Browsing: रायपुर

K.W.N.S.-रायपुर। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने भेंट-मुलाकात कार्यक्रम के दौरान रायगढ़ जिले के लैलूंगा विधानसभा में 373 करोड़ 70 लाख रुपये की लागत के 16 विभिन्न विकास कार्यों की सौगात दी। जिसमें 88 करोड़ 76 लाख रुपये की लागत से निर्मित 9 कार्यो का लोकार्पण एवं 284 करोड़ 94 लाख रुपये की लागत से बनने वाले 7 कार्यों का शिलान्यास कार्य शामिल हैं। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल कार्यक्रम के दौरान जिन कार्यों का लोकार्पण किया, इनमें छत्तीसगढ़ ग्रामीण सड़क विकास अभिकरण द्वारा 30 करोड़ 48 लाख रुपये की लागत से 4 कार्य, लोक निर्माण विभाग द्वारा 52 करोड़ 3 लाख रुपये के 2 कार्य, लोक निर्माण विभाग सेतु 4 करोड़ 95 लाख रुपये की लागत से जिला रायगढ़ के बिजना से हमीरपुर के मध्य कोलडेगा नाला पर पुल निर्माण एवं वन विभाग द्वारा 1 करोड़ 31 लाख रुपये की लागत से दो कार्य शामिल है। शिलान्यास कार्य के तहत लोक निर्माण विभाग द्वारा 21 करोड़ 13 लाख रुपये की लागत से रोड एवं पुल निर्माण के 4 कार्य, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग द्वारा 263 करोड़ 81 लाख रुपये की लागत से 3 रेट्रोफिटिंग, सिंगल विलेज एवं सोलर योजना के कार्य शामिल हैं।
 

 

K.W.N.S.-रायपुर। छत्तीसगढ़ में सरकार में आबकारी और उद्योग मंत्री कवासी लखमा ने बड़ा बयान दिय है। लखमा में सीएम भूपेश बघेल को छत्तीसगढ़ के लिए भगवान बताया है। मंत्री कवासी लखमा ने दावा किया कि सीएम भूपेश बघेल के कोई पूर्वज आदिवासी रहे होंगे। सीएम भूपेश बघेल छत्तीसगढ़ के लिए भगवान है। उन्होंने कहा कि वर्तमान में जो देवगुड़ी की पूजा कर रहे हैं, इसी से बस्तर में जमकर बारिश हो रही है। इसके साथ ही मंत्री कवासी लखमा ने बड़ा दावा किया कि उनके गणपति की पूजा करने से ही बीजेपी की प्रदेश प्रभारी डी पुरंदेश्वरी हटी हैं। जब उनसे पूछा गया कि घर पर गणपति विसर्जन के दौरान क्या मांगा? इस पर उन्होंने कहा कि हम भगवान से कुछ नहीं मांगे। प्रदेश अध्यक्ष डी पुरंदेश्वरी अपने आप हट गई उनको पता ही नहीं चला। कवासी लखमा ने का कि यह ढोंग रचने वाले लोग हैं हम भगवान को मानने वाले लोग हैं। भगवान की असली पूजा करने से यही परिणाम मिला, राष्ट्रीय अध्यक्ष भी ज्यादा दिन तक नहीं रहने वाले है, हम वोट के लिए भगवान गणेश नहीं बिठाते। समाज के विकास के लिए गणेश बिठाते हैं। बीजेपी की तरह भगवान राम को वोट का एजेंडा नहीं बनाते हैं।
 

