Browsing: रायपुर

K.W.N.S.-रायपुर। प्रदेश में विपरीत परिस्थितियों में भी विद्युत आपूर्ति कर उपभोक्ता सेवा में लगे अधिकारी-कर्मचारियों को छत्तीसगढ़ स्टेट पॉवर कंपनीज़ के चेयरमेन अंकित आनंद (आई.ए.एस.) ने पुरस्कृत किया। उन्होंने बस्तर के सघन वन क्षेत्र में भारी-बारिश के दौरान नदी पार करके ब्रेकडाऊन दुरुस्त करने वाले कर्मियों के साथ ही सूझबूझ व सजगता से कंपनी को संभावित क्षति से बचाने वाले कर्मियों को सम्मानित किया एवं उनके कार्यों की प्रशंसा की। छत्तीसगढ़ स्टेट पॉवर कंपनी में हर साल राज्य स्तर पर छह कर्मियों और केंद्रीय कार्यालय स्तर पर छह कर्मियों को उत्कृष्ट पदक से सम्मानित किया जाता है। मुख्यालय में आयोजित उत्कृष्ट पदक वितरण समारोह में प्रबंध निदेशकगण उज्जवला बघेल, मनोज खरे एवं एसके कटियार भी उपस्थित थे। राज्य स्तर पर पांच हजार रुपए नकद के साथ प्रशस्ति पत्र और पदक प्रदान किया गया। डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी के रायगढ़ में पदस्थ जेई सुरेश कुमार गुप्ता को नन्देली एवं कुसमुरा वितरण केन्द्रों के लाईन लास में 21.19 प्रतिशत की कमी लाने के लिए उत्कृष्टता पदक दिया गया। भानुप्रतापपुर के परिचारक श्रेणी-एक किशनराम जुर्री को कोयलीबेडा जैसे अत्यंत दुर्गम संवेदनशील क्षेत्र में रात में भी लाईन ब्रेकडाउन ठीक करने के लिए सम्मानित किया गया। उन्होंने बाढ़ की स्थिति में नदी पार करके विद्युत व्यवस्था बहाल की। 
हसदेव ताप विद्युत गृह कोरबा पश्चिम के संयंत्र परिचारक श्रेणी-एक ब्रिजेश प्रसाद विश्वकर्मा को उत्कृष्ट सेवा के लिए पदक दिया गया, उन्होंने यूनिट-05 के टरबाईन के खराब बियरिंग को बदलने हेतु सभी आवश्यक उपकरण, टूल एवं टेकल्स को इंतजाम कर बीएचईएल टीम के साथ सहयोग किया, जिससे मात्र 3 दिन में संयंत्र को पुनः परिचालन में लाया जा सका। इसी तरह अटल बिहारी बाजपेयी ताप विद्युत गृह मड़वा के जेई भीखम टण्डन ने पी.एल.सी. सिस्टम के लॉजिक में मॉडिफिकेशन कर पंप को अत्याधिक डेमेज होने से तथा आईल के अपव्यय को रोककर सूझबूझ का परिचय दिया। कंपनी को संभावित आर्थिक क्षति से बचाने के लिए श्री टंडन को सम्मानित किया गया। 
 ट्रांसमिशन कंपनी के लाइन परिचारक ठामेन्द्र कुमार साहू को आपात परिस्थितियों में सिलतरा, सरोना, उरला, बीरगांव, कुथरेल उपकेंद्रों के संधारण में विशेष योगदान के लिए पुरस्कृत किया गया। ट्रांसमिशन कंपनी के संचार एवं टेलीमेटरी संभाग की एई कुमारी शालिनी लकड़ा को 50 साल पुराने 220 केवी उपकेंद्र में कार्यकुशलता से संचार उपकरणों को ठीक कर डाटा प्रेषण कार्य पूर्ण करने के लिए सम्मानित किया गया। जेनरेशन कंपनी के ईई देवेन्द्र कुमार खेलवार को आईटी इंफ्रास्ट्रक्चर को अपग्रेज कर अत्याधुनिक सर्वर की स्थापना करने के लिए सम्मानित किया गया। एई श्री नीरज कुमार वर्मा को पंप स्टोरेज जल विद्युत परियोजना की स्थापना नीति निर्माण एवं स्थल चिन्हांकन के उल्लेखनीय कार्य के लिए पुरस्कृत किया गया। ट्रांसमिशन कंपनी के ईई धर्मजीत भट्ट को स्थापना, कैश एवं क्रय प्रभाग के साथ विधानसभा सत्र प्रश्नों व शिकायतों का त्वरित गति से निराकरण के लिए सम्मानित किया गया। ट्रांसमिशन कंपनी के प्रबंध निदेशक कार्यालय में पदस्थ निज सहायक संजय अग्रवाल को स्टाफ आफीसर एवं निज सचिव की अनुपस्थिति के कालखण्ड में सभी कार्यों का निष्पादन उच्च गुणवत्ता के साथ करने के लिए पुरस्कृत किया गया।
 

