Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.
Browsing: रायपुर

K.W.N.S.-रायपुर। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल से आज यहां उनके निवास कार्यालय में रामपुर विधानसभा क्षेत्र के 6 ग्राम पंचायतों से आए सरपंचगण ने सौजन्य मुलाकात की । इस अवसर पर कृषि मंत्री रविन्द्र चौबे भी उपस्थित थे । उन्होंने ग्राम पंचायत क्षेत्र में सीसीरोड निर्माण सहित विभिन्न विकास कार्यों के संबंध में मुख्यमंत्री को ज्ञापन सौंपा। मुख्यमंत्री ने सरपंचों को उचित पहल का आश्वासन दिया। सरपंचों में ग्राम पंचायत बगबुड़ा से पुष्पा कंवर, ग्राम पंचायत कुकरीचोली से दीप्ति कमल, ग्राम पंचायत सेमीपाली से चमेली कंवर, ग्राम पंचायत नकटीखार से कुमारी रूपा तिर्की, ग्राम पंचायत देवरमाल से श्रीमती नंदनी कंवर और ग्राम पंचायत कुदुरमाल से पदमा कंवर उपस्थित थीं।

K.W.N.S.-रायपुर। राज्य सरकार द्वारा संचालित सुराजी गांव योजना के तहत नरवा विकास कार्यक्रम अंतर्गत कैम्पा की वार्षिक कार्ययोजना 2021-22 में 392 करोड़ रूपए से अधिक की राशि स्वीकृत की गई है। इसमें 01 हजार 962 नालों के 8.17 लाख हेक्टेयर जल ग्रहण क्षेत्र में लगभग 38 लाख भू-जल संरक्षण संबंधी संरचनाओं का निर्माण प्रगति पर है। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की विशेष पहल और वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री श्री मोहम्मद अकबर के मार्गदर्शन में राज्य के वन क्षेत्रों में भू-जल संरक्षण तथा संवर्धन के लिए बड़े तादाद में जल स्रोतों, नदी-नालों और तालाबों को पुनर्जीवित करने का कार्य लिया गया है। कैम्पा की वार्षिक कार्ययोजना 2021-22 के तहत प्रदेश के दो राष्ट्रीय उद्यान, दो टाईगर रिजर्व, 01 सामाजिक वानिकी तथा 01 एलीफेंट रिजर्व सहित 30 वन मंडलों के नालों में भू-जल संवर्धन संबंधी संरचनाएं निर्मित की जा रही है। छत्तीसगढ़ राज्य प्रतिकरात्मक वनरोपण, निधि प्रबंधन एवं योजना प्राधिकरण (कैम्पा) मद से बनने वाली इन जल संग्रहण संरचनाओं से वनांचल में रहने वाले लोगों और वन्य प्राणियों के लिए पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित होगी। साथ ही नाले में पानी का भराव रहने से आस-पास की भूमि में नमी बनी रहेगी। इससे खेती-किसानी में सुविधा के साथ-साथ आय के स्रोत और हरियाली में भी वृद्धि होगी।
इस संबंध में प्रधान मुख्य वन संरक्षक एवं वन बल प्रमुख श्री राकेश चतुर्वेदी ने बताया कि नरवा विकास योजना के तहत कैम्पा की वार्षिक कार्ययोजना 2021-22 के अंतर्गत गुरू घासीदास राष्ट्रीय उद्यान सरगुजा के 50 नालों में 96 हजार 850 तथा कांगेर घाटी राष्ट्रीय उद्यान जगदलपुर के 7 नालों में 13 हजार 559 संरचनाओं का निर्माण किया किया जा रहा है। इसी तरह इन्द्रावती टायगर रिजर्व बीजापुर के 93 नालों में एक लाख 80 हजार 847 तथा अचानक मार्ग टायगर रिजर्व लोरमी के 52 नालों में एक लाख से अधिक संरचनाओं का निर्माण हो रहा है। इसके अलावा एलीफेंट रिजर्व सरगुजा के 64 नालों में एक लाख 23 हजार 580 तथा अनुसंधान एवं विस्तार जगदलपुर के अंतर्गत 33 नालों में 63 हजार से अधिक संरचनाओं का निर्माण किया जा रहा है।
