Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.
Browsing: रायपुर

panchayattantra24.com,रायपुर। कांग्रेस कार्यकारिणी की बैठक में शामिल होने दुर्ग पहुंचे पीएल पुनिया ने बड़ा बयान दिया है. मीडिया से चर्चा में मिशन 2023 को लेकर कहा कि कांग्रेस सरकार शानदार तरीके से चल रही है. हर वर्ग के लिए बेहतर निर्णय लिए गए हैं. 2023 में चुनाव होंगे तो जाहिर है कि कांग्रेस पार्टी की सरकार बनेगी. वहीं दुर्ग में बैठक आयोजित करने पर कहा कि पिछली कार्यकारिणी की बैठक में निर्णय लिया गया था कि आगे की बैठकें विभिन्न अंचलों में अलग-अलग जगहों होंगी, जिससे वहां के लोगों को भी अहसास हो कि उन्हें भी महत्व दिया जा रहा है।
पुनिया ने बताया कि कार्यकारिणी की बैठक में सदस्यता अभियान से लेकर जिले के प्रभारियों द्वारा सौंपी गई रिपोर्ट और आने वाले समय में होने वाले नगरीय निकाय चुनाव पर चर्चा होगी. वहीं बीजेपी के कांग्रेस के अस्तित्व पर सवाल उठाए जाने वाले पर पुनिया ने कहा कि बीजेपी अपने ख्वाब में खुश होते रहे. बहुत मजबूती के साथ कांग्रेस पार्टी आगे बढ़ रही है. बीजेपी को ऐसा स्टेटमेंट देने की जरूरत इसलिए पड़ रही है क्योंकि वे कांग्रेस पार्टी से घबरा रहे हैं।

panchayattantra24.com,रायपुर। छत्तीसगढ़ के नगरीय निकायों में मूलभूत सुविधाएं बढाने और विकास कार्य में गति लाने हेतु मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने नगरीय निकायों में विकास कार्यों के लिए 112 करोड़ रुपए स्वीकृत किये हैं।जनसामान्य से जुड़ी आवश्यकताओं को पूरा करने की दिशा में कदम बढ़ाते हुए मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के निर्देश पर नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग ने भिलाई-चरोदा, रिसाली, बीरगांव सहित अन्य नगरीय निकायों के लिए कुल 112 करोड़ रुपए स्वीकृत किए हैं। इससे बिजली, पानी, सड़क, सामुदायिक भवन, उद्यान सहित अन्य मूलभूत सुविधाएं मुहैया कराने के साथ नगर को स्वच्छ व सुंदर बनाने की दिशा में कार्य किए जाएंगे।
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के नेतृत्व में नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग नगरीय निकायों का कायाकल्प करने में जुटा है। स्वच्छ शहर, सुंदर और स्मार्ट शहर बनाने के साथ गली मोहल्लों में स्ट्रीट लाइट के माध्यम से अंधेरा दूर कर हर जगह नई रोशनी बिखेरी जा रही है। आम नागरिकों की जरूरतों के अनुरूप सड़कों को चौड़ा ही नहीं अपितु पार्किंग के साथ अन्य सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जा रही है। व्यवस्थित बाजार, मल्टीस्टोरी व्यवस्थित पार्किंग, पानी निकासी, ड्रेनेज निर्माण, अपशिष्ठ का प्रबंधन, स्वच्छ पेयजल व्यवस्था, बच्चों-बुजुर्गों, महिलाओं के लिए सुविधाओं का विकास के साथ आकर्षक उद्यान से लेकर नागरिकों के लिए मूलभूत सुविधाओं का विकास किया जा रहा है। नगरीय निकाय क्षेत्रों में लोगों की मूलभूत आवश्यकताओं से जुड़ी जरूरतों को पूरा करने के साथ सार्वजनिक स्वास्थ्य, गरीबों के उन्नयन, स्वच्छता से संबंधित कार्य, शहरी गरीबों के लिए आवास, घर-घर पेयजल उपलब्ध कराने की दिशा में पहले से बेहतर कदम उठाया जा रहा है।