 
K.W.N.S.-रायपुर। साइंस कॉलेज मैदान में आयोजित राज्य युवा महोत्सव के दूसरे दिन मंच पर छत्तीसगढ़ के लोक नर्तक दलों ने सुआ नृत्य की शानदार प्रस्तुति दी। 15 से 40 वर्ष आयु वर्ग में  बलौदाबाजार, सक्ति, दंतेवाड़ा, खैरागढ़-छुईखदान-गंडई और सूरजपुर के कलाकारों ने सुआ नृत्य प्रस्तुत कर ऐसा शमा बांधा की दर्शक झूम उठे। 15 से 40 वर्ष आयु वर्ग के बीच आयोजित इस नृत्य प्रतियोगिता में पहला स्थान खैरागढ़-छुईखदान-गंडई, द्वितीय स्थान बलौदाबाजार एवं तीसरा स्थान सूरजपुर जिले के प्रतिभागियों को मिला।
 सुआ नृत्य प्रतियोगिता में पहली प्रस्तुति रायपुर संभाग के बलौदाबाजार जिले से आए नृत्य दल द्वारा प्रस्तुत किया गया। दल की युवतियां सुआ नृत्य की पारंपरिक वेशभूषा से सज्जित, मोर पंख की कलगी एवं कौड़ी पटिया लगाकर सुआ नृत्य की शानदार प्रस्तुति दी। दूसरी प्रस्तुति बिलासपुर संभाग के सक्ति जिले से आए नृत्य दल द्वारा दिया गया। दल की युवतियों ने पारंपरिक वेशभूषा में श्रृंगार कर कौड़ी के करधन, सिक्का माला एवं रंग-बिरंगी कलगी लगाए हुए सुआ नृत्य की प्रस्तुति दी। तीसरा प्रस्तुति बस्तर संभाग के दंतेवाड़ा, चौथी प्रस्तुति दुर्ग संभाग के खैरागढ़-छुईखदान-गंडई, पांचवी एवं अंतिम प्रस्तुति सरगुजा संभाग के सूरजपुर जिले से आए नृत्य दल द्वारा बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ के संदेश के साथ सुआ नृत्य की शानदार प्रस्तुति दी।
 वहीं 40 वर्ष से अधिक आयु वर्ग में बेमेतरा, कोंडागांव, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, धमतरी और जशपुर जिले के प्रतिभागियों ने शानदार सुआ नृत्य की प्रस्तुति दी। 40 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के बीच आयोजित इस नृत्य प्रतियोगिता में पहला स्थान धमतरी, द्वितीय स्थान कोंडागांव एवं तीसरा स्थान बेमेतरा जिले के प्रतिभागियों को मिला। नृत्य प्रतियोगिता में पहली प्रस्तुति दुर्ग संभाग के बेमेतरा जिले के नृत्य दल ने दी। दल की महिलाएं हरे रंग की साड़ी एवं सुआ नृत्य की पारंपरिक वेशभूषा से सज्जित थे। सभी ने करधन, बहुंठा, कौड़ी पटिया, सिक्का माला से श्रृंगार किया हुआ था है। दूसरी प्रस्तुति बस्तर संभाग के कोंडागांव के प्रतिभागियों ने दिया। महिलाओं ने सुआ नृत्य के माध्यम से गर्भवती महिलाओं की सुरक्षा का संदेश दिया। तीसरी प्रस्तुति में बिलासपुर संभाग के गौरेला-पेंड्रा-मरवाही के नृत्य दल ने पारंपरिक वेशभूषा में नृत्य प्रस्तुत की। नृत्य प्रतियोगिता में चौथी प्रस्तुति रायपुर संभाग के धमतरी और पांचवीं और अंतिम प्रस्तुति सरगुजा संभाग के जशपुर जिले से आए नृत्य दल द्वारा दी गई।
 