इसी तरह वन मंडलवार बिलासपुर के 50 नालों में 96 हजार 850, मरवाही के 128 नालों में 2 लाख 48 हजार 516, कोरबा के 83 नालों में एक लाख 59 हजार 802 तथा कटघोरा के 50 नालों में 96 हजार 850 संरचनाओं का निर्माण किया जा रहा है। रायगढ़ के 19 नालों में 36 हजार 415, धरमजयगढ़ के 86 नालों में एक लाख 65 हजार 613, जांजगीर-चांपा के 5 नालों में 9 हजार 685 तथा मुंगेली के 35 नालों में 68 हजार 614 संरचनाओं का निर्माण किया जा रहा है।
रायपुर के छह नालों में 12 हजार, बलौदाबाजार के 97 नालों में एक लाख 87 हजार 970, धमतरी के 10 नालों में 19 हजार 757, सुकमा के 65 नालों में एक लाख 24 हजार 936, बीजापुर के 28 नालों में 53 हजार 752 तथा दंतेवाड़ा के 5 नालों में 10 हजार 575 संरचनाओं का निर्माण हो रहा है। जशपुर के 50 नालों में 96 हजार 850, सरगुजा के 49 नालों में 94 हजार 913, सूरजपुर के 35 नालों में 68 हजार 279, बलरामपुर के 136 नालों में 2 लाख 64 हजार 987 संरचनाओं का निर्माण किया जा रहा है। कोरिया के 123 नालों में 2 लाख 37 हजार 669, मनेन्द्रगढ़ के 85 नालों में एक लाख 63 हजार 676, कांकेर के 74 नालों में एक लाख 43 हजार 904 तथा पूर्व भानुप्रतापपुर के 25 नालों में 48 हजार 426 संरचनाओं का निर्माण हो रहा है। वन मंडलवार केशकाल के 33 नालों में 64 हजार 260, पश्चिम भानुप्रतापपुर के 43 नालों में 82 हजार 710, दक्षिण कोण्डागांव के 75 नालों में एक लाख 44 हजार 451 तथा नारायणपुर के 60 नालों में एक लाख 16 हजार 220 संरचनाओं का निर्माण किया जा रहा है।

K.W.N.S.-रायपुर। ऐसे राशनकार्डधारी जो मार्च का राशन अभी तक नहीं ले पाए हैं, वे अब 15 अप्रैल तक राशन ले सकते हैं। बताया जा रहा है कि सर्वर डाउन रहने के साथ दूसरे कारणों से बहुत से राशनकार्ड धारक मार्च का राशन नहीं ले पाए हैं। इसे देखते हुए खाद्य विभाग द्वारा यह सुविधा दी गई है। गौरतलब है कि मार्च से ई-पास मशीन से खाद्यान्न का वितरण शुरू हो गया है। इस मशीन से खाद्यान्न वितरण में गड़बड़ी की आशंका न के बराबर है। खाद्य नियंत्रक तरुण राठौड़ ने बताया कि 15 अप्रैल तक लोग मार्च का राशन ले सकते हैं। खाद्य विभाग द्वारा इन दिनों समय पर दुकानें न खोलने वाले कारोबारियों पर निगाह रखी जा रही है। आधा दर्जन से अधिक दुकान संचालकों को इसके लिए नोटिस भी दी जा चुकी है। सभी दुकान संचालकों से कहा जा रहा है कि वे समय पर दुकानें खोलें और खाद्यान्न वितरण करें। उपभोक्ताओं से किसी भी प्रकार से शिकायत नहीं मिलनी चाहिए।

K.W.N.S.-रायपुर। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने आज राजधानी रायपुर में आयोजित मराठा सेवा संघ के स्थापना दिवस समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ और विदर्भ का बहुत पुराना संबंध रहा है। भौगोलिक, राजनीतिक दृष्टि के साथ-साथ सामाजिक स्तर पर भी। महाराष्ट्र के साथ छत्तीसगढ़ के लोगों का रोटी-बेटी का संबंध है। आने वाले समय में यह संबंध और अधिक प्रगाढ़ होगा। मुख्यमंत्री बघेल ने छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले के नर्रा गांव में स्थित छत्तीसगढ़ के पूर्व मराठा शासक श्री बिम्भाजी राव भोसले के समाधि स्थल के सौंदर्यीकरण