Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.
Browsing: रायपुर

panchayattantra24.com,रायपुर। जिंदगी के जद्दोजहद में पुरूषों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर मिलाकर घर परिवार की जिम्मेदारी बखूबी निभा रही है। ई-रिक्शा ने महिलाओं के जीवन में शक्ति का नया संचार किया है। महिलाओं ने अबला होने के मिथक को तोड़कर सबला बनकर अपने परिवार में मुख्य भूमिका निभाने के साथ पति को भी मेहनत के रास्ते पर लाकर घर की आर्थिक स्थिति दोनों मिलकर मजबूत कर रहे है । भले ही महिलाएं कम पढ़ी लिखी हो पर वे अपने बच्चों को इग्ंिलश मिडियम स्कूल में पढ़ाकर उनके जीवन की बुनियाद को मजबूत बनाने में संकल्पित है। पुरुष प्रधान देश में नारी शक्ति मौजूदा दौर में हर क्षेत्र में अपना परचम लहरा रही हैं। कुछ काम जैसे ऑटो या ई-रिक्शा चलाना सिर्फ पुरुषों के बस की बात मानी जाती थी, लेकिन नारी शक्ति ने बता दिया कि वे भी पुरुषों से कम नहीं हैं। ई-रिक्शा से लेकर ट्रेन और हवाई जहाज तक आज महिलाएं चला रही है। उन सबको आदर्श और उनसे प्रेरणा लेकर अन्य शहरों की भांति रायपुर में भी महिलाओं ने ई-रिक्शा जरिए आत्मनिर्भरता के क्षेत्र में कदम बढ़ा रही हैं और अपने काम को बखूबी अन्जाम भी दे रही हैं। सम्मान से जिंदगी जीने और बच्चों को अफसर बनाने लिए राजधानी की महिला मठपुरैना निवासी मंजू तांडी ने ई-रिक्शा चलाना शुरू कर दिया। महिलाओं के ई-रिक्शा चलाने की शुरुआत कर वे अपने घर वालों का पालन पोषण तो कर ही रही है बल्कि शहर की अन्य महिलाओं को आत्मनिर्भर बनने के लिए रास्ता भी दिखा रही हैं। मजे की बात ये है कि राजधानी की महिलाओं को ई -रिक्शा चलाते देखकर ग्रामीण अंचल की महिलाएं भी ई-रिक्शा चला रही हैं। अब तो सरकार की मदद से इन्हे बैंक से भी लोन मिलने लगा है। शुरू-शुरू में तो लोग कौतूहल से देखते थे और आश्चर्य भी करते थे कि एक महिला ऑटो कैसे चला रही है। लेकिन धीरे धीरे लोग सामान्य हो गए। और लोगों ने उनके इस हौसले को सलाम भी करने लगे। महिला ऑटो चालक होने से महिलायें भी उनकी ऑटो में बैठना पसंद करने लगीं। जी हां, वे हैं मठपुरैना निवासी मंजू तांडी। मंजू के इस काम में उनके पति भी सहयोग करते है सुबह मंजू ई ऑटो लेकर निकल पड़ती हैं शहर में और दोपहर को घर लौटती हैं फिर दोपहर बाद उनके पति ऑटो चलाते हैं। मंजू तांडी से बात करने पर वे बताती हैं कि उनके घर में तीन लड़के है। बड़ा लड़का कालेज में पढ़ता है और दो लड़के स्कूल की पढ़ाई कर रहे हैं। शुरू में ऑटो चालन जरूर अटपटा लगा, लेकिन अब ठीक लग रहा है। वे आज शहर की सड़कों पर यात्रियों को उनकी मंजिल तक पहुंचा रही हैं। ई ऑटो के बारे में मंजू का कहना है कि यह पर्यावरण को प्रदूषित नहीं करता। मंजू कहती हैं-बच्चों को अफसर जो बनाना है और मंहगाई को देखते हुए एक आदमी के ही काम करने से घर का खर्चा चलना मुश्किल होता है। अब ऐसी कोई परेशानी नहीं होती। जानकारी के मुताबिक शहर में कई महिलाएं रोजगार के इस नए विकल्प में हाथ आजमा रही हैं।
