Browsing: रायपुर

panchayattantra24.com,रायपुर। IP क्लब में गोली चलाने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। दिलीप मिश्रा को यूपी के प्रतापगढ़ से गिरफ्तार किया गया है। दिलीप को रायपुर लाया गया है। पुलिस दिलीप को कोर्ट में पेश कर उसकी रिमांड मांग सकती है।
बता दें दो दिन पहले दिलीप ने विवाद के बाद गोली चलाई थी। फायरिंग का वीडियो वहां लगे सीसीटीवी में कैद हो गया था। शिकायत के बाद आबकारी विभाग ने IP क्लब का लाइसेंस सस्पेंड किया है। 
 

आधुनिक लैब में मरीजों को 42 तरह की मिल रही जांच की सुविधा 
panchayattantra24.com,रायपुर। राजधानी रायपुर में संचालित चार ‘हमर अस्पताल’ से शहर में स्वास्थ्य सेवाओं की सूरत और सीरत बदल रही है। कई नई सुविधाओं से लैस इन अस्पतालों में पिछले तीन महीनों अगस्त, सितम्बर एवं अक्टूबर में 30 हजार ओपीडी हुई हैं। इस दौरान यहां 200 से अधिक प्रसव भी कराए गए हैं। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के सहयोग से गुढ़ियारी के शहरी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र तथा राजातालाब, भाठागांव और भनपुरी स्थित शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों का पिछले वर्ष ‘हमर अस्पताल’ के रूप में उन्नयन किया गया है। स्वास्थ्य मंत्री श्री टी.एस. सिंहदेव ने मार्च-2020 में गुढ़ियारी में और नवम्बर-2020 में राजातालाब, भाठागांव और भनपुरी में ‘हमर अस्पताल सेवा’ का शुभारंभ किया था।
लोगों को सुबह से लेकर देर शाम तक चिकित्सा सेवा मुहैया कराने के लिए इन अस्पतालों में सवेरे 8 बजे से रात 8 बजे तक ओपीडी संचालित की जा रही है। यहां की आधुनिक लैब में मरीजों को 42 तरह की जांच की सुविधा मिल रही है। इन अस्पतालों में 150 प्रकार की दवाईयां निःशुल्क उपलब्ध हैं। चारों ‘हमर अस्पताल’ में विगत सात महीनों में कुल 1611 लोगों के आंखों की जांच की गई है। गुढ़ियारी ‘हमर अस्पताल’ में विगत सात महीनों (अप्रैल से अक्टूबर 2021) में 1188 लोगों के दांत के इलाज के साथ ही 320 मरीजों को एक्स-रे सुविधा प्रदान की गई है। राजातालाब और गुढ़ियारी ‘हमर अस्पताल’ में इस साल अगस्त से सोनोग्राफी की सुविधा भी शुरू हो चुकी है। इन दोनों अस्पतालों में अगस्त से अक्टूबर के बीच क्रमशः 151 और 163 मरीजों की सोनोग्राफी की गई है। अन्य ‘हमर अस्पतालों’ में भी दंत चिकित्सा, सोनोग्राफी और एक्स-रे की सुविधा विकसित की जा रही है।
नियमित टीकाकरण कार्यक्रम के तहत पिछले सात महीनों में चारों ‘हमर अस्पताल’ में कुल 335 बच्चों को हेपेटाइटिस-बी, 282 बच्चों को विटामिन-के की खुराक तथा 405 बच्चों को बीसीजी का टीका एवं ओरल पोलियो वैक्सीन दी गई है। गुढ़ियारी ‘हमर अस्पताल’ की ओपीडी में बीते तीन महीनों में 8709, राजातालाब ‘हमर अस्पताल’ की ओपीडी में 8687, भनपुरी ‘हमर अस्पताल’ की ओपीडी में 7143 और भाठागांव ‘हमर अस्पताल’ की ओपीडी में 5441 लोगों ने अपना इलाज कराया है। इस दौरान गुढ़ियारी ‘हमर अस्पताल’ में 77, राजातालाब ‘हमर अस्पताल’ में 53, भनपुरी ‘हमर अस्पताल’ में 38 और भाठागांव ‘हमर अस्पताल’ में 35 महिलाओं का प्रसव कराया गया है।
 

