Browsing: रायपुर

K.W.N.S.- रायपुर। भानुप्रतापपुर उपचुनाव को लेकर आज सुबह एक बड़ी खबर सामने आ रही है, छत्तीसगढ़ भाजपा आज अपने प्रत्याशी का शाम तक नाम घोषित कर देगी। मिली जानकारी के अनुसार ब्रह्मा नेताम, गौतम उईके और परमानन्द तेते के नाम पर विचार किया गया है। इनमें से ही किसी एक का नाम फाइनल होगा। बता दें कि 17 नवंबर को भाजपा और कांग्रेस दोनों नामांकन फार्म दाखिल करेंगे। भाजपा प्रत्याशी के नामांकन में पूर्व सीएम रमन सिंह और भाजपा प्रदेशाध्यक्ष अरुण साव शामिल होंगे। इधर कांग्रेस नेताओं की बात करें तो स्व. मनोज मंडावी की पत्नी साबित्री मंडावी ने बीते दिन नामांकन फार्म खरीदा है, हालाकि अभी कांग्रेस ने उन्हे अपना अधिकृत प्रत्याशी नहीं बनाया है लेकिन यह माना रहा है कि उन्हे कांग्रेस मौका दे सकती है।
 

 
 K.W.N.S.-रायपुर। संघ प्रमुख मोहन भागवत और छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल धर्मांतरण के मुद्दे पर आमने सामने आ गए. जहां संघ प्रमुख ने धर्मांतरण के मुद्दे पर कहा कि हमारे भोलेपन का लाभ लेकर ठगने वाले लोगों से हमें सावधान रहना चाहिए. इस पर छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने पलटवार करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ में बीजेपी शासन में सबसे ज्यादा चर्च बने हैं. संघ प्रमुख को इस मामले में पूर्व मुख्यमंत्री रमन सिंह से जानकारी लेनी चाहिए. मोहन भागवत छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में ‘जनजातीय गौरव दिवस’ के अवसर पर पहुंचे थे। 
 यहां उन्होंने कहा कि हमें अपने देश, संस्कृति और धर्म से अलग नहीं होना चाहिए. कुछ लोग हमारी मासूमियत का फायदा उठाकर हमें ठगने की कोशिश करते हैं लेकिन हमें मजबूत बने रहना है. भागवत ने धर्मांतरण शब्द का इस्तेमाल किए बिना कहा कि अब हमको जागना है. अपने देश, धर्म के लिए पक्का रहना है. इस पर सीएम भूपेश बघेल ने पलटवार किया. बघेल ने कहा कि मोहन भागवत धर्म परिवर्तन पर न बोलें. उन्होंने कहा कि मोहन भागवत जी को पूर्व सीएम रमन सिंह से जानकारी लेनी चाहिए कि उनके शासन (2003 से 2018) में कितनी चर्च बनीं. अगर उनके पास जानकारी नहीं हो, तो मैं उपलब्ध करा सकता हूं. भूपेश बघेल ने कहा कि जहां भी ईसाई होंगे, वहां चर्च बनेगी. इसे ऐसे नहीं कह सकते कि जहां भी चर्च होंगे, वहा ईसाई होंगे. उन्होंने कहा कि अगर किसी स्थान पर सिख रहते हैं, तो निश्चित तौर पर वहां गुरुद्वारा भी होगा. उन्होंने कहा कि चर्च, गुरुद्वारा या अन्य धार्मिक स्थल तभी अधिक बनते हैं, जब उनको मानने वाले लोग अधिक हों। 
 