इसी कड़ी में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के निर्देश पर नगरीय निकाय क्षेत्रों के विकास के लिए 112 करोड़ की राशि स्वीकृत की गई है। स्वीकृत राशि में नगर पालिक निगम बीरगांव नगर पालिक निगम भिलाई, नगर पालिक निगम रिसाली के लिए 10.10 करोड़ रुपए, नगर पालिक निगम भिलाई-चरोदा हेतु 39 करोड़ रुपए और नगर पालिका परिषद जामुल, खैरागढ़, सारंगढ़, बैकुण्ठपुर एवम शिवपुर चरचा क्षेत्र में विकास कार्यों के लिए 5 करोड़ प्रति निकाय के मान से कुल 25 करोड़ रुपए की स्वीकृति प्रदान की गई है। इसी तरह नगर पंचायत मारो, कोटा, भैरमगढ, भोपालपटनम, नरहरपुर एवं प्रेमनगर को 3 करोड़ प्रति निकाय के मान से 18 करोड़ रुपए स्वीकृत किया गया है।

panchayattantra24.com,रायपुर। साइबर सेल और खम्हारडीह पुलिस ने लाखों रूपये कीमत की हुक्का से संबंधित सामग्रियों का जखीरा बरामद किया है. जानकारी के मुताबिक सायबर सेल की टीम को सूचना प्राप्त हुई कि थाना खम्हारडीह क्षेत्रांतर्गत स्थित राजीव नगर में एक व्यक्ति अपने मकान के पास हुक्का पिलाने के साथ ही हुक्का से संबंधित सामग्रियों की बिक्री भी कर रहा है। जिस पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर तारकेश्वर पटेल एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अपराध अभिषेक माहेश्वरी द्वारा प्रभारी सायबर सेल एवं थाना प्रभारी खम्हारडीह को आरोपी को हुक्का पिलाते व सामग्रियों के साथ रंगे हाथ पकड़ने निर्देशित किया गया। जिस पर सायबर सेल एवं थाना खम्हारडीह की संयुक्त टीम द्वारा मुखबीर द्वारा बताये उक्त स्थान पर जाकर देखने पर पाया गया कि एक व्यक्ति लोगो को हुक्का पिलाने की तैयारी कर रहा है जिस पर पुलिस टीम द्वारा अपना पाईंटर भेजकर हुक्का से संबंधित सामग्री का टेस्ट पर्चेस भी कराया गया, टेस्ट पर्चेस के दौरान उक्त व्यक्ति द्वारा हुक्का से संबंधित सामग्री की बिक्री करना पाया गया। जिस पर टीम के सदस्यों द्वारा व्यक्ति को पकड़कर पूछताछ करने पर व्यक्ति ने अपना नाम अशोक मंधानी निवासी राजीव नगर खम्हारडीह का होना बताया। कड़ाई से पूछताछ करने पर अशोक मंधानी द्वारा अपने मकान में हुक्का से संबंधित सामग्रियों को रखना बताया गया, जिस पर मकान में जाकर रेड कार्यवाही करने पर मकान के 03 अलग – अलग कमरों में लाखों रूपये कीमत की हुक्का से संबंधित सामग्रियों का भण्डारण होना पाया गया। पूछताछ में आरोपी द्वारा मांग के आधार पर हुक्का बार में एवं लोगो को सामग्रियों का बिक्री करने के साथ ही लोगों को हुक्का पिलाना बताया गया। जिस पर आरोपी अशोक मंधानी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से विभिन्न प्रकार के कुल 3,000 पैकिंग हुक्का पार्टस, 1,100 नग पाईप, 1,000 नग चिलम पाईप, 01 क्विंटल 50 किलोग्राम विभिन्न हुक्का फ्लेवर्स तथा अन्य सामग्री कीमती लगभग 50,00,000/- रूपये जप्त कर आरोपी अशोक मंधानी के विरूद्ध थाना खम्हारडीह में धारा 4/21, 6/24 सिगरेट व तम्बाकू उत्पाद विमापन का प्रतिषेध व व्यापार तथा वाणिज्य उत्पाद का वितरण विनियमन कोटपा अधिनियम 2003 के तहत् कार्यवाही करने के साथ ही आरोपी के विरूद्ध पृथक से प्रतिबंधात्मक धाराओं के तहत् भी कार्यवाही किया गया। आरोपी से जप्त हुक्का से संबंधित सामग्रियों की मात्रा अधिक होने के कारण हुक्का सामग्रियों को आरोपी के मकान के 03 अलग – अलग कमरों में रखकर कमरों को सील किया गया है।
