Browsing: रायपुर

रायपुर 5 अक्टूबर 2021/ मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल ने कहा है कि राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के स्वावलंबी गांव की परिकल्पना को साकार करने के लिए छत्तीसगढ़ को हरित क्रांति के साथ-साथ श्वेत क्रांति क्रांति की दिशा में आगे बढ़ना होगा । उन्होंने कहा कि राज्य सरकार द्वारा कृषि को बढ़ावा देने के लिए अनेक योजनाएं संचालित की जा रही है। समर्थन मूल्य पर धान खरीदी, किसानों की कर्ज माफी और राजीव गांधी किसान न्याय योजना से लोगों का खेती – किसानी की ओर रुझान बढ़ा है। गांव -गांव में गौठानों के निर्माण और गोधन न्याय योजना के सफल क्रियान्वयन से छत्तीसगढ़ में बरसात की फसल सुरक्षित हो गई है ।अब हमें दूसरी फसल उतेरा और उन्हारी को भी सुरक्षित करना होगा। इसके लिए जरूरी है कि गांव के राउत फागुन -तेरस तक गाय चराने और रोका छेका को प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए काम करें।  मुख्यमंत्री आज यहां अपने निवास में गोवर्धन पूजा के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। मुख्यमंत्री ने कहा कि गोवर्धन पूजा के माध्यम से भगवान श्री कृष्ण ने हमें  संगठित रहने और प्रकृति की पूजा का संदेश दिया है। यदि हम एकजुट रहेंगे, तो बड़े से बड़े संकट से पार पा सकते हैं।
मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि खेती -किसानी को बढ़ावा देने की राज्य सरकार की योजनाओं से प्रदेश में किसानों की संख्या और खेती का रकबा बढ़ा है। समर्थन मूल्य पर धान बिक्री के लिए रजिस्ट्रेशन कराने वाले किसानों की संख्या 15 लाख से बढ़कर 22 लाख हो गई है। इसी तरह खेती का रकबा 22 लाख हेक्टेयर से बढ़कर लगभग 28 लाख हेक्टेयर हो गया है। उन्होंने कहा कि गोधन न्याय योजना से पशुपालकों को बड़ा सहारा मिला है। गोवर्धन पूजा को हम आज राज्य में गौठान दिवस के रूप में मना रहे हैं । छत्तीसगढ़ देश का पहला राज्य है, जो ग्रामीणों और पशुपालकों से दो रुपए किलो में गोबर खरीद रहा है। राज्य सरकार की इस योजना ने पशु पालकों और गोबर संग्राहकों से अब तक 55 लाख क्विंटल गोबर की खरीदी की है और दो रुपए किलो की दर से पशुपालकों के खाते में लगभग 110 करोड रुपए की राशि का भुगतान किया है। उन्होंने कहा कि इस योजना से डेयरी उद्योग को बढ़ावा मिलने लगा है। गौठानों में गोबर की खरीदी से वर्मी कंपोस्ट एवं अन्य उत्पाद तैयार करने के साथ-साथ विभिन्न आय मूलक गतिविधियों से हमारी महिला समूह की बहनों ने 80 -90 करोड़ की आय अर्जित की है। वर्मी खाद के