Browsing: रायपुर

K.W.N.S.-रायपुर। नगदी रकम और सोने के जेवरातों को दोगुना करने का झांसा देकर देश भर में करोड़ों रूपये की ठगी करने वाले महिला सहित 2 अंतर्राज्यीय आरोपी को गिरफ्तार किया गया है. पुलिस के मुताबिक़ प्रार्थिया रेखा साहू ने थाना पुरानी बस्ती में रिपोर्ट दर्ज कराया कि वह मलसाय तालाब के पास राम जानकी भवन कुशालपुर में रहती है। प्रार्थिया माह फरवरी 2022 में बलौदाबाजार मंे निवासरत् अपने परिवार के सदस्यों के साथ उज्जैन स्थित महाकालेश्वर मंदिर दर्शन के लिये गई थी। इसी दौरान प्रार्थिया के पहचान आशुतोष नामक सन्यासी से हुई जिसने अपने साथी आरती पाटिल से प्रार्थिया एवं उसके पारिवारिक सदस्यों की मुलाकात कराई तथा बताया कि आरती पाटिल हस्तरेखा देखकर भविष्य बताती है। 
दर्शन के दौरान प्रार्थिया एवं उसके पारिवारिक सदस्य सन्यासी आशुतोष एवं आरती पाटिल के साथ रहे एवं अपना-अपना मोबाईल नम्बर उन्हें दिये। दर्शन से वापस आने के पश्चात् भी प्रार्थिया एवं उसके परिवार के सदस्यों की बातचीत सन्यासी आशुतोष एवं आरती पाटिल से होती रही, इसी दौरान माह जून 2022 से दिनांक 21.09.2022 के मध्य प्रार्थिया तथा उसके परिवार के सदस्यों को परिवार में भूत-प्रेत होने का डर दिखाकर तथा सोने चांदी के जेवरातों तथा नगदी रकम को दोगुना करने का प्रलोभन देकर अपराधिक षड़यंत्र करते हुए प्रार्थिया एवं उसके परिवारिक सदस्यों से अलग-अलग तिथियों में 67 तोला सोने के जेवरात कीमती 33,50,000/- रुपये तथा नगदी रकम 42,00,000/- रूपये जुमला कीमती 75,50,000/- रूपये प्राप्त कर प्रार्थिया एवं उसके परिवार के सदस्यों से ठगी कर फरार हो गये। जिस पर आरापियों के विरूद्ध थाना पुरानी बस्ती में अपराध क्रमांक 416/22 धारा 420, 120बी भादवि. का अपराध पंजीबद्ध किया गया। लाखों रूपये ठगी की उक्त घटना को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रशांत अग्रवाल द्वारा गंभीरता से लेते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर/अपराध अभिषेक माहेश्वरी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पश्चिम देवचरण पटेल, नगर पुलिस अधीक्षक पुरानी बस्ती राजेश चैधरी, प्रभारी एण्टी क्राईम एण्ड साईबर यूनिट तथा थाना प्रभारी पुरानी बस्ती को आरोपियों की पतासाजी कर जल्द से जल्द गिरफ्तार करने हेतु निर्देशित किया गया। 
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में एण्टी क्राईम एण्ड साईबर यूनिट तथा थाना पुरानी बस्ती पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा घटना के संबंध में प्रार्थिया सहित उसके परिवार के अन्य सदस्यों से विस्तृत पूछताछ करते हुए आरोपियों की पतासाजी करना प्रारंभ किया गया। टीम के सदस्यों द्वारा तकनीकी विशलेषण के माध्यम से भी आरोपियों की पतासाजी कर उन्हें लोकेट करने के