Browsing: रायपुर

 
K.W.N.S-रायपुर। शहर में संचालित निजी अस्पतालों में बच्चों की सौदेबाजी के मामले में स्वास्थ्य विभाग ने अब पुलिस से कार्रवाई की मांग की है। नवजात को ₹400000 में बेचने के मामले में खुलासा होने के बाद कोतवाली सीएसपी को जांच का जिम्मा सौंपा गया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रशांत अग्रवाल ने सीएसपी कोतवाली को जांच प्रभारी बनाने की पुष्टि की है। इसके पहले स्वास्थ विभाग की तरफ से वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को यह पत्र लिखकर मामला संज्ञान में लेने के लिए बोला गया था कि शहर में नवजात की सौदेबाजी के लिए निजी अस्पतालों में बड़ा खेल चल रहा है। 4 से ₹500000 देकर बच्चों की सौदेबाजी की जा रही है। मीडिया में यह मामला उजागर होने के बाद अब स्वास्थ्य विभाग ने पुलिस से मदद मांगी है जिसके बाद एसएसपी प्रशांत अग्रवाल ने जांच का दावा किया है। एसएसपी अग्रवाल के बताए अनुसार सीएसपी कोतवाली और उनकी टीम पूरे मामले की जांच कर उन्हें रिपोर्ट सौंपी की उसके बाद अवैधानिक कृत्य को अंजाम देने वाले लोगों के खिलाफ सख्ती से कार्रवाई की जाएगी।
 

K.W.N.S.- रायपुर। थाना खमतराई क्षेत्र से ट्रक चोरी करने वाले आधा दर्जन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है. पुलिस के मुताबिक प्रार्थी गुरमीत सिंग ने थाना खमतराई में रिपोर्ट दर्ज कराया कि वह हर्षित विहार कालोनी हीरापुर में रहता है। प्रार्थी का 10 चक्का टाटा कंपनी का ट्रक क्रमांक सीजी 04 जी 6912 है, जिसे वह स्वयं चलाता है। प्रार्थी दिनांक 14.07.2022 को रात्रि करीबन 09.00 बजे ट्रक को रावांभाठा गुरूद्वारा के सामने खड़ी करके घर चला गया था। दिनांक 15.07.2022 को सुबह करीबन 10.00 बजे प्रार्थी काम में जाने के लिये उक्त स्थान जाकर देखा तो वहां पर उसकी ट्रक नही थी, आस-पास पता तलाश किया किन्तु ट्रक नही मिला। कोई अज्ञात चोर प्रार्थी की खड़ी ट्रक को चोरी कर ले गया। जिस पर अज्ञात आरोपी के विरूद्ध थाना खमतराई में अपराध क्रमांक 549/22 धारा 379, 34 भादवि. का अपराध पंजीबद्ध किया गया। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में ए.सी.सी.यू. एवं थाना खमतराई पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा घटना के संबंध में प्रार्थी से विस्तृत पूछताछ कर घटनास्थल का निरीक्षण करते हुये अज्ञात आरोपी की पतासाजी करना प्रारंभ किया गया। टीम के सदस्यो द्वारा घटनास्थल व उसके आस-पास लगे सी.सी.टी.व्ही. कैमरो के फुटेजो को खंगालने के साथ ही तकनीकी विश्लेषण किया गया। अज्ञात आरोपी की पतासाजी के संबंध में मुखबीर भी लगाया गया। इसी दौरान टीम के सदस्यों को मुखबीर से सूचना प्राप्त हुई की चोरी की उक्त ट्रक को नुआपाड़ा उड़ीसा के ग्राम रोहनपुदर स्थित जंगल में देखा गया है। जिस पर टीम के सदस्यों द्वारा उड़ीसा के उक्त स्थान में रवाना होकर घेराबंदी कर ट्रक को कटिंग करते 06 आरोपी आशीष शर्मा, कृष्णा नायक, लक्ष्मण साहू, संतोष चक्रधारी, मोनू मण्डावी एवं आदर्श मनहरे को पकड़ा गया। पूरे घटना का मास्टर माईंड आरोपी आशीष शर्मा