Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.
Browsing: रायपुर

K.W.N.S.-रायपुर। मंत्री कवासी लखमा बाढ़ से प्रभावित बस्तर इलाकों का दौरा करेंगे। दरअसल सुकमा जिले में बीते 3 दिनों से लगातार भारी बारिश जारी है। तेलंगाना के भद्राचलम में गोदावरी नदी ख़तरे के निशान से ज्यादा है, शबरी नदी का जलस्तर बढ़ रहा है। बस्तर को हैदराबाद से जोड़ने वाली NH30 में भी पानी भर हुआ है। कोन्टा भद्राचलम के बीच कई जगह NH में पानी भरा हुआ है। NH में बीते 24 घंटे से आवागमन बंद है। सुकमा में मंत्री कवासी लखमा ने अधिकारियों को अलर्ट रहने के लिए निर्देश दिया है। वही मौसम विभाग ने प्रदेश के एक – दो स्थानों पर भारी से अति भारी वर्षा के आसार जताया है। वहीं अधिकांश स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा की संभावना भी जाहिर की है।

K.W.N.S.-रायपुर। रायपुर शहर में सड़क और यातायात को नियंत्रित कर सुरक्षित आवागमन के लिए आज जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में गहन विचार विमर्श किया गया। बैठक में लोकसभा सांसद सुनील सोनी सहित कलेक्टर डॉ सर्वेश्वर भुरे और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रशांत अग्रवाल भी शामिल हुए। बैठक में रायपुर में सात अति दुर्घटनाजन्य जगहों पर दुर्घटनाएं रोकने के लिए किए जाने वाले उपायों पर भी चर्चा की गई। बैठक में रिंग रोड नं 1 पर पचपड़ी नाका, कुशालपुर और रायपुरा फ्लाईओवर के पास सर्विस रोड और सड़क किनारे लगे हाई टेंशन बिजली के खंबों को हटाकर सर्विस रोड को चौड़ी करने का काम तेजी से शुरू कराने पर भी चर्चा की गई। रायपुर जिले के सात ब्लैक स्पॉट- रायपुर जिले में इस समय ऐसे सात ब्लैक स्पॉट है। इनमें राष्ट्रीय राजमार्ग क्रमांक 53 पर टाटीबंद चौक, पिंटू ढाबा से सिरीखेड़ी ओवरब्रिज कटिंग तक, मंदिरहसौद बस स्टैंड चौक तथा महात्मा गांधी सेतु महानदी पारा गांव, राष्ट्रीय राजमार्ग क्रमांक 30 पर मेटल पार्क मोड़ से धनेली नाला, सिलतरा मोड़ से सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया के सामने तक सिलतरा तथा दैनिक भास्कर प्रेस से सिंघानिया चौक तक उरला शामिल है। बैठक में टाटीबंध चौक फ्लाईओवर निर्माण की प्रगति की भी जानकारी सदस्यों ने ली। यह आवागमन को सुरक्षित और सुगम्य बनाने के लिए गढ्ढों की मरम्मत कराने पर सहमति बनी। पिंटू ढाबा से सिरीखेड़ी ओवरब्रिज कटिंग तक स्थाई डिवाईडर बनाने की स्वीकृति की जानकारी एन.एच.ए.आई के प्रतिनिधियों द्वारा दी गई। मंदिरहसौद बस स्टैंड चौक पर बिलंकर मोड में सिग्नल लगाने पर भी बैठक में सहमति बनी। इसी प्रकार राष्ट्रीय राजमार्ग क्रमांक 30 पर मेटल पार्क मोड़ से धनेली नाला पर दोंनो तरफ सड़क समतलीकरण कराया जाएगा। सिलतरा मोड़ से सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया के सामने तक अस्थाई स्टॉपर लगाकर सड़क बंद की गई है। इस स्थान पर ग्रिल लगाकर स्थाई रूप से बंद करने और अंडरपास बनाने का सुझाव बैठक में दिया गया। लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों ने बताया कि दैनिक भास्कर प्रेस से सिंघानिया चौक तक उरला में गति सीमा संकेतक, लाइट की व्यवस्था के साथ सावधानी रखने संबंधी बोर्ड लगवाकर वाहन चालकों को सतर्क किया जा रहा है। मठपुरैना स्कूल के पास राष्ट्रीय राजमार्ग पर लगेगा सिग्नल, नियंत्रित होगी वाहनों की गति- लोकसभा सांसद श्री सुनील सोनी ने बैठक में रिंग रोड नं 1 पर पिछले दिनों मठपुरैना स्कूल-जल शोधन संयंत्र के सामने सड़क दुर्घटनाओं की संख्या बढ़ने पर गहरी चिंता व्यक्त की। उन्होंने बताया कि सड़क के एक तरफ आबादी और दूसरी तरफ मठपुरैना हाई स्कूल स्थित है। सड़क पार कर बच्चें स्कूल जाते है और तेज रफ्तार वाहनों की चपेट में आने से इस जगह पर सड़क दुर्घटनाएं बढ़ रही है। सांसद ने इस जगह पर ट्रैफिक सिग्नल लगाने का सुझाव एन.एच.ए.आई के अधिकारियों को दिया। उन्होंने अधिकारियों को इसका प्रस्ताव तैयार करने को भी कहा। 14 जगहों पर लगेंगे स्मार्ट विद्युत ऑटोमेटिक ट्रैफिक सिग्नल- वाहनों की गति को नियंत्रित कर सड़क दुघटनाओं को रोकने के लिए शहर में 14 जगहों पर नए ऑटोमेटिक स्मार्ट ट्रैफिक सिग्नल लगाए जाएंगे। नगर निगम के अधिकारी इसके लिए विस्तृत सर्वे कर ऐस्टीमेट तैयार करेंगे। अधिकारी शहर के कुछ सिग्नलों को बंद करने या अन्य जगह शिफ्ट के लिए भी सर्वे कर रिपॉर्ट तैयार करंेगे। रायपुर शहर में गोंदवारा चौक रिंग रोड 02, व्यास तालाब तिराहा, अमलीडीह चौक केनाल रोड पर, रामकृष्ण हॉस्पिटल के सामने, आश्रम तिराहा, डुंडा कमल बिहार तिराहा, के.के. रोड नहरपारा चौक, डंगनिया चौंक एनआईटी के पास, धुप्पड़ पेट्रोल पम्प के पास जी.ई. रोड, मण्डी गेट के सामने, दलदल सिवनी तिराहा, अनुपम गार्डन तिराहा, विधानसभा ओव्हरब्रीज के नीचे, कचना चौंक रिंग रोड-3 पर नए सिग्नल लगाए जाएंगे। बैठक में सभी चौक-चौराहों एवं सड़कों पर मार्किग करने पर भी सहमति बनी।