कराने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि यह समाधि जर्जर स्थिति में है। इसका सौंदर्यीकरण उनकी प्रतिष्ठा के अनुरूप किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने मराठा संघ के सामाजिक भवन के लिए जमीन उपलब्ध कराने की मांग पर कहा कि मराठा सेवक संघ को भी अन्य समाजों की तरह कलेक्टर गाइडलाइन दर के 10 प्रतिशत मूल्य पर भूखंड उपलब्ध कराया जाएगा। रायपुर के कचना में आयोजित इस कार्यक्रम में मराठा सेवा संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री कामाजी पवार, संस्थापक अध्यक्ष श्री पुरूषोत्तम खेडे़कर, प्रदेश अध्यक्ष श्री रविन्द्र दानी, पूर्व विधायक श्रीमती रेखा ताई, पूर्व मराठा शासक श्री बिम्बाजी भोंसले के परिजन श्री मधोजी भोसले और श्रीमती मंगला दानी सहित संघ के अनेक पदाधिकारी और सदस्य उपस्थित थे। मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम के आरंभ में छत्रपति शिवाजी महाराज और महान समाज सुधारक ज्योतिबा फुले के चित्र पर माल्यार्पण कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। उन्होंने इस अवसर पर मराठा सेवा संघ की त्रैमासिक पत्रिका का विमोचन किया और आयोजकों की ओर से उत्कृष्ट कार्यों के लिए समाज की प्रतिभाओं को सम्मानित भी किया।
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने छत्तीसगढ़ और विदर्भ के संबंधों का उल्लेख करते हुए कहा कि आजादी के बाद सीपी एंड बरार में छत्तीसगढ़ अंचल का क्षेत्र भी शामिल था, जिसकी राजधानी नागपुर थी। छत्तीसगढ़ के अनेक शहरों में मराठा समाज के लोग बड़ी संख्या में निवास करते हैं। रायपुर के दूधाधारी मठ का जीर्णाेद्धार मराठा शासक ने कराया था, इसी तरह रायपुर के 400 वर्ष पुराने रावण भाटा मैदान में भोसले राजाओं ने सार्वजनिक दशहरा उत्सव की शुरुआत की थी। अब जब महाराष्ट्र और छत्तीसगढ़ के लोगों का एक दूसरे के राज्य में आना जाना बढ़ रहा है, तो आने वाले समय में यह संबंध और ज्यादा प्रगाढ़ होगा।
मुख्यमंत्री ने महाराष्ट्र की ऐतिहासिक पृष्ठभूमि का उल्लेख करते हुए कहा कि महाराष्ट्र में अनेक बड़ी लड़ाईयां लड़ी गई, वहां एक से बढ़कर एक पराक्रमी योद्धा और छत्रपति शासक हुए। समाज सुधार के क्षेत्र में भी महाराष्ट्र में बड़ा आंदोलन हुआ। सावित्रीबाई फूले पहली शिक्षिका थी और ज्योतिबा फूले जी ने समाज सुधार का बड़ा काम किया। उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र के महापुरुषों और संतो ने समाज की उन्नति और समाज को जोड़ने के लिए काम किया था। हमारे संतो और महापुरुषों ने जो संदेश दिया था, उसे पूरे देश तक ले जाने की जरूरत है। उन्होंने देश को जोड़ने का काम किया था, इसलिए सबको जोड़ें और तोड़ने वाली शक्तियों को पराजित करें। मुख्यमंत्री श्री बघेल ने कहा कि समाज और राजनीति अलग अलग नहीं है। राजनीति भी एक बड़ा सामाजिक मंच है। सभी समाजों में सभी राजनीतिक दलों के लोग रहते हैं, हमारे सामाजिक जीवन से जुड़ी समस्याओं पर भी राजनीतिक स्तर पर विचार होना चाहिए और उनके समाधान की दिशा में प्रयास किया जाना चाहिए। मुख्यमंत्री ने इस सम्बन्ध में लगातार बढ़ती महंगाई का उल्लेख किया।