panchayattantra24.com,रायपुर। गुजरात के राज्यपाल आचार्य देवव्रत इसी हफ्ते कुछ दिनों के लिए छत्तीसगढ़ दौरे पर आ रहे हैं। राज्यपाल आचार्य देवव्रत 27 नवंबर को छत्तीसगढ़ आएंगे। राज्यपाल 27 नवंबर से 30 नवंबर तक छत्तीसगढ़ प्रवास पर रहेंगे। जानकारी मिली है कि गुजरात के राज्यपाल आचार्य देवव्रत अपने तय समय के अनुसार 27 नवंबर को शाम 5:30 बजे रायपुर एयरपोर्ट पहुंचेंगे। वहां से वह सीधे भिलाई के लिए प्रस्थान करेंगे। शाम 6:45 बजे राज्यपाल भिलाई पहुंचेंगे। भिलाई में राज्यपाल रात्रि विश्राम करेंगे। अगली सुबह यानी 28 नवंबर को सुबह 9:00 बजे राज्यपाल कार से जेएस फार्म, धौराभाटा प्रस्थान करेंगे। वे वहां कृषक वजीर सिंह चौहान और अनिल शर्मा द्वारा आयोजित एक व्याख्यान कार्यक्रम में मौजूद रहेंगे। वे वहां जैविक खेती का अवलोकन करेंगे, साथ ही जहर मुक्त खेती, जहर मुक्त रसोई पर किसानों के लिए व्याख्यान देंगे।
 

panchayattantra24.com,रायपुर। छत्तीसगढ़ में 1 दिसंबर से धान खरीदी की शुरूआत होगी। इससे पहले ही प्रदेश में धड़ल्ले से धान की तस्करी हो रही है। खनिज और खाद्य विभाग की ताबड़तोड़ कार्रवाई में एक के बाद एक खुलासे हो रहे हैं। अभी तक 23 सौ से से ज्यादा अवैध धान का बोरा जब्त किया जा चुका है। बता दें कि राज्य सरकार की धान खरीदी की तारीख की घोषणा के बाद राज्य की सीमाओं पर सुरक्षा पुख्ता किए हैं। वहीं अवैध परिवहन पर सख्ती से निगरानी की जा रही है। इसके साथ ही संदिग्ध जगहों में छापामार कार्रवाई कर अवैध धान जब्त कर रहे हैं। 
 खनिज विभाग की टीम ने पेंड्रा, जांजगीर चांपा और महासमुंद जिले के सराईपाली में अवैध धान जब्त किया है। जानकारी के अनुसार पेंड्रा में धान तस्करी की आशंका पर गौरेला के खोडरी गांव के राजेंद्र केसरवानी के गोदाम पर कार्रवाई हुई। इस दौरान टीम ने गोदाम में रखे 1823 बोरी अवैध धान जब्त किया है। बताया जा रहा है कि दूसरे राज्य से तस्करी की आशंका पर यह कार्रवाई हुई। जांजगीर में खनिज विभाग की टीम ने अवैध परिवहन करते 13 गाड़ी पर कार्रवाई की है। खनिज मैन्युअल के तहत जुर्माना वसूला जाएगा। बिर्रा और नवागढ़ क्षेत्र में यह कार्रवाई हुई। इधर महासमुंद जिले के सराईपाली में राजस्व और खाद्य विभाग टीम ने बड़ी कार्रवाई की है। अलग-अलग मामलों में 575 बोरा अवैध धान जब्त किया है। जानकारी के अनुसार टीम को अवैध भंडारण व परिवहन की शिकायत मिली थी। मंडी अधिनियम के तहत यह कार्रवाई हुई है। टीम ने तीन टैक्टर जब्त किया है।
 