 
  K.W.N.S.-रायपुर। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल अपने प्रदेशव्यापी भेंट-मुलाकात के क्रम में आज बिलासपुर संभाग अंतर्गत रायगढ़ जिले के विधानसभा क्षेत्र लैलूंगा, विकासखंड तमनार के ग्राम कुंजेमुरा में श्री हनुमान मंदिर दर्शन के लिए पहुँचे। उन्होंने कुंजेमुरा में भेंट-मुलाक़ात से पहले प्रभु श्री हनुमान के दर्शन और पारंपरिक विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर समस्त प्रदेशवासियों के सुख, समृद्धि और ख़ुशहाली की कामना की। स्थानीय लोगों के मुताबिक प्रभु श्री हनुमान की मूर्ति पहले इस स्थल पर खुले मे स्थापित थी तथा श्री अर्जुन दास पिता स्व. श्री सुखदास द्वारा सन 2006-07 में मंदिर का निर्माण कराया गया था। मंदिर के पुजारी श्री उमाकांत शर्मा है। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने प्रभु श्री हनुमान के दर्शन व पूजन-अर्चना के बाद मंदिर परिसर में कदम्ब का पौधा रोपा और उस पर पानी सींचते हुए हरियाली व पर्यावरण संरक्षण का संदेश प्रेषित किया। इसी प्रकार आदिम जाति तथा अनुसूचित जाति विकास पिछड़ वर्ग मंत्री डा. प्रेमसाय टेकाम द्वारा आंवला का पौधा, विधायक लैलूंगा श्री चक्रधार सिंह सिदार द्वारा नीम, सरपंच ग्राम पंचायत कुंजेमुरा श्री जयपाल भगत द्वारा कदंब, कलेक्टर रायगढ श्रीमती रानू साहू द्वारा आंवला का पौधा लगाया गया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री के स्वागत में मंदिर परिसर पर ग्रामीणजन, स्कूली विद्यार्थी, महिलाए और बच्चे सभी उपस्थित रहे। स्वागत में नर्तक दलों द्वारा करमा नृत्य की दी गई मनमोहक प्रस्तुति मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल के विकासखंड तमनार, ग्राम लैलूंग मे श्री हनुमान मंदिर दर्शन और ग्रामीनो से मुलाकात के दौरान ग्राम बरमुडा ( खल्हेपारा) के जय माँ समलाई करमा पार्टी, ग्राम लमदरहा के सरस्वती नृत्य पार्टी, मंदिर चौक खल्हेपारा के श्री श्री सरस्वती नमः नृत्य पार्टी द्वारा करमा नृत्य की मनमोहक प्रस्तुति दी गई।
 

 

K.W.N.S.-रायपुर। आबकारी मंत्री कवासी लखमा के बयान पर पूर्व नेता प्रतिपक्ष धरमलाल कौशिक ने गणेश पूजा कर भाजपा प्रभारी को हटाए जाने के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए है कि कोई कुत्सित मानसिकता से उनकी पूजा-अर्चना करता है तो इस पर मैं कुछ नहीं कह सकता, इसके साथ ही सीएम के पूर्वज आदिवासी होने के बायान पर नेता प्रतिपक्ष ने सीएम भूपेश बघेल की वंशावली की जांच की भी मांग कर डाली। धरमलाल कौशिक ने कहा है कि हम गणेशजी की पूजा अर्चना अच्छे और सच्चे मन से करते हैं, कोई कुत्सित मानसिकता से उनकी पूजा-अर्चना करता है तो इस पर मैं कुछ नहीं कह सकता। हम देश, प्रदेश, समाज और परिवार की समृद्धि के लिए गणेशजी को पूजते हैं। आज ही आबकारी मंत्री कवासी लखमा ने कहा था कि उन्होंने गणेश भगवान की पूजा की, इसलिए भाजपा की प्रदेश प्रभारी डी पुरंदेश्वरी को हटाया गया। वहीं आबकारी मंत्री के एक अन्य बयान पर भी धरमलाल कौशिक ने रिएक्शन दिया है । कवासी लखमा ने कहा था कि भूपेश बघेल के कोई पूर्वज आदिवासी रहे होंगे। इस बयान पर कौशिक ने कहा कि ‘लखमा के बयान के आधार पर सीएम भूपेश बघेल कीे वंशावली की जांच होनी चाहिए। जांच के लिए रिसर्च टीम गठित करना चाहिए, क्योंकि मंत्री ने जो बयान दिया है, यह गंभीर मामला है। पहले भी कांग्रेस के एक मुख्यमंत्री की जाति को लेकर काफी विवाद हुआ है। इसका निराकरण कैसे हुआ यह सभी जानते हैं।
 

