Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.
Browsing: रायपुर

K.W.N.S.-रायपुर। नगरीय प्रशासन मंत्री डॉ. शिवकुमार डहरिया आरंग क्षेत्र के जनसंपर्क भ्रमण के दौरान विविध कार्यक्रमों में शामिल हुए। इस मौके पर उन्होंने आरंग में दिव्यांगजनों को सहायक उपकरण वितरित किये और माटी कला बोर्ड के हितग्राहियों को इलेक्ट्रॉनिक चॉक का वितरण किया। ग्राम बिरबिरा में करीब 28 लाख रुपए के विकास कार्यों की सौगात दी। उन्होंने 5 लाख रूपए की लागत का स्कूल में शेड, 4.80 लाख रुपए की लागत बंधिया तालाब के किनारे शेड और 5 लाख रुपए की लागत के मंदिर में शेड निर्माण का लोकार्पण किया। उन्होंने बिरबिरा गांव के दो सी.सी. रोड निर्माण हेतु 12 लाख रूपए की और चबूतरा निर्माण हेतु 1 लाख रुपए की घोषणा की। गांव में आयोजित मड़ई मेला में मंत्री डॉ. डहरिया ने खरीदी कर सब्जी एवं मिठाई बेचने वाले छोटे व्यावसायियों का उत्साहवर्धन किया।
इस अवसर पर माटी कला बोर्ड के अध्यक्ष बालम चक्रधारी, जनपद पंचायत अध्यक्ष खिलेश देवांगन कोमल साहू, माटी कला बोर्ड के मेम्बर सहित क्षेत्रीय पंचायतों के प्रतिनिधि अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद थे।

K.W.N.S.-रायपुर। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने आज मकर संक्रांति के अवसर पर बलरामपुर जिले के ऐतिहासिक तीन दिवसीय तातापानी महोत्सव का शुभारंभ किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने 976 करोड़ 47 लाख के विकास कार्यों का शिलान्यास व लोकार्पण किया। इनमें रामानुजगंज विधानसभा क्षेत्र में 284 विकास कार्यों का शिलान्यास तथा 446 विकास कार्यों का लोकार्पण, सामरी विधानसभा क्षेत्र में 777 विकास कार्यों का शिलान्यास तथा 16 विकास कार्यों का लोकार्पण एवं प्रतापपुर विधानसभा क्षेत्र में 46 विकास कार्यों का शिलान्यास व 138 विकास कार्यों का लोकार्पण शामिल है।
इसके साथ ही मुख्यमंत्री बघेल ने भेंट-मुलाकात कार्यक्रम के दौरान किये गये 20 घोषणाओं तथा 03 निर्देशों का शिलान्यास एवं सामरी विधानसभा क्षेत्र में विद्युत विभाग के दो घोषणा के कार्यों का लोकार्पण किया । महोत्सव के दौरान मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल सामूहिक कन्या विवाह योजनान्तर्गत 501 जोड़ों के विवाह समारोह में सम्मिलित हुए तथा नव दंपत्तियों को आशीर्वाद दिया । धार्मिक मान्यताओं व भूमिगत गर्म जल स्त्रोत के नाम से प्रसिद्ध तातापानी में प्रत्येक वर्ष की भांति मकर संक्रांति पर्व पर वृहद मेला लगता है । जहां जिले के पड़ोसी राज्यों झारखण्ड, मध्यप्रदेश, उत्तरप्रदेश से श्रद्धालु पहुंचते हैं । लोगों की श्रद्घा व आस्था का सम्मान करते हुए प्रतिवर्ष जिला प्रशासन के द्वारा तीन दिवसीय तातापानी महोत्सव का आयोजन किया जाता है। मुख्यमंत्री ने बघेल ने रीति रिवाज से ऐतिहासिक तातापानी में भगवान शिव की पूजा अर्चना कर यहां स्थापित 12 ज्योतिर्लिंगों के भी दर्शन किए । इसके पश्चात उन्होंने विभिन्न शासकीय योजनाओं पर आधारित विकास कार्यों की स्टॉल के माध्यम से लगायी गयी प्रदर्शनी का भी अवलोकन किया।

