Browsing: रायपुर

रायपुर। एक लाख बीस हजार , एक लाख 40 हजार, 1 लाख 85 हजार,  मेरा 2 लाख। आंकड़े सुनकर किसी को भी लगेगा कि यहां किसी सामान की बोली लग रही है, लेकिन ऐसा नहीं है।  ये ऋण माफी के वो आंकड़ें हैं, जो किसान एक स्वर में मुख्यमंत्री को बता रहे हैं।
दरअसल बुधवार को मुख्यमंत्री भूपेश बघेल भेंट मुलाकात कार्यक्रम के तहत सरगुजा जिले के मंगरेलगढ़ गांव में पहुँचे थे। जब मुख्यमंत्री ने किसानों से पूछा कि किस – किस का ऋण माफ नहीं हुआ है , कोई किसान है जिसे ऋण माफी का लाभ ना मिला हो ?
इतना सुनते ही किसान अपने – अपने ऋण माफी की जानकारी मुख्यमंत्री को बताने लगे। सभी किसानों में अपनी ऋण माफी की रकम बताने की होड़ लग गयी । किसानों की खुशी देखकर मुख्यमंत्री ने भी किसानों को बधाई दी और किसानों के लिए ताली बजवायी।
  पटेला गांव के किसान रामकुमार गुप्ता ने बताया कि उनका 2 लाख रुपये का ऋण माफ हुआ था, जिससे उन्हें बहुत ही आर्थिक मदद मिली। रामकुमार ने बताया कि कर्जा माफ होने से उन्होंने ट्रेक्टर खरीद लिया, जिससे खेती और अच्छे से कर पा रहे हैं। इस बार उन्होंने 500 बोरा धान बेचा है, जिससे अच्छा लाभ हुआ है । इसके अतिरिक्त अब वे बच्चों को अच्छे से पढ़ा भी पा रहे हैं।

K.W.N.S.-रायपुर।  मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल के निर्देशानुसार बस्तर संभाग में रेशम पालन तथा कोसा उत्पादन करने वाले आदिवासी-वनवासी कृषकों के हित में महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया है। इसके तहत रैली कोसा का क्रय अब समर्थन मूल्य पर छत्तीसगढ़ राज्य लघु वनोपज संघ द्वारा किया जाएगा। गौरतलब है कि मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल ने विगत दिवस चालू वित्तीय वर्ष के बजट भाषण में बस्तर में रेशम मिशन प्रारंभ करने की घोषणा की थी। इस घोषणा के पालन में राज्य सरकार ने चालू वर्ष से लघु वनोपज संघ के माध्यम से कोसा कोकून न्यूनतम समर्थन मूल्य पर खरीदने का निर्णय लिया है। इस संबंध में आदेश लघु वनोपज संघ ने आज जारी कर दिए हैं। 
 छत्तीसगढ़ राज्य लघु वनोपज संघ द्वारा बस्तर संभाग में इसके समर्थन मूल्य पर संग्रहण के लिए क्रय दर निर्धारित किया गया है। इसके तहत रैली कोसा साबुत ग्रेड-1 में प्रति नग शेल भार 2.5 ग्राम के लिए 4.20 रूपए, ग्रेड-2 में प्रति नग शेल भार 2-2.49 ग्राम के लिए 3.60 रूपए तथा ग्रेड-3 में प्रति नग शेल भार 1.4-1.99 ग्राम के लिए 2.80 रूपए और रैली कोसा-पोली ग्रेड-1 में प्रति नग शेल भार 2.5 ग्राम के लिए 1.50 रूपए, ग्रेड-2 में प्रति नग शेल भार 2-2.49 ग्राम के लिए 1.25 रूपए तथा ग्रेड-3 में प्रति नगर शेल भार 1.4-1.99 ग्राम 0.70 रूपए निर्धारित है। वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री श्री मोहम्मद अकबर ने बताया कि शासन के इस महत्वपूर्ण निर्णय से अब रैली कोसा के उत्पादन और प्रसंस्करण का दोहरा लाभ स्थानीय निवासियों को मिलेगा। 