K.W.N.S.-रायपुर। सीएम भूपेश बघेल मंगलवार को दोपहर राजीव भवन में पीसीसी की बैठक में शामिल होंगे। बैठक में संगठन चुनाव को लेकर बीआरओ को प्रशिक्षित किया जाएगा। पिछले दिनों बीआरओ की सूची जारी न करने पर सीएम ने भरी बैठक में पीसीसी पर नाराजगी जताई थी। इसके बाद संगठन में कुछ पदाधिकारियों के कामकाज में बदलाव किया गया था। और बीआरओ की सूची भी जारी की गई।आज की बैठक दो घंटे से अधिक चल सकती है।


K.W.N.S.-रायपुर। भारी बारिश के चलते छत्तीसगढ़ से तेलंगाना और आंध्र प्रदेश को जोड़ने वाला हाईवे डूब गया है। वहीं सुकमा के कोंटा में बाढ़ जैसे हालात हो गए हैं। बस्तर के बीजापुर और कोंडागांव में भी हालात बिगड़ गए हैं। दक्षिण छत्तीसगढ़ में अब भी भारी बारिश की संभावना बनी हुई है। कोंटा से लगे तेलंगाना में गोदावरी नदी ने उग्र रूप ले लिया है। जल स्तर आखिरी डेंजर जोन 53 फीट पर पहुंचने वाला है। भद्राचलम-नेल्लीपाका के बीच नेशनल हाईवे पर करीब 2 फीट पानी बह रहा है। वहीं दूसरी ओर छत्तीसगढ़ में शबरी नदी का भी पानी बढ़ने लगा है। इसे देखते हुए ओडिशा और छत्तीसगढ़ के बीच कोन्टा-मोटू में नाव बंद कर दी गई है। हालांकि निर्माणाधीन पुल से लोग जान जोखिम में डाल नदी पार कर रहे हैं। दूसरी ओर बस्तर में रविवार को हुई बारिश ने हालात बिगाड़ दिए हैं। कोंडागांव जिले के फरसगांव ब्लॉक के उरंदबेड़ा नाले पर बना पुल बह जाने के कारण 60 से ज्यादा गांव टापू बन चुके हैं।