उपयोग से फसल की स्थिति अच्छी हुई है । हम जैविक खेती की ओर बढ़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश में रासायनिक खाद को लेकर मारामारी मची हुई है। किसान हलाकान और परेशान हैं। सोसायटियों में रासायनिक खाद न मिलने से वहाँ लड़ाई हो रही है। हमारे राज्य रासायनिक खाद की कमी को हमने वर्मी कम्पोस्ट का उपयोग कर पूरा किया है। उन्होंने कहा कि यदि हम वर्मी कंपोस्ट का ज्यादा से ज्यादा उत्पादन और उपयोग करने लगे, तो राज्य के किसान भाइयों को रासायनिक खाद की जरूरत ही नहीं पड़ेगी।
मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि प्रदेश में  प्रति दिन ढाई लाख लीटर दूध की जरूरत है,जब कि उत्पादन कम है। डेयरी उद्योग को बढ़ावा देकर इस कमी को पूरा करने के लिए श्वेत क्रांति की जरूरत है। उन्होंने यह भी कहा कि राज्य में दूध का उत्पादन बढ़ाकर हम आंगनबाड़ियों, प्राथमिक और माध्यमिक शालाओं के बच्चों को दूध उपलब्ध कराकर कुपोषण को दूर करने में सफल हो सकेंगे । श्वेत क्रांति से स्वस्थ छत्तीसगढ़ के सपने को पूरा किया जा सकता है। 
मुख्यमंत्री ने  प्रदेशवासियों को दीपावली, गोवर्धन पूजा, गौर-गौरी पूजा, भाई दूज की शुभकामना देते हुए कहा कि पूरे देश में दिवाली से त्योहारों की शुरुआत हुई है, लेकिन हमारे छत्तीसगढ़ में 28 अक्टूबर से त्योहारों के आयोजन की शुरुआत हो गई थी । हमने राष्ट्रीय आदिवासी नृत्य महोत्सव का आयोजन किया ।उसके बाद लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती तथा पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न श्रीमती इंदिरा गांधी की पुण्यतिथि के आयोजन के साथ ही राज्योत्सव का रंगारंग और भव्य आयोजन किया। अब दीवाली त्यौहार मना रहे है।
इस अवसर पर गृह मंत्री श्री ताम्रध्वज साहू, वनमंत्री श्री मोहम्मद अकबर, स्कूल शिक्षा एवं आदिमजाति विकास मंत्री डॉ प्रेमसाय सिंह टेकाम, संसदीय सचिव श्री विकास उपाध्याय और श्री विनोद सेवनलाल चंद्राकर, विधायक श्री मोहन मरकाम, श्री सत्यनारायण शर्मा, छत्तीसगढ़ गृह निर्माण मंडल के अध्यक्ष श्री कुलदीप जुनेजा, छत्तीसगढ़ खनिज विकास निगम के अध्यक्ष श्री गिरीश देवांगन, छत्तीसगढ़ अल्पसंख्यक आयोग के अध्यक्ष श्री महेन्द्र छाबड़ा, महापौर रायपुर श्री एजाज ढेबर, सभापति श्री प्रमोद दुबे, छत्तीसगढ़ खादी एवं ग्रामोद्योग बोर्ड के अध्यक्ष श्री राजेंद्र तिवारी, राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष श्रीमती किरणमयी नायक सहित अनेक जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में लोग उपस्थित थे।