इस संबंध में जानकारी देते हुए प्रबंध संचालक राज्य लघु वनोपज संघ श्री संजय शुक्ला ने बताया कि मुख्यमंत्री श्री बघेल द्वारा राज्य में रैली कोसा के स्थानीय प्रसंस्करण को बढ़ाते हुए स्थानीय स्तर पर रोजगार बढ़ाने के लिए भी निर्देशित किया गया है। इसके तहत राज्य लघु वनोपज संघ तथा रेशम संचालनालय के बीच एम.ओ.यू. हुआ है। इसके अनुसार लघु वनोपज संघ द्वारा क्रय किया गया कोकून रेशम विभाग को प्रदाय किया जाएगा। रेशम विभाग द्वारा बस्तर संभाग में 740 हितग्राहियों का चयन करके उन्हें रेशम धागाकरण का प्रशिक्षण देना भी प्रारंभ कर दिया गया है। उन्होंने बताया कि छत्तीसगढ़ राज्य में 8 से 10 करोड़ रैली कोसा-कोकून का उत्पादन होता है। रैली कोसा संग्रहण कार्य मुख्य रूप से 07 जिला यूनियन जगदलपुर, दंतेवाड़ा, सुकमा, कोण्डागांव, केशकाल, नाराणपुर तथा कांकेर में होता है।
 

K.W.N.S.-रायपुर। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल आज सरगुजा के लिए रवाना हुए. इस दौरान उन्होंने पत्रकारों से बातचीत की. भाजपा द्वारा वायरल किए जा रहे वीडियो को लेकर सीएम बघेल ने कहा कि ‘वह महिला अपनी बात कर रही थी, वो दुःखी थी, अपनी पीड़ा बता रही थी, मुझे उस वक्त डांटना नहीं चाहिए. इस बात का मुझे दुःख है, लेकिन बीजेपी के लोग इस तरह का वीडियो अपलोड कर निम्न स्तर की राजनीति कर रही है. वे अपनी पोजीशन बचाने के लिए बदनाम करने की साजिश रचते हैं। 
 छुट्टी पर बच्चों के स्कूल जाने के सवाल पर सीएम ने कहा कि स्वामी आत्मानंद स्कूल जाऊंगा तो बच्चे मिलने आएंगे ही, बच्चो के परिजनों से मिल रहा हूं. आम के बगीचे, साल वृक्ष के नीचे बैठ रहे हैं. हमारा दौरा सामान्य है, जब रमन सिंह का दौरा होता था तो उनके दौरे में ही अरबों करोड़ों रुपए फूंक दिए जाते थे. हमारी योजनाओं से जनता काफी खुश है. सीएम बघेल ने कहा कि इनको अपनी चिंता सता रही है, पीपल बरगद के पेड़ गांव में ही देखने को मिलते हैं, जिसका विस्तार होना चाहिए, इससे भाजपा को क्या तकलीफ है. ये वोट के लिए भगवान को मानते हैं और चुनाव के समय में जय श्री राम बोलते हैं. भगवान राम के मंदिर को लेकर काफी समय से केस चल रहा था. इन्हे लगा कि वोट मिल सकता है तब ये लोग आगे आए. संतोष पांडेय बताए कि 15 साल में इन्होंने राम वन पथ गमन का विकास क्यों नहीं किया. राम कृष्ण शिव हमारे जनजीवन में रचे बसे हैं भाजपा हमें ना सिखाए। 
 

 
K.W.N.S.- रायपुर। सीएम भूपेश बघेल ने महान संगीतकार पंडित शिवकुमार शर्मा के निधन पर दुख जताया है. उन्होने ट्वीट कर लिखा – महान संगीतकार और संतूर वादक पंडित शिवकुमार शर्मा जी के निधन का दुखद समाचार मिला। संगीत जगत ‘शिव-हरी’ के नाम से मशहूर पंडित जी और श्री हरि प्रसाद चौरसिया जी की जोड़ी की कमी सदैव महसूस करेगा। विनम्र श्रद्धांजलि। ॐ शांति: 
 

