Browsing: रायपुर

K.W.N.S.-रायपुर। राशन दुकानों से गरीबों को राशन नहीं मिल पा रहा है। हालात ऐसे हैं कि नए साफ्टवेयर की समस्या से आए दिन विभागीय अमला और राशन दुकान संचालक जूझ रहे हैं। लेकिन इसका स्थायी समाधान नहीं निकल रहा है। इसकी वजह से रोज एक दुकान में दो से तीन लोगों को ही राशन मिल पा रहा है। जबकि एक राशन दुकान में दो हजार से ज्यादा हितग्राहियों की संख्या है। जिसमें से दो से तीन लोगों को ही दिनभर में राशन मिलने की वजह से लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। वहीं, इसकी शिकायत के बाद मामले की जानकारी एनआइसी को तो भेज दी गई है, लेकिन वहां से भी स्थायी समाधान नहीं मिल रहा है। 
ऐसे में त्योहार से पहले गरीबों को राशन मिलने का रास्ता साफ होता नहीं दिखाई दे रहा है। सभी राशन दुकानों में खाद्य विभाग द्वारा एक करोड़ रुपये से ज्यादा की राशि खर्च कर ई-पाश मशीनें बांटी गई है। वहीं, इसमें आए दिन लोगों को सर्वर की समस्या का सामना करना पड़ रहा है। इसकी वजह से राशन दुकानों से राशन नहीं मिल पा रहा है और लोग राशन दुकानों से बेरंग वापस लौट रहे हैं। राशन दुकानों में ई पास मशीनें लगाने के साथ ही ब्लूटूथ की कनेक्टिविटी भी देने का दावा किया गया, ताकि लोगों को आनलाइन रसीद भी दी जा सके। 
लेकिन इसके बावजूद अब तक इन्हें ब्लूटूथ से कनेक्ट नहीं कर पाए हैं। इसकी वजह से लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है और दुकानों में परेशानियां हो रही हैं। प्रदेश के सभी 13,401 शासकीय उचित मूल्य के दुकानों में ई-पॉस मशीन स्थापित सार्वजनिक वितरण प्रणाली एवं सार्वभौम पी.डी.एस के तहत राशन कार्डधारियों को आधार प्रमाणीकरण के द्वारा उचित मूल्य की दुकानों में ई-पॉस मशीन के माध्यम से खाद्यान्न वितरण का कार्य किया जा रहा है। प्रदेश के 33 जिलों की 13401 उचित मूल्य की दुकानों में ई-पॉस मशीन स्थापित कर दिया गया है। इन 13401 उचित मूल्य दुकानों में से 12,554 उचित मूल्य दुकानों में ऑनलाईन आधार प्रमाणीकरण के जरिये तथा शेष 847 उचित मूल्य की दुकानों में ई-पॉस मशीन के माध्यम से ऑफलाईन राशन सामग्री का वितरण किया जा रहा है। 
चालू माह अक्टूबर में 75 प्रतिशत से अधिक गरीब परिवारों को राशन वितरण का कार्य पूर्ण कर लिया गया है। खाद्य विभाग के अधिकारियों ने आज यहां बताया कि राज्य में माह अक्टूबर 2022 में सार्वजनिक वितरण प्रणाली के अंतर्गत 71.74 लाख राशनकार्डधारियों में से 49.48 लाख राशनकार्डधारियों (69 प्रतिशत) के द्वारा उचित मूल्य दुकानों से अभी तक खाद्यान्न का उठाव किया जा चुका है। 75 प्रतिशत अंत्योदय राशनकार्डधारियों, 77 प्रतिशत प्राथमिकता राशनकार्डधारियों तथा 34 प्रतिशत एपीएल राशनकार्डधारियों के द्वारा माह अक्टूबर में खाद्यान्न का उठाव कर लिया गया है। राशनकार्डधारियों को खाद्यान्न वितरण का कार्य नियमित रूप से जारी है। अधिकारियों ने बताया कि राशनकार्डधारी आधार प्रमाणीकरण के द्वारा राज्य में अपनी पसंद की किसी भी उचित मूल्य की दुकान से पोर्टेबिलिटी के माध्यम से खाद्यान्न का उठाव कर सकता है। माह अक्टूबर में अभी तक जिला बालोद, बलौदाबाजार, बलरामपुर, बस्तर, बेमेतरा, गरियाबंद, गौरेला पेण्ड्रा मरवाही, जांजगीर-चांपा, जशपुर, कबीरधाम, कोण्डागांव, कोरिया, मुंगेली, राजनांदगांव तथा सूरजपुर में 70 प्रतिशत से अधिक राशनकार्डधारियों के द्वारा उचित मूल्य दुकानों से खाद्यान्न का उठाव किया जा चुका है। 
