Browsing: रायपुर

 
panchayattantra24.com,रायपुर/मरवाही। छत्तीसगढ़ में कवर्धा मसले को लेकर राजनीतिक घमासान बरकरार है. इसी बीच राज्य के गृहमंत्री ताम्रध्वज साहू  ने एक बड़ा बयान दिया है. उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी और RSS के लोगों ने बाहर से लोगों को कवर्धा लाया. VIDEO फुटेज के आधार पर छानबीन जारी है। 
गृहमंत्री ताम्रध्वज साहू ने कहा कि कवर्धा हिंसा में बेमेतरा से, कुरूद से, रायपुर से, माना से लोग गए थे. थाने की रिपोर्ट में उनका जो एड्रेस लिखा है, वह कवर्धा के नहीं हैं. कवर्धा के लोगों ने यह काम नहीं किया है. यह किसकी प्लानिंग ,थी किसने भेजा, किसने किया. मुख्यमंत्री जी ने समीक्षा किया है और कार्रवाई के लिए आदेश जारी किए हैं। 
‘कवर्धा के किसी भी व्यक्ति पर FIR नहीं’
कवर्धा में 70 बच्चों की गिरफ्तारी वाले रमन सिंह के आरोपों पर उन्होंने कहा कि बीजेपी नेता रमन सिंह को बताना चाहिए कि कवर्धा में जिन लोगों पर केस दर्ज हुआ है उनकी उम्र क्या है. वह 18 साल से कम उम्र के बच्चे हैं या ज्यादा उम्र के हैं. ताम्रध्वज साहू ने कहा कि कवर्धा के किसी भी व्यक्ति पर FIR दर्ज नहीं की गई है. ये सभी बाहर से आए हुए लोग हैं. उन्होंने कहा कि वीडियो फुटेज के आधार पर मामले की छानबीन की जा रही है। 
ताम्रध्वज साहू ने कहा कि CCTV फुटेज, सोशल मीडिया और मोबाइल में लिए वीडियोज को कलेक्ट किया जा रहा है. इसके बाद वीडियो में मौजूद लोगों से पूछा जाएगा कि कवर्धा में कैसे आए, बाहरी लोग किसके कहने पर आए, कितने पैसे देने पर आए, उसके लिए स्पष्ट आदेश हो गया है। 
वहीं सरकार और इंटेलिजेंस फेलियर पर कहा कि अगर मरवाही से दल बनाकर 100, 200, 500 लोग जाएंगे, तब पूछेंगे कि कहां जा रहे हो. अब एक-एक करके कोई आ जाएगा, तो उसको कैसे इंटेलिजेंस फेलियर मानेंगे। 
बता दें कि छत्तीसगढ़ के कवर्धा में रविवार को झंडा लगाने को लेकर दो गुटों में झड़प हो गई थी. जिसके बाद एक पक्ष के लोगों ने दूसरे पक्ष के लोगों पर पथराव कर दिया और लाठी-डंडों से हमला किया था. इस दौरान दोनों पक्षों के कई लोग जख्मी हो गए थे. दो गुटों के बीच पनपे इस विवाद ने काफी हिंसक रूप ले लिया था। 
 

 
panchayattantra24.com,रायपुर। छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा आयोजित होेने वाले राष्ट्रीय आदिवासी नृत्य महोत्सव में शामिल होने के लिए गोवा के मुख्यमंत्री डॉ.प्रमोद सावंत को छत्तीसगढ़ सरकार की ओर से संसदीय सचिव श्री यू.डी.मिंज ने आमंत्रण दिया। उन्होंने इस मौके पर मुख्यमंत्री डॉ.सावंत को छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर एक नवम्बर को आयोजित राज्योत्सव में भी शामिल होने का न्यौता दिया। मुख्यमंत्री डॉ. सावंत ने राष्ट्रीय आदिवासी नृत्य महोत्सव तथा छत्तीसगढ़ राज्योत्सव में आमंत्रित किए जाने के लिए छत्तीसगढ़ सरकार विशेषकर मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल का आभार जताया।
संसदीय सचिव श्री मिंज ने गोवा के मुख्यमंत्री डॉ.सावंत से मुलाकात के दौरान छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा आयोजित किए जाने वाले राष्ट्रीय आदिवासी नृत्य महोत्सव और उसके उद्देश्य के संबंध में विस्तार से अवगत कराया। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा राज्य की समृद्ध आदिवासी संस्कृति को देश-दुनिया में पहंुचाने के उद्देश्य से लगातार कार्य किए जा रहे हैं। उल्लेखनीय है कि राष्ट्रीय आदिवासी नृत्य महोत्सव का आयोजन राजधानी रायपुर में 28 से 30 अक्टूबर तक होगा। उन्होंने मुख्यमंत्री डॉ.सावंत से गोवा के सांस्कृतिक दलों को भी राष्ट्रीय आदिवासी नृत्य महोत्सव में भेजने का आग्रह किया।
 

