Browsing: रायपुर

K.W.N.S-रायपुर: मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल ने कहा है कि 28 जुलाई को हरेली तिहार से गोधन न्याय योजना का विस्तार करते हुए गोबर के साथ-साथ गौ-मूत्र की खरीदी की शुरूआत की जाएगी। गौ-मूत्र की खरीदी के लिए 4 रुपए प्रति लीटर की दर प्रस्तावित की गई है। खरीदे गए गौ-मूत्र का उपयोग जीवामृत कीटनाशकों और खाद के निर्माण के लिए किया जाएगा। इससे राज्य में जैविक खेती को और मजबूती मिलेगी तथा पशुपालकों की आय में भी बढ़ोतरी होगी।मुख्यमंत्री ने आज विधानसभा परिसर स्थित अपने कार्यालय कक्ष में ‘गोधन न्याय योजना’ की दूसरी सालगिरह पर गोधन न्याय योजना के हितग्राहियों के खाते में 48वीं किश्त की राशि के रूप में 7 करोड़ 48 लाख रूपए की राशि का ऑनलाइन भुगतान करने के बाद कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए इस आशय के विचार व्यक्त किए। मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए कहा कि महिला स्व-सहायता समूहों तथा सहकारी समितियों को वर्मी कम्पोस्ट के विक्रय पर बोनस दिया जाएगा। इस संबंध में आदेश जारी कर दिया गया है। महिला समूहों को प्रति किलो वर्मी कम्पोस्ट के विक्रय पर 01 रुपए तथा सहकारी समितियों को 10 पैसे का बोनस मिलेगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि 07 जुलाई 2022 तक बिक चुके कम्पोस्ट के लिए महिला समूहों को बोनस के रूप में 17 करोड़ 64 लाख रुपए तथा सहकारी समितियों को 01 करोड़ 76 लाख रुपए की प्रोत्साहन राशि दी जाएगी। मुख्यमंत्री श्री बघेल द्वारा आज गोधन न्याय योजना के हितग्राहियों के खाते में अंतरित की गई राशि में एक जुलाई से 15 जुलाई तक राज्य के गौठानों में पशुपालकों, ग्रामीणों, किसानों, भूमिहीनों से क्रय किए गए गोबर के एवज में 2.69 करोड़ रूपए भुगतान, गौठान समितियों को 2.88 करोड़ और महिला समूहों को 1.91 करोड़ रूपए की लाभांश राशि का भुगतान शामिल है। गोबर खरीदी के एवज में आज किए गए भुगतान की राशि को मिलाकर अब तक 153.44 करोड़ रूपए का भुगतान किया जा चुका है। इसी तरह योजना के तहत अब तक गौठान समितियों एवं महिला स्व-सहायता समूहों को 147.99 करोड़ रूपए का भुगतान किया जा चुका है। इस अवसर पर कृषि मंत्री श्री रविन्द्र चौबे, वन मंत्री श्री मोहम्मद अकबर, उद्योग मंत्री श्री कवासी लखमा, संस्कृति मंत्री श्री अमरजीत भगत, नगरीय विकास मंत्री डॉ. शिव कुमार डहरिया, मुख्यमंत्री के सलाहकार द्वय श्री विनोद वर्मा और श्री रूचिर गर्ग, मुख्य सचिव श्री अमिताभ जैन, मुख्यमंत्री के अपर मुख्य सचिव श्री सुब्रत साहू, कृषि उत्पादन आयुक्त डॉ. कमलप्रीत सिंह, गोधन न्याय मिशन के प्रबंध संचालक डॉ. अय्याज तम्बोली, मुख्यमंत्री के सचिव श्री सिद्धार्थ कोमल सिंह परदेशी कार्यक्रम में उपस्थित थे। मुख्यमंत्री ने गोधन न्याय योजना के दो वर्ष पूर्ण होने पर योजना के सभी हितग्राहियों और प्रदेशवासियों को बधाई देते हुए कहा कि 20 जुलाई 2020 को हरेली तिहार के दिन से हम लोगों ने छत्तीसगढ़ में गोबर खरीदी की शुरुआत की थी। तब से लेकर अब तक राज्य में लगातार गोबर की खरीदी और वर्मी कंपोस्ट का निर्माण किया जा रहा है। केवल 02 वर्षों में इस योजना ने जो सफलताएं अर्जित की हैं, उसे पूरे देश में इस योजना को सराहा जा रहा है। देश के अनेक राज्यों ने हमारा अनुसरण करके अपने यहां भी इसी तरह की योजनाएं लागू की हैं। हम गोबर खरीद कर न केवल वर्मी कंपोस्ट बना रहे हैं, बल्कि गोबर से बिजली उत्पादन करने, प्राकृतिक पेंट बनाने, तरह-तरह की सामग्री बनाने का काम भी हम कर रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि गोधन न्याय योजना ने स्व सहायता समूहों की हमारी बहनों को आर्थिक रूप से स्वावलंबी बनने का एक बड़ा अवसर दिया है। गोबर विक्रेताओं और गोठान समितियों ने भी इन दो वर्षों में अच्छी आय अर्जित की है। किसान भाईयों में पशुपालन को लेकर रुचि बढ़ी है। गौठानों में संचालित विभिन्न् आजीविका गतिविधियों से 13 हजार 969 स्व सहायता समूहों को अब तक 74 करोड़ 68 लाख रुपए की आय हो चुकी है। गोधन न्याय योजना के अंतर्गत ही गौठानों में तेल मिल और दाल मिल जैसी प्रसंस्करण इकाइयों की स्थापना की जा रही है। राज्य के गौठानों 227 तेल मिलों और 251 दाल मिलों की स्थापना की जा रही है। इनमें से 86 तेल मिल और 134 दाल मिल स्थापित की जा चुकी हैं। आने वाले समय में गोधन न्याय योजना सफलता के और नये आयाम स्थापित करेगी। कृषि मंत्री श्री रविन्द्र चौबे ने कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए कहा कि आज गोधन न्याय योजना को दो वर्ष हो गए हैं, योजना के प्रारंभ होने से अब तक गोधन न्याय योजना का काफी विस्तार किया गया है। योजना की लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है। इस योजना से ग्रामीणों, पशुपालकों, महिला समूहों को आय और रोजगार का नया साधन मिला है। योजना के तहत अब तक 8 हजार 408 गौठान निर्मित किए गए हैं, लगभग 1456 गौठान एसे है, जहां 30 क्विंटल से अधिक गोबर की खरीदी 01 से 15 जुलाई तक की गई है। ग्रामीणों और किसानों का विश्वास योजना के प्रति जगा है। कृषि उत्पादन आयुक्त डॉ. कमलप्रीत सिंह ने योजना की प्रगति की विस्तृत जानकारी दी।
 