प्रयास किये जा रहे थे। इसी दौरान आरोपियों की उपस्थिति महाराष्ट्र के अकोला में होना पाये जाने से एण्टी क्राईम एण्ड साईबर यूनिट के उपनिरीक्षक सिकंदर कुर्रे के नेतृत्व में 05 सदस्यीय टीम को अकोला (महाराष्ट्र) रवाना किया गया तथा आरोपियों की पतासाजी करते हुए दोनों को पकड़ा गया तथा पूछताछ हेतु रायपुर लाया गया। पूछताछ में आरोपियों द्वारा प्रार्थियों से ठगी की उक्त घटना को कारित करना स्वीकार किया गया।
 इसके अलावा आरोपियों द्वारा लोगों को अपने झांसे में लेकर भूत प्रेत का डर बताकर पूजा पाठ कराने तथा रूपये तथा सोने के जेवरातों को दोगुना करने का प्रलोभन देकर हिमांचल प्रदेश, उत्तराखण्ड, पंजाब, राजस्थान एवं मध्य प्रदेश सहित देश भर में घुम-घुम कर लगभग दो दर्जन से अधिक लोगों को अपना शिकार बनाते हुए करोड़ों रूपयों की ठगी की घटना को अंजाम दिया गया है। आरोपियों के संबंध में उक्त राज्यों के संबंधित थानों में भी जानकारी साझा की जा रही है। आरोपियों को दिनांक 30.09.2022 को गिरफ्तार कर उनका 04 दिवस का पुलिस रिमाण्ड लिया जाकर अग्रिम कार्यवाही की जा रही है। आरोपियान स्वयं की पहचान छिपाने के उद्देश्य से लोगों को अपना अलग-अलग नाम बताते थे तथा इनके द्वारा अलग-अलग नाम से फर्जी आधार कार्ड भी बनवाया गया है। गिरफ्तार आरोपी 01.सुषमा प्रभाकर पाटिल पति प्रभाकर पाटिल उम्र 48 साल निवासी शिव शक्ति नगर थाना जामनेर जिला जलगांव महाराष्ट्र। 02. अशोक नाथूलाल भोलावत उर्फ बाबा पिता नाथूलाल भोलावत उम्र 54 वर्ष निवासी 17/383 गुजरात हाऊसिंग बोर्ड बाॅम्बे मार्केट थाना वराछ रोड जिला सूरत गुजरात।
 

 
K.W.N.S.-रायपुर। ऑटो चालक की हत्या का खुलासा पुलिस ने किया। जानकारी के मुताबिक प्रार्थी मनीष यादव ने थाना डी.डी. नगर में रिपोर्ट दर्ज कराया कि वह भैंसथान सरोना में अपने परिवार एवं बड़े भाई चंदन यादव के साथ रहता है। प्रार्थी का बड़ा भाई आटो चलाने का काम करता था। प्रार्थी का बड़ा भाई दिनांक 24.09.2022 के प्रातः करीबन 07.00 बजे अपनी आटो को लेकर घर से निकला था, जो देर रात तक घर नही आया था। प्रार्थी को दिनांक 25.09.2022 को पता चला कि जगुवार शो रूम के पीछे सरोना में एक व्यक्ति का शव पड़ा है। प्रार्थी जगुवार शो रूम के पीछे जाकर देखा तो रोड के किनारे एक शव पड़ा था, शव के गला से सिर व चेहरा का चमड़ी छिला हुआ तथा सिर के बाये तरफ किसी ठोस चीज से मारने का गहरा निशान होने के साथ ही मुंह का दांत एवं जबड़ा दिखाई दे रहा था तथा थोड़ी दूर में ही प्रार्थी के भाई का आटो भी खड़ा था। प्रार्थी द्वारा शव के पहने हुए कपड़े एवं दाहिने हाथ में बने टैटू को देखकर शव की पहचान अपने भाई चंदन यादव के रूप में किया गया।
 किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा प्रार्थी के भाई चंदन यादव की हत्या कर पहचान छिपाने के उद्देश्य से उसके सिर व चेहरा की चमड़ी को छिल दिया था। जिस पर अज्ञात आरोपी के विरूद्ध थाना डी.डी. नगर में अपराध क्रमांक 473/22 धारा 302, 201 भादवि. का अपराध पंजीबद्ध किया गया। हत्या की उक्त घटना को गंभीरता से लेते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रशांत अग्रवाल द्वारा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर/अपराध अभिषेक माहेश्वरी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पश्चिम देव चरण पटेल, नगर पुलिस अधीक्षक आजाद चैक उदयन बेहार, प्रभारी एण्टी क्राईम एण्ड साईबर यूनिट तथा थाना प्रभारी डी.डी.नगर को अज्ञात आरोपी की पतासाजी कर जल्द से जल्द गिरफ्तार करने हेतु निर्देशित किया गया। 
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में एण्टी क्राईम एण्ड साईबर यूनिट तथा थाना डी.डी.नगर पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा घटनास्थल का बारिकी से निरीक्षण कर हत्या के सब पहलुओं को ध्यान में रखते हुए घटना के संबंध में प्रार्थी सहित आस-पास के लोगों से विस्तृत पूछताछ कर अज्ञात आरोपी की पतासाजी करना प्रारंभ किया गया। टीम के सदस्यों द्वारा घटना स्थल व उसके आस-पास लगे सी.सी.टी.व्ही. कैमरों के फुटेजों का अवलोकन करते हुए अज्ञात आरोपी की पतासाजी हेतु प्रकरण में मुखबीर भी लगाये गए। टीम के सदस्यों द्वारा तकनीकी विश्लेषण के माध्यम से भी अज्ञात आरोपी की पहचान सुनिश्चित करने के प्रयास किये जा रहे थे। इसी दौरान टीम के सदस्यों को जानकारी प्राप्त हुई कि मृतक चंदन के साथ अंतिम बार डी.डी. नगर सरोना निवासी आकाश सिंह उर्फ रामू एवं दीनानाथ यादव उर्फ दीना को एक साथ देखा गया था। जिस पर टीम के सदस्यों द्वारा आकाश सिंह उर्फ रामू एवं दीनानाथ यादव उर्फ दीना की पतासाजी करना प्रारंभ किया गया। पतासाजी के दौरान दीनानाथ उर्फ दीना के संबंध में जानकारी प्राप्त हुई की वह कहीं अन्यत्र चला गया है तथा आकाश सिंह उर्फ रामू की पतासाजी कर पकड़ा गया। 
टीम के सदस्यों द्वारा घटना के संबंध में आकाश सिंह उर्फ रामू से पूछताछ करने पर उसके द्वारा किसी भी प्रकार से अपराध में अपनी संलिप्तता नही होना बताते हुए टीम को लगातार गुमराह करने का प्रयास किया जा रहा था कि प्राप्त साक्ष्यों के आधार पर कड़ाई से पूछताछ करने पर आकाश सिंह उर्फ रामू अपने झूठ के सामने टिक न सका और अंततः अपने साथी दीनानाथ उर्फ दीना के साथ मिलकर चंदन यादव की हत्या करना स्वीकार किया गया। पूछताछ में आरोपी आकाश सिंह उर्फ रामू ने बताया कि मृतक चंदन यादव उसकी मां के साथ अवैध संबंध बनाने की कोशिश कर रहा था, जिससे क्षुब्ध होकर आकाश सिंह उर्फ रामू ने अपने साथी दीनानाथ उर्फ दीना के साथ मिलकर चंदन यादव की हत्या करने की योजना बना डाली। योजना के अनुसार दिनांक घटना