K.W.N.S.-रायपुर। राज्यपाल अनुसुईया उइके ने मकर संक्रांति एवं पोंगल पर्व पर देश व प्रदेशवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। राज्यपाल ने अपने संदेश में कहा है कि देश के विभिन्न प्रान्तों में अलग-अलग नामों से मनाये जाने वाले संक्रांति, पोंगल, माघ बीहू जैसे पर्व भारत की सांस्कृतिक एकता को प्रदर्शित करते हैं और हमें विविधता में एकता के सूत्र में बांधे रखते हैं। राज्यपाल ने इस अवसर पर सभी की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की है।

K.W.N.S.-रायपुर। राजधानी रायपुर के साइंस कॉलेज मैदान में चौपाटी निर्माण के विरोध में भाजपा का अनिश्चितकालीन आंदोलन पिछले 11 दिनों से जारी था। लेकिन आज 11वे दिन आंदोलन को स्थगित कर दिया गया है। पूर्व मंत्री राजेश मूणत के नेतृत्व में 4 जनवरी से भाजपा कार्यकर्ता अनिश्चितकालीन आंदोलन में बैठे थे। बता दें कि अवैध चौपाटी निर्माण के विरोध में चल रहे अनिश्चितकालीन धरना को समर्थन देने के लिए पूर्व मुख्यमंत्री डॉ.रमन सिंह, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष अरूण साव , नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल आज समर्थन देने पहुंचे थे।
धरने में भाजपा जिलाध्यक्ष जयंती पटेल, निगम नेता प्रतिपक्ष मीनल चौबे,नंदे साहू सहित वरिष्ठ नेतागण व कार्यकर्ता उपस्थित थे।

K.W.N.S.-रायपुर। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने तातापानी महोत्सव का उद्घाटन किया। तातापानी पतंग उत्सव में मुख्यमंत्री शामिल हुए. साथ ही उन्होंने मुख्यमंत्री ने बच्चों के संग खुद पतंग उड़ाए। बता दें कि मकर संक्रांति का पर्व इस बार बड़े ही धूमधाम से मनाया जा रहा है। इस पर्व में पतंग उड़ाने की परंपरा रही है, लेकिन पिछले दो साल में कोरोना के कारण लोग खुलकर पतंगबाजी भी नहीं कर पाए, इस बार कोरोना का असर नहीं है। इसलिए लोगों में मकर संक्रांति पर्व मनाने के लिए पतंग उड़ाने को लेकर भारी उत्साह देखा जा रहा है।
आज शहर के पतंग-मांझा दुकानों पर खरीदारों की भीड़ नजर आ रही है। बच्चों से लेकर बड़े भी पतंग-मांझा खरीदते हुए नजर आ रहे है। इस बार बाजार में पीएम मोदी, कार्टून किरदारों, फिल्मी कलाकारों, क्रिकेटरों की तस्वीरों से सजी पतंगें बाजार में उपलब्ध हैं। समय के साथ पतंगों का आकार व डिजाइन भी बदल रहा है। पतंगों के बाजार में इस बार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तस्वीर लगी पतंग भी आई है। पंजाबी गायक, पुष्पा फिल्म के पोस्टर समेत आदि की तस्वीरों से सजी पतंगें भी बाजार में उतारी गई हैं।