 
K.W.N.S.-रायपुर। राजधानी के तेलीबांधा थाना क्षेत्र में दो गुटों के बीच मारपीट रोकने गई एसीसीयू में शामिल पुलिसकर्मियों के साथ हाथापाई करने की घटना सामने आई है। हाथापाई की घटना में एक पुलिसकर्मी की सिर फूटने की बात सामने आई है। घटना के बाद पुलिस बदमाशों की खोजबिन कर रही है। हाथापाई करने वाले बदमाश घटना के बाद से फरार हैं। पुलिस बदमाशों की खोजबिन करने में जुटी हुई है। इस पूरे मामले में पुलिस ज्यादा कुछ बोलने से बच रही है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ अपराध दर्ज कर लिया है। जानकारी के मुताबिक शनिवार को तेलीबांधा सतनाम चौक में सांसद सुनील सोनी तथा श्रीचंद सुंदरानी गणेश आरती में शामिल होने गए थे। उनके लौटने के बाद दो गुटों में किसी बात को लेकर विवाद हो गया। वहां से गुजर रहे एसीसीयू के जवान विवाद सुलझाने के लिए मौके पर पहुंचे, तो बदमाश एसीसीयू के जवानों से उलझ गए और उनके साथ विवाद करते हुए हाथापाई करने लगे। हाथापाई की घटना में  एसीसीयू  की तीन से चार जवानों को चोट लगने तथा एक जवान की सिर फूट गया। एसीसीयू के जवान रांची जा रहे थे जो जानकारी मिली है, उसके मुताबिक एसीसीयू के जवान किसी मामले की पड़ताल करने रायपुर से रांची जा रहे थे। तेलीबांधा से गुजरते वक्त एसीसीयू के जवान दो गुटों में विवाद होते देख रुक गए और विवाद सुलझाने के लिए पहुंचे। एसीसीयू के जवानों के सिविल ड्रेस में होने की वजह से बदमाश उन्हें पहचान नहीं पाए और एसीसीयू के जवानों से उलझ गए और उनके साथ हाथापाई करने लगे। घटना में शामिल बदमाश भारतीय जनता युवा मोर्चा से जुड़े लोग बताए जा रहे हैं।
 

 
 K.W.N.S.-रायपुर। झांकी में चेकिंग के दौरान 20 से अधिक बदमाशों व संदिग्धों के पास अवैध रूप से रखें चाकू एवं अन्य हथियार बरामद किए गए जिन पर वैधानिक कार्यवाही की जा रही है. दरअसल गणेश विसर्जन झांकी के मद्देनजर अपराधों की रोकथाम तथा सुरक्षा व शांति व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रशांत अग्रवाल के निर्देशानुसार रायपुर पुलिस द्वारा झांकी व आसपास के क्षेत्रों में संदिग्ध व्यक्तियों व असामाजिक तत्वों की लगातार चेकिंग की गई. चेकिंग के दौरान कुछ संदिग्ध व्यक्तियों व असामाजिक तत्वों द्वारा अवैध रूप से धारदार चाकू व लोहे के अन्य हथियार लेकर घूमते पाए जाने पर आरोपियों के विरुद्ध अपराध पंजीबद्ध कर कार्यवाही की गई है. बता दें कि राजधानी में कल कड़ी सुरक्षा के बीच धूमधाम से गणपति विसर्जन की झांकी निकाली गई । झांकी शारदा चौक से रवाना होकर जयस्तंभ चौक से मालवीय रोड सिटी कोतवाली चौक से सदर बाजार मार्ग तक पहुंची। वहीं झांकी देखने लोगों की भारी भीड़ उमड़ी थी। जयस्तंभ चौक पर लोग डीजे-धुमाल की धून में झुमते हुए नजर आए। झांकी में कोई अनहोनी न हो इसे ध्यान में रखते हुए भारी पुलिस बल तैनात की गई थी।
 