panchayattantra24.com,रायपुर। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने प्रदेशवासियों को दीपावली पर्व की बधाई और शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने सभी के लिए सुख, समृद्धि और खुशहाली की कामना की है। उन्होंने कहा है कि दीपावली का त्यौहार पौराणिक महत्व का त्यौहार होने के साथ-साथ हमारी संस्कृति और परम्परा का अभिन्न हिस्सा है। धनतेरस से लेकर भाई-दूज तक 5 दिनों के दौरान आपसी मेल-जोल से परस्पर स्नेह की जड़ें और गहरी तथा मजबूत होती हैं। मुख्यमंत्री ने कहा है कि दीपावली सबके लिए मंगलमय हो। यह हमारी सामूहिक जिम्मेदारी है कि त्यौहार के उत्साह के साथ हम पर्यावरण और खुद की सुरक्षा का भी ध्यान रखें।
 

panchayattantra24.com,रायपुर। अनुसूचित जनजाति, अनुसूचित जाति एवं पिछड़ा वर्ग के विद्यार्थियों के लिए पोस्ट मैट्रिक छात्रवृत्ति हेतु ऑनलाइन आवेदन किया जा रहा है। इसके अंतर्गत विद्यार्थियों के पंजीयन एवं संस्थाओं के प्रस्ताव, स्वीकृति लॉक करने हेतु विभाग द्वारा लंबित विद्यार्थियों हेतु वर्ष 2021-22 के लिए तिथि निर्धारित की दी गई है। इसके अनुसार विद्यार्थी द्वारा ऑनलाईन आवेदन हेतु (नवीन एवं नवीनीकरण) के लिए अंतिम तिथि 30 नवबंर 2021 तक है। इसी तरह ड्रॉफ्ट प्रपोजल लॉक करने की अंतिम तिथि 10 दिसंबर, सेंक्श्न ऑडर लॉक करने हेतु 20 दिसंबर तथा डिसबर्स (शासकीय/अशासकीय) हेतु 25 दिसंबर 2021 निर्धारित की गई है। 
आदिवासी विभाग के सहायक आयुक्त ने रायपुर जिला अंतर्गत संचालित शासकीय, अशासकीय महाविद्यालय, विश्वविद्यालय, इंजीनियरिंग कालेज, मेडिकल कालेज, आई.टी.आई, पॉलिटेक्निक आदि के संस्था प्रमुख, छात्रवृत्ति प्रभारी एवं उनमें अध्ययनरत अनुसूचित जनजाति, अनुसूचित जाति एवं पिछड़ा वर्ग के विद्यार्थियों जिन्हें विभाग द्वारा संचालित पोस्ट मैट्रिक छात्रवृत्ति वितरण की पात्रता है, को सूचित किया है कि सत्र 2021-22 हेतु ऑनलाईन पोस्ट मैट्रिक छात्रवृत्ति (कक्षा 12वीं से उच्चतर) के आवेदन स्वीकृति एवं वितरण की कार्यवाही http://postmatric-scholarship.cg.inc.in वेबसाइट पर ऑनलाइन किया जाना है। उन्होंने बताया कि निर्धारित तिथियों के पश्चात् शिक्षा सत्र 2021-22 की पोस्ट मैट्रिक छात्रवृत्ति हेतु आवेदन स्वीकृत नहीं किये जायंेगे एवं ड्रॉफ्ट प्रपोजल लॉकए सेंक्श्न ऑडर लॉक अथवा डिसबर्स करने का अवसर भी प्रदान नही किया जायेगा। इन तिथि तक कार्यवाही पूर्ण नहीं करने पर यदि संबंधित संस्थाओं के विद्यार्थी छात्रवृत्ति से वंचित रह जाते है, तो इसके लिए संस्था प्रमुख स्वतः जिम्मेदार होगे।
 

panchayattantra24.com,रायपुर। सीएम भूपेश बघेल से आज आईजी इंटेलिजेंस आनन्द छाबड़ा एवं रायपुर एसएसपी प्रशांत अग्रवाल ने सौजन्य मुलाकात कर उन्हें प्रकाश पर्व दीपावली की बधाई और शुभकामनाएं दी।
 

 
panchayattantra24.com,रायपुर। राजधानी रायपुर में रात में घूमने जाने से मना करने पर बेटे ने पिता पर चाकू से हमला कर दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुरानी बस्ती थाना पुलिस से मिली जानकारी अनुसार नाबालिग बेटे ने अपने पिता पर चाकू से प्राणघातक हमला कर दिया। पुलिस ने आरोपित पर मामला दर्ज कर हिरासत में ले लिया है। वहीं पीड़ित का इलाज अस्पताल में जारी है। आरोपित के खिलाफ मामला दर्ज कर अग्रिम कार्रवाई की जा रही।
 
 

panchayattantra24.com,रायपुर। राजधानी रायपुर के गायत्री नगर फेस 2 में हादसा हो गया। यहां एक घर से सामने खड़ी कार में अचानक आग लग गई। आग से चारपहिया वाहन पूरी तरह जल गया। जानकारी के मुताबिक एसबीआइ बैंक कर्मचारी विनोद कुमार लिखार के घर के आगे खड़ी कार में संदिग्ध परिस्थितियों में आग लग गई। तंग रास्ता होने से और समय पर दमकल वाहन नहीं पहुंचने से कार पूरी तरह जल गई। कार मालिक और आसपास के युवाओंं समेत डायल 112 के कर्मचारियों ने मिलकर आग बुझाने की कोशिश की। बहरहाल अभी आग लगने का कारण अज्ञात है। यह घटना खम्हारडीह थाना इलाके में हुई है।
 

 
 