 
panchayattantra24.com,रायपुर। मुख्यमंत्री  भूपेश बघेल की मासिक रेडियो वार्ता ‘लोकवाणी’ की 22वीं कड़ी का प्रसारण आज नवरात्रि के मौके पर पुरानी बस्ती स्थित माता दंतेश्वरी मंदिर में दर्शन के लिए आए श्रद्धालुओं ने भी सुना। ‘जिला स्तर पर विशेष रणनीति से विकास की नई राह’ विषय पर आधारित आज के कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने प्रदेश के सभी वर्गों तक पहुंच रहे विकास कार्यों और लोगों के कल्याण के लिए सरकार द्वारा उठाए जा रहे कदमों की चर्चा की।
सेवानिवृत्त विकासखंड शिक्षा अधिकारी श्री होरीलाल उपाध्याय ने ‘लोकवाणी’ सुनने के बाद कहा कि राज्य सरकार की नई पहल से लोगों को रोजगार और अच्छी कमाई के नए-नए विकल्प मिल रहे हैं। उन्होंने कार्यक्रम में जशपुर में कई जगहों पर चाय की सफल खेती की बात सुनकर कहा कि इससे स्थानीय लोगों को स्थाई रोजगार मिलेगा और उन्हें अच्छी आमदनी होगी। उन्होंने कहा कि स्थानीय परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए समस्याओं को चिन्हित करना, उनके समाधान की तलाश करना, उन्हें लागू करना और जनता को राहत दिलाना, जिला प्रशासन की केन्द्रीय भूमिका वाले इन कार्यों से राज्य के विकास को नई गति मिल रही है।
माता दंतेश्वरी मंदिर के नजदीक गोपिया पारा में रहने वाले श्री रघुनंदन यादव ने कहा कि डीएमएफ के बेहतर उपयोग से प्रदेश के खनन प्रभावित क्षेत्रों में जनकल्याण के अच्छे कार्य हो रहे हैं। मुख्यमंत्री श्री बघेल ने आज के कार्यक्रम में कबीरधाम जिले में इस मद से हुए कार्यों का उल्लेख भी किया है। उन्होंने कहा कि डीएमएफ से ग्रामीण और वन क्षेत्रों के स्वास्थ्य केन्द्रों में एएनएम की नियुक्ति, जिला अस्पतालों के अपग्रेडेशन, विशेषज्ञ चिकित्सकों और हेल्थ स्टॉफ की नियुक्ति से खनन प्रभावित इलाकों में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं विकसित होंगी।
मंदिर में दर्शन के लिए आए श्री संतोष साहू ने ‘लोकवाणी’ सुनने के बाद कहा कि जिला प्रशासन की सक्रियता से मनरेगा के तहत भूमि समतलीकरण, डबरी निर्माण, राजीव गांधी किसान न्याय योजना, किसान सम्मान योजना तथा किसान क्रेडिट कार्ड योजना जैसी योजनाओं का लाभ लोगों को मिल रहा है। डीएमएफ एवं मनरेगा से स्थानीय स्तर पर रोजगार के मौके बढ़ाए जा सकते हैं। उन्होंने कहा कि स्थानीय मौसम, मिट्टी और जलवायु को देखते हुए जिस तरह बीजापुर में मिर्ची की खेती का सपना साकार हो रहा है, वैसे ही अन्य जिलों में भी वहां की विशेषता के अनुसार कार्ययोजना तैयार किया जाना चाहिए।
 