 K.W.N.S.-रायपुर। धान की खेती करने वाले पंजीकृत किसानों के खाता में धान के कीमत की अंतर राशि दिया जाना था परंतु अंतर राशि की जारी दो किस्तें हजारों पंजीकृत रेगहा किसानों के खाता में नही दिए गए जो भुपेश सरकार द्वारा किसानों के साथ धोखा है कपट है। भाजपा किसान मोर्चा के प्रदेश प्रभारी एवं प्रवक्ता संदीप शर्मा ने उक्त प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि किसान द्वारा धान बोये गए खेत के रकबा का पंजीयन किसान स्वयं अपने नाम से या भू स्वामी की सहमति के आधार पर रेगहा ,अधिया बोन वाला किसान अपने नाम पर करा सकता है यह नियम भाजपा सरकार के समय बनाई गई थी जिसमें पंजीकृत बैंक खाता में धान की कीमत, और बोनस का सीधा अंतरण किया जाता था। पिछले पंजीयन सत्र में हजारों रेगहादार किसानों ने इस प्रकार पंजीयन करवाया था। सरकार के आदेशानुसार पंजीयन भी किया गया परन्तु अभी जब धान के कीमत का बकाया अंतर राशि जिसे न्याय योजना के नाम से दिया जाता है उसमें पंजीकृत रेगहा किसानों को अंतर राशि नही दिया जा रहा है। किसानों द्वारा पूछने पर अधिकारी या तो कोई जवाब नही दे रहे हैं या गोलमोल बात कर रहे हैं। किसान मोर्चा प्रभारी संदीप शर्मा ने अपने आप को किसान का बेटा कहने वाले मुख्यमंत्री भुपेश बघेल से पूछा है कि रेगहा किसानों के पंजीकृत खाता में अंतर राशि क्यों नही दी जा रही है? इस प्रकार कोई नीतिगत निर्णय लिया गया है तो किसानों को विश्वास में क्यों नही लिया गया? अंतर राशि यदि रेगहादार किसानों के खाते में नही दे रहे तो भूस्वामी के खाता में क्यों नही दिया जा रहा? बोये गए धान फसल के रकबा के आधार पर जब भुगतान करना है तो रेगहा पंजीकृत किसानों के साथ यह धोखा क्यों किया जा रहा है, जबकि भाजपा सरकार के समय इस प्रकार कोई भेदभाव नहीं किया गया। किसान नेता संदीप शर्मा ने भुपेश सरकार पर किसानों के साथ लगातार कपट और धोखा का आरोप लगाते हुए कहा कि यह सरकार कभी रकबा कटौती, कभी बारदाना की कमी,बताकर धान ख़रीदी में आना कानी करते रही अब सीधे भुगतान कटौती में आमादा है। दूसरी तरफ खाद की कालाबाजारी को शह देकर और मिट्टी भरे कथित कम्पोस्ट खाद की खरीदी को अनिवार्य कर खुलेआम किसानों को लूट रही है। गोबर खरीदी के नाम पर भ्रष्टाचार खुलेआम हो रहा है, अनेक गौठानों में गोबरहीनों से गोबर न खरीद कर कांग्रेसी एजेंट के गोबर खरीदे जाने की घटना भी सामने आ रही है। इस प्रकार किसानों और मजदूरों के साथ भूपेश सरकार का यह कपटपूर्ण रवैया इस सरकार की ताबूत में आखिरी कील होगा।
 
 

