Browsing: रायपुर

 
panchayattantra24.com,रायपुर। परिवहन विभाग अपनी नई सुविधा ‘तुंहर सरकार तुंहर द्वार’ के जरिए जून से लेकर सितंबर माह तक 3 लाख 3 हजार 935 स्मार्ट कार्ड आधारित पंजीयन प्रमाण-पत्र और ड्राइविंग लायसेंस आवेदकों के घर भेज चुका है. इनमें एक लाख 85 हजार 463 स्मार्ट कार्ड आधारित पंजीयन प्रमाण-पत्र और एक लाख 18 हजार 472 ड्राइविंग लायसेंस शामिल हैं। 
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की मंशा के अनुरूप परिवहन मंत्री मोहम्मद अकबर ‘तुंहर सरकार तुंहर द्वार‘ के सुव्यवस्थित संचालन के लिए लगातार निगरानी रखे हुए हैं. इस कड़ी में उन्होंने विगत दिवस राजधानी के पंडरी स्थित केन्द्रीकृत स्मार्ट कार्ड प्रिंटिंग केन्द्र का निरीक्षण किया और वहां संचालित गतिविधियों का जायजा लिया. इस अवसर पर आयुक्त परिवहन टोपेश्वर वर्मा, अपर परिवहन आयुक्त दीपांशु काबरा, संयुक्त परिवहन आयुक्त देवव्रत सिरमौर तथा सहायक परिवहन आयुक्त शैलाभ साहू सहित वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे। 
परिवहन विभाग द्वारा संचालित ‘तुंहर सरकार तुंहर द्वार‘ योजना लोगों की सुविधा के लिए एक महत्वपूर्ण योजना है. इसमें लोगों को परिवहन संबंधी 22 सेवाएं उनके घर के द्वार पर पहुंचाकर दी जा रही है. जन केन्द्रित इस सुविधा के अंतर्गत लोगों को न अब बार-बार परिवहन विभाग का चक्कर लगाना पड़ रहा है, और न ही उन्हें कोरोना के भय का सामना करना पड़ रहा है। 
परिवहन विभाग द्वारा बताया गया है कि ‘तुंहर सरकार, तुंहर द्वार’ सेवा को और अधिक सुलभ बनाने के लिए विभाग द्वारा एक हेल्पलाईन नम्बर 75808-08030 जारी किया गया है, जो सभी कार्य दिवसों में सुबह 10 बजे से शाम 5.30 बजे तक जानकारी मुहैया करता है. इसके अलावा आवेदक ई-मेल आईडी cgparivahandispatch@gmail.com पर भी मेल भेजकर ड्रायविंग लाइसेंस एवं पंजीयन प्रमाण पत्र के प्रेषण संबंधी जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। 
 

 
panchayattantra24.com, रायपुर। संजय नगर, टिकरापारा इलाके में बीती रात पुरानी रंजिश के चलते बाप-बेटा और दादा ने मिलकर एक युवक पर चाकू से हमला कर दिया. टिकरापारा थाना क्षेत्र में घटित घटना पर आरोपियों के खिलाफ धारा 307 के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है. पुलिस ने घटना में शामिल बाप-बेटे को गिरफ्तार कर लिया है, वहीं दादा की तलाश की जा रही है। 
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, मौदहापारा निवासी युवक सैयद दस्तगीर का पूर्व से शरीफ से विवाद था. बुधवार देर रात करीबन 1.30 बजे संजय नगर चौक पर दोनों के बीच इसी पर फिर विवाद पैदा हो गया. इस दौरान आरोपी शरीफ के साथ उसका पिता शहीदउद्दीन और दादा ताजुद्दीन मौजूद थे. विवाद इतना बढ़ा कि आरोपी शरीफ ने अपने पास रखे चाकू से घायल दस्तगीर के पसली पर वार दिए, जिससे उसके सीने, पेट और चेहरे पर गंभीर चोट आई है। 
मौके पर मौजूद उसके साथी तत्काल उसे मेकाहारा ले गए. इधर चाकूबाजी की खबर मिलते ही टीआई-सीएसपी मौके पर पहुंचे और बिना देर किए आरोपियों को गिरफ्तारी के लिए तीन विशेष टीमें बनाई गई. देर रात को ही आरोपी बाप-बेटे को गिरफ्तार कर लिया गया.  वहीं दादा फरार है. टिकरापारा थाना पुलिस ने आरोपी बाप-बेटे और दादा के खिलाफ हत्या का प्रयास धारा 307 और 34 के तहत मामला दर्ज कर लिया है. वारदात में गंभीर रूप से घायल युवक का मेकाहारा अस्पताल में इलाज चल रहा है, जहां उसकी हालत चिंताजनक बताई जा रही है। 
 