 
   K.W.N.S.-रायपुर। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की मंशा के अनुरूप छत्तीसगढ़ में कोदो, कुटकी एवं रागी की फसलों को बढ़ावा देने के लिए इनकी समर्थन मूल्य पर खरीदी की जा रही है। वन मंत्री श्री मोहम्मद अकबर के कुशल मार्गदर्शन में प्रदेश में अब तक 5 करोड़ 60 लाख रूपए मूल्य की 18 हजार 328 क्विंटल कोदो, कुटकी और रागी की खरीदी हो चुकी है। राज्य लघु वनोपज संघ से प्राप्त जानकारी के अनुसार कोदो की खरीदी 30 रूपए प्रति किलो, कुटकी की खरीदी 31 रूपए और रागी की खरीदी 35.78 रूपए प्रति किलो की दर से की जा रही है। अब तक 15 हजार 889 
 क्विंटल कोदो, 793 क्विंटल कुटकी और 1 हजार 646 क्विंटल रागी की खरीदी की जा चुकी है। समर्थन मूल्य पर कोदो, कुटकी और रागी फसलों की खरीदी 15 फरवरी 2023 तक की जाएगी। उल्लेखनीय है कि पूरे प्रदेश में राज्य लघु वनोपज संघ की समस्त प्राथमिक वनोपज सहकारी समितियों द्वारा कोदो, कुटकी और रागी की खरीदी की जा रही है। प्रमुख सचिव वन मनोज कुमार पिंगुआ ने बताया कि किसानों के हित में इसका दायरा बढ़ाकर अब पूरे प्रदेश में राज्य लघु वनोपज संघ की समस्त प्राथमिक वनोपज सहकारी समितियों के माध्यम से इन फसलों की समर्थन मूल्य पर खरीदी की जा रही है। प्रधान मुख्य वन संरक्षक एवं वन बल प्रमुख संजय शुक्ला ने बताया कि राज्य के ऐसे क्षेत्र, प्राथमिक लघु वनोपज समिति अथवा जिला यूनियन के कार्यक्षेत्र से बाहर स्थित है, ऐसे ग्रामों, क्षेत्रों को चिन्हांकित कर समीपस्थ प्राथमिक लघु वनोपज समिति एवं जिला यूनियन के कार्यक्षेत्र में शामिल किया गया है। जिससे ऐसे क्षेत्रों में कोदो, कुटकी एवं रागी की समर्थन मूल्य पर खरीदी हो सके और इन फसलों का संग्रहण करने वाले संग्राहकों को समर्थन मूल्य का लाभ मिले।
 

  K.W.N.S.-रायपुर। खाद्य मंत्री अमरजीत भगत के घर इन दिनों शादी की शहनाई गूंज रही है. मंत्री भगत के मंझले बेटे आशीष भगत की शादी 30 जनवरी को होने जा रही है. शनिवार को हल्दी का रस्म हुई. इस दौरान आशीष भगत को आशीर्वाद देने प्रदेश के आबकारी मंत्री कवासी लखमा मंत्री अमरजीत भगत के घर  पहुंचे . बच्चों के आग्रह पर मंत्री कवासी लखमा और मंत्री अमरजीत भगत जमकर थिरके.
वैवाहिक कार्यक्रमों की शुरुआत में बीते दिन छत्तीसगढ़ कांग्रेस प्रभारी कुमारी शैलजा, सप्तगिरि उल्का, चंदन यादव सहित कैबिनेट साथियों ने मंत्री भगत के निवास पहुंचकर उनके आशीष सहित पूरे परिवार को शुभकामनाएं दी थी. आबकारी मंत्री कवासी लखमा अपने डांस को लेकर अक्सर चर्चा में रहते हैं. गणतंत्र दिवस पर आयोजित होने वाले सांस्कृतिक कार्यक्रम के लिए कुछ छात्राएं पुलिस ग्राउंड में डांस प्रैक्टिस कर रही थीं. इस बीच कवासी लखमा भी उन छात्राओं के बीच पहुंचे और उनके साथ डांस करने लगे. मंत्री लखमा छात्राओं के साथ काफी देर तक थिरकते रहे. दिसंबर 2022 में हुए भानुप्रतापपुर विधानसभा उपचुनाव में मिली जीत के मौके पर भी कवासी लखमा डांस करते हुए जश्न मनाते नजर आए थे. अप्रैल 2022 में राजनांदगांव जिले के खैरागढ़ में चुनाव प्रचार के सिलसिले में पहुंचे कवासी लखमा मौका पाकर डांस करने लगे थे, जिसकी खूब चर्चा हुई।
 