को दोनों ने मोबाईल फोन से चंदन यादव को फोन कर घटना स्थल पास बुलाया जिस पर चंदन यादव अपने आटो से वहां पहुंचा। तीनों आटो में बैठकर शराब पिये इसी दौरान चंदन को नशा होने पर आरोपियान आटो में रखे टूल किट से चंदन यादव के सिर पर वार कर हमला किये जिससे उसकी मृत्यु हो गई तथा शव की पहचान छिपाने व अपना बचाव करने के उद्देश्य से मृतक चंदन यादव के सिर एवं चेहरे की चमड़ी को धारदार चापड़ से छील कर अलग कर दियें तथा मृतक के शव को वहीं छोड़कर आटो को कुछ दूरी में खड़ा कर फरार हो गये।
 टीम के सदस्यों को आरोपी दीनानाथ उर्फ दीना के संबंध में जानकारी प्राप्त हुई कि वह बिहार में जाकर छिपा हुआ है। जिस पर टीम के सदस्यों द्वारा दीनानाथ उर्फ दीना को भी पकड़ा गया। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से घटना में प्रयुक्त टूल किट एवं घटना के दौरान पहने हुए कपड़े तथा मृतक का आटो जप्त कर आरोपियों के विरूद्ध कार्यवाही की गई। गिरफ्तार आरोपी 01. आकाश सिंह उर्फ रामू पिता राजकुमार उम्र 22 साल निवासी सरोना थाना डी.डी. नगर रायपुर। 02. दीनानाथ यादव उर्फ दीना पिता नंदकिशोर यादव उम्र 40 साल निवासी ग्राम कलवा चैक, गुलरिया थाना टाउन जिला जहानाबाद बिहार, हाल पता जगुवार शो रूम के पास सरोना थाना डी.डी. नगर रायपुर।
 

 
K.W.N.S.- रायपुर/दिल्ली। भारत में आपातकाल के दौरान MISA के तहत गिरफ्तार किए गए राजनीतिक कार्यकर्ताओं को मीसाबंदी सम्मान निधि दिए जाने पर सुप्रीम कोर्ट ने रोक लगा दी है. छत्तीसगढ़ सरकार ने सुप्रीम कोर्ट में मीसाबंदी सम्मान निधि पर रोक लगाने की मांग की थी. छत्तीसगढ़ में कांग्रेस पार्टी की भूपेश बघेल सरकार बनने के बाद वर्ष 2019 में नोटिफिकेशन जारी कर मीसाबंदियों की सम्मान निधि रोक दी गई थी. इस फैसले के खिलाफ मीसाबंदियों ने छत्तीसगढ़ हाई कोर्ट में अलग-अलग 40 याचिकाएं दायर की थीं. याचिकाकर्ताओं ने भरण पोषण की समस्या का हवाला देते हुए सम्मान निधि को नियमित रखने का निवेदन किया था. हाई कोर्ट की सिंगल बेंच ने याचिकाकर्ताओं के पक्ष में फैसला सुनाते हुए सरकार को आदेश दिया था कि वह मीसाबंदी सम्मान निधि का भुगतान जारी रखे. भूपेश बघेल सरकार ने इस आदेश को चुनौती देते हुए छत्तीसगढ़ हाई कोर्ट की खंडपीठ के समक्ष याचिका दायर की. चीफ जस्टिस अरूप कुमार गोस्वामी और जस्टिस एनके व्यास की खंड पीठ ने छत्तीसगढ़ सरकार की अपील खारिज करते हुए सिंगल बेंच के फैसले को बरकरार रखा था. इसके बाद छत्तीसगढ़ सरकार ने हाई कोर्ट के फैसले को चुनौती देते हुए सुप्रीम कोर्ट में अर्जी लगाई. सुप्रीम कोर्ट ने छत्तीसगढ़ सरकार का पक्ष सुनने के बाद मीसाबंदी सम्मान निधि के भुगतान पर रोक लगा दी है. दरअसल छत्तीसगढ़ में मीसाबंदी सम्मान निधि के तौर पर हजारों लोगों को ₹25000 महीने मासिक पेंशन दी जाती थी.