एवं कृष्णा नायक है। दोनों आरोपी दिनांक घटना को ट्रक को चोरी कर रायपुर से नुआपाड़ा उड़ीसा ले जाकर ग्र्राम रोहनपुदर के जंगल में छिपा दिये थे। दोनों आरोपी ट्रक को कटिंग करने के उद्देश्य से पुनः रायपुर आये तथा किराये में पोकलैन मशीन, ट्रक को काटने हेतु गैस आदि सामान लेकर सभी आरोपी आशीष शर्मा के ट्रक में सवार होकर उड़ीसा के ग्र्राम रोहनपुदर जंगल में जाकर ट्रक को कटिंग कर रहे थे इसी दौरान पुलिस टीम द्वारा आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी की ट्रक को कटिंग हालत में अलग-अलग हिस्सों में जप्त करने के साथ ही घटना में प्रयुक्त ट्रक, पोकलैन मशीन, 06 नग गैस सिलेण्डर एवं गैस कटर जुमला कीमती लगभग 14,00,000/- रूपये जप्त कर आरोपियों के विरूद्ध कार्यवाही की गई। आरोपी आशीष शर्मा पूर्व में भी थाना उरला से सरिया चोरी के प्ररकण में जेल निरूद्ध रह चुका है। गिरफ्तार – 01. आशीष शर्मा पिता सुमित शर्मा उम्र 38 साल निवासी कटक उड़ीसा हाल पता छोटा अशोक नगर, गुढ़ियारी रायपुर। 02. कृष्णा नायक पिता राम नायक उम्र 37 साल निवासी भवानीपट्टनम उड़ीसा हाल हनुमान मंदिर सराईपाली महासमुंद। 03. लक्ष्मण साहू पिता ललित साहू उम्र 60 साल निवासी बंजारी नगर, रावाभांठा, खमतराई। 04. संतोष चक्रधारी पिता राम विलास चक्रधारी उम्र 36 साल निवासी पेण्ड्री, बेमेतरा। 05. मोनू मण्डावी पिता राम प्रसाद मण्डावी उम्र 19 साल निवासी पाण्डुतला थाना राढ़ी बालाघाट। 06. आदर्श मनहरे पिता मनहोत्रा मनहरे उम्र 18 साल निवासी काला मैदान गोगांव गुढ़ियारी रायपुर।
 

K.W.N.S.-रायपुर। विधानसभा में अनुपूरक बजट पर चर्चा की जा रही है। विधायको के वेतन और भत्ते में बढ़ोतरी करने की घोषणा की गई है। पहले 95 हजार प्रतिमाह विधायकों को वेतन मिलता था। अब उसमें बढ़ोतरी कर 1.60 हजार प्रतिमाह कर दिया गया है। विधायको के चिकित्सा और टेलीफोन भत्ते में 5-5 हजार की वृद्धि की गई है। निर्वाचन क्षेत्र के भत्ते में भी 25-25 हजार की बढ़ोतरी की गई है। इससे पहले मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की अध्यक्षता में विधानसभा परिसर स्थित उनके कार्यालय कक्ष में कैबिनेट की बैठक आयोजित की गई।
 

 
K.W.N.S.-रायपुर। कलेक्टर डॉ. भुरे ने सरोना के कचरा डंपिंग साइट का निरीक्षण किया। उन्होंने साइट पर दबे कचरे को उपचारित (रिमेडीयेशन) करने की जानकारी ली। साइट में उच्च न्यायालय के निर्देश पर 25 जून 2019 से कचरा डंप करना प्रतिबंधित है। बता दें कि डंपिंग साइट में 27 एकड़ में कचरे को उपचारित करने (रिमेडीयेशन) शासन ने लगभग 18 करोड़ रुपये की स्वीकृति दी है। साइट पर दबे लगभग साढ़े चार लाख मीट्रिक टन कचरेे से प्लास्टिक और अपशिष्टों को अलग कर उपचारित किया जाएगा। डंपिंग साइट पर वृहद वृक्षारोपण कर सौंदर्यीकरण किया जाएगा। इससे पहले कलेक्टर ने वाल्टेयर रेल्वे लाइन पर डी आर एम कार्यालय के पास बन रहे अंडरपास के कार्यो का निरीक्षण किया। उन्होंने कामों को तेजी से पूरा करने के निर्देश दिए ।इस अंडर पास के बन जाने से वाल्टेयर लाइन फाटक पर आवागमन का दबाब कम होगा और लोगो को जाम से भी निजात मिलेगी।
 

 