प्रतिदिन औसतन 5 लाख राशनकार्डधारियों के द्वारा खाद्यान्न का उठाव किया जा रहा है। अधिकारियों ने बताया कि वर्तमान में सर्वर की गति सामान्य है तथा हितग्राहियों को राशन वितरण का कार्य सुचारू रूप से संचालित हो रहा है। दीपावली त्यौहार से पूर्व अधिकांश राशनकार्डधारियों को खाद्यान्न वितरण का कार्य पूर्ण हो जायेगा। राशनकार्डधारियों को उचित मूल्य दुकानों से खाद्यान्न प्राप्त करने में किसी प्रकार की परेशानी होने की स्थिति में विभाग के टोल फ्री नम्बर 1800-233-3663 तथा 1967 पर अपनी समस्या-शिकायत दर्ज करा सकते हैं।
 

 
 K.W.N.S.-रायपुर। राज्यपाल अनुसुईया उइके आज माना स्थित चौथी बटालियन में आयोजित पुलिस स्मृति दिवस परेड में शामिल हुई और शहीद जवानों को पुष्पचक्र अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। राज्यपाल उइके और गृहमंत्री ताम्रध्वज साहू ने राष्ट्रगान की धुन पर परेड की सलामी भी ली। राज्यपाल अनुसुईया उइके ने पुलिस स्मृति दिवस परेड को संबोधित करते हुए पुलिस के शहीद वीर जवानों को नमन किया। उन्होंने कहा कि स्मृति दिवस अपना कर्तव्य निभाते हुए शहीद पुलिस जवानों के अदम्य साहस और पराक्रम का स्मरण कराता है। राज्यपाल सुश्री उइके ने भगवत गीता में उल्लेखित पुलिस के ध्येय वाक्य परित्राणाय साधुनाम के अर्थ को पुलिस द्वारा सार्थक बनाने की बात कही। उन्होंने कहा कि मुझे गर्व है कि समय के साथ देश ने अपनी सामरिक क्षमता बढ़ाने में अभूतपूर्व सफलता हासिल की है। पुलिस के जवानों को बेहतर प्रशिक्षण और जरूरी सुविधाएं मिलने से उनका मनोबल बढ़ा है। देश की आंतरिक सुरक्षा में तैनात पुलिसकर्मियों ने निरंतर शांति व सौहार्द्र स्थापित करने में अपना योगदान दिया है। हमें ऐसी धारणा नहीं बनानी चाहिए कि पुलिस के जवान केवल आंतरिक क्षेत्रों में ही सेवाएं देंगे, यदि सीमा पर हमें जवानों की आवश्यकता होगी तो वे देश रक्षा के अपने कर्त्तव्य से विमुख नहीं होंगे। राज्यपाल ने कहा कि कोरोना की विपरीत परिस्थितियों में पुलिस के जवानों ने किस प्रकार चौबीस घंटे, सातों दिन लोगों की सेवा की और अपना कर्त्तव्य निभाया। पुलिस की कार्यप्रणाली और दायित्व सबसे अलग है। पुलिस की सजगता व सतर्कता से ही समाज में शांति व सौहार्द्र बना रहता है और लोग चौन से रह पाते हैं। इस अवसर पर उन्होंने लोगों से आग्रह किया कि पुलिस कर्मियों के प्रति अपने व्यवहार में संवेदनशीलता लाएं और मानवीय दृष्टिकोण रखें। उन्होंने कहा कि आपका मृदु व्यवहार उनके तनाव प्रबंधन में एक बड़ी भूमिका निभा सकता है, जो उन्हें अपने दायित्वों को बेहतर ढंग से निभाने की प्रेरणा