Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.
Browsing: रायपुर

K.W.N.S.-रायपुर। गृहमंत्री ताम्रध्वज साहू आज रामायण प्रतियोगिता में शामिल हुए, इस दौरान टीएस सिंहदेव के बयान उन्होंने बड़ा बयान दिया और कहा – किसी के चुनाव लड़ने के बयान पर कहा- “किसी के चुनाव नहीं लड़ने से कांग्रेस को कोई नुकसान नहीं होता.एक व्यक्ति चुनाव नही लड़ता तो 10 खड़े हो जाते हैं।” बता दें कि स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव ने इशारों- इशारों में बड़ा ऐलान किया है। उन्होंने कहा है कि इस बार वह विधानसभा चुनाव नहीं लड़ना चाहते हैं। अंबिकापुर में मीडिया से बातचीत के दौरान उन्होंने कहा कि इस बार चुनाव लड़ने का उनका मन नहीं है। टीएस सिंहदेव का यह बयान सामने आने के बाद छत्तीसगढ़ की राजनीति में कई कयासों का दौर शुरू हो गया है।
स्वास्थ्य मंत्री ने यह बात गांधी स्टेडियम में महाराजा एमएस सिंहदेव स्मृति ड्यूस बाल क्रिकेट प्रतियोगिता के उद्घाटन के दौरान मीडिया से चर्चा करते हुए कही है। उन्होंने कहा है कि इस बार सही में मैंने चुनाव लड़ने का मन अभी तक नहीं बनाया है। इस बार यदि मन बनाया तो लोगों से पूछ कर ही चुनाव लड़ूंगा, जिस तरह मैंने वर्ष 2008, 2013 और 2018 विधानसभा चुनाव लड़ा तो मैंने पहले से ही मन बनाया था और जनता से पूछ कर चुनाव लड़ा था। सही बात बताऊं तो इस बार मेरा मन ही नहीं है, जैसा पहले रहता था।

K.W.N.S.-रायपुर। छत्तीसगढ़ में चल रही धान खरीदी के अंतर्गत कल 28 दिसंबर को ही 75 लाख मीटरिक टन आंकड़ा पार हो गया, जबकि खरीदी की प्रक्रिया 31 जनवरी 2023 तक जारी रहेगी। इस साल 110 लाख मीटरिक टन धान खरीदी का अनुमान है। पंजीकृत किसानों की संख्या बढ़कर 24 लाख 95 हजार हो जाने के बावजूद राज्य शासन ने कम दिनों में यह बड़ी उपलब्धि हासिल की है। वर्ष 2017-18 में 12 लाख 06 हजार किसानों से कुल 56 लाख 88 हजार मीटरिक टन धान की ही खरीदी हो पाई थी। मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल ने कम समय में ही शांतिपूर्ण, सुव्यवस्थित और सुचारू ढंग से 75 लाख मीटरिक टन से अधिक धान खरीदी होने पर राज्य के किसानों को बधाई दी है।
गौरतलब है कि वर्ष 2017 की तुलना में धान के रकबे, किसानों की संख्या और उत्पादकता में भारी वृद्धि होने के बावजूद छत्तीसगढ़ में हर साल धान खरीदी का नया रिकार्ड कायम हो रहा है। छत्तीसगढ़ में धान खरीदी की प्रक्रिया को सुव्यवस्थित करते हुए राज्य सरकार ने जहां कस्टम मिलिंग की प्रक्रिया की विसंगतियों को दूर करते हुए, धान का तेजी से उठाव सुनिश्चित किया है, वहीं धान खरीदी केंद्रों की संख्या बढ़ाकर 2614 कर दी है। इसके अलावा राज्य के ग्रामीण क्षेत्रों में बैंकों की नयी शाखाएं खुलवाने के लिए तेजी से पहल की है, ताकि किसानों को धान खरीदी सहित सीधे लाभ पहुंचाने वाली शासन की सभी योजनाओं का लाभ मिल सके।