 
panchayattantra24.com,रायपुर। आरडीए संचालक मंडल ने कमल विहार के एसटीपी प्लांट, रो हॉउस, ईडब्ल्यूएस मकानों के निर्माण कार्य का निरीक्षण किया. इस दौरान आरडीए के उपाध्यक्ष द्वय सूर्यमणि मिश्रा, शिव सिंह ठाकुर के साथ डायरेक्टर राजेन्द्र पप्पू बंजारे ने एसटीपी प्लांट, रो हाउस, एलआईजी, ईडब्लूएस निर्माणाधीन मकानों को देखा. 66 रॉ हाउस डुप्लेक्स का कार्य लगभग पूर्ण हो चुका है। 
आरडीए उपाध्यक्ष सूर्यमणि मिश्रा ने सेक्टर 10 एलआईजी में निर्माणधीन फ्लैट का गुणवक्ता युक्त सहित बिल्डिंग का मापदंड के अनुसार निर्माण करने ठेकेदार के इंजीनियरों को निर्देश दिए. वहीं आरडीए उपाध्यक्ष शिव सिंह ठाकुर ने कमल विहार सेक्टर 1 में बन रहे सिवरेज ट्रीटमेंट प्लांट का निरीक्षण करते हुए ठेकेदार को बेहत्तर कार्य की नसीहत दी. निर्माणाधीन कार्यों में गुणवत्ता से समझौता बिल्कुल ही बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. उन्होंने कहा कि कमल विहार के पूरे प्रोजेक्ट में 5 एसटीपी प्लांट का कार्य जल्द से जल्द समय सीमा में पूरा हो, जिससे कमल विहार वासियों को शुद्ध पेयजल मिल सके। 
दौरे के दौरान आरडीए डायरेक्टर राजेन्द्र पप्पू बंजारे ने गरीबों के लिए बन रहे ईडब्लूएस मकान को समय सीमा में पूर्ण करने ठेकेदार के इंजीनियर को निर्देशित किया. उन्होंने कहा कि अपनी छत का सपना देख रहे ईडब्ल्यूएस हितग्राही को मकान जल्द से जल्द मिले इस दिशा में आरडीए कार्य कर रही है. हमारी कोशिश रहेगी कि 2022 तक लक्ष्य को पूरा कर लेंगे. आरडीए संचालक मंडल के दौरे के दौरान कांग्रेस नेता मोहन मानिकपुरी, साइट इंजीनियर, ठेकेदार के इंजीनियर सहित आरडीए के अधिकारी, कमर्चारी उपस्थित रहे। 
 

 
panchayattantra24.com,रायपुर। छत्तीसगढ़ राज्योत्सव के दौरान राजधानी में आयोजित राष्ट्रीय आदिवासी नृत्य महोत्सव के लिए देश के तमाम प्रदेशों के मुख्यमंत्रियों को आमंत्रित किया जा रहा है. इस कड़ी में विधायक व सरगुजा क्षेत्र विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष बृहस्पत सिंह ने सिक्किम सरकार में सांस्कृतिक मामले एवं विरासत तथा लोक निर्माण विभाग मंत्री समदुप लेपचा के माध्यम से सिक्किम के मुख्यमंत्री को आमंत्रण पत्र भेंट किया। 
 

panchayattantra24.com,रायपुर। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी ने केन्द्रीय गृहराज्य मंत्री अजय मिश्रा और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सरकार को तत्काल बर्खास्त करने की मांग की है. इसे लेकर सोमवार 11 अक्टूबर को सुबह 11 बजे से दोपहर 1 बजे तक देशभर में मौन-व्रत करने का निर्णय लिया है. मौन-व्रत का आयोजन सभी जिलों में स्थित केन्द्र सरकार अधिनस्थ कार्यालयों के समक्ष किया जाना है। 
छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस संचार विभाग के अध्यक्ष सुशील आनंद शुक्ला ने कहा कि उत्तरप्रदेश के लखीमपुर खिरी में कृषि कानून के विरोध में शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे किसानों को केन्द्रीय गृहराज्य मंत्री अजय मिश्रा द्वारा दी गई खुली चेतावनी के परिणामस्वरूप मंत्री और उनके परिवार के स्वामित्व वाली जीप के नीचे कुचल दिया. जिसका पूरा देश में विरोध और सुप्रीम कोर्ट के दखल के बावजूद उनके खिलाफ कोई निर्णायक कार्रवाई दोषी और मंत्री खिलाफ नहीं किया गया. शर्म की बात है, कि देश के प्रधानमंत्री उक्त प्रकरण पर एक शब्द भी नही बोल रहे है। 
 