panchayattantra24.com,रायपुर। छत्तीसगढ़ के आंगनबाड़ी केन्द्रों के माध्यम से महिलाओं और बच्चों में कुपोषण को दूर करने के लिए वितरित किए जा रहे रेडी टू ईट पोषण आहार की गुणवत्ता को और बेहतर बनाने के लिए केन्द्रीयकृत व्यवस्था अपनाने का निर्णय लिया गया है। इस व्यवस्था में स्वचलित मशीनों के जरिए रेडी टू ईट पोषण आहार का उत्पादन किया जाएगा। इस व्यवस्था के अंतर्गत वर्तमान में अनुबंधित महिला स्व-सहायता समूहों को रेडी टू ईट के परिवहन एवं वितरण कार्य में सहयोग लिया जावेगा, जिससे उनके आय के साधन में निरंतरता रहेगी।
महिला एवं बाल विकास विभाग ने बताया है कि राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम 2013 एवं फूड सेफ्टी हाईजींन निर्देश 2013 में पूरक पोषण आहार निर्माण में स्वच्छता संबंधी मानक निर्देश दिये गए हैं। साथ ही उच्चतम न्यायालय ने भी कहा है कि हितग्राहियों को दिए जा रहे पूरक पोषण आहार कार्यक्रम अंतर्गत वितरित किए जा रहे रेडी टू ईट में निर्धारित ऊर्जा, माइक्रोन्यूट्रीएंट्स (कैलोरी, प्रोटीन, फोलिक एसिड, राइबोफ्लेविन, नाईसीन, कैल्शियम, थायमिन, आयरन, विटामिन ए, बी12, सी एवं डी) होने के साथ वह फोटिफाईड एवं फाइन मिक्स होना चाहिए। इसके साथ ही रेडी टू ईट मानव स्पर्शरहित, स्वचलित मशीन (थ्नससल ।नजवउंजमक) द्वारा निर्मित एवं जीरो संक्रमण रहित होना चाहिए।
वर्तमान में प्रचलित पूरक पोषण आहार व्यवस्था में परिवर्तन से हितग्राहियों को राष्ट्रीय अधिनियमों और सुप्रीम कोर्ट के आदेश को ध्यान में रखते हुए मानक पूरक पोषण आहार प्रदान किया जा सकेगा। मंत्री परिषद् द्वारा 22 नवम्बर को लिए गए निर्णय अनुसार रेडी टू ईट फूड निर्माण अब कृषि विकास एवं कृषक कल्याण तथा जैव प्रौद्योगिकी विभाग के अंतर्गत छत्तीसगढ़ राज्य बीज एव कृषि विकास निगम द्वारा स्थापित इकाइयों के माध्यम से किया जाएगा। इस आधार पर छत्तीसगढ़ राज्य बीज एवं कृषि विकास निगम के संयुक्त उपक्रम रायगढ़ संयंत्र द्वारा रेडी टू ईट प्रदाय करने का निर्णय लिया गया है।
विभाग ने बताया है कि केन्दीयकृत व्यवस्था लागू होने से खाद्य सामग्री की वैधता अवधि अधिक होगी और गुणवत्ता में एकरूपता आएगी। इससे आसानी से पूरक पोषण आहार की गुणवत्ता की मॉनिटरिंग और उस पर नियंत्रण हो सकेगा। जीपीएस ट्रेकिंग सिस्टम के माध्यम से सामग्री की आपूर्ति एवं पैकेजिंग में क्यूआर कोड का उल्लेख होगा। इससे सभी हितग्राहियो ंको उच्च गुणवत्ता और मानक अनुसार एक समान पूरक पोषण आहार मिलेगा। विभाग ने जानकारी दी है कि केन्द्रीयकृत व्यवस्था के तहत् गुजरात राज्य में गुजरात कॉर्पोरेटिव मिल्क मार्केटिंग फेडरेशन के 03 जिला सहकारी दूग्ध उत्पादक संस्थाओं, तेलंगाना व आंध्रप्रदेश में तेलंगाना फूड्स तथा मध्यप्रदेश में एमपी एग्रो फूड कार्पोरेशन द्वारा भी स्वचलित मशीनों से निर्मित फोर्टिफाईड एवं माइक्रोन्यूट्रीएंट्स युक्त पोषण आहार हितग्राहियों को प्रदाय किया जा रहा है।
 