K.W.N.S.-रायपुर। थाना गंज क्षेत्रांतर्गत चूना भट्ठी फाफाडीह स्थित एक्सप्रेस-वे के नीचे हुये लाखों रूपये नगदी रकम लूट का चंद घंटों में ही खुलासा किया गया. पुलिस के मुताबिक प्रार्थी आकाश यादव ने थाना गंज में रिपोर्ट दर्ज कराया कि वह श्री राधे कृष्णा रियल स्टेट डेवल्पर्स कम्पनी गुढियारी पड़ाव मार्केट स्थित कम्पनी में मैनेजर का काम करता है, कंपनी के प्रमुख कान्हा शर्मा (बजारी) एवं शरद शर्मा है। कान्हा शर्मा का घर गुढ़ियारी पड़ाव में ही आफिस के उपर स्थित है तथा शरद शर्मा महेश कालोनी गुढ़ियारी रायपुर में रहते है। प्रार्थी दिनांक 09.05.2022 को सुबह करीबन 11.00 बजे अपने आफिस से नगदी रकम 10,00,000/- (दस लाख रूपये ) जिसे कान्हा बजारी की माँ श्रीमती सुनीता बजारी ने अपने घर से निकाल कर कान्हा बजारी के कहने पर प्रार्थी को कान्हा शर्मा (बजार ), कान्हा शर्मा की पत्नी एवं उसकी माँ के बैंक खाता में जमा करने के लिए दिया था, कि प्रार्थी अपने मोपेड सुजुकी एक्सेस क्रमांक सी जी/04/एम एन/9406 से निकला था तथा रकम को अपनी गाडी की डिक्की में एक थैला में रखा था। प्रार्थी चूनाभट्ठी के सामने एक्सप्रेस-वे सर्विस रोड से जा रहा था कि करीबन 11.10-11.20 बजे फाफाडीह मेन रोड से पहले पहुंचा था कि सामने से दो व्यक्ति आये और प्रार्थी को रोक कर मुक्का से मारे तो प्रार्थी उन लोगों को गाली गलौज किया तथा उसमें से एक व्यक्ति प्रार्थी के हाथ को पकड़कर मोड दिया उसी समय पीछे से एक व्यक्ति प्लेटिना मोटर सायकल में आया और प्रार्थी के मोपेड को ठोकर मारा तथा तीनों व्यक्ति मिलकर प्रार्थी को मारने लगे तथा उनमें से एक व्यक्ति ने नेलकटर जैसे वस्तु से मारा जिससे प्रार्थी के कमर के पास हल्का चोट लगा है तथा एक व्यक्ति जो मोटर सायकल से आया था ने प्रार्थी के मोपेड का चाबी को निकालकर डिक्की को खोलकर डिक्की में थैला में रखे नगदी रकम 10,00000/-( दस लाख रूपये) को जबरदस्ती लूट लिया तथा प्रार्थी के मोबाईल फोन कीमती 20,000/- रूपये को भी लूट कर फरार हो गये। जिस पर अज्ञात आरोपियों के विरूद्ध थाना गंज में अपराध क्रमांक 104/22 धारा 394 भादवि. का अपराध पंजीबद्ध किया गया।
लाखों रूपये लूट की घटना को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक महोदय श्री प्रशांत अग्रवाल द्वारा गंभीरता से लेते हुये अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर श्री तारकेश्वर पटेल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अपराध श्री अभिषेक माहेश्वरी, नगर पुलिस अधीक्षक कोतवाली श्री अविनाश ठाकुर, प्रभारी एण्टी क्राईम एवं सायबर यूनिट श्री गिरीश तिवारी, थाना प्रभारी गंज श्री दुर्गेश रावटे तथा थाना प्रभारी खमतराई श्री अश्वनी राठौर को अज्ञात आरोपियों की पतासाजी कर जल्द से जल्द गिरफ्तार करने हेतु आवश्यक दिशा निर्देश दिये गये। जिस पर वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में एण्टी क्राईम एवं सायबर यूनिट, थाना गंज तथा थाना खमतराई पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा अज्ञात आरोपियों की पतासाजी करना प्रारंभ किया गया। टीम द्वारा प्रार्थी से घटना, आरोपियों के हुलियांे व उनके मोटर सायकल के संबंध में विस्तृत पूछताछ करते हुये आसपास के लोगों से भी पूछताछ किया गया। टीम के सदस्यों द्वारा घटना स्थल व उसके आसपास लगे सी.