दोनों तरह के कमेंट्स मिले मुझे मंजू बताती हैं कि कुछ लोगों को मैंने यह कहते हुए सुना- महिला होकर ऑटो चला रही है। कुछ ने कहा, मैडम ये आपके बस की बात नहीं, कुछ कहते हैं, हमें आप पर गर्व है। खूब तरक्की करो, प्रेरणा बनो। खासकर महिलाएं काफी खुश होती हैं और उन पर गर्व करती हैं कि अगर इंसान ठान ले तो कोई भी काम कठिन नहीं है। ऑटो वाले तक रुक-रुककर देते थे बधाई कालीबाड़ी चौक पर जनता से रिश्ता के प्रतिनिधि जब ई-रिक्शा चालक महिलाओं से बात कर रहे थे तभी कुछ ऑटो वाले रुके, वे जनता से रिश्ता प्रतिनिधि के पास पहुंचे और बधाइयां देते हुए कहा कि आप अख़बार वाले ऐसी महिलाओं की हौसला अफजाई कर रहे हैं यह कबीले तारीफ है। हम सब आपके इस प्रयास में साथ हैं। वहां से गुजरने वाले सभी लोगों ने ख़ुशी जाहिर करते हुए कहा कि हमें ऐसी महिलाओं पर गर्व है। मंजू कहती हैं कि मैं कोई बड़ा काम नहीं कर रही हूं। सबके आशीर्वाद, बधाइयों से मेरा हौसला बढ़ा है। मंजू की बातों से हर कोई प्रेरणा ले सकता है, कभी गलत बातों का समर्थन नहीं करना, समझौता नहीं करना। हौसला कभी न हारना। कोई भी काम छोटा, बड़ा नहीं होता। जो काम पुरुष कर सकते हैं, वह महिलाएं भीं।
बेहतरीन काम कर रही है भूपेश सरकार, बधाई… भूपेश सरकार की तारीफ करते हुए मंजू तांड़ी ने कहा कि सरकार बहुत अच्छा काम कर रही है। महिलाओं को प्रोत्साहित करने में कांग्रेस सरकार ने आत्मनिर्भर बनाने के सभी रास्ते खोल दिए है। मंजू तांड़ी ने सरकार के नशा विरोधी कार्रवाई की जमकर सराहना करते हुए कहाकि बच्चों को बिगडऩे से बचाने के लिए भूपेश सरकार और प्रशासन लगातार नशीले पदार्थ बेचने वालों पर कार्रवाई कर रही जिससे नशे के कारोबार करने वालों में हड़कंप मच गया है, वे भागे-भागे फिर रहे है। मंजू तांडी बीएसयूपी कालोनी भाटागांव मठपुरैना फे स-टू स्थित चंड़ी मंदिर समिति से भी जुड़ी है, गृहणी होने के साथ धार्मिक और सामाजिक कार्यो में भी बढ़ चढ़ कर हिस्सा लेती है।

panchayattantra24.com,रायपुर। सुबह की गुनगुनी ठंड के बीच जब शहर के सैकड़ों लोगों ने एक साथ नशे के खिलाफ अभियान में अपने को सहभागी बनाते हुए शपथ ली कि ..न नशा करेंगे और न दूसरों को करने देंगे..,खासकर स्काउट गाइड्स,एनसीसी,स्कूल-कालेज के बच्चों का जोश और जज्बा देखते ही बन रहा था जब वे पूरे गणवेश में अपनी टीम के साथ मौजूद थे। नो व्हीकल डे को मिली अपार सफलता के बाद नगर निगम के सभापति एवं पूर्व महापौर प्रमोद दुबे की अगुवाई में शुक्रवार को युद्ध नशे के विरूद्ध एक और जन जागरण अभियान शुरू किया गया। बूढ़ातालाब गार्डन में पद्मश्री अनुज शर्मा ने उपस्थित लोगों को इसकी शपथ दिलवाई। दुबे की पहल पर अर्पण कल्याण समिति द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में शहर के प्रबुद्धजन,विभिन्न समाज के धर्मगुरू,व्यापारिक,सामाजिक,खेल,व्यापार संगठन से जुड़े लोग शामिल रहे और सभी ने इस अभियान की प्रशंसा करते हुए अपने को हर कदम पर साथ रहने का भरोसा दिलाया। दुबे का आज जन्मदिन भी था,उपस्थित लोगों ने उन्हे शुभकामनाएं दी।