भी देगा। इस आशय से सांस्कृतिक और शारीरिक गतिविधियों का आयोजन उनकी क्षमता बढ़ाने में सहायक सिद्ध हो सकता है। छत्तीसगढ़ प्रदेश नक्सल समस्या से ग्रसित है। अशांत क्षेत्रों में तैनात हमारे पुलिस के जवानों ने कई मौकों पर अपने साहस का लोहा मनवाया है। उनकी तैनाती ढाल की तरह है, जिससे नक्सल प्रभावित क्षेत्रों के विस्तार में कमी आई है। हमारे जवानों के साहस, पराक्रम और सूझबूझ से नक्सलियों का दायरा सीमित हुआ है और राज्यपाल ने विश्वास जताया कि आने वाले समय में नक्सल समस्या का पूर्ण रूप से उन्मूलन होगा। गृह मंत्री ताम्रध्वज साहू ने पुलिस स्मृति दिवस परेड को संबोधित करते हुए जांबाज अधिकारियों और जवानों की शहादत को स्मरण और नमन किया। उन्होंने कहा कि वीर जवानों ने नक्सली व अन्य घटनाओं में अदम्य साहस और वीरता का परिचय देते हुए अपने प्राणों की आहुति दी है और प्रदेश के नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में तैनात रहकर निरंतर अपने दायित्वों का निर्वहन भी कर रहे हैं। गृहमंत्री श्री साहू ने कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार ने पुलिस बल को सुरक्षा, सम्मान व सुविधाएं देने के लिए अनेक कदम उठाए हैं और शासन की पुनर्वास नीति से प्रभावित होकर माओवादी लगातार आत्मसमर्पण कर रहे हैं। परिणाम स्वरूप नक्सली घटनाओं में कमी आई है। अपने संबोधन के अंत में गृहमंत्री ने शहीद जवानों के परिजनों को भी विश्वास दिलाया कि शासन सदैव उनके साथ खड़ी है। तत्पश्चात् राज्यपाल और गृहमंत्री ने वर्ष 2022 के तीन अमर शहीदों आरक्षक अर्जुन कुड़ियम, सहायक आरक्षक गोपाल कड़ती और प्रधान आरक्षक सालिक राम मरकाम को भी श्रद्धांजलि दी। स्मृति दिवस के अवसर पर पुलिस महानिदेशक श्री अशोक जुनेजा ने श्रद्धांजलि उद्बोधन दिया। शहीद परिजनों से मिले राज्यपाल और गृहमंत्री, संवेदना व्यक्त करते हुए सदैव साथ खड़े रहने का दिलाया विश्वास पुलिस स्मृति दिवस के अवसर पर राज्यपाल अनुसुईया उइके और गृहमंत्री ताम्रध्वज साहू ने शहीद पुलिस अधिकारियों व जवानों के परिजनों से भेंट की और अपनी संवेदना व्यक्त करते हुए सदैव उनके साथ खड़े रहने का विश्वास दिलाया। राज्यपाल ने शॉल और श्रीफल देकर शहीदों के परिजनों का सम्मान भी किया। राज्यपाल सुश्री उइके ने शहीदों के बेटे-बेटियों से मिलकर अभिभावक की तरह उन्हें दुलारा और स्नेह किया तथा आगे बढ़ने की प्रेरणा भी दी।
 

 K.W.N.S.-रायपुर। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की सार्थक पहल से छत्तीसगढ़ के गरीब जनता तक सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं पहुंच रही है। स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार मुख्यमंत्री श्री बघेल की सर्वोच्च प्राथमिकता रही है। यही कारण हैं कि लोगों को रियायती दरों में उच्च गुणवत्ता वाली जेनेरिक दवाइयां उपलब्ध कराने के लिए 20 अक्टूबर 2021 से श्री धन्वंतरी जेनेरिक मेडिकल स्टोर्स योजना शुरू की गई है। योजना के तहत राज्य के समस्त 169 नगरीय निकायों में 192 