 panchayattantra24.com,रायपुर। शारदीय नवरात्रि की शुरुआत गुरुवार से हो गई है. देवी मंदिरों में ज्योति कलश का प्रज्जवलन किया गया है. वहीं भक्तों को कोरोना गाइडलाइन का पालन कराते हुए दर्शन कराए जा रहे हैं। 
राजधानी रायपुर के पुरानी बस्ती स्थित मां महामाया मंदिर में भी ज्योति कलश का प्रज्जवलन किया गया है. जानकारों के अनुसार, 1400 साल पुराने इस मंदिर में आज भी ज्योत प्रज्जवल के लिए प्राचीन परम्पराओं का पालन करते हुये माचिस की तीली की जगह चकमक पत्थरों की रगड़ से पैदा होने वाली आग से ज्योत जलाई जाती है। 
छत्तीसगढ़ का प्राचीन महामाया मंदिर बेहद ही चमत्कारिक मंदिर माना जाता है. तांत्रिक पद्धति से बने इस मंदिर में माता के दर्शन करने के लिए देश ही नहीं विदेशों से भी भक्त पहुंचते हैं. इस मंदिर की ऐसी मान्यता है कि यहां सच्चे मन से मांगी गई मन्नत पूरी हो जाती है। 
महामाया मंदिर के पुजारी पंडित मनोज शुक्ला ने कहा कि इस बार भक्तों को मंदिर के दर्शन कराए जा रहे हैं. कोरोना के मामलों में कमी आने की वजह से जिला प्रशासन की ओर से राहत दी गई है, जिससे त्योहारों पर मंदिर में रौनक लौट आई है. वहीं नवरात्रि इस बार रायपुर में 62 पंडालों में मां दुर्गा की प्रतिमा विराजमान होंगी. इस बार बड़े आयोजन नहीं होंगे, लेकिन सादगी से मां दुर्गा के पूजा की अनुमति मिली है। 
 

panchayattantra24.com,रायपुर। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के उत्तर प्रदेश के लखीमपुर में मारे किसानों के परिजनों को 50 लाख राहत राशि देने पर भाजपा सांसद सुनील सोनी ने तंज कसा है. उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ के किसानों और आदिवासियों की मौत पर राज्य सरकार के पास पैसा नहीं है. कवर्धा में आग लगी है, उसके लिए समय नहीं है. मुख्यमंत्री अब छत्तीसगढ़ के नहीं गांधी परिवार के मुख्यमंत्री हो गए हैं। 
बता दें कि मुख्यमंत्री भूपेश बघेल कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी और पंजाब के मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी के साथ उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी गए हुए हैं. दो दिन पहले कृषि कानून को लेकर केंद्रीय मंत्री अजय मिश्रा के आगमन विरोध जताने पहुंचे लखीमपुर खीरी के चार किसानों की झड़प के दौरान मौत हो गई थी. भूपेश बघेल के लखीमपुर में प्रभावित किसान परिवारों से मुलाकात के पहले छत्तीसगढ़ सरकार की ओर से मृत किसानों के परिजनों को 50 लाख रुपए मुआवजा देने की घोषणा की गई है। 
 