सी.टी.व्ही. कैमरों के फुटेजों का अवलोकन करने के साथ ही तकनीकी विश्लेषण कर अज्ञात आरोपियों की पहचान सुनिश्चित करने के प्रयास किये जा रहे थे। प्रार्थी द्वारा टीम को बताया गया कि 02 व्यक्ति पहले प्रार्थी को रोके तत्पश्चात् एक व्यक्ति मोटर सायकल से आया तथा तीनों व्यक्ति प्रार्थी के साथ मारपीट कर मोपेड की डिक्की में रखें नगदी रकम एवं प्रार्थी के मोबाईल फोन को लूट कर फरार हो गये थे। जिस पर टीम के सदस्यों द्वारा प्रार्थी के बतायेनुसार उसके रकम लेकर आने के मार्गो के सी.सी.टी.व्ही. कैमरों के फुटेजों का अवलोकन किया गया, परंतु घटनास्थल तक प्रार्थी के साथ इस प्रकार का कोई घटना होना नहीं दिख रहा था एवं घटना स्थल के आसपास के लोगों से भी पूछताछ करने पर उनके द्वारा इस प्रकार की कोई भी घटना घटित होना नहीं बताया जा रहा था। प्रार्थी से पूछताछ करने पर बार – बार वह अपना बयान बदल कर लगातार टीम को गुमराह करने का प्रयास कर रहा था जिस पर आरोपियों की गिरफ्तारी में लगी टीम को प्रार्थी के उपर गहरा शक हुआ एवं टीम के सदस्यों द्वारा प्राप्त साक्ष्यों के आधार पर प्रार्थी से कड़ाई से पूछताछ प्रारंभ किया गया जिस पर प्रार्थी ज्यादा देर अपने झूठ के सामने टिक न सका और अंततः अपने भतीजा जो विधि के साथ संघर्षरत बालक है, के साथ मिलकर रकम गबन करने की योजना बनाकर लूट की उक्त झूठी घटना को कारित करना स्वीकार किया गया।
आरोपी आकाश यादव ने पूछताछ में बताया कि वह कान्हा बजारी का बचपन का मित्र है तथा उसके साथ विगत 05 वर्षो से राधे कृष्णा रियल स्टेट डेवल्पर्स कम्पनी गुढियारी में कैशियर का काम कर रहा है, जो कंपनी का रकम लाने ले जाने का काम करता है। इसी दौरान कान्हा बजारी द्वारा आरोपी आकाश यादव को दिनांक घटना को नगदी रकम 10,00,000/- रूपये बैंक में जमा करने हेतु दिया गया था। आरोपी आकाश यादव के उपर ज्यादा कर्ज हो जाने से वह कुछ दिनों से ज्यादा परेशान था जिस पर आरोपी ने रकम गबन करने की योजना बना डाली तथा योजना में अपने भतीजे को शामिल किया। आरोपी ने अपने भतीजे को फोन कर बुलाकर नगदी रकम 10,00,000/- रूपये दे दिया तथा बोला कि रकम को छिपाकर रख देना तथा मेरे द्वारा मांगने पर रकम मुझे देना तथा आरोपी ने अपना मोबाईल फोन भी बंद कर मोबाईल फोन को भी अपने भतीजे को दे दिया था। इसके बाद आरोपी ने लूट की झूठी मनगंढ़त कहानी बनाकर थाने में लूट की झूठी रिपोर्ट दर्ज करायी थी।
आरोपी/अपचारी की निशानेदेही पर उनके कब्जे से नगदी रकम 9,00,000/- रूपये (नौ लाख रूपये), 01 नग मोबाईल फोन तथा घटना में प्रयुक्त सुजुकी एक्सेस वाहन जप्त किया गया है। आरोपी/अपचारी को गिरफ्तार कर उनके विरूद्ध अग्रिम कार्यवाही किया गया। आरोपी आकाश यादव द्वारा लूट की झूठी रिपोर्ट दर्ज कराने पर पृथक से प्राथमिकी दर्ज कर अग्रिम कार्यवाही की जा रहीं है। गिरफ्तार 01. आकाश यादव पिता लक्ष्मण यादव उम्र 33 वर्ष निवासी शिवानंद नगर सेक्टर 01 थाना खमतराई रायपुर। 02. विधि के साथ संघर्षरत एक बालक।
 