इस साल छत्तीसगढ़ में 02 लाख 27 हजार नये किसानों ने धान विक्रय के लिए पंजीकरण कराया है। धान का कुल पंजीकृत रकबा बढ़कर 32 लाख 8 हजार हेक्टेयर हो चुका है। कल 28 दिसंबर तक खरीदे गए धान के एवज में किसानों को 15 हजार 582 करोड़ 51 लाख रुपए मार्कफेड द्वारा अपेक्स बैंक को जारी किए जा चुके थे। कल तक 59 लाख 82 हजार 017 मीटरिक टन धान के उठाव के लिए डीओ जारी किया जा चुका था, जबकि डीओ से 48 लाख 63 हजार 515 मीटरिक टन धान का उठाव किया जा चुका था। टोकन की प्रक्रिया का सरलीकरण करते हुए इस बार मोबाइल एप के माध्यम से भी टोकन जारी किए गए। कल 28 दिसंबर तक कुल 20,51,882 टोकन जारी किए जा चुके थे। इनमें से 4,07,129 टोकन एप के माध्यम से जारी किए गए।
प्रदेश में वर्ष 2018-19 में राज्य शासन ने 80 लाख 37 हजार मीटरिक टन धान की खरीदी की थी। तब किसानों को समर्थन मूल्य के साथ-साथ 750 रुपए प्रति क्विंटल की दर से बोनस का भी भुगतान किया गया था। इसके बाद राजीव गांधी किसान न्याय योजना की शुरूआत करते हुए किसानों के लिए समर्थन मूल्य के अलावा फसलों पर इनपुट सब्सिडी का प्रावधान किया गया। वर्ष 2019-20 में 84 लाख मीटरिक टन, वर्ष 2020-21 में 92 लाख मीटरिक टन और 2021-22 में 98 लाख मीटरिक टन धान की खरीदी की गई। वर्ष 2019 में 18 लाख 43 हजार, वर्ष 2020 में 20 लाख 59 हजार तथा 2021 में 26 लाख 21 हजार किसानों ने धान बेचा था। राजीव गांधी किसान न्याय योजना लागू होने के बाद किसानों की संख्या, धान के रकबे और धान के उत्पादन में लगातार वृद्धि हुई है।

K.W.N.S.-रायपुर। हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी 26 जनवरी 2023 को गणतंत्र दिवस पूरे राज्य में गरिमामय ढंग से मनाया जाएगा। गणतंत्र दिवस समारोह के आयोजन की तैयारी के संबंध में आज यहां मंत्रालय महानदी भवन में मुख्य सचिव अमिताभ जैन की अध्यक्षता में बैठक सम्पन्न हुई। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए आयोजित बैठक में डीजीपी अशोक जुनेजा भी शामिल हुए। बैठक में गणतंत्र दिवस समारोह के आयोजन के कार्यक्रमों के निर्धारण के संबंध में विस्तार से चर्चा की गई।
गणतंत्र दिवस का राज्य स्तरीय समारोह पुलिस परेड ग्राउण्ड रायपुर में सवेरे 9 बजे से आयोजित होगा। राज्य स्तरीय समारोह में पुलिस एवं सशस्त्र पुलिस बल की परेड का आयोजन किया जाएगा। समारोह में विभिन्न विभागों की झांकियां प्रदर्शित की जाएंगी। मुख्य सचिव ने विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि जो विभाग झांकियां प्रदर्शित करने के इच्छुक हैं वे शीघ्र ही सामान्य प्रशासन विभाग को अपने-अपने विभाग की झांकी के संबंध में जानकारी प्रस्तुत करें। मुख्य सचिव ने जिला प्रशासन के अधिकारियों को राज्य स्तरीय मुख्य समारोह के आयोजन में अतिथियों की बैठक व्यवस्था तथा समारोह में शामिल होने वाले नागरिकों के लिए पेयजल सहित सभी जरूरी व्यवस्थाएं करने के निर्देश दिए।