K.W.N.S.-रायपुर। राजधानी रायपुर मच्छरों का गढ़ बन चुका है, नगर निगम मात्र तमाशबीन बनकर मलेरिया और डेंगू बुखार का इंतजार कर रही है। प्रकोप राजधानी के 70 वार्डों में सालों से बना हुआ है। गर्मी, सर्दी, ठंड हर मौसम में मच्छरों के बढऩे से लोगों की रातों की नींद और दिन का चैन छिन गया है। अभी ठंड है तो आदमी चादर ओढ़कर मच्छर से बचने की जुगाड़ कर लेता है लेकिन भीषण गर्मी में क्या करेगा? जनवरी समाप्त होने की ओर है फरवरी से सूर्य देवता का प्रकोप शुरू हो जाएगा। मकर संक्राति के बाद तो सूर्य का ताप लगातार बढऩे लगता है। तब तो मच्छरों का पूरा कुनबा रायपुर की जनता पर टूट पड़ेगा। तब रायपुर मच्छरपुर में तब्दील हो जाएगा।
जिन वार्डों, कालोनियों में पानी निकासी की व्यवस्था सही नहीं है, गंदगी से बजबजाती नालियों में पानी भरा हुआ है, वहां पर मच्छरों की संख्या इतनी बढ़ गई है कि कोई भी प्रतिरोधक दवाई, क्वाइल, लिक्विड काम करने में । ठंड की शुरुआत में ही यह हाल है तो आगे मच्छरों के प्रकोप का अंदाजा लगाया जा सकता है। 70 वार्डों में नियमित रूप से एंटी लार्वा दवा का छिड़काव नहीं हो रहा है, जहां हो भी रहा है तो दिखावे के तौर पर। शहर को मच्छर-मुक्त करने का वादा कर निगम की सत्ता तक पहुंचे पार्षद और जनप्रतिनिधियों का ध्यान अब इस तरफ नहीं है। मच्छर उन्मूलन के लिए नगर निगम लाखों रुपये खर्च करता आ रहा है, पर नतीजा जस का तस बना हुआ है।
राजधानी रायपुर के 70 वार्डों की नालियों, तालाबों सहित अन्य जल स्रोतों में एंटी लार्वा दवा का छिड़काव नहीं होने से इन दिनों मच्छरों का प्रकोप कुछ ज्यादा ही बढ़ गया है। मच्छरों से खास से लेकर आम नागरिक तक परेशान हैं। मच्छर-मुक्त शहर के लिए निगम प्रशासन कितना गंभीर है, वह इस बात से ही साफ पता चलता है कि मच्छर उन्मूलन के लिए बजट में 80 लाख से एक करोड़ रुपये का प्रविधान किया गया है, लेकिन साल भर में करीब 15 फीसद राशि तक निगम खर्च नहीं करता है। जानकारी के अनुसार निगम के सभी दस जोनों को मिलाकर साल भर में करीब 10से 20 से पंद्रह लाख रुपये ही खर्च किए जाते हैं।
शहर को मच्छर-मुक्त बनाने के लिए निगम प्रशासन नियमित रूप से एंटी लार्वा दवा का छिड़काव और फागिंग कराने का दावा करता है, लेकिन हकीकत यह है कि जिन वार्डों में नाली खुली और मच्छरों का प्रकोप बढ़ा है, वहां पर निगम का अमला नियमित रूप से न तो दवा का छिड़काव और न ही फागिंग करवा पाता है, जबकि किसी एक वार्ड को माडल वार्ड के रूप में चिह्नित कर उसे मच्छर-मुक्त वार्ड बनाने की बात निगम प्रशासन ने कही थी, लेकिन आज तक किसी भी वार्ड को मच्छर-मुक्त वार्ड बनाने कोई पहल नहीं की गई, जबकि दावा किया जा रहा है कि सभी वार्ड पार्षदों को एक-एक फागिंग मशीन दी गई है, ताकि नियमित रूप से वार्डों की फागिंग कराई जा सके।
जोन के अधिकारियों ने बताया कि हर माह जोन कार्यालय की तरफ से मच्छरों के न पनपने के लिए 25 से 30 किलोग्राम एंटी लार्वा दवा का छिड़काव किया जाता है। इसके अलावा मच्छर मारने के लिए फागिंग भी की जाती है। जानकारों का कहना है कि यह सब कागजों में होता है। कहीं भी न तो एंटी लार्वा दवा का छिडड़ाव किया जाता है और न ही वार्ड के लोगों ने फागिंग करते निगमकर्मियों को कभी देखा है।निगम की बदइंतजामी राजधानी को गंभीर बीमारी की ओर धकेल रहा है जिसका अभी से इलाज ढूंढना होगा नहीं तो यह शहर रहने योग्य नहीं रहेगा।