 

panchayattantra24.com,रायपुर। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और पीएल पुनिया एक साथ दिल्ली के लिए रवाना हुए हैं। दिल्ली के लिए उड़ान भरने से पहले मुख्यमंत्री भूपेश बघेल मीडिया से चर्चा की। इस दौरान सीएम बघेल ने धान खरीदी के मुद्दे पर चर्चा के लिए पीएम मोदी से मुलाकात का समय मांगा है। सीएम ने कहा कि पीएम से मुलाकात कर स्थितियों की जानकारी देंगे। आगे कहा कि केंद्र सरकार छत्तीसगढ़ के साथ भेदभाव ना करें। उसना चावल खरीदी नहीं होने से परेशानी बढ़ेगी। सबसे ज्यादा किसान और राइस मिलर्स परेशानी होंगे। 
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल आज लखनऊ में सदस्यता अभियान में शामिल होंगे। दिल्ली पहुंचने के बाद सीएम बघेल दोपहर 1 बजे लखनऊ के लिए रवाना होंगे। जहां सीएम बघेल लखनऊ में सदस्यता अभियान पर PC लेंगे। केंद्र ने छत्तीसगढ़ में PM आवास का आवंटन रद्द किया है। मामले पर सीएम भूपेश बघेल ने कहा कि प्रधानमंत्री को केंद्र का राशि बढ़ाना चाहिए। इंदिरा आवास का नाम बदलकर PM आवास रखें हैं। PM के नाम से योजना तो केंद्र राशि 60% क्यों ? केंद्र राशि 90 या 100% होना चाहिए। केंद्र से हमें 20 हजार करोड़ रु भी नहीं मिले,
 

panchayattantra24.com,रायपुर। प्रदेश कांग्रेस प्रभारी PL पुनिया ने कहा है कि आज की बैठक में विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई है, प्रत्याशी चयन के लिए वार्ड स्तर पर समिति बनेगी। जनता से पूछकर हम अपना प्रत्याशी बनाएंगे। उन्होंने कहा कि जीतने वालों को ही कांग्रेस टिकट देगी। इसके साथ ही पुनिया ने कहा कि मेनिफेस्टो में 5 मुद्दों को शामिल करेंगे, कांग्रेस सरकार ने निकायों में खूब काम किया है, इसके कारण कांग्रेस की जीत तय है। इसके पहले आज नगरीय निकाय चुनाव को लेकर राजीव भवन में कांग्रेस की बैठक रखी गई थी, बैठक में पीसीसी प्रभारी PL पुनिया समेत CM भूपेश बघेल, PCC चीफ मोहन मरकाम भी मौजूद रहे। मंत्री TS सिंहदेव, ताम्रध्वज साहू, मो.अकबर, अमरजीत भगत भी शामिल रहे। बैठक में 15 जिलों के कांग्रेस प्रभारी व पर्यवेक्षक भी शामिल हुए, जहां पार्षद प्रत्याशी को लेकर चर्चा की गई है।
 

