Browsing: रायपुर

K.W.N.S.-रायपुर। छत्तीसगढ़ की अर्थव्यवस्था को बढ़ाने में प्रदेश में निर्मित गौठान अहम योगदान निभा रहे हैं। इसे और बेहतर करने तथा ग्रामीण व्यवसायों को बढ़ावा देने के लिए रूरल इंडस्ट्रियल पार्क की स्थापना की जा रही है। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने 300 रूरल इंडस्ट्रियल पार्कों की शुरूआत की है। रूरल इंडस्ट्रियल पार्क को ग्रामीण आर्थिक गतिविधियों के माध्यम से कैसे सशक्त बनाएं एवं कैसे ज्यादा से ज्यादा ग्रामीण इसका लाभ ले सकें इसके लिए नया रायपुर स्थित राज्य योजना आयोग कार्यालय में आज एक कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस कार्यशाला में राज्य शासन द्वारा गठित विभिन्न बोर्डों के अध्यक्ष एवं प्रतिनिधियों को आमंत्रित किया गया था। 
 रूरल इंडस्ट्रियल पार्क में आजीविका गुड़ी के माध्यम से सभी वर्गों के व्यवसायों को स्थान मिलेगा। इस हेतु रूरल इंडस्ट्रियल पार्क के सौंदर्यीकरण के संबंध में राज्य शासन द्वारा गठित विभिन्न बोर्ड के अध्यक्ष एवं प्रतिनिधियों के लिए ये कार्यशाला विशेष रूप से आयोजित की गई। इस कार्यशाला को मुख्यमंत्री के सलाहकार प्रदीप शर्मा की अध्यक्षता में आयोजित किया गया था। प्रदीप शर्मा ने बोर्ड के अध्यक्ष एवं प्रतिनिधियों को गौठानों में स्थित रूरल इंडस्ट्रियल पार्क की विस्तृत जानकारी देते हुए उन्हें गौठानों के संचालन को लेकर संबोधित किया। इसके साथ ही शर्मा ने रूरल इंडस्ट्रियल पार्क में आगे की कार्ययोजना को लेकर भी जानकारी दी और विभिन्न बोर्ड के अध्यक्ष व प्रतिनिधियों से वर्तमान कार्यों एवं नई तकनीक को लेकर चर्चा की। गौरतलब है कि गौठानों को रूरल इंडस्ट्रियल पार्क का स्वरूप दिया जा रहा है जिससे ग्रामीण उद्यमिता को बढ़ावा मिलेगा और प्रदेश आर्थिक सशक्तिकरण की तरफ अग्रसर होगा। कार्यशाला में विभिन्न बोर्ड के अध्यक्ष एवं प्रतिनिधियों के साथ आजीविका मिशन के संचालक, रूरल इंडस्ट्रियल पार्क के नोडल अधिकारी एवं ग्रामोद्योग विभाग के संचालक उपस्थित थे।
 

 
K.W.N.S.-रायपुर। स्वास्थ्य मंत्री टी.एस. सिंहदेव नई दिल्ली और कलकत्ता प्रवास के बाद 15 दिसम्बर को रायपुर लौटेंगे। वे 15 दिसम्बर को सवेरे 07:35 बजे कलकत्ता से नियमित विमान द्वारा रायपुर के लिए रवाना होंगे। वे 09:10 बजे रायपुर पहुंचेंगे।
 

K.W.N.S.-रायपुर। अरुणाचल प्रदेश के तवांग क्षेत्र में भारतीय सैनिकों और चीनी सैनिकों के बीच हुई झड़प को लेकर विपक्ष के नेता लगातार केंद्र सरकार पर हमलावर हैं. छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने भी केंद्र सरकार से सवाल पूछे हैं. उन्होंने कहा, चीन लगातार हमारी सीमाओं पर अतिक्रमण कर रहा है. कांग्रेस पार्टी और हमारे नेता राहुल गांधी इस मुद्दे को लगातार उठा रहे हैं. आगे सीएम ने कहा कि भाजपा आरक्षण के विरोधी हैं। अजय चंद्राकर ने कहा कि मैं पार्टी से बंधा हुआ हूं नहीं तो मैं आरक्षण का विरोधी हूं। यही हाल भाजपा के हर नेता का है। किसी भी आरक्षण की बात हो, वो(भाजपा) देने के लिए तैयार नहीं है, राज्यपाल ने पहले कहा कि मैं तुरंत हस्ताक्षर करूंगी पर वो अब किंतु-परंतु कर रही हैं, इसका मतलब है कि वो चाहती थी मगर भाजपा वालों ने दबाव बना कर रखा है।
 