 
K.W.N.S-रायपुर। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने आज यहां विधानसभा परिसर स्थित अपने कार्यालय कक्ष के सौंदर्यीकरण कार्य का लोकार्पण किया। विधानसभा अध्यक्ष डॉ चरणदास महंत, नेता प्रतिपक्ष धरमलाल कौशिक, संसदीय कार्य मंत्री रविंद्र चौबे, गृहमंत्री ताम्रध्वज साहू, वनमंत्री मोहम्मद अकबर, नगरीय प्रशासन एवं विकास मंत्री डॉ. शिवकुमार डहरिया, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी मंत्री गुरु रुद्रकुमार, विधायक मोहन मरकाम, मुख्य सचिव अमिताभ जैन, अपर मुख्य सचिव सुब्रत साहू, लोक निर्माण विभाग के सचिव सिद्धार्थ कोमल सिंह परदेशी इस अवसर पर उपस्थित थे.
 

K.W.N.S-रायपुर। विधानसभा अध्यक्ष डॉ चरणदास महंत की अध्यक्षता में आज यहां विधानसभा के समिति कक्ष में कार्य मंत्रणा समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, नेता प्रतिपक्ष धरमलाल कौशिक, संसदीय कार्य मंत्री रविंद्र चौबे सहित समिति के सदस्य उपस्थित थे. बता दें कि छत्तीसगढ़ विधानसभा का मानसून सत्र आज से शुरू हो रहा है. 27 जुलाई तक चलने वाले सत्र के दौरान पंचायत मंत्री टीएस सिंहदेव के इस्तीफे पर जहां विपक्ष सरकार को घेरेगी, वहीं दिल्ली में ईडी के सोनिया गांधी को नेशनल हेराल्ड मामले में पूछताछ के लिए बुलाए जाने से विधानसभा की कार्रवाई स्थगित होने के भी आसार हैं.
 

