Browsing: रायपुर

 
K.W.N.S.- रायपुर। पुलिसिया कार्यवाही व समझाईश के चलते कुछ दिनों की चुप्पी के बाद बड़गांव से गुजरने वाली आम सड़क मार्ग पर बड़गांव के शराब कोचिये एक बार फिर‌ सक्रिय हो गये हैं।‌‌‌‌‌‌‌‌ बीते तीज पर्व के दौरान इस सड़क मार्ग से गुजरने वाले तिजहारिनो व राहगीरों से मिलने वाली शिकायत के‌ बाद किसान संघर्ष समिति के संयोजक भूपेन्द्र शर्मा ने मंदिरहसौद थाना प्रभारी विरेन्द्र चंद्रा का ध्यान इस ओर आकृष्ट कराते हुये पुलिसिया कार्यवाही व समझाईश के बाद भी न मानने वाले कोचियों के खिलाफ सख्त कार्यवाही का आग्रह किया है ताकि आवागमन करने वालों को किसी अप्रिय घटना का सामना न करना पड़े। साथ ही बड़गांव के पंचायत प्रतिनिधियों व ग्राम प्रमुखों से आग्रह किया है कि ग्रामहित व खासकर अपने ही ग्राम के महिलाओं व नौनिहालों को इसकी वजह से हो रहे परेशानियों के मद्देनजर इस पर लगाम कसने खुलकर सामने आये। ज्ञातव्य हो कि बड़गांव को जोड़ने वाले 4 सड़क मार्ग चंदखुरी फार्म – मुनगेसर – बड़गांव , छतौना – बड़गांव , नवागांव – गोढ़ी – बड़गांव व आरंग – भानसोज – तोडगाव – बड़गांव सड़क मार्ग बड़गांव से आगे टेकारी होते हुये खरोरा व कोसरंगी जाता है व इस वजह से राहगीरों का आना – जाना लगा रहता है. लगभग 2 माह चंद्रा का ध्यानाकर्षण कराये जाने पर पूर्व में सपड़ में आ चुके एक कोचिया के खिलाफ पुलिसिया कार्यवाही की गयी थी व एक अन्य पूर्व में सपड़ाये कोचिया सहित सपड़ में आने से बचे कोचिया के परिजनों को शर्मा व पूर्व में आरंग जनपद अध्यक्ष रहे ग्राम के ही निवासी मुरारी यादव की मौजूदगी में सरपंच रामबती यादव ने इन्हें समझाईश देने की सलाह दी थी व परिजनों ने फिर शिकायत न आने का आश्वासन दिया था पर कुछ दिनों की चुप्पी के बाद कोचिये फिर सक्रिय हो गये‌ हैं व दो कोचिये जहां मुख्य सड़क मार्ग पर जगह बदल घूम – घूम बेच रहे हैं वहीं एक कोचिया गुपचुप तरीके से बड़गांव के नहीं वरन नजदीकी ग्राम तोडगाव के पियक्कड़ों को शराब उपलब्ध करा रहा है। शर्मा ने कार्यवाही व समझाईश के बाद भी न मानने वाले कोचियों के‌ खिलाफ प्रभावी कार्यवाही कर आम सड़क मार्ग पर अवैध शराब बिक्री बंद करवाने का चंद्रा से आग्रह किया है वहीं बड़गांव के ग्राम प्रमुखों से ग्राम में शराब बेच अशांति फैलाने व ग्रामीण वातावरण को दूषित करने वाले तत्वों के खिलाफ मुखर हो सामने आने का‌ आग्रह किया है।
 

 