panchayattantra24.com,रायपुर। कृषि उत्पादन आयुक्त डॉ कमलप्रीत सिंह ने नरवा, गरूवा, घुरवा एवं बाड़ी योजनातंर्गत निर्मित गोठानों में नियमित रूप से आजीविका मूलक गतिविधियों का संचालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं, जिससे कि गोठान, पशुधन की सुरक्षा, संरक्षण एवं संवर्धन के साथ-साथ ग्रामीणों के आय सृजन का केंद्र बन सके। कृषि उत्पादन आयुक्त डॉ कमलप्रीत सिंह आज कलेक्ट्रोरेट जगदलपुर के प्रेरणा कक्ष में आयोजित कृषि एवं सम्बद्ध विभागों की समीक्षा बैठक में उपस्थित अधिकारियों को उक्ताशय के निर्देश दिए हैं। बैठक में उन्होंने कृषि एवं सम्बद्ध विभाग के कार्यों की जिलेवार समीक्षा की। इस अवसर पर संभाग आयुक्त बस्तर श्री जीआर चुरेंद्र, विशेष सचिव कृषि एवं सुराजी योजना के नोडल अधिकारी डॉ. एस भारती दासन, संचालक कृषि श्री यशवंत कुमार, कलेक्टर श्री रजत बंसल, संचालक उद्यानिकी श्री माथेश्वरन व्ही सहित जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी सुश्री ऋचा प्रकाश चौधरी, अपर कलेक्टर अरविंद एक्का तथा कृषि एवं संबद्ध विभागों के संभाग व जिला स्तरीय अधिकारीगण उपस्थित थे।
बैठक में कृषि उत्पादन आयुक्त ने गोठानों में नियमित रूप से आजीविका मूलक गतिविधियों के संचालन के लिए जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों के मार्गदर्शन में योजना बनाने के भी निर्देश अधिकारियों को दिए। डॉ कमलप्रीत ने गोठानों में वर्मी कम्पोस्ट के उत्पादन एवं बिक्री की स्थिति की भी जिलेवार समीक्षा की। उन्होंने निर्धारित लक्ष्य के अनुसार गोठानों में निर्मित वर्मी कम्पोस्ट की बिक्री सुनिश्चित कराने के निर्देश भी दिए। बैठक में उन्होंने रबी वर्ष 2021-22 में बीज मांग, उपलब्धता, भंडारण एवं वितरण की समीक्षा के साथ-साथ रबी फसलों के क्षेत्राच्छादन, फसल स्थिति, अंतरवर्तीय फसलों का क्षेत्राच्छादन की स्थिति की भी समीक्षा की। इसके अलावा उन्होंने गोठानों में बीज उत्पादन, प्रदर्शन, मिनिकिट वितरण, चारा उत्पादन की प्रगति एवं पैरादान की जिलेवार समीक्षा की।
बैठक में डॉ. सिंह ने धान के बदले दलहन, तिलहन, लघु धान्य फसल एवं अन्य वैकल्पिक फसलों की जानकारी के साथ-साथ राजीव गांधी किसान न्याय योजना के तहत पंजीयन एवं सत्यापन की जानकारी एवं ग्रीष्मकालीन धान के बदले अन्य लाभकारी फसल रागी लगाने एवं उतेरा फसलों की प्रगति की समीक्षा की।बैठक में कृषि, उद्यानिकी, पशुपालन, मछली पालन विभाग की प्रमुख विभागीय फ्लैगशिप योजनाओं तथा कृषि उत्पादन संगठन की प्रगति की समीक्षा की गई। बैठक में कृषि उत्पादन आयुक्त ने एकीकृत जलग्रहण क्षेत्र प्रबंधन कार्यक्रम के लंबित कार्याे तथा अन्य विभागीय गतिविधियों की भी विस्तृत समीक्षा की। इस अवसर पर संभागायुक्त श्री जीआर चुरेंद्र ने बैठक में उपस्थित को संभाग एवं जिला स्तरीय अधिकारियों को बैठक में दिए गए निर्देशों का पालन सुनिश्चित करने केके निर्देश दिए।
 