K.W.N.S.-रायपुर। मुख्यमंत्री  भूपेश बघेल ने महासमुन्द जिले के खल्लारी विधानसभा के ग्राम एम.के.बाहरा निवासी आदिवासी किसान यादराम ध्रुव के घर पर भोजन किया। मुख्यमंत्री बघेल के साथ गृहमंत्री श्री ताम्रध्वज साहू, संसदीय सचिव श्री द्वारकाधीश यादव ने भी भोजन का स्वाद लिया।
किसान श्री ध्रुव के परिजनों ने मुख्यमंत्री श्री बघेल का स्वागत आरती एवं तिलक लगाकर पारंपरिक ढंग से किया। उन्हें भोजन में गौठानों की बाड़ी की लाल भाजी, अपने घर के मूनगा भाजी, खेत में लगाए तिवरा भाजी, जिमिकांदा, सील से पीसे टमाटर चटनी फुलकांस की थाली में परोसा गया, जिसे मुख्यमंत्री ने बड़े ही चाव से खाया।
भोजन करने के बाद मुख्यमंत्री बघेल ने कृषक परिवार के सदस्यों को उपहार दिए और उनके साथ फोटो भी खिंचवाई।
 

K.W.N.S.-रायपुर। छत्तीसगढ़ कांग्रेस की एक बड़ी बैठक 19 दिसंबर को राजीव भवन में होगी। इसमें प्रदेश अध्यक्ष मोहन मरकाम, सीएम भूपेश बघेल, सह प्रभारी डॉ. चंदन यादव, सप्तगिरी उल्का सहित प्रदेश कार्यकारिणी के सदस्य और जिलाध्यक्ष शामिल होंगे। इस बैठक में प्रभारी महामंत्री कुमारी शैलजा के आने की पुष्टि नहीं हुई है। प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक में फरवरी में प्रस्तावित कांग्रेस महाधिवेशन, हाथ जोड़ो यात्रा सहित कई महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा होगी। इस बड़े कार्यक्रम के जरिए कांग्रेस छत्तीसगढ़ सहित अन्य राज्यों में चुनावी आगाज करेगी। 
बता दें कि एआईसीसी ने छत्‍तीसगढ़ संगठन को बड़ी जिम्‍मेदारी दी है। 2 फरवरी से 4 फरवरी तक कांग्रेस का महाधिवेशन प्रस्तावित है। इस महाधिवेशन में यूपीए अध्यक्ष सोनिया गांधी, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, राहुल गांधी, प्रियंका गांधी सहित देशभर से कांग्रेसी नेता शिकरत करेंगे। दिल्‍ली में रविवार को हुई कांग्रेस की स्‍टीयरिंग कमेटी की बैठक में यह फैसला लिया गया है। छत्तीसगढ़ ने इसकी तैयारी शुरू कर दी है।
 

 
 