जैन ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि गणतंत्र दिवस के अवसर पर माननीय राज्यपाल एवं मुख्यमंत्री के संदेश के लिए भी शीघ्र ही आवश्यक जानकारी प्रेषित करें। बैठक में सामान्य प्रशासन विभाग के सचिव डी.डी.सिंह ने बताया कि हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी गणतंत्र दिवस के अवसर पर सभी शासकीय भवनों एवं राष्ट्रीय महत्व के स्मारकों पर रोशनी की जाएगी। उन्होंने बताया कि जिला एवं अन्य स्तर पर आयोजित होने वाले गणतंत्र दिवस समारोह के कार्यक्रमों के संबंध में शीघ्र ही कलेक्टरों को दिशा-निर्देश जारी किए जाएंगे। बैठक में गणतंत्र दिवस के अवसर पर पुरस्कार एवं सम्मान दिए जाने के संबंध में भी विस्तृत चर्चा हुई।

K.W.N.S.-रायपुर। 14 साल की उम्र में अमेरिकन यूनिवर्सिटी से पीएचडी करने वाले जाता , बेमेतरा के छात्र जायसवाल से मुख्यमंत्री ने आज भेंट मुलाकात में ग्राम दाढ़ी में विशेष रूप से बात की और सम्मान किया। मुख्यमंत्री को उसने बताया कि उसकी रूचि एस्ट्रोफिजिक्स में है वह एलोन मस्क को फॉलो करता है और उन्हीं की तरह स्पेस कंपनी बनाना चाहता है। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस तरह के बच्चों से मिलकर बहुत अच्छा लगता है हम आपको हर संभव सहायता प्रदान करेंगे ताकि आप अपने सपनों को पूरा कर सकें। उसने बताया कि उसने अमेरिकन यूनिवर्सिटी आईजेएसईआर से पीएचडी की है उसे एस्ट्रोफिजिक्स में रुचि है और वह ग्रेविटी इन्फ्लेशन और टाइम डाइलेशन पर काम कर रहा है उसने दो पुस्तकें भी लिखी हैं जिनके नाम फुलफिल आफ कॉसमॉस और वेलोसिटी मिस्ट्री है। उसके पिता पीएल जायसवाल डीएवी स्कूल जाता में प्रिंसिपल हैं।
पीयूष ने बताया कि वह एस्ट्रोफिजिक्स में एलोन मस्क की तरह ही काम करना चाहता है। इस क्षेत्र में वह कंपनी बनाना चाहता है साथ ही रिसर्च वर्क भी करना चाहता है। मुख्यमंत्री ने खुशी जताई और कहा कि आपके सपने बहुत बड़े हैं हम आपको अपने सपनों को पूरा करने में बहुत मदद करेंगे। पीयूष ने बताया कि अल्बर्ट आइंस्टीन उसके प्रिय वैज्ञानिक है।
थ्योरी ऑफ रिलेटिविटी जैसे कठिन चीज आपको कैसे समझ आती है इसे आसान शब्दों में कैसे बता सकते हैं। इस पर पीयूष ने बताया कि अल्बर्ट आइंस्टीन से एक बार किसी ने पूछा था कि थ्योरी ऑफ रिलेटिविटी बहुत कठिन है उसे सरल शब्दों में कैसे व्यक्त करें। उन्होंने बताया कि यदि आपको जल्दी अंगार में बिठा दिया जाए तो आपको लगेगा थोड़ा समय भी बहुत अधिक है लेकिन यदि आप अच्छा संगीत सुन रहे हैं या किसी अच्छी संगति में है तो वह लंबा समय भी बहुत जल्दी बीत जाएगा यही आसान भाषा में थ्योरी ऑफ रिलेटिविटी है। पीयूष अभी शकुंतला विद्यालय में है। उसका नासा की ओर से सिंगापुर टूर हुआ लेकिन कोविड की वजह से नहीं जा पाए।