गिरफ्तार आरोपी- अशोक मंधानी पिता स्व. बलुप मंधानी उम्र 55 साल निवासी राजीव नगर एम – 34 थाना खम्हारडीह रायपुर।
गिरफ्तार आरोपी अशोक मंधानी बड़े सटोरिए का भाई बताया जा रहा है…
कार्यवाही में निरीक्षक गिरीश तिवारी प्रभारी सायबर सेल, निरीक्षक मंजूलता राठौर थाना प्रभारी खम्हारडीह, सायबर सेल से प्र.आर. सरफराज चिश्ती, आर. कृपासिंधु पटेल, प्रमोद बेहरा, राजिक खान तथा थाना खम्हारडीह से सउनि रमेश यादव एवं आर. सचिन पाण्डेय की महत्वपूर्ण भूमिंका रहीं।

panchayattantra24.com,रायपुर। सीएम भूपेश बघेल आज भिलाई दौरे पर रवाना हुए. जहां आयोजित हीरक जयंती महोत्सव कार्यक्रम में शामिल होंगे। जिसके बाद खैरागढ़ जाएंगे और वहां कमल विलास पैलेस में विधायक एवं पूर्व सांसद स्वर्गीय देवव्रत सिंह के श्रद्धांजलि कार्यक्रम में शामिल होंगे। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल खैरागढ़ से लौटने के बाद राजीव भवन दुर्ग में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होंगे। मुख्यमंत्री संध्या 4.45 बजे से 5.30 बजे तक सूर्यकुंड तालाब, लक्ष्मण नगर भिलाई में तथा 5.45 बजे से 6.30 बजे तक सेक्टर-2 भिलाई में छठ पूजा कार्यक्रम में शामिल होंगे। मुख्यमंत्री इसके बाद सेक्टर-9 भिलाई में फुटबाल ग्राउंड के शुभारंभ कार्यक्रम में भाग लेने के बाद राजनांदगांव जाएंगे तथा वहां रात्रि 8 से 9 बजे तक ”वाह-वाह राजनांदगांव” कार्यक्रम में शामिल होंगे। मुख्यमंत्री राजनांदगांव से रात्रि 9 बजे मुख्यमंत्री निवास के लिए प्रस्थान करेंगे।

panchayattantra24.com,रायपुर। छत्तीसगढ़ शासन द्वारा महिलाओं को सशक्त एवं आत्मनिर्भर बनाए जाने की कोशिश अनवरत रूप से की जा रही है। बीते तीन सालों में छत्तीसगढ़ में विभिन्न विभागों एवं शासकीय योजनाओं के माध्यम से महिलाओं को समूह के माध्यम से रोजगार एवं आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने की पहल के सार्थक परिणाम भी सामने आने लगे हैं। गौठानों से जुड़ी लगभग 80 हजार महिलाएं समूह के माध्यम से वर्मी कम्पोस्ट उत्पादन के साथ-साथ अन्य आयमूलक गतिविधियों को अपनाकर करोड़ों रूपए का कारोबार और लाभांश अर्जित करने लगी है। बलौदाबाजार जिले के ग्राम पंचायत सकरी में दीपज्योति स्व-सहायता समूह ने कुक्कुट पालन व्यवसाय को अपनाकर रोजगार के साथ-साथ अतिरिक्त आय का जरिया हासिल किया है। दीपज्योति महिला स्व-सहायता समूह द्वारा जुलाई 2020 में कुक्कुट पालन कार्य की शुरुआत की गई। समूह की अध्यक्ष सावित्री वर्मा एवं सदस्य शैल वर्मा ने बताया कि पशु चिकित्सा विभाग द्वारा स्व-सहायता समूह को शुरूआती दौर में 100 नग कड़कनाथ के चूजे दिए गए थे। तीन माह के भीतर सभी कड़कनाथ मुर्गे एक किलो वज़न के हो गए थे। इन्हें 500 रूपये प्रति किलो की दर से बेचने से समूह को 