्रेस और पुरानी मोटरसाइकिल थी। आज उनके पास इतनी इनकम कहां से आ गई।
रमन सिंह और राजेश मूणत पर हमला : सीएम भूपेश बघेल ने कहा कि जैसे-जैसे चुनाव आएगा वैसे वैसे कार्रवाई कर रहे हैं। जैसे अभी कर्नाटक में चुनाव है। उसी हिसाब से करेंगे। उसके बाद कोई नेता आएंगे। फिर वह करेंगे। तो इनका प्रोग्राम बन चुका है कि कब कब छापा डालना है ताकि उसका माइलेज ले सकें और उनके प्रवक्ता बने हुए हैं रमन सिंह जी। राजेश मूणत प्रवक्ता बना हुआ है। जब वो यहां छत्तीसगढ़ आए तो उनके पास क्या था। एक पुरानी प्रिंटिंग प्रेस और पुरानी मोटरसाइकिल। उनके पास इनकम कहां से आ गया। अभी अपने परिवार की शादी में करोड़ों रुपए फूके हैं। कहां से इतना पैसा आया। उनके यहां छापा क्यों नहीं डालते।
जब आए तो क्या था उनके पास : सीएम भूपेश बघेल के मुताबिक जब मूणत यहां आया तो उनके पास क्या था। यह पूरा रायपुर जानता है। उसके बाद विधायक बन गए। मंत्री बन गए तो आय कहां से आ गया। आपके पास ऐसा कौन सा धंधा कर लिया। जिसमें आपका आय इतना बढ़ गया। वहां छापा क्यों नहीं डालते भाई। जब आए थे तो कितनी संपत्ति थी और आज कितनी संपत्ति है। सीएम बघेल ने आगे कहा कि यह बताएं इसकी जांच क्यों नहीं करते। रमन सिंह की संपत्ति देखिए विनोद तिवारी ने ठीक कहा उनके खिलाफ आय से अधिक संपत्ति का जो पेपर पड़ा था उनको जब्त करके नहीं ले गए और विनोद तिवारी के यहां छापा डालने का क्या औचित्य है। सिर्फ इसलिए कि उन्होंने रमन सिंह के खिलाफ शिकायत की। आरपी सिंह के यहां छापा डालने का क्या मतलब क्योंकि अमन सिंह के खिलाफ शिकायत की। यह तो अदाणी जी को समझना चाहिए कि जो दो पनौती गए हैं। छत्तीसगढ़ से तो जिसके साथ थे वह डूबे थे। जब से गए हैं तब से देख लीजिए उनकी स्थिति क्या है।
कांग्रेस को बदनाम करने की कोशिश : सीएम बघेल ने कहा कि हालांकि केंद्रीय जांच एजेंसी यहां पर काम कर रही है जबकि उनको दलगत राजनीति से उठकर काम करना चाहिए था। लेकिन वह राजनीतिक लाभ हानि के हिसाब से काम कर रहे हैं। रमन सिंह जी उनके परिवार के मामले में पूरे साक्ष्य ईडी के पास हैं। चाहे वह नान घोटाले में हो, चाहे चिटफंड कंपनी में। लेकिन उसमें कोई कार्रवाई ईडी नहीं कर रही है। निर्दोष नागरिकों को प्रताडि़त करने की कोशिश हो रही है।
ईडी पर आरोप लगाते हुए सीएम बघेल ने कहा कि “कल जिस तरीके से छापा डाला गया। लेकिन कहीं भी कुछ जब्ती दिखाई नहीं गई है। और कितने बार छापा डाला गया था। उद्देश्य केवल यहां के लोगों को प्रताडि़त करने का परेशान करने का और खासकर कांग्रेस पार्टी को बदनाम करने के लिए कर रही है। 3 दिन बच गया है अधिवेशन तो उसको प्रभावित करने का प्रयास ये लोग कर रहे थे। लेकिन जिस प्रकार से यहां की जनता हमारे साथी सब एकजुट होकर लड़ाई लड़े तो देश भर में संदेश गया है कि यह अधिवेशन को प्रभावित करने के लिए ईडी के द्वारा छापा डाला गया है।”
झूठे प्रकरण में फंसाने की कोशिश
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा ” ईडी लगातार परेशान कर रही है लोगों को प्रताडि़त कर रहे हैं। झूठे प्रकरण में फंसाने का कार्य कर रहे हैं। सारे आयोजन उनके द्वारा पीडि़त पक्ष के द्वारा दिया गया, केंद्र सरकार को भी अगर हमने कराया है और उसके बाद भी केंद्र सरकार कोई कार्रवाई रमन सिंह पर नहीं कर रही है।”