K.W.N.S.-रायपुर। बिजली कंपनी ने प्रदेश की जनता को बड़ा झटका दिया है। कंपनी ने VCA में प्रति यूनिट 49 पैसे की बढ़ोतरी की है। बढ़ाया गया रेट नए साल यानी 1 जनवरी से लागू होगा। एनटीपीसी से महंगी बिजली मिलने के कारण VCA के रेट में बढ़ोतरी करने का फैसला लिया गया है। वीसीए की गणना प्रत्येक दो माह में की जाती है। माह अगस्त एवं सितम्बर 2022 के दौरान वीसीए के कारण डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी को खरीदी गई बिजली पर विद्युत नियामक आयोग व्दारा अनुमोदित दर की तुलना में रूपये 549 करोड़ का ज्यादा भुगतान करना पड़ा है। इसमें प्रमुख हिस्सा एन.टी.पी.सी. का 459 करोड़ रूपये है जबकि छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत उत्पादन कंपनी के बिल में नियामक आयोग व्दारा अनुमोदित दर की तुलना में लगभग 26.51 करोड़ रूपये की कमी आयी है।
उक्तावधि में विभिन्न स्त्रोतों से क्रय की गई बिजली की लागत नियामक आयोग द्वारा अनुमोदित दर की तुलना में वृद्धि हुई है, जो इस प्रकार है। एनटीपीसी 459 करोड़ रुपए, एनटीपीसी-सेल पॉवर कार्पोरेशन 5.74 करोड़, सीएसपीजीएल (नवीकरणीय स्त्रोत) 18.79 करोड़ तथा अन्य संयंत्र (बायोमास सौर, लघु जल, नाभिकीय ऊर्जा संयंत्र आदि) से 92 करोड़ रुपए वीसीए राशि है। जबकि छत्तीसगढ़ स्टेट पॉवर जनरेशन कंपनी (तापीय स्त्रोत) के वीसीए में 26.51 करोड़ रुपए की कमी हुई है। इस तरह सकल वीसीए राशि में वृद्धि 549.01 करोड़ रुपए हो रही है।
उपरोक्तानुसार विद्युत कय दर में वृद्धि के कारण समस्त श्रेणी के उपभोक्ताओं से रूपये 1.10 प्रति यूनिट की दर से वीसीए प्रभार माह जनवरी एवं फरवरी- 2023 के विद्युत देयकों में अधिरोपित किया जाना है। विद्युत उत्पादन हेतु कोयला एवं तेल की आवश्यकता मुख्य रूप से ईंधन के रूप में विद्युत गृहों में होती है । इन दोनों प्रमुख घटकों की कीमत बाजार मूल्य के अनुरूप घटती-बढ़ती रहती है। राज्य विद्युत नियामक आयोग द्वारा विद्युत दरों के निर्धारण के उपरांत ईंधन कीमत में बढ़ी अथवा घटी हुई कीमत के समायोजन हेतु वीसीए की दर की गणना मई 2012 से लेकर सितम्बर 2015 तक त्रैमासिक आधार पर की जाती रही है। इसके बाद इस दर का निर्धारण द्वैमासिक आधार पर किया जा रहा है। वीसीए चार्ज में हाफ रेट बिजली योजना का लाभ भी मिलता है। प्रदेश के बिजली उपभोक्ताओं को ईंधन की कीमत में वृद्धि होने के कारण आगामी दो माह तक 1.10 रूपए प्रति यूनिट वेरियबल कास्ट एडजस्टमेंट (वीसीए) चार्ज देय होगा। इलेक्ट्रिसिटी एक्ट की धारा 62(4) के तहत् वीसीए चार्ज लेने का प्रावधान है। वितरण कंपनी के कुल खर्चे का लगभग 85 प्रतिशत खर्चा पॉवर परचेस में व्यय होता है, जो कि ईंधन के रूप में क्रय मूल्य में कमी अथवा बढ़ोत्तरी के कारण घटता-बढ़ता रहता है। वित्तीय वर्ष प्रारंभ होने के पूर्व राज्य नियामक आयोग द्वारा विद्युत दर का निर्धारण कर दिया जाता है और ईंधन की दर में बढ़ोत्तरी होने की स्थिति में विद्युत वितरण कंपनी पर पड़ने वाली अतिरिक्त वित्तीय भार को एक निश्चित फ़ार्मूले के अनुरूप व्हीसीए चार्ज के रूप में समायोजित किया जाता है।