K.W.N.S.-रायपुर। लगातार बढ़ रही महंगाई के खिलाफ कांग्रेस बीते कुछ दिनों से प्रदर्शन कर रही है। इसी कड़ी में कल 4 सितंबर को भी कांग्रेस दिल्ली के रामलीला मैदान में बड़ा प्रदर्शन करने जा रही है। वहीं इस प्रदर्शन में शामिल होने के लिए छत्तीसगढ़ के भी कई नेता दिल्ली रवाना होंगे। 
मिली जानकारी के अनुसार मंत्री कवासी लखमा और अनिला भेड़िया आज सुबह दिल्ली के लिए रवाना हुए। दोनों दिल्ली में होने वाले कांग्रेस के प्रदर्शन में शामिल होंगे। बढ़ती महंगाई को लेकर मंत्री कवासी लखमा ने कहा – केंद्र सरकार ने आवश्यक वस्तुओं के दाम बढ़ाए हैं। आम जनता महंगाई से हलाकान है। 
इसलिए दिल्ली में महंगाई के खिलाफ प्रदर्शन करेंगे। बता दें कि, इससे पहले बीती शाम को राजधानी रायपुर से स्पेशल ट्रेन के जरिए कांग्रेस के करीब 1500 कार्यकर्ता दिल्ली के लिए रवाना हुए थे।
 

 K.W.N.S.-रायपुर। छत्तीसगढ़ टूरिज्म बोर्ड द्वारा संचालित मोटल और रिसॉर्ट के संचालन और इनमें पर्यटकों को बेहतर सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से इन्हें 30 वर्षीय लीज पर देने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। छत्तीसगढ़ एवं अन्य राज्यों के निजी निवेशकों से मोटल और रिसॉर्ट के संचालन के लिए 5 सितम्बर तक ऑनलाईन आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। गौरतलब है कि छत्तीसगढ़ टूरिज्म बोर्ड की 10 संचालित एवं 14 असंचालित कुल 24 मोटल व रिसॉर्ट को 30-30 वर्ष के लीज पर देने के लिए निविदा की द्वितीय चरण की प्रक्रिया प्रारंभ की गई है। 
छत्तीसगढ़ टूरिज्म बोर्ड के अधिकारियों ने बताया कि मोटल एवं रिसॉर्ट के संचालन के लिए की जा रही निविदा का उद्देश्य छत्तीसगढ़ एवं अन्य राज्यों के अनुभवी निजी निवेशकों को आमंत्रित कर पर्यटकों को व्यवसायिक दृष्टिकोण से और अधिक सुविधाएं प्रदान करना है, ताकि छत्तीसगढ़ में पर्यटन विकास की दिशा को सक्षम गति प्राप्त हो सके। उन्होंने बताया कि छत्तीसगढ़ एवं अन्य राज्यों के निजी निवेशकों से 5 सितंबर तक ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित की गई है। निविदा के संबंध में विस्तृत जानकारी छत्तीसगढ़ शासन की वेबसाइट eproc.cgstate.gov.in एवं टूरिज्म बोर्ड की वेबसाइट एवं छत्तीसगढ़ www.chhattisgarhtourism.in पर उपलब्ध है। इसके अतिरिक्त छत्तीसगढ़ टूरिज्म बोर्ड के दूरभाष क्रमांक 0771-4224621 एवं मोबाइल नंबर 09300652548 पर संपर्क किया जा सकता है।
 छत्तीसगढ़ टूरिज्म बोर्ड के अधिकारियों ने बताया कि बोर्ड द्वारा प्रथम चरण में निविदा के माध्यम से रायगढ़ और सरगुजा में स्थित मोटल के संचालन हेतु सफल निविदाकर्ताओं को उनके द्वारा प्रस्तुत अधिकतम वित्तीय प्रस्ताव को समिति द्वारा मान्य किया गया है। शीघ्र ही इन इकाईयों का संचालन सफल निविदाकर्ताओं को सौंपा जावेगा। निजी निवेशको द्वारा मितान मोटल चढ़ीरमा (सरगुजा के लिए एक मुश्त लीज प्रीमियम राशि 15.07 लाख रूपये एवं मितान मोटल, कोडातराई (रायगढ़) के लिए एक मुश्त लीज प्रीमियम राशि 25.66 लाख रूपये पर 35 प्रतिशत वार्षिक किराया प्रस्ताव को शासन की स्वीकृति मिल गई है। शीघ्र ही इन दोनों मोटल का संचालन प्रारंभ हो जाएगा। जिससे स्थानीय एवं देश-विदेश के पर्यटकों को मूलभूत सुविधाएं प्राप्त होगी और स्थानीय लोगों को रोजगार के अवसर भी प्राप्त होगें।
 