रायपुर शहर को नशामुक्त बनाने के लिए जनजागरण अभियान शुक्रवार को सुंदरनगर मुख्य द्वार से शुरू होकर बूढ़ातालाब के नए गार्डन में आकर समाप्त हुआ। यहां पर पद्मश्री अनुज शर्मा ने सभी को शपथ दिलवाई। रैली वाले मार्ग पर स्काउट गाइड्स व एनसीसी के बच्चे अपने गणवेश में कदमताल करते चल रहे थे। सुंदरनगर मुख्य द्वार पर कोपलवाणी के बच्चों ने पहले श्री दुबे को जन्मदिन की बधाई दी फिर नशे के विरूद्ध जब उन्होने अपनी प्रस्तुति दी लोगों ने तालियां बजाकर उनका उत्साहवर्धन किया। बूढ़ापारा नए गार्डन में महंत कालेज के बच्चों ने नशे खिलाफ नुक्कड़ नाटक किया। इस अवसर पर पद्मश्री अनुज शर्मा ने कहा कि स्वस्थ और सुरक्षित समाज का निर्माण करना हम सब की जिम्मेदारी है। शर्मा ने कहा कि प्रमोद दुबे द्वारा शुरू की गई यह जनजागरण अभियान समाज को एक नई दिशा प्रदान करेगी। इस अवसर पर नगर निगम के सभापति प्रमोद दुबे ने कहा कि जनप्रतिनिधियों की जिम्मेदारी है कि वे स्वस्थ और सुरक्षित समाज के निर्माण में अपनी महती भूमिका निभाएं। दुबे ने कहा कि नशामुक्त समाज से ही प्रदेश और देश की तरक्की संभव है।
जैसे कि मालूम हो शहर को प्रदूषण मुक्त बनाने नो व्हीकल डे 3 दिसम्बर 2015 से श्री दुबे के नेतृत्व में ही शुरू हुई थी। अब दूसरे अभियान युद्ध नशे के विरुद्ध की आज शुरूआत हुई। इस आंदोलन में नशामुक्ति हेतु कार्यरत विभिन्न संस्थाओं के माध्यम से हर महीने की 3 तारीख को रायपुर शहर को प्रदूषण मुक्त रखने के साथ नशा मुक्त रखने हेतु जागरूक किया जायेगा। कार्यक्रम का मूल उद्देश्य इस वैश्विक महामारी के बीच अपने आपको स्वास्थय के प्रति जागरूकता, शहर को नशे से दूर रहने हेतु जागरूकता फैलाना एवं पर्यावरण के प्रति अपने दायित्व को समझने का संदेश देना है। इस अभियान को शारीरिक दूरी बनाये रखने व मास्क लगाये रखने जैसे कोविड गाइडलाइन्स का पालन करते हुये किया जायेगा।

panchayattantra24.com,रायपुर। छत्तीसगढ़ में कला और संस्कृति के क्षेत्र में किए जा रहे प्रयासों को एक सशक्त अभिव्यक्ति देने के लिए राज्य में छत्तीसगढ़ संस्कृति परिषद का गठन किया गया है। यह परिषद राज्य की सांस्कृतिक धरोहर, साहित्य, लोक भाषा एवं बोलियाँ, संगीत, नृत्य-नाटक, रंगमंच, चित्र एवं मूर्तिकला, सिनेमा, रंगमंच, आदिवासी एवं लोककलाओं के संरक्षण और संवर्धन, लोकोत्सव आदि के आयोजन के साथ ही विविध विधाओं से संबंधित शीर्षस्थ विद्वानों को सम्मानित और उन्हें प्रोत्साहित करेगी। देश में अनेक राज्यों का गठन मुख्य रूप से भाषाई आधार पर हुआ है, जबकि छत्तीसगढ़ का गठन यहां की विशिष्ट सांस्कृति के आधार पर हुआ है। मध्यप्रदेश ने देश के सांस्कृतिक पटल पर जो ऊंचाईयों अर्जित की हैं, उसमें छत्तीसगढ़ का भी महत्वपूर्ण योगदान रहा है। वस्तुतः छत्तीसगढ़ राज्य का निर्माण भी सांस्कृतिक दृष्टि से किया गया है। छत्तीसगढ़ निर्माण के लम्बे अरसे के बाद भी राज्य की सांस्कृतिक विविधताओं और गौरवशाली परम्पराओं को सहेजने और संरक्षित करने की दिशा में अपेक्षित कार्य नहीं हो सका। राज्य में नई सरकार के गठन के बाद मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ की परम्पराओं, संस्कृति और लोककला को लगातार बढ़ावा दिया जा रहा है।
