Browsing: रायपुर

 K.W.N.S.-रायपुर। कोरोना के मामलों को देखते हुए गणतंत्र दिवस को लेकर जिला प्रशासन ने गाइडलाइन जारी की है. इस बार भी बच्चों के सांस्कृतिक कार्यक्रमों पर पाबंदी होगी. कलेक्टर डॉ. सर्वेश्वर नरेंद्र भुरे ने मंगलवार को विभागीय अधिकारियों की बैठक ली. आपस में समन्वय बनाते गणतंत्र दिवस कार्यक्रम की तैयारियों और नियमों के सख्ती से पालन के निर्देश भी दिए. कलेक्टर ने बताया कि “रायपुर में गणतंत्र दिवस का मुख्य समारोह 26 जनवरी को सुबह 9 बजे पुलिस परेड ग्राउण्ड रायपुर में आयोजित होगा. कलेक्टर ने बताया कि अंतिम रिहर्सल 24 जनवरी को सुबह 8.30 बजे से किया जाएगा।” उन्होंने सभी अधिकारियों को समय से उपस्थित रहने के निर्देश दिए. कलेक्टर ने कहा कि “पिछले साल की तरह इस वर्ष भी कोविड-19 के बढ़ रहे मामलों को ध्यान में रखते हुए स्कूल बच्चों के सांस्कृतिक कार्यक्रम नहीं होंगे. गणतंत्र दिवस के अवसर पर 26 जनवरी 2023 को रात के समय सभी शासकीय भवनों पर रोशनी की जाएगी. इच्छुक विभाग झांकियां निकालेंगे. राजधानी स्थित सभी कार्यालयों में गणतंत्र दिवस पर आयोजित किए जाने वाले कार्यक्रम सुबह 8 बजे के पहले कर लिए जाएंगे। 
 

K.W.N.S.- रायपुर। पूर्व मंत्री राजेश मूणत के नेतृत्व में सभी पार्षद दिल्ली रवाना हुए। अवैध चौपाटी निर्माण समेत कई मुद्दों पर केंद्र सरकार से शिकायत करेंगे।रायपुर स्मार्ट सिटी के नियमों के विपरीत निर्माण कार्यों से अवगत कराएंगे। सांसद सुनील सोनी, सरोज पांडेय भी दिल्ली जा रहीं हैं। सभी नेता केंद्रीय मंत्री हरदीप पुरी से मुलाकात कर भ्रष्टाचार सम्बंधी दस्तावेज सौंपेंगे। बता दें कि छत्तीसगढ़ के रायपुर साइंस कॉलेज स्थित चौपाटी का मामला अब छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट बिलासपुर पहुंच चुका है। चौपाटी निर्माण के खिलाफ पूर्व मंत्री राजेश मूणत ने एक जनहित याचिका दायर की है, जिसे हाईकोर्ट ने आज स्वीकारते हुए मामले में प्राथमिक सुनवाई की। चीफ जस्टिस और जस्टिस अरविंद सिंह चंदेल की डिवीजन बेंच ने सुनवाई करते हुए राज्य शासन, स्मार्ट सिटी लिमिटेड, नगर निगम और कलेक्टर रायपुर को नोटिस जारी कर जवाब तलब किया है। अब इस मामले में अगली सुनवाई आगामी सोमवार को तय की गई है ।
 

K.W.N.S.-रायपुर। छत्तीसगढ़ में धर्मांतरण का मुद्दा एक बार फिर गरमाया हुआ है। इस मुद्दे को लेकर भाजपा और कांग्रेस के बीच जमकर बयानबाजी देखने को मिल रही है। इसी बीच अब प्रदेश के आबकारी मंत्री कवासी लखमा का बड़ा बयान सामने आया है। मंत्री कवासी लखमा ने कहा कि बस्तर में बीते 4 सालों में एक भी आदिवासी ईसाई नही बना है। भाजपा सरकार के समय बस्तर में धर्मांतरण हुए है। भाजपा के शासन में ही सबसे ज्यादा आदिवासी ईसाई धर्म में शामिल हुए है।
भाजपा पर निशाना साधते हुए मंत्री कवासी लखमा ने कहा कि भाजपा नाथूराम गोड़से की पार्टी है। केदार कश्यप आदिवासियों को लड़ाने का काम रहे है। धर्मांतरण करवाने वाले कार्रवाई करने पर लखमा ने कहा कि जबरन ईसाई बनाने वालों पर कार्रवाई होगी। उन्होंने आदिवासियों से देवगुड़ी और माता गुड़ी में पूजा करने की अपील की है।
 