K.W.N.S.-रायपुर। छत्तीसगढ़ में आरक्षण के मुद्दे पर अब कांग्रेस ने आर पार की लड़ाई की तैयारी कर ली है। पीसीसी अध्यक्ष मोहन मरकाम ने 3 जनवरी को आयोजित महारैली में शामिल होने के लिए सभी समाज प्रमुखों को पत्र लिखा है। मरकाम ने अपने पत्र में आरक्षण के पक्ष में सभी समाज से समर्थन मांगा है और लिखा है कि प्रदेश वासियों के हित में कांग्रेस द्वारा निकाली जा रही जन अधिकार रैली में आप सब आमंत्रित हैं। बता दें कि राज्य सरकार ने एससी एसटी, ओबीसी और ईडब्ल्यूएस को 76% प्रतिशत आरक्षण का प्रावधान कर विधानसभा में विधेयक प्रस्तुत किया। इसे विधानसभा में सर्व सम्मति से पारित किया गया। अब तक राज्यपाल अनुसुइया उइके ने विधेयक पर दस्तखत नहीं किया है। इस वजह से आरक्षण पर असमंजस की स्थिति बनी हुई है। इसे लेकर ही कांग्रेस ने महारैली का ऐलान किया है।

K.W.N.S.-रायपुर। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल रायपुर पुलिस लाईन हेलीपेड से बेमेतरा जिले के ग्राम दाढ़ी के लिए रवाना हुए. दरअसल मुख्यमंत्री आज नवागढ़ विधानसभा के ग्राम दाढ़ी और नांदघाट में आम जनता से भेंट-मुलाकात करेंगे। नांदघाट में विभिन्न प्रतिनिधिमण्डलों से मुलाकात करेंगे। गौरतलब है कि सीएम भूपेश बघेल ने प्रदेश के सभी विधानसभा क्षेत्रों में आम जनता से भेंट-मुलाकात का सिलसिला अनवरत रूप से जारी है। भेंट-मुलाकात अभियान की शुरूआत मुख्यमंत्री बघेल ने 4 मई से 11 मई तक सरगुजा अंचल के विधानसभा क्षेत्रों से की थी। इसके पश्चात बस्तर संभाग के सभी विधानसभा क्षेत्रों सहित अब तक 59 विधानसभा क्षेत्रों में मुख्यमंत्री आम जनता से भेंट-मुलाकात कर शासकीय योजनाओं के क्रियान्वयन और उससे जनता से मिल रहे लाभ के बारे में जानकारी प्राप्त कर चुके हैं। इस दौरान मुख्यमंत्री आम जनता की मांग पर क्षेत्रों के विकास एवं निर्माण कार्यों के लिए करोड़ रूपए की सौगात दे रहे हैं।

K.W.N.S.-रायपुर। चीन में कोरोना के बढ़ते मामलों के बीच देश में भी कोरोना के नए वेरिएंट BF.7 से संक्रमित मरीज मिले हैं। BF.7 के मरीज मिलने के बाद केंद्र सर्कार ने अलर्ट जारी कर दिया है। वहीं अब प्रदेश का स्वास्थ्य विभाग भी कोरोना को लेकर अलर्ट हो गया है। स्वास्थ्य विभाग ने सभी कलेक्टर, CMHO, सिविल सर्जन को कोरोना प्रोटोकॉल का पालन करवाने के निर्देश दिए है। साथ ही स्वास्थ्य विभाग ने सभी से मास्क पहनने, भीड़ से बचने और लक्षण दिखने पर जांच कराने का आग्रह किया है। इतना ही नहीं स्वास्थ्य विभाग ने अस्पतालों में भी पूरी तैयारी रखने के निर्देश दिए है। कोरोना नियंत्रण में है इसलिए नए साल में होने वाली पार्टीयों पर कोई सख्ती नहीं बरती जा रही है, लेकिन स्वास्थ्य विभाग ने लोगों को सतर्क रहने के निर्देश दिए है।