श्री धनवंतरी मेडिकल स्टोर खोले गये हैं। इसके लिए राज्य के सभी नगरीय निकायों में श्री धनवंतरी जेनेरिक मेडिकल स्टोर योजना के तहत जेनेरिक दवाओं की दुकानों का संचालन किया जा रहा है। इन दुकानों में देश की ख्याति प्राप्त कंपनियों की जेनेरिक दवाईयां 50 से 70 प्रतिशत कम कीमत पर उपलब्ध है। धन्वंतरी दवा दुकानों में सर्दी, खांसी, बुखार, ब्लड प्रेशर, इन्सुलिन के साथ गंभीर बीमारियों की दवा, एंटीबायोटिक, सर्जिकल आईटम भी रियायती मूल्य पर जरूरतमंदों को उपलब्ध कराए जा रहे हैं। अब तक 192 श्री धन्वंतरी जेनेरिक मेडिकल स्टोर से दवाओं की खरीदी पर 29.53 लाख उपभोक्ताओं की 60 करोड़ रूपए से ज्यादा की बचत हुई है। दंतेवाड़ा जिले के ग्राम तुड़पारास निवासी श्री हेमंत कुमार नाग ने बताया कि मेडिकल स्टोर से वे सस्ती दामों पर दवाइयां उपलब्ध हो रही है। पहले बाहर के मेडिकल स्टोर से दवाइयां लेना महंगा पड़ता था। अब किफायती दर पर दवाइयां मिल रही हैं अच्छा इलाज हो रहा है और पैसे की बचत हो रही है। उन्होंने इसके लिए मुख्यमंत्री को धन्यवाद दिया। बारसूर के रहने वाले श्री धनेश पदामी ने राज्य शासन द्वारा चलाई जा रही श्री धन्वंतरी जेनेरिक मेडिकल योजना को बहुत ही अच्छा बताया और कहा कि इससे निम्न वर्ग परिवार भी आसानी से लाभ ले पा रहे हैं। बाराद्वार निवासी श्री श्याम लाल यादव कहते है, अशर्फी देवी हॉस्पिटल में उनके बच्चे का इलाज के दौरान पता चला कि अशर्फी देवी जेनेरिक मेडिकल स्टोर में 70.10 प्रतिशत की छुट के साथ दवाई उपलब्ध है। तब से वो यही से दवाई खरीदते है, यहां दवाइयां अन्य मेडिकल दुकान से सस्ती है। उन्हे तकरीबन 1110 रूपए की मेडिसिन के लिए मात्र 346 रूपए चुकाने पड़े। धरमजयगढ़ निवासी अख्तर हुसैन कहते वो हमेशा जेनेरिक दवाइयां को प्राथमिकता देते है, यह बेहतर होने के साथ सस्ती होती है। चिरमिरी पालिका निगम चिरमिरी स्थित स्टोर में दवाइयां खरीदने आए सपन कमार साहा बताते हैं कि मैं यहां माता-पिता के लिए दवाएं लेने आता हूं पहले मुझे 9 से 10 हजार दवाईयों पर खर्च करने पड़ते थे यहां मुझे उसी फॉर्मूले की असरकारक दवाएं मात्र 4-5 हजार में मिल रहीं हैं। वहीं गोदरीपारा की कलावती ने बताया कि मुझे प्रति सप्ताह बी.पी., शुगर व थाइराईड की 500 रुपए तक की दवा लगती थी, परन्तु मुझे यहां दवाएं 250 रुपए में मिली है, जिससे काफी बचत हो रही है। नगरीय प्रशासन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि रायपुर जिले में 19, गरियाबंद में चार, बलौदाबाजार-भाटापारा में सात, धमतरी में सात, महासमुंद में छह, दुर्ग में 18, बालोद में आठ, बेमेतरा में आठ, राजनांदगांव में पांच, खैरागढ़-छुईखदान-गंडई में तीन, मोहला-मानपुर-अम्बागढ़ में एक, कबीरधाम में छह, बिलासपुर में 10 तथा गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही जिले में दो, धनवंतरी जेनेरिक मेडिकल स्टोर संचालित किए जा रहे है। इसी तरह से मुंगेली में चार, कोरबा में छह, जांजगीर-चांपा में नौ, सक्ती में छह, रायगढ़ में आठ, सारंगढ़-बिलाईगढ़ में पांच, जशपुर में पांच, सरगुजा में चार, बलरामपुर में पांच, सूरजपुर में छह, कोरिया में दो, मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर में पांच, बस्तर में तीन, कोण्डागांव में तीन, नारायणपुर में एक, कांकेर में छह, दंतेवाड़ा में पांच सुकमा में तीन और बीजापुर जिले में दो धनवंतरी जेनेरिक मेडिकल स्टोर संचालित किए जा रहे है। शासकीय चिकित्सकों को अस्पताल में इलाज हेतु आने वाले मरीजों को जेनेरिक दवाई लिखना अनिवार्य किया गया है।
 

 
 

K.W.N.S.-रायपुर। सिलिको मैंगनीज़ के परिवहन के दौरान अफरा-तफरी के मामले का उजागर हुआ है. पुलिस के मुताबिक हीरा फेरो एलॉयस् लिमिटेड उरला के द्वारा यह रिपोर्ट दर्ज कराया गया था कि उनके द्वारा ट्रकों के जरिये सिलिको मैंगनीज़ एवं फेरो मैंगनीज़ एलॉयस् को गाड़ियों के जरिये 08/09 अक्टूबर 2022 की तिथि में नागपुर के बोरखेड़ी के यार्ड में भेजे जाने के दौरान असली माल के जगह पर कुछ मिलावट कर अमानत में खयानत एवं धोखाधड़ी किया गया है। पुलिस थाना उरला में अपराध 492/22 धारा 407 भादवि का अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना के क्रम में वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में एसीसीयू एवं पुलिस थाना उरला की संयुक्त टीम तत्काल नागपुर बोरखेड़ी के लिये रवाना हुई। मौके पर पंद्रह गाड़ियों में दिनॉक 08.10.22 एवं 09.10.22 को भेजे गये माल की एक्सपर्ट टीम के द्वारा पुलिस की मौजूदगी में जॉंच की गई। तब उनमें से दो ट्रकों में ले जाये गये माल में मिलावट पाई गई। लगभग 2400 किलोग्राम सिलिको मैगनीज़ अयस्क के जगह पर बकायदा पॉलिस किये गये पत्थरों की मिलावट की गई थी। संबंधित ट्रकों के ड्रायवरों से गहन पूछताछ पर उन्होनंे दो दलालों के नाम का खुलासा किया। दलालों को पकड़कर पूछताछ की गई, दलालों ने अटारी रायपुर में स्थित यार्ड में माल में मिलावट किये जाने की जानकारी दी। तत्काल पुलिस पार्टी नागपुर के आरोपियों को साथ लेकर रायपुर वापस हुई। आरोपियों के द्वारा बताये अनुसार यार्ड में छापामारी की कार्यवाही की गई। देखा गया कि यार्ड में कुछ असली सिलिको मैंगनीज़ के अलावा अयस्क के आकार-प्रकार एवं नमूने के कुछ पत्थर पॉलिस करने के लिये रखे हुये थे। 
मौके पर से पैकेजिंग मशीन, इलेक्ट्रोनिक तौल मशीन, पेंट करने का सामान आदि बरामद किया गया, साथ ही असली सिलिको मैंगनीज़ के साथ-साथ नकली सिलिको पत्थर बरामद किये गये। यार्ड के मालिक राकेश साहू एवं उसके पार्टनर सुनील बेहरा को गिरफ्तार किया गया साथ ही साथ पॉलिस और पैकेजिंग के एक्सपर्ट बब्बन, संजय वादवानी उर्फ संजू को मौके से गिरफ्तार किया गया। इस तरह सिलिको मैंगनीज पत्थर के सप्लाई के दौरान रास्ते में मिलावट खोरी के पूरे रैकेट को पकड़ने में पुलिस कामयाब रही। संबंधित आरोपियांे को आज दिनॉंक को विधिवत गिरफ्तार कर ज्युडीशियल रिमाण्ड पर भेजा जा रहा है। इस महत्वपूर्ण कार्यवाही में वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में निरीक्षक सुरेश धु्रव थाना प्रभारी उरला, उनि श्रवण मिश्रा, आरक्षक राजेन्द्र तिवारी एवं एसीसीयू रायपुर से आर. विरेन्द्र भार्गव, आर.