50 हज़ार की आमदनी प्राप्त हुई। कड़कनाथ मुर्गों के रखरखाव, दाना इत्यादि में 10-11 हजार रूपए का खर्च आया। इससे समूह को लगभग 40 हज़ार की शुद्ध आय में प्राप्त हुई। इसके बाद समूह द्वारा काकरेल का पालन शुरू किया गया। वर्तमान में समूह द्वारा 350 नग काकरेल मुर्गे का पालन किया जा रहा है। काकरेल बाजार में 170 से 180 रुपये किलो में बिकता है, जो आय कड़कनाथ मुर्गे से होती थी लगभग वैसी ही आय समूह को काकरेल मुर्गे के पालन से भी हो रही है। अध्यक्ष ने बताया कि लॉकडाउन के कारण कुक्कुट पालन में व्यवधान आया। अभी दूसरी बार इसके पालन की शुरुआत की गई है। समूह द्वारा अभी दीपावली में 300 नग मुर्गे बिक्री किए गये, जिससे समूह को तकरीबन 51 हज़ार की आय हुई। इसमें 13 हज़ार की राशि रखरखाव एवं चारा दाना में खर्च होने के बाद लगभग 37 हज़ार हजार की बचत हुई है। समूह में 15 महिलाएं हैं। समूह को मुर्गा पालन से प्राप्त होने वाली आय को समूह द्वारा बैंक में जमा किया जाता है, जिसे जरूरतमंद महिलाओं एवं परिवारों को समूह द्वारा ब्याज पर दिया जाता है। ब्याज से प्राप्त होने वाली राशि को भी बैंक खाते में जमा की जाती है। समूह के पास शुरुआत में बैंक खाते में सिर्फ 15हज़ार रुपये थे। आज समूह के बैंक खाते में लगभग एक लाख रुपये जमा हो गये हैं। समूह के सदस्य शैल वर्मा ने बताया कि इस व्यवसाय में किसी प्रकार का घाटा नहीं है। महिला समूह को कुक्कुट पालन व्यवसाय अपनाना चाहिए। इसके लिए किसी विशेष प्रकार के प्रशिक्षण की भी आवश्यकता नहीं है। मुर्गे के बच्चे छोटे रहने पर उन्हें सिर्फ एक माह गुड पानी पिलाना पड़ता है, उसके बाद चूजे अपने आप विकसित होने शुरू हो जाते हैं। थोड़ी बहुत जानकारी लेकर यदि कोई महिला समूह इस व्यवसाय को करता है, तो आसानी से लाभ अर्जित कर सकता है। वर्मा ने अपनी लगन और मेहनत से कम लागत में कुक्कुट दाना का उत्पादन भी शुरू कर दिया है। इससे होने वाले लाभ को देखते हुए अब वह भविष्य में कुक्कुट दाना का व्यवसायिक उत्पादन शुरू करने की तैयारी कर रही है।

panchayattantra24.com,रायपुर। छत्तीसगढ़ में 1 दिसंबर से समर्थन मूल्य धान खरीदी की शुरुआत होगी, लेकिन इससे पहले प्रदेश में धान खरीदी के मुद्दे को लेकर जमकर सियासत हो रही है। इसी कड़ी में एक बार फिर छत्तीसगढ़ के खाद्य मंत्री अमरजीत भगत ने सेंट्रल पूल से 23 लाख मीट्रिक टन उसना चावल की खरीदी किए जाने की मांग की है। इस संबंध में चर्चा के लिए उन्होंने केंद्रीय खाद्य मंत्री पीयूष गोयल से मुलाकात का समय मांगा है। वहीं, इस दौरान उन्होंने आगामी दिनों में होने वाले धान खरीदी को लेकर कहा कि धान खरीदी को लेकर पूरे देश में छत्तीसगढ़ का नाम है। केंद्र सरकार के असहयोग के बावजूद रिकॉर्ड खरीदी हो रही है और इस साल भी 105 लाख मीट्रिक टन रिकॉर्ड धान खरीदी होगी। अब लोग छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री को धान वाले बाबा के नाम से जानेंगे। वहीं, केंद्र सरकार के साथ बात ना बनने पर अमरजीत भगत ने कहा कि हिंदुस्तान-पाकिस्तान के बीच पटती नहीं है लेकिन वार्ता होती रहती है।