K.W.N.S.-रायपुर। आयकर छापे के बाद चर्चा में आए कोयला कारोबारी सूर्यकांत तिवारी के आरोपों को दरकिनार करते हुए पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने ‘चोर मचाए शोर’ कहा है. सूर्यकांत तिवारी ने रविवार को डॉ. रमन सिंह को आयकर विभाग के छापे को राजनीतिक रंग देने का आरोप लगाते हुए कई संगीन आरोप लगाए थे. दुर्ग में होने वाली भाजपा पदाधिकारियों की बैठक के लिए नेता प्रतिपक्ष धरम लाल कौशिक और प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदेव साय के साथ रवाना होने से पहले डॉ. रमन सिंह पत्रकारों से रू-ब-रू हुए. उन्होंने कहा कि भाजपा प्रदेश सह प्रभारी नितिन नवीन द्वारा बैठक ली जाएगी. राष्ट्रीय कार्यसमिति की बैठक में को कार्ययोजना बनी थी. उस बैठक का फॉलोअप लिया जाएगा. छत्तीसगढ़ में कार्य योजना के क्रियान्वयन पर चर्चा होगी. वहीं एनडीए की राष्ट्रपति उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू के 15 जुलाई को छत्तीसगढ़ का दौरे को लेकर डॉ रमन सिंह ने कहा कि आजादी के बाद पहली बार यह अवसर मिला है, जब एक आदिवासी अनुसूचित जनजाति की पढ़ी-लिखी महिला चुनाव के मैदान में है. छत्तीसगढ़ जैसे राज्य में 32 प्रतिशत अनुसूचित जनजाति के लोग रहते हैं. द्रौपदी मुर्मू प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री, प्रदेश अध्यक्ष और जिनसे भी संपर्क होगा, उन सभी से मुलाकात करेंगी.

K.W.N.S.-रायपुर। एडवांस लीडरशिप कैंप के पंचम दिवस एनसीसी कैडेट्स को “डिसीजन मेकिंग” “प्रॉब्लम सॉल्विंग”,”पॉजिटिव थिंकिंग” सबजेक्टस पर व्याख्यान, परिचर्चा एवं प्रशिक्षण की कार्यशालाएं आयोजित हुई। एनसीसी प्रशिक्षण अकादमी, लखोली रायपुर में आयोजित इस कैम्प में अपनी टीम के साथ प्रशिक्षण देने आईं “एक्सपा” की वरिष्ठ सदस्य मुम्बई की सरोज मायादेव ने बताया कि “कैडेट्स उर्जा से भरे हैं और इनकी ऊर्जा को सकारात्मक दिशा देना ही हमारा लक्ष्य है। छत्तीसगढ़ एनसीसी प्रमुख ग्रुप कमांडर ब्रिगेडियर आशीष कुमार दास ने कैम्प का निरीक्षण करने के पश्चात कैडेट्स को सम्बोधित करते हुए कहा “आपके पास व्यक्तित्व के सर्वांगीण विकास हेतु बहुत सारे संसाधन उपलब्ध है। एनसीसी में इस हेतु पर्याप्त अवसर हैं। जिसकी कल्पना करके आप रोमांचित हो जाते हैं, वही आपका लक्ष्य होना चाहिए। देश के दूरस्थ शहरों से आये हुए एक्सपा कैडेट प्रोग्राम के सदस्यों को उन्होंने शुभकामनाएं दी तथा स्मृति चिन्ह देकर उन्हें सम्मानित किया। कैम्प कमांडेण्ट कर्नल रोहित कौशिक ने कैम्प की विशिष्ट जानकारियां दी। सामूहिक एनसीसी गीत के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ। इस अवसर पर लखोली,आरंग के पत्रकार वर्ग को भी आमंत्रित किया गया था, जिन्होंने इस राष्ट्रीय कैम्प की गतिविधियों का अवलोकन किया।

K.W.N.S.-रायपुर। तेलीबांधा रिंगरोड पर आर्च ब्रिज के नीचे नाले में संदिग्ध हालात में युवक की लाश मिली। मौत एक्सीडेंट से या खुदकुशी या फिर हत्या मामला, कारण अज्ञात है राजेन्द्र नगर थाना पुलिस मौके पर जांच कर रही है।

K.W.N.S.-रायपुर। बिलासपुर में सांसद अरुण साव ने आज रेल्वे बोर्ड के चेयरमैन त्रिवेदी से मुलाकात की. इस दौरान रेल्वे बोर्ड के चेयरमैन ने आश्वस्त किया कि 16 तारिक से लगभग सारी ट्रेनों का परिचालन चालू हो जाएगा। मुलाकात के बाद बीजेपी नेता ने कहा – जनहित में छतीसगढ़ की जनता के हित में भारतीय जनता पार्टी की मा प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी की सरकार लगातार लगी हुई है। साथ मे बेलतरा के विधायक रजनीश सिंह, भाजपा बिलासपुर जिलाध्यक्ष रामदेव कुमावत, राजा पांडे मौजूद थे।