रवि तिवारी का विशेष योगदान रहा। थाना – उरला जिला – रायपुर (छ.ग.) गिरफ्तार आरोपी व पता:- 01. बब्बन बढ़ई पिता नीलकंठ बढ़ई उम्र 31 साल साकिन सावनगीह थाना दुग्गीपार जिला गोंदिया महाराष्ट्र 02. सुरेश कुमार पाल पिता राज बहादुर पाल उम्र 33 साल साकिन सिधारी पट्टी थाना कन्हऊ हनुमान गंज प्रतापगढ़ उत्तरप्रदेश। 03. संदीप सिंह सैनी पिता बलबीर सिंग सैनी उम्र 34 साल साकिन दीक्षित नगर त्रिभुवन सोसायटी प्लॉट नं 52 थाना कपील नगर नागपुर महाराष्ट्र 04. संजय कुमार पिता देश राज उम्र 22 साल साकिन देवगलपुर थाना मऊआरमा जिला इलाहाबाद उत्तरप्रदेश 05. राकेश साहू पिता बिशाहु राम साहू उम्र 42 साल पता पहाड़ीपारा अम्बेडकर चौक गुढ़ियारी रायपुर 06. सुनील बेहरा पिता स्व0 नरही बेहरा उम्र 31 साल साकिन लक्ष्मी विहार कॉलोनी गोंदवारा थाना खमतराई रायपुर 07. संजय वादवानी पिता ज्ञानचंद वादवानी उम्र 46 तेलीबांधा गली न. 06 थाना तेलीबांधा रायपुर छ.ग.
 

 
 K.W.N.S.-रायपुर। चोरी के माल सहित 3 आरोपी पकड़े गए है. पुलिस के मुताबिक ग्राम पठारीडीह में नल जल योजना के अंतर्गत कन्ट्रक्शन कार्य हेतु कुछ लोहे के प्लेट एवं रॉड रखा हुआ था जिसको कुछ अज्ञात चोरों द्वारा चोरी कर लिया गया था। घटना की रिपोर्ट पर थाना उरला में अप.क्र.496/22 धारा 379 भादवि का अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया। तत्काल उरला पुलिस घटनास्थल रवाना हुई और आस-पास के लोगों से पूछताछ कर घटना के संबंध में जानकारी प्राप्त की गई। मुखबीर सूचना के आधार पर 03 लोगों को थाना लाया गया। जिससे गहन पूछताछ पर अपराध का कारित करना स्वीकार किया है तथा चोरी हुये माल को बरामद किया गया है। आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर आज दिनॉंक को ज्युडीशियल रिमाण्ड पर भेजा जा रहा है। गिरफ्तार आरोपी व पताः- 01.लुकेश निषाद पिता चेताराम निषाद उम्र 20 साल साकिन पठारीडीह थाना उरला जिला रायपुर 02.अजय सतनामी पिता संतराम सतनामी उम्र 22 साल साकिन पुराना पठारीडीह थाना उरला जिला रायपुर 03.नागेश निषाद पिता बलदाऊ निषाद उम्र 19 साल साकिन पठारीडीह थाना उरला जिला रायपुर
 

K.W.N.S.-दुर्ग। दुर्ग जिले में लूट के दौरान दुकान संचालक की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां पर ज्वेलरी दुकान के अंदर दो युवक घुसे और संचालक पर धारदार हथियार से ताबड़तोड़ वार कर सोने चांदी के ज्वेलरी लूटकर फरार हो गए। घटना के बाद घायल अवस्था में दुकान के संचालक को अस्पताल में भर्ती कराया गया। यहां पर उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई है। वहीं इस घटना के बाद दोनों आरोपी फरार है जिसकी तलाश पुलिस कर रही है। जानकारी के मुताबिक, घटना दुर्ग अमलेश्वर थाना क्षेत्र के तिरंगा चौक स्थित सम्रद्धि ज्वेलर्स की है। आज दोपहर करीब 1 बजे दो युवक दुकान में घुसे और अपने पास रखे धारदार हथियार से संचालक