K.W.N.S.-रायपुर। केंद्र सरकार की एक टीम रायपुर पहुंची। इस टीम ने प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत शहर के डुमरतराई और अमलीडीह में निर्मित आवासों का निरीक्षण किया। लोगों से बात कर उनकी परेशानियों को जाना। इन समस्याओं को दूर करने के लिए रायपुर नगर निगम के अधिकारियों को निर्देशित किया गया है। केंद्र सरकार के अधिकारी अभिषेक मिश्रा जब रायपुर पहुंचे तब नगर निगम रायपुर के कार्यपालन अभियंता योजना राजेश शर्मा, प्रभारी कार्यपालन अभियंता राजेश राठौर, नगर निगम की लाइवलीहुड आफिसर डॉक्टर श्रीमती संगीता ठाकुर, सुडा के अभियंता और नगर निगम के अभियंताओं ने उनका स्वागत किया।
अधिकारियों के साथ चर्चा करते हुए मिश्रा ने निगम क्षेत्र में बने पीएम आवास को देखने की इच्छा जताई। निगम अधिकारी उन्हें अमलीडीह में मोर मकान-मोर चिन्हारी (एएचपी) और डुमरतराई में मोर जमीन-मोर मकान (बीएलसी) के मकानों का निरीक्षण कराया। निरीक्षण के दौरान अभिषेक मिश्रा ने रहवासियों से बातचीत कर उनकी समस्याएं जानी। उन्होंने रेरा रजिस्ट्रेशन में सुधार करवाने, अन्य विभिन्न समस्याओं का जल्द से जल्द समाधान करने के निर्देश दिए।
 

K.W.N.S.-रायपुर। तेज रफ्तार एक्टिवा चालक ने पैदल चल रही युवती को ठोकर मार दी. हादसे में युवती को गंभीर चोंट लगी है. जानकारी के मुताबिक टिकेश्वरी निजी संस्था में काम करती है. जो अपने घर से पैदल काम करने के लिये निकली थी. किंग वाई होटल के सामने सामने पहुंची थी. तभी एक्टिवा CG04 NB 9949 के चालक ने तेज एवं लापरवाही पूर्वक ठोकर मारकर एक्सीडेंट कर दिया। जिससे युवती टिकेश्वरी को गंभीर चोंट लगी. हादसे के बाद युवती को श्री अनंत साई हास्पीटल में भर्ती कराया गया था. फ़िलहाल बालाजी अस्पताल मोवा इलाज जारी है।
 

 K.W.N.S.-रायपुर। भाजपा विधायक एवं पूर्व मंत्री बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की छवि अब नायक की नहीं खलनायक की बन रही है। वे अपनी सभाओं में लोगों को डांट रहे हैं, डपट रहें हैं। मुख्यमंत्री अपना आपा खो चुके हैं। महिलाओं को उनसे मिलने नहीं दिया जा रहा है। वास्तव में मुख्यमंत्री अभी तक अंधेरे में थे। हम पहले ही कह रहे थे कि प्रदेश में भ्रष्टाचार चरम पर है। मुख्यमंत्री को अब उनके दौरे में पता चल रहा है। उन्हें अब अपना विरोध नहीं सुहा रहा है उन्होंने अघोषित आपातकाल लगा दिया है। भाजपा आने वाले दिनों में जेल भरो आन्दोलन करेगी। 
अग्रवाल आज पत्रकारों से चर्चा कर रहे थे। उन्होंने कहा कि साढ़े तीन साल में भ्रष्टाचार से जनता त्रस्त हो चुकी है। नरवा गरवा घुरवा बारी के गौठान के लिये डीएफओ को सस्पेंड करने से बड़ा उदाहरण नहीं हो सकता है। गोबर खरीदी में सिर्फ काँग्रेसियो से गोबर खरीदी की जा रही है। काँग्रेस अपने लोगों को उपकृत कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि आरी डोंगरी की कोयला खदान को अपने लोगों को दिलाने के लिये टेंडर तक नहीं भरने दिया गया है।