K.W.N.S.-रायपुर। अमेरिका की प्रतिष्ठित न्यूज मैग्जीन और वेबसाइट न्यूजवीक ने भारत के 100 श्रेष्ठ अस्पतालों में दिल्ली एम्स को पहला और एम्स रायपुर को 33 वां स्थान प्रदान किया है। कोविड-19 महामारी के समय भी अन्य बीमारियों के रोगियों को श्रेष्ठ चिकित्सा सुविधाएं दिलाने के लिए एम्स रायपुर को यह स्थान मिला है।
इसमें देश के सरकारी और निजी दोनों चिकित्सा संस्थानों को शामिल किया गया था। एम्स रायपुर को 69.70 प्रतिशत स्कोर के साथ यह स्थान प्रदान किया गया जबकि एम्स दिल्ली ने 87.80 प्रतिशत स्कोर प्राप्त किया।
न्यूजवीक मैग्जीन द्वारा दुनियाभर के 27 विकसित और विकासशील देशों में यह सर्वे आयोजित किया गया था। इसमें अमेरिका, जर्मनी, जापान, दक्षिण कोरिया, फ्रांस, इटली और इंग्लैंड भी शामिल थे। सभी देशों के चिकित्सा और शोध संस्थानों को आनलाइन सर्वे, रोगियों के फीडबैक और मेडिकल की परफार्मेंस इंडिकेटर्स के आधार पर चयनित किया गया।
इस प्रक्रिया में उक्त देशों के 2,200 से अधिक प्रमुख चिकित्सा और शोध संस्थानों ने भाग लिया। हाल ही में जारी की गई चतुर्थ वार्षिक रैंकिंग में भारत के 100 प्रमुख अस्पतालों में पीजीआई चंडीगढ़, जिपमर पुडूचेरी, दिल्ली का सफदरजंग अस्पताल सहित कई प्रमुख सरकारी चिकित्सा संस्थानों को एम्स रायपुर से पहले स्थान प्राप्त हुआ है। नए एम्स में सिर्फ रायपुर को ही प्रथम 50 में स्थान प्राप्त हुआ है।
मैग्जीन के विशेषज्ञों ने इन सभी चिकित्सा संस्थानों को कोविड-19 महामारी के बाद भी रोगियों को गुणवत्तापूर्ण अत्याधुनिक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए इन सभी संस्थानों के योगदान की सराहना की है। मैग्जीन का कहना है कि गुणवत्ता के लिहाज से इन संस्थानों की सेवाएं अन्य संस्थानों के लिए नए प्रतिमान स्थापित कर रही हैं।
निदेशक प्रो. (डा.) नितिन एम. नागरकर ने इस महत्वपूर्ण उपलब्धि के लिए एम्स परिवार के सभी सदस्यों को बधाई दी है। उन्होंने कहा है कि अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर प्रदान की जाने वाली इस रैंकिंग से एम्स, रायपुर की गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सेवाओं को विस्तार देने के लिए प्रोत्साहन मिला है। उन्होंने रोगियों को श्रेष्ठ चिकित्सा सुविधाएं प्रदान करने के लिए प्रतिबद्धता व्यक्त करते हुए शोध को और विस्तार देने पर बल दिया है।

K.W.N.S.-रायपुर। छत्तीसगढ़ प्रभु राम के ननिहाल के रूप में सम्पूर्ण विश्व में अपनी अलग पहचान रखता है। वनवास काल में प्रभु राम ने यहाँ लम्बा वक्त बिताया। यहां के ऋषियों के आश्रम, प्रकृति के मध्य वनवास काटा, इसलिए यहाँ की जनश्रुतियों, लोककथाओं और आम जनजीवन में राम रचे-बसे हैं। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने जनमान्यताओं का सम्मान करते हुए और भगवान प्रभु राम के ननिहाल प्राचीन दक्षिण कौशल और वर्तमान छत्तीसगढ़ में राम पथ वनगमन पर्यटन परिपथ की परियोजना तैयार की। इस परियोजना में राम वनगमन मार्ग से जुड़े धार्मिक और ऐतिहासिक महत्व के स्थलों को सजाने, संवारने और इन्हें पर्यटन की दृष्टि से सुविधा सम्पन्न बनाने का काम हाथ में लिया गया है। ऐसी मान्यता है कि प्रभु श्रीराम के साथ माता सीता और लक्ष्मण ने वनवास काल 14 वर्षों में 10 साल छत्तीसगढ़ में बिताये थे। जिन जगहों पर प्रभु राम आए थे ऐसे 75 स्थानों को चिन्हांकित कर धार्मिक पर्यटन के अनुरूप विकसित करने का लक्ष्य रखा गया है।