K.W.N.S.-रायपुर। छत्तीसगढ़ में ‘सेकंड हैंड गाड़ी’ खरीदने की योजना रखने वालों के लिए एक अच्छी खबर है। इसमें मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल की मंशा के अनुरूप परिवहन मंत्री श्री मोहम्मद अकबर के मार्गदर्शन में विभाग द्वारा ऐसा नया नियम लाया जा रहा है, जिसकी मदद से अब डीलर और गाड़ी की पहचान आसान होगी, साथ ही चोरी की गाड़ियों को फर्जी तरीके से खरीद तथा बिक्री पर लगाम लगाने में सहायता मिलेगी। सेकेंड हैंड गाड़ी की खरीद-बिक्री के फायदे को दृष्टिगत रखते हुए और इसे पारदर्शी बनाने के लिए ही परिवहन विभाग छत्तीसगढ़ द्वारा केंद्र सरकार को सेकंड हैंड गाड़ी विक्रेता को भी डीलर के रूप में अधिकृत करने हेतु लेख किया गया था। इसके बाद केंद्रीय मोटर वाहन रूल, 1989 में बदलाव किया गया है, यह नया नियम 1 अप्रैल, 2023 से लागू होगा। इसके जरिए प्री-ओन्ड वाहन मार्केट के इकोसिस्टम को मजबूत करने की कवायद हो रही है। अब प्री-ओन्ड गाड़ी का बाज़ार मुख्य धारा में सम्मिलित हो कर वित्तीय सुविधाओं का सीधे लाभ ले सकेगा।
गौरतलब है कि छत्तीसगढ़ में प्री-ओन्ड वाहनो का बाजार धीरे-धीरे जोर पकड़ रहा है। हाल के वर्षों में ऑनलाइन सेकंड हैंड गाड़ी विक्रेता प्लेटफ़ार्म के आगमन, जो वाहनों की खरीद और बिक्री में शामिल हैं, ने इस बाजार को और बढ़ावा दिया है। वर्तमान पारिस्थितिकी तंत्र में, कई विधिक और वित्तीय मुद्दों का सामना करना पड़ रहा था। बाद के डीलर को वाहन के हस्तांतरण के दौरान, तीसरे पक्ष की क्षति देनदारियों के संबंध में विवाद, डिफॉल्टर आदि के निर्धारण में कठिनाई हो रही थी।
रायपुर प्री-ओन्ड डीलर एसोसिएशन की तरफ़ से काफ़ी समय से माँग की जा रही थी कि सेकंड हैंड वाहन विक्रेता को भी नवीन वाहन विक्रेता की तरह ही डीलर का दर्जा दिया जाए। डीलर का दर्जा मिलने से सेकंड हैंड डीलर को गाड़ी ख़रीदने के बाद स्टॉक में दिखाने या फ़ाइनेस लेने में सहायता मिलेगी। किसी गाड़ी में एक्सीडेंट होने की दशा में इन्शुरन्स क्लेम में सहायता मिलेगी और डीलर के द्वारा स्टॉक का इन्शुरन्स भी कराया जा सकेगा, जिससे कि किसी प्रकार के आपदा इत्यादि में कोई नुक़सान होने से स्टॉक के नुक़सान की भरपाई हो सके।
सेकंड हैंड वाहन विक्रेता अब क्रेता से गाड़ी ख़रीद कर क़ानूनी रूप से अपने पास स्टॉक में रख सकेगा और ज़रूरत के अनुसार उस गाड़ी के समस्त कार्य जैसे नवीनीकरण या पंजीयन प्रमाणपत्र के नवीनीकरण अथवा पंजीयन प्रमाणपत्र की दूसरी प्रति, अनापत्ति प्रमाणपत्र, बीमा या वाहन के स्वामित्व में अंतरण करने हेतु आवेदन देने के लिये सक्षम होगा। इसी तरह गाड़ी ख़रीदने वालों के लिए भी अब आसान होगा कि वो अधिकृत सेकंड हैंड गाड़ी विक्रेता को चिह्नांकित कर सकते है। इससे टैक्स डिफ़ॉल्ट गाड़ी, चोरी की गाड़ी या अन्य विवाद से बचा जा सकेगा और किसी प्रकार की समस्या होने से आरटीओ कार्यालय से डीलर के संबंध में जानकारी प्राप्त की जा सकेगी।
प्रस्तावित नियमों के प्रमुख प्रावधान के तहत डीलर की प्रामाणिकता की पहचान करने के लिए पंजीकृत वाहनों के डीलरों के लिए एक प्राधिकरण प्रमाणपत्र पेश किया गया है। इसके अलावा, पंजीकृत मालिक और डीलर के बीच वाहन की डिलीवरी की सूचना देने की प्रक्रिया को विस्तृत किया गया है। पंजीकृत वाहनों के कब्जे वाले डीलर की शक्तियों और जिम्मेदारियों को भी स्पष्ट किया गया है। डीलरों को उनके अधिकार में