K.W.N.S.-रायपुर। पुरानी रंजिश को लेकर धारदार हथियार से वार कर हत्या करने वाले 3 आरोपी को गिरफ्तार किया गया है. जानकारी के मुताबिक थाना गुढ़ियारी क्षेत्रांतर्गत नया तालाब पास एक व्यक्ति की हत्या हो गई है। जिस पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रशांत अग्रवाल द्वारा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर/अपराध अभिषेक माहेश्वरी, नगर पुलिस अधीक्षक उरला राजीव शर्मा, उप पुलिस अधीक्षक अपराध दिनेश सिन्हा, प्रभारी एण्टी क्राईम एण्ड साईबर यूनिट तथा थाना प्रभारी गुढ़ियारी को आरोपियांें की पतासाजी कर जल्द से जल्द गिरफ्तार करने निर्देशित किया गया। जिस पर वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में एण्टी क्राईम एण्ड साईबर यूनिट तथा थाना गुढ़ियारी पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा घटना स्थल जाकर देखने पर पाया गया कि एक व्यक्ति मृत अवस्था में पड़ा है जिसके शरीर पर धारदार वस्तु से मारकर वार किया गया है। मृतक के संबंध में पूछताछ करने पर मृतक की पहचान मोहन साहू पिता स्व. आशा राम साहू उम्र 32 साल निवासी नया तालाब गुढ़ियारी के रूप में की गई साथ ही टीम के सदस्यों को पूछताछ में यह भी जानकारी प्राप्त हुई कि मृतक मोहन साहू का 02 माह पूर्व नया तालाब निवासी अनिल महतो से किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। जिस पर टीम के सदस्यों द्वारा त्वरित कार्यवाही करते हुए अनिल महतो की पतासाजी करते हुए अनिल महतो को पकड़ा गया। कड़ाई से पूछताछ करने पर अनिल महतो द्वारा बताया गया कि लगभग 02 माह पूर्व मृतक मोहन साहू विवाद करते हुए अपना थूक उसे चटवाया था इसी बात से क्षुब्ध होकर वह अपने साथी पुखराज पटेल उर्फ राजू एवं अरविन्द देवार के साथ मिलकर मोहन साहू की हत्या करने की योजना बनायी तथा योजना के अनुसार दिनांक घटना को तीनों आरोपियों ने मिलकर घटना स्थल नया तालाब पास मौका पाकर अपने पास रखें चापड़नुमा हथियार से मोहन साहू पर ताबड़तोड वार कर उसकी हत्या कर दिये एवं फरार हो गये। तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से घटना में प्रयुक्त धारदार चापड़नुमा हथियार जप्त कर आरोपियों के विरूद्ध थाना गुढ़ियारी में अपराध क्रमांक 485/22 धारा 302, 34 भादवि. 25, 27 आम्र्स एक्ट का अपराध पंजीबद्ध कर कार्यवाही की गई। गिरफ्तार आरोपी 01. अनिल महतो पिता नामी महतो उम्र 29 साल नया तालाब नेता बगीचा के पीछे थाना गुढ़ियारी रायपुर। 02. पुखराज पटेल उर्फ राजू पिता हरीश पटेल उम्र 27 साल निवासी नया तालाब पाठक किराना स्टोर के पास थाना गुढ़ियारी रायपुर। 03. अरविन्द देवार पिता मुत्तु देवार उम्र 23 साल निवासी नया तालाब के पास थाना गुढ़ियारी रायपुर।
 

K.W.N.S.-रायपुर। कन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (कैट) के वरिष्ठ राष्ट्रीय उपाध्यक्ष अमर पारवानी, चेयरमेन मगेलाल मालू, अमर गिदवानी, प्रदेश अध्यक्ष जितेन्द्र दोशी, कार्यकारी अध्यक्ष विक्रम सिंहदेव, परमानन्द जैन, वाशु माखीजा, महामंत्री सुरिन्द्रर सिंह, कार्यकारी महामंत्री भरत जैन, कोषाध्यक्ष अजय अग्रवाल एवं मीड़िया प्रभारी संजय चौंबे ने बताया कि कल सुबह 11ः30 से दोपहर 2ः00 बजे तक वृन्दावन हॉल सिविल लाईन रायपुर मे कैट सी.जी. चैप्टर की प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक एवं दीपावाली मिलन समारोह का आयोजन किया गया है। प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक एवं दीपावाली मिलन समारोह में प्रदेश के सभी इकाईयों के पदाधिकारी , कार्यकारिणी सदस्य एवं व्यापारिक संगठनों के पदाधिकारी शामिल होगें।
 

 

K.W.N.S.-रायपुर। आजकल की भाग-दौड़ भरी जिंदगी में खुद की सेहत का ख्याल रखना चुनौतीपूर्ण हो गया है। आधुनिक जीवन-शैली, अनियमित दिनचर्या और खान-पान की खराब आदतों के कारण कम उम्र में ही कई तरह की बीमारियां घेर रही हैं। डायबिटीज यानि मधुमेह भी तेजी से बढ़ रही इसी तरह की बीमारी है। यह न केवल उम्रदराजों को, बल्कि युवाओं को भी अपनी गिरफ्त में ले रही है। संयमित खान-पान और स्वस्थ जीवन-शैली अपनाकर इससे बचा जा सकता है। मधुमेह के बारे में लोगों को जागरूक और शिक्षित करने पूरी दुनिया में हर साल 14 नवम्बर को विश्व मधुमेह दिवस मनाया जाता है। राज्य शासन के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग में गैर-संचारी रोग के नोडल अधिकारी डॉ. नेतराम नवरत्न ने बताया कि मधुमेह या डायबिटीज हमें तब होता है जब हमारे शरीर के हार्मोन इंसुलिन या कहें तो रक्त शर्करा या ग्लूकोज की मात्रा हमारे शरीर के साथ सही तालमेल नहीं बिठा पाती है। 
ज्यादातर खराब जीवन-शैली के कारण यह होता है। मधुमेह दो प्रकार का होता है। टाइप-1 डायबिटीज बच्चों में पाया जाता है। इसमें शरीर में इंसुलिन की सेंसिटिविटी  खत्म हो जाती है जिससे शरीर का मेटाबॉलिक सिस्टम खराब हो जाता है और शुगर का लेवल बढ़ने लगता है। डॉ. नवरत्न ने बताया कि टाइप-2 डायबिटीज अधिकांशतः 40 वर्ष या इससे अधिक आयु के लोगों में होता है। इसमें शरीर को जितनी इंसुलिन की आवश्यकता होती है, इंसुलिन की उतनी मात्रा शरीर को नहीं मिल पाती है। गर्भावस्था के दौरान भी मधुमेह हो जाता है जो कि एक सीमित समय के लिए होता है और समय के साथ वह ठीक भी हो जाता है। परिवार में माता-पिता या भाई-बहन में किसी को मधुमेह है तो अन्य रक्त संबंधियों के भी इससे पीड़ित होने की आशंका होती है। प्रदेश के सभी जिला चिकित्सालयों, सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्रों, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों, हेल्थ एंड वैलनेस सेंटर्स व सब-सेंटर्स में एनसीडी क्लीनिक के माध्यम से 30 वर्ष से अधिक आयु के सभी लोगों की नियमित रूप से मधुमेह की निःशुल्क जांच की जा रही है। मधुमेह के लक्षण ज्यादा प्यास लगना, ज्यादा भूख लगना, वजन का असामान्य रूप से ज्यादा या कम होना, थकान या कमजोरी महसूस होना, चक्कर आना, चिड़चिड़ापन, नींद न आना, आंखों की रोशनी का कमजोर होना या धुंधला दिखना, हाथ-पैरों में झनझनाहट या सुन्नपन, बार-बार पेशाब होना या पेशाब का संक्रमण होना, चोट या घाव का देर से भरना या ठीक न होना मधुमेह के सामान्य लक्षण हैं। 
इस तरह के लक्षण दिखाई देने या महसूस होने पर अपने निकटतम शासकीय स्वास्थ्य केंद्र जाकर मधुमेह की निःशुल्क जांच अवश्य कराएं। मधुमेह से बचाव मधुमेह से बचाव के लिए नियमित व्यायाम या योग जरुर करना चाहिए। समय पर संतुलित भोजन मधुमेह से बचाव के लिए बहुत आवश्यक है। अधिक घी-तेल वाले भोजन का सेवन करने से भी मधुमेह का खतरा बढ़ता है। भोजन में अनाज, दालें, हरी-पत्तेदार सब्जियां, मौसमी सब्जी, ताज़े मौसमी फल, दूध व दही से बनी चीजों का सही मात्रा में सेवन करना चाहिए। रेशेदार भोजन भी पर्याप्त मात्रा में लेना चाहिए। रोजाना 10-12 गिलास पानी जरुर पिएं। अपने भोजन में अंकुरित अनाज को शामिल करें। शराब से परहेज करें।
 

 K.W.N.S.-रायपुर। राज्यपाल अनुसुईया उइके ने आज बाल दिवस के अवसर पर बच्चों को अपनी शुभकामनाएं प्रेषित की है। अपने संदेश में उन्होंने कहा कि बाल्यावस्था जीवन का सबसे अनमोल समय होता है। बालमन कच्ची मिट्टी की तरह लचीला होता है, उसे जैसा गढ़ा जाएगा, वह वैसा आकार लेगा। इसलिए बच्चों के विकास में पर्याप्त सतर्कता बरतनी चाहिए। उन्होंने कहा कि हमें बच्चों के पालन-पोषण से लेकर उनके सर्वांगीण विकास पर ध्यान देते हुए, उन्हें बेहतर परिवेश उपलब्ध कराना जरूरी है। राज्यपाल ने विश्वास जताया कि भविष्य का भारत हमारे बच्चों के हाथों में सुरक्षित रहेगा और नई ऊंचाइयों को प्राप्त करेगा। साथ ही राज्यपाल ने प्रदेश में विभिन्न अवसरों पर बच्चों के साथ बिताये पलों का भी स्मरण किया।
 

 K.W.N.S.-रायपुर। वनाच्छादित उत्तर छत्तीसगढ़ में कड़ाके ठंड शुरू हो गई है। इन इलाकों में पारा हर दिन गिर रहा है। सोमवार सुबह कोरिया में 9और सरगुजा में तापमान 10 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।इधर धमतरी से लेकर सुकमा तक तापमान 10 से 15 डिग्री रहा। मध्य छत्तीसगढ़ में दुर्ग 16 डिग्री के साथ सबसे गर्म रहा। मौसम विभाग की माने तो छत्तीसगढ़ की ओर उत्तर से शुष्क व ठंडी हवा के कारण आने वाले दिनों में ठंड और बढ़ने वाली है. मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार. राजधानी रायपुर में न्यूनतम पारा 17 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है. फिलहाल, यहां का तापमान 17 से 19 डिग्री के बीच बना हुआ है. ठंडी जगहों में अंबिकापुर और पेंड्रा-गौरेला-मरवाही शामिल हैं. यहां के कुछ इलाकों में अच्छी ठंड पड़ने लगी है।
 

 
 K.W.N.S.-रायपुर। जिले में उद्यानिकी फसलों के जरिए किसानों को फायदा पहुंचाने के लिए खनिज न्यास मद से भी मदद दी जाएगी। जिले में इसके लिए लगभग साढ़े सात सौ एकड़ रकबे में हाईब्रिड पपीते की खेती की योजना तैयार की गई है। इस पूरी योजना को खनिज न्यास मद से सहायता दी जाएगी। किसानों का चयन और अन्य जरूरी व्यवस्थाओं को जल्द से जल्द पूरा कर विस्तृत प्रस्ताव प्रस्तुत करने के निर्देश उद्यान विभाग के अधिकारियों को दिए गए है। कलेक्टर डॉ. सर्वेश्वर भुरे के अध्यक्षता में आज कलेक्टोरेट सभाकक्ष में जिला खनिज संस्थान न्यास की प्रबंधकारिणी समिति की दूसरी बैठक हुई। बैठक में कलेक्टर ने डीएमएफ मद से स्वीकृत विभिन्न कामों की समीक्षा की और अधिकारियों को तेजी से कामों को पूरा करने के निर्देंश दिए। उन्होंने किसी भी कारण से पूरे न हो सकने वाले कामों को चिन्हांकित कर उन्हें निरस्त करने को भी कहा। डॉ. भुरे ने डीएमएफ मद से पूरे हो चुके सभी कामों के उपयोगिता एवं पूर्णता प्रमाण-पत्र भी जल्द से जल्द उपलब्ध कराने के निर्देंश क्रियान्वयन एजेंसियों को दिये। उन्होंने प्रत्यक्ष रूप से खनन से प्रभावित गांवो के लिए डीएमएफ मद से विकास योजनाएं बनाने के निर्देंश दिए। बैठक में कलेक्टर डॉ. भुरे ने इस वर्ष के लिए स्वीकृत 75 करोड़ रूपये की कार्य योजना पर भी चर्चा की। उन्होंने डीएमएफ के प्रावधानों के अनुसार उच्च प्राथमिकता के क्षेत्र में 60 प्रतिशत और अन्य क्षेत्रों में 40 प्रतिशत राशि ही खर्च करने के सख्त निर्देंश अधिकारियों को दिए। बैठक में बताया गया कि इस वर्ष के लिए स्वीकृत की गई कार्य योजना में उच्च प्राथमिकता क्षेत्र में 85 प्रतिशत और अन्य प्राथमिकताओं वाले क्षेत्र में केवल 15 प्रतिशत कार्य स्वीकृत किए गए है। जिले की डीएमएफ कार्य योजना में इस वर्ष खनन प्रभावित प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष क्षेत्र में लगभग बराबर विकास कार्य स्वीकृत हुए है। वर्ष 2022-23 में कुल स्वीकृत कार्य योजना में से केवल साढ़े 14 प्रतिशत राशि ही भौतिक अधोसंरचना सेक्टर में स्वीकृत की गई है। इस वर्ष की कार्य योजना में उच्च प्राथमिकता के क्षेत्रों पेयजल, स्वास्थ्य, शिक्षा, कृषि, महिला एवं बालविकास, मछली पालन, उद्यानिकी, पशुपालन, वृद्ध और निशक्त जन कल्याण, कौशल विकास रोजगार, स्वच्छता जैसे सेक्टर में लगभग साढे़ 56 करोड़ रूपये की योजनाएं मंजूर की गई है। इसी प्रकार अन्य प्राथमिकता वाले क्षेत्रों अधोसंरचना विकास, सिचाई, सार्वजनिक परिवहन, सांस्कृतिक मूल्यों का संरक्षण, युवा कल्याण जैसे क्षेत्रों के लिए लगभग साढ़े 18 करोड़ रूपये की योजनाओं का अनुमोदन किया गया है।
 

K.W.N.S.-रायपुर। देर रात 12 बजे वीक एंड नाइट पार्टी कर लौट रही कुछ लड़कियों ने जमकर बवाल मचाया। यह बवाल तेलीबांधा रास्ते में हुआ। लेकिन पुलिस अब तक कोई कार्रवाई नहीं कर पाई है। ये लोग दुर्ग के बताए गए हैं। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक कुछ लड़कियां और युवक कहीं से पार्टी कर लौट रहे थे। थाने से कुछ दूरी पर उत्सव इन होटल से लगे पान ठेले पर पान, सिगरेट लेने अपनी एसयूवी सीजी 07 01111 से उतरे। एसयूवी को बीच जीई रोड पर पार्क कर रखा था। रोड की स्थिति देख पान ठेले वाले ने भी एसयूवी हटाने कहा। इसी दरम्यान एक युवती उस पर पिल पड़ी। उसने ठेले वाले पर बदतमीजी से बात कहने का आरोप लगाकर जोर-जोर से चिल्लाते हुए कार में बैठने और उतरने का उपक्रम करती रही। उसे, उसके साथी रोकते रहे और वह लड़की, ठेले वाले को धमकाती रही। उसे यह कहते हुए सुना गया कि तमीज नहीं है लड़की से बात करने की। उसने यहां तक कहा कि काट दूंगी यहीं पर। इस बवाल पर भीड़ को बढ़ता देख ये युवक, युवतियां वहां से भाग निकले। लोगों का कहना है कि यह सब कुछ तेलीबांधा थाने के सामने नजरों से देखा जा सकता था लेकिन पुलिस नहीं पहुंचीं। इस मामले में पुलिस ने कहा कि होटल और आसपास के सीसीटीवी फुटेज या वीडियो हासिल कर आरोपियों की पतासाजी की जाएगी। राजधानी में विकेंड और नाइट पार्टी अब रइसजादों की शौक में शुमार हो चुका है। नशे के बाद देर रात युवक-युवतियों का हुजूम मुख्यमार्ग में मारपीट, लूट, छिनताई को अंजाम दे रहे है। यह कोई पहली घटना नहीं है इससे पहले भी इस तरह वारदात को अंजाम दे चुके है। पुलिस की सख्ती इन नशेडिय़ों पर नहीं हो रही है। वो हर रोज देर रात पार्टी के नाम पर हुड़दंग लीला करने का लाइसेंस किसके ले रहे आज तक अज्ञात है। लेकिन पार्टी देर रात पूरे सबाब पहुंच जाती है। नामी होटलों में पार्टी मनाने के लिए दुर्ग-भिलाई-बिलासपुर-रायगढ़ कोरबा और जगदलपुर में से आकर राजधानी के एकांत वाले होटलों में पार्टी के नाम नंगा नाच का मुजायरा कर रहे है। युवक के पास मिला 100ग्राम अफीम, गिरफ्तार वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रशांत अग्रवाल द्वारा रायपुर पुलिस के समस्त पुलिस राजपत्रित अधिकारियों, थाना प्रभारियों सहित प्रभारी एण्टी क्राईम एवं सायबर यूनिट को नशे का काला कारोबार करने वाले कारोबारियों की पतासाजी कर कार्यवाही करने एवं इस पर प्रभावी रूप से अंकुश लगाने आवश्यक दिशा निर्देश दिये गये है। इसी तारतम्य में 13.नव.2022 को सूचना प्राप्त हुई कि थाना आमानाका क्षेत्रांतर्गत टाटीबंध चौक ट्रांसपोर्ट नगर पास एक व्यक्ति अपने पास मादक पदार्थ रखा है तथा बिक्री करने की फिराक में है। जिस पर वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन व थाना प्रभारी आमानाका के नेतृत्व में थाना आमानाका पुलिस की टीम द्वारा उक्त स्थान पर जाकर मुखबीर द्वारा बताये हुलिये के व्यक्ति को चिन्हांकित कर व्यक्ति से बातचीत करने की कोशिश करने पर वह भागने का प्रयास करने लगा जिसे दौड़ाकर घेराबंदी कर पकड़ा गया। पूछताछ में व्यक्ति ने अपना नाम गुरू साहेब सिंह उर्फ सावी का होना बताया। टीम के सदस्यों द्वारा उसके पैण्ट के जेब की तलाशी लेने जेब में मादक पदार्थ अफीम रखा होना पाया गया। जिस पर आरोपी गुरू साहेब सिंह उर्फ सावी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से लगभग 100 ग्राम अफीम कीमती लगभग 40,000/- रूपये एवं घटना से संबंधित 01 नग मोबाईल फोन जप्त किया जाकर आरोपी के विरूद्ध थाना आमानाका में अपराध क्रमांक 424/22 धारा 18 नारकोटिक्स एक्ट का अपराध पंजीबद्ध कर कार्यवाही की गई।

 
K.W.N.S.-रायपुर। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने भानुप्रपातपुर उपचुनाव को लेकर बताया कि आज प्रदेश चुनाव समिति की बैठक में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की मौजूदगी में जो भी नाम तय होगा, उसे हाईकमान के पास भेज देंगे. कल तक प्रत्याशी के नाम की घोषणा हो जाएगी. 16-17 नवंबर को मुख्यमंत्री की उपस्थिति में नामांकन दाखिल करेंगे. पीसीसी चीफ ने कहा कि पिछले चार उपचुनाव की तरह हम यहां भी हम चुनाव जीतेंगे. कार्यकर्ताओं के माध्यम से हम जनता के बीच जाएंगे. हमें उम्मीद है भानुप्रतापपुर की जनता हमारे प्रत्याशी को जिताएंगी. उन्होंने कहा कि हमारी सरकार लगातार छत्तीसगढ़ के विकास और प्रगति उन्नति के लिए लगी है. विकास के एजेंडे को लेकर जनता के बीच जाएंगे, और हमें सफलता मिलेगी.