K.W.N.S.-रायपुर। पार्थिवी प्रोविन्स सरोना में रहने वाले लोग अधूरे निर्माण की वजह से परेशान हो गए हैं। इस वजह से इस कॉलोनी में रहने वाले 26 लोगों ने रेरा में प्रोजेक्ट के प्रमोटर पार्थिवी कंस्ट्रक्शन के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायतों की सुनवाई के बाद रेरा अध्यक्ष ने बिल्डर को 2 महीने में सभी अधूरे निर्माण पूरे करने का आदेश दिया है। रेरा की ओर से दिए आदेश में सरोना स्थित इस कॉलोनी में बिल्डर को 24 घंटे पानी की सप्लाई, कवर्ड नालियां, सभी जगहों पर स्ट्रीट लाइट्स, सुरक्षा व्यवस्था के लिए सीसीटीवी कैमरों के साथ ही गार्ड की तैनाती, ट्रांसफामर्स, पॉवर बैकअप के साथ ही बाउंड्रीवाल, नालियां, सड़क आदि का निर्माण पूरा करना होगा। कॉलोनी में रहने वाले लोगों ने एक साथ बिल्डर के खिलाफ रेरा में शिकायत दर्ज कराई थी।
उनका कहना था कि कई बार की शिकायत के बाद भी बिल्डर ने अधूरे काम पूरे नहीं किए। लोगों की शिकायत के बाद रेरा अफसरों ने प्रोजेक्ट का निरीक्षण भी कराया था। सीएसपीडीसीएल की रिपोर्ट में बताया कि अंडरग्राउंड बिजली की तारें खुली छोड़ दी गई है इसे कवर करना होगा। प्रोजेक्ट के प्रमोटर को 31 जनवरी 2023 तक लंबित तिमाही रिपोर्ट भी ऑनलाइन अपलोड करनी होगी। रेरा के आदेश में कहा गया है कि प्रोजेक्ट के प्रमोटर ने ब्रोशर में जो सुविधाएं बताई थी उसे अभी तक पूरा नहीं किया है। इसलिए इस मामले में रेरा रजिस्ट्रार अलग से बिल्डर को नोटिस जारी करेगी। पार्थिवी कंस्ट्रक्शन के डायरेक्टर शैलेष वर्मा ने 2010 में यह प्रोजेक्ट शुरू किया था।
उस समय ब्रोशर में बताया गया था कि इस इंटीग्रेटेड टाउनशिप में पार्थिवी मॉल, प्रोविन्स रेजुवा क्लब जिसमें एसी जिम, इंडोर गेम्स, स्पा, स्वीमिंग पूल, डायनिंग, लॉन टेनिस, मिनी गोल्फ कोर्स, पानी सप्लाई के लिए हाइड्रो न्यूमैटिक पंप, किचन में चिमनी व एग्जास्ट प्वाइंट, हाईटेक सुरक्षा सिस्टम, बंगलों में इंटरकॉम सुविधा, 24 घंटे पानी सप्लाई, लैंडस्केप गार्डन, अंडरग्राउंड बिजली, कवर्ड ड्रेनेज, वाल्ड कैंपस आदि की सुविधा दी जाएगी।
रेरा अध्यक्ष रिटायर, अब इसमें कोई सदस्य भी नहीं छत्तीसगढ़ भू-संपदा विनियामक प्राधिकरण (रेरा) के अध्यक्ष विवेक ढांढ पांच साल का कार्यकाल पूरा करने के बाद शुक्रवार को रिटायर हो गए। उनके कार्यकाल में प्राधिकरण ने अभी तक 1509 प्रोजेक्ट और 708 रियल एस्टेट का पंजीयन करने के साथ ही 1680 शिकायतों का निराकरण किया है। रेरा अध्यक्ष बनने से पहले वे राज्य के मुख्य सचिव थे। उनकी सेवानिवृत्ति के बाद नए सदस्य की नियुक्ति तक प्रकरणों की सुनवाई न्याय निर्णायक अधिकारी दीपा कटारे करेंगी। फिलहाल रेरा में अब अध्यक्ष समेत सदस्यों के पद भी खाली हैं। इनकी नियुक्ति के लिए शासन ने पहले ही समिति तय कर दी है। रेरा अध्यक्ष को विदाई समारोह में सम्मानित भी किया गया। इस अवसर पर रजिस्ट्रार डॉ. अनुप्रिया मिश्रा भी मौजूद थीं।