K.W.N.S.-रायपुर। पूरे विश्व में आफत बन कर आई कोविड-19 जैसी महामारी को दूर करने की जंग में अभूतपूर्व योगदान के लिए जिन्दल स्टील एंड पावर (जेएसपी) को फिक्की सीएसआर विशेष प्रशस्ति सम्मान प्रदान किया गया है। जाने-माने उद्योगपति नवीन जिन्दल के नेतृत्व वाली कंपनी जिन्दल स्टील एंड पावर उन चंद अग्रणी संस्थाओं में से एक है, जिसने कोविड-19 के खिलाफ जंग में सरकार और आम लोगों की मदद के लिए अनेक सराहनीय कार्य किये। जेएसपी के सामाजिक दायित्वों का निर्वहन कर रहे जेएसपी फाउंडेशन ने चेयरपर्सन शालू जिन्दल के मार्गदर्शन में गरीबों, जरूरतमंदों को कोविड-19 के कारण उत्पन्न संकट से बचाने के लिए अग्रिम मोर्चे से लड़ाई लड़ी। इस महामारी की भयावहता का अंदेशा होते ही जेएसपी फाउंडेशन सबसे पहले पूरी तैयारी के साथ समाज के वंचित वर्गों की सुरक्षा के लिए आगे आया। 
शालू जिन्दल ने कोविड काल में जेएसपी फाउंडेशन की सेवाओं के लिए फिक्की सीएसआर विशेष प्रशस्ति सम्मान मिलने पर कहा कि “कोविड-19 महामारी ने समाज और अर्थव्यवस्था के साथ-साथ पूरे देश की स्वास्थ्य व्यवस्था पर गहरा आघात किया था। करोड़ों गरीब और वंचित वर्गों के परिवार इस महामारी के कारण संकटों से घिर गए। ऐसे में जिन्दल स्टील एंड पावर देश के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को समझते हुए सरकार और समुदायों की मदद के लिए आगे आया और अस्पताल सुविधा उपलब्ध कराने के साथ-साथ देश के 13 राज्यों में लिक्विड मेडिकल ऑक्सीजन पहुंचाई और लाखों गरीबों-जरूरतमंदों को भोजन उपलब्ध कराकर उनका जीवन सुरक्षित रखने में योगदान किया।” 
जेएसपी ने मार्च 2020 में लॉकडाउन की घोषणा होने के तुरंत बाद “मिशन जीरो हंगर” के तहत ओडिशा, छत्तीसगढ़ और झारखंड में ट्रकचालकों, प्रवासी कामगारों और गरीबों के लिए भोजन का बंदोबस्त किया। बाद में यह अभियान दिल्ली, उत्तर प्रदेश और महाराष्ट्र में भी चलाया गया और लगभग 20 लाख लोगों के लिए भोजन का बंदोबस्त किया गया। महामारी के दूसरे चरण में जब देशभर के अस्पतालों में ऑक्सीजन का भारी संकट उत्पन्न हुआ तब सड़क और रेल के माध्यम से जेएसपी ने 5000 टन से अधिक लिक्विड मेडिकल ऑक्सीजन की आपूर्ति 13 राज्यों में की। एलएमओ की ढुलाई के लिए ओडिशा सरकार को दो विशेष टैंकर भी दिये गए। 
छत्तीसगढ़ के रायगढ़, तमनार और ओडिशा के अंगुल में आईसीयू, वेंटिलेटर और अन्य आधुनिक सुविधाओं वाले विशेष कोविड केयर सेंटर स्थापित किये गए। जेएसपी फाउंडेशन ने इसके अलावा लाखों फेसमास्क और हजारों लीटर सैनिटाइजर समुदायों और कोविड वारियर्स के बीच बांटे। प्लांट के आसपास के किसानों और स्वयंसहायता समूह से जुड़ी महिलाओं की आय बनाए रखने के लिए जेएसपी ने कॉलोनियों के दरवाजे खोल दिये और उनके सामान की खरीदारी की व्यवस्था की। जेएसपी स्टील, खनन और मूलभूत ढांचा क्षेत्र की एक अग्रणी कंपनी है। दुनिया भर में 12 अरब अमेरिकी डॉलर से अधिक निवेश वाली यह कंपनी आत्मनिर्भर भारत के निर्माण के लिए निरंतर अपनी क्षमताओं का विस्तार कर रही है और राष्ट्र निर्माण में बढ़-चढ़कर योगदान कर रही है।
 

K.W.N.S.-रायपुर। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने आज बसना विधानसभा क्षेत्र में 64 करोड़ 13 लाख 92 हजार रुपए के विकासकार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन किया। इसमें 32 करोड़ 64 लाख 09 हजार रुपए के 37 विकास कार्यों का भूमिपूजन और 32 करोड़ 59 लाख 83 हजार रुपए के 23 कार्यों का लोकार्पण शामिल है। भूमिपूजन में नवीन सड़क निर्माण, पुल-पुलिया और महाविद्यालय में अतिरिक्त कक्ष निर्माण आदि कार्य शामिल हैं । लोकार्पण कार्यों में स्कूल भवन निर्माण, आहता निर्माण, सांस्कृतिक भवन निर्माण, सी.सी. रोड, सामुदायिक भवन निर्माण आदि शामिल हैं। मुख्यमंत्री बघेल अपने प्रदेशव्यापी भेंट-मुलाकात कार्यक्रम के दौरान आज महासमुंद जिले के बसना विधासनसभा क्षेत्र के दौरे पर थे। उन्होंने बसना के ग्राम पिरदा एवं ग्राम गोपालपुर में आम जनता से भेंट मुलाकात की और राज्य शासन की योजनाओं के क्रियान्वयन की जानकारी ली।
 