हम कोर्ट जाएंगे
सीएम बघेल ने कहा कि “अब हमारे पास न्यायालय में जाने के अलावा और कोई रास्ता नहीं है। इस मामले को न्यायालय तक लेकर जाएंगे। डरने की बात नहीं है जब सीधी लड़ाई नहीं लड़ सकते तब इस प्रकार के हथकंडे अपनाए जाते हैं। छत्तीसगढ़ के मामले में भारतीय जनता पार्टी डरी हुई है। मतलब भारतीय जनता पार्टी कांग्रेस से डरी हुई है। इसी कारण से लगातार कांग्रेस के नेताओं को टारगेट किया जा रहा है।’
ईडी पर भी लगाए गंभीर आरोप
सीएम बघेल ने मीडिया को बताया कि हम इस मामले में और बीजेपी नेताओं के खिलाफ कार्रवाई नहीं कर रहे हैं” क्योंकि उसमें जो नियम है वह थोड़ा ग्रे एरिया जिसमें सीधा हम कार्रवाई नहीं कर सकते। दूसरा ईडी लगातार गिरफ्तार किए गए लोगों को प्रताडि़त कर रही है। लेकिन इस मामले को लेकर हम सुप्रीम कोर्ट जाएंगे। क्योंकि वह थर्ड डिग्री का प्रयोग कर रहे हैं। दबाव डालकर यदि आपके पास प्रमाण है तो आप कार्रवाई करते लेकिन आप थर्ड डिग्री का उपयोग कर रहे हैं। आप 8 दिन तक रखेंगे, सोने नहीं देंगे, भोजन नहीं देंगे, भोजन दिए तो पानी नहीं देंगे, किसी को रॉड से पिटेंगे किसी को कान से सुनाई नहीं दे रहा है तो किसी को पैरालिसिस अटैक आ रहा है। यह सारी चीजें हो रही है इसका मतलब यह है कि उसके पास कोई साक्ष्य नहीं है।”
बघेल ने आगे कहा कि यदि सच्चा होता तो कार्रवाई कर लेते। ईडी के पास कोई साक्ष्य नहीं है। उनका काम केवल बदनाम करना है। सरकार को ही बदनाम करना और पार्टी को ही बदनाम करना है। यदि उनके पास प्रमाण होता। जब घटना जून की है जो कोल स्कैम बोल रहे हैं। वह जून की है तो जब जून में आपके पास जानकारी थी। तो आप दिसंबर तक कार्रवाई नहीं किए। आप अधिवेशन के 4 दिन पहले कार्रवाई कर रहे हैं। इसका मतलब क्या होता है कि आप जबरिया किसी से लिखवा रहे हैं और छापा डाल रहे हैं। छापे में मिला क्या किनके यहां क्या मिल गया।
सीएम बघेल ने कहा कि छापे में कुछ नहीं मिला इसका सीधा सीधा मतलब है कि राजनीतिक उद्देश्य की पूर्ति के लिए ईडी का दुरुपयोग किया गया है। ईडी के अधिकारियों से तो मैं यह अपेक्षा करूंगा विधि सम्मत कार्रवाई होनी चाहिए। किसी के दबाव में कार्रवाई नहीं होनी चाहिए। उसकी जो अपनी प्रतिष्ठा है। वह अब धूमिल हो रही है। खत्म होती जा रही है ऐसे कार्रवाई किसी के दबाव में आकर क्यों कर रहे हैं। आपने संविधान की शपथ ली है उसकी रक्षा नहीं कर पा रहे हैं इस प्रकार से कार्रवाई करने की स्थिति बहुत भयावह है।

K.W.N.S.-रायपुर। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने छत्तीसगढ़ राज्य के स्वप्नदृष्टा, स्वतंत्रता संग्राम सेनानी और कृषक नेता स्वर्गीय डॉ. खूबचंद बघेल की 22 फरवरी को पुण्यतिथि पर उन्हें सादर नमन किया है। मुख्यमंत्री ने डॉ. खूबचंद बघेल को अपने विनम्र श्रद्धासुमन अर्पित करते हुए कहा है कि डॉ. खूबचंद बघेल ने अपना पूरा जीवन समाज और किसानों के कल्याण के लिए समर्पित कर दिया। उन्होंने शिक्षा, सहकारिता के क्षेत्र सहित कई सामाजिक आंदोलनों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। भारतीय स्वतंत्रता संग्राम के दौरान खूबचंद जी ने छत्तीसगढ़ में राष्ट्रीय चेतना जागृत करने का महत्वपूर्ण कार्य किया।