 
K.W.N.S.-रायपुर। छत्तीसगढ़ चैंबर ऑफ काॅमर्स एंड इंडस्ट्रीज का 63वां वार्षिक सम्मेलन पं. दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम साइंस कालेज परिसर आयोजित किया गया है। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के मुख्य आतिथ्य में होने जा रहे वार्षिक सम्मेलन के प्रथम सत्र में जीएसटी पर कार्यशाला रखी गई। कोरोनाकाल के बाद प्रदेश की राजधानी में छत्तीसगढ़ चैंबर ऑफ कॉमर्स के वार्षिक अधिवेशन को लेकर प्रदेशभर के व्यापारियों में खासा उत्साह है। इसी बीच सीएम भूपेश बघेल का बड़ा बयान सामने आ रहा है। 
चेंबर ऑफ कॉमर्स के 63वें सम्मेलन में सीएम भूपेश बघेल ने कहा कि 4 साल में 1.5 लाख करोड़ आम जनता को जेब में सीधे गए है। इसका फायदा कारोबारी से ज्यादा किसी को नहीं हुआ है। जीएसटी से हम उत्पादक राज्य को नुकसान हुआ। इसलिए जरूरी है कि उपभोग को बढ़ाया जाए। सीएम ने कहा कि हमने लोगों की जेब में पैसे पहुंचाए हैं। अब जीएसटी में सुधार दिख रहा है। लोग अब स्वामी आत्मानंद स्कूल और बैंक की मांग कर रहे। बता दे कि इस बीच सीएम ने सीएम भूपेश बघेल ने कुछ बड़ी घोषणाएं भी की। 63वां वार्षिक सम्मेलन पर सीएम चेंबर ऑफ कॉमर्स को 500 एकड़ जमीन देंगे। सीएम ने कहा कि होलसेल कोरिडोर के लिए नया रायपुर में जमीन दी जाएगी। फॉर्मेलिटी एक दो महीने पूरी हो जायेगी।इतना ही नहीं सीएम ने कहा कि प्रदेश के पुराने बाजारों को स्मार्ट किया जायेगा। पार्किंग, टायलेट, लाइट की भी व्यवस्था होगी।
 