K.W.N.S.-रायपुर/बिलासपुर। चेन्नई व उत्तराखंड से कोडिन सिरप सप्लाई करने वाले ट्रांसपोर्टर समेत चार तस्करों को सिविल लाइन पुलिस ने गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से आठ हजार चार सौ नग सिरप व एक मोटरसाइकिल जब्त की गई है। जानकारी के अनुसार ट्रांसपोर्टर ने अपने गोदाम में छुपाकर सिरप के खेप को रखा था और तीन अन्य सहयोगी आरोपित मोटरसाइकिल से एक-एक कार्टून सिरप सप्लाई करते थे। पुलिस इस मामले में एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई की। सभी आरोपित को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। जब्त सिरप की कीमत 14 लाख रुपये है। 
 जिले में प्रतिबंधित नशीली दवाई सप्लाई होने की लगातार शिकायत मिल रही थी। एएसपी पारूल माथुर ने नशे के खिलाफ अभियान चलाने सभी थाना प्रभारियों को निर्देश दिए थे। इसी कड़ी में सिविल लाइन थाना प्रभारी परिवेश तिवारी अपने स्टाफ को पुराने नशेडिय़ों पर नजर रखने निर्देश दिए थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि बिना नंबर के मोटरसाइकिल में दो युवक कार्टून में नशीली दवाई सप्लाई कर रहे हैं। सूचना पर पुलिस की टीम महाराणा प्रताप चौक पर घेराबंदी कर मोटरसाइकिल सवार संदेही दो युवकों को हिरासत में लिया। तलाशी लेने पर कार्टून में कोडिन सिरप मिली।
 पूछताछ में युवकों ने अपना नाम सत्यनारायण अग्रवाल और राजकुमार केवट दोनों निवासी पामगढ़ जांजगीर-चांपा बताया। दोनों मिलकर सिरप को ग्राहकों को उपलब्ध करवाते थे। पुलिस ने दोनों आरोपित युवक को गिरफ्तार कर थाना ले आई। कड़ाई से पूछताछ करने पर आरोपित युवकों ने पेंड्रा निवासी महेंद्र साहू को मुख्य डीलर बताया। इसके बाद पुलिस टीम ने महेंद्र को भी हिरासत में ले लिया है। पूछताछ में उसने बताया कि तिफरा सिरगिट्टी निवासी रोशन लाल ट्रांसपोर्टर का काम करता है। वह चेन्न्ई व उत्तराखंड सामान लाने व पहुंचाने का काम करता है। सामान के आड़ में कोडिन सिरप तस्करी करने की बात कबूल किया। 
 ट्रांसपोर्टर ने घर पर बनाया था गोदाम ट्रांसपोर्टर रोशन लाल सिरप को छुपाने के लिए अपने घर पर गोदाम बनाया था और सिरप को वहीं छुपाकर रखता था। ट्रांसपोर्टर सिरप को अपने सहयोगियों की मदद से सप्लाई करवाता था। एक सिरप को चार से पांच सौ रुपये में बिक्री करता था। पूछताछ में आरोपित युवकों ने बताया कि कोडिन सिरप को रायपुर में भी ट्रांसपोर्ट करवाता था। हालांकि रायपुर में सिरप पहुंचाने वालों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस इस मामले की जांच कर रही है। 
 