शिवनाथ, जोंक और महानदी के त्रिवेणी संगम में स्थित शिवरीनारायण के मंदिर परिसर एवं आस-पास के क्षेत्रों को विकसित करने एवं पर्यटकों की सुविधाओं के लिए 39 करोड़ रूपए की कार्य योजना तैयार की गई है। जिसके प्रथम चरण में 6 करोड़ रूपए के कार्य का लोकार्पण 10 अप्रैल को रामनवमी के दिन मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल करने जा रहे हैं। इनमें शिवरीनारायण के मंदिर परिसर का उन्नयन एवं सौदर्यीकरण, दीप स्तंभ, रामायण इंटरप्रिटेशन सेन्टर एवं पर्यटक सूचना केन्द्र, मंदिर मार्ग पर भव्य प्रवेश द्वार, नदी घाट का विकास एवं सौंदर्यीकरण, घाट में प्रभु राम-लक्ष्मण और शबरी माता की प्रतिमा का निर्माण किया गया है। इसी प्रकार पचरी घाट में व्यू पाइंट कियोस्क, लैण्ड स्केपिंग कार्य, बाउंड्रीवाल, मॉड्यूलर शॉप, विशाल पार्किंग एरिया और सार्वजनिक शौचालय का निर्माण शामिल है।
राम वन गमन पर्यटन परिपथ के अंतर्गत कोरिया से सुकमा तक के धार्मिक स्थलों को जोड़ने के लिए 2260 किमी की लंबाई तक सड़क निर्माण भी प्रस्तावित है। इस मार्ग में छायादार और फलदार पौधों का रोपण वन विभाग द्वारा किया जा रहा है। इस परियोजना के तहत चिन्हांकित 75 स्थानों में से प्रथम चरण में चिन्हांकित 9 स्थलों को विकसित करने की परियोजना तैयार की गई है। इस पर्यटन परिपथ के पूर्ण होने से देश के विभिन्न हिस्सों से न केवल पर्यटक छत्तीसगढ़ आएगें, साथ ही छत्तीसगढ़ के विभिन्न हिस्सों से पर्यटकों का यहां आना-जाना लगा रहेगा। पर्यटन को बढ़ावा मिलने से स्थानीय लोगों को रोजगार मिलेगा। वहीं रोजगार के नए अवसरों में भी वृद्धि होगी।
राम वन गमन पर्यटन परिपथ के तहत प्रथम चरण में चिन्हांकित स्थलों में सीतामढ़ी-हरचौका (कोरिया), रामगढ़ (सरगुजा), शिवरीनारायण (जांजगीर-चांपा), तुरतुरिया (बलौदाबाजार), चंदखुरी (रायपुर), राजिम (गरियाबंद), सिहावा सप्तऋषि आश्रम (धमतरी), जगदलपुर (बस्तर) और रामाराम (सुकमा) 138 करोड़ रुपए की लागत से इन क्षेत्रों में पर्यटन के विकास का कार्य होगा। इन स्थानों में पर्यटन की दृष्टि से सौंदर्यीकरण एवं अन्य साज सज्जा के कार्य किए जाएंगे।
प्रभु राम के छत्तीसगढ़ में प्रवेश कोरिया जिले के सीतामढ़ी-हरचौका से हुआ था। यहां विभिन्न पर्यटक सुविधा के विकास के लिए तीन करोड़ 84 लाख दो हजार रूपए स्वीकृत किए हैं। कोरिया जिले के सीतामढ़ी के पास घाट पर कियोस्क निर्माण कार्य के लिए 66 लाख 21 हजार रूपए, सीतामढ़ी के पास बैठने की जगह और घाट के आस-पास पैदल मार्ग के साथ गजीबो निर्माण कार्य के एक करोड़ 42 लाख सात हजार रूपए एवं घाट विकास कार्य हेतु एक करोड़ 75 लाख 74 हजार रूपए स्वीकृत किए गए हैं। सुकमा जिले के रामाराम छत्तीसगढ़ में प्रभुराम के वनवास काल का अंतिम पड़ाव है। यहां पर्यटकों के रुकने की व्यवस्था एवं परिपथ निर्माण प्रस्तावित है। सिहावा में यात्रियों के ठहरने के लिए समरसता भवन, ऋषि आश्रम जीर्णाेद्धार का कार्य होगा। पेयजल सुविधा, गार्डन निर्माण, तालाब सौंदर्यीकरण, शौचालय, विश्रामगृह, नील नदी में स्टॉप डेम, अंडरग्राउंड नाली निर्माण का कार्य होगा। तुरतुरिया में कॉटेज बनाए जाएंगे, महानदी पर वाटरफ्रंट डेवलपमेंट और कॉटेज विकसित होंगे, बस्तर व दंतेवाड़ा के गीदम में जटायु द्वार, बारसूर में ट्राइबल कॉटेज बनाए जाने की योजना है।