panchayattantra24.com,रायपुर। राजधानी पुलिस ने उत्पात और आतंक मचाने वाले बदमाशों को पकड़ उन्हीं इलाक़ों में उनका जूलूस निकाल दिया जिन इलाक़ों में ये बदमाश उत्पात करते थे। पुलिस ने इनका जब जूलूस निकाला तो बदमाश हर कदम यह कहते हुए चल रहे थे – “आज के बाद गुंडागर्दी नहीं करेंगे.. नहीं करेंगे” इन बदमाशों को लेकर लगातार शिकायतें थीं, इन्होंने सात नवंबर की रात क़रीब साढ़े ग्यारह बजे दिशांत और प्रशांत नामक दो भाइयों पर जानलेवा हमला किया था। यह हमला तब किया गया जबकि इन बदमाशों जिनमें सत्यम नेताम,सुनील निषाद,नितेश धीवर,सनी चौधरी,बलराम धीमर शामिल हैं, शराब पीकर गाली गलौच कर रहे थे और दोनों भाइयों ने ऐसा करने से मना किया था।

panchayattantra24.com,रायपुर। बेहतर स्वास्थ्य एवं बीमारी में समुचित इलाज का सपना प्रदेश के हर नागरिकों का था। स्वयं प्रदेश के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की भी कल्पना थी कि छत्तीसगढ़ में स्वास्थ्य सुविधाओं में इजाफा के साथ हर छोटी बड़ी बीमारियों का इलाज समय पर और सहजता से हो। इलाज के लिए किसी भी व्यक्ति या परिवार को पैसे के लिए न जूझना पड़े। उन्होंने अपनी दूरदर्शी सोच और सूझबूझ से स्वास्थ्य सुविधाओं की दिशा में रणनीति बनाना शुरू किया और ऐसी योजना का ताना-बाना बुना कि झुग्गी इलाकों में रहने वाले गरीब और जरूरतमंद सहित आमनागरिकों को बीमार होने पर अस्पताल की दौड़ लगाने की बजाय उनके ही घरों के आसपास मोबाइल मेडिकल यूनिट के माध्यम से मुख्यमंत्री स्लम स्वास्थ्य योजना का लाभ मिलने लगा है। एक साल पहले लागू हुई यह स्वास्थ्य योजना न सिर्फ जन आकांक्षाओं पर खरा उतर रही है, बल्कि हर जरूरतमंदों का समय पर उपचार कर उनका विश्वास भी जीत रही है। स्लम इलाकों में मोबाइल मेडिकल यूनिट की बढ़ती आमद और कैम्प से एक साल के भीतर 11 लाख से अधिक लोगों ने अपना उपचार कराया है।
प्रदेश में 1 नवंबर 2020 को प्रदेश के 14 नगर निगमों में लागू हुई मुख्यमंत्री स्लम स्वास्थ्य योजना का लाभ लगातार जरूरतमंद और गरीब परिवारों को मिल रहा है। स्लम बस्तियों में एमएमयू की बढ़ती आमद और समय पर लगने वाले कैम्प ने यहां रहने वाले गरीब और जरूरतमंद परिवारों को न सिर्फ बीमार होने पर स्वस्थ बनाने का काम किया है, अपितु शरीर को स्वच्छ रखने और बीमार होने पर तुरंत इलाज कराने के लिए भी प्रेरित करने का काम भी किया है। मंहगाई के इस दौर में आर्थिक बोझ तले दबे गरीब और बीमार व्यक्ति इलाज के लिए पैसा नहीं होने या फिर अस्पताल दूर होने की बात सोचकर अस्पताल नहीं जाने से कतराते थे, वे अब छत्तीसगढ़ सरकार की महत्वपूर्ण और सहज उपलब्ध योजना का लाभ ले रहे हैं। स्लम बस्तियों को उन्हें अपनी गली मुहल्ले में ही डॉक्टरों की टीम के साथ मोबाइल मेडिकल यूनिट के रूप में अस्पताल मिल गया है, जहां लैब टेस्ट के साथ दवाइयां और उपचार निःशुल्क है।
11 लाख 35 हजार से अधिक लोगों का उपचार और 9 लाख से अधिक को मिली दवाइयां