K.W.N.S.-रायपुर। नेशनल हेराल्ड अखबार से जुड़े मनी लांड्रिंग मामले में कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी से प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की पूछताछ के विरोध में कांग्रेस के प्रदर्शन और मुख्‍यमंत्री भूपेश बघेल द्वारा लगाए आरोपों पर भाजपा के राष्‍ट्रीय उपाध्‍यक्ष और पूर्व मुख्‍यमंत्री डा रमन सिंह ने पलटवार करते हुए कहा, भूपेश जी, जोर-जोर से चिल्लाने से, बात को डायवर्ट करने से आपके कोयला घोटाले, अवैध शराब की कमाई के पाप छिप नहीं जाएंगे। आपने मुझ पर औऱ मेरे परिवार पर जो भी झूठे आरोप लगाए हैं, उसमें एक रुपए का भी हेरफेर साबित करके दिखाएं, मैं डा रमन सार्वजनिक जीवन से सन्यास ले लूंगा। लेकिन तैयार आप भी रहिए। रमन सिंह ने कहा, आश्‍चर्य होता है कि कानून से ऊपर से कोई हो सकता है क्‍या। सोनिया गांधी हो या राहुल गांधी, किसी ने भी अपराध किया है तो पूछताछ होगी। प्रदर्शन के दौरान सीएम भूपेश के आरोपों का जवाब देते हुए रमन सिंह ने कहा, अगस्‍ता और पनामा घोटाले में टीएस सिंहदेव के साथ आप सुप्रीम कोर्ट गए थे, लेकिन वहां याचिका निरस्‍त कर दी गई। जहां तक नागरिक आपूर्ति घोटाले की बात है तो जिस ईडी का आप आज विरोध कर रहे हैं, अनिल टुटेजा और आलोक शुक्‍ला के खिलाफ उसी ईडी से जांच के लिए आपने पत्र लिखा था। चिटफंड मामले को लेकर रमन सिंह ने सीएम भूपेश पर जमकर निशाना साधा। इसके साथ ही उपसचिव के घर इंकम टैक्‍स की छापेमारी को लेकर भी पूर्व मुख्‍यमंत्री ने सीएम भूपेश से जवाब मांगा है।
 

K.W.N.S.-रायपुर। विधानसभा के मानसून सत्र में बीजेपी ने खाद-बीज की किल्लत पर सरकार से सवाल किया. भाजपा सदस्यों ने कहा कि आर्थिक तंगी की वजह से किसान आत्महत्या करने पर मजबूर हो रहे हैं. बीते साढ़े तीन सालों में 372 किसानों ने आत्महत्या की है. कृषि मंत्री रविंद्र चौबे ने कहा कि माँग की तुलना में केंद्र से खाद-बीज का आवंटन बेहद कम है. सदन की कार्रवाई के दौरान भाजपा ने खाद-बीज को लेकर स्थगन प्रस्ताव देते हुए सदन की कार्यवाही रोककर चर्चा की माँग उठाई. सदन में स्थगन प्रस्ताव की ग्राह्यता के बाद हुई चर्चा में बीजेपी विधायक शिवरतन शर्मा ने कहा कि दोगुनी क़ीमत पर किसानों को खाद-बीज की ख़रीदी करनी पड़ रही है. बिजली की अघोषित कटौती से भी किसान परेशान हैं. कहीं ट्रांसफार्मर ख़राब हुआ तो कई-कई दिन उसे ठीक करने कोई नहीं जाता. बीजेपी विधायक बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि छत्तीसगढ़ में सरकार है या नहीं? खेती करने की बजाय किसान खाद-बीज लेने चक्कर लगा रहा है. बीज निगम के पास पैसा नहीं है. सौ करोड़ रुपये के लोन के लिए अप्लाई किया गया है. सरकार की सोसाइटी में खाद नहीं है, लेकिन खुले बाज़ार में बिक रहा है. सोसाइटियों से खाद नहीं मिल रहा है, लेकिन ब्लैक मार्केट में आसानी से मिल रहा है. केंद्र खाद का पर्याप्त आवंटन कर रहा है. केंद्र से अब तक 85 फ़ीसदी खाद राज्य सरकार को मिल चुकी है. इस सरकार में ना तो चीफ़ सेक्रेटरी को फुर्सत है और ना ही सेक्रेटरी को.