 
 K.W.N.S.-रायपुर। राजधानी में गणेश विसर्जन के दौरान कई जगह चाकूबाजी की घटनाएं हुई। टिकरापारा पुलिस ने दहशत फैलाने वाले को गिरफ्तार किया है. दरअसल वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रशांत अग्रवाल के दिशा निर्देश पर एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक(पश्चिम) डी सी पटेल, के मार्गदर्शन में तथा नगर पुलिस अधीक्षक राजेश चौधरी के पर्यवेक्षण में चलाये जा रहे अवैध हथियार रखकर अपराध कारित करने वालों के विरूद्ध प्रभावी कार्यवाही के तहत् टिकरापारा पुलिस ने श्री गणेश जी के विसर्जन के दौरान चाकू लेकर लोगो को आतंकित करते हुये एक युवक को पकड़ा है। पुलिस ने बताया कि संतोषी नगर के पास गणेश विसर्जन करने जा रही भीड़ में एक व्यक्ति राहुल नागरची पिता द्वारिका नागरची निवासी दुर्गा पारा संतोषी नगर थाना टिकरापारा जिला रायपुर के द्वारा भीड़ में मौजूद लोगो को चाकू दिखाकर लहराकर भयभीत करते हुए पकड़ा गया । आरोपी के विरूद्ध थाना टिकरापारा में अपराध क्रमांक 525/22 धारा 25,27 आम्र्स एक्ट कायम कर मामले में गिरफ्तार किया गया है। जिसे ज्युडीशियल रिमाण्ड पर भेजा जा रहा है। बीच-बचाव कर रहे युवक को मार दिया चाकू, आरोपी गिरफ्तार : चाकू से हमला करने वाले आरोपी को गिरफ्तार किया गया है. जानकारी के मुताबिक प्रार्थी मिथलेश यादव पिता उमेंश यादव उम्र 29 साल ने रिपोर्ट कराया कि वे 9 सितंबर को नवयुवक गणेश उत्सव द्वारा स्थापित गणेश को विर्सजन करने महादेवघाट ले जाते समय घटना स्थल गणेश मंदिर रायपुरा पेट्रोल पंप के पास आरोपी आशु देवांगन एंव खगेश पाल के मध्य विवाद हो रहे थे. इस दौरान प्रार्थी के द्वारा बीच बचाव करने पर आरोपी द्वारा बुरी बुरी गाली देते हुए जान से मारने की धमकी दी और हाथ मुक्का से मारपीट कर विवाद करने लगा. उसी दौरान आरोपी द्वारा अपने पास रखे चाकू से प्रार्थी के पीठ में दो जगह एंव नाक में मारकर चोट पहुंचाया। लिखित आवेदन पर पुलिस ने अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया. वही आरोपी की पता तलाश कर हिरासत में लिया गया है. पुलिस ने प्रकरण में धारा 25,27 आम्र्स एक्ट जोड़ी और आरोपी आयुष्मान देवांगन उर्फ आशु देवांगन को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमाण्ड पर भेजा गया। चाकू लेकर लोगो को डराते पकड़ाया युवक : गणेश झांकी के दौरान चाकू लेकर लोगो को डराते युवक पकड़ा गया है. दरअसल वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रशांत अग्रवाल के दिशा निर्देश पर एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक(शहर सुखनंदन राठौर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (क्राईम) अभिषेक महेश्वरी के मार्गदर्शन में तथा नगर पुलिस अधीक्षक विश्वदीपक त्रिपाठी के पर्यवेक्षण में चलाये जा रहे अवैध हथियार रखकर अपराध कारित करने वालों के विरूद्ध प्रभावी कार्यवाही के तहत् उरला पुलिस ने गणेश विसर्जन झांकी के दौरान चाकू लेकर लोगो को आतंकित करते हुये एक युवक को पकड़ा है. पुलिस ने बताया कि देर रात्रि बुधवारी बाजार बीरगांव के पास गणेश विसर्जन झांकी के दौरान तरूण उर्फ पप्पू देवांगन निवासी परमेश्वरी नगर बीरगांव हाथ में खुखरी नुमा चाकू लेकर डांस करते हुये चाकू लहराकर लोगों को आतंकित कर रहा था। पुलिस ने तत्काल उस युवक को हिरासत में लिया , युवक के खिलाफ उरला पुलिस के द्वारा आम्र्स एक्ट के तहत कार्यवाही की गई है। आरोपी के विरूद्ध थाना उरला में अपराध क्रमांक 433/22 धारा 25,27 आम्र्स एक्ट कायम कर मामले में गिरफ्तार किया गया है। जिसे ज्युडीशियल रिमाण्ड पर भेजा जा रहा है। पॉकेटमारी की कोशिश, विरोध करने पर चाकू से हमला कर भागे बदमाश डब्ल्यूआरएस रेलवे स्टेशन के पास एक युवक पर शनिवार रात 10 बजे जानलेवा हमला हो गया। युवक के पॉकेट से दो लड़के पर्स निकालने की कोशिश कर रहे थे। युवक ने उन्हें पकड़ लिया। आरोपियों ने युवक की पिटाई कर दी। चाकू से पेट और जांघ में हमला किया फिर वहां से भाग निकले। डब्ल्यूआरएस कॉलोनी निवासी रमेश कुमार शनिवार रात घूमने निकले थे। स्टेशन के पास दो युवकों ने चलते चलते उनकी जेब में हाथ डालकर पर्स निकालने की कोशिश कर रहे थे। उन्होंने लड़कों को पकड़ लिया। उन्हें डांटा। इसी बात पर उनके बीच विवाद हो गया। दोनों लड़कों ने रमेश की पिटाई कर दी और चाकू से हमला कर दिया। रमेश किसी तरह जान बचाकर वहां से भागे। उसी दौरान हमलावर भी फरार हो गए।
 