panchayattantra24.com,रायपुर। मुख्यमंत्री  भूपेश बघेल ने राज्योत्सव के अवसर पर 1 नवम्बर को छत्तीसगढ़ के 21 लाख ग्रामीण किसान भाईयों के खाते में राजीव गांधी किसान न्याय योजना की तीसरी किश्त की राशि 1500 करोड़ रूपए ऑन लाइन जमा कराई गई थी। किसानों को त्यौहारों के अवसर पर राजीव गांधी किसान न्याय योजना की राशि मिलने से किसानों के परिवारों में खुशियां आई।
राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर बिलासपुर जिले के एक लाख 1 हजार 986 किसानों के खाते में खरीफ सीजन 2020-21 के लिए राजीव गांधी किसान न्याय योजना की तीसरी किश्त 73 करोड़ 49 लाख 11 हजार रूपए राशि अंतरित की गयी। यह राशि मिलने से जिले के किसानों में हर्ष व्याप्त  है। तखतपुर विकासखंड के ग्राम तुर्काडीह निवासी श्री भागाीरथी पटेल भी तीसरी किश्त की राशि मिलने से बहुत खुश हैं। उन्होंने बताया कि उन्हें तीसरी किश्त के रूप में उनके खाते में 19 हजार 500 रूपए अंतरित हुआ है। उनके पास 8 एकड़ कृषि भूमि है। परिवार में 11 लोग हैं। परिवार का गुजर -बसर खेती किसानी से होता है। वे कहते हैं कि खेती- बाड़ी में समय-समय पर राशि की जरूरत पड़ती है। राजीव गांधी किसान न्याय योजना के तहत किश्तों में राशि मिलने से इससे बहुत मदद मिलती है। वे कहते हैं कि इस योजना से हर किसान को फायदा हो रहा है। ग्राम कुरेली निवासी श्री रामचंद्र कौशिक को तीसरी किश्त के रूप में 29 हजार 500 रूपए की राशि मिली है। उनके पास 14 एकड़ खेत है। श्री  कौशिक बताते हैं कि इस राशि से वे अपने घर का मरम्म्त करवाएंगे। वे कहते हैं कि इस योजना से हम लोगों को बहुत मदद मिली है। उल्लेखनीय है कि खरीफ वर्ष 2020-21 के लिए किसानों को 270 करोड़ 68 लाख 54  हजार से अधिक राशि का भुगतान योजना के तहत किया जाएगा।     
 

 
panchayattantra24.com, रायपुर। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी श्रीमती रीना बाबा साहेब कंगाले ने बुधवार को राज्य में मतदान केंद्रों में सुविधाएं सुनिश्चित करने और गरूड़ ऐप की प्रगति की समीक्षा के लिए राज्य के बूथ लेवल ऑफिसर्स (बीएलओ) प्रतिनिधयों की बैठक ली। उन्होंने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग की ओर से विकसित डिजिटल एप गरूड़ को मतदाताओं की सुविधा के लिए विकसित किया गया है। सभी बीएलओ को निर्वाचन आयोग के डिजिटल प्लटफार्म पर जानकारियां देने, गरूड़ ऐप डाउनलोड करने और बूथ के एएमएफ (एश्योर्ड मिनिमम फेसेलिटी) की जानकारी को पूरा करने पर 500 रूपए वन टाईम डेटा रिचार्ज के लिए मानदेय मिलेगा। इस संबंध में सभी कलेक्टरों को निर्देश दिए गए हैं।
श्रीमती कंगाले ने बताया कि बीएलओ को गरूड़ एप में बूथ में स्वच्छ पेयजल, शौचालय, रैम्प जैसी आवश्यक सुविधाओं की फोटो अपलोड करनी है, जिससे मतदाताओं के लिए बूथ में सभी आवश्यक सुविधाएं मुहैय्या करायी जा सकें। भारत निर्वाचन आयोग ने सभी आवश्यक जानकारी फीड करने के लिए 30 नवम्बर तक समय दिया है। निर्वाचन का काम सर्वाधिक महत्व का काम है। निर्वाचन पूर्व तैयारी और मतदान केंद्रों पर नागरिकों के लिए न्यूनतम सुविधाएं दी गई जानकारी के आधार पर ही सुनिश्ति की जानी है, इसलिए सभी बीएलओ निर्घारित समय सीमा में सभी एन्ट्री करना सुनिश्चित करें।
श्रीमती कंगाले ने बीएलओ से उनकी समस्याओं पर बातचीत करते हुए उनका समाधान किया और बताया कि गरूड़ एप मोबाइल में 10 एम.बी. से भी कम स्पेस लेता है। इसे आसानी से अपलोड किया जा सकता है। ऐसी जगह जहां नेटवर्क की समस्या हो वहां भी एप के माध्यम से फोटो लेने पर नेटवर्क आने पर फोटो अपलोड हो जाएगी। इस पर उपस्थित सभी बीएलओ प्रतिनिधियों ने तीन दिन में एप में जानकारी सकारात्मक रूप से पूरा करने का आश्वासन दिया है।