छत्तीसगढ संस्कृति परिषद के अध्यक्ष मुख्यमंत्री और संस्कृति मंत्री इसके उपाध्यक्ष बनाए गए हैं। परिषद के काम-काज की विशिष्टता को देखते हुए राज्य में कला संस्कृति में गहरी रुचि रखने वाले तथा अपनी कला के क्षेत्र में विशिष्ट स्थान रखने वाले लोगों को परिषद में सदस्य के रूप में शामिल किया गया है। यह परिषद राज्य की गौरवशाली सांस्कृतिक विरासत को देश-दुनिया में नई पहचान दिलाने के लिए काम करेगी। वर्तमान में छत्तीसगढ़ राजभाषा आयोग, छत्तीसगढ़ सिंधी अकादमी, बख्शी सृजन पीठ, चक्रधर कथक केन्द्र, नाचा केन्द्र, छत्तीसगढ़ फिल्म विकास निगम जैसी इकाईयां काम कर रही हैं, इन इकाईयों की विभिन्न गतिविधियों को समन्वित ढ़ंग से संचालित करने में परिषद की केन्द्रीय भूमिका होगी। छत्तीसगढ़ सांस्कृतिक बहुलता वाला प्रदेश है। सात राज्यों से घिरे होने के कारण सीमावर्ती राज्यों की संस्कृतियों का संगम देखने को यहां देखने को मिलता है। इसके साथ ही राज्य में लगभग एक तिहाई आबादी जनजातियों की है। राज्य का बस्तर अंचल देश-विदेश में आदिवासी कला-संस्कृति के लिए प्रसिद्ध है। राज्य सरकार द्वारा आदिवासी संस्कृति के संरक्षण और संवर्धन के लिए राष्ट्रीय आदिवासी नृत्य महोत्सव को राज्योत्सव के साथ ही मनाने का निर्णय लिया गया है। इस महोत्सव में न केवल देश के विभिन्न राज्यों के आदिवासी नर्तक दल शामिल होते हैं, बल्कि विदेशी कलाकार भी इस आयोजन में शामिल होते हैं। इससे राज्य को अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर विशेष पहचान मिली है।
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल द्वारा छत्तीसगढ़ के तीज-त्यौहार को बढ़ावा देने के फलस्वरूप लोगों में आत्म गौरव और अभिमान की अनुभूति जागृत हुई। छत्तीसगढ़ी खान-पान को बढ़ावा देने के लिए हर जिले में गढ़कलेवा शुरू किए गए। गढ़कलेवा में आधुनिक और परम्परागत ढ़ंग से आकर्षक साज-सज्जा में रुचिपूर्ण छत्तीसगढ़ी व्यंजन तैयार किए जाते हैं। इसी क्रम में छत्तीसगढ़ के तीज-त्यौहारों को मुख्यमंत्री निवास में मनाने की परम्परा की शुरुआत हुई। राज्य में तीजा, हरेली, छठ, विश्व आदिवासी दिवस, कर्मा जयंती और छेरछेरा पुन्नी- शाकम्भरी जयंती पर सार्वजनिक अवकाश घोषित किया गया। नवगठित छत्तीसगढ़ संस्कृति परिषद की कई महती जिम्मेदारियां हैं। इनमें सांस्कृतिक विरासतों की पहचान एवं उनका संरक्षण, संवर्धन और विकास, सृजनशील संस्कृति के लिए मंचों, कला संग्रहालयों एवं वीथिकाओं का विकास, राज्य में राष्ट्रीय स्तर के मंचों की स्थापना और आयोजन के लिए पहल करना शामिल है। इसके साथ ही आदिवासी एवं लोककलाओं और साहित्य के अन्तर्सम्बंधों की पहचान और विस्तार, विभिन्न सांस्कृतिक कलाओं एवं साहित्य रूपों के स्वतंत्र और मिले-जुले कार्यक्रम का आयोजन, विभिन्न सांस्कृतिक संस्थाओं, समूहों को सहयोग और प्रोत्साहन शामिल है।