मुख्यमंत्री शहरी स्लम स्वास्थ्य योजना के अंतर्गत मोबाइल मेडिकल यूनिट से प्रदेश में 8 नवंबर 2021 तक 11 लाख 35 हजार 225 से अधिक मरीजों का उपचार किया जा चुका है। कुल 9 लाख 46 हजार 567 मरीजों को दवाइयों का वितरण किया गया है। जिसमें रायपुर में सबसे अधिक 4420 शिविर में 2 लाख 79 हजार 610 मरीज लाभान्वित हुए हैं और 2 लाख 53 हजार 610 मरीजों को दवा का वितरण किया गया है। कोरबा में 2083 कैंप में 141393, बिलासपुर में 1183 कैंप में 96458, दुर्ग में 1187 कैंप में 81686 और राजनांदगांव में 1183 शिविर में 84437 मरीज लाभान्वित हुए हैं। इसी तरह भिलाई में 894 कैंप में 67121, रिसाली में 595 कैंप में 41007 भिलाई चरोदा में 589 कैंप में 37691, अंबिकापुर में 1070 कैंप में 75525, जगदलपुर में 1128 कैंप में 59830 रायगढ़ में 1099 कैंप में 67579, कोरिया चिरमिरी में 493 कैंप में 22862, बीरगांव में 556 कैंप में 34862 मरीज लाभान्वित हुए हैं। कुल 2 लाख 19 हजार 386 मरीजों का लैब टेस्ट भी किया गया है।
सर्वे में भी अब्बड़ बढ़िया.. किसी भी योजना की सफलता का पैमाना उस योजना का लाभ उठाने वाले और उनसे मिली प्रतिक्रिया होती है। इस योजना का धरातल पर क्रियान्वयन और मरीजों को मिल रहे लाभ की हकीकत जानने जब नगरीय प्रशासन विभाग द्वारा फीडबैक पोल कराया गया तो 93 प्रतिशत लोगों ने अब्बड़ बढ़िया (एक्सीलैंट), 4.18 प्रतिशत लोगों ने बने-बने (गुड) देकर इसकी सफलता पर मुहर लगाई है। कुल 88,885 लोगों का फीडबैक प्राप्त हुआ, जिसमें 82734 ने ग्रीन बटन दबा कर अब्बड़ बढ़िया को चुना। इस सेवा को बेहतर बनाने विभाग द्वारा सतत् मॉनीटरिंग और स्टाफ की उपस्थिति सुनिश्चित करने फेस रीडिंग, रियल टाइम जीपीएस, सीसीटीवी कैमरा आदि की व्यवस्था भी की गई है।
बढ़ रही महिलाओं की भागीदारी…
शासन की योजनाओं का लाभ पहुचाकर महिलाओं को सशक्त और स्वस्थ बनाना सरकार की पहली प्राथमिकता है। मुख्यमंत्री स्लम स्वास्थ्य योजना के अंतर्गत ही दाई-दीदी क्लीनिक का संचालन महिलाओं को लाभान्वित करने के लिए किया जा रहा है। एमएमयू में भी महिलाओं की भागीदारी बढ़ रही है। स्वास्थ्य लाभ प्राप्त करने वाले में पुरूष और महिलाओं का आँकड़ा देखे तो पुरूषों के मुकाबले 16 प्रतिशत अधिक महिलाओं ने अपना उपचार कराया है। योजना में 8 प्रतिशत बच्चे, 38 प्रतिशत पुरुष और 56 प्रतिशत महिलाए मुख्यमंत्री स्लम स्वास्थ्य योजना से लाभान्वित हुए हैं। इसी तरह इलाज कराने वालों में 70 प्रतिशत सामान्य गरीब परिवार और 30 प्रतिशत श्रमिक व श्रमिक परिवारों ने इस योजना का लाभ लिया। मुख्यमंत्री स्लम स्वास्थ्य योजना अंतर्गत संचालित दाई-दीदी क्लीनिक देश की ऐसी पहली योजना है जिसमें महिला चिकित्सक से लेकर अन्य सभी स्टाफ महिलाएं है। महिलाओं द्वारा महिलाओं के इलाज होने से स्लम सहित आसपास की महिलाएं बेझिझक अपना उपचार करा पाती है। दाई-दीदी क्लीनिक में 840 कैंपों में 60589 महिलाएं लाभान्वित हुई है। कैम्प लगा घर के नजदीक, बीमारी हुई ठीक प्रदेश में मुख्यमंत्री स्लम स्वास्थ्य योजना के तहत संचालित मोबाइल मेडिकल यूनिट हर गली, हर द्वार पहुचने लगी है। प्रदेश में रहने वाली श्रीमती पार्वती बाई, श्रीमती शकुंतला, जयंती बाई, अंबिकापुर की इंदिरा मनवानी, ललिता गुप्ता सहित असंख्य महिलाएं है, जिन्होंने एमएमयू में उपचार कराया और राहत महसूस करने