K.W.N.S.-रायपुर। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने ट्वीट कर रेल मिनिस्ट्री से 10 पैसेंजर ट्रेनों को एक माह के लिए रदद् करने के फैसले पर तुरंत संज्ञान लेने और ट्रेनें बहाल करने की मांग की है। मुख्यमंत्री ने अपने ट्वीट में लिखा है कि-“हद है. रेलवे स्टेशन बेचने के बाद अब मुनाफा कमाने के लिए जनता की तकलीफ को नजरअंदाज करते हुए 10 पैसेंजर ट्रेनों को एक महीने के लिए रद्द कर दिया है।
गौरतलब है कि इसके पहले छत्तीसगढ़ से गुजरने वाली लोकल ट्रेनों का परिचालन यथावत् जारी रखने के लिए मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल के निर्देश पर छत्तीसगढ़ शासन के अपर मुख्य सचिव ने 5 अप्रैल को अध्यक्ष एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी रेल्वे बोर्ड नई दिल्ली को पत्र लिखा है। उन्होंने पत्र के माध्यम से छत्तीसगढ़ से गुजरने वाली 8 लोकल ट्रेनों का परिचालन बंद होने से छत्तीसगढ़ के नागरिकों को होने वाली दिक्कतों की ओर रेल्वे बोर्ड के अध्यक्ष का ध्यान आकृष्ट करते हुए ट्रेनों का परिचालन यथावत जारी रखने का अनुरोध किया है।
अपर मुख्य सचिव श्री सुब्रत साहू ने रेल्वे बोर्ड के अध्यक्ष को पत्र में लिखा है कि प्रधान मुख्य परिचालन प्रबंधक, दक्षिण-पूर्व मध्य रेलवे बिलासपुर द्वारा 31 मार्च 2022 को जारी आदेश द्वारा कुल 10 लोकल ट्रेनों का परिचालन एक माह के लिये बंद कर दिया गया है। इनमें से कुल 08 ट्रेन छत्तीसगढ़ राज्य के अंतर्गत रेल मार्गों से प्रतिदिन आना-जाना करती हैं। इन ट्रेनों के परिचालन बंद करने के पूर्व किसी प्रकार की वैकल्पिक व्यवस्था भी नहीं की गई है।
अपर मुख्य सचिव ने पत्र में लिखा है कि वर्तमान अवधि में चैत्र नवरात्र का समय चल रहा है। छत्तीसगढ़ राज्य में अनेक देवालयों, मंदिरों में देवी मां के दर्शन करने के लिए सतत् रूप से देश-प्रदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं का आना-जाना जारी है। देवी दर्शन के स्थानों तक पहुंचने के लिये रेल मार्ग सबसे सुगम एवं अत्यंत महत्वपूर्ण है। ऐसी स्थिति में छत्तीसगढ़ राज्य में 08 ऐसी ट्रेनों का परिचालन बंद होने के कारण श्रद्धालु एवं आम नागरिक अपने गंतव्य स्थल तक पहुंचने से वंचित हो रहे हैं।
उन्होंने पत्र में लिखा है कि प्रदेश में मध्यम एवं निम्न वर्ग के अनेक यात्री हैं, जो प्रतिदिन उपरोक्त 08 रेलों से यात्रा करते हुए अपने गंतव्य स्थल तक पहुंचते हैं। लोकल ट्रेनों के बंद होने से प्रतिदिन व्यवसाय, रोजगार एवं शासकीय तथा अर्द्धशासकीय सेवा से जुड़े व्यक्तियों, शालेय एवं महाविद्यालय के छात्रों आदि के जाने-आने में काफी असुविधा हो रही है। ट्रेनों का परिचालन बंद कर दिये जाने से निश्चित रूप से ग्रीष्मावकाश में की जाने वाली यात्राओं पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ेगा।