panchayattantra24.com,रायपुर। राज्यपाल अनुसुईया उइके ने आज अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान रायपुर में एसोसिएशन ऑफ मेडिकल बायोकेमिस्ट्स ऑफ इंडिया के 28वें राष्ट्रीय सम्मेलन का उद्घाटन किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि बायोकेमेस्ट्री रोगों की पहचान और निदान में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। उन्होंने कोरोना महामारी के दौरान बायोकेमिस्ट्स एवं एम्स रायपुर की भूमिका की अत्यंत सराहना की। इसका महत्व कोरोना काल में आम जनता को भी समझ में आया। बायोकेमेस्ट्री क्षेत्र में हुए शोधों के जरिए अनेक लाइलाज बीमारियों का उपचार भी संभव हो सका है। अभी कोरोना का नया वेरियंट ओमिक्रॉन की पहचान की गई है। उन्होंने विशेषज्ञों से आग्रह किया कि इसके पहचान और बचाव के उपाय ईजाद करें तथा इस महामारी से देश और प्रदेश को बचाने में मदद करें। इस अवसर पर एम्स रायपुर के निदेशक डॉ. नितिन एम. नागरकर सहित देश-विदेश से आए प्रतिभागी उपस्थित थे।
राज्यपाल उइके ने इस सम्मेलन के प्रतिभागियों का स्वागत किया और आशा व्यक्त की कि सम्मेलन में आपसी संवाद से बीमारियों के इलाज की नवीनतम तकनीक के बारे में जानकारी मिलेगी और इसका लाभ छत्तीसगढ़ सहित पूरे देश को मिलेगा। उन्होंने कहा कि बायोकेमेस्ट्री के विशेषज्ञों को छत्तीसगढ़ की आनुवांशिक बीमारियों के संबंध में भी शोध कर उसके निदान के उपाय ढूंढने चाहिए। उन्होंने कहा कि बायोकेमेस्ट्री के महत्व का अंदाजा आम जनता को भी हो रहा है। क्योंकि बायोकेमेस्ट्री के क्षेत्र में अनेक वैज्ञानिकों को नोबल पुरस्कार मिला है, जिसमें ऐरीह वार्शल जो बायोकेमेस्ट्री के पायोनीयर माने जाते हैं, प्रमुख हैं। उन्होंने कम्प्यूटर मॉडलिंग के जरिए अनेक शोध किए और उन्हें दो अन्य वैज्ञानिकों के साथ वर्ष 2013 में नोबल पुरस्कार प्राप्त हुआ। बायोकेमेस्ट्री का उपयोग आधुनिक चिकित्सा के क्षेत्र में अनेकों लाइलाज बीमारियों के इलाज में कारगर सिद्ध हुआ है। बायोकेमेस्ट्री में शरीर की कोशिकाओं एवं खून और शरीर से निकलने वाले अन्य द्रव्यों का सूक्ष्म विश्लेषण किया जाता है, जिसका उपयोग चिकित्सकों द्वारा बीमारी की पहचान के लिए और इलाज की मानिटरिंग करने के लिए किया जाता है। इस क्षेत्र में नित नये शोध हो रहे हैं और इसका लाभ आम जनता को भी मिल रहा है।
एम्स रायपुर के निदेशक डॉ. नितिन एम. नागरकर ने राज्यपाल उइके को धन्यवाद देते हुए कहा कि वे हमेशा एम्स के चिकित्सकों और कर्मचारियों को प्रोत्साहित करती हैं और सकारात्मक कार्यों में मदद करती है। एम्स के बायोकेमेस्ट्री विभाग सहित अन्य विभाग के चिकित्सकों और कर्मचारियों ने कोविड-19 के पहली एवं दूसरी लहर के दौरान समर्पित होकर अपने कर्त्तव्यों का निर्वहन किया। आगे भी कोई महामारी या अन्य कोई समस्या आती है तो उस स्थिति में उसका सामने के लिए एम्स पूरी तरह से तैयार हैं। एम्स 2012 में स्थापना के बाद से उपचार, चिकित्सा शिक्षा और शोध के क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान दे रहा है। उन्होंने बायोकैमेस्ट्री के योगदान को महत्वपूर्ण बताते हुए आशा प्रकट की कि कांफ्रेंस के माध्यम से चिकित्सकों को नए विषयों को जानने का मौका मिलेगा। डीन प्रो. एस.पी. धनेरिया ने कांफ्रेंस के विषयों को सामयिक बताते हुए इसे चिकित्सकों के लिए ज्ञानवर्धक बताया।