मोटर वाहनों के पंजीकरण प्रमाण पत्र के नवीनीकरण/फिटनेस प्रमाण पत्र के नवीनीकरण, डुप्लीकेट पंजीकरण प्रमाण पत्र, एनओसी, स्वामित्व के हस्तांतरण के लिए आवेदन करने का अधिकार दिया गया है। इसी तरह एक नियामक उपाय के रूप में, एक इलेक्ट्रॉनिक वाहन ट्रिप रजिस्टर का रखरखाव अनिवार्य कर दिया गया है, जिसमें की गई यात्रा का विवरण शामिल होगा। यात्रा का उद्देश्य, ड्राइवर, समय, माइलेज आदि का उल्लेख रहेगा। ये नियम पंजीकृत वाहनों के डीलरों को पहचानने और उन्हें सशक्त बनाने में सहायता करेंगे। साथ ही ऐसे वाहनों की बिक्री या खरीद के लिए धोखाधड़ी गतिविधियों के खिलाफ पर्याप्त सुरक्षा प्रदान करेंगे।
K.W.N.S.-रायपुर। राजधानी में खम्हारडीह के शक्ति नगर इलाके में युवक पर जानलेवा हमले की वारदात को अंजाम दिया गया। मामलें में जानकारी देते हुए खम्हारडीह थाना प्रभारी ने बताया कि घायल का नाम घनश्याम डीह है। जो कि नशे की हालत में शक्तिनगर में घूम रहा था जिसे किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा धारदार हथियार से उसके कूल्हे और पेट पर वार करके फरार हो गया। पुलिस ने घनश्याम को तत्काल मेकाहारा इलाज के लिए भेज दिया है। पुलिस ने पीडि़त के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है।
वहीं मामूली बात पर जानलेवा हमला करने वाले 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है. पुलिस के मुताबिक प्रार्थी सोमन निषाद ने थाना तेलीबांधा में रिपोर्ट दर्ज कराया कि वह बजरंग चौक के पास लाभाण्डी बस्ती तेलीबांधा में रहता है। 26.दिस.2022 को लाभाण्डी स्थित सुरज नगर में जैतखाम का मेला देखने के लिये प्रार्थी अपने साथी रोहित साहू तथा दुर्गेश सेन के साथ गया था। प्रार्थी तथा उसके साथी मेला देख कर वापस आ रहें थे कि सरकारी राशन दुकान के पास पहुंचे थे इसी दौरान रात्रि करीबन 11.30 बजे प्रार्थी का साथी दुर्गेश सेन लाभाण्डी सुरज नगर निवासी नानक एवं उसके अन्य 03 साथियों से टकरा गया। जिस पर नानक तथा उसके अन्य 03 साथियों ने प्रार्थी तथा उसके साथियों के साथ अश्लील गाली गलौच करते हुए जान से मारने की धमकी देकर हत्या करने की नियत से प्रार्थी तथा उसके साथी दुर्गेश सेन एवं रोहित साहू के साथ हाथ मुक्का से मारपीट करते हुए अपने पास रखे चाकू से वार कर चोट पहुंचा कर फरार हो गये। जिस पर आरोपियों के विरूद्ध थाना तेलीबांधा में अपराध पंजीबद्ध किया गया है। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन व थाना प्रभारी तेलीबांधा के नेतृत्व में थाना तेलीबांधा पुलिस की टीम द्वारा घटना के संबंध में प्रार्थी, उसके साथी तथा आस-पास के लोगों से विस्तृत पूछताछ करते हुए घटना में संलिप्त आरोपियों की पतासाजी करना प्रारंभ किया गया। टीम के सदस्यों द्वारा घटना में संलिप्त आरोपियों के छिपने के हर संभावित ठिकानों में रेड कार्यवाही करते हुए प्रकरण में संलिप्त आरोपी खुलेश्वर कुमार वर्मा उर्फ नानक को गिरफ्तार कर घटना के संबंध में पूछताछ करने पर उसके द्वारा उक्त घटना अपने अन्य 03 साथी जो विधि के साथ संघर्षरत बालक है के साथ मिलकर कारित करना स्वीकार किया गया। जिस पर टीम के सदस्यों द्वारा विधि के साथ संघर्षरत तीनों बालकों को भी पकड़ा गया। सभी आरोपी/अपचारियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से घटना में प्रयुक्त चाकू जप्त कर कार्यवाही की गई।