 
K.W.N.S.- मोहला। सीएम भूपेश बघेल ने नवगठित जिला मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी का शुभारंभ किया। मोहला के नया जिला बनने से महिलाओं में अपार खुशी है। उनका कहना है कि हमारे बच्चों को अब पास ही में शिक्षा मिल पाएगी। रोजगार भी मिलेगा। कलेक्टर बैठेंगे तो आवेदन की स्थिति जानने में आसानी होगी। एक ने बताया कि सर्प दंश के क्लेम की 
जानकारी के लिए हमें नांदगांव जाना पड़ता था, अब मोहला जिला बन रहा है, जल्दी क्लेम मिलेगा। वही भगत राम टेमडे ने कहा – अब बिजनेस बढ़िया होगा। आबादी बढ़ेगी, निर्माण कार्य होंगे, अधिकारी-कर्मचारी बसेंगे, उद्योग खुलेंगे। जिसका सीधा लाभ हमें होगा। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के प्रति आभार व्यक्त करते हैं। लोकेश्वर मोहला में हर्बल की दुकान चलाते हैं। उन्होंने बताया कि बढ़िया पढ़ाई से यह काम शुरू कर पाया। अब मोहला में शिक्षा की स्थिति मजबूत होगी तो मेरे जैसे और लोग आगे आएंगे। भुवन सिंह धुर्वा, मोहला के नये जिला बनने पर बहुत खुश हैं, उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने हमारा सपना पूरा किया। लाल श्याम शाह जी का सपना पूरा किया। साथ ही नये जिले में शैक्षणिक सुविधाएं बढ़ेंगी, समस्याओं का निराकरण, शासकीय कामकाज तेजी से पूरे होंगे और अन्य सुविधाओं में विस्तार होगा।
 

 
K.W.N.S.-रायपुर। 2 शराब तस्कर को गिरफ्तार किया गया है. जानकारी के मुताबिक एण्टी क्राईम एवं सायबर यूनिट की टीम को सूचना प्राप्त हुई कि दो व्यक्ति दोपहिया वाहन में अवैध रूप से शराब की तस्करी मांढर से ग्राम चटौद, विधानसभा की ओर कर रहे है। जिस पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अपराध अभिषेक माहेश्वरी द्वारा प्रभारी एण्टी क्राईम एवं सायबर यूनिट तथा थाना प्रभारी विधानसभा को आरोपियों को शराब के साथ रंगे हाथ पकड़ने निर्देशित किया गया। निर्देश पर एण्टी क्राईम एवं सायबर यूनिट तथा थाना विधानसभा पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा शराब तस्करों की पतासाजी करना प्रारंभ किया गया। टीम के सदस्यों द्वारा विधानसभा स्थित दोंदेकला नाला पास मुखबीर द्वारा बताये दोपहिया वाहन को आता देख कर वाहन को रूकवाया गया। दोपहिया वाहन में सवार दोनो व्यक्तियों से पूछताछ करने पर व्यक्तियों ने अपना नाम लुकेश सिन्हा तथा हिरेन्द्र निषाद निवासी विधानसभा रायपुर का होना बताया। टीम के सदस्यों द्वारा उनके पास रखें थैले की तलाशी लेने पर थैले में शराब रखा होना पाया गया। जिस पर टीम के सदस्यों द्वारा दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से अवैध रूप से रखें 94 पौवा देशी शराब जुमला कीमती लगभग 11,000/- रूपये तथा शराब तस्करी में प्रयुक्त 01 नग दोपहिया वाहन जप्त कर आरोपियों के विरूद्ध थाना विधानसभा में अपराध क्रमांक 369/22 धारा 34(2) आबकारी एक्ट का अपराध पंजीबद्ध कर कार्यवाही की गई। गिरफ्तार आरोपी 01. लुकेश सिन्हा पिता नरेश सिन्हा उम्र 19 साल निवासी ग्राम चटौद थाना विधानसभा रायपुर । 02. हिरेन्द्र कुमार निषाद पिता बिसहत निषाद उम्र 34 साल ग्राम चटौद थाना विधानसभा रायपुर।
 