इससे पूर्व एएमबीआई की सचिव प्रो. जसबिंदर कौर ने एसोसिएशन की वार्षिक रिपोर्ट प्रस्तुत की। वर्तमान अध्यक्ष प्रो. अंजू जैन ने निर्वाचित अध्यक्ष डॉ. नवजोत कौर को एसोसिएशन का दायित्व सौंपा। इस अवसर पर राज्यपाल सुश्री उइके, प्रो. नागरकर और अन्य अतिथियों ने स्मारिका का विमोचन भी किया। सम्मेलन में प्रो. एली मोहापात्र, डॉ. रचिता नंदा, डॉ. बी. गोविंदराजू, डॉ. जैसी अब्राहम, डॉ. सुपर्वा पटेल, डॉ. सीमा शाह सहित चिकित्सकगण उपस्थित थे। सम्मेलन में देश-विदेश से प्रतिभागी ऑनलाईन माध्यम से भी जुड़े हुए थे।

panchayattantra24.com,रायपुर। दिव्यांगजनों के कल्याण के उत्कृष्ट कार्यों के लिए छत्तीसगढ़ को तीन राष्ट्रीय पुरस्कारों से नवाज़ा गया है। अंतर्राष्ट्रीय दिव्यांग दिवस के अवसर पर राष्ट्रपति श्री रामनाथ कोविंद ने आज नई दिल्ली के विज्ञान भवन में आयोजित एक गरिमामय कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ को यह अवार्ड प्रदान किए। छत्तीसगढ़ की महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रीमती अनिला भेंड़िया ने राष्ट्रपति के हाथों ये पुरस्कार ग्रहण किए। इस अवसर पर समाज कल्याण विभाग की सचिव श्रीमती रीना बाबा साहेब कंगाले, संचालक श्री पी. दयानन्द, उप सचिव श्री राजेश तिवारी, संयुक्त संचालकश्री पंकज वर्मा भी उपस्थित थे। मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल ने राष्ट्रीय पुरस्कार के लिए सभी श्रेणियों के विजेताओं को बधाई देते हुए आगे भी दिव्यांगजनों के हित में श्रेष्ठ कार्य करने के लिए शुभकामनाएं दी हैं।
बेस्ट ब्रेल प्रेस की श्रेणी में बिलासपुर में समाज कल्याण विभाग द्वारा संचालित ब्रेल प्रेस को उत्कृष्ट कार्यों के लिए, स्थानीय निकाय की श्रेणी में नया रायपुर, अटल नगर विकास प्राधिकरण को विकलांग व्यक्तियों के लिए अवरोध मुक्त वातावरण के निर्माण के उत्कृष्ट कार्य के लिए और दिव्यांगजन को स्वरोजगार के लिए सर्वश्रेष्ठ नियोक्ता और प्लेसमेंट अधिकारी/एजेंसी की श्रेणी में निजी या गैर-सरकारी संगठन या कार्यालय के लिए समता कॉलोनी रायपुर के नुक्कड़ टी कैफे वेंचर्स एलएलपी को सर्वश्रेष्ठ नियोक्ता के रूप में राष्ट्रीय पुरस्कार से सम्मानित किया गया है।
दृष्टिबाधित दिव्यांगजनों को ब्रेल लिपि में पाठ्य पुस्तक, साहित्य एवं ज्ञानवर्धक पुस्तकों के साथ ही सुगम्य पुस्तकालय अंतर्गत ई-पुस्तकालय में ऑनलाइन शिक्षण में उल्लेखनीय कार्य के लिए ब्रेल प्रेस बिलासपुर को नेशनल अवार्ड मिला है। बिलासपुर स्थित ब्रेल प्रेस ने दृष्टिबाधितों के लिए पाठ्य सामग्री, साहित्य तैयार करने के साथ निर्वाचन हेतु मतपत्र तैयार किया हैं। इसके साथ ही ब्रेल प्रेस की दृष्टिहीनों के लिए ऑनलाइन पुस्तकालय की सुविधा से विद्यार्थियों को कोरोना काल में बहुत मदद मिली है। इसके अलावा नवा रायपुर अटल नगर में दिव्यांगजनों के लिए सड़क, भवन, सार्वजनिक स्थल तथा अन्य स्थानों पर बाधारहित वातावरण निर्माण करने, दिव्यांगजनों के लिए शौचालय निर्माण आदि कार्यों के लिए नवा रायपुर अटल नगर विकास प्राधिकरण को राष्ट्रीय पुरस्कार दिया गया है। साथ ही समता कॉलोनी रायपुर में नुक्कड़ टी कैफे वेंचर्स, एल.एल.पी. द्वारा श्रवण बाधित दिव्यांग व्यक्तियों को स्वरोजगार से जोड़ने के लिए नुक्कड़ टी कैफे का संचालन कुशलतापूर्वक किया जा रहा है। इसमें श्रवण बाधित व्यक्तियों द्वारा जनसामान्य को अपनी सेवाएं दी जा रही है। समाज में दिव्यांग व्यक्तियों के प्रति सकारात्मक वातावरण के दिशा में उल्लेखनीय कार्य के लिए उन्हें भी राष्ट्रीय पुरस्कार पुरस्कार प्रदान किया गया।