मुख्यमंत्री ने कहा है कि छत्तीसगढ़ राज्य निर्माण के लिए किए गए संघर्ष में डॉ. खूबचंद बघेल का योगदान भुलाया नहीं जा सकता। उनके कृतित्व और व्यक्तित्व के प्रति सम्मान प्रकट करते हुए चिकित्सा क्षेत्र में डॉ. खूबचंद बघेल स्वास्थ्य सहायता योजना शुरु की गई है, जिसके तहत 5 लाख रुपए तक निःशुल्क इलाज की व्यवस्था मरीजों के लिए उपलब्ध कराई जा रही है। छत्तीसगढ़ सरकार ने उनकी स्मृति में कृषि के क्षेत्र में महत्वपूर्ण उपलब्धि और अनुसंधान को प्रोत्साहित करने के लिए डॉ. खूबचंद बघेल सम्मान स्थापित किया है।

K.W.N.S.-रायपुर। कमल विहार योजना में पुलिस थाना खोलने की मांग को लेकर रायपुर विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष सुभाष धुप्पड़ ने कल प्रदेश के गृह मंत्री ताम्रध्वज साहू से उनके निवास में मुलाकात की। धुप्पड़ ने गृह मंत्री को बताया कि पिछले काफी समय से कमल विहार योजना क्षेत्र के नागरिक यह शिकायत कर रहे हैं कि वहां असामाजिक तत्वों का जमावड़ा हो रहा है तथा काफी चोरियां और लूट हो रही है। सड़कों के किनारे बनी सीवर लाईन के ढ़क्कन, उद्यानों में लगी ग्रिल काट कर चोरी की जा रही है। इससे कमल विहार के निवासियों में काफी रोष व भय व्याप्त है। वहां के निवासियों और प्रतिनिधि मंडलों ने प्राधिकरण कार्यालय में आकर उनसे कई बार मुलाकात कर पुलिस थाना शुरु करवाने का अनुऱोध किया है।
धुप्पड़ ने गृह मंत्री को एक ज्ञापन सौंपते हुए चर्चा के दौरान यह बताया कि कमल विहार योजना काफी बड़ी आवासीय योजना है जो लगभग 16 सौ एकड़ क्षेत्र में विकसित की गई है। प्राधिकरण ने इस योजना में पुलिस थाना निर्माण के लिए सेक्टर – 9 में 8206 वर्गफुट के भूखंड का प्रावधान रखा हुआ है। वर्तमान में कमल विहार में लगभग 1950 भूखंडों में मकानों का निर्माण कर आवंटिति निवास कर रहे। योजना क्षेत्र में 100 मकानों का निर्माण भी आवंटितियों व्दारा किया जा रहा है। इसके अतिरिक्त विभिन्न सेक्टरों में प्राधिकरण व्दारा 5800 ईडब्लूएस और एलआईजी फ्लैट्स का निर्माण पूर्ण किया जा रहा है। जिसका शीघ्र ही कब्जा दिया जाएगा। कमल विहार में बसाहट में लगातार वृध्दि हो रही है इसीलिए योजना क्षेत्र में सुरक्षा की दृष्टि से शीघ्र ही पुलिस थाना खोला जाना चाहिए। गृह मंत्री तामध्वज साहू ने इस पर आरडीए अध्यक्ष को आश्वस्त किया कि वे शीघ्र ही प्रशासनिक तौर पर ठोस कार्रवाई कर कमल विहार योजना में पुलिस थाना की स्थापना करेगें। आरडीए अध्यक्ष ने इस संबंध में पुलिस महानिदेशक छत्तीसगढ़ को भी एक पत्र लिखा है।

K.W.N.S.-रायपुर। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने केंद्र की मोदी सरकार पर जमकर निशाना साधा है. साथ ही गंभीर आरोप भी लगाए हैं. उन्होंने कहा है कि कांग्रेस अधिवेशन को बाधित करने और अडानी मामले से ध्यान भटकाने के लिए छत्तीसगढ़ में छापेमारी की जा रही है. उन्होंने ट्विट कर कहा कि प्रधानमंत्री जी के मित्र गौतम अडानी पर शेल कंपनियों के जरिए घपला व अन्य कई गंभीर आरोप लगे, लेकिन क्या आपको कोई भी एजेंसी इसकी जांच करते दिखी।