सुरेंद्र कुमार सोनी पर ताबड़तोड़ वार करने लगे। कुछ समझ पाते इससे पहले ही संचालन सुरेंद्र कुमार सोनी खून से लथपथ हालात में जमीन पर गिर पड़े, जिसके बाद दोनों आरोपी दुकान में रखे सोने चांदी की ज्वेलरी लूटकर फरार हो गए। इधर घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के दुकानदारों ने सुरेंद्र को अस्पताल में भर्ती कराया गया। यहां पर उपचार के दौरान मेडिकल कॉलेज रायपुर में सुरेंद्र की मौत हो गई। घटना की सूचना के बाद पुलिस के आला अधिकारी मौके पर पहुंचे हुए हैं। फिलहाल दोनों आरोपी फरार है, जिनका अबतक के कोई सुराग नहीं मिल पाया है।
 

 
  K.W.N.S.-रायपुर। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने आज दुर्ग जिले के पाटन विकासखण्ड के ग्राम गुढ़ियारी पहुंचकर स्वर्गीय श्री महेश्वर गोस्वामी को श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने स्वर्गीय श्री गोस्वामी के परिजनों से मिलकर शोक संतप्त परिवारजनों को ढांढस बंधाया।
 

K.W.N.S.-रायपुर। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल शिवरीनारायण रेस्ट हाउस में पत्रकार वार्ता को सम्बोधित कर रहे हैं। मुख्यमंत्री के साथ श्री राम सुंदर दास, शाकम्भरी बोर्ड के अध्यक्ष रामकुमार पटेल, माटी कला बोर्ड की सदस्य पुनिता कुम्भकार उपस्थित हैं। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने जिले के सभी पत्रकारों को दीपावली की अग्रिम बधाई देकर पत्रकारवार्ता का से शुभारंभ किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि भेंट मुलाकात अभियान के दौरान कल मैंने पामगढ़ विधानसभा क्षेत्र के ग्राम कोनारगढ़, ग्राम केरा और शिवरीनारायण नगर में लोगों से भेंट मुलाकात की। शिवरीनारायण में कल मैं महानदी की गंगा आरती में भी शामिल हुआ। महानदी के तट पर भगवान श्रीराम की सुंदर और भव्य प्रतिमा के अनावरण भी कल मैंने किया। शिवरीनारायण छत्तीसगढ़ का महत्वपूर्ण तीर्थ है। इसे इसके गौरव और गरिमा के अनुरूप विकसित करने का काम हम कर रहे हैं। भगवान श्रीराम ने अपने वनवास काल में छत्तीसगढ़ के जिन स्थानों पर प्रवास किया, अथवा वहां से होकर गुजरे, ऐसे स्थलों को चिन्हित करके राम वन गमन पर्यटन परिपथ परियोजना के तहत हम उन्हें पर्यटन तीर्थ के रूप में विकसित कर रहे हैं। प्रेस वार्ता में मुख्यमंत्री बघेल ने बताया कि राम वन गमन पर्यटन परिपथ परियोजना के तहत पहले चरण में कोरिया से लेकर सुकमा तक 9 स्थलों का चयन किया गया था। इनमें से शिविरीनारायण और चंदखुरी में शुरुआती चरण के काम पूरे हो चुके हैं। शेष 07 स्थलों का विकास भी तेजी से किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जैसा कि आप लोगों को मालूम है कि मैं हर विधानसभा क्षेत्र में पहुंचकर लोगों से शासन की योजनाओं और नीतियों सीधे फीडबैक ले रहा हूं। कल मैं पामगढ़ विधानसभा क्षेत्र में जहां भी गया, लोगों ने बहुत उत्साह के साथ मेरा स्वागत किया। 