panchayattantra24.com,रायपुर। राज्य शासन द्वारा खरीफ विपणन वर्ष 2021-22 एवं आगामी वर्षों के लिए इन स्थानों में नए धान केंद्र खोलने की अनुमति दी है. चांदीपुर, उदनपुर, कुमही, जंगलपुर, मदराली, रानीडोंगरी, बारवी, बगर्रा, खुंटेरी, रूदा, जोरातराई, सालेमेटा, चांदागांव, रतनपुर,कोपरा और तरेकेला का नाम शामिल है।


panchayattantra24.com,रायपुर। उद्योग मंत्री कवासी लखमा ने सुकमा जिले के छिंदगढ़ विकासखण्ड के ग्राम कुंदनपाल, कांजीपानी और बिरसठपाल में नवीन धान केंद्रों का शुभारंभ किया। वर्षों पुरानी मांग पूरा होने पर किसानों में खासा उत्साह है। समीप में धान विक्रय केंद्र खुलने से किसानों को काफी सुविधा हो गई है। इससे पहले उन्हें 7 से 8 किलोमीटर की दूरी तय कर धान उपार्जन केंद्र जाना पड़ता था। मंत्री श्री लखमा ने इन धान खरीदी केन्द्रों की स्थापना के लिए क्षेत्रीय किसानों को बधाई दी। इस अवसर पर मंत्री श्री कवासी लखमा ने कहा कि आम लोगों की समस्याओं की समाधान के लिए निरंतर कार्य किया जा रहा है। कुंदनपाल, कांजीपानी और बिरसठपाल क्षेत्र के ग्रामीणों द्वारा धान उपार्जन के दौरान होने वाली समस्याओं से अवगत कराते हुए यहां धान खरीदी केन्द्रों की मांग की गई थी, जिसे पूरा करते हुए उन्हें खुशी हो रही है। विगत वर्ष जिले के केरलापाल, नेतनार और एर्राबोर में भी धान खरीदी केन्द्र स्थापित किए गए थे। उन्होंने कहा कि अगले वर्ष और स्थानों पर भी धान खरीदी केन्द्र स्थापित किए जाएंगे।
कुंदनपाल क्षेत्र अन्तर्गत आने वाले मिचवार, कुन्ना, पेदारास, पेंदलनार, डोलेरास, पुसगुन्ना तथा कुंदनपाल ग्राम पंचायत के पंजीकृत किसानों को अपना धान विक्रय करने के लिए विगत वर्ष कुकानार तक की दूरी तय करनी पड़ती थी। किन्तु अब स्थानीय तौर पर धान खरीदी केंद्र खुल जाने से उन ग्रामीणों को सुविधा हो गई है। इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष हरीश कवासी ने भी ग्रामीणों को संबोधित किया। इस दौरान क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि सहित सीईओ जिला पंचायत श्री देवनारायण कश्यप, एसडीएम सुकमा सुश्री प्रीति दुर्गम एवं अधिकारीगण और बड़ी संख्या में ग्रामीण जन उपस्थित रहे।

panchayattantra24.com,रायपुर। प्रदेश में होने वाले निकाय चुनाव के लिए राजनीतिक दलों में उठापटक मची हुई है. ताजा घटनाक्रम स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव से जुड़ा है, जिन्होंने कांग्रेस के चुनाव समिति के फैसले को दरकिनार करते हुए बैकुंठपुर जिला प्रभारी बनने से इंकार कर दिया है. दरअसल, हाल ही में मनेंद्रगढ़ को जिला घोषित किया गया है, लेकिन इसमें खड़गंवा ब्लॉक को शामिल नहीं किए जाने से लोगों में गुस्सा है. यहां तक राजनीतिक दल के लोग भी इस कदम पर अपना विरोध दर्ज