 
 K.W.N.S.-रायपुर। आरएसएस के सह सर कार्यवाह डॉ. मनमोहन वैद्य ने राहुल गांधी की भारत यात्रा पर तंज किया है। उन्होंने कहा कि भारत जोड़ने का काम कोई भी करेगा, अच्छी बात है, लेकिन प्रेम से जोड़ेंगे या नफरत से? डॉ. वैद्य ने कहा कि संघ के खिलाफ आप (राहुल गांधी) पहले ही नफरत पाल कर रखे हैं। उनके बाप-दादा ने संघ का बहुत तिरस्कार किया। इसके बाद भी संघ रुका नहीं। लगातार बढ़ता रहा है। वे जो बोल रहे हैं, उससे भी उनकी नफरत ही सामने आती है। संघ का गणवेश बदला यह भी उन्हें ध्यान नहीं है। जनसंख्या कानून के संबंध में सह सर कार्यवाह ने कहा कि इस संबंध में संघ ने पहले ही नीति तय कर ली है। आने वाले 50 वर्ष की जरूरतों को ध्यान में रखकर कानून लागू करना चाहिए। यह सभी पर एक समान लागू होना चाहिए। सीएम भूपेश बघेल द्वारा निमंत्रण देने के संबंध में जब सवाल आया तो प्रति प्रश्न किया कि निमंत्रण कैसे दिया जाता है? मुझे तो नहीं मिला।इससे पहले तीन दिवसीय समन्वय बैठक के संबंध में जानकारी देते हुए डॉ. वैद्य ने बताया कि स्वतंत्रता संग्राम में सभी जाति-वर्ग की सहभागिता रही है। केवल कुछ के ही नाम की चर्चा होती है। भारत की अनेक भाषा, अनेक जाति, अनेक उपासना का लोग पालन करते हैं, इन सभी को जोड़ने वाला भारत का स्व है। यह स्व कैसे प्रकट होगा, इसकी भी चर्चा हुई। भारत का स्व यहां की आध्यात्मिकता है। ईश्वर एक है, उसे बुलाने के नाम अनेक हो सकते हैं। 11 सितंबर 1893 शिकागो स्पीच में इसी बात का उल्लेख किया था। भारत का राष्ट्र पश्चिम के नेशन से अलग है। भगवान राम ने उत्तर से दक्षिण को बांधकर रखा है। कृष्ण ने पूर्व पश्चिम भारत को बांधकर रखा। शिव सर्वत्र हैं। भारत के जोड़ने वाले तत्व को जोड़ना मुख्य है। भारत में स्व को नकारा गया। अनदेखी की गई। भारत का स्व जितनी मात्रा में प्रकट होना था, नहीं हुआ। उस पर कैसे बढ़ सकते हैं, उस पर भी चर्चा हुई। ब्रांडेड चीजें अच्छी हैं, यह चलन बढ़ा है। स्थानीय को बढ़ावा देने पर जोर देंगे। जीडीपी के आधार पर आर्थिक आधार मापने के बदले नए भारतीय मानक इंडेक्स की बात उठी। कृषि शिक्षा में परिवर्तन आवश्यक है। एग्रीकल्चर ग्रेजुएट खेती नहीं करते, नौकरी करते हैं। जो खेती करते हैं, उन्हें शिक्षा देने पर बात की गई। हिंदुत्व की पढ़ाई पर बात हुई है। न्यायालयों में भारतीय भाषाओं पर बात हो, जिससे लोगों को समझ में आए, यह भी चर्चा की गई है। जनजातीय का माइग्रेशन रोकने के विषय पर चर्चा की गई।
 