सिटी आफ वैलेंसिया में मूल भूत सुविधाएं नहीं, रेरा ने प्रोजेक्ट हाउसिंग बोर्ड को सौंपा छत्तीसगढ़ भू-संपदा विनियामक प्राधिकरण (रेरा) द्वारा भूखण्ड आबंटितियों के हित में नरदहा स्थित निजी हाउसिंग प्रोजेक्ट Óसिटी आफ वैलेंसियाÓ को छत्तीसगढ़ हाउसिंग बोर्ड को सौंपने का आदेश पारित किया गया है। उक्त प्रोजेक्ट के प्रमोटर आफताब सिद्दकी द्वारा ब्रोशर में दिखाए गए सड़क, बिजली, पानी, सिवरेज जैसी मूलभूत सुविधाओं का विकास नहीं किए जाने के कारण रेरा द्वारा यह कार्यवाही की गई है। प्रमोटर द्वारा 2010 में नरदहा में 1072 भूखण्डों का हाउसिंग प्रोजेक्ट तैयार कर वहां सभी मूलभूत सुविधाएं विकसित करने का वादा किया गया था, किन्तु प्रोजेक्ट शुरू होने के पांच साल बाद भी उक्त प्रोजेक्ट में कोई भी विकास कार्य नही किया गया। रेरा द्वारा पारित आदेश के अनुसार छत्तीसगढ़ गृह निर्माण मंडल उक्त प्रोजेक्ट के विकास के लिए समस्त आवश्यक अनुमतियां प्राप्त कर प्रोजेक्ट विकास की कार्ययोजना दो माह के भीतर रेरा के समक्ष प्रस्तुत करेगा।
हाउसिंग बोर्ड नियमानुसार इस प्रोजेक्ट का रेरा में पंजीयन भी कराएगा । पारित आदेश में कलेक्टर रायपुर को इस प्रोजेक्ट के हस्तांतरण की आवश्यक कार्यवाही करने के लिए कहा गया है। छत्तीसगढ़ हाउसिंग बोर्ड को प्रोजेक्ट हस्तांतरण के बाद प्रोजेक्ट के विकास तथा बंधक और अविक्रित भूखण्डों के विक्रय का अधिकार होगा। भूखण्डों का पंजीकृत विक्रय विलेख निष्पादित करने तथा विक्रय प्रतिफल प्राप्त करने का अधिकार भी छत्तीसगढ़ गृह निर्माण मंडल को होगा। यदि किसी पूर्व आबंटिती द्वारा विक्रयशुदा भूखण्ड की राशि भुगतान हेतु शेष है, तो छत्तीसगढ़ गृह निर्माण मंडल उक्त राशि प्राप्त करने का अधिकारी होगा। गृह निर्माण मंडल प्रोजेक्ट के विकास कार्य की प्रगति और भूखण्डों के विक्रय से प्राप्त राशि के संबंध में मासिक प्रतिवेदन रेरा और कलेक्टर रायपुर को भेजेगा। छत्तीसगढ़ गृह निर्माण मंडल प्राक्कलन और कार्य योजना के अनुरूप निर्धारित समयावधि में प्रोजेक्ट का विकास कार्य पूर्ण करने के बाद रख-रखाव के उद्देश्य से इस प्रोजेक्ट का हस्तांतरण वहां की रहवासी समिति को करेगा।

K.W.N.S.-रायपुर। जाने-माने उद्योगपति नवीन जिन्दल के नेतृत्व वाली देश की अग्रणी स्टील कंपनी जिन्दल स्टील एंड पावर (जेएसपी) को सीएसआर दायित्वों के उत्कृष्ट निर्वहन के लिए प्रतिष्ठित गोल्डन पीकॉक अवार्ड – 2022 से सम्मानित किया गया है। मुंबई में कंपनी सामाजिक दायित्व विषय पर आयोजित 17वें अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन में केंद्रीय कानून एवं न्याय राज्यमंत्री प्रो. एसपी सिंह बघेल ने जेएसपी को यह सम्मान प्रदान किया, जिसे कंपनी के प्रेसिडेंट और सीएसआर प्रमुख प्रशांत कुमार होता ने ग्रहण किया। इस अवसर पर इंस्टीट्यूट ऑफ डायरेक्टर्स (आईओडी) के प्रेसिडेंट लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) सुरिंदर नाथ और प्रधान सलाहकार देशदीपक वर्मा आईएएस (सेवानिवृत्त) भी उपस्थित थे। सीएसआर के क्षेत्र में समर्पित सेवाओं के लिए जेएसपी को यह दूसरा गोल्डन पीकॉक अवार्ड प्राप्त हुआ है।