करा रहा हैं. ऐसे में आशंका जताई जा रही है कि लोगों के विरोध से चुनाव में बनने-बिगड़ने वाले समीकरण को देखते हुए सिंहदेव ने बैकुंठपुर और शिवपुर चरचा नगर पालिका का चुनाव प्रभारी बनने से इंकार कर दिया है. सिंहदेव के चुनाव प्रभारी बनने से इंकार करने के बाद अब कांग्रेस चुनाव समिति के लिए उनका विकल्प तलाश करना एक बड़ी समस्या है. ऐसा कौन सा मंत्री है, जिसे दोनों नगर पालिका के चुनाव का प्रभारी बनाया जाए. सिंहदेव जैसे वरिष्ठ मंत्री के इंकार के बाद किसी दूसरे मंत्री के लिए उस जिम्मेदारी को निभाना बहुत कठिन होगा।

panchayattantra24.com,रायपुर। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने स्वतंत्र भारत के प्रथम राष्ट्रपति और स्वतंत्रता संग्राम सेनानी भारतरत्न डॉ. राजेन्द्र प्रसाद को उनकी जयंती 3 दिसम्बर पर नमन किया है। श्री बघेल ने डॉ. राजेन्द्र प्रसाद के योगदान को याद करते हुए कहा है कि उन्होंने संविधान सभा के अध्यक्ष के रूप में देश को एक मजबूत संविधान दिया। डॉ.राजेन्द्र प्रसाद ने राष्ट्रपति रहते हुए स्वतंत्र तथा निष्पक्ष कार्य की मिसाल प्रस्तुत की। भारतीय स्वाधीनता संग्राम को मजबूत बनाने में भी उन्होंने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनके द्वारा छोड़ी गई विचार-मूल्यों की विरासत हमें हमेशा प्रेरित करती रहेगी।

panchayattantra24.com,रायपुर। नगरीय प्रशासन मंत्री डॉ. शिवकुमार डहरिया ने रायपुर जिले की चंदखुरी नगर पंचायत के अंतर्गत 5 करोड़ 20 लाख 55 हजार रूपए के विभिन्न निर्माण एवं विकास कार्यों का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। इन कार्यों में मुख्यतः स्कूल भवन, सड़क, पंचायत भवन, रंग मंच, नाली निर्माण सहित अन्य कार्य शामिल हैं। लोकार्पण एवं भूमिपूजन कार्यक्रम में जनपद पंचायत आरंग के खिलेश देवांगन, नगर पंचायत चंदखुरी के अध्यक्ष रविशंकर धीवर भी मौजूद थे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुये डॉ. डहरिया ने कहा कि छत्तीसगढ़ शासन द्वारा जनसरोकारों से जुडे़ सभी निर्माण एवं विकास के कार्य कराये जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि प्रदेश में धान खरीदी महोत्सव और धान तिहार के तहत धान खरीदी का कार्य प्रारंभ हो गया है उन्होंने बताया कि राज्य शासन का यह सबसे महत्वपूर्ण कार्य है। प्रदेश के किसानों से सरकार समर्थन मूल्य पर धान क्रय किया जा रहा है। सभी धान खरीदी केन्द्रों और उपार्जन केन्द्रों में समुचित प्रबंध किये गये हैं। किसानों को यहां पर किसी तरह की परेशानी नहीं हो इसके व्यापक इंतजाम किये गये हैं। उन्होने बताया नवगठित चंदखुरी नगर पंचायत के लिए पिछले दिनों करीब 6 करोड़ के अधोसंरचना के कार्यों की स्वीकृति प्रदान की गई है, नगर पंचायत चंदखुरी द्वारा कार्य कराये जा रहे हैं। उन्होंने चंदखुरी में सामुदायिक भवन के लिए आवश्यक सहयोग प्रदान करने की बात कही। डॉ. डहरिया ने कहा कि चंदखुरी में पुलिस चौकी स्थापना के लिए आवश्यक पहल की जायेगी। इस अवसर पर क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि, नागरिक अधिकारी, कर्मचारी उपस्थित रहे।