 
panchayattantra24.com,रायपुर। मुख्यमंत्री  भूपेश बघेल की मासिक रेडियोवार्ता लोकवाणी की 22 वीं कड़ी का प्रसारण 10 अक्टूबर रविवार को होगा। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल लोकवाणी में इस बार जिला स्तर पर विशेष रणनीति से विकास की नई राह भाग-दो विषय पर  प्रदेशवासियों से बातचीत करेंगे। लोकवाणी का प्रसारण छत्तीसगढ़ स्थित आकाशवाणी के सभी केन्द्रों, एफ.एम. रेडियो और क्षेत्रीय समाचार चैनलों से सुबह 10.30 से 11 बजे तक होगा।
 

 
panchayattantra24.com,रायपुर। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा है कि नवगठित ‘मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर‘ जिले को कैसे सजाना-संवारना है, यह उस क्षेत्र के नागरिक प्रेम, समन्वय, सहमति और भाई-चारे के साथ मिलकर तय करें। मुख्यमंत्री श्री बघेल आज यहां अपने निवास  में चिरमिरी से पद यात्रा कर रायपुर पहुंचे पदयात्रियों और नागरिकों के प्रतिनिधि मण्डल से चर्चा कर रहे थे। प्रतिनिधि मण्डल ने नए जिले के गठन और जिले के नाम में चिरमिरी का नाम भी शामिल करने के लिए मुख्यमंत्री के प्रति आभार प्रकट किया। उन्होंने मुख्यमंत्री को स्मृति चिन्ह भेंटकर उनका अभिनंदन किया। इस अवसर पर मनेन्द्रगढ़ विधायक डॉ. विनय जायसवाल और पाली तानाखार विधायक श्री मोहित राम केरकेट्टा, चिरमिरी नगर निगम की महापौर श्रीमती कंचन जायसवाल भी उपस्थित थीं।
      मुख्यमंत्री ने प्रतिनिधि मण्डल से कहा कि राज्य सरकार ने इस जिले का गठन कर क्षेत्र की वर्षों पुरानी बहुप्रतिक्षित मांग को पूरा किया है। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर प्रतिनिधि मण्डल में शामिल सभी लोगों को नवरात्रि महापर्व की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने पदयात्रियों को माता कौशल्या की नगरी चंदखुरी में माता कौशल्या मंदिर के लोकार्पण और राम वन गमन पर्यटन परिपथ के शुभारंभ के अवसर पर आयोजित तीन दिवसीय सांस्कृतिक संध्या के आज आयोजित किए जा रहे समापन समारोह में शामिल होने का आमंत्रण भी दिया।
     इस अवसर पर पदयात्रियों ने पदयात्रा के दौरान अपने अनुभव भी सुनाए। पदयात्रियों ने बताया कि उन्होंने 26 सितम्बर को चिरमिरी से पदयात्रा प्रारंभ की थी, 14 दिनों में लगभग 350 किलोमीटर की पदयात्रा कर वे आज रायपुर पहुंचे हैं। प्रतिदिन वे लोग लगभग 23-24 किलोमीटर की यात्रा करते थे। उन्होंने बताया कि वे लोग सवेरे 5.30-6 बजे यात्रा शुरू करते थे और 11 बजे विश्राम करने के बाद शाम 5 बजे से 9 बजे तक पदयात्रा करने के बाद ठहरते थे। श्री शाहिद महमूद, श्री संजय सिंह, श्री शत्रुघन कश्यप सहित अनेक पदयात्रियों और नागरिकों ने मुख्यमंत्री श्री बघेल को धन्यवाद देते हुए कहा कि वर्षों पुरानी मांग को पूरी करते हुए आपके नेतृत्व में क्षेत्रवासियों को नए जिले की सौगात मिली है। इसके लिए वे सदैव आभारी रहेंगे।
     विधायक डॉ. विनय जायसवाल ने भी मुख्यमंत्री के प्रति आभार प्रकट करते हुए कहा कि 38 वर्षों से क्षेत्र के लोग जिले की मांग कर रहे थे, जिसकी सौगात आपके द्वारा मिली। उन्होंने मुख्यमंत्री के नेतृत्व में किसानों, गरीबों, मजदूरों सहित सभी वर्गा के लिए संचालित योजनाओं की सराहना की। डॉ. जायसवाल ने बताया कि उनका सपना भी अंग्रेजी स्कूल में पढ़ने का था, लेकिन चिरमिरी के केन्द्रीय विद्यालय में एससीसीएल के अधिकारियों-कर्मचारियों के बच्चों को प्रवेश मिलता था। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार द्वारा प्रारंभ की गई स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम स्कूल योजना के तहत चिरमिरी में प्रारंभ हुए स्कूल में अब गरीब बच्चे पढ़ रहे हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री से चिरमिरी नगर निगम क्षेत्र में 10 करोड़ रूपए की लागत वाली नल जल योजना की पाईप लाईन विस्तार की स्वीकृति देने का आग्रह किया। मुख्यमंत्री ने उनके आग्रह पर विचार करने का आश्वासन दिया।
 