प्रियंका गांधी ने ट्वीट कर आगे लिखा कि कांग्रेस अधिवेशन में अड़ंगा डालने व मोदी जी और उनके मित्र के बीच की सांठगांठ पर उठ रही आवाजों पर एजेंसियां लगा दी गई हैं. भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस निडर होकर देश के मुद्दों पर आवाज उठाती रहेगी. कांग्रेस अधिवेशन में हम महंगाई, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार के खिलाफ बुलंद आवाज उठाने का संकल्प लेंगे. कठपुतली एजेंसियों का डर दिखाकर आप देश की आवाज को दबा नहीं सकते. प्रियंका गांधी ने इससे पहले 17 फरवरी को अडानी मामले को लेकर PM मोदी पर जमकर निशाना साधा था. प्रिंयका गांधी ने कहा था कि प्रधानमंत्री के दोस्त गौतम अडानी की दौलत 2.5 साल में 13 गुना बढ़ गई, लेकिन भारत के 72 प्रतिशत छोटे उद्योगों का बिजनेस नहीं बढ़ा, 3 साल में 1.12 लाख दिहाड़ी मजदूरों ने आत्महत्या की. पिछले 1 साल में 10,600 MSMEs बंद हो गए… बस मित्र का साथ दिया, मित्र का विकास किया।
वहीं सीएम भूपेश बघेल ने भी हमला बोला है. सीएम भूपेश बघेल ने ट्वीट कर लिखा कि लाख हों रोकने की कोशिशें, हम सफल होंगे. सच के आगे इनके सब षड्यंत्र विफल होंगे. #लड़ेंगे_जीतेंगे. 85वां महाधिवेशन कांग्रेस के लिए तो ऐतिहासिक है ही, लेकिन इसकी सफलता भाजपा भी आसानी से नहीं भुला पाएगी. सीएम ने कांग्रेस के ट्वीट को रीट्वीट किया है, जिसमें लिखा है कि तानाशाह डरा हुआ है. कांग्रेस के अधिवेशन से पहले छत्तीसगढ़ में हमारे नेताओं पर ED के छापे मरवाए गए. इन्हें लगता है हम डर जाएंगे. ये कांग्रेस है.. जिसने अंग्रेजों से लड़ाई लड़ी, देश को आजादी दिलाई. हम अंग्रेजों के गुलामों से डरेंगे ? गजब गलतफहमी पाल रखी है।
K.W.N.S.-रायपुर। राज्यपाल अनुसुईया उइके को आज यहां माना स्थित स्टेट हैंगर पर भावभीनी विदाई दी गई। उन्हें विमानतल पर गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने उइके को पुष्प गुच्छ भेंट कर विदाई दी। इसके साथ ही साथ विधानसभा अध्यक्ष डॉ. चरणदास महंत, गृह मंत्री ताम्रध्वज साहू, संस्कृति मंत्री अमरजीत भगत, शिक्षा मंत्री डॉ. प्रेमसाय सिंह टेकाम, कोरबा की सांसद ज्योत्सना महंत, विधायक सत्यनारायण शर्मा, विधायक बृजमोहन अग्रवाल ने भी उइके को विदाई दी।
उल्लेखनीय है कि उइके को मणिपुर का राज्यपाल बनाया गया है । वही छत्तीसगढ़ के नए राज्यपाल विश्व भूषण हरिचंदन कल सवेरे 9:45 बजे माना विमान तक पहुंचेंगे। इस अवसर पर मुख्य सचिव अमिताभ जैन, पुलिस महानिदेशक अशोक जुनेजा, अपर मुख्य सचिव सुब्रत साहू ,रायपुर संभाग के आयुक्त यशवंत कुमार, मुख्यमंत्री के सचिव सिद्धार्थ कोमल सिंह परदेशी , सामान्य प्रशासन विभाग के सचिव कमलप्रीत सिंह, राज्यपाल के सचिव अमृत खलखो, अजय यादव, कलेक्टर रायपुर सर्वेश्वर नरेंद्र भुरे, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रशांत कुमार अग्रवाल भी उपस्थित थे।