अग्रवाल ने राम-वनगमन व कृष्ण कुंज बनाने के मुद्दे पर कहा कि जो काँग्रेस प्रभु राम के अस्तित्व को नकारती थी, उनके जन्म स्थान और रामेश्वरम के पुल को नकारते थे। आज तुष्टिकरण नहीं चलने पर प्रभु राम की शरण में पहुंच गये हैं। उन्होंने कहा कि यह सरकार पहले राम वन गमन मार्ग तो बना लें। चन्दखुरी में 11करोड़ में मंदिर बनाया गया है जबकि 7.50 करोड़ इवेंट कम्पनी को दिए हैं जो काँग्रेसी नेता के परिवार की है। श्री अग्रवाल ने कहा कि इनकी हर योजना भ्रष्टाचार करने और खाने के लिए होती है। उन्होंने कहा कि प्रभु राम और भगवान कृष्ण के नाम की योजनाओं में पैसा खाना बंद करें। श्री अग्रवाल ने कहा कि धरना स्थल को शहर से 20 किलोमीटर दूर करना लोकतंत्र के विरुद्ध है। यह आपात काल की याद दिलाता है। यह सरकार अपना विरोध सह नहीं पा रही है। धरना का मतलब ही जनता के बीच विरोध प्रदर्शन करना होता है। भाजपा आने वाले 30 दिनों में जेल भरो आन्दोलन करेगी।
 

K.W.N.S.-रायपुर। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की पहल पर छत्तीसगढ़ के सभी नगरीय क्षेत्रों में ‘कृष्ण कुंज’ विकसित किए जाएंगे। कृष्ण कुंज में बरगद, पीपल, नीम और कदंब जैसे सांस्कृतिक महत्व के जीवनोपयोगी वृक्षों का रोपण किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने सभी कलेक्टरों को ‘कृष्ण कुंज’ विकसित करने के लिए वन विभाग को न्यूनतम एक एकड़ भूमि का आबंटन करने के निर्देश दिए हैं। आगामी कृष्ण जन्माष्टमी के दिन पूरे राज्य में ‘कृष्ण कुंज’ के लिए चिन्हित स्थल पर वृक्षों का रोपण प्रारंभ किया जाएगा। Also Read – डॉक्टर का घर छीनकर उसे किया बेघर, जानिए क्या है पूरा मामला मुख्यमंत्री ने ‘कृष्ण कुंज’ के माध्यम से वृक्षारोपण को जन अभियान बनाने की पहल करते हुए कहा है कि हमारे देश में बरगद, पीपल, नीम, कदंब तथा अन्य वृक्षों की पूजा करने की अत्यंत प्राचीन परंपरा है। मनुष्य के लिये वृक्षों की अत्यधिक उपयोगिता होने के कारण ही हमारी परंपराओं में इन्हें महत्वपूर्ण स्थान दिया गया है। परंतु विगत वर्षों में नगरीय क्षेत्रों का तीव्र विकास होने के कारण वृक्षों की हो रही अंधाधुंध कटाई से वृक्षों का अस्तित्व ही खतरे में पड़ गया है। अगर यही स्थिति जारी रही तो कदाचित भावी पीढ़ियों को इन वृक्षों के परंपरागत महत्व के बारे में जानकारी तक नहीं हो सकेगी, इसलिये वृक्षों की अमूल्य विरासत का संरक्षण हम सबका परम कर्तव्य है। यह अत्यंत आवश्यक है कि मनुष्य के लिये जितने भी जीवनोपयोगी वृक्ष हैं, उन्हें सभी नगरीय क्षेत्रों में बड़े पैमाने पर लगाया एवं संरक्षित किया जाये। Also Read – वन विभाग के रोजगार गारंटी कार्यों में अनियमितता का लगा