 
panchayattantra24.com,रायपुर। प्रदेश में मनरेगा (महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गांरटी अधिनियम) जॉब कार्डों के अद्यतन और सत्यापन के लिए 30 नवम्बर 2021 तक विशेष अभियान संचालित किया जा रहा है। मनरेगा के क्रियान्वयन में पारदर्शिता एवं उत्तरदायित्व सुनिश्चित करने के लिए हर पांच वर्ष में जॉब कार्डों की वैधता की जांच कर अद्यतन एवं सत्यापन किया जाता है। केन्द्रीय ग्रामीण विकास मंत्रालय ने 1 नवम्बर से 30 नवम्बर तक विशेष अभियान चलाकर परिवार रोजगार कार्डो (जॉब कार्डों) के अद्यतन एवं सत्यापन के निर्देश दिए हैं।
राज्य मनरेगा आयुक्त श्री मोहम्मद कैसर अब्दुलहक ने सभी कलेक्टरों-सह-जिला कार्यक्रम समन्वयकों (मनरेगा) को इस संबंध में परिपत्र जारी किया है। उन्होंने जॉब कार्डों के सत्यापन और अद्यतन के बाद राज्य मनरेगा कार्यालय को 10 दिसम्बर तक निर्धारित प्रपत्र में जानकारी भेजने कहा है। उन्होंने परिपत्र में बताया है कि श्रमिक परिवारों को जारी जॉब कार्ड पांच वर्षों के लिए वैध रहता है। इसकी वैधता की जांच कर, अद्यतन व सत्यापन कर नवीनीकरण किया जाना है। जॉब कॉर्ड यदि डुप्लीकेट हो या संबंधित परिवार के सभी सदस्य दूसरे ग्राम पंचायत में स्थाई रूप से निवास कर रहे हों अथवा बहुत समय से गांव में निवास नहीं कर रहे हों, जैसी स्थितियों में ही उस परिवार का जॉब कार्ड निरस्त किया जा सकता है।
मनरेगा के अंतर्गत जॉब कार्ड के नियमित रूप से अद्यतन के लिए संबंधित श्रमिक परिवार द्वारा किए गए कार्य की मांग, उसे उपलब्ध कराए गए कार्य दिवसों की संख्या, मस्टररोल के क्रमांक सहित उपलब्ध कराए गए कार्यों का विवरण, बेरोजगारी भत्ता के संबंध में जानकारी, किए गए कार्य की तारीख एवं दिनों की संख्या, मजदूरी भुगतान की दिनांकवार जानकारी तथा विलंबित क्षतिपूर्ति के भुगतान संबंधी जानकारी जैसी बिंदुओं को सूचीबद्ध किया गया है।
 

panchayattantra24.com,रायपुर। राजभवन में दीपावली मिलन के कार्यक्रम में राज्यपाल सुश्री अनुसुईया उइके ने राजभवन के सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को दीपावली की शुभकामनाएं दी और मिष्ठान वितरित किए। राजभवन के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भी राज्यपाल को दीपावली की शुभकामनाएं दी। राज्यपाल ने इस अवसर पर कहा कि राजभवन से छत्तीसगढ़ की जनता को अपेक्षाएं हैं और राजभवन इसमें खरा भी उतर रहा है। इसमें राजभवन के समस्त अधिकारियों और कर्मचारियों का योगदान है। हम सबके समन्वित प्रयास से हम छत्तीसगढ़ की जनता के दुख-दर्द को दूर करने का प्रयास कर रहे हैं। आज लोगों का राजभवन के प्रति एक विश्वास जागा है। जो लोग कभी राज्यपाल से मुलाकात करने की सोच नहीं पाते थे, आज वे राजभवन के दरवाजे पहुंच रहे हैं और अपनी बातें मेरे समक्ष रख रहे हैं। आज राजभवन जो ‘जनभवन’ के रूप में परिवर्तित हो रहा है, ऐसा राजभवन परिवार के सहयोग से ही संभव हो पा रहा है।
राज्यपाल के सचिव श्री अमृत खलखो ने भी अपना संबोधन दिया और सभी को दीपावली की हार्दिक शुभकामनाएं दी। इस अवसर पर राज्यपाल के विधिक सलाहकार श्री आर.के. अग्रवाल, राज्यपाल के उप सचिव द्वय श्री दीपक कुमार अग्रवाल, श्री टी.के. वैष्णव, राज्यपाल के परिसहाय श्री सूरज सिंह परिहार, चिकित्सा अधिकारी डॉ. रूपल पुरोहित, डॉ. सुनीति मंगरूलकर, डॉ. शिशिर साहू सहित राजभवन के सभी अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे।
 