 

 
K.W.N.S.- रायपुर। रोड सेफ्टी वर्ल्ड सीरीज 2022 का विजेता कौन होगा, इसका फैसला आज हो जाएगा. खिताबी मुकाबला इंडिया लीजेंड्स और श्रीलंका लीजेंड्स के बीच आज रायपुर के शहीद वीरनारायण सिंह इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा. बतौर कप्तान सचिन तेंदुलकर और तिलकरत्ने दिलशान आमने सामने होंगे. कप्तान के रूप में सचिन और दिलशान आमने सामने हैं, लेकिन ये मैच सचिन बनाम जयसूर्या का है. रोड सेफ्टी वर्ल्ड सीरीज का फाइनल मैच कलर्स सिनेप्लेक्स चैनल पर लाइव प्रसारित होगा. सचिन तेंदुलकर, सुरेश रैना, इरफ़ान पठान, यूसुफ़ पठान, युवराज सिंह जैसे स्टार प्लेयर्स इंडिया लीजेंड्स टीम में शामिल हैं, जिनका प्रदर्शन शानदार रहा है. वहीं श्रीलंका लीजेंड्स में कप्तान दिलशान, सनाथ जयसूर्या आदि विस्फोटक बल्लेबाज हैं. इसके अलावा कुलसेकरा की गेंदबाजी बड़ा चैलेंज होगी, कुलसेकरा ही सेमीफाइनल में जीत के हीरो रहे थे। 
 

K.W.N.S.-रायपुर। प्रदेश भाजपा में हो रहे बदलाव के बीच खबर आ रही है कि भाजपा के आधे के ज्यादा जिलाध्यक्ष बदले जाएंगे। मोर्चा और प्रकोष्ठ में भी नई नियुक्तियां होंगी। अनुभवी और नए चेहरों को टीम में जगह मिलेगी। कहा जा रहा है कि अजय जामवाल के लौटते ही प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। वहीं बता दें कि अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव के मद्देनजर भारतीय जनता पार्टी मैं बैठकों का दौर लगातार जारी है। हाल ही में नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष अरुण साव और नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल के दौरे के बाद नवनियुक्त बस्तर संभाग प्रभारी संतोष पांडे संभाग के दौरे में पहुंचे हुए हैं। बस्तर संभाग प्रभारी संतोष पांडे ने जगदलपुर स्थित भाजपा कार्यालय में पत्रकारों से चर्चा करते हुए बताया कि बस्तर संभाग के 7 जिलों एवं 12 विधानसभाओं का दौरा उनके द्वारा किया जाएगा। अपने तयशुदा दौरे में भाजपा संभाग प्रभारी बस्तर संभाग के 7 जिलों में भाजपा के जिला पदाधिकारियों की बैठक लेने के साथ ही कार्यकर्ताओं से मुलाकात करेंगे। पत्रकारों से चर्चा करते हुए संतोष पांडे ने कहा भाजपा चुनावी मोड पर आ गई है, प्रदेश अध्यक्ष के दौरे के बाद संभाग प्रभारी का दौरा बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है ।

K.W.N.S.-रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजनीति से जुड़ी बड़ी खबर सामने आ रही है। पूर्व सीएम डॉ रमन सिंह को भाजपा के शीर्ष नेताओं ने दिल्ली तलब कर लिया है। जहां वो पार्टी के आला नेताओं से मुलाकात करेंगे। बता दें कि भाजपा में लगातार हो रहे बदलाव के बीच रमन सिंह का ये दिल्ली दौरा काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। खबरें ये भी आ रहीं हैं कि रमन सिंह को राज्यपाल बनाया जा सकता है। इन्हीं सभी खबरों के बीच रमन सिंह आज सुबह ही दिल्ली के लिए रवाना हो गए हैं।
 