अपर मुख्य सचिव ने पत्र में रेल्वे बोर्ड के अध्यक्ष से उपरोक्त समग्र स्थितियों को दृष्टिगत रखते हुए प्रधान मुख्य परिचालन प्रबंधक, दक्षिण-पूर्व मध्य रेलवे, बिलासपुर को 31 मार्च 2022 को जारी उनके आदेश को तत्काल प्रभाव से निरस्त करते हुए छत्तीसगढ़ से होकर जाने वाली रेलों का परिसंचालन बहाल किये जाने हेतु तत्काल निर्देशित करने का अनुरोध किया है।

K.W.N.S.-रायपुर। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह के बयान पर सीएम भूपेश बघेल ने पलटवार किया। और कहा – कांग्रेस के झंडे पर सबसे पहला भगवा ही रंग है, दूसरा सफेद और तीसरा हरा है. हमारा रिप्रेजेंटेशन पूरे देश और समाज का है. ये लोग भी हरा रंग रखे हुए हैं, लेकिन उसमें शांति नहीं है, क्योंकि बीच का सफेद रंग (शांति) गायब है, इसलिए अशांति फैलाते हैं. मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने हेलीपैड पर पत्रकारों से चर्चा की. उन्होंने कहा कि रंगों से कोई फर्क नहीं पड़ता सात रंगों से विभिन्न रंग बने हैं, प्राकृतिक रंग हरा है. भगवा रंग त्याग और तपस्या का है, ऐसे अलग-अलग रंग हैं. भाजपा वाले बताएं कि वे कौन सा त्याग किए हैं. भगवा हमारे साधु-संतों का रंग है, जो सांसारिक मोह माया का त्याग करते हैं. भगवा रंग सर्वोच्च त्याग का है. इन्होंने कौन सा त्याग कर लिया, जो भगवा धारण कर रहे है. भाजपा के लोग सब हड़पने के लिए भगवा रंग धारण करते हैं।

K.W.N.S.-रायपुर। टायर दुकान संचालिका के साथ मारपीट करने का मामला सामने आया है. जिसकी शिकायत टिकरापारा थाने में की गई है, और बताया कि मनीषा आनंद, उसके लडके और उसके अन्य साथी दुकान पहुंचे। एवं जबरन गाली-गालौज कर जान से मारने की धमकी दी. प्रार्थियां की शिकायत पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ धारा 452,294,506,34 भादवि0 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना मे लिया है।
प्रार्थियां के अनुसार उनकी सासू मां सन 2015 में मनीषा आनंद से मलमा बिक्री नामा 8 से 10 वर्गफिट जमीन भाटागांव चौक के पास खरीदी थी जिस पर पति टायर दुकान खोल रखे है उनकी अनुपस्थिति में दुकान का संचालन करती है। मनीषा आनंद, उसके लडके और उसके अन्य साथी दुकान पहुंचे और जबरदस्ती अंदर घुसकर गाली-गलौज कर ग्राहकों को भी झगडा विवाद करके धमका रहे थे। जिसका विरोध करने पर आरोपियों ने जान से मारने की धमकी दी. वही शिकायत के आधार पर पुलिस जांच में जुट गई है।

K.W.N.S.-रायपुर। CGPSC की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों के लिए गुड न्यूज है. जिन अभ्यर्थियों ने अभी तक आवेदन नहीं किया है. उनके लिए ये राहत वाली खबर है. CGPSC मेंस की आवेदन करने की तिथि बढ़ा दी गई है. अब अभ्यर्थी 10 अप्रैल तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं. यानी अभ्यर्थी आज और कल तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं. जिन अभ्यर्थियों ने अभी तक आवेदन नहीं किया है. उनके लिए ये अंतिम मौका बताया जा रहा है. 11 अप्रैल तक त्रुटि सुधार किया जा सकता है. बता दें कि प्रदेश में PSC मेंस के लिए 2 हजार 548 अभ्यर्थियों ने क्वॉलीफाई किया है. PSC मेंस की परीक्षा 26 मई से शुरू की जाएगी।