K.W.N.S.-रायगढ़। सीएम भूपेश बघेल का भेंट मुलाकात का सिलसिला आज से फिर शुरू हो गया है। आज रायगढ़ दौरे पर है। इसी बीच मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने हेलीपैड पर पत्रकारों से चर्चा की और उनके कई सवालों का जवाब दिया। वहीं मुख्यमंत्री भूपेश बघेल का बड़ा बयान सामने आया है। सीएम ने बीजेपी पर निशाना साधते हुए कहा है कि गाय के नाम पर वोट मांगने वाले गोबर खरीदी की आलोचना कर रहे हैं, जबकि यूपी भी इसका अनुसरण कर रही है। वहीं दिल्ली में बैठे बीजेपी के नेता इसकी तारीफ कर रहे हैं। लोकसभा की टीम छत्तीसगढ़ आकर इसकी प्रशंसा करके गई है। भाजपा सांसदों पर निशाना साधते हुए CM भूपेश बघेल ने कहा कि ट्रेनें रद्द हो रही है, लेकिन सांसदों की बोलती बंद है। जबकि माल गाड़ियों के लिए पैसेंजर ट्रेनें रोकी गई है। चिटफंड कंपनियों पर निवेश के मामले में सीएम भूपेश बघेल ने कहा, भारत सरकार से हमने कहा है कि चिटफंड कंपनियों में निवेश की ED से जांच करानी चाहिए। बस्तर में किसानों की जमीन वापसी हुई क्योंकि सरकार ने भू-अधिग्रहण किया था। इसलिए रायगढ़ में भी उद्योगों को जमीन आवंटन की प्रक्रिया की जांच होगी,यहां भी किसानों को समीन वापसी करने का प्रयास किया जाएगा।
 

K.W.N.S.-रायपुर। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की उपस्थिति में जिला कलेक्टर एस. जयवर्धन ने पदभार ग्रहण किया। मुख्यमंत्री के साथ नवीन जिला मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी के प्रथम जिला कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक ने तस्वीर खिंचाई। साथ ही मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने आज मोहला-मानपुर-अम्बागढ़ चौकी में 106 करोड़ 27 लाख 95 हजार रूपए के 54 कार्यों का भूमि पूजन एवं लोकार्पण किया। जिसमें 52 करोड़ 16 लाख 8 हजार रूपए के 42 कार्यों का भूमि पूजन एवं 54 करोड़ 11 लाख 87 हजार रूपए के 12 कार्यों का लोकार्पण शामिल है। इस अवसर पर उन्होंने 103 हितग्राहियों को 12 लाख 10 हजार रूपए की सामग्री का वितरण भी किया।
 

K.W.N.S- रायपुर। राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिव प्रकाश का माना विमानतल पर वरिष्ठ भाजपा नेताओं द्वारा आत्मीय स्वागत किया गया। इस दौरान श्री चंद सुंदरानी सहित कई नेता मौजूद थे. बता दें कि 9 सितंबर को भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा रायपुर पहुंच रहे हैं। नड्डा रायपुर में तीन दिनों तक रहेंगे। उनके स्वागत के लिए भाजपा ने जोरदार तैयारियां कर रखी है। सांसद विधायक जेपी नड्डा के स्वागत को लेकर अपनी अपनी टीमों की बैठक ले रहे हैं और सभी को अलग-अलग जिम्मेदारियां बांटी गई हैं। नड्‌डा इस दौरान प्रदेश के संगठन के नेताओं, विधायकों, सांसदों की बैठक भी लेंगे। पार्टी सूत्रों के मुताबिक जेपी नड्डा के स्वागत के लिए एयरपोर्ट पर दो हजार से ज्यादा लोग जुट सकते हैं। भीड़ को मैनेज कर सकें इसका इंतजाम बीजेपी जिला प्रशासन के साथ मिलकर कर रहा है। बड़ी तादाद में कार्यकर्ता एयरपोर्ट पर जमा हो सकते हैं। 1000 से अधिक बाइक सवार भाजपा युवा मोर्चा के नेता एयरपोर्ट से शहर तक नड्‌डा का स्वागत करते हुए रवाना होंगे। स्थानीय स्तर पर सांस्कृतिक नृत्य करने वाले कलाकारों का भी बंदोबस्त किया गया है। ये कलाकार छत्तीसगढ़ी संस्कृति के नृत्य पेश करते हुए पारंपरिक आदिवासी वाद्य यंत्रों के साथ जेपी नड्डा का अभिनंदन करेंगे।
 