 
K.W.N .S.-रायपुर। राज्य सरकार द्वारा विभिन्न देशों में निवासरत छत्तीसगढ़ के अप्रवासी भारतीयों को एक सूत्र में जोड़ने तथा प्रदेश की कला संस्कृति एवं साहित्य को संजोए रखने के लिए एन.आर.आई. सेल का गठन किया गया है। भारतीय मूल के कोरबा निवासी पल्लव शाह को एन.आर.आई. सेल का समन्वयक मनोनीत किया गया है। शाह वर्तमान में बोस्टन (एम.ए), यू.एस.ए. में निवासरत है। एन.आर.आई. सेल के माध्यम से छत्तीसगढ़ी कला-संस्कृति एवं साहित्य को संजोए रखने के साथ-साथ उनका व्यापक प्रचार-प्रसार तथा अप्रवासी भारतीयों के साथ जीवंत सम्पर्क बनाए रखने तथा राज्य की प्रगति के लिए ऐसे अप्रवासी भारतीयों से सुझाव-सूचनाएं प्राप्त करने तथा उनके क्रियान्वयन करने की दिशा में कार्य किया जाएगा।
 

K.W.N .S.- रायपुर। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने आज यहां फूल चौक में आयोजित डॉ. खूबचन्द बघेल जयंती समारोह में कहा कि, छत्तीसगढ़ राज्य निर्माण सपना देखने वाले पहले व्यक्ति थे डॉ खूबचन्द बघेल। देश की स्वतंत्रता के आंदोलन में उनके योगदान को भी सीएम ने याद किया। समारोह के बाद मीडिया से चर्चा करते हुए सीएम ने कहा कि छत्तीसगढ़ की सरकार आम जनता के जेब में पैसे डालने का काम करती है, लेकिन केंद्र सरकार आम आदमी की जेब से कैसे पैसा निकाला जाए इस पर काम करती है। अब तो पनीर, दही सहित अन्य खाद्य पदार्थ जो रोज घरों में उपयोग होते हैं उन पर भी जीएसटी लगा दिया है। सीएम ने कहा कि, केंद्र सरकार ने लोगों का जीना दूभर कर दिया है। वहीं प्रदेश सरकार की गोमूत्र खरीदी योजना पर सीएम ने कहा, हरेली के दिन से खरीदी शुरू की जाएगी। बहुत सारे साथी हैं जो जैविक खेती करना चाहते हैं, ऐसे लोगों के लिए गोमूत्र से दवाई भी हम बनाएंगे, ताकि जैविक खेती को ज्यादा से ज्यादा बढ़ावा दिया जा सके। सीएम ने एक सवाल के जवाब में कहा कि, कल से विधानसभा का सत्र चालू होगा। इस मानसून सत्र में अनेक सवाल, ध्यानाकर्षण और स्थगन लगाए गए हैं। हमारी पूरी तैयारी है। बैठक भी हमारी हो गई है, विधानसभा में पूरी ताकत के साथ हमारे साथी जवाब देंगे।
 

 
K.W.N .S.- रायपुर। राज्य शासन के राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग द्वारा बनाए गए राज्य स्तरीय नियंत्रण कक्ष द्वारा संकलित जानकारी के मुताबिक एक जून 2022 से अब तक राज्य में 445.6 मिमी औसत वर्षा दर्ज की जा चुकी है। राज्य के विभिन्न जिलों में 01 जून से आज 19 जुलाई तक रिकार्ड की गई वर्षा के अनुसार बीजापुर जिले में सर्वाधिक 1121.7 मिमी और बलरामपुर जिले में सबसे कम 140.4 मिमी औसत वर्षा दर्ज की गयी है। राज्य स्तरीय बाढ़ नियंत्रण कक्ष से प्राप्त जानकारी के अनुसार एक जून से अब तक सरगुजा में 161.7 मिमी, सूरजपुर में 231.1 मिमी, जशपुर में 181.0 मिमी, कोरिया में 249.4 मिमी, रायपुर में 327.4 मिमी, बलौदाबाजार में 413.0 मिमी, गरियाबंद में 526.9 मिमी, महासमुंद में 466.9 मिमी, धमतरी में 550.0 मिमी, बिलासपुर में 460.0 मिमी, मुंगेली में 499.3 मिमी, रायगढ़ में 382.5 मिमी, जांजगीर-चांपा में 515.9 मिमी, कोरबा में 331.6 मिमी, गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही में 450.9 मिमी, दुर्ग में 432.7 मिमी, कबीरधाम में 425.9 मिमी, राजनांदगांव में 512.2 मिमी, बालोद में 607.4 मिमी, बेमेतरा में 326.3 मिमी, बस्तर में 546.7 मिमी, कोण्डागांव में 539.6 मिमी, कांकेर में 639.7 मिमी, नारायणपुर में 465.2 मिमी, दंतेवाड़ा में 537.0 मिमी और सुकमा में 435.5 मिमी औसत वर्षा रिकार्ड की गई।
 