जिन्दल स्टील एंड पावर ने शालू जिन्दल के नेतृत्व में जेएसपी फाउंडेशन द्वारा अपने प्लांट के आसपास और देश के विभिन्न स्थानों पर लोगों के जीवन में बदलाव लाने के जो उल्लेखनीय प्रयास किये हैं, उसके फलस्वरूप ही यह प्रतिष्ठित सम्मान उसे प्रदान किया गया है। इस सम्मान के लिए जेएसपी का चयन सुप्रीम कोर्ट के पूर्व मुख्य न्यायाधीश श्री एम.एन. वेंकटचलैया की अध्यक्षता वाले निर्णायक मंडल ने किया।
गोल्डन पीकॉक अवार्ड के लिए निर्णायक मंडल और इंस्टीट्यूट ऑफ डायरेक्टर्स का धन्यवाद करते हुए जेएसपी फाउंडेशन की चेयरपर्सन श्रीमती शालू जिन्दल ने कहा, “इस सम्मान से लोगों की सेवा के लिए हम और अधिक उत्साहित हुए हैं। सामाजिक-आर्थिक रूप से कमजोर और वंचित वर्गों के उत्थान के प्रति हमारी जवाबदेही अब और बढ़ गई है। हम संयुक्त राष्ट्र सतत विकास लक्ष्यों (यूएनएसडीजी) के 17 में से 16 मानदंडों के अनुरूप कार्य कर रहे हैं और देश में मानव विकास सूचकांक (एचडीआई) में सुधार के लिए समस्त क्षेत्रों में संचालित अपने कार्यक्रमों में तेजी ला रहे हैं।”
गौरतलब है कि जेएसपी फाउंडेशन ने समुदायों और सरकारों से साझेदारी कर अपनी सेवाओं के माध्यम से एक करोड़ से अधिक लोगों के जीवन में बदलाव लाने का काम किया है।

K.W.N.S.-रायपुर। अलग – अलग स्थानों से 7 नग दोपहिया वाहन चोरी करने वाले 2 अंतर्राज्यीय चोर को गिरफ्तार किया गया है. जानकारी के मुताबिक एण्टी क्राईम एण्ड सायबर यूनिट की विशेष टीम को सूचना प्राप्त हुई कि थाना देवेन्द्र नगर क्षेत्रांतर्गत पंडरी ओव्हरब्रीज के नीचे दो व्यक्ति दोपहिया वाहन बिक्री करने की फिराक में ग्राहक की तलाश कर रहें है। जिस पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर/अपराध अभिषेक माहेश्वरी, नगर पुलिस अधीक्षक सिविल लाईन वीरेन्द्र चतुर्वेदी एवं उप पुलिस अधीक्षक क्राईम दिनेश सिन्हा द्वारा प्रभारी एण्टी क्राईम एवं सायबर यूनिट तथा थाना प्रभारी देवेन्द्र नगर को सूचना की तस्दीक कर आवश्यक कार्यवाही करने निर्देशित किया गया। एण्टी क्राईम एण्ड साईबर यूनिट तथा थाना देवेन्द्र नगर पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा उक्त स्थान पर जाकर मुखबीर द्वारा बताये हुलिये के व्यक्ति एवं वाहन को चिन्हांकित कर पकड़ा गया।
पूछताछ में व्यक्तियों ने अपना नाम जितेन्द्र सागर एवं पूर्णाचंद्र जाल निवासी उड़ीसा का होना बताया। टीम के सदस्यों द्वारा दोनों से वाहन के कागजात के संबंध में पूछताछ करने पर उनके द्वारा गोल मोल जवाब देकर लगातार टीम को गुमराह करने का प्रयास करते हुए वाहन के संबंध में किसी प्रकार का कोई भी कागजात या दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किया गया। जिस पर टीम के सदस्यों द्वारा दोनों से कड़ाई से पूछताछ करने पर उनके द्वारा वाहन को चोरी का होना बताया। टीम के सदस्यों द्वारा चोरी की अन्य वाहनों के संबंध में कड़ाई से पूछताछ करने पर उनके द्वारा थाना देवेन्द्र नगर क्षेत्र से 02 नग दोपहिया वाहन तथा थाना राजेन्द्र नगर क्षेत्र से 05 नग दोहपहिया वाहन चोरी करना बताया गया।