लगी है। सभी महिलाएं अपने उपचार के लिए अस्पताल तो जाना चाहती थी, लेकिन कार्य की व्यस्तता की वजह से नहीं जा पा रही थी। इनके घर के पास जब मुख्यमंत्री शहरी स्लम स्वास्थ्य योजना के अंतर्गत संचालित मोबाइल मेडिकल यूनिट पहुंची तो इन सभी की बीमारी झट से दूर हो गई। इलाज के लिए अस्पताल न जा पाने वाली इन महिलाओं ने बताया कि पहले बीमार होते ही निजी अस्पताल जाना पड़ता था और पैसे भी खर्च करने पड़ते थे। अब घर के पास ही लगने वाले शिविर में इलाज करा पा रही है। मुफ्त दवा और लैब टेस्ट से कम हो रहा आर्थिक बोझ एमएमयू में उपचार कराने आने वाले अधिकांश लोगों का कहना है कि उन्हें किसी क्लीनिक या अस्पताल में जाने के बाद बीमारी का पता लगाने के लिए कई चिकित्सक खून या यूरीन सहित अन्य प्रकार की जांच कराने कहते हैं। जांच के लिए कई लैब में चक्कर तक काटना पड़ता है। इसके लिए जेब ढ़ीले करने पड़ते हैं। जिससे आर्थिक बोझ बढ़ता है। एमएमयू के माध्यम से 41 प्रकार के विभिन्न लैब टेस्ट किए जाते हैं। इनमें खून, मल-मूत्र, थूक, टीबी, थायराइड, मलेरिया, टाइफाइड आदि की जांच की जाती है। एमएमयू में पैरासिटामाल,ब्रूफेन, मेटफार्मिन, एटेनोलोल, बी-काम्प्लेक्स,आयरन,फोलिकएसिड, सिफालेक्सिन, एमोक्सिसिलिन, लिमसी, ओआरएस, टिटेनस इंजेक्शन, रैबिज इंजेक्शन आदि दो सौ प्रकार की दवाइयों की उपलब्धता सुनिश्चित की जाती है। यहां आने पर मरीजों का त्वरित उपचार होता है और उन्हें आर्थिक बोझ भी नहीं पड़ता। योजना का विस्तार, 60 एमएमयू से बढ़ेगी स्वास्थ्य सुविधा साल भर में सबके लिए राहत का आधार बनी मुख्यमंत्री स्लम स्वाथ्य योजना ने कोरोना काल में कोविड जांच सहित वैक्सीनेशन में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। मोबाइल मेडिकल यूनिट एवं योजना की मिल रही सफलता को देखते हुए इसका विस्तार की तैयारी कर ली गई है। वर्तमान में 14 नगर पालिक निगम क्षेत्रों में 60 मोबाइल मेडिकल यूनिट जिसमें रायपुर में 15, कोरबा में 8, बिलासपुर, दुर्ग, राजनांदगांव, रायगढ़, जगदलपुर, अम्बिकापुर में 4-4, भिलाई में 3 और रिसाली, भिलाई चरोदा, धमतरी, बिरगांव, चिरमिरी में 2-2 मोबाइल मेडिकल यूनिट संचालित की जा रही है। शीघ्र ही जिलावार 155 निकायों में 60 नए मोबाइल मेडिकल यूनिट संचालित करने की तैयारी की जा रही है। जिसमें बलौदाबाजार भाटापारा,रायगढ़ में 4, रायपुर, कबीरधाम, राजनांदगांव, बालोद,बिलासपुर और कोरिया में 3-3 जांजगीर-चाम्पा में 6, बेमेतरा, दुर्ग, मुंगेली, बलरामपुर, सूरजपुर, जशपुर, कांकेर और दंतेवाड़ा में 2-2 ,गरियाबंद, कोरबा, गौरेला पेण्ड्रा मरवाही, सरगुजा, नारायणपुर, कोंडागांव, सुकमा सहित बीजापुर में 1-1 मोबाइल मेडिकल यूनिट का संचालन कर योजना का विस्तार किया जाएगा।