K.W.N.S.-रायपुर। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा है कि गौठानों में सोलर ड्रायर उपलब्ध कराए जाएंगे। धमधा और पत्थलगांव में टमाटर के बड़े पैमाने पर उत्पादन को देखते हुए इन क्षेत्रों के गौठानों में टमाटर को सूखा कर विक्रय का काम प्रारंभ किया जा सकता है। इसी तरह अन्य स्थानों में छत्तीसगढ़ की भाजियों को सूखा कर उनके विक्रय की शुरूआत की जा सकती है। इस नये कार्य से भी किसानों और समूहों की आय बढ़ेगी। मुख्यमंत्री आज यहां अपने निवास कार्यालय में गोधन न्याय योजना के हितग्राहियों को राशि के ऑनलाईन अंतरण के लिए आयोजित वर्चुअल कार्यक्रम को सम्बोधित कर रहे थे। 
 मुख्यमंत्री बघेल ने कार्यक्रम में गौपालकों, गोबर विक्रेताओं, गौठान समितियों और महिला स्व-सहायता समूहों को 7 करोड़ 05 लाख रूपए की राशि का अंतरण किया। उन्होंने 16 दिसम्बर से 31 दिसम्बर तक गौठानों में पशुपालक ग्रामीणों, किसानों, भूमिहीनों से क्रय 2.29 लाख क्विंटल गोबर के एवज में उनके खाते में 4 करोड़ 59 लाख रूपए, गौठान समितियों को 1.46 करोड़ रुपए और महिला समूहों के खाते में 01 करोड़ रूपए की लाभांश राशि अंतरित की। इस अवसर पर कृषि मंत्री श्री रविन्द्र चौबे, मुख्यमंत्री के सलाहकार श्री प्रदीप शर्मा, छत्तीसगढ़ खनिज विकास निगम के अध्यक्ष श्री गिरीश देवांगन, मुख्य सचिव श्री अमिताभ जैन, कृषि उत्पादन आयुक्त डॉ. कमलप्रीत सिंह सहित कृषि विभाग के वरिष्ठ अधिकारी इस अवसर पर उपस्थित थे। 
मुख्यमंत्री ने कहा कि गोधन न्याय योजना और रूरल इंडस्ट्रियल पार्क ग्रामीणों को आय और रोजगार उपलब्ध कराने की एक सफल योजना के रूप में जल्द ही देश और दुनिया के सामने होगी। लोगों से इन योजनाओं के प्रति भारी समर्थन मिल रहा है। ग्रामीण नये-नये उद्यम स्थापित करने की मांग कर रहे हैं। स्थानीय संसाधनों और बाजार की मांग के अनुरूप ग्रामीणों और स्व-सहायता समूहों को उपयोगी और लाभप्रद लघु और कुटीर उद्योग स्थापित करने के लिए सहायता उपलब्ध कराई जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि रीपा के कार्य में और अधिक तेजी लाई जानी चाहिए। 
मुख्यमंत्री ने कहा कि गौठानों में वर्मी कम्पोस्ट के उत्पादन और उनके विक्रय में मिली सफलता के साथ महिला समूहों द्वारा गोबर से प्राकृतिक पेंट तैयार करने की यूनिट लगाने की काफी मांग कर रहे हैं। कई गौठानों में गोबर से बिजली बनाने का काम भी शुरू हो रहा है। सुकमा और जगदलपुर में गोबर से बिजली के संयंत्र की स्थापना का कार्य इस माह में पूरा हो जाएगा। गोबर से गौ-काष्ठ और गमले जैसे उत्पाद भी तैयार किए जा रहे हैं, जिनकी अच्छी खपत हो रही है। गोबर हमारे लिए अब मूल्यवान बन गया है। गांवों में कुटीर उद्योग प्रारंभ होने की परिकल्पना अब साकार हो रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि 10,894 स्वीकृत गौठानों में से 9,591 गौठानों का निर्माण पूरा हो चुका है। हमारे लगभग 50 प्रतिशत गौठान स्वावलंबी हो चुके हैं, 4,564 स्वावलंबी गौठानों ने अपनी स्वयं की राशि से अब तक 35.19 करोड़ रुपए के गोबर की खरीदी की है। 
कृषि मंत्री श्री रविन्द्र चौबे ने इस अवसर पर कहा कि हमारे गौठानों में अब गढ़बो नवा छत्तीसगढ़ की परिकल्पना साकार होती दिख रही है। उन्होंने कहा कि गौठानों में अब तक 98.73 लाख क्विंटल गोबर की खरीदी की गई है, जिसके एवज में गोबर विक्रेताओं को 197.45 करोड़ रूपए का भुगतान किया गया है। इसी तरह इस योजना के माध्यम से गौठान समितियों एवं महिला स्व-सहायता समूहों को अब तक 171.87 करोड़ रूपए का भुगतान किया गया है। गौठानों में कार्यरत स्व-सहायता समूहों को आयमूलक गतिविधियों से अब तक 105.18 करोड़ रूपए की आय हो चुकी है। अब तक गौठानों से 16 लाख 68 हजार 715 क्विंटल वर्मी कम्पोस्ट का विक्रय किया जा चुका है। कार्यक्रम में जानकारी दी गई कि प्रदेश के 25 जिलों के 37 गौठानों में गोबर से प्राकृतिक पेंट बनाने की 37 यूनिटें इस माह के अंत तक स्थापित हो जाएंगी। वर्तमान में रायपुर और दुर्ग जिले में 2-2 और कांकेर में 01 प्राकृतिक पेंट बनाने की यूनिट में उत्पादन शुरू हो गया है, 8997 लीटर उत्पादित प्रकृतिक पेंट में से 3307 लीटर की बिक्री से स्व-सहायता समूहों को 7 लाख 2 हजार 30 रुपए की आमदनी हुई। 96 गौठनों में 4 रुपए लीटर में 1 लाख 15 हजार 423 लीटर गौमूत्र की खरीदी की गई है। जिससे बनाए गये कीटनाशक ब्रम्हास्त्र और वृद्धिवर्धक जीवामृत की बिक्री से महिला स्व- सहायता समूहों को 22.43 लाख रूपए की आय हुई है। मुख्यमंत्री की पैरा दान की अपील पर किसानों ने गौठनों में 10.32 लाख क्विंटल पैरा दान किया है। पिछले पखवाड़े में खरीदे गए गोबर के एवज में गोबर विक्रेताओं को आज भुगतान की गई 4.59 करोड़ रुपए की राशि में से 1.76 करोड़ रुपए का भुगतान कृषि विभाग द्वारा किया गया, जबकि 4564 स्वावलंबी गौठानों ने अपने संसाधनों से गोबर खरीदी के एवज में 2.83 करोड़ रूपए का भुगतान किया है।
 