K.W.N.S.-रायपुर। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल भेंट मुलाकात के लिए रायगढ़ जिले के लैलूंगा विधानसभा के ग्राम राजपुर के लिए रवाना हुए। गौरतलब है कि 4 मई से शुरू हुए भेंट-मुलाकात अभियान में मुख्यमंत्री बघेल अब तक 15 जिलों की 28 विधानसभा क्षेत्र का दौरा कर चुके हैं। इसमें सरगुजा संभाग की 14 विधानसभा क्षेत्र, बस्तर संभाग के 12 विधानसभा क्षेत्र, बिलासपुर संभाग में गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले की मरवाही विधानसभा व रायगढ़ जिले के रायगढ़ विधानसभा का दौरा कर चुके हैं। भेंट-मुलाकात कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल न केवल आम जनता से राज्य शासन की योजनाओं पर फीडबैक ले रहे हैं, बल्कि स्थानीयजनों की मांग पर क्षेत्र के विकास के लिए मौके पर ही अनेक घोषणाएं भी कर रहे हैं साथ ही शिकायत आने पर भी उसका तत्काल निराकरण किया जा रहा है। मुख्यमंत्री श्री बघेल आम जनता से योजनाओं का फीडबैक लेने के साथ ही दौरा कार्यक्रम के दौरान विधानसभाओं में स्थित स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम स्कूल, शासकीय प्राथमिक शालाओं, आंगनबाड़ियों, तहसील कार्यालय, स्वास्थ्य केंद्रों, राशन दुकानों एवं अन्य सरकारी कार्यालयों का भी निरीक्षण कर वहां पर व्यवस्था की जानकारी ले रहे हैं। इस दौरान मुख्यमंत्री श्री बघेल आवश्यक सुधार के निर्देश एवं आवश्यक कार्रवाई भी कर रहे हैं। स्कूलों में बच्चों से भेंट-मुलाकात कर उनके द्वारा बच्चों से बातचीत कर स्कूल में अध्यापन एवं अन्य व्यवस्थाओं की जानकारी भी ली जा रही है। भेंट-मुलाकात कार्यक्रम को लेकर प्रदेश की जनता भी उत्साह में है एक ओर उन्हें अपने मुख्यमंत्री से सीधे संवाद का मौका मिल रहा है। वहीं दूसरी ओर मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल की तत्काल निराकरण की पहल से भेंट-मुलाकात कार्यक्रम के प्रति जनता का विश्वास और उत्साह दुगुना हुआ है।