बीते 11 महीने में 10 हजार से ज्यादा अपराध
रायपुर जिले में पुलिस अपराधियों पर नियंत्रण लगाने के लिए अभियान चलाकर कार्रवाई कर रही है। रायपुर की सड़कों पर महकमे के वरिष्ठ अधिकारी खुद निकलकर कानून व्यवस्था का जायजा ले रहे हैं, लेकिन अपराधों की संख्या कम नहीं हो रही है। रायपुर जिले में बीते 11 माह में 10 हजार 194 अपराध हुए हैं। इनमें हत्या और जानलेवा हमले में सबसे ज्यादा चाकू का उपयोग हुआ है। इसके अलावा चोरी के सबसे अधिक केस दर्ज किए गए हैं। हालांकि जनता में विश्वास बनाए रखने और अपराधियों में खौफ पैदा करने के लिए पुलिस अब बदमाशों का जुलूस, सार्वजनिक रूप से उठक-बैठक लगवा रही है। ज्यादातर में मामूली विवाद मामूली बात पर चाकूबाजी की घटनाएं बढ़ी हैं। बदमाशों ने जनवरी 2022 से नवंबर तक 70 लोगों को मौत के घाट उतार दिया। ज्यादा हत्याएं अपना वर्चस्व बढ़ाने के लिए की गई है। कुछ आरोपितों ने पुलिस से बचने के लिए हत्या करने के बाद लाश तक गायब कर दी थी, लेकिन पुलिस ने मामले में जब तफ्तीश कर ज्यादातर मामलों का राजफाश कर आरोपियों को जेल भेजा है। वर्ष 2022 में पुलिस के लिए चाकूबाजों के अलावा चोर और नकबजनी की वारदातों को अंजाम देने वाले आरोपी भी सिर दर्द बने रहे हैं। जनवरी से नवंबर तक जिले में 1864 चोरी की वारदातें हुई।
इनमें से 767 वारदातों का राजफाश होना बाकी है। नकबजनी के 595 मामले में 193 लंबित हैं। एक वर्ष लुटेरों ने पुलिस को खूब परेशान किया। चेन और ज्वेलरी के अलावा आरोपियों ने मोबाइल लूट की सबसे ज्यादा वारदातें की। हालांकि लूट के ज्यादातर मामलों को पुलिस ने सुलझाकर आरोपियों पर सख्त कार्रवाई की है। ऐसे 21 मामले ही अभी पेंडिंग है। दो केस सबसे बड़ी चुनौती साबित हुए। खमतराई थाना क्षेत्र में पार्षद के भतीजे का हत्या कांड और विधानसभा थाना क्षेत्र में नाबालिग का दुष्कर्म कर हत्या का मामला काफी चुनौती भरा रहा। पार्षद के भतीजे की हत्या कर शव को दफना दिया गया था। 33 दिन बाद पुलिस ने शव और आरोपियों को खोज निकाला।
वहीं हालही में नाबालिग की हत्या के मामले में पुलिस को पांच दिन बाद सफलता मिली। आरोपी भी पकड़ा गया। अपराध जनवरी से दिसंबर 2022 तक -हत्या- 70, हत्या का प्रयास 115, आपराधिक मानव वध 2, दुष्कर्म 232, अपहरण – 405, मानव तस्करी- 2, डकैती- 7 , लूट – 98 , नकबजनी- 595 , चोरी- 1864 , बलवा- 80, जाली नोट- 2, आगजनी- 28 , चोट- 3610, दहेज मृत्यु- 6 , शीलभंग- 159 , यौन उत्पीडऩ- 36 , प्रताडऩा 498ए – 176 , उपेक्षापूर्ण कार्य से मृत्यु- 569 , अन्य भादवि. 1753, कुल- 10194 मामले सामने आए।