 
K.W.N.S.-रायपुर। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल प्रदेशव्यापी भेंट-मुलाकात अभियान के तहत आज दोपहर विधानसभा रायगढ़ के अंतर्गत ग्राम लोइंग पहुंचे। उन्होंने यहाँ भगवान श्री जगन्नाथ स्वामी के मंदिर में पहुंचकर दर्शन उपरांत कृषक बहादुर सिदार के घर पहुंचे और उनके घर में बड़े सादगी के साथ भोजन ग्रहण किया। भोजन में चावल, दाल सहित षडरस से युक्त 6 विभिन्न प्रकार की सब्जियों का आनंद लिया। उन्हें भोजन में छौंक लगा डुबकी भी परोसा गया। इन सब्जियों में लेथा खटाई, मटर पनीर बड़ी टमाटर, भिंडी, मिक्स भेज और मखाना भाजी की सब्जी शामिल थे। उल्लेखनीय है कि क्षेत्र के कोलता समाज का लेथा खटाई एक खास व्यंजन है इसे समाज के हर विशिष्ट पर्व आदि कार्यक्रमो में जरुर शामिल किया जाता है।भोजन के पूर्व मुख्यमंत्री श्री बघेल का कृषक श्री बहादुर सिदार ने अपने घर के मुख्य द्वार पर श्रीफल भेंटकर आत्मीय स्वागत किया। पश्चिमी उड़ीसा और उत्कल समाज द्वारा गणेश चतुर्थी के दूसरे दिन नुआखाई पर्व मनाया जाता है। जो उत्कल समाज का सबसे बडा पर्व है। नुआखाई पर्व के अवसर पर उत्कल समाज द्वारा आज ग्राम लोईंग में 300 लोगों के लिए एक साथ बैठकर खाने हेतु भोजन की व्यवस्था की गई है। यह प्रतिवर्ष आयोजित होता है।
 