 
 K.W.N.S.-रायपुर। आज पिरदा भेंट-मुलाकात कार्यक्रम में जब मुख्यमंत्री बघेल लोगों से उनकी समस्याओं संबंधित आवेदन लेने खुद पहुंचे तो आठ वर्षीय दृष्टिबाधित बालक हिमांशु पसायत के लिए उसके पिता ने मुख्यमंत्री से मदद मांगी। ग्राम–जगत के निवासी हिमांशु के पिता प्रमोद पसायत की आर्थिक स्थिति अच्छी नहीं है, वे मजदूरी करते हैं, बेटे का इलाज कराना चाहते हैं। हिमांशु की आंखों में रोशनी नहीं है मगर उसके कंठ से सुरीले स्वर फूटते हैं। वह तीन भाषाओं हिंदी, छत्तीसगढ़ी और उड़िया में सुमधुर गायन करता है। हिमांशु पांच वर्ष की आयु से संगीतमयी प्रस्तुति देता है । मुख्यमंत्री ने हिमांशु के पिता की गुहार सुनी और हिमांशु की हरसंभव सहायता के लिए आश्वस्त किया।
 

K.W.N.S.-रायपुर। नागपुर-बिलासपुर के बीच 11 दिसम्बर से शुरू हुई वंदेभारत एक्सप्रेस भारत में सबसे तेज गति से दौड़ने वाली ट्रेन मानी जा रही है। इस वंदे भारत एक्सप्रेस पर छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने एक बड़ा बयान जारी किया है। मुख्यमंत्री बघेल ने अपने बयान में कहा कि इस ट्रेन का किराया बहुत अधिक है, इसका लाभ आम आदमी को नहीं मिलेगा। उन्होंने कहा छत्तीसगढ़ की ट्रेनें लगातार बंद हो रही थीं, तब किसी ने कुछ नहीं कहा। एक ट्रेन शुरू हो गई तो पूरे प्रदेश को सिर पर उठा लिया। मुख्यमंत्री ने कहा और भी ट्रेनें शुरू हो हम इसका स्वागत करते हैं। 
उन्होंने कहा कि, नागपुर-बिलासपुर के बीच चलने वाली इस ट्रेन के शुरू होने पर प्रदेश के मुख्यमंत्री को सूचना देना तक उचित नहीं समझा गया। कार्यक्रम में आमंत्रित करना तो दूर की बात है, जानकारी तक नहीं दी गई। इसके पहले भानुप्रतापपुर के कार्यक्रम में भी मुझे सूचना नहीं दी गई थी। एनपीएस पर मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा- हमने अधिकारियों से कहा है, कर्मचारी संगठनों से बातचीत करें। कर्मचारियों से बातचीत के बाद आगे की रणनीति तय करेंगे। एनपीएस का पैसा प्रदेश के कर्मचारियों का पैसा है। इसे लौटाने से केंद्र सरकार इनकार कैसे कर सकती है।
 

 
K.W.N.S.-रायपुर। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने आज प्रदेशव्यापी भेंट-मुलाक़ात के दौरान बसना के ग्राम पिरदा निवासी आदिवासी किसान राजेश सिदार के घर पहुंचकर भोजन किया। सिदार के घर मुख्यमंत्री ने स्थानीय व्यंजनों से भरपूर छत्तीसगढ़ी पारंपरिक भोजन का स्वाद लिया। मुख्यमंत्री को किसान सिदार के यहाँ कांसे की थाली में लाल भाजी, टमाटर चटनी, हाथ से पिसा मूंग दाल का बड़ा एवं छत्तीसगढ़िया व्यंजन परोसा गया। इस दौरान गृह मंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री ताम्रध्वज साहू, बसना विधायक देवेन्द्र बहादुर सिंह एवं उनके साथ राजेश सिदार ने भी भोजन किया। यहां मुख्यमंत्री बघेल को छोटी बच्ची ने भोजन परोसा इस पर मुख्यमंत्री ने स्नेहपूर्वक उसे थैंक्यू कहा। भोजन करने के पश्चात मुख्यमंत्री ने किसान केदार के परिवार के सभी लोगों से मुलाकात की और उन्हें उपहार भेंट किया।