 
K.W.N.S.-रायपुर। त्रिपुरा में होने जा रहे विधानसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस पार्टी ने कमर कस ली है। पार्टी ने त्रिपुरा विधानसभा चुनाव के लिए अपने स्टार प्रचारकों की सूची जारी कर दी है। इस सूची में 40 नेताओं को जगह मिली है। मल्लिकार्जुन खड़गे, राहुल गांधी और प्रियंका गांधी के साथ ही इस सूची में छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल का नाम भी शामिल है। इस पर पूर्व मंत्री अजय चंद्राकर का बड़ा बयान सामने आया है। उन्होंने कहा कि पूरे कांग्रेस में एक ही परिवार है। कुछ लोग ही हर बार स्टार प्रचारक बनते हैं। BJP के पास नेताओं की लंबी फेहरिस्त है। त्रिपुरा स्टार प्रचारकों की लिस्ट में छग BJP से कोई नहीं है। गौरतलब है कि चुनाव आयोग की ओर से 18 जनवरी को घोषित त्रिपुरा विधानसभा चुनाव कार्यक्रम में कोई बदलाव नहीं हुआ है। त्रिपुरा विधानसभा के लिए चुनाव 16 फरवरी को होगा, नामांकन पत्र दाखिल करने की अंतिम तिथि 30 जनवरी है। चुनाव के नतीजे 2 मार्च को आएंगे। 
इस सूची में पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड्गे, सांसद राहुल गांधी, महासचिव प्रियांका गांधी, प्रदेश प्रभारी अजय कुमार, राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, छत्तीसगढ़ सीएम भूपेश बघेल, अधीर रंजन चौधरी, मुकुल वासनिक, सुखविंदर एस सुक्खू, सुदीप रॉय बर्मन, अब्दुल खालिक, सचिन पायलट, मोहम्मद अजहरुद्दीन, अरविंदर सिंह लवली, दीपा दास मुंशी, विजेंद्र सिंह, बी.वी.श्रीनिवास, नेट्टा डिसूजा समेत 22 अन्य नेताओं को शामिल किया गया है।
 

K.W.N.S.-रायपुर। छत्तीसगढ़ प्रदेश भाजपा प्रवक्ता विधायक रंजना साहू ने महिला उद्यमियों के लिए स्टार्ट अप और व्यापार में सहयोग के लिए मुख्यमंत्री के ऐलान पर सवाल किया है कि मुख्यमंत्री भूपेश बघेल सवा 4 साल तक आखिर कहां थे? यह नवीन योजना क्या है? चुनाव में महिलाओं के साथ किए गए वादे पूरे क्यों नहीं किए? प्रदेश भाजपा प्रवक्ता रंजना साहू ने कहा कि कांग्रेस ने अपने जन घोषणा पत्र में महिलाओं से वादा किया था कि स्व सहायता समूह का कर्ज माफ करेंगे, विधवा पेंशन, बुजुर्ग महिला पेंशन देंगे, पूर्ण शराबबंदी लागू करेंगे। क्या महिला स्व सहायता समूह का कर्जा माफ हुआ? क्या विधवाओं को पेंशन मिली? क्या आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं सहायिकाओं की मांग पूरी हुई ? क्या शराब बंदी हुई? भूपेश बघेल सरकार ने महिलाओं से किया कोई वादा पूरा नहीं किया।
महिलाओं को केवल झांसा दिया है। प्रदेश भाजपा प्रवक्ता रंजना साहू ने मुख्यमंत्री से पूछा है कि महिला स्व सहायता समूह की बहनों का कर्ज कब माफ कर रहे हैं, जो महिलाएं अनुकंपा नियुक्ति के लिए कई दिनों से आंदोलन कर रही हैं, उनकी मांग पूरी कब कर रहे हैं ? विधवा पेंशन, बुजुर्ग महिला पेंशन, अति बुजुर्ग महिला पेंशन का अब तक का एकमुश्त भुगतान करने बजट में इंतजाम कर रहे हैं कि नहीं? शराबबंदी कितनी तारीख से लागू कर रहे हैं? दरअसल, यह सरकार चला चली की बेला में महिलाओं को एक बार फिर भ्रमित करने की कोशिश कर रही है। कांग्रेस सरकार ने महिलाओं से किया गया कोई वादा न तो पूरा नहीं किया है और न ही करने का कोई इरादा है। भूपेश बघेल सवा चार साल पहले की घोषणाओं को पहले पूरा करें। यह झाँसेबाजी नहीं चलेगी।
 

 