panchayattantra24.com,रायपुर। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने ग्रामीण अर्थव्यवस्था के तेजी से विकास के लिए गांवों में तैयार उत्पादों को शहरों के मार्केट से जोड़ने की नई पहल की है। इसके लिए मुख्यमंत्री बघेल ने राज्य सरकार के विभिन्न विभागों की योजनाओं के अंतर्गत महिला स्व सहायता समूहों, शिल्पियों, बुनकरों, दस्तकरों, कुम्भकरों अथवा अन्य पारंपरिक एवं कुटीर उद्योगों द्वारा निर्मित उत्पादों का समुचित मूल्य सुनिश्चित करने हेतु इनकी व्यावसायिक ढंग से मार्केटिंग के लिए शहरों में आधुनिक शोरूम की तरह सी-मार्ट स्थापित करने के निर्देश अधिकारियों को दिए हैं। इस संबंध में उन्होंने उद्योग विभाग को तत्काल निर्देश जारी करने को कहा है। सी-मार्ट की स्थापना से इन सभी वर्गों के उद्यमियों को अधिकतम लाभ प्राप्त हो सकेगा। मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल ने मुख्य सचिव को निर्देशित करते हुए कहा है कि इसके लिए प्रथम चरण में सभी जिला मुख्यालयों में नगर निगमों की स्थिति में 8 से 10 हजार वर्गफुट तथा नगर पालिकाओं की स्थिति में 6 से 8 हजार वर्गफुट में आधुनिक शो रूम की तरह सी मार्ट की स्थापना की जाए।
सीएम बघेल ने सी-मार्ट की स्थापना के लिए तात्कालिक रूप से कार्य आरंभ करने के लिए कहा है। इसके लिए उन्होंने वर्तमान में उपलब्ध किसी शासकीय भवन का उपयोग करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा है कि जिन स्थानों में यदि उपयुक्त भवन उपलब्ध न हो वहां कलेक्टर, उद्योग विभाग अथवा वन विभाग को अच्छी लोकेशन में आवश्यकतानुसार भूमि आबंटित किया जाए। मुख्यमंत्री ने सी-मार्ट के लिए उपलब्ध भवनों के अपग्रेडेशन अथवा नये भवन के निर्माण हेतु विभिन्न योजनाओं की विभागीय राशि, सी.एस.आई.डी.सी. अथवा लघु वनोपज संघ की राशि उपयोग करने को कहा है। श्री बघेल ने कहा है कि सी-मार्ट के निर्माण एवं संचालन हेतु अतिरिक्त राशि की आवश्यकता होने पर उद्योग विभाग से दी जाएगी।
मुख्यमंत्री ने ‘छत्तीसगढ़ हर्बल्स’ के उत्पादों की तरह की इन वस्तुओं की मार्केटिंग की व्यवस्था लघु वनोपज संघ द्वारा करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही उन्होंने जिला कलेक्टरों को महिला समूहों द्वारा निर्मित एवं अन्य सभी पारंपरिक उत्पादकों की प्रोसेसिंग, पैकेजिंग, ब्रेन्डिग एवं मार्केटिंग की व्यवस्था हेतु प्रबंध संचालक, लघु वनोपज संघ से समन्वय करने को कहा है।

panchayattantra24.com, रायपुर। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने उत्तर भारतीय और भोजपुरी समाज सहित समस्त प्रदेशवासियों को छठ महापर्व की बधाई और शुभकामनाएं दी है। इस अवसर पर उन्होंने सभी लोगों की सुख, समृद्धि और खुशहाली की मंगल कामना की है। श्री बघेल ने अपने शुभकामना संदेश में कहा है कि छठ पूजा सूर्य देव के प्रति कृतज्ञता और आभार प्रकट करने का पर्व हैं। यह पर्व भाईचारा, सामुदायिक सौहार्द लाने के साथ-साथ लोगों को प्रकृति के करीब लाता है। इस पर्व पर सूर्य और छठी मइया की उपासना की जाती है। सीएम बघेल ने कहा कि छठ पर्व में माताओं और बहनों द्वारा कठिन तपस्या कर परिवार की बेहतरी और सुख-समृद्धि के लिए नदी, तालाब के किनारे सूर्य को अर्ध्य देकर मंगल कामना की जाती है। भारत के विभिन्न प्रदेशों के समान छत्तीसगढ़ में भी बड़ी संख्या में लोग छठ पूजा करते हैं। लोगों की धार्मिक आस्था और भावना का सम्मान करते हुए बिहार के बाद छत्तीसगढ़ में छठ पूजा के दिन सामान्य अवकाश घोषित किया गया है।