 K.W.N.S.-रायपुर। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल मंगलवार को पंडित दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम में आयोजित छत्तीसगढ़ चेंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के 63वें वार्षिक सम्मेलन में शामिल हुए । इस अवसर पर उन्होंने कहा कि व्यापार और उद्योग जगत के सामने विकास के दरवाजे खुले हुए हैं। कोरोना संकट के बाद यह सबसे सुनहरा समय है। गांव से लेकर शहरों तक पैसे का फ्लो बहुत बढ़िया हुआ है। शासन की विभिन्न योजनाओं के जरिये डेढ़ लाख करोड़ रुपये गांवों तक पहुंचा है। हमने व्यापारियों के ग्राहकों की जेब में पैसा डाला है। इस साल फसल भी बहुत अच्छी हुई है । छत्तीसगढ़ की अर्थव्यवस्था और भी बेहतर हुई है। 
मुख्यमंत्री बघेल ने कहा कि मैं जहां भी जाता हूं वहां आत्मानंद स्कूल और बैंक की मांग होती है। इसका मतलब है लोगों तक पैसा पहुंचा है। हमारी सरकार मिलेट्स को बढ़ावा दे रही है, क्योंकि मिलेट्स में पौष्टिक तत्व की अत्यधिक मात्रा होती है । मुख्यमंत्री ने चेंबर ऑफ कॉमर्स के पदाधिकारियों की मांग पर कई घोषणायें की। उन्होंने चेंबर की मांग पर होलसेल कॉरिडोर के लिये 1 हजार एकड़ भूमि देने की सहमति प्रदान की साथ ही कहा कि आगामी 3 से 4 माह में निर्माण कार्य शुरू हो जायेगा । श्री बघेल ने घोषणा करते हुये कहा कि पोहा, मुरमुरा का मंडी शुल्क माफ करने की अधिसूचना एक सप्ताह में जारी कर दी जायेगी । उन्होंने कहा कि आवासीय प्रयोजन हेतु सुरक्षित भूमि में संचालित व्यवसायिक गतिविधियों का भी नियमितिकरण किया जायेगा। मुख्यमंत्री ने घोषणा करते हुये कहा कि सभी बाजारों में प्रकाश, स्वच्छता, सीसीटीवी आदि की व्यवस्था की जायेगी । मुख्यमंत्री ने राज्य के बाहर निर्मित वस्तुओं का क्रय राज्य में रजिस्टर्ड जीएसटी व्यापारियों से ही करने की घोषणा की।
 

 
  K.W.N.S.- रायपुर। जिला प्रशासन ने दिवंगत शिक्षाकर्मियों के परिजनों को पत्र लिखकर अपना आंदोलन खत्म करने कहा है। ये परिजन अनुकंपा नियुक्ति की मांग को लेकर बीते ढाई महीनों से बूढ़ापारा धरना स्थल पर प्रदर्शनरत है। इनमें महिलाएं और बच्चे भी शामिल हैं। मंगलवार को एसडीएम के द्वारा भेजे गए पत्र में कहा गया है कि आंदोलन खत्म करने वरना कार्रवाई की जाएगी। क्योंकि इलाके में कानून व्यवस्था की बड़ी समस्या खड़ी हो रही है। अब आंदोलन की अनुमति नहीं दी जा सकती।
 

 K.W.N.S.-रायपुर। छत्तीसगढ़ शासन ने प्रदेश की दो विभिन्न सिंचाई परियोजनाओं के कार्यों को कराने के लिए 7 करोड़ 11 लाख 1 हजार रूपए स्वीकृत किए हैं। योजना के पूरा होने से 440 हेक्टेयर क्षेत्र में सिंचाई सुविधा मिल सकेगी। गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही जिले के खुदरी जलाशय योजना के शीर्ष कार्य का सुदृढ़ीकरण एवं नहरों में शेष सीमेंट कांक्रीट लाईनिंग कार्य के लिए 3 करोड़ 90 लाख 50 हजार रूपए स्वीकृत किए गए हैं। योजना के पूरा होने से 360 हेक्टेयर क्षेत्र में सिंचाई सुविधा मिल सकेगी। गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही जिले के विकासखण्ड-गौरेला अंतर्गत जोगीसार एनीकट योजना के कार्य के लिए 3 करोड़ 20 लाख 51 हजार रूपए स्वीकृत किए गए हैं। योजना के पूरा होने से 80 हेक्टेयर क्षेत्र में अतिरिक्त सिंचाई सुविधा मिलेगी।
 