K.W.N.S.-रायपुर। रायपुर के साइंस कॉलेज मैदान में चल रहे युवा महोत्सव में युवाओं ने अपने प्रदर्शन से सबका मन मोह लिया। लेकिन इस उत्सव में युवाओं के अलावा कई कलाकार ऐसे भी हैं, जो उम्र की परवाह न करते हुए युवाओं के साथ मुकाबला करने का जज़्बा रखते हैं। 75 वर्षीय ग्राम देवरी आरंग जिला रायपुर निवासी दरसराम यादव ने राऊत नाचा में अपना दमखम दिखाया और बड़े उत्साह से अपनी कला का प्रदर्शन किया। ऊर्जावान यादव ने बताया कि वे दस वर्ष की आयु से लगातार नृत्य कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि उनके 5-6 हमउम्र साथी अभी भी गांव में उनके साथ डांस कर रहे हैं। उनकी कला को देखकर दर्शक और युवा वर्ग आश्चर्यचकित होकर दांतों तले उंगलियां दबा बैठे।
 

 K.W.N.S.-रायपुर। रायपुर ग्रामीण विधानसभा अंतर्गत लाभांडी गांव के सैकड़ों युवाओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकास कार्यों से प्रभावित होकर भाजपा की सदस्यता ग्रहण की, इस मौके पर भारतीय जनता पार्टी के पूर्व जिला अध्यक्ष राजीव अग्रवाल, पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष मोतीलाल साहू,पूर्व विधायक नंदकुमार साहू उपस्थित रहे, उक्त जानकारी देते हुए जिला मीडिया प्रभारी राजकुमार राठी ने बताया कि ग्राम लाभांडी के सर्वश्री मनीराम निषाद, दीनू यादव, राजेश निषाद, प्रवीण पटेल,आकाश निषाद,शेखर निषाद, लोकेश विश्वकर्मा, कमल पटेल, गजेंद्र निषाद, निलेश पटेल, परमानंद निषाद, रिखी पटेल, रोशन निषाद, संदेश डहरिया, लोकेश निषाद, जीतेश विश्वकर्मा, ईश्वर निषाद, कमल वर्मा, करण निषाद, सागर यादव, उमेश निषाद सहित 100 से अधिक युवाओं ने भाजपा नेताओं की उपस्थिति में पार्टी का दामन थामा, इस अवसर पर भाजपा नेताओं द्वारा युवाओं को पार्टी का दुपट्टा पहना कर स्वागत किया। कार्यक्रम में प्रमुख रूप से मंडल अध्यक्ष रविंद्र सिंह ठाकुर, रविंद्र चौहान, रामलाल साहू ,हेमलाल भारती, जितेंद्र नाग, तुलसी ध्रुव, लालजी यादव,रवि सोनवानी, नरोत्तम पटेल उपस्थित रहे।
 

K.W.N.S.-रायपुर। छत्तीसगढ़ के पूर्व कैबिनेट मंत्री और रायपुर (दक्षिण) के विधायक बृजमोहन अग्रवाल शनिवार को प्रदेश में आईएएस और आईपीएस अधिकारीयों के तबादले पर बड़ा बयान दिया है। अग्रवाल ने रायपुर एयरपोर्ट पर मीडियकर्मियों से चर्चा करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ में राज्य सरकार ने दुकान खोल रखी है और उस दुकान में जो जितना ज्यादा भाव देगा, वो उतने ज्यादा अच्छे जिले में जाएगा, उतने ज्यादा भ्रष्टाचार के लिए उसे छूट होगी। 
बृजमोहन ने कहा कि कांग्रेस सरकार अब चला-चली की बेला में है जैसे सेना लूट-पाट करते हुए जाती है वैसे ही ये सब भी लूट-पाट करते हुए जाने की तैयारी में है। बृजमोहन ने तीन दिवसीय युवा महोत्सव से जुड़े सवाल पर कहा कि राज्य सरकार के पास डेवलपमेंट के लिए पैसे तो है नहीं, जनता को महोत्सव में डूबा कर उनके भावनाओं को कैश करने का काम कर रहे हैं। वहीं उन्होंने ने कांग्रेस के हाथ जोड़ो अभियान पर कहा कि चार साल से लोगों के साथ विश्वासघात किया है, उसकी माफी मांगने के लिए हाथ जोड़ रहे है।