 
K.W.N.S.-रायगढ़। भेंट-मुलाकात अभियान के तहत रायगढ़ के नवापारा में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल से बातचीत के दौरान सुरेंद्र कुमार ने बताया कि कोडेकलां गांव में सड़क की सुविधा नहीं है , बच्चों को कीचड़ से होकर स्कूल जाना पड़ता है, कृपया सड़क बनवा दें! मुख्यमंत्री ने इस विषय पर संबंधित अधिकारियों को तत्काल कार्यवाही करने के दिए निर्देश। 
मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी को 2 सितंबर से मिलेगी नई पहचान 
मोहला-मानपुर- अंबागढ़ चौकी जिला राजनांदगांव जिले से अलग होकर एक नये प्रशासनिक इकाई के रूप में पहचान बनाने जा रहा है। मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल द्वारा इस क्षेत्र को जिला बनाने की ऐतिहासिक घोषणा के बाद मोहला-मानपुर- अंबागढ़ चौकी के सुदूर वनांचल क्षेत्रों तक हर्ष व्याप्त है। यह क्षेत्र लंबे समय तक नक्सल गतिविधियों से प्रभावित रहा है। नया जिला बन जाने से शासन-प्रशासन इन क्षेत्रों में और निकट तक पहुंचेगा और विकास कार्यों की गति बढ़ेगी। शासन के प्रयासों से इन क्षेत्रों में विकास कार्यों को प्राथमिकता देते हुए स्वास्थ्य, शिक्षा, खाद्यान्न, रोड कनेक्टिविटी के लिए विशेष कार्य किए जा रहे हैं। नया जिला बन जाने से इन क्षेत्रों की तस्वीर बदलेगी। यह क्षेत्र प्राकृतिक वन संपदा से परिपूर्ण है। यहां के सघन वनों में लघुवनोपज प्रचुर मात्रा में है। मोहला-मानपुर क्षेत्र जनजातीय बाहुल्य क्षेत्र है। मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी जिला एक नये नक्शे के साथ 2 सितंबर को आकार ले लेगा। 
नवीन जिले की भौगोलिक सीमाएं उत्तर में जिला राजनांदगांव के तहसील छुरिया, दक्षिण में तहसील दुर्गकोंदल, पखांजुर जिला कांकेर, पूर्व में तहसील डौंडी, डौंडी लोहारा जिला बालोद एवं पश्चित में महाराष्ट्र की सीमा से लगी हुई है। नवीन जिला मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी दुर्ग संभाग के अंतर्गत होगा। नवीन गठित इस जिले में तहसीलों की संख्या 3 है जिसमें अम्बागढ़ चौकी, मोहला एवं मानपुर है। 
विकासखण्ड एवं जनपद पंचायत – अम्बागढ़ चौकी, मोहला एवं मानपुर है। नवीन जिले में कुल ग्रामों की संख्या 499 है। भौगोलिक क्षेत्रफल 2 लाख 14 हजार 667 हेक्टयर है। यहां कि कुल जनसंख्या 2 लाख 83 हजार 947 है जिसमें अनुसुचित जनजाति की कुल जनसंख्या 1 लाख 79 हजार 662 जो जिले कि कुल जनसंख्या का 63.27 प्रतिशत है। जिले में राजस्व निरीक्षक मंडल की संख्या 13 है, कुल पटवारी हल्का नम्बर 89 है, ग्राम पंचायत की संख्या 185 है। जिला मोहला-मानुपर-चौकी में थानों की कुल संख्या 9 है। विधानसभा क्षेत्र 2 तथा कुल मतदान केन्द्र संख्या 497 है।
 नवीन जिले मोहला-मानपुर- अंबागढ़ चौकी में अम्बागढ़ चौकी में ग्रामों की संख्या-158, मोहला में ग्रामों की संख्या 171 एवं मानपुर में ग्रामों की संख्या 170 है। इस नवीन जिले में भौगोलिक क्षेत्रफल अम्बागढ़ चौकी में 54 हजार 747 हेक्टेयर, मोहला में 70 हजार 301 हेक्टेयर एवं मानपुर में 89 हजार 619 हेक्टेयर है। अम्बागढ़ चौकी की जनसंख्या 1 लाख 08 हजार 334, मोहला की जनसंख्या 86 हजार 994 एवं मानपुर की जनसंख्या 88 हजार 619 है। जहां अनुसूचित जनजाति की संख्या अम्बागढ़ चौकी में 52 हजार 786, मोहला में 60 हजार 950 एवं मानपुर में 65 हजार 926 है। अनुसूचित जनजाति का प्रतिशत अम्बागढ़ चौकी में 48.73, मोहला में 70.06 एवं मानपुर में 74.39 है। 
नवीन जिले में राजस्व निरीक्षक मंडल की संख्या अम्बागढ़ चौकी में 5, मोहला में 4 एवं मानपुर में 4 है। नवीन जिले में पटवारी हल्का नम्बर अम्बागढ़ चौकी में 33, मोहला में 28 एवं मानपुर में 28 है। अंबागढ़ चौकी में 69 ग्राम पंचायत, मोहला में 59 ग्राम पंचायत तथा मानपुर में 59 ग्राम पंचायत रहेंगे। राजनांदगांव जिले से अम्बागढ़ चौकी की दूरी 50 किलो मीटर, मोहला की दूरी 75 किलो मीटर, मानपुर की दूरी 100 किलो मीटर है। गठित नवीन जिले में अम्बागढ़ चौकी के अंतर्गत दो थाने अम्बागढ़ चौकी थाना एवं चिल्हाटी थाना है। मोहला के अंतर्गत मोहला थाना एवं मानपुर के अंतर्गत कुल 6 थाने खडग़ांव थाना, मानपुर थाना, कोहका थाना, सीतागांव थाना, मदनवाड़ा थाना एवं औंधी थाना है। मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल ने प्रशासनिक कार्यों में कसावट लाने एवं आम जनता को सहूलियत पहुंचाने के उद्देश्य से नए जिलों के गठन की घोषणा की थी और 2 सितंबर को मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी के रूप में प्रदेश के 29वें जिले के शुभारंभ के साथ ही गढ़बो नवा छत्तीसगढ़ की संकल्पना को और बल मिलने जा रहा है।