आरोपियों को गिरफ्तार कर उनकी निशानदेही पर कब्जे से चोरी की कुल 07 नग दोपहिया वाहन जुमला कीमती लगभग 3,00,000/- रूपये जप्त किया गया। आरोपियों से जप्त चोरी की 01 नग दोपहिया वाहन में आरोपियों के विरूद्ध थाना देवेन्द्र नगर में अपराध क्रमांक 04/23 धारा 379 भादवि. का अपराध पंजीबद्ध है तथा चोरी की शेष 06 नग दोपहिया वाहनों में आरोपियों के विरूद्ध पृथक से थाना देवेन्द्र नगर में धारा 41(1+4)जा.फौ./379 भादवि. का अपराध पंजीबद्ध कर आरोपियों के विरूद्ध कार्यवाही किया गया।
परिवहन विभाग द्वारा हेल्पलाईन नम्बर +91-75808-08030 जारी

K.W.N.S.-रायपुर। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की मंशा के अनुरूप परिवहन मंत्री मोहम्मद अकबर के मार्गदर्शन में प्रदेश में परिवहन विभाग द्वारा नई सुविधा ‘तुंहर सरकार तुंहर द्वार’ का कुशलतापूर्वक संचालन किया जा रहा है। इसके तहत जून 2021 से अब तक 16 लाख 12 हजार 569 स्मार्ट कार्ड आधारित पंजीयन प्रमाण-पत्र और ड्राइविंग लायसेंस आवेदकों के घर भेजे जा चुके हैं। इनमें 10 लाख 97 हजार 756 स्मार्ट कार्ड आधारित पंजीयन प्रमाण-पत्र तथा 05 लाख 14 हजार 813 ड्राइविंग लायसेंस शामिल हैं।
परिवहन मंत्री मोहम्मद अकबर द्वारा ‘तुंहर सरकार तुंहर द्वार‘ के सुव्यवस्थित संचालन के लिए लगातार निगरानी रखी जा रही है। परिवहन विभाग द्वारा संचालित ‘तुंहर सरकार तुंहर द्वार‘ योजना लोगों की सुविधा के लिए एक महत्वपूर्ण योजना है। इसमें लोगों को परिवहन संबंधी 22 सेवाएं उनके घर के द्वार पर पहुंचाकर दी जा रही है। जन केन्द्रित इस सुविधा के अंतर्गत लोगों को अब बार-बार परिवहन विभाग का चक्कर लगाने की जरूरत नहीं है। इससे आवेदकों के धन तथा समय दोनों की ही बचत हो रही है।
परिवहन विभाग द्वारा बताया गया है कि ‘तुंहर सरकार, तुंहर द्वार’ सेवा को और अधिक सुलभ बनाने के लिए विभाग द्वारा एक हेल्पलाईन नम्बर 75808-08030 जारी किया गया है, जो सभी कार्य दिवसों में प्रातः 10 बजे से शाम 5.30 बजे तक कार्य करते हुए जानकारी प्रदान करता है। आवेदक चाही गई जानकारी ई-मेल आईडी
www.parivahan.gov.in
पर भी अपनी मेल भेजकर जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। उक्त हेल्पलाइन नम्बर पर फोन करके आवेदक अपने ड्रायविंग लाइसेंस एवं पंजीयन प्रमाण पत्र के प्रेषण संबंधी समस्त जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। अभी औसतन प्रतिदिन 100 कॉल आ रहे हैं। जिसमें मुख्य रूप से ड्रायविंग लाइसेंस एवं पंजीयन प्रक्रिया, टैक्स एवं फीस संबंधी जानकारी प्राप्त कर रहे हैं।