 

K.W.N.S.-रायपुर। विधानसभा के मानसून सत्र के दूसरे दिन पीएम आवास योजना पर विपक्ष ने सरकार को घेरा. प्रश्नकाल में पूर्व सीएम रमन सिंह ने विषय को उठाया. इस पर सत्तापक्ष की ओर से भाजपा विधायकों के घड़ियाली आंसू बनाए जाने की बात कही, जिससे असंतुष्ट होकर बीजेपी विधायकों ने वॉकआउट किया. डॉ. रमन सिंह ने कहा कि आवास बन नहीं पाए. इस पर एक मंत्री इस्तीफा दे देते हैं. इस पर आसंदी से विधानसभा अध्यक्ष डॉ. चरणदास महंत ने कहा कि उन्होंने पद से इस्तीफा नहीं दिया है. उन्होंने अपने विभाग को छोड़ दिया है. मैं संशोधित कर रहा हूं. बीजेपी विधायक बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि आप मंत्री की ओर से स्पष्टीकरण दे रहे हैं, जबकि मुख्यमंत्री है यहां उन्हें बताना चाहिए. डॉक्टर रमन सिंह ने कहा कि प्रदेश में आवास योजना का बुरा हाल है. मेरे पास ऐसे कई पत्र हैं, जिसमें केंद्र की ओर से भी इस योजना को लेकर राज्य को लिखा गया है. मंत्री टी एस सिंहदेव की ग़ैर मौजूदगी में जवाब देते हुए मंत्री मो. अकबर ने कहा कि 2019-20 के स्वीकृत आवास के लिए कैबिनेट ने राज्यांश के हिस्से के लिए 762 करोड़ रुपए लोन लेने की स्वीकृति दी गई थी. पंजाब नेशनल बैंक ने सेंशन भी कर दिया, लेकिन आरबीआई ने अड़ंगा लगा दिया.