लोगों का यह उत्साह देखकर मुझे संतुष्टि होती है। प्रेस वार्ता में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि सभी की आय बढ़े, सभी की समृद्धि बढ़े और सभी जगह पर सुख-शांति हो, हमने इसी लक्ष्य लेकर अपनी योजनाएं बनाई और उनका क्रियान्वयन कर रहे हैं। हमारी आर्थिक नीतियों का लाभ हर वर्ग के लोगों को मिल रहा है। कोरोना संकट के दौरान भी हमारी दीवाली फीकी नहीं हुई। हम डायरेक्ट बेनीफिट स्कीमों का लाभ सभी को मिला है। तीन दिन पहले ही राजीव गांधी किसान न्याय योजना, गोधन न्याय योजना, राजीव गांधी ग्रामीण कृषि मजदूर न्याय योजना के अंतर्गत लगभग 1900 करोड़ रुपए का अंतरण हितग्राहियों के बैंक खातों में सीधे किया गया है। 01 नवंबर से प्रदेश में धान खरीदी शुरु हो जाएगी। इस साल 1 करोड़ मिट्रिक टन से अधिक धान खरीदने की तैयारी हमने की है। पिछली बार हमने 98 लाख मिट्रिक टन धान की खरीदी की थी, जो अपने आप में रिकार्ड है। डायरेक्ट बेनीफिट स्कीमों के माध्यमों से अभी तक हम डेढ़ लाख करोड़ रुपए से अधिक राशि लोगों की जेबों में सीधे पहुंचा चुके हैं। बिजली बिल हॉफ योजना के अंतर्गत 42 लाख घरेलू उपभोक्ताओं को अब तक 2500 करोड़ रुपए की राहत दी जा चुकी है। हमने अपनी योजनाओं का लगातार विस्तार किया है, इससे हितग्राहियों की संख्या लगातार बढ़ी है। राजीव गांधी किसान न्याय योजना का लाभ अब खरीफ की सभी फसलों, उद्यानिकी फसलों और वृक्षारोपण करने वाले किसानों को भी मिल रहा है। दलहन फसलों को प्रोत्साहित करते हुए अब मूंग, उड़द, अरहर की भी समर्थन मूल्य पर खरीदी की व्यवस्था की जा रही है।
 

 
 K.W.N.S.-रायपुर। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने छत्तीसगढ़ में श्रमिक आंदोलन के सूत्रधार और सहकारिता आंदोलन के प्रणेता ठाकुर प्यारेलाल सिंह की 20 अक्टूबर को पुण्यतिथि पर उन्हें नमन किया है। बघेल ने ठाकुर प्यारेलाल सिंह के योगदान को याद करते हुए कहा है कि स्वतंत्रता संग्राम के दौरान जनजागरण में उनका महत्वपूर्ण योगदान रहा है। उन्होंने छात्रों को संगठित कर राष्ट्रीय आंदोलन में भागीदारी के लिए प्रेरित किया। शोषण और अत्याचार के विरोध के लिए भी वे सक्रिय रहे। राजनांदगांव के मिल मजदूरों के लिए उन्होंने संघर्ष किया और उनका हक दिलाया। उनकेे नेतृत्व में छत्तीसगढ़ के बुनकर संगठित हुए और छत्तीसगढ़ बुनकर संघ की स्थापना हुई । श्री बघेल ने कहा ठाकुर प्यारेलाल जी के जीवन और विचार मूल्य हमेशा हमें प्रेरणा देते रहेंगे।
 

 
K.W.N.S.-रायपुर। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की तरफ से राज्य सरकार के सलाहकार गौरव द्विवेदी ने सुप्रसिद्ध अभिनेता अमिताभ बच्चन को रायपुर आने का न्यौता दिया है। श्री द्विवेदी ने आज मुंबई में सिने अभिनेता श्री बच्चन से सौजन्य मुलाकात की। उन्होंने श्री बच्चन को छत्तीसगढ़ का राजकीय गमछा पहनाया और यहां की फिल्म नीति पर चर्चा की। श्री द्विवेदी ने उन्हें मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल के नेतृत्व में राज्य शासन द्वारा संचालित की जा रही विभिन्न जनोन्मुखी योजनाओं के बारे में भी जानकारी दी।