 
 K.W.N .S.-रायपुर। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल बेबीलोन कैपिटल पहुंचे, जहाँ एक न्यूज़ चैनल के कार्यक्रम में शामिल हुए. मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कार्यक्रम में कहा- प्रदेश में मानसून आ गया है और रोका छेका का काम चल रहा है, अच्छे काम में बाधाएं आती ही हैं, छत्तीसगढ़ महतारी की सेवा में हम लोग निकले हैं, आज खूबचंद बघेल की जयंती के अवसर पर मैं कह रहा हूं कि हमारी सरकार महापुरूषों के नक्शेकदम पर चल रही है. हम स्वास्थ्य, शिक्षा रोजगार के क्षेत्र में लगातार काम कर रहे हैं, सस्ती दवाइयों से लोगों को राहत दे रहे हैं. बीमारी का कोई बजट नहीं होता है, बीमारी के लिए भी 20 लाख तक की सहायता करने वाली छत्तीसगढ़ की सरकार देश पहली सरकार है. आदिवासी संस्कृति के संरक्षण और संवर्धन करने का काम हमारी सरकार कर रही है. गौमाता की सच्ची सेवा कर रहे हैं, हरेली से गौमूत्र भी खरीदने जा रहे हैं. माटीपूजन के कार्यक्रम से हमने ग्लोबल वार्मिंग को लेकर संदेश दिया है, माटी से हम जो ले रहे हैं थोड़ा तो धरती मां को वापस भी करें… गोधन न्याय योजना से यही कर रहे हैं. आगे सीएम ने कहा – हम कृष्ण कुंज बना रहे हैं ताकि आने वाली पीढ़ी जीवनदायी वृक्षों के बारे में जाने, हम सभी को ऐसे पौधे लगाने चाहिए ताकि पर्यावरण संरक्षण के साथ ही इनका संवर्धन भी हो सके, आज ही के दिन इंदिरा गांधी जी ने बैंकों का राष्ट्रीयकरण किया था. पहले बैंक कुछ चुनिंदा लोगों के लिए था, राष्ट्रीयकरण से लोगों की बैंकों तक पहुंच हुई. अब फिर से निजीकरण हो रहा है, लोगों की समस्याएं बढ़ रही हैं. दूरस्थ क्षेत्रों में सरकारी बैंकों की सेवाएं हैं, निजीकरण होने के बाद बैंक दूरस्थ लोगों का ध्यान क्यूं रखेंगे, इससे वंचित वर्ग के लोग, नवोदित व्यापार करने वालों को परेशानी होगी।
 

K.W.N .S.-रायपुर। मुख्य सचिव अमिताभ जैन ने 15 अगस्त 2022 स्वतंत्रता दिवस पर आयोजित होने वाले समारोह एवं कार्यक्रमांे के निर्धारण एवं तैयारियों के संबंध में अधिकारियों की उच्च स्तरीय बैठक ली। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए आज मंत्रालय में आयोजित इस बैठक में राज्य शासन के सभी विभागों के विभागीय सचिव शामिल हुए। बैठक में मुख्य सचिव ने अधिकारियों को सम्बोधित करते हुए निर्देशित किया कि राजधानी सहित सभी जिलों में स्वतंत्रता दिवस का राष्ट्रीय पर्व गरिमापूर्ण तरीके से मनाया जाएगा। मुख्य सचिव ने स्वतंत्रता दिवस पर राजधानी रायपुर के पुलिस परेड ग्राउण्ड में आयोजित होने वाले राज्य स्तरीय मुख्य समारोह में परेड सहित अन्य कार्यक्रमों के आयोजन के संबंध में अधिकारियों को आवश्यक तैयारियां करने एवं समुचित व्यवस्था बनाने के निर्देश दिए। मुख्य सचिव ने अधिकारियों से कहा कि हर घर तिरंगा अभियान के तहत जिला कलेक्टरों को झंडा वितरण के संबंध में आवश्यक दिशा निर्देश दिए जायें। उन्होंने विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि अपने अधीनस्थ सभी शासकीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों के घरों में तिरंगा फहरायें। मुख्य सचिव ने कलेक्टर रायपुर से राजधानी में स्वतंत्रता दिवस समारोह के कार्यक्रमों के आयोजन की तैयारियों के संबंध में विस्तार से जानकारी ली एवं आवश्यक निर्देश दिए। मुख्य सचिव ने सामान्य प्रशासन विभाग के सचिव को स्वतंत्रता दिवस मनाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश सभी विभागों के प्रमुख अधिकारियों एवं जिला कलेक्टरों के शीघ्र जारी करने के निर्देश दिए।
 