 

K.W.N.S.-रायपुर। टाटा एस ने कार को ठोकर मार दी. पुलिस के मुताबिक डीडी नगर निवासी हरीश कुमार साहु अपने दोस्त अंशुल शर्मा की कार क्रमाक CG-04-DC-8100 में दिनेश शर्मा के साथ बेरला गया हुआ था. दोनों बेरला से वापस रायपुर लौट रहे थे, इस दौरान टाटीबंध चौक के पास पहुंचा ही था. इस दौरान टाटा 1109 क्रमाक CG-07-AV-2499 के चालक ने लापरवाहीपुर्वक वाहन को ओवर टेक करते ठोकर मारकर एक्सीडेन्ट कर दिया। एक्सीडेन्ट से कार क्षतिग्रस्त हो गया है। हादसे की शिकायत आमानाका थाने में की गई है. जिस पर पुलिस ने आरोपी टाटा एस के चालक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
 

K.W.N.S-रायपुर। कोरिया जिले के मनेन्द्रगढ़ की रहने वाली प्रीति टोप्पो एक गरीब परिवार से संबंध रखती हैं। दो साल पहले छत्तीसगढ़ में आज ही के दिन गोधन न्याय योजना की शुरूआत हुई। प्रीति को लगा जैसे ये योजना उन्हीं के लिए बनायी गयी है। प्रीति ने अपने ही जैसे अन्य महिलाओं के साथ एक महिला स्व सहायता समूह बनाया और गोबर संग्रहण के साथ ही वर्मी कंपोस्ट खाद के निर्माण में जुट गईं। आज दो वर्षों बाद प्रीति टोप्पो समूह के माध्यम से 93 लाख रूपए का वर्मी कंपोस्ट खाद बेच चुकी हैं । अब उन्हें अपनी आर्थिक आजादी के लिए किसी अन्य पर निर्भर रहने की जरूरत नहीं पड़ती है। प्रीति ना सिर्फ खुद का बल्कि अपने साथ जुड़ी समूह की महिलाओं के लिए भी आर्थिक बदलाव लायी हैं और ये सब कुछ मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल की दूरदर्शी सोच की वजह से संभव हो सका है जिन्होंने गोबर खरीदने की योजना बनाई और इस योजना से आज प्रीति जैसी हजारों महिलाएं आर्थिक स्वालवंबन की नई कहानियां लिख रही हैं। कोरिया जिले के मनेन्द्रगढ़ के शहरी गौठान में वर्मी कम्पोस्ट निर्माण में संलग्न स्वच्छ मनेन्द्रगढ़ क्षेत्र स्तरीय संघ, जो एक महिला स्वसहायता समूह है, आजकल काफी चर्चा में है और इस चर्चा का विषय यह है कि किस तरह इस समूह ने वर्मी कंपोस्ट खाद बेचकर 93 लाख रूपए कमाए हैं। चर्चा भी क्यों ना हो , किसने सोचा था कि गोधन इतने काम का हो सकता है। धार्मिक कार्यों में गोबर का बेहद महत्व है पर मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ सरकार ने गोबर को आर्थिक बदलाव की धुरी बना दिया है। गोधन न्याय योजना पूरे देश में अपने किस्म की अनूठी योजना है। शासन की गोधन न्याय योजना ने गोबर को एक कमोडिटी में तब्दील कर दिया है। आज गोबर बेचा और खरीदा जा रहा है। छत्तीसगढ़ सरकार गोबर की खरीदी कर रही है। इस गोबर से गौठानों में स्व सहायता समूहों के द्वारा वर्मी कंपोस्ट खाद बनाई जा रही है। इसी खाद के विक्रय से समूहों को जो लाभ हो रहा उससे उनके जीवन में बड़ा बदलाव आ रहा है। शुरू मे घर वाले नहीं मान रहे थे, काम करना कठिन लग रहा था, लाभ से मिले पैसों से बहन की शादी में लिया कर्ज छुड़ायाःप्रीति टोप्पो पूरे जिले में सर्वाधिक वर्मी कम्पोस्ट खाद का उत्पादन करने वाली विकासखण्ड मनेन्द्रगढ़ की स्वच्छ मनेन्द्रगढ़ क्षेत्र स्तरीय संघ की सदस्य श्रीमती प्रीति टोप्पो बताती हैं कि “गोधन न्याय योजना शुरू हुई तो शहर के गौठान में समूह के रूप में जुड़कर वर्मी कम्पोस्ट निर्माण का कार्य शुरू किया, तब घर-परिवार के लोग खुश नहीं थे, लेकिन जैसे-जैसे उत्पादन एवं विक्रय से लाभ मिला, लोगों का हमारे प्रति नजरिया बदलने लगा। इस योजना से हमें स्वरोजगार का जरिया मिला है समाज में हमारा मान-सम्मान बढ़ा है। प्रीति ने बताया उसे लाभांश से लगभग 50 हज़ार रुपये मिले हैं। उसने बहन की शादी में कुछ कर्ज लिया था, वो इस पैसे से छूट गया और बच्चों को स्कूल आने-जाने के लिए साईकल लेकर दी है। घर के लोग पहले घर मे टाइम ना दे पाने के कारण थोड़ा नाराज़ थे पर अब आय देखकर खुश हैं। आत्मनिर्भरता का मिला रास्ता इस समूह में 73 महिलाएं हैं। गौठान में वर्मी कम्पोस्ट खाद उत्पादन के काम से जुड़ी कोई महिला निर्धन परिवार से है तो किसी ने कभी घर से बाहर निकलकर कभी काम नहीं किया। इस काम से हुई कमाई ने उन्हें अपने परिवार का मजबूत स्तंभ बनाया है। उन्हें आत्मविश्वास और आत्मनिर्भरता का रास्ता दिखाया है। समूह द्वारा अब तक 9 लाख 30 हजार किलोग्राम वर्मी कम्पोस्ट खाद उत्पादन कर बेचा गया है जिसके एवज में समूह को 93 लाख रूपए का भुगतान किया गया है। मुख्यमंत्री से मिलने के बाद बढ़ा हौंसला प्रीति का कहना है कि मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल के भेंट-मुलाकात कार्यक्रम में उनसे बातचीत करने के बाद उनके समूह का हौंसला और बढ़ गया है। प्रीति कहती हैं कि राज्य के मुखिया से सीधे बात करना मेरे लिए और पूरे समूह के लिए बड़ा क्षण था। उन्होंने हमारा हौसला बढ़ाया और कहा कि गौठान का टर्नओवर जल्द ही एक करोड़ हो जायेगा। उनकी इस बात ने समूह में नई ऊर्जा का संचार किया है और समूह की सभी महिलाएं इस दिशा में दुगुनी मेहनत कर रही हैं। सुबह डोर टू डोर कचरा कलेक्शन और दोपहर में खाद निर्माण का कार्य मनेंद्रगढ़ की इस महिला स्व सहायता समूह की ज्यादातर महिलाएं गरीब परिवारों से हैं। सुबह वे डोर टू डोर कचरा कलेक्शन का काम करती हैं जिससे उन्हें प्रतिमाह 6 हजार रूपए की आमदनी होती है। दोपहर में खाद निर्माण का काम करती हैं, इस कार्य में होने वाले लाभ में इन महिलाओं को लाभांश मिलता है। अब तक जिले के वर्मी उत्पादक समूहों को 9 करोड़ से ज्यादा का हो चुका है भुगतान कोरिया जिले में 332 गौठानों में संलग्न 345 महिला स्व-सहायता समूहों के द्वारा वर्मी कम्पोस्ट का उत्पादन एवं विक्रय किया जा रहा है। अब तक जिले में 1.30 लाख क्विंटल वर्मी कम्पोस्ट एवं सुपर कम्पोस्ट का उत्पादन किया गया है जिसमें से 92 हजार 805 क्विंटल वर्मी खाद विक्रय किया जा चुका है। इसके एवज में समूहों को 9.28 करोड़ की आय हुई है और जिसमें समूह का शुद्ध लाभांश 3.52 करोड़ रूपये रहा है। जिले में 342 स्थानों पर गोबर खरीदी की जा रही है। इसमें 13 हजार ज्यादा विक्रेताओं से 3.93 लाख क्विंटल गोबर खरीदी की गई है और विक्रेताओं के खाते में 7.86 करोड़ रूपये सीधे अंतरित किए गए हैं।
 

 
K.W.N.S-रायपुर। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने आज विधानसभा में अपने कार्यालय कक्ष के सौंदर्यीकरण कार्य का लोकार्पण किया। मुख्यमंत्री के विधानसभा स्थित कार्यालय कक्ष को पूरी तरह से छत्तीसगढ़ की ग्रामीण सभ्यता एवं बस्तर की संस्कृति की थीम पर तैयार किया गया है। कार्यालय कक्ष का प्रवेश द्वार गांव के किसी घर के प्रवेश द्वार का अहसास दिलाता है। कार्यालय कक्ष के प्रवेश पर बस्तर के परंपरागत आदिवासी नृत्यों को उकेरा गया है जिससे बस्तर की संस्कृति का सजीव अहसास होता है। बस्तर आर्ट के साथ ही छत्तीसगढ़ के वनोपज पर आधारित कलाकृतियां भी उकेरी गयी हैं। कक्ष के सौंदर्यीकरण कार्य में छत्तीसगढ़ राज्य की लोकसंस्कृति, लोकनृत्य, बस्तर आर्ट एवं ग्रामीण परिवेश का बेहद खूबसूरती से समावेश किया गया है । मुख्यमंत्री के कक्ष में छत्तीसगढ़ महतारी की फोटो लगायी गयी है जो राज्य के प्रति प्रेम एवं श्रद्धा को दर्शाता है । सभा कक्ष में दीवार पर राज्य गीत ‘अरपा पैरी के धार..’ भी उकेरा गया है। कक्ष की दीवार पर गौर सींग, बस्तर की विश्व प्रसिद्ध बेल मेटल की आदिवासी लोकनृत्य करते हुये कलाकृतियां लगी हैं जिसमें हमारे राज्य की समृद्ध लोकसंस्कृति दिखती है । छत्तीसगढ़ राज्य वनों से आच्छादित एवं जैव–विविधता से परिपूर्ण है । इसलिये कक्ष के सौंदर्यीकरण में लगायी गयी तस्वीरों में वृक्षों, पशु-पक्षियों को प्रमुखता से दिखाया गया है । कक्ष की दीवारों पर गाय-बैलों की जोड़ी की तस्वीर भी लगायी गयी है क्योंकि छत्तीसगढ़ राज्य में गाय आस्था का प्रतीक तो है ही साथ ही यहां के किसानों द्वारा की जाने वाली खेती में बैलों का अलग ही महत्व है । गोवर्धन पूजा के दिन किसान गाय- बैलों को सजाकर पूजा भी करते हैं। कक्ष के दरवाजों को पारंपरिक ग्रामीण परिवेश की तरह बनाया गया है । विधानसभा स्थित मुख्यमंत्री कार्यालय कक्ष के सौंदर्यीकरण में मुख्यमंत्री कक्ष के अतिरिक्त एक मीटिंग रूम, दो कॉमन पैसेज भी सुसज्जित किये गये हैं । कार्यालय कक्ष के भीतर जलने वाले लाइट को लैंप के भीतर लगाया गया है। बस्तर के प्रसिद् गौर नृत्य में इस्तेमाल किए जाने वाले गौर मुकुट को लैंप की तरह इस्तेमाल किया गया है और इसके भीतर बल्ब लगाया गया है जो बस्तर में उपस्थित होने का अहसास दिलाता है। मुख्यमंत्री के कार्यालय कक्ष में बेल मेटल की कलाकृतियों की तस्वीरें लगायी गयी हैं, इसके अलावा सूर्य के आकार में दो कलाकृतियां लगायी गयी हैं जिसमें किरणों के स्थान पर नृत्य करते हुए ग्रामीणों को दर्शाया गया है। मुख्यमंत्री की कुर्सी के पीछे छत्तीसगढ़ शासन का लोगो लगाया गया है। मुख्यमंत्री के विधानसभा स्थित कार्यालय कक्ष को पूरी तरह से ग्रामीण परिवेश में ढालने की कोशिश की गयी है ताकि यहां पर संपूर्ण छत्तीसगढ़ की संस्कृति की झलक मिलती रहे। मुख्यमंत्री के कार्यालय कक्ष के सौंदर्यीकरण कार्य लोक निर्माण विभाग द्वारा किया गया है।