K.W.N.S.-रायपुर। कांग्रेस राष्ट्रीय अध्यक्ष चुनाव पर मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि सभी के मन में कौतूहल है कि केंद्रीय नेतृत्व कौन बनेगा. भारतीय जनता पार्टी में कौन अध्यक्ष बनकर आ जाए, ये जानकारी भी नहीं मिलती है. मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने मीडिया से चर्चा में कहा कि कांग्रेस में बहुत ही लोकतांत्रिक ढंग से चुनाव होते हैं।  
आज नामांकन की आखिरी तिथि है. शाम तक स्थिति स्पष्ट हो जाएगी, फिर स्क्रूटनी होगी, और फाइनल नाम सामने आ जाएगा. बता दें कि कांग्रेस अध्यक्ष पद के चुनाव के लिए आज नामांकन की आखिरी तारीख है. मल्लिकार्जुन खड़गे और शशि थरूर ने कांग्रेस अध्यक्ष पद के लिए पर्चा भरा. इन दोनों नेताओं के अलावा झारखंड के कांग्रेस नेता केएन त्रिपाठी ने भी नामांकन दाखिल किया। 
इससे पहले दिग्विजय सिंह ने ऐलान कर दिया कि वे अध्यक्ष पद का चुनाव नहीं लड़ेंगे. दिग्विजय सिंह ने ये ऐलान अध्यक्ष पद की रेस में मल्लिकार्जुन खड़गे के शामिल होने के बाद किया. अब कांग्रेस अध्यक्ष पद के चुनाव में मुकाबला मल्लिकार्जुन खड़गे, कांग्रेस सांसद शशि थरूर और केएन त्रिपाठी के बीच रह गया है. नामांकन वापसी की आखिरी तारीख 8 अक्टूबर है। 
 
 
 
 
 

K.W.N.S.-रायपुर। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल कार्यक्रम के लिए पंडरिया विधानसभा के ग्राम इन्दौरी के भेंट-मुलाकात स्थल पहुंचे है। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस साल एक नवम्बर से धान खरीदी शुरू की जायेगी। उन्होंने कहा कि हमने बच्चों की पढ़ाई के लिए स्वामी आत्मानंद शासकीय अंग्रेजी माध्यम स्कूल खोले हैं। उन्होंने वहाँ मिलने आई छात्रा रिंकी तिवारी से छत्तीसगढ़ी में सवाल किया, जिसका जवाब रिंकी ने छत्तीसगढ़ी और इंग्लिश में दिया। संतोष यादव, बरबसपुर ने बताया की उसने 90 हजार का गोबर बेचा है। इस पैसे से 02 बकरी खरीदी थी जिनकी संख्या अब 18 हो गई है। 04 बकरा 31 हजार रुपया का बेचा है, फिर से गोबर बेचकर 75 हजार का मोटर साइकल खरीदा। फूलबाई पटेल, सोहागपुर ने बताया कि हमने 01 लाख का वर्मी कम्पोस्ट बेचा है, तालाब में मछली पालन करती हूं अब तक 25 हजार रुपए की मछली बेची है। उसके समूह में समूह में 10 सदस्य है। ग्राम इंदौरी के ग्रामीण ने बताया मुख्यमंत्री हाट बाजार क्लीनिक योजना से नि:शुल्क स्वास्थय सुविधा का लाभ मिल रहा है। ग्राम मिरमिट्टी की गोमती ने बताया कि उनका बच्चा राम योगी काफी कमजोर था। जिन्हे मुख्यमंत्री सुपोषण योजना का लाभ मिला । मुख्यमंत्री ने बच्चे से भी बात चीत कर उसका हाल जाना । 
ग्राम गोरखपुर निवासी विजय निर्मलकर ने बताया कि उनकी 5 एकड़ की जमीन है, 01 लाख ऋण माफ हुआ है, राजीव गांधी किसान न्याय योजना के तहत उन्हें दो किस्त भी मिला है। मुख्यमंत्री के पूछने पर किसान विजय ने बताया कि सरकार द्वारा दिए गए पैसे से घर बनाए हैं, बच्चे को जगदलपुर इंजीनियरिंग कॉलेज में पढ़ा रहे हैं। मुख्यमंत्री द्वारा राशन कार्ड के बारे में पूछे जाने पर ग्राम केसली की नर्मदा साहू ने बताया कि राशन कार्ड बना है, 35 किलो राशन मिल रहा है, मुझे नमक एक पैकेट, शक्कर