K.W.N .S.-रायपुर। ट्रांसपोर्ट नगर स्थित एक व्यवसायी के मकान से अज्ञात बदमाशों ने नगद समेत सोने- चांदी के जेवरात लगभग पांच लाख की चोरी कर ली। घटना के वक्त पूरा परिवार रायपुर गया था। चोरी की घटना सीसीटीवी में कैद हो गई। मामले की रिपोर्ट पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। कोतवाली की सीएसईबी पुलिस चौकी अंतर्गत ट्रांसपोर्टनगर में प्लाट नंबर 53 में श्रवण कुमार बेरीवाल परिवार समेत निवासरत हैं। उनका किलोस्कर पंप की एजेंसी है। बताया जा रहा है कि श्रवण कुमार पारिवारिक कार्यवश पूरे परिवार के साथ रायपुर गए थे। किसी अज्ञात बदमाश ने उनके सूने मकान में घूस कर चोरी कर ली। सूनेपन का फायदा उठाते हुए चोरों ने बड़े इत्मीनान से वारदात को अंजाम दिया है और सोने, चांदी के जेवरात आलमारी से बाहर निकाला। चोरों ने आलमारी को पूरी तरह खंगाला है और सभी सामानों को बिखेर दिया है। जेवरात अपने साथ ले गए और खाली डब्बा छोड़ दिए। सीसीटीवी में पूरी घटना कैद हो गई। बेरीवाल परिवार सुबह रायपुर से वापस लौटा, तब उन्हें घटना की जानकारी हुई। मामले की सूचना सीएसईबी पुलिस को दी गई। सूचना मिलने के बाद मौके पर कोतवाली टीआई राजीव श्रीवास्तव, सीएसईबी चौकी प्रभारी एसआई नवल साव, रामपुर चौकी व सायबर सेल प्रभारी एसआई कृष्णा साहू आदि ने पहुंचकर जांच-पड़ताल शुरू की। सीसीटीवी फुटेज खंगालने के साथ ही आरोपितों का सुराग तलाशने पुलिस के ट्रैकर डाग बाघा की भी मदद ली जा रही है। पुलिस का कहना है कि आरोपितों को जल्द पकड़ लिया जाएगा। टीम बना कर आरोपितों की पतासाजी की जा रही है। व्यवसायी के घर 5 लाख की चोरी, सूनेपन का फायदा उठाकर बदमाशों ने दिया अंजाम
 

 K.W.N .S.-रायपुर। राज्य शासन द्वारा संघ लोक सेवा आयोग की सिविल सेवा परीक्षा 2022 में सफल होने वाले अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति अभ्यर्थियों को एक लाख रूपये की प्रोत्साहन राशि दी जाएगी। इसके लिए पात्र अभ्यर्थियों से 26 जुुलाई 2022 तक आवेदन लिए जाएंगे। आवेदन पत्र का प्रारूप, पात्रता तथा शर्ते आदिम जाति विकास विभाग की वेबसाईट www.tribal.cg.gov.in से डाउनलोड किया जा सकता है। इच्छुक एवं पात्र अभ्यर्थी निर्धारित प्रपत्र में आवेदन पत्र कार्यालय आयुक्त, आदिम जाति तथा अनु.जाति विकास, ब्लाक-डी, भूतल, इन्द्रावती भवन, नवॉ रायपुर अटल नगर छ.ग. मे अंतिम तारीख तक जमा कर पावती प्राप्त कर सकते है। आवेदन पत्र समय सीमा में रजिस्ट्रर्ड डाक से भी उल्लेखित पते पर भेजा सकता है।