 
 panchayattantra24.com,रायपुर। प्रदेश कांग्रेस के प्रवक्ता मोहम्मद असलम ने कहा है कि पेट्रोलियम पदार्थ अब लाइलाज बीमारी का रूप धारण कर चुकी है। पेट्रोल-डीजल और गैस की कीमतें आम लोगों की मुसीबत बन गई है और समूची महंगाई का कारक ईंधन का दर बन चुका है। लेकिन केंद्र सरकार को कोई फर्क नहीं पड़ता है, सरकार के स्तर पर चर्चा तक नहीं की जा रही है। विपक्ष लगातार आवाज उठा रहा है तथा जनता घरों में कोसते हुए बेबस हो गई है। सुनवाई कहीं नहीं है और लगातार महंगाई की अंतहीन आग लगी हुई है। कीमतें बढ़ते ही जा रही है पिस रहा है आम आदमी, आखिर बीमारी का उपचार किसके पास है? मई 2020 से अब तक डीजल में 36 रुपये तथा पेट्रोल में 26.58 रुपये की वृद्धि हो चुकी है। मंत्री भी सरकार ने बदल दिए हैं पर दर में नियंत्रण नहीं है। सरकार के मंत्री जगह-जगह दलील दे रहे हैं कि अर्थव्यवस्था को मजबूत किया जा रहा है। 
प्रदेश कांग्रेस के प्रवक्ता मोहम्मद असलम ने सवाल किया है की क्या सरकार के पास पेट्रोल डीजल और गैस ही देश को मजबूती प्रदान करने का साधन रह गया है? जनता के जेब पर डाका डाल कर ही देश में विकास हो सकता है। कल्याणकारी योजनाओं के लिए लोगों को कंगाल करना ही विकास का पर्याय बन गया है? आज किसान परेशान है, एक रिपोर्ट के अनुसार 1 एकड़ में किसान 30 क्विंटल औसतन धान और 20 क्विंटल गेंहू उत्पादन करता है उसमें प्रति एकड़ 118 लीटर डीजल धान के उत्पादन में तथा 86 लीटर डीजल गेंहू की पैदावारी में खपत होता है अर्थात किसानों को लगभग डेढ़ वर्ष में धान की पैदावारी में 4248 रूपये का अतिरिक्त बोझ डीजल के कारण प्रति एकड़ बढ़ चुका है।
प्रदेश कांग्रेस के प्रवक्ता मोहम्मद असलम ने कहा है, कि आम आदमी का दम निकल रहा है। लोगों के पास रोजगार नहीं है, कमाई नहीं है, किंतु दाम बढ़ता ही जा रहा है। पड़ोसी देशों सहित अन्य देशों में पेट्रोल डीजल के दाम अधिकतम 90 रूपये प्रति लीटर है। पूरी दुनिया में पेट्रोल – डीजल पर टैक्स सबसे अधिक भारत में है। आज कापर का दर दोगुना हो गया है, स्टील की कीमतें दोगुनी हो गई है। क्या-क्या गिनाया जाय सभी सामानों की कीमतें आसमान छू रही है, किंतु विडंबना है कि केंद्र सरकार बेफिक्र है। आखिर पेट्रोल-डीजल को जीएसटी के दायरे में क्यों नहीं लाया जा रहा है? क्या यही कॉरपोरेट घरानों को मदद करने का तरीका रह गया है। अब तो बर्दाश्त की हद हो गई है। कांग्रेस सरकार के शासन काल में थोड़े से दाम बढ़ने पर सड़कों में तांडव मचाने वाली बीजेपी की सरकार अब मूकबधिर क्यों हो गई है?
 

panchayattantra24.com,रायपुर। छत्तीसगढ़ के कई जिलों में आज बारिश के आसार है। इसे लेकर मौसम विभाग ने अलर्ट जारी किया है। बता दें कि प्रदेश में बीते कुछ दिनों से बादल छाए हुए है। वहीं ठंडी हवाओं से तापमान में कमी आई है। मौसम विभाग की माने तो पूर्वी, दक्षिण – पूर्वी दिशा से आ रही नमीयुक्त हवा से प्रदेश के मौसम में बदला हुआ है। आज बस्तर में आज बारिश की संभावनाएं है। इधर राजधानी रायपुर में भी आज सुबह से आसमान में हल्के बादल छाए हुए हैं। वहीं सुबह—सुबह ठंड का एहसास हो रहा है। उल्लेखनीय है कि मौसम विभाग ने 4 नवंबर तक बारिश की संभावना जताई है। वहीं मौसम में हुए बदलजाव से आशंका बढ़ गई है।