एक किलो 20 रुपए किलो और मिट्टी तेल 85 रुपए लीटर में मिलता है। मुख्यमंत्री ने 20 रुपए किलो में शक्कर मिलने की बात पता चलते ही जानकारी को गंभीरता से लेते हुए जांच कराने की बात कही। ग्राम धरमपुरा के ग्रामीण ने बताया कि राजीव गांधी भूमिहीन मजदूर कृषि न्याय योजना के तहत दो किस्त मिला है, ग्रामीण ने इस योजना के संचालन के लिए मुख्यमंत्री को धन्यवाद भी दिया। ग्राम सोहागपुर के नारायण यादव ने बताया की एक लाख 30 हजार का गोबर बेचा है। बच्चो को पढ़ा लिखा रहा हूं, मुख्यमंत्री ने नारायण की सराहना की।
 

K.W.N.S.-रायपुर। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल भेंट-मुलाकात कार्यक्रम के लिए पंडरिया विधानसभा के ग्राम इन्दौरी में पहुंचे है। आपको बता दें कि मुख्यमंत्री बघेल आम जनता से योजनाओं का फीडबैक लेने के साथ ही दौरा कार्यक्रम के दौरान विधानसभाओं में स्थित स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम स्कूल, शासकीय प्राथमिक शालाओं, आंगनबाड़ियों, तहसील कार्यालय, स्वास्थ्य केंद्रों, राशन दुकानों एवं अन्य सरकारी कार्यालयों का भी निरीक्षण कर वहां पर व्यवस्था की जानकारी ले रहे हैं। इस दौरान मुख्यमंत्री बघेल आवश्यक सुधार के निर्देश एवं आवश्यक कार्रवाई भी कर रहे हैं। स्कूलों में बच्चों से भेंट-मुलाकात कर उनके द्वारा बच्चों से बातचीत कर स्कूल में अध्यापन एवं अन्य व्यवस्थाओं की जानकारी भी ली जा रही है। भेंट-मुलाकात कार्यक्रम को लेकर प्रदेश की जनता भी उत्साह में है एक ओर उन्हें अपने मुख्यमंत्री से सीधे संवाद का मौका मिल रहा है। वहीं दूसरी ओर मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की तत्काल निराकरण की पहल से भेंट-मुलाकात कार्यक्रम के प्रति जनता का विश्वास और उत्साह दुगुना हुआ है।
 

K.W.N.S.-रायपुर। स्वछता पखवाड़ा 2022 अभियान का आयोजन भारतीय रेलवे में दिनांक 16.09.2022 से 02.10.2022 तक किया जा रहा है। इस अभियान के सहभागिता बनकर दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे महिला कल्याण संगठन (सेक्रों), रायपुर मंडल के द्वारा दिनांक 28.09.2022 (बुधवार) को मार्केट एरिया, डबल्यू.आर.एस. कॉलोनी, रायपुर में कॉटन थैली एवं डस्टबिन का वितरण किया गया एवं प्लास्टिक थैली उपयोग के हानिकारक परिणाम, प्लास्टिक को ना कहने और कॉटन थैली के उपयोग करने का संदेश दिया। साथ ही इस अवसर पर मार्केट एरिया, डबल्यू.आर.एस.कॉलोनी, रायपुर में स्वछता का संदेश देते हुए सफाई कार्यक्रम का भी आयोजन किया गया। जिसमे रेलवे अधिकारियों एवं सेक्रों पदाधिकारीयों ने झाड़ू लगाकर स्वछता का सन्देश दिया । उपरोक्त कार्यक्रम सेक्रों अध्यक्षा श्रीमती राधा गुप्ता एवं मंडल रेल प्रबंधक श्री श्याम सुंदर गुप्ता के अध्यक्षता में आयोजित हुआ। साथ ही इस कार्यक्रम में अपर मंडल रेल प्रबंधक, आशीष मिश्रा सहित अन्य शाखा अधिकारी एवं सेक्रों उपाध्यक्षा शिखा विश्नोई, सेक्रों उपाध्यक्षा सुनीता मिश्रा, कोषाध्यक्षा संचिता बनर्जी, सह सचिव शिवानी गुप्ता के साथ अन्य सेक्रों सदस्य की सहभागिता रही।