 
 K.W.N.S.-रायपुर। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल गोधन न्याय योजना के हितग्राहियों को राशि वितरण कार्यक्रम में शामिल हो रहे हैं. मुख्यमंत्री बघेल अपने निवास कार्यालय में आयोजित वर्चुअल कार्यक्रम में गोधन न्याय योजना के हितग्राहियों को 7 करोड़ 05 लाख रूपए का भुगतान किया। प्रदेश के 25 जिलों के 37 गौठानों में गोबर पेंट बनाने की 37 यूनिटें प्रारंभ होंगी। वर्तमान में रायपुर और दुर्ग जिले में 2-2 और कांकेर में 01 प्राकृतिक पेंट बनाने की यूनिट में उत्पादन शुरू हो रहा है। 8997 लीटर उत्पादित प्रकृतिक पेंट में से 3307 लीटर की बिक्री से 7 लाख 2 हजार 30 रुपए की आमदनी हुई. 
 96 गौठनों में अब तक 4 रुपए लीटर में 1 लाख 15 हजार 423 लीटर गौमूत्र खरीद गया. गौमूत्र से बनाए गये कीटनाशक ब्रम्हास्त्र और वृद्धिवर्धक जीवामृत की बिक्री से महिला स्व सहायता समूहों को 22.43 लाख रूपए की आय हुई. मुख्यमंत्री की पैरा दान की अपील पर किसानों ने गौठनों में किया 10.32 लाख क्विंटल पैरा दान किया। इस अवसर पर कृषि मंत्री रविन्द्र चौबे, मुख्यमंत्री के सलाहकार प्रदीप शर्मा, छत्तीसगढ़ खनिज विकास निगम के अध्यक्ष गिरीश देवांगन, मुख्य सचिव अमिताभ जैन, कृषि उत्पादन आयुक्त डॉ. कमलप्रीत सिंह भी उपस्थित हैं।
 

 K.W.N.S.-रायपुर। छत्तीसगढ़ में विधानसभा चुनाव को अब लगभग एक साल से भी कम समय रह गया है। लेकिन विधानसभा चुनाव से पहले सियासी गलियारों में पारा गरमाने लगा है। ऐसा इसलिए भी क्योंकि लगातार भाजपा कांग्रेस के बड़े नेता छत्तीसगढ़ के दौरे पर आ रहे हैं। इसी बीच पूर्व नेता प्रतिपक्ष और भाजपा नेता धरमलाल कौशिक ने कई अहम मुद्दों को लेकर प्रदेश की कांग्रेस सरकार और पार्टी पर निशाना साधा है। धरमलाल कौशिक ने मीडिया से बात करते हुए राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा को लेकर कहा कि राहुल गांधी हाथ जोड़ो अ​भियान चलाते रहें, लेकिन हमारे प्रधानमंत्री तो विश्व जोड़ने का काम कर रहे हैं। G20 सम्मेलन में कई देशों के राष्ट्राध्यक्ष हिंदुस्तान आएंगे। एक कार्यक्रम छत्तीसगढ़ में भी आयोजित किया गया है। हम दर्शनीय स्थल, ऐतिहासिक पौराणिक स्थलों को दिखाएंगे।
वहीं, उन्होंने पीसीसी चीफ के धर्मांतरण वाले बयान पर पलटवार करते हुए उन्होंने कहा कि हमें लोगों को भड़काने और धमकाने की जरूरत नहीं है। कांग्रेस की सरकार सत्ता में है यह क्या कर रहे हैं? किसे संरक्षण दे रहे हैं? पहले ये बताएं। बता दें कि पीसीसी चीफ मोहन मरकाम ने कहा है कि छत्तीसगढ़ में कांग्रेस बीजेपी के 15 साल बनाम 5 साल को लेकर जनता के बीच जाएगी। बीजेपी की 15 साल की नाकामियां गिनाएंगे, बीजेपी के 15 साल से हमारा 5 साल भारी होगा..हम 5 साल की उपलब्धियों को जनता को बताने में सफल होंगे।