आरोप, जानिए क्या वही वजह मुख्यमंत्री ने सभी कलेक्टरों को नगरीय क्षेत्रों में ऐसे सांस्कृतिक महत्व वाले जीवनोपयोगी वृक्षों के रोपण हेतु उपयुक्त न्यूनतम 01 एकड़ शासकीय भूमि का आबंटन तत्काल वन विभाग को करने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने कहा है कि वृक्षारोपण को जन जन से और अपनी सांस्कृतिक विरासत से जोडने एवं विशिष्ट पहचान देने के लिये इसका नाम ‘कृष्ण कुंज’ रखा जाये। वन विभाग द्वारा आबंटित भूमि को विकसित करते हुए समस्त कार्यवाही इस प्रकार की जाये कि आगामी कृष्ण जन्माष्टमी के दिन पूरे राज्य में ‘कृष्ण कुंज’ में वृक्षों के रोपण का कार्य विधिवत प्रारंभ किया जा सके।
 

 
K.W.N.S.-रायपुर। रायपुर पुलिस के समस्त पुलिस राजपत्रित अधिकारियों, थाना प्रभारियों सहित प्रभारी ए.सी.सी.यू. को नशे का काला कारोबार करने वाले कारोबारियों की पतासाजी कर कार्यवाही करने एवं इस पर प्रभावी रूप से अंकुश लगाने आवश्यक दिशा निर्देश दिये गये है। जिस पर समस्त पुलिस राजपत्रित अधिकारियों, थाना प्रभारियों सहित ए.सी.सी.यू. की टीम द्वारा मुखबीर लगाकर, पेट्रोलिंग व सूचना संकलन कर नशे का कारोबार करने वाले कारोबारियों के संबंध में सूचना एकत्रित की जा रही है। 
इसी तारतम्य में ए.सी.सी.यू. अंतर्गत गठित नारकोटिक्स सेल की टीम को सूचना प्राप्त हुई कि थाना गोलबाजार क्षेत्रांतर्गत होटल मेजबान के सामने दो व्यक्ति अपने पास बैग में गांजा रखें है तथा कहीं जाने की फिराक में है। जिस पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अपराध अभिषेक माहेश्वरी द्वारा प्रभारी ए.सी.सी.यू. तथा थाना प्रभारी गोलबाजार को आरोपियों को गांजा के साथ रंगे हाथ पकड़ने हेतु निर्देशित किया गया। जिस पर ए.सी.सी.यू. की नारकोटिक्स सेल व थाना गोलबाजार पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा उक्त स्थान पर जाकर मुखबीर द्वारा बताये हुलिये के व्यक्तियों की पतासाजी करते हुए चिन्हांकित किया गया। टीम के सदस्यों द्वारा व्यक्तियों से बातचीत करने पर वे भागने का प्रयास करने लगे, जिन्हें घेराबंदी कर पकड़ा गया। पूछताछ में व्यक्तियों ने अपना नाम पवन सूर्यवंशी एवं पूरन सोनी निवासी रायबरेली (उ.प्र.) का होना बताया। 
टीम के सदस्यों द्वारा उनके पास रखें बैग की तलाशी लेने पर बैग में गांजा रखा होना पाया गया। जिस पर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से कुल 47 किलोग्राम गांजा कीमती लगभग 4,50,000/- रूपये जप्त कर किया जाकर आरोपियांे के विरूद्ध थाना गोलबाजार में अपराध क्रमांक 98/22 धारा 20बी नारकोटिक्स एक्ट का अपराध पंजीबद्ध कर अग्रिम कार्यवाही किया गया। गिरफ्तार 1. पवन सूर्यवंशी पिता प्रदीप सिंह सूर्यवंशी उम्र 27 साल निवासी ए-71 न्यू सीलमपुर गढ़ी मेड़ उत्तर पूर्वी दिल्ली हाल पता – ग्राम बछरावा थाना रायबरेली (उ.प्र.)। 2. पूरन सोनी पिता रति राम सोनी उम्र 24 साल निवासी ग्राम सहजातपुर थाना रायबरेली (उ.प्र.)।