panchayattantra24.com,रायपुर। नगरीय प्रशासन एवं विकास तथा श्रम मंत्री डॉ. शिव कुमार डहरिया ने रायपुर जिले के विकासखण्ड अभनपुर के ग्राम छछानपैरी में कल मुख्यमंत्री सुगम सड़क योजना के अंतर्गत शासकीय उच्चतर माध्यमिक शाला छछानपैरी में करीब 18 लाख रूपए की लागत से बनने वाले पहुंच मार्ग का शुभारंभ कर अन्य विकास कार्या का लोकार्पण किया। इस अवसर पर विधायक श्री धनेन्द्र साहू, जनपद पंचायत अध्यक्ष श्रीमती देवकीनंदन साहू, सभापति श्रीमती नेहा कुर्रे, छछानपैरी की सरपंच श्रीमती भानमति महेन्द्र चेलक सहित पंचायत प्रतिनिधि एवं ग्रामवासी उपस्थित थे।
 

panchayattantra24.com,रायपुर। राजधानी में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने अपनी मांगो को लेकर एक नई रणनीति तैयार की है. आंगनबाड़ी कार्यकर्ता सिलसिलेवार प्रदर्शन दिसंबर तक आंदोलन करेंगी. साथ ही अगर सरकार ने उनकी मांगों को नहीं सुना तो वे आने वाले समय में एकजुट होकर एक बड़ा आंदोलन करेंगी। 
आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का कहना है कि काफी लंबे समय से सरकार उनकी मांगों को नहीं सुन रही है, इसलिए उन्होंने एक नई रणनीति तैयार की है. रणनीति के तहत अब आंगनबाड़ी कार्यकर्ता ने एक तारीख निर्धारित की है. उस तारीख में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता संभाग, ब्लॉक और जिला स्तर पर प्रदर्शन करेंगी और साल के आखिरी महीने तक लगातार आंदोलन करेंगी। 
आपको बता दें कि जब सत्ता में कांग्रेस नहीं थी, तब आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने 50 दिनों तक अनिश्चितकालीन आंदोलन किया था, उस दौरान कांग्रेस ने उनसे वादा किया था कि सत्ता में आते ही उनकी तमाम मांगों को पूरा किया जाएगा, लेकिन कांग्रेस को अब पौने 3 साल से ज्यादा का समय हो गया, लेकिन अब तक आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की मांगे पूरी नहीं हुई है, जिस वजह से वह काफी निराश नजर आ रही है और उन्होंने अब चरणबद्ध आंदोलन का निर्णय भी लिया है।