K.W.N.S.-रायपुर। भाजपा का आतंकवाद से नाता है, हालांकि आतंकवाद के मुद्दे पर राजनीति नहीं करनी चाहिए, कांग्रेस कभी आतंकवाद पर राजनीति नहीं होने देती, लेकिन सत्तारूढ़ दल से आतंकवादी का कनेक्शन है. कन्हैया लाल की हत्या से ये महसूस होता है कि आरोपी आतंकवादी था. उदयपुर हत्याकांड का आरोपी रियाज भाजपा का सक्रिय सदस्य है. ये बातें एआईसीसी मीडिया प्रमुख पवन खेरा ने राजीव भवन में आयोजित पत्रकारवार्ता में कही. पवन खेरा ने भाजपा पर आतंकवादियों को समर्थन देने के आरोप लगाते हुए कहा कि जम्मू कश्मीर में बीते सप्ताह 2 आतंकवादी पकड़े गए, उनमें से एक आतंकवादी तालिब हुसैन शाह थे, जिनकी फोटो अमित शाह के साथ देखी गई. 20 लोगों की मौजूदगी में फोटो खिंचवाई गई, अगर गृहमंत्री को यह पता नहीं कि उनमें से एक आतंकवादी था तो भी इंटेलिजेंस फेल. तालिब हुसैन भाजपा के पदाधिकारी भी निकले. खेरा ने कहा, बीते समय अमरावती में उमेश कोल की हत्या इरफान खान ने की. इरफान नवनीत राणा के प्रचार में शामिल हुए थे. कांग्रेस का ये फैसला है कि इस मुद्दे को जन-जन तक पहुंचाएंगे. इससे पहले भी डीएसपी दविंदर सिंह रंगे हाथों आतंकवादी के साथ पकड़े गए, उन पर भी कार्रवाई नहीं हुई.

K.W.N.S.-रायपुर। नगरीय प्रशासन एवं विकास तथा श्रम मंत्री डॉ. शिवकुमार डहरिया ने रायपुर जिले के नगर पंचायत समोदा में करीब तीन करोड़ 41 लाख 92 हजार रूपए के विभिन्न विकास एवं निर्माण कार्यों का भूमिपूजन एवं लोकार्पण किया। इनमें दो करोड़ 94 लाख की लागत के नौ कार्यों का भूमिपूजन एवं 46 लाख 30 हजार रूपए के कुल पांच कार्यों का लोकार्पण किया गया। डॉ. डहरिया ने कहा कि प्रदेश के सभी नगरीय एवं ग्रामीण क्षेत्रों में आम लोगों की सुविधा के लिए सभी जरूरी निर्माण एवं विकास के कार्य कराये जा रहे है। उन्होंने कहा कि छात्रों की बेहतर शिक्षा प्रदान करने स्वामी आत्मानंद स्कूल खोले जा रहे है। प्रदेश के सभी नागरिकों को सार्वजनिक वितरण प्रणाली से राशन मिले इसके लिए सभी के परिवारों के राशन कार्ड बनाये जा रहे है। उन्होंने बताया कि समोदा नगर पंचायत बन जाने से अब सभी नागरिक सुविधाएं यहां उपलब्ध होंगी। डॉ. डहरिया ने नगर पंचायत समोदा के अंतर्गत विभिन्न आठ स्थानों पर एक करोड़ 34 लाख 34 हजार रूपए की लागत से सीसी रोड निर्माण एवं 17 लाख 55 हजार की लागत से चार स्थानों पर आरसीसी नाली निर्माण के कार्यों का भूमिपूजन किया। समोदा नगर पंचायत के वार्ड क्रमांक-1 में महिला सामुदायिक भवन लागत 11 लाख 58 हजार, यादव पारा में सामुदायिक भवन लागत 11 लाख 98 हजार एवं निषाद पारा में 11 लाख 98 हजार रूपए की लागत से बनने वाले सामुदायिक भवन का भूमिपूजन किया। नगर पंचायत क्षेत्र के अंतर्गत दो स्थानों पर बाउंड्रीवाल लागत 22 लाख 83 हजार रूपए, चार स्थानों पर बस स्टाप लागत 15 लाख 18 हजार रूपए, चार स्थानों में हाई मास्ट लाईट स्थापना के लिए 19 लाख 54 हजार रूपए तथा विद्युत पोल स्थापना एवं एल्टीलाइन लागत 49 लाख 24 हजार रूपए की लागत के कार्यों का भूमिपूजन किया। इसी तरह से समोदा नगर पंचायत के अंतर्गत पांच स्थानों पर करीब 46 लाख 30 हजार रूपए के लागत के सार्वजनिक शौचालय का लोकार्पण किया। इस अवसर पर श्री खिलेश देवांगन, श्री कोमल साहू, श्री आजूराम वंशे सहित क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित थे।