panchayattantra24.com,रायपुर। छत्तीसगढ़ के स्कूलों में ऑनलाइन क्लासेस बंद करने की मांग उठने लगी है, प्राइवेट स्कूल एसोसिएशन ने ऑनलाइन क्लासेज बंद करने की मांग की है इस संबंध में उन्होने स्कूल शिक्षा संचालक को पत्र भी लिखा है। 
दरअसल छत्तीसगढ़ में स्कूल तो खुल गए हैं, लेकिन निजी स्कूलों में बच्चों की उपस्थिति ना के बराबर है, काफी परिजन अब भी अपने बच्चों को स्कूल भेजने से डर रहे हैं, ऐसे में बच्चे पढ़ाई में पीछे होते जा रहे है और ऑनलाइन क्लास के जरिए उनकी आंखों पर भी प्रभाव पड़ता जा रहा है, जिसे देखते हुए प्राइवेट स्कूल एसोसिएशन के अध्यक्ष ने राज्य सरकार को पत्र लिखकर ऑनलाइन क्लास को बंद करने की मांग की है। 
प्राइवेट स्कूल एसोसिएशन के अध्यक्ष राजीव गुप्ता ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में लोग अपने बच्चों को सही ढंग से स्कूल भेज रहे है लेकिन बड़े शहरों में अब तक ऑनलाइन क्लासेस ही चल रही है, पालक अपने बच्चों को भेजना नहीं चाह रहे है, पूर्व में ऑनलाइन क्लास एक विकल्प के रूप में शुरू हुई थी, लेकिन वो पढ़ाई नहीं है, ऐसे में बच्चे पढ़ाई में पीछे हो रहे है.
ऐसे में पालको को चाहिए कि वे अपने बच्चों को ऑफलाइन क्लास भेजें साथ ही राज्य सरकार को भी इस पर विचार करना चाहिए, उम्मीद है कि इसपर जल्द ही फैसला लिया जाएगा। 
 

panchayattantra24.com,रायपुर। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष मोहन मरकाम छत्तीसगढ़ में शांति, खुशहाली और समृद्धि की मनोकामना लिए कोण्डागांव से दंतेश्वरी माता मंदिर तक 4 दिवसीय पदयात्रा करेंगे. यात्रा 8 अक्टूबर को सुबह 7 बजे कोण्डागांव स्थित माता शीतला मंदिर से शुरू होगी। 
छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के संचार विभाग अध्यक्ष सुशील आनंद शुक्ला ने बताया कि कोण्डागांव से पदयात्रा का शुरू करने के बाद शाम 7 बजे बस्तर जिला के ग्राम भानपुरी पहुंचकर रात्रि विश्राम करेंगे. 9 अक्टूबर को सुबह 7 बजे भानपुरी जिला बस्तर से पदयात्रा प्रारंभ होकर शाम 7 बजे ग्राम पंडरीपानी पहुंचकर रात्रि विश्राम करेंगे. 10 अक्टूबर को सुबह 7 बजे पण्डरीपानी जिला बस्तर से पदयात्रा प्रारंभ होकर शाम 7 बजे ग्राम डिलमिली पहुंचकर रात्रि विश्राम करेंगे। 
11 अक्टूबर को सुबह 7 बजे ग्राम डिलमिली जिला बस्तर से पदयात्रा शुभारंभ होकर शाम 7 बजे गीदम जिला दंतेवाड़ा पहुंचकर रात्रि विश्राम करेंगे. इसके बाद 12 अक्टूबर को सुबह 5 बजे गीदम से पदयात्रा प्रारंभ होकर सुबह 9 बजे दंतेवाड़ा पहुंचकर माई दंतेश्वरी जी का दर्शन करेंगे. यहां से दोपहर 12 बजे कोण्डागांव के लिये रवाना होंगे। 
 

 
 panchayattantra24.com,रायपुर। दो समुदायों के बीच झड़प से बने तनाव के हालात के बीच बीजेपी का एक प्रतिनिधिमंडल आज कवर्धा के दौरे जा रहा है. जानकारी के मुताबिक इस प्रतिनिधिमंडल में नेता प्रतिपक्ष धरमलाल कौशिक, पूर्व मंत्री बृजमोहन अग्रवाल, डॉ कृष्णमूर्ति बांधी, महामंत्री नारायण चंदेल होंगे। 
वहीं बीजेपी से ज़िला प्रशासन ने रूटचार्ट मांगा है.  ज़िला प्रशासन ने दलील दी है कि प्रतिनिधिमंडल को सुरक्षा मुहैया कराया जाना है इसलिए रूटचार्ट मांगा गया है. वहीं बीजेपी की ओर से अब तक कोई रूटचार्ट नहीं दिया गया है। 
जाने क्या-क्या मांगी जानकारी
इसके पहले पूर्व मंत्री बृजमोहन अग्रवाल ने कवर्धा में तनाव को लेकर सीधे-सीधे मुख्यमंत्री पर आरोप लगाया था. उन्होंने कहा था कि राज्य सरकार की अक्षमता, प्रशासन की लापरवाही और वहां के स्थानीय जनप्रतिनिधि ने एक वर्ग विशेष के लोगों के समर्थन में आम जनता के ऊपर लाठीचार्ज के चलते यह स्थिति निर्मित हुई है. उन्होंने कहा कि कवर्धा के जो स्थिति है, उसके लिए भूपेश सरकार पूरी तरह जिम्मेदार है। 
दूसरी तरफ दुर्ग के आईजी विवेकानंद सिन्हा ने लल्लूराम डॉट कॉम से बातचीत में कहा कि कवर्धा में भाजपा ने शांतिपूर्वक प्रदर्शन का ज्ञापन दिया था, लेकिन अचानक उन्होंने भीड़ इकट्ठा कर ली. लोगों को बाहर से बुलाया गया. माहौल खराब किया गया. उन्होंने कहा कि ये सुनियोजित तरीके से अस्थिरता फैलाने की साज़िश थी. बाहर से लोगों को बुलाया गया था. जो बात अभी तक की जांच में सामने आई है, उसके मुताबिक रायपुर, राजनांदगांव, धमतरी, मुंगेली, बेमेतरा से लोगों को बुलाया गया था. उन्होंने कहा कि प्रशासन की टीम आरोपियों को चिन्हांकित कर रही है, विवाद मामले में अभी कार्रवाई जारी है। 
 

panchayattantra24.com,रायपुर।  लखीमपुर में रविवार को हुए बवाल के बाद शांत होता माहौल फिर गरमाने लगा है. प्रियंका गांधी की गिरफ्तारी से कांग्रेस आगबबूला है. कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी अपने 2 राज्यों के मुख्यमंत्रियों के साथ लखनऊ जा रहे हैं। 
इसमें पंजाब के मुख्यमंत्री चरणजीत चन्नी, छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल शामिल हैं. इसे लेकर वे पत्रकारों से चर्चा कर रहे है। 
प्रेस कांफ्रेंस में राहुल गांधी की कही कुछ प्रमुख बातें
आप जानते हो किस तरीक़े से मीडिया को कंट्रोल किया जा रहा है. सही मायने में मीडिया अपना काम नहीं कर रहा है. मीडिया सरकार पर दबाव नहीं बना पा रहा है और उल्टा हम से पूछा जाता है कि आप राजनीति कर रहे है। 
मैं हूं या प्रियंका या फिर हमारे परिवार का कोई और व्यक्ति हमें पुलिस के दुर्व्यवहार से कोई फ़र्क़ नहीं पड़ता. यह मामला किसानों का है। 
ठीक है प्रियंका गांधी को गिरफ़्तार कर रखा है लेकिन यह मामला किसानों का है। 
हमे बंद कर दीजिए, मार दीजिए हमे कोई दिक्कत नहीं है हम किसानो के लिए लड़ते रहेंगे। 
हम अपने मुख्यमंत्रियों के साथ लखीमपुर जाकर मृतक किसानों के परिजनों से मिलना चाहते हैं। 
कल प्रधानमंत्री जी लखनऊ में थे, लेकिन लखीमपुर खीरी नहीं जा पाए; पोस्ट मार्टम ठीक से नहीं किया जा रहा है और व्यवस्थित ढंग से जो कुछ कहे उसे बंद किया जा रहा है। 
विपक्ष का काम जहां ग़लत हुआ या हो रहा है वहाँ प्रेशर बनाये हमारा काम है LakhimpurKheri में जो अत्याचार हुआ उसके ख़िलाफ़ सरकार को कारवाई करने पर मजबूर करें उसके लिये यूपी जा रहे हैं। 
 

 
 
panchayattantra24.com,रायपुर। लोकप्र‍िय सीरिरयल रामायण में रावण का किरदार निभाने वाले एक्टर अरविंद त्रिवेदी  का निधन हो गया है. वे 83 साल के थे. मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक 83 वर्षीय अरविंद त्रिवेदी का मंगलवार (05 अक्टूबर) की रात को हार्टअटैक से निधन हो गया। 
बता दें कि अरविंद त्रिवेदी बीते लंबे वक्त से उम्र संबंधी बीमारियों से जूझ रहे थे. वहीं वो पिछले कुछ वक्त से चलने में भी असमर्थ हो गए थे. रामायण के राम यानी एक्टर अरुण गोविल ने ट्वीट किया और कहा कि – ‘आध्यात्मिक रूप से रामावतार का कारण और सांसारिक रूप से एक बहुत ही नेक, धार्मिक, सरल स्वभावी इंसान और मेरे  अतिप्रिय मित्र अरविंद त्रिवेदी जी को आज मानव समाज ने खो दिया. नि:संदेह वे सीधे परमधाम जाएंगे और भगवान श्रीराम का सानिध्य पाएंगे। 
 

 
panchayattantra24.com,रायपुर। नगरीय प्रशासन, विकास एवं श्रम मंत्री डॉ. शिवकुमार डहरिया ने आज आरंग में चल रहे फिटनेस वीक में सुबह 8 बजे पहुंचे तथा फिटनेस केम्प में शामिल होकर नवयुवकों का उत्साह बढ़ाया। उन्होंने अपने उद्बोधन में कहा कि निश्चित रूप से हमारा आरंग जिस प्रकार शिक्षाएवं अन्य क्षेत्रों में आगे बढ़ रहा है। उसी प्रकार स्वास्थ्य एवं योग के क्षेत्र में भी आगे बढ़ने के लिए हमे मिलकर कार्य करने की आवश्यकता है इसी तारतम्य मे यहां फिटनेस सप्ताह का आयोजन इन्डोर स्टेडियम जिम आरंग में आयोजित किया गया है जिसका लाभ नगर व क्षेत्र के नौजवानों को मिल रहा है।
मंत्री डॉं. शिवकुमार डहरिया ने कहा कि फैन्स क्लब द्वारा फिटनेस वीक दिनांक 01 अक्टूबर 2021 से 07 अक्टूबर 2021 तक आरंग के इन्डोर स्टेडियम जिम में उम्र 14 से 40 वर्ष द्वारा समय 7 बजे से 8 बजे तक आयोजित किया गया  है जहां पर लोगों को सेहत के प्रति जागरूक किया गया है। सुप्रसिद्ध फिटनेस ट्रेनर एवं अभिनेता प्रवीण माहेश्वरी द्वारा प्रशिक्षण में लोगों को सेहतमंद रहने के सुझाव दिया जा रहा है।
डॉं. शिवकुमार डहरिया फैन्स क्लब के प्रमुख सजल चंद्राकर ने जानकारी देते हुए बताया कि हमारे क्षेत्रीय विधायक व नगरीय प्रशासन, विकास एवं श्रम मंत्री डॉं. शिवकुमार डहरिया के मार्गदर्शन में इसका आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने ही आरंग की जनता को इन्डोर स्टेडियम जिम की सौगात दी है जहां विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन भी किया जा रहा है।
फिटनेस वीक में शामिल होने श्रीमती शकुन डहरिया, नगर परिषद आरंग अध्यक्ष श्री  चंद्रशेखर चंद्राकर, भारती देवांगन, गौरीबाई देवांगन, श्री शरद गुप्ता, श्री समीर गौरी, एल्डरमेन राजेश्वरी साहू, श्री मंगलमूर्ति अग्रवाल, श्री गणेश बांधे, श्री भरत लोधी, श्री उपेन्द्र साहू, श्री आलोक चंद्राकर, श्री अब्दूल कादिर गोरी, चंद